ऋषिकेश।
मंगलवार को तहसील परिसर स्थित बार एसोसिएशन भवन में अध्यक्ष रतनमणि नौटियाल की अध्यक्षता में विदाई कार्यक्रम हुआ। अधिवक्ताओं ने अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट रवि शुक्ला और न्यायिक मजिस्ट्रेट अभिषेक कुमार श्रीवास्तव का फूलमालाओं से स्वागत कर उन्हें विदा किया। वकीलों ने दोनों ही जजों के कार्यकाल को सराहा। कहा कि अधिवक्ताओं के प्रति उनका व्यवहार हमेशा ही सकारात्मक रहा। उन्हें भविष्य की शुभकामनाएं भी दीं। इस दौरान अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश एसएमडी दानिश और अपर पारिवारिक न्यायाधीश अरविंद नाथ त्रिपाठी ने भी स्थानांतरित जजों के मृदुल व्यवहार की प्रशंसा की। कार्यक्रम में बार उपाध्यक्ष अतुल कुमार यादव, महासचिव खुशहाल सिंह कलूड़ा, पीडी त्यागी, सुभाष भट्ट, देवेंद्र दत्त कुलियाल, दीपक लोहानी, शशिमोहन गौनियाल,जय सिंह रावत, अनिल सक्सेना, चौधरी ओंकार सिंह, अमित वत्स आदि मौजूद थे।
Author: admin
जाम में फंसे साहब तो याद आई ट्रैफिक व्यवस्था
ऋषिकेश।
साहब जाम में फंसे तो लोगों की समस्या का एहसास भी हुआ। बैठक में उन्होंने पुलिस से देहरादून तिराहे पर लगने वाले जाम के लिए ट्रैफिक प्लान पूछ डाला। हालांकि पुलिस ने चारधाम यात्रा की तैयारियों को लेकर हटाए जा रहे अतिक्रमण की जानकारी देकर अपनी पीठ थपथपाई। आयुक्त ने पुलिस अधिकारियों को चारधाम यात्रा के दौरान जाम से छुटकारा दिलाने के बारे में ठोस कार्य योजना तैयार करने के निर्देश दिए। हालांकि पुलिस एस्कार्ट के चलते आयुक्त की गाड़ी जाम में ज्यादा देर तक नहीं फंसी, नहीं तो ड्यूटी में लापरवाही के चलते एकाध सिपाही लाइन हाजिर जरूर हो जाता।
टीएचडीसी के लिए उपलब्धियों भरा रहा वित्तीय वर्ष
ऋषिकेश।
वरिष्ठ प्रबंधक कॉरपोरेट संचार कपिल प्रसाद दुबे ने बताया कि कॉरपोरेशन ने गुजरात में दो पवन ऊर्जा परियोजनाओं को सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। पाटन में 50 मेगावाट और द्वारिका में 63 मेगावाट परियोजनाओं को पूरा कर केंद्र सरकार की ओर से दी जाने वाली 63 करोड़ की जेनरेशन बेस्ड इनसेन्टिव प्राप्त करने की पात्रता पूरी कर ली है। अब कॉरपोरेशन की कुल क्षमता 1513 मेगावाट हो गई है।
कॉरपोरेशन ने अंतरिम लाभांश 104.98 करोड़ केंद्र सरकार और 36.91 करोड़ उत्तर प्रदेश सरकार को दिए हैं। राजस्व वसूली का आंकड़ा 2276 करोड़ तक पहुंच गया है। इसमें पवन ऊर्जा से 23.4 करोड की राजस्व की वसूली शामिल है। पहली बार कॉरपोरेशन ने बाजार से वित्त इकट्ठा करते हुए ई-बिडिंग प्लेटफार्म बांबे स्टॉक एक्सचेंज के माध्यम से बोली लगाई। कॉरपोरेशन ने 300 करोड़ रुपये ग्रीन शू आप्सन के तहत जारी किए लेकिन 600 करोड़ का फंड एकत्र करने में सफलता पाई।
वरिष्ठ प्रबंधक ने बताया कि लक्ष्य 4189.12 मिलियन यूनिट का रखा गया था लेकिन कॉरपोरेशन ने 4370.81 मिलियन ऊर्जा का उत्पादन किया। इसमें टिहरी बांध से 3146.25, कोटेश्वर बांध से 1224.56 और विंड पॉवर से 59.4 मिलियन यूनिट ऊर्जा शामिल है। उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष में सेन्ट्रल बोर्ड ऑफ इरीगेशन एंड पावर की ओर से टिहरी परियोजना को बेस्ट मेनटेंड प्रोजेक्ट, एनटीपीसी राजभाषा शील्ड और मानव संसाधन विकास के लिए एचआर एक्सीड अवार्ड भी दिया गया है।
कृषि मंत्री ने दस रुपये भरपेट योजना का शुभारंभ किया
ऋषिकेश।
मंगलवार को दून तिराहा पर कृषिमंत्री सुबोध उनियाल ने डिवाइन भोजनालय का विधिवत शुभारंभ किया। कहा कि तीर्थयात्रियों की सेवा के लिए संस्था के इस प्रयास से अन्य जनसंगठनों को भी प्रेरणा मिलेगी। सरकार संस्था के इस काम में सहयोग का प्रयास करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार भी तीर्थयात्रियों की बेहतर सुविधा के लिए प्रतिबद्ध है। क्लब अध्यक्ष महेश किंगर ने बताया कि भोजनालय में तीर्थयात्रियों को मात्र 10 रुपये में भरपेट भोजन दिया जाएगा। इस काम के लिए क्लब सदस्यों और समाजसेवियों द्वारा सहयोग किया गया है।
इस अवसर पर संस्था ने उनियाल के जरिए गुरु रामराय पब्लिक स्कूल के छात्र व छात्रा की मां सुनीता देवी को उनकी शिक्षा के लिए 21 हजार का चेक सौंपा। कार्यक्रम में संस्थापक अध्यक्ष ललित मोहन मिश्रा, विनोद शर्मा, राजेन्द्र सेठी, अरविन्द भट्ट, दीपेश कोहली, आशु डंग, नवीन गांधी, कपिल गुप्ता, अनुराग शर्मा, श्रेयांश जैन, हितेश सडाला, किशोर मेहता, गिरीश इचपिलानी, शिव मोहन मिश्रा, जयेंद्र रमोला, चेतन शर्मा, सुभाष कोहली, इंद्रकुमार गोदवानी, डीडी सकलानी, जितेंद्र अग्रवाल, भगतराम कोठारी, यशपाल अग्रवाल आदि मौजूद थे।
डेडलाइन नजदीक, कैसे पूरे होंगे निर्माण कार्य
ऋषिकेश। दयाशंकर पाण्डेय
गढ़वाल के आयुक्त विनोद शर्मा चारधाम यात्रा की तैयारियों से संतुष्ट नहीं दिखे। उन्होंने चारधाम यात्रा को उत्तराखंड का महापर्व बताया। बोले-चारधाम यात्रा की डेड लाइन को पखवाड़ा भर रह गया है लेकिन ऐसा लग रहा कि हम अभी भी तैयार नहीं हैं।
मंगलवार को गढ़वाल आयुक्त ने चारधाम यात्रा को लेकर गंभीर टिप्पणी की। हालांकि उनकी टिप्पणी सभागार में बैठे अधिकारियों के कानों तक नहीं पहुंची। समीक्षा बैठक में सड़क, शौचालय और यातायात व्यवस्था पर उन्होंने नाराजगी जताई। कहा कि 25 लाख श्रद्धालु चारधाम यात्रा पर उत्तराखंड आएंगे लेकिन हमारी व्यवस्थाएं अभी तक चाक-चौबंद नहीं हैं। विभागवार और जिलेवार समीक्षा की तो निर्माण कार्य और व्यवस्थाओं पर 20 अप्रैल तक काम पूरे कर लिए जाने का उत्तर सुनने को मिलता रहा।
हालांकि आयुक्त इस बात से नाराज दिखे और बार-बार कहते रहे पखवाड़े भर का समय रह गया है कैसे तैयारियों को पूरा करोगे? बैठक में कई विभागों के अधिकारी गैर हाजिर भी रहे। आयुक्त ने स्वास्थ्य विभाग, खाद्य सुरक्षा विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों से चर्चा करनी चाही तो उनके अधिकारी मिले ही नहीं। उनकी बातों से ऐसा लगता रहा कि अधिकारी यात्रा को लेकर गंभीर नहीं हैं। वहीं बैठक में भी जिले के कई शीर्ष अधिकारी फोन और आपस में बात करते दिखे। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा के मद्देनजर स्थानीय विभागों के अधिकारियों को ऋषिकेश में कैंप करने के निर्देश दिए जाएंगे। विभागों में आपसी समन्वय स्थापित करने पर भी उन्होंने जोर दिया।
रैली निकालकर शराब की दुकानों का विरोध
ऋषिकेश।
मंगलवार को खाण्ड गांव की पानी की टंकी के समीप धरनास्थल से ग्रामीणों ने रैली शुरू की। रैली प्रतीतनगर डांडी, शिव चौक, बीईजी कैंप रोड होते हुए हनुमान चौक पर समाप्त हुई। रैली में बच्चों व महिलाओं ने बढ़ चढ़कर भाग लिया। रैली में तख्तियों व बैनर से क्षेत्र को नशा मुक्त बनाने का संदेश दिया। कोर्ट के हाइवे से दुकान शिफ्ट करने के आदेश के बाद से क्षेत्र में शराब बंद है। आबकारी विभाग ने मानकों के अनुरूप खाण्ड गांव पानी की टंकी के समीप स्थान का चयन किया था। इसके बाद से उक्त स्थान पर लगातार धरना प्रदर्शन चल रहा है। रैली में ग्राम प्रधान शोभा रावत, उदीना नेगी, कुसुम जोशी, सुदेश कण्डवाल, सतपाल सैनी, दीवान चौहान, राजेश जुगलान, गणेश रावत, असगर खान, सुलोचना देवी, शैला नेगी, गीता देवी, बीना देवी आदि शामिल रहे।
सीएम ने लोगों को दिलाई स्वच्छता की शपथ
-समाजसेवी चन्द्रवीर पोखरियाल, पालिकाध्यक्ष शिवमूर्ति कंडवाल को सीएम ने सम्मानित किया
ऋषिकेश।
मंगलवार शाम दयानंद आश्रम में स्वच्छ भारत मिशन के तहत आयोजित कार्यक्रम में सीएम त्रिवेन्द्र रावत ने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान पीएम नरेन्द्र मोदी का ड्रीम प्रोजेक्ट है। इसलिए उत्तराखण्ड के प्रत्येक क्षेत्र में अभियान के जरिए लोगों को जागरूक किया जाएगा। चारों धामों में स्थानीय लोगों की मदद से तीर्थयात्रियों को जागरूक करने के साथ सफाई अभियान भी चलेगा। सीएम ने ऋषिनगरी के विकास को भी अपनी प्राथमिकता में गिनाया। कहा जानकीझूला पुल का निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जाएगा। इसके लिए अधिकारियों की बैठक बुलाई जाएगी। उन्होंने मुनिकीरेती पालिका के दर्जनभर लोगों को कूड़ादान भी बांटे। स्वच्छ भारत अभियान के तहत नगर पालिका मुनिकीरेती हर परिवार को कूड़ादान देने जा रही है। इस दौरान सीएम ने आस्थापथ पर कूड़ादान एवं पशुओं की रोकथाम के लिए बनाई जाने वाली योजना का उद्घाटन भी किया। सीएम ने स्वच्छता के क्षेत्र में बेहतर काम करने वाले समाजसेवी चन्द्रवीर पोखरियाल, पालिकाध्यक्ष शिवमूर्ति कंडवाल सहित अन्य को सम्मानित भी किया। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचन्द्र अग्रवाल, कृषि मंत्री सुबोध उनियाल, दयानंद आश्रम के संत स्वामी शांत आत्मानंद, स्वामी महिमानंद, भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष कुसुम कंडवाल, भगतराम कोठारी, ज्ञान सिंह नेगी, पुष्पा ध्यानी, अनुराग पयाल, राकेश सेंगर सहित अन्य मौजूद थे।
24 अवैध नलकूप हो रहे थे वन भूमि में संचालित
-चार टूल्लू पंपों को भी जब्त किया
ऋषिकेश।
मंगलवार को वन विभाग ने ऋषिकेश रेंज के कक्ष संख्या दो में संयुक्त यात्रा बस अड्डा परिसर से सटी वन भूमि में चन्द्रभागा नदी के पास आरक्षित वनक्षेत्र में अतिक्रमणकारियों के खिलाफ अभियान चलाया। विभाग को जानकारी थी कि चन्द्रभागा नदी से सटे इलाकों में लोगों ने नलकूप लगाकर अतिक्रमण कर रखा है। इस पर वन क्षेत्राधिकारी गंगा सागर नौटियाल ने जेसीबी मशीन से नलकूपों को उखाड़वाया। बताया कि टीम ने 24 नलकूपों को उखाड़कर कब्जे में लिया। टीम ने चार टूल्लू पंपों को भी कब्जे में लिया है।
स्थानीय लोगों ने वन विभाग की टीम की ओर से की जा रही कार्रवाई का विरोध किया। वन क्षेत्राधिकारी गंगा सागर नौटियाल ने बताया कि आरक्षित वन भूमि में अतिक्रमण पर अब विभाग कार्रवाई की तैयारी में है। ऐसे लोगों के खिलाफ वन अधिनियम की धारा-26 के तहत कारवाई की जा रही है। टीम में वन दरोगा सुनील रावत, सुरेन्द्र कुमार, बीट अधिकारी मंशाराम गौड़, राजेश डोभाल, सुरेन्द्र दत्त कंडवाल, राज बहादुर और पीआरडी के जवान आदि शामिल रहे।
चोरी का खुलासा होने पर पुलिस टीम का सम्मान
ऋषिकेश।
नगर पालिका के स्वर्ण जयंती सभागार में नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल ने सम्मान समारोह का आयोजन किया। पुलिस कप्तान स्वीटी अग्रवाल, एसपी देहात श्वैता चौबे, प्रशिक्षु आईपीएस निहारिका भट्ट, एसआई काविन्द्र राणा, कांस्टेबल नवनीत सिंह नेगी एवं कांस्टेबल कमल जोशी को सम्मानित किया गया। व्यापार सभा अध्यक्ष नवल कपूर ने कहा कि व्यापारियों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा लेकिन व्यापारियों को भी चाहिए कि वे सड़क पर अतिक्रमण न करें। अतिक्रमण से शहर में जाम लग रहा है। नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल महामंत्री जयदत्त शर्मा ने कहा कि अच्छे कार्य के लिए व्यापारियों का फर्ज बनता है कि वह सम्मान करें लेकिन पुराने चोरी के केस न खुलने पर आंदोलन को भी चेताया। उन्होंने अतिक्रमण के नाम पर व्यापारियों का शोषण न करने की बात भी कही। इस अवसर पर प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष यशपाल अग्रवाल, जिलाध्यक्ष हरगोपाल अग्रवाल, प्रदेश मंत्री श्रवण जैन, पवन शर्मा, गिरीराज गुप्ता, प्रदीप गुप्ता, कुलदीप शर्मा, प्रदीप कोहली, राकेश वर्मा, कमल जैन, कमलाप्रसाद भट्ट, हरिओम वेदी, कपिल गुप्ता, प्रेम चंदानी, अनिता ममगाई, किशोरी लाल आहूजा, संदीप गुप्ता, इन्द्रकुमार गोदवानी, प्रिंस मनचंदा, व्रत शर्मा, विनोद कोठारी, मदन नागपाल, आशु अरोडा, राजू गुप्ता, अजय कालडा, राकेश जैन, मधु जोशी आदि उपस्थित थे।
ऋषिकेश कोतवाली ने 5298 पव्वे देसी शराब पकड़ी
ऋषिकेश।
मंगलवार को एएसपी निहारिका भट्ट के नेतृत्व में अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाया गया। पुलिस ने जानकी पत्नी गणेश साहनी निवासी चन्द्रभागा ऋषिकेश को 60 पव्वे देसी शराब जाफरान एवं गुजरी पत्नी पातीलाल निवासी मायाकुण्ड ऋषिकेश को बस अड्डा ऋषिकेश से 60 पव्वे देसी शराब जाफरान के साथ गिरफ्तार किया। दोनों महिलाओं को पहले भी पुलिस आबकारी अधिनियम में कई बार गिरफ्तार कर चुकी है। दूसरी घटना दूनरोड बैरियर के पास की है। यहां एक नाबालिक के पास से वाहन स्कूटी डियो में 250 पव्वे पकड़े गए। तीसरे मामले में रितेश पुत्र विश्वनाथ निवासी चन्द्रेश्वरनगर, राजेश भारद्वाज पुत्र शिवमूरत निवासी लक्ष्मी भक्ति आश्रम छोटी सब्जी मंडी के पास 90 पव्वे शराब मिली। चौथे मामले में पुलिस ने शिवाजीनगर ऋषिकेश में किराए पर रह रहे एक व्यक्ति के घर पर दबिश दी। किराए पर रह रहे कैलाश वर्मा पुत्र बहादुर वर्मा निवासी ग्राम आमला थाना विसारगंज जिला बरेली यूपी, हाल निवासी शिवाजीनगर गली नम्बर 15 ऋषिकेश के घर में छापा मारा। कैलाश पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। कमरे की तलाशी में देसी शराब जाफरान की 106 पेटी (5088 पव्वे) बरामद हुई। बरामद शराब को कब्जे में लेकर फरार अभियुक्त कैलाश वर्मा उपरोक्त के विरुद्ध आबकारी अधिनिमय का मामला पंजीकृत किया गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए तलाश जारी है। टीम में सीओ कैलाश पंवार, एसएसआई कमलेश शर्मा, दीपक तिवारी, रियाज अहमद,प्रवीण संधू, राधेश्याम, रवि कुमार आदि शामिल थे।
