नोएडा में लगी आग से अफरा तफरी

उत्तर प्रदेश।
आग की वजह से लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। आग बुझाने में दमकल की कई गाड़ियां जुटी हुई हैं। फिलहाल अब तक आग लगने का कारण मालूम नहीं हो सका है। हालांकि प्रथम दृष्टया आग लगने की वजह शार्ट सर्किट होना बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक कंपनी में 22 लोग काम कर रहे थे। कंपनी के अकाउंट सेक्शन में आग लगी हुई है। 4-5 लोग रस्सी के सहारे नीचे आ गए। आग ग्राउंड फ्लोर पर लगी थी जो थोड़ी ही देर में पूरी बिल्ड‍िंग में फैल गई। बिल्ड‍िंग 5 मंजिल की है। एक शख्स ने जान बचाने के लिए एक 5वें फ्लोर से छलांग लगा दी जिससे उसके रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट आ गई है। घायल शख्स को सेक्टर-11 के मेट्रो हॉस्प‍िटल में एडमिट कराया गया है। आग की चपेट में आने से एक महिला भी बुरी तरह से झुलस गई।

मोदी राज में वीवीआईपी कल्चर पर खत्म

नई दिल्ली।
केन्द्रीय कैबिनेट की बैठक में वीआईपी कल्चर पर करारा वार करते हुए केंद्रीय मंत्रियों और अधिकारियों के लाल बत्ती लगाने पर रोक लगा दी। वैसे तो यह फैसला एक मई से लागू होना था। लेकिन पीएम मोदी के मंत्रियों ने एक कदम आगे बढ़कर इस फैसले को लागू कर दिया है। सबसे पहले केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने इस फैसले को अपने पर लागू किया। उन्होंने बिना देरी करते हुए कैबिनेट के फैसले के ऐलान के तुरंत बाद अपनी गाड़ी से लाल बत्ती उतार दी। इस मामले पर उन्होंने कहा कि केवल आपातकालीन सेवाओं के लिए बत्ती का चलन रहेगा अन्यथा नहीं, यहां तक मैंने भी अपनी कार से लाल बत्ती को हटा दिया है।
इसके बाद मंत्रियों की लाइन सी लग गई और फिर केंद्रीय मंत्री विजय गोयल, महेश शर्मा ने अपनी गाड़ी से लाल बत्ती हटा दी। तो वहीं महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फणनवीस ने भी अपनी गाड़ी से लाल बत्ती हटा दी है। कैबिनेट बैठक में लिए गए फैसलों की जानकारी देते हुए केंद्रीय वित्त और रक्षा मंत्री अरुण जेटली ने बताया कि देश में लालबत्ती लगाने के वीवीआईपी कल्चर को खत्म कर दिया गया है।
अब देश में कोई भी केंद्रीय मंत्री लालबत्ती का इस्तेमाल नहीं कर सकेगा। हालांकि ये नियम राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, लोकसभा स्पीकर और सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश पर ये नियम लागू नहीं होता है। हालांकि कुछ आपात सेवाओं के लिए नीली बत्ती का इस्तेमाल जारी रहेगा। इसमें पुलिस, एंबुलेस और फायर ब्रिगेड जैसी सेवाओं को शामिल किया गया है।

चुनाव से पूर्व ही कांग्रेस को लगा धीरे से जोर का झटका

देहरादून।
उत्तराखंड विधान सभा चुनाव में करारी शिक्स्त खाने के बाद कांग्रेस की राज्य सहकारी बैंक के चुनाव में भी हार लगभग तय हो गयी है। राज्य सहकारी बैंक चुनाव से पहले कांग्रेस खेमे के 4 डायरेक्टरों ने पार्टी छोड़ भाजपा का दामन थाम लिया है जिनमे से राज्य सहकारी के डायरेक्टर हल्द्वानी से किरन नेगी, हरिद्वार से देवेन्द्र रावत, उत्तरकाशी से बर्फी भक्ति, और अल्मोड़ा से रमेश राम ने शामिल है। आज भाजपा कार्यालय में कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य और भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विशन सिंह चुफाल ने माला पहनाकर भाजपा की सदस्यता दिलाई इसके बाद अब संख्याबल के आधार पर भाजपा की राज्य सहकारी बैंक के अध्यक्ष पद पर जीत तय हो गयी है।
राज्य में विधानसभा चुनाव से लेकर अब तक कांग्रेस को झटके दर झटके लग रहे हैं। इसी क्रम में अब राज्य सहकारी बैंक के अध्यक्ष पद के लिए होने वाले चुनाव से पहले कांग्रेस को एक बड़ा झटका लगा है। इधर कांग्रेस का दामन छोड हरक सिंह रावत के साथ भाजपा में शामिल हुए पूर्व मण्डी समिति अध्यक्ष संजय चोपडा ने कहा कि कि कुछ चुनिदा कांग्रेसी जो सत्ता के सुख भोग रहे थे उन लोगों का सत्ता से मोह अभी तक भंग नहीं हुआ है उन्होंने कहा कि जिन मण्डी समितियों के अध्यक्षों द्वारा जनता को गुमराह कर स्टे लिया है उनके खिलाफ पुन: विचार याचिका दायर की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार को चाहिए की पूर्व की कांग्रेस कार्यकाल में सरकारी समितियों कारपोरेशन आयोग भंग किए जाने चाहिए। क्योंकि सरकार का स्वतंत्र अधिकार है कि सरकार समितियों व कार्पोरेशन आयोग सरकारी जनप्रतिनिधियों के पदों पर किसे जिम्मेदारी सौंपे।

पानी की तलाश में भटके शिशु हाथी ट्रेन की चपेट में आया, मौत

हल्द्वानी।
सोमवार को हल्द्वानी रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन की चपेट में आने से दो नर शिशु हाथी की मौत हो गयाी। एक साथ दो हाथीयों की मौत से वन महकमें में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए। दोनों शिशु हाथियो उम्र 2 से 3 साल की बताई जा रही है। रेलेवे ट्रैक पर हाथियों की मौत से रेल यातायात भी बाघित हो गया। सोमवार तड़के हल्द्वानी रेलवे स्टेशन के नजदीक रेल ट्रैक पर पानी की तलाश में निकले दो शिशु हाथी दिल्ली-रानीखेत एक्सप्रेस की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद वन एवं रेल के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए है। वन विभाग के टांडा रेंज के रेंजर गणेश चंद त्रिपाठी के अनुसार हाथियो का एक झुंड पानी की तलाश में निकला था जो कि रेल ट्रैक पार कर रहा था उसी समय ट्रैन आने से 2 शिशु हाथी जिन की उम्र 2-3 साल रही होगी, ट्रैन की चपेट में आ गए जिस कारण इन नर शिशु हाथियो की मौत हो गई। चिकित्सको के 3 सदस्य पैनल के द्वारा शिशु हाथियो का पोस्ट मार्टम कराया गया। फिलहाल ट्रक को कुछ समय के रोक कर शिशु हाथियो के शवों को हटाया जा रहा है, उसी के बाद ट्रक को दोबारा शुरू किया जाएगा।

अधिकारी घटना छुपाते रहे, वाटसअप पर वीडियो वायरल हो गया

टेंडर डालने आये ठेकेदार की निविदा फाड़ी!

ऋषिकेश।
सोमवार को बैराज मार्ग स्थित सिचाई विभाग के कार्यालय में टेंडर डालने आये सुशील पाल ने विभाग पर गंभीर आरोप लगाये है। उन्होंने विभाग पर मिलीभगत कर दो करोड़ रुपये के कार्यों के लिए पूल बांटने का आरोप लगाया। ठेकेदार ने बताया कि वह दोपहर दो बजे विभाग के दफ्तर पहुंचे। उन्होंने अपनी बोली को लिफाफे में बंद कर पेटी में डालना चाहा तो कुछ लोगों ने उनका हाथ पकड़ लिया। धक्का मुक्की होने पर वहां मौजूद लोगों ने उनका लिफाफा फाड़कर फेंक दिया। जिस समय यह घटना हुयी विभाग के अधिकारी मोके पर मौजूद थे।
बताया कि दो करोड़ रुपये के काम के लिए 700 टेंडर सेल हुये थे। जिसमें से पन्द्रह लोगों ने ही अपनी बोलियों को टेंडर बॉक्स में डाला है। आरोप लगाया कि अधिकारियों से शिकायत की गई तो उन्होंने ऐसी कोई घटना होने से इंकार किया और उन्हें ही धमकाने का प्रयास किया। उन्होने घटनाक्रम की जानकारी एसडीएम ऋषिकेश को लिखित में देकर टेंडरों को निरस्त करने की मांग की है। वहीं, सिचाई विभाग के सहायक अभियंता सुधीर मोहन से इस बाबत वार्ता की गयी तो उन्होंने कैंपस में ऐसी घटना होने से इंकार किया है। बताया कि आज टेंडर कॉल किये गये थे, ठेकेदारों ने अपने टेंडर बॉक्स में डाल दिये है। वहीं, सूत्रों के अनुसार घटना से जुड़ा वीडियों भी वाटसअप में तेजी से फैल गया।

सैटेलाइट फोन के साथ विदेशी युवती गिरफ्तार

ऋषिकेश।
रविवार को सीआईएसएफ जौलीग्रांट में तैनात इंस्पेक्टर एसटी बाटी ने डोईवाला थाने में सूचना दर्ज कराई कि एयरपोर्ट पर चेकिंग के दौरान विदेशी युवती मारिया फारेंडा बैलेसो से सैटेलाइट फोन बरामद किया गया। युवती वेनेजुएला की नागरिक है। जो अमेरिका में जॉब करती है। सैटेलाइट का प्रयोग भारत में प्रतिबंधित है। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस, आईबी, आर्मी इंटेलिजेंस, स्पेशल ब्रांच द्वारा सामूहिक पूछताछ की गई। एसओ डोईवाला राजेश शाह ने बताया कि पूछताल में युवती ने बताया कि वह वेनेजुएला की रहने वाली है जो मियामी अमेरिका में जॉब करती है। फोन उसने मियामी, अमेरिका से ही खरीदा। युवती को भारत में सैटेलाइट फोन के प्रतिबंध की जानकारी नहीं थी। हालांकि युवती ने भारत में फोन का प्रयोग नहीं किया है लेकिन बिना अनुमित फोन रखने पर युवती के खिलाफ टेलीग्राम एक्ट 1933 के तहत मामला दर्ज किया गया है। मारिया को सोमवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।

अभिनेता निशांक पहुंचे परमार्थ निकेतन

ऋषिकेश।
बॉलीवुड फिल्मों में कई भूमिका निभा चुके अभिनेता निशांक रविवार को परमार्थ निकेतन पहुंचे। उन्होंने स्वामी चिदानंद मुनि से मुलाकात कर आशीर्वाद प्राप्त किया। सायंकालीन गंगा आरती में भी भाग लिया।
होली डे, ये जवानी है दिवानी और बैंग-बैंग जैसी फिल्मों में खलनायक की भूमिका निभाने वाले निशांक रविवार को परमार्थ निकेतन पहुंचे। उन्होंने स्वामी चिदानंद मुनि से मुलाकात की। चिदानंद ने उत्तराखंड, पर्यावरण, गौ और गंगा पर चर्चा की। बताया कि उत्तराखंड का वातावरण आध्यात्म के साथ ही ऊर्जा का संचार करने वाला है। देश-विदेश से योग साधक प्रतिदिन पहुंचते हैं। उन्होंने सफलता के लिए तनाव कम करने और सकरात्मक ऊर्जा का संचार करने की सलाह दी।
अभिनेता निशांक ने उत्तराखंड की वादियों की प्रशंसा की। कहा कि देवनगरी होने के साथ ही यहां पर्यावरण बहुत अच्छा है। फिल्म जगत को यहां की प्राकृतिक सुंदरता को शूट करना चाहिए। चिदानंद मुनि ने निशांक को रुद्राक्ष का पौंध भी भेंट किया।

राशन विक्रेताओं को राज्य कर्मचारी घोषित करने की मांग

ऋषिकेश।
श्यामपुर में सरकारी सस्ता गल्ला विक्रेता ग्रामीण संघ ने एक बैठक की। बैठक में सस्ता गल्ला विक्रेताओं ने सरकार द्वारा सरकारी सस्ता गल्ला राशन में कटौती किए जाने पर समक्ष रोजी-रोटी का संकट गहराने की बात कही। उनका कहना था कि वे बीते कई वर्षों से न्यूनतम कमीशन के आधार पर सरकारी सस्ते गल्ले का वितरण कर रहे हैं। सरकार द्वारा विभिन्न खाद्यान योजनाओं को बंद कर दिए जाने से सरकारी सस्ते गल्ला विक्रेताओं के समक्ष रोजगार का संकट खड़ा हो गया है। विक्रेता संघ के सदस्य विनोद चौहान का कहना है कि सरकार उनके वर्षों के अनुभव का लाभ सरकार विभिन्न योजनाओं में उनका लाभ ले सकती है। निर्णय लिया गया कि सस्ता गल्ला विक्रेताओं को राज्य कर्मचारी घोषित करने की मांग को लेकर 23 अप्रैल को श्यामपुर आडवानी धर्मशाला में क्षेत्र के समस्त राशन विक्रेताओं की बैठक होगी। इस अवसर पर देवेन्द्र बैलवाल, राजेश व्यास, उदय पुण्डीर, कुशहाल पंवार, गोविन्द सिंह रावत, रामचन्द्र भट़ट,पवन नारवानी, किशन सिंह नेगी,जगमोहन कलूडा,धनपाल रांगड़, धनपाल रावत, हरीश तिवाडी,अमित राणा, रीना बैलवाल, अमरदेव कुडियाल आदि उपस्थित थे।

कृषि मंत्री के औचक निरीक्षण में खुली मंडी समिति की पोल

ऋषिकेश।
रविवार को कृषि मंत्री सुबोध उनियाल ने स्थानीय लोगों की शिकायत पर कृषि मंडी का औचक निरीक्षण किया। पार्किंग स्थल में बिना नक्शा पास कराये बनाई गई दुकानों की जानकारी मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई। अतिक्रमण और गंदगी देखकर मंत्री का पारा चढ़ गया। कृषि मंत्री सुबोध उनियाल ने अतिक्रमण को ध्वस्त करने के निर्देश जारी किये। पार्किंग में अवैध रूप से बनाई जा रही दुकानों की शिकायत पर अधिकारियों से फाईल भी तलब की है। उन्होंने कहा कि अमितग्राम में हाट मंडी बनाई जायेगी। इसके लिए अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्रवाई की जायेगी। कहाकि कृषि के क्षेत्र में उत्तराखंड को बेहतर बनाना उनका लक्ष्य है। इस अवसर पर विनोद कुमार कुकरेती, सभासद कुलदीप शर्मा, राजू गुप्ता सहित अन्य लोग मौजूद थे।

पहाड़ी गानों की धुनों को बॉलीवुड में लाना चाहते है टोनी कक्कड़

ऋषिकेश।
गीतकार एवं गायक टोनी कक्कड़ रविवार को गंगानगर, ऋषिकेश स्थित अपने घर पहुंचे। उनसे मिलने के लिए लोग घर पहुंचे। पत्रकारों से बातचीत में टोनी ने कहा कि हिंदी फिल्मों में कई संगीतकारों ने पहाड़ की घुनें शामिल कीं जो हिट रहने के साथ यादगार भी बनीं। आंचलिक गीतों की धुनें मन को छूती हैं। इसलिए वह उत्तराखण्डी लोकगीतों की धुनों को बॉलीवुड में लाना चाहते हैं।
वह कहते हैं कि उन्होंने मुकाम तक पहुंचने के लिए बड़ा संघर्ष किया है। संघर्ष से ही सफलता मिलती है। जागरण और भजन संध्या से करिअर की शुरुआत करने वाले टोनी ने 2012 में मुंबई में पूजा भट्ट से मुलाकात की। टोनी को पहला ब्रेक 2013 में भूषण कुमार ने दिया। अब तक टोनी हिंदी फिल्म और एलबम में 25 गाने गा चुके हैं। उनका गीत मोहब्बत बरसा देना आज भी युवाओं की जुबान पर है। इस अवसर पर विशाल कक्कड़, सानिया, ऐश्वर्या, गीता, रोहन, स्मृति, निश्चय आदि उपस्थित थे।