हर दो मिनट समर्पित है 20600 शहीदों को

ऋषिकेश।
देश की सीमाओं पर जान की बाजी लगाने वाले अमर शहीदों की याद में मेजर जनरल (से.नि) सोमनाथ झा 1200 किमी का सफर साइकिल से तय कर रहे हैं। रविवार को सोमनाथ झा ने एम्स से रायवाला होते हुए रुड़की की ओर प्रस्थान किया। बताया कि अगला पड़ाव दिल्ली है। 19 अप्रैल को उनकी साइकिल यात्रा अमर जवान ज्योति में संपन्न होगी। उन्होंने दो दिनों तक पहाड़ों पर साइकिल से यात्रा की।
अपने अनुभव को साझा करते हुए उन्होंने बताया कि उनकी साइकिल यात्रा देश के 20600 वीर सपूतों को समर्पित है। जिन्होंने अपने प्राणों को देश के लिए न्योछावर कर दिया। वे प्रत्येक अमर शहीद को साइकिल यात्रा का दो मिनट समर्पित कर रहे हैं। देश के विभिन्न राज्यों से होते हुए यात्रा सात महीने में पूरी हो रही है। बताया कि यात्रा के दौरान लोगों को विशेषकर स्कूल और कॉलेजों में जाकर वीर जवानों की शहादत को बताना उनका मूल उद्देश्य है। मौके पर कर्नल चिराग, लेफ्टिनेंट कर्नल अनिल कुमार, सूबेदार रविन्द क्षेत्री आदि मौजूद रहे।

ईवीएम को टैंपर करने के 10 तरीके बता सकता हूं: केजरीवाल

नई दिल्ली।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एक बार फिर कहा है कि EVM से छेड़छाड़ की जा सकती है। उन्होंने कहा कि वह IIT इंजीनियर हैं और EVM को टैंपर करने के 10 तरीके बता सकते हैं। केजरीवाल ने दावा किया कि दिल्ली के लोग उनकी सरकार से खुश हैं और राजौरी गार्डन उपचुनाव के नतीजों को MCD चुनाव का ‘ट्रेलर’ न समझा जाए।
एक निजी न्यूज चैनल को दिए इंटरव्यू में केजरीवाल ने कहा कि उनकी सरकार ने दिल्ली में शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और पानी के लिए बहुत काम किया है और सरकार के कामों के प्रति लोगों का नजरिया काफी सकरात्मक है। राजौरी गार्डन उपचुनाव में हार के लिए उन्होंने वही बात दोहराई जो उपमुख्यमंत्री मनीष सिसौदिया ने कही थी। केजरीवाल ने कहा कि जरनैल सिंह ने वहां बहुत काम किया था, पर वह पंजाब जाना चाहते थे। उनके जाने से लोग नाराज हो गए और इसी का असर चुनाव में दिखा।
EVM के मुद्दे पर केजरीवाल ने एक बार फिर चुनाव आयोग को घेरा। उन्होंने फिर कहा कि चुनाव आयोग भाजपा को जिताने में मदद कर रहा है और उसने ऐसा कोई कदम नहीं उठाया जिससे लोगों को उसकी बात पर भरोसा हो। केजरीवाल ने आयोग को चुनौती देते हुए कहा, ‘मैं IIT का एक इंजिनियर हूं…मैं आपको ईवीएम को टैंपर करने के 10 तरीके बता सकता हूं।’ बता दें कि आयोग ने खुला चैलेंज दिया है कि कोई ईवीएम को टैंपर कर दिखाए।
विज्ञापनों पर किए गए खर्च के मुद्दे पर केजरीवाल ने कहा कि अगर उनसे हिसाब मांगा जा रहा है तो बाकी मुख्यमंत्रियों से भी यह हिसाब लिया जाना चाहिए। केजरीवाल ने वकील राम जेठमलानी को सरकारी खजाने से फीस दिए जाने का बचाव किया और कहा कि उन पर केस सीएम होने के नाते किया गया था तो उसका पैसा सरकार द्वारा दिया जाना गलत नहीं है।

चहेतों को लाभ पहुंचाने पर संघ का पारा चढ़ा

-हड़ताल पर जाने की चेतावनी
-एसडीएम से मिला, संग्रह सहायक और अमीन संघ
-चुनाव ड्यूटी का मानदेय नही मिलने पर जताया आक्रोश
-मंगलवार तक भुगतान नही होने पर हड़ताल में जाने की चेतावनी
ऋषिकेश।
शनिवार को संग्रह सहायक और संग्रह अमीन संघ के बैनरतले कर्मचारियों ने एसडीएम ऋषिकेश वृजेश कुमार तिवारी से मुलाकात की। कर्मचारियों ने 23 लोगों के चुनाव ड्यूटी का मानदेय आने पर सवाल खड़े किये। बताया कि तहसील के 40-45 कर्मचारी चुनाव ड्यूटी में कार्यरत रहे। आरोप लगाया कि स्थानीय प्रशासन ने अपने चहेतों के ही नाम जिला प्रशासन को भेजे। जिसके कारण मात्र 23 लोगों का मानदेय दो लाख तेहत्तर हजार रुपये ही तहसील में आया है।
कर्मचारियों ने बताया कि पूर्व में भी इसी तरह का व्यवहार किया जाता रहा है। इसलिए चुनाव से पूर्व देहरादून स्थित कर्मचारियों के संघ ने डीएम देहरादून को पत्र सौंपकर चुनाव ड्यूटी का मानदेय का लाभ सभी कर्मचारियों को देने की मांग की थी। जिसपर डीएम ने जिले के सभी एसडीएम को कर्मचारियों को चुनाव ड्यूटी का मानदेय का लाभ देने के निर्देश दिये थे। कर्मचारियों ने नाराजगी जताई कि किसी को 70 से 80 दिन चुनाव ड्यूटी में दिखाया गया है तो किसी का नाम तक शामिल नही किया गया है। कर्मचारियों ने शासन से आयी धनराशि का लाभ सभी कर्मचारियों को देने या फिर छूटे कर्मचारियों को भी अन्य लोगों के बराबर मानदेय दिलाने की मांग की है।
चेतावनी दी कि मंगलवार तक सभी कर्मचारियों को चुनाव ड्यूटी का मानदेय नही दिया गया तो संघ के बैनरतले कर्मचारी हड़ताल पर चले जायेंगे। बताया कि कर्मचारियों ने रेजर्स ग्राउंड, ईवीएम वितरित करने और शासन के द्वारा बनाई गई विभिन्न टीमों में चुनाव के दौरान कार्य किया है। रोष जताने वालों में त्रिलोचन पाण्डेय, भगवान सिंह नेगी, बलवंत, रणवीर सिंह, कमल प्रसाद डंगवाल, योगेश पंत, बालकराम, जोशी, बचन सिंह रावत, गंभीर सिंह रावत आदि शामिल रहे।

चुनाव ड्यूटी के मानदेय पर एक नजर …
एसडीएम ऋषिकेश 35 हजार
तहसीलदार 30 हजार
नायब तहसीलदार 12 हजार
ईओ ऋषिकेश 30 हजार
सिनिरियो 12 हजार
आरके 20 हजार

यूट्यूब पर पसंद किया जा रहा है शराबबंदी का गीत

ऋषिकेश।
दूनमार्ग स्थित मंच के कार्यालय में आयोजित एक सादे कार्यक्रम में गायक कमल जोशी को प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजे सिंह नेगी ने सम्मान प्रदान किया। बताया कि उत्तराखंड में शराबबंदी को लेकर शुरू आंदोलन के समर्थन में कमल जोशी द्वारा एक गीत यूट्यूब पर लांच किया गया है जिसे खूब पंसद किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कमल जोशी कई वर्षों से लोकसंगीत से जुड़े हैं। 2007 से 2012 तक उन्होंने तीन दर्जन से अधिक गीत गाए। पिछले दिनों शराबबंदी के समर्थन में उनका गीत ‘मात्र शक्ति दिखौण सरकार तैं भारी, दीदी भूल्यों दारू बन्द कराणि अबारि’ को खूब पसंद किया गया है।
इस अवसर पर युवा गायक कमल जोशी ने कहा कि प्रदेश की खुशहाली के लिए शराबबंदी जरूरी है। नेगी ने सीएम से शराब पर पाबंदी की मांग की। कार्यक्रम में डॉ. राजे सिंह नेगी, समाजसेवी कुसुम जोशी और विशाल गुप्ता ने शॉल ओढ़ाकर सम्मान पत्र सौंपा। इस मौके पर उत्तम असवाल, राजा ढींगरा, अंकित झा, सौरव थपलियाल, रश्मि नौटियाल, प्रिया क्षेत्री, आशुतोष कुड़ियाल, मनोज नेगी आदि मौजूद थे।

छोटी सी सावधानी रोक सकती है बड़ा हादसा

ऋषिकेश।
फायर सर्विस ऋषिकेश ने शनिवार को श्यामपुर स्थित एनडीएस पब्लिक स्कूल और शहर में रेलवे रोड स्थित हरिचंद कन्या इंटर कॉलेज में फायर सर्विस ड्रिल का अभ्यास हुआ। इस दौरान दोनों ही स्कूलों में अग्निशमन के उपकरणों का बेहतर इस्तेमाल, उपकरणों की क्षमता और प्रकार, आग की घटनाओं से पहले की सावधानियां, आग बुझाने में पानी और फोम कंपाउंड का प्रयोग आदि के बारे में डेमो के माध्यम से जानकारी दी गई। फायरमैन भरत कुमार और नरेश सिंह ने स्कूली बच्चों को आग की घटनाओं के वक्त विशेष सावधानी बरतने को भी कहा।
इस दौरान अग्निशमन अधिकारी हरिचंद्र मिश्रा ने कहा कि आग लगने पर छोटी से छोटी सावधानी भी हादसे को विकराल होने से रोक सकती है। इसके लिए घर, बैंक, प्रतिष्ठान और सार्वजनिक जगहों पर लगे फायर उपकरणों का दुरुस्त होना जरूरी है। बताया कि जागरूकता सप्ताह के तहत 20 अप्रैल तक बैंक, लालतप्पड़ में औद्योगिक इकाइयों और व्यापारिक कॉप्लेक्स आदि में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आखिरी दिन शहर में जनजागरूकता रैली निकाली जाएगी।

प्रो. रविकांत ने एम्स निदेशक का कार्यभार संभाला

ऋषिकेश।
अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ऋषिकेश में नए निदेशक प्रोफेसर डॉ. रविकांत ने शनिवार को कार्यभार संभाल लिया। पहले दिन उन्होंने अधिकारियों और फैकल्टी मेंबर से संस्थान की मौजूदा स्थिति की जानकारी ली। साथ ही उन्हें एम्स में इमरजेंसी सेवाएं शुरू करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। एम्स ऋषिकेश निदेशक का अतिरिक्त कार्यभार संभाल रहे डॉ. संजीव मिश्रा के स्थान पर किंग जार्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी, लखनऊ के कुलपति प्रो. रविकांत का केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने चयन किया था। बीते साल जुलाई में प्रो. राजकुमार ने त्यागपत्र दे दिया था। तभी से एम्स जोधपुर के निदेशक प्रोफेसर डॉ. संजीव मिश्रा एम्स ऋषिकेश का भी अतिरिक्त कार्यभार संभाल रहे थे। इससे संस्थान के कामकाज पर असर पड़ा। शनिवार को नए निदेशक प्रो. रविकांत ने एम्स पहुंचकर कार्यभार संभाला।
संस्थान में अधिकारियों और फैकल्टी मेंबर ने उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने सभी के साथ बैठक कर एम्स की प्रगति रिपोर्ट जानी। साथ ही निर्माणाधीन कार्यों औक मेडिकल सेवाओं की मौजूदा स्थिति के बारे में चर्चा की। प्रो. रविकांत ने अधिकारियों और फैकल्टी को संस्थान में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर करने, इमरजेंसी सेवाओं की शुरुआत और शेष निर्माण कार्यों को तेजी से पूरा करने के लिए जरूरी निर्देश दिए।

चारधाम यात्रा की सफलता को भद्रकाली माता मंदिर में पूजा अर्चना

ऋषिकेश।
उत्तराखंड के प्रमुख चारधाम की यात्रा के लिए अब एक पखवाड़े का समय शेष रह गया है। 28 अप्रैल को गंगोत्री व यमुनोत्री धाम के कपाट खुल जाएंगे। जबकि तीन मई को केदारनाथ व पांच मई को बदरीनाथ धाम के कपाट खुल रहे हैं। 27 अप्रैल को ऋषिकेश से यात्रा का विधिवत शुभारंभ होगा। चारधाम यात्रा के लिए सभी व्यवसायिक वाहनों को ग्रीन कार्ड लेना अनिवार्य है। इसके लिए ऋषिकेश के सहायक संभागीय परिवहन कार्यालय सहित प्रदेश के अन्य परिवहन कार्यालयों से भी वाहनों को ग्रीन कार्ड जारी किए जाते हैं। चारधाम यात्रा का प्रवेश द्वार होने के कारण ऋषिकेश के सहायक संभागीय परिवहन कार्यालय से सर्वाधिक ग्रीन कार्ड जारी किए जाते हैं। शुक्रवार को परिवहन विभाग द्वारा चारधाम यात्रा की सफलता के लिये भद्रकाली माता मंदिर में पूजा-अनुष्ठान व हवन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि अपर परिवहन आयुक्त सुनीता सह व सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी डॉ. अनीता चमोला ने पूजा व हवन में आहूति डालकर सुखद व निर्विघ्न चारधाम यात्रा के लिये कामना की। अपर परिवहन आयुक्त ने अधीनस्थों को चारधाम यात्रा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिये। उन्होंने कहा कि वाहनों की फिटनेस पर विशेष ध्यान दिए जाने की जरूरत है। चालकों को यातायात नियामों का पालन कराने के साथ उन्हें सुरक्षित चालन व अच्छे व्यवहार के साथ यात्रियों से पेश आने के लिए प्रेरित करने के निर्देशित किया। उन्होंने एआरटीओ कार्यालय का निरीक्षण कर यहां व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया। इस अवसर पर वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी विनोद भट्ट, आरआइ अर¨वद यादव, प्रशासनिक अधिकारी देवेंद्र रावत, प्रेमदत्त बिजल्वाण, जनवीर रावत, विनय, सुरेश कोटनाला, नवीन सकलानी, कमल नेगी सहित परिवहन संस्थाओं के पदाधिकारी शामिल थे।

देहरादून में एंबुलेंस में हो रही शराब सप्लाई

देहरादून।
राजपुर रोड के ओरियंट सिनेमा चौक पर सीपीयू के जवान वाहनों की नियमित चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान उन्हें हरियाणा नंबर की एक एंबुलेंस दिखाई दी। जब एंबुलेंस को रोकने का प्रयास किया तो वह तेजी से आगे बढ़ गई। शक होने पर वहां तैनात एसआइ भरत सिंह, चीता पुलिस कांस्टेबल मुकेश बंगवाल, व कांस्टेबल पंकज मलासी ने एंबुलेंस का पीछा कर उसे रोक लिया। एंबुलेंस की तलाशी ली गई तो एंबुलेंस में मरीज के बजाय हरियाणा ब्रांड की 19 बोतलें बरामद हुई। पुलिस आरोपियों को एंबुलेंस समेत धारा चौकी ले गई।
जहां पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान प्रवीण पुत्र गुलाब सिंह निवासी कानूंदा हरियाणा व राजेंद्र पुत्र राजकुमार निवासी खरखोदा हरियाणा के रूप में बताई। आरोपियों ने बताया कि एंबुलेंस सिविल अस्पताल सोनीपत की है। वह दोनों एंबुलेंस लेकर यहां सहस्रधारा घूमने आए थे। एंबुलेंस में रखी शराब के बारे में जब पूछा गया तो उन्होंने बताया कि यह शराब वह अपने पीने के लिए ही लाए थे। धारा चौकी इंचार्ज विकास रावत ने कहा कि दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

14 अप्रैल को क्यों मनाया जाता है राष्ट्रीय अग्नि शमन दिवस, जानियें

ऋषिकेश।
शुक्रवार को शैल विहार स्थित फायर सर्विस स्टेशन पर शोक परेड का आयोजन हुआ जिसमें फायर सर्विस के जवानों ने मुम्बई बंदरगाह पर ड्यूटी के दौरान शहीद हुए 66 जाबाजों को श्रद्धासुमन अर्पित कर दो मिनट का मौन रखा। राष्ट्रीय अग्नि शमन सेवा दिवस पर हर वर्ष 14 अप्रैल 1944 की घटना को याद किया जाता है। इस दिन मुम्बई के बंदरगाह पर स्टीफेन नामक जहाज में आग बुझाते समय विस्फोट हो गया था जिसमें आग बुझाने का काम कर रहे फायर सर्विस के जवान बड़ी संख्या में शहीद हो गए थे।
अग्नि शमन अधिकारी सीएम शर्मा ने बताया कि उस घटना की याद में राष्ट्रीय अग्नि शमन दिवस मनाया जाता है। 14 अप्रैल से 20 अप्रैल तक विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को जागरूक भी किया जाएगा। जिसमें अग्नि सुरक्षा को लेकर डेमो, जागरूकता रैली आदि का आयोजन प्रमुख है। मौके पर सीओ कैलाश पंवार, एसआई हरीशचन्द मिश्रा, सुनिल रावत, मुकेश पोखरियाल, अमर पाल, नरेश सिंह, राजेन्द्र, रमेश, विकास, सुधीर, सत्यपाल, भरत, मनोज, हेमचन्द, गौरव, प्रदीप, भगवती, महेश, अमित, नरेन्द्र, आशीष, विजेन्द्र आदि ने शोक परेड में भाग लिया।

अंबेडकर के पोस्टर जलाने से नाराज भीड़ ने किया हमला

-गुस्साई भीड ने पुलिस पर किया पथराव, सीओ घायल
-मौके पर समझाने पहुंचे भाजपा विधायक देशराज भी चोटिल

हरिद्वार।
मंगलौर थाना क्षेत्र के मुंडेट गांव में कथित तौर पर बाबा साहेब डा. भीमराव अंबेडकर का पोस्टर जलाने पर गुस्साई भीड ने पुलिस पर पथराव कर दिया। इसमें सीओ मंगलौर सहित पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए। वहीं मौके पर पहुंचे भाजपा विधायक देशराज कर्णवाल पर भी भीड ने हल्ला बोल दिया। उन्हें भी चोटें आई है। भाजपा विधायक के गनर ने किसी तरह उनको बचाया। बाद में पुलिस ने आधा दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में ले लिया है।
एसएसपी हरिद्वार वीके कृष्ण कुमार ने बताया कि मुंडेट गांव में कुछ लोगों ने बाबा साहेब का पोस्टर जला दिया था। इस पर संबंधित समुदाय के लोगों ने जाम लगा दिया था। पुलिस ने उन्हें दोषियों के खिलाफ कार्रवाई कर शांत करने का प्रयास किया। लेकिन तभी किसी ने वहां मिट्टी तेल छिडककर आग लगाने का प्रयास किया। सीओ मंगलौर परीक्षित कुमार ने किसी तरह युवक को बचाया। इसी बीच वहां मौजूद भीड ने पथराव कर दिया। पथराव में हमारे कई पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं। दो बाइकें भी जला दी गई है। छह से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया है। इस संबंध में केस दर्ज कर लिया गया है। विधायक देशराज कर्णवाल भी चोटिल हुए हैं। उनको पथराव के दौरान पत्थर लगा है।