एनिस्थिसिया की नई तकनीक पर मंथन

देशभर के 200 से ज्यादा डॉक्टर व शोधार्थी जुटे

डोईवाला।
शनिवार को सेंट्रल जोन ऑफ इंडियन सोसायटी ऑफ एनिस्थिसियालॉजिस्ट (सीजेडआईएसएकॉन 2016) की दो दिवसीय राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस का शुभारंभ स्वामी राम हिमालयन यूनिवर्सिटी (एसआरएचयू) में हुआ। कांफ्रेस में एनिस्थिसिया की नई तकनीक पर मंथन को देशभर से एनिस्थिसियालॉजिस्ट जुटे।
एसआरएचयू-हिमालयन इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस के एनिस्थिसियोलॉजी विभाग की ओर से मेडिकल कॉलेज सभागार में कॉन्फ्रेंस का शुभारंभ कुलपति डॉ. विजय धस्माना ने किया। उन्होंने कहा कि समय के साथ एनिस्थिसिया की तकनीकों में बहुत बदलाव हुआ है। कॉन्फ्रेंस का मकसद एक्सपर्ट के अनुभव को सीखना है। जिससे इलाज के दौरान मरीज को इसका फायदा मिल सके। इंडियन सोसायटी ऑफ एनिस्थिसियालॉजिस्ट के सेक्रेटरी डॉ. केवैंकट गिरी ने बताया कि एनेस्थीसिया विशेषज्ञों की भूमिका अब ऑपरेशन थियेटर में मरीजों को बेहोश करने तक सीमित नही है। एनेस्थीसिया विशेषज्ञ ऑपरेशन से पहले और बाद में भी मरीज के साथ रहते हैं, ताकि मरीज की जान को कोई खतरा न हो।

101
वक्ताओं ने इस बात पर जोर दिया कि एनेस्थेटिक स्पेशलिस्ट की संख्या बढ़े जिससे मरीजों के ऑपरेशन की वेटिंग लिस्ट खत्म हो सके। योजना समिति की चेयरपर्सन डॉ. गुरजीत खुराना ने बताया कि सीजेडआईएसएकॉन 2016 की थीम ‘सेफ्टी एंड क्वालिटी इन एनिस्थिसिया’ है। कांफ्रेस में उत्तरखंड, केरल, तमिलनाडु, भोपाल, लखनऊ, कानपुर, चंडीगढ़, इंदौर, जबलपुर, मेरठ, कानपुर, छत्तीसगढ़ से करीब 200 से ज्यादा डेलीगेट शामिल हुए। मौके पर डॉ.जेपी शर्मा, डॉ. ललित मेंहदीरत्ता, डॉ. विरेंद्र शर्मा, डॉ. महेश सिन्ह, डॉ. मोनिका कोहली, डॉ. वाईएस पयाल, डॉ. पारुल जिंदल, डॉ. संजय अग्रवाल, डॉ. वीना अस्थाना, डॉ. निधि, डॉ. दिव्या, डॉ. रोहन, डॉ. प्रिया, डॉ. पूनम, डॉ. अभिमन्यु, डॉ. अंशुमन, डॉ. हरीश, डॉ. नंद किशोर, डॉ. आस्था आदि मौजूद थे।

खोखों के ऊपर पलटा ओवरलोड ट्रक

हाईवे पर पांच घंटे तक प्रभावित रही वाहनों की आवाजाही

रायवाला।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार सुबह सीमेंट से लदा एक ट्रक ऋषिकेश की ओर जा रहा था। करीब सवा सात बजे देसी शराब ठेके के पास अचानक ट्रक का टायर फट गया। अनियंत्रित होकर ट्रक खोखों के ऊपर पलट गया। गनीमत रही कि उस समय दुकानें बंद थीं। सुबह के समय ठेका बंद होने के चलते यहां कोई नहीं था। वरना बड़ी अनहोनी हो सकती थी। हादसे से जगवीर सिंह और बलवीर सिंह के खोखे बुरी तरह ध्वस्त हो गए। सीमेंट के बैग सड़क बिखर गए। ट्रक पलटने से हाईवे पर जाम लग गया। करीब आधे घंटे तक वाहनों की आवाजाही ठप रही।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर एक तरफ से वाहनों की आवाजाही शुरू कराई। इससे एक तरफ जहां रायवाला बाजार तक वाहनों की लाइन लगती रही। वहीं दूसरी तरफ नेपाली फार्म तक वाहन फंसे रहे। पुलिस ने क्रेन और जेसीबी की मदद से ट्रक को हटाया। ट्रक को हटाने में करीब पांच घंटे का समय लगा। इस दौरान ट्रैफिक फंसता रहा।
114
थानाध्यक्ष नत्थीलाल उनियाल ने बताया कि ट्रक में क्षमता से अधिक सीमेंट लदा हुआ था। ट्रक और सीमेंट को सड़क से हटाया गया। इस दौरान ट्रैफिक व्यवस्था बनाने के लिए पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे। मामले में कानूनी कार्रवाई भी की जा रही है।

परिवारों से पूछताछ में जुटी पुलिस-एसओजी की टीम

सर्राफा और जोगेन्द्र के परिवार पर टिकी पुलिस की जांच
लूट मामले को दोनों के परिवारों से जोड़कर चल रही है पुलिस

ऋषिकेश।
मुनीम से लूटपाट के मामले में पुलिस की जांच की सुई सहारनपुर के सर्राफ और जोगेन्द्र के परिवार के सदस्यों पर घूम रही है। पुलिस लूटपाट के मामले में दोनों लोगों की मिलीभगत को जांच का आधार बनाकर मामले की जांच कर रही है। उधर, जोगेन्द्र के साले ने अज्ञात लोगों के खिलाफ चोट पहुंचाकर लूटपाट करने का मुकदमा दर्ज कराया है।
दून मार्ग पर दिनदहाड़े हुई लूटपाट के मामले में घटना के तीसरे दिन भी पुलिस मामले का खुलासा नहीं कर पायी है। इससे व्यापारियों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। दिन दहाड़े हुई इस वारदात से व्यापारी व स्थानीय लोग सहमे हुए है। हालांकि पुलिस और एसओजी की जांच टीम सर्राफ व्यापारी और जोगेन्द्र के परिवारों को आधार बनाकर कर रही है। सभी लोगों से पूछताछ करने के साथ मोबाइल की कॉल डिटेल निकाली जा रही है।
109
सूत्रों की माने तो लूटपाट के मामले में किसी न किसी का हाथ जरूर है। उस हाथ तक पहुंचने के लिए एसएसपी डॉ.सदानंद दाते ने पांच टीमें गठित कर रखी है, जो अलग-अलग जगहों पर अपराधियों की तलाश के साथ वारदात के पीछे किसी की साजिश तो नहीं इसकी जांच कर रहे हैं। डीएसपी सीडी अंथवाल ने कहा कि मामले में टीमें लगी हुई है। जल्द ही लूटपाट की वारदात से जुड़े कुछ अहम सुराग हाथ लगेंगे।
उधर, जोगेन्द्र के साला हरिराम पुत्र कृष्णलाल निवासी ग्राम मोहिद्विन पुर कैलाश पुर जिला सहारनपुर उत्तरपद्रेश ने आज्ञात लोगों के खिलाफ चोट पहुंचाकर लूटपाट करने के मामले में केस दर्ज कराया है।

आवासीय कॉलोनी में सफाई और दवा के छिड़काव की मांग

कर्मचारियों ने विभाग के अधिशासी अभियंता को सौंपा ज्ञापन

ऋषिकेश।
रेलवे रोड स्थित सिंचाई विभाग की आवासीय कॉलोनी में रहने वाले कर्मचारी और उनके परिवार के सदस्य डेंगू और चिकनगुनिया से घबराए हुए हैं। कॉलोनी में सात कर्मचारियों के परिजन डेंगू और चिकनगुनिया की चपेट में हैं। कर्मचारियों ने सफाई और दवा का छिड़काव कराने के लिए अधिशासी अभियंता को ज्ञापन सौंपा है।
सिंचाई विभाग की रेलवे रोड स्थित आवासीय कॉलोनी नगर पालिका क्षेत्र के अंतर्गत आती है। कर्मचारियों का आरोप है कि नगर पालिका ने पिछले छह माह से यहां कोई सफाई नहीं कराई है। कॉलोनी में बड़ी-बड़ी झाड़ियां उगी हुई हैं। जगह-जगह पानी जमा हो रखा है। कई जगह गंदगी के अंबार लगे हुए हैं। कहा कि आजकल डेंगू और अन्य संक्रामक बीमारियां फैल रही हैं। कॉलोनी में रह रहे गोविन्द सिंह रावत, तरुण बड़थ्वाल, प्रकाशचंद्र पंत, माधवानंद पांडेय, बृजमोहन डोभाल, सूरत सिंह रौथाण, मुरलीधर रतूड़ी के परिवार के सदस्य डेंगू औश्र चिकनगुनिया से पीड़ित हैं। सिंचाई विभाग के कर्मचारियों ने अधिशासी अभियंता को समस्या से अवगत कराया। कर्मचारियों ने बताया कि कॉलोनी में साफ-सफाई के अभाव में बुरा हाल हो रखा है। नाराजगी जताई कि पालिका को कई बार बताने के बाद भी इस ओर कार्रवाई नहीं की गयी है। ज्ञापन में कई कर्मचारियों के हस्ताक्षर हैं।

102
पांच और मरीजों में डेंगू की पुष्टि
डेंगू के पांच और मरीज मिले हैं। शुक्रवार को ब्लड जांच के बाद सरकारी में दो और प्राइवेट अस्पताल में तीन मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई। डेंगू के नोडल अधिकारी और फिजीशियन डॉ. महेश सैनी ने बताया कि तापमान में गिरावट आने लगी है। डेंगू के मरीजों की संख्या अब धीरे-धीरे कम होने लगेगी।

विज्ञान महोत्सव में छात्रों का मॉडल प्रदर्शन

ब्लाक स्तरीय विज्ञान महोत्सव में स्किल इंडिया की झलक देखने को मिली

ऋषिकेश।
पूर्णानंद इंटर कॉलेज में आयोजित दो दिवसीय ब्लाक स्तरीय विज्ञान महोत्सव का शुक्रवार को शुभारंभ हो गया। नरेन्द्रनगर ब्लाक के स्कूल विज्ञान महोत्सव में भाग ले रहे है। छात्रों के मॉडलों में स्किल इंडिया की झलक देखने को मिली। अतिथियों ने छात्रों के मॉडलों की प्रशंसा की।
प्रतिभा दिखाने का मौका मिला तो कई छात्रों ने ऐसे मॉडलों की प्रस्तुति दी, कि आयोजक व अतिथि बिना प्रशंसा के नही रह सके। पूर्णानंद इंटर कॉलेज में दो दिवसीय विज्ञान महोत्सव में विज्ञान प्रदर्शनी, विज्ञान मेला व विज्ञान ड्रामा का आयोजन किया गया। नरेन्द्रनगर ब्लाक के विभिन्न स्कूलों के छात्रों ने स्वच्छता, ग्रीन सिटी, विद्युत योजना, उद्योग, स्वास्थ्य, खाद्य उत्पादन आदि को लेकर मॉडलों का प्रदर्शन किया।
113
इससे पूर्व महोत्सव का शुभारंभ भाजपा नेता अनुराग पयाल ने किया। उन्होंने कहा कि पहाड़ में प्रतिभाओं की कमी नही है। हमें प्रतिभा विकसित करने की जरुरत है।
खंड शिक्षा अधिकारी ओपी वर्मा ने बताया कि छात्रों में विज्ञान विषय की रुचि पैदा करने के उद्देश्य से विज्ञान महोत्सव का आयोजन किया जाता है। जिला समन्वयक अलखनारायण दुबे ने बताया कि दो दिवसीय महोत्सव का आयोजन राज्य शैक्षणिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद के तत्वाधान में किया जा रहा है। अलग-अलग वर्गों में आयोजित प्रतिभागी छात्रों का मूल्यांकन होगा, प्रथम तीन वरियताक्रम को पुरस्कृत किया जायेगा। इस मौके पर प्रकाश बहुगुणा, आलोक नौटियाल, अमित शर्मा, डॉ. यूएस रावत, अनिल लिंगवाल, विनोद कुमार, आलोक गौतम, उस्मान अहमद, एसबी सिंह, राजेन्द्र प्रसाद कुकरेती आदि मौजूद थे।

आंदोलन की तैयारियों में जुटे बिजली कर्मचारी

उत्तरांचल बिजली कर्मचारी संघ संविदा प्रकोष्ठ की बैठक
24 और 25 अक्तूबर को दो दिवसीय आंदोलन का ऐलान

डोईवाला।
उत्तरांचल बिजली कर्मचारी संघ संविदा प्रकोष्ठ ने आंदोलन की तैयारियां शुरू कर दी हैं। शुक्रवार को प्रकोष्ठ की बैठक में आंदोलन को सफल बनाने पर चर्चा की गई। कर्मचारी 24 और 25 अक्तूबर दो दिवसीय आंदोलन करेंगे।
भानियावाला सब स्टेशन पर संजय पाल की अध्यक्षता और शमशाद अली के संचालन में बैठक हुई। इसमें निर्णय लिया गया कि दो दिवसीय आंदोलन को सफल बनाने के लिए कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।
112
इसके लिए लगातार बैठकें आयोजित का फैसला लिया गया। आंदोलन को सफल बनाने के लिए देहरादून, हरिद्वार, रुड़की, ऋषिकेश और विकासनगर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पहुंचेंगे। बैठक में जगतराम भट्ट, विक्रम तोपवाल, दिनेश कुमार, अनिल जुयाल, अमित असवाल, मुकेश कुमार, अर्जुन बिष्ट, कुलदीप राणा, संजीव बेलवाल, सुशील कुमार, गुरजीत सिंह, हरीश चौहान, प्रशांत गौड़, भूपेन्द्र गुसाईं, कृष्ण सिंह रावत, राकेश कुमार, संदीप नेगी, श्याम सिंह कोली, प्रभात नेगी, सुशील नेगी, इनाम अली, बीर सिंह, विनोद शर्मा, त्रिलोक आदि मौजूद थे।

चार लोगों पर लूटपाट का मुकदमा

घर के बाहर युवक से मारपीट कर नगदी लूटने का लगाया आरोप
पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर शुरू की जांच

ऋषिकेश।
गुमानीवाला के गुलरानी में एक युवक के साथ चार लोगों ने लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया। घटना उस वक्त हुई जब युवक घर के बाहर था। पुलिस ने मामले में मारपीट, जान से मारने की धमकी व लूटपाट का केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी तहरीर में देवेन्द्र राणा पुत्र जगदीश सिंह राणा निवासी गुलरानी गुमानीवाला ने आरोप लगाया है कि गुरुवार रात नौ बजे जब वे घर के बाहर थे। तभी मलकीत, गुरमुख,बलवंत निवासी रूषाफार्म ने उन पर जानलेवा हमलाकर घायल कर दिया। साथ ही उसके पास से हजारों की नगदी, मोबाइल लूटकर फरार हो गए।
111
पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। श्यामपुर रिपोर्टिंग पुलिस चौकी इंचार्ज आशीष गुसाईं ने बताया कि मामले में केस दर्ज करने के साथ ही जांच शुरू कर दी है। बताया कि मामला किसी पुराने विवाद से जुड़ा हुआ लग रहा है।

बैठक के बाद की पद छोड़ने की घोषणा

बालियान ने इंटक प्रदेश अध्यक्ष पद से दिया इस्तीफा

ऋषिकेश।
राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (इंटक) के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. कदम सिंह बालियान ने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने ऋषिकेश में बैठक के बाद पद छोड़ने की घोषणा की। उनके साथ कई अन्य पदाधिकारियों ने भी संगठन छोड़ा है। बालियान का कहना है कि फर्जी संगठन के आरोपों से वह तंग आ गए थे। उन्होंने संगठन के नेताओं पर कई गंभीर आरोप भी लगाए हैं।
लोनिवि विश्राम गृह में शुक्रवार को बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में डॉ. कदम सिंह बालियान ने इंटक के बड़े नेताओं पर गंभीर आरोप लगाए। बालियान ने संगठन की विश्वसनीयता पर सवाल उठाए। कहा कि वह जहां भी गए सुना कि तुम्हारी इंटक फर्जी है। अब वह किस-किस को जवाब देते। संगठन के नाम पर उन्होंने कुछ लोगों पर धन उगाही करने के गंभीर आरोप भी लगाए। कहा कि संगठन में अनुशासन नाम की कोई चीज नहीं है। सब स्वयंभू नेता की तरह कार्य कर रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश सुंदरियाल पहलवान को कई बार संगठन के बारे में बताया, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला।

110
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कार्यकर्ता होने के चलते वह संगठन को मजबूत करने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन जन समस्याओं पर किसी ने सहयोग नहीं दिया। न ही समस्याओं पर कोई उचित कार्रवाई की। इससे तंग आकर वह संगठन को अलविदा कह रहे हैं। कहा कि उनके साथ दर्जनभर पदाधिकारियों ने भी पद से इस्तीफा दिया है। इसमें प्रदेश सचिव कृष्णकांत सिंह, महिला इंटक कांग्रेस अध्यक्ष केशरजहां, प्रदेश सचिव अमित मोहन, कोषाध्यक्ष स्वर्ण सिंह, सौराज सिंह, राजकुमार शर्मा, तेजपाल फौजी, सरीफ अहमद, भगत सिंह पाल, अजय मनिहारिया, जसपाल शर्मा, शारदा रानी, रुकमणि अग्रवाल, संजय कुमार दास आदि शामिल हैं।

23 करोड़ की लागत से 13 सड़कें होंगी चकाचक

कांग्रेस प्रदेश महासचिव राजपाल खरोला नेने सीएम से मिलकर दिलाई स्वीकृति

ऋषिकेश।
ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र में 43 किलोमीटर लंबी 13 सड़कों का पुनर्निर्माण होगा। इस संबंध में शासनादेश जारी हो गया है। सड़क निर्माण के लिए 23 करोड़ रुपये का बजट जारी होना शेष है। सड़कों के निर्माण का काम लोक निर्माण विभाग करेगा। इसमें आईडीपीएल क्षेत्र की सबसे लंबी 10 किलोमीटर आंतरिक मार्गों की मरम्मत होगी।
कांग्रेस प्रदेश महासचिव राजपाल खरोला ने शासनादेश की प्रति भेजकर बताया कि फाइल वित्त विभाग को भेज दी गई है। नवबंर माह से सड़क पुनर्निर्माण शुरू हो जाएगा। इस समस्या को लेकर उन्होंने सीएम को अवगत कराया। शुक्रवार को शासन ने आदेश जारी कर दिए हैं। आरोप लगाया कि क्षेत्रीय विधायक ने बीते पांच साल में कोई भी सड़क नहीं बनाई।

109
इन सड़कों का होगा पुनर्निर्माण
बापूग्राम-बीस बीघा मुख्य मार्ग, खदरी चोपड़ा फार्म, छिद्दरवाला संपर्क मार्ग, मालवीय नगर-गीतानगर मार्ग, आईडीपीएल की आंतरिक सड़कें, श्यामपुर रेलवे फाटक से भट्टोवाला मार्ग, स्टील गार्डर सेतु निर्माण, मंशादेवी मार्ग, प्रतीतनगर मुख्यमार्ग, नई बस्ती मोतीचूर, भरत विहार संपर्क मार्ग, गढ़ी मयचक, खैरीखुर्द मार्ग।

लिफ्ट देना और लेना पड़ गया भारी

दून मार्ग पर कार सवार और अकेले राहगीर को ठगने वाला गिरोह सक्रिय
गिरोह में महिला सदस्य भी शामिल, अब तक दो मामले आ चुके हैं सामने

ऋषिकेश।
किसी अनजान को कार से लिफ्ट देना या अकेले में लिफ्ट लेना भारी पड़ सकता है। दून मार्ग पर कार सवार और अकेले राहगीरों को ठगने वाला गिरोह सक्रिय हो रखा है। अलग-अलग तरीके से घटनाओं को अंजाम देने के लिए गिरोह में महिला सदस्य भी शामिल हैं। हाल फिलहाल दून मार्ग पर ऐसे दो मामले सामने आए हैं। हालांकि शर्मिंदगी के कारण पीड़ित पुलिस को तहरीर देने से बच रहे हैं। ऐसे में बिना शिकायत पुलिस कार्रवाई करने की जहमत नहीं उठा रही। उधर, सीओ चक्रधर अंथवाल का कहना है कि दो मामले पुलिस के संज्ञान में आए हैं, लेकिन किसी ने पुलिस को तहरीर नहीं दी है। कई बार इस तरह के मामलों में लोग पुलिस में शिकायत नहीं करते हैं। पुलिस अपने स्तर से संदिग्धों पर नजर रख रही है।

श्रीरामलीला कमेटी में हारमोनियम बजाने वाले हरीशचन्द्र राही कुछ दिन पहले बालावाला स्थित अपने घर जाने के टिहरी बस अड्डे के बाहर से गुजर रहे थे। उन्होंने कमेटी से सात हजार रुपये एडवांस ले रखे थे। एक कार सवार ने देहरादून जाने के लिए पूछा। कहा कि बस का भाड़ा दे देना। बुजुर्ग कार बैठ गए। कार में दो लोग सवार थे। उन्होंने कार एक गली में मोड़ दी। कहा कि यहां हमारा सरकारी कार्यालय है। हमें सरकारी पैसा जमा कराना है। इस दौरान इधर-उधर की बात कहते हुए उन्होंने हरीश चंद्र को भी अपने झांसे में फंसा लिया। उने सात हजार रुपये ले लिए और फिर वहां से गायब हो गए।

102
दो हफ्ते पहले एक शिक्षक अपनी कार से शाम के समय देहरादून जा रहे थे। नटराज चौक पर कुछ लोगों ने उनसे लिफ्ट मांगी। शिक्षक ने मना कर दिया। इतने में एक महिला ने बस न मिलने की बात कही। अकेले होने का हवाला देकर आगे छोड़ने का आग्रह किया। सात मोड़ से पहले महिला ने कार रोकने के लिए कहा। शिक्षक को डरा धमका कर उनके पास मौजूद रुपये ले लिए। इसके बाद वह पीछे से आ रहे कार सवार लोगों के साथ बैठकर फरार हो गई। शिक्षक का कहना है कि वह लोग वही थे, जो नटराज चौक पर महिला को बैठाने का आग्रह कर रहे थे। शर्मिंदगी की वजह से उन्होंने घटना की जानकारी पुलिस को नहीं दी।