ऋषिकेश में तांत्रिक की दवा पीने से कारोबारी की मौत

कष्ट दूर करने के नाम पर दी कारोबारी को थी दवा
कुछ दिनों से कारोबारी के घर आ रहा था तांत्रिक

ऋषिकेश।
ऋषिकेश में तांत्रिक की दी दवा पीने से हौजरी कारोबारी की मौत हो गई। कष्ट दूर करने के नाम पर तांत्रिक ने कारोबारी को अपने झांसे में फंसा लिया था। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस तांत्रिक की तलाश कर रही है। घटना से शहरवासी अचंभित हैं।
पुलिस के अनुसार मालवीय मार्ग पर हौजरी कारोबारी बालकृष्ण अरोड़ा का घर है। पिछले कुछ दिनों से एक तांत्रिक उनके घर आ रहा था, जो कष्ट से मुक्ति दिलाने की बात कहता था। कारोबारी की बेटी का विवाह ज्वालापुर हरिद्वार में हुआ है। उनका बेटी के ससुराल पक्ष वालों से विवाद चल रहा था। इससे परिवार में तनाव की स्थिति थी। इसी वजह से कारोबारी बालकृष्ण तांत्रिक के झांसे में फंस गए।

110
बुधवार रात करीब सवा दस बजे तांत्रिक उनके घर पहुंचा। कष्ट से मुक्त कराने की बात कहते हुए तांत्रिक ने कारोबारी को एक दवा की शीशी दी और उसे पीने के लिए कहा। इसके बाद उन्होंने तांत्रिक को कार से ड्राइवर भेजकर हरिद्वार भिजवाया। शीशी में दी दवा पीने के कुछ देर बाद कारोबारी की तबीयत बिगड़ने लगी। इसपर परिजनों ने उन्हें अस्पताल में पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। कारोबारी के बेटे पंकज अरोड़ा ने कोतवाली पुलिस को तांत्रिक के खिलाफ तहरीर दी है।
सीओ चक्रधर अंथवाल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। सीसीटीवी फुटेज में तांत्रित नजर आ रहा है, लेकिन चेहरा कपड़े से ढका हुआ है। इससे उसकी पहचान करने में दिक्कत आ रही है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। तांत्रिक को पकड़ने के लिए पुलिस टीम लगाई गई है। उधर, घटना के बाद से सरकारी अस्पताल में लोगों के आने का सिलसिला दिनभर चलता रहा। विधायक प्रेमचंद अग्रवाल भी परिजनों को सांत्वना देने अस्पताल पहुंचे।

लूट के मामले में पुलिस के हाथ खाली

पुलिस ने बदमाशों को पकड़ने के लिए लगाई पांच टीमें
बदमाशों की गोली से घायल मुनीम की हालत में सुधार

ऋषिकेश।
सहारनपुर के सर्राफ कारोबारी के मुनीम को गोली मारकर लूटने वाले बदमाश पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। मामले में पुलिस के हाथ अभी खाली हैं। एसएसपी ने एसओजी समेत पांच टीमें खुलासे के लिए लगाई हैं। उधर, घायल मुनीम की हालत में सुधार है। पुलिस ने गुरुवार को मुनीम से पूछताछ की।
ऋषिकेश बस अड्डे के समीप बुधवार सुबह साढ़े दस बजे सहारनपुर से सोने-चांदी के जेवर पहुंचाने ऋषिकेश पहुंचे सर्राफ कारोबारी के मुनीम जोगेंद्र को बाइक सवार तीन बदमाशों ने गोली मारकर लूट लिया था। सरेआम वारदात से शहरवासी दहशत में हैं। पुलिस के लिए वारदात का खुलासा चुनौती बना हुआ है। गुरुवार को घायल मुनीम जोगेंद्र की हालत सुधरने पर पुलिस ने उससे पूछताछ की। मुनीम से बदमाशों का हुलिया और बोली-भाषा के साथ अन्य जानकारियां हासिल की जा रही हैं। पुलिस के अनुसार पहले भी मुनीम के साथ इस तरह की घटना हो चुकी है।

109

गुरुवार को पुलिस ने शहर के विभिन्न जगहों पर लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले। विभिन्न मार्गों पर लगे सीसीटीवी में बाइक सवार बदमाशों की फुटेज का मिलान किया जा रहा है। पुलिस ने कुछ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में भी लिया है। एसएसपी देहरादून डॉ. सदानंद दाते का कहना है कि लूट के खुलासे के लिए पुलिस टीमें जुटी हुई हैं। उन्होंने जल्द बदमाशों को पकड़ने का दावा किया है।

डोईवाला तहसील में भाजयुमो का सरकार के खिलाफ प्रदर्शन

परवादून की समस्याओं को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने डोईवाला नगर में निकाला पैदल मार्च
भाजयुमो का घेरा डालो डेरा डालो कार्यक्रम में जिलेभर से जुटे भाजपा कार्यकर्ता

डोईवाला।
भारतीय जनता युवा मोर्चा की अगुवाई में परवादून की समस्याओं को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने डोईवाला तहसील में प्रदर्शन किया। घेरा डालो डेरा डालो कार्यक्रम के तहत कार्यकर्ताओं ने नगर में पैदल मार्च भी निकाला। भाजयुमो के प्रदर्शन में परवादून जिले के कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
गुरुवार को परवादून जिले के भाजपा कार्यकर्ता डोईवाला स्थित आर्शीवाद वाटिका पहुंचे। डोईवाला, ऋषिकेश, रायपुर व धर्मपुर विधानसभा के कार्यकर्ताओं ने डोईवाला नगर में पैदल मार्च निकाला। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ता राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। डोईवाला तहसील पहुंचकर कार्यकर्ताओं ने धरना दिया और सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। वक्ताओं ने भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। आरोप लगाया कि राज्य सरकार उनके क्षेत्र में विकास कार्य नही कर रही है।
ऋषिकेश विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार झूठी घोषणाऐं कर सुर्खियां बटोर रही है। उन्होंने सरकार पर जनता के साथ धोखा करने का आरोप लगाया। पूर्व काबिनामंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने कहाकि मुख्यमंत्री हरीश रावत ने डोईवाला में विकास के नाम पर कोई कार्य नही किया है। रावत ने मुख्यमंत्री पर लोगों की भावना के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। जिलाध्यक्ष जितेन्द्र सिंह नेगी ने कहा कि सरकार की नीतियों से जनता परेशाना है। भाजपा परवादून जिले की चारो विधानसभा जीतकर इतिहास बनायेगी।

101

भाजयुमो के जिलाध्यक्ष संतोष सेमवाल ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। मौके पर पूर्व विधायक उमेश शर्मा काउ, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष कुसुम कंडवाल, प्रदेश मंत्री सुनील उनियाल गामा, पूर्व जिलाध्यक्ष ज्योति सजवाण, दिगम्बर सिंह नेगी, राजेन्द्र तडियाल, इन्द्रकुमार गोदवानी, पुरूषोत्तम डोभाल, जिला महामंत्री भाजपा संजीव सैनी व सुदेश कंडवाल, राजेश काम्बोज, प्रवीण कन्नौजिया, पंकज शर्मा, संजय चमोली, सतेन्द्र चौधरी, विजय बख्शी, संजय चौधरी, मनोज काम्बोज, नगीना रानी, संजीव लोधी, संजीव चौहान, भगवत सिंह, सम्पूर्ण सिंह रावत, कृपाल सिंह बिष्ट, अनीता ममगांई, शेलेन्द्र कौर, शशि चौहान, सुबोध जायसवाल, आशा कोठारी, आशा कंडारी, वेद प्रकाश कंडवाल, सुग्रीव द्विवेदी, आदि उपस्थित थे।

ऋषिकेश रियल एस्टेट के चौथे चरण का अभियान शुरू

कई मोहल्लों में कीटनाशक दवा का छिड़काव

ऋषिकेश।
रियल एस्टेट कारोबारियों ने देहरादून मार्ग, सदानंद मार्ग, हीरालाल मार्ग में दवा का छिड़काव कराया। अध्यक्ष दिनेश कोठारी ने बताया कि बीमारी से निजात दिलाने के लिए रियल एस्टेट कारोबारियों ने चौथे चरण का अभियान चलाया है। अंतिम चरण में बापूग्राम, गीतानगर, आईडीपीएल में दवा का छिड़काव कराया जाएगा। उन्होंने शहर की संस्थाओं को दवा उपलब्ध कराने की बात भी कही।

108

अभियान में राजीव खुराना, नितिन गुप्ता, दीपक चुग, विरेन्द्र जोशी, धीरज मखीजा, विशाल कक्कड़, सरदार मंगा सिंह, अनिल कुकरेती, हरेन्द्र रावत, प्रदीप गुप्ता, राजेश अरोड़ा, मनी साहनी, नितिन गावड़ी, मंगा ओबराय, अजीत कंवल, दीपक थापा, कोमल सिंह, योगेश कालड़ा, नीरज अग्रवाल, शेखर अरोड़ा, संजय थपलियाल, टीकाराम पुरवाल, राजा धींगड़ा आदि शामिल रहे।

आंखे है अनमोल इन्हें सुरक्षित रखिये

विश्व दृष्टि दिवस पर ऋषिकेश एम्स में जन व्याखान का आयोजन
पब्लिक के सवालों का नेत्र विशेषज्ञों ने दिया जवाब

ऋषिकेश।
विश्व दृष्टि दिवस पर अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान ऋषिकेश में जन व्याखान का आयोजन किया गया। विशेषज्ञों ने बताया कि जीवन में आंखों का अहम रोल है। आंख के बिना जीवन में अंधियारा है। इसलिए आंखों की सुरक्षा को लेकर हमें सतर्क रहना चाहिये।
गुरुवार को जन व्याखान कार्यक्रम का शुभारंभ संकायाध्यक्ष डॉ. सुरेखा किशोर व नेत्र रोग विभागाध्यक्ष डॉ. संजीव कुमार मित्तल ने संयुक्तरुप से किया। उन्होंने विभिन्न नेत्र रोगों के बारे में 107
जानकारी दी। सफेद व काला मोतिया, मधुमेह से होने वाले पर्दे के रोग और अनुवाशिक बीमारियों का हमारी आंखों होने वाला नुकसान की जानकारी दी। आतिशबाजी से आंखों को बचाने की सलाह भी दी। कार्यक्रम में पब्लिक की ओर से कई सवाल भी पूछे गये। जिसका विशेषज्ञों ने जवाब भी दिया।

सरकारी अस्पताल में नगर पालिका की फॉगिंग से मुसीबत

अंदर घुटने लगा दम, बाहर की ओर भागे डॉक्टर और मरीज

ऋषिकेश।
सरकारी अस्पताल में गुरुवार सुबह ओपीडी चल रही थी। पर्ची काउंटर और डॉक्टरों के कक्षों के बाहर मरीजों की लाइन लगी थी। इनमें बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं की बड़ी संख्या में शामिल थीं। करीब पौने 11 बजे नगर पालिका के कुछ कर्मचारी फॉगिंग करते हुए अस्पताल परिसर में घुस गए। मच्छरों के लिए खतरनाक धुआं छोड़ते हुए अस्पताल भवन में इधर-उधर घूमने लगे। देखते ही देखते अस्पताल परिसर में चारों ओर धुआं फैल गया। कुछ मरीजों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी। दम घुटने की स्थिति में मरीज और डॉक्टर बाहर की ओर दौड़ने लगे। वार्ड में भर्ती मरीजों के सामने भी मुश्किल खड़ी हो गई। बेड पर लेटे कई मरीज धुएं के कारण असहज महसूस करने लगे। कुछ बुजुर्ग और बच्चों का धुएं से बुरा हाल हो गया। करीब आधे घंटे तक अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल रहा। धुएं के कारण डॉक्टर ओपीडी में बैठने से कतराते रहे। कुछ लोग तो इसलिए भी घबरा गए कि कहीं आग तो नहीं लग गई है। लोगों में इस अव्यवस्था को लेकर आक्रोश देखने को मिला। उनका कहना था कि फॉगिंग ओपीडी शुरू होने से पहले या बंद होने पर होनी चाहिए थी।

104

ओपीडी शुरू होने से पहले होनी थी फॉगिंग
अस्पताल के प्रभारी सीएमएस डॉ. बीएस भंडारी का कहना है कि परिसर में फॉगिंग को लेकर कोई सूचना नहीं थी, वह चार घंटे ऑपरेशन थियेटर में रहे। इस कारण मामला उनके संज्ञान में नहीं आया। नगर पालिका के सफाई निरीक्षक सचिन रावत ने बताया कि अस्पताल की डिमांड पर फॉगिंग कराई गई। वहीं नगर संक्रामक रोग नियंत्रक एसएस यादव का कहना था कि उन्होंने अस्पताल में फॉगिंग कराने के लिए नगर पालिका को कहा था, लेकिन फॉगिंग ओपीडी शुरू होने से पहले होनी थी। पालिका ने फॉगिंग कराने में देरी कर दी।

105

सांस रोगी के लिए जानलेवा धुआं
मच्छरों के लिए छोड़ा गया धुआं दमा रोगियों के लिए जानलेवा साबित हो सकता था। दरअसल, दमा रोगियों को सांस लेने में दिक्कत होती है। ऐसे में धुल या किसी भी प्रकार का धुआं उनके लिए मुसीबत खड़ी कर सकता है। अस्पताल में गुरुवार को कुछ सांस के रोगी भी इलाज के लिए पहुंचे थे। उन्हें धुएं के कारण सांस लेने में मुश्किल उठानी पड़ी। बाद में परिजन उन्हें बाहर खुली हवा में ले गए। इसके बाद उन्होंने राहत महसूस की।

106

डेंगू के सात और मरीज मिले
सरकारी अस्पताल में गुरुवार को ब्लड जांच के बाद दो मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई। आठ मरीजों में टाइफाइड की भी पुष्टि हुई। वहीं प्राइवेट अस्पताल में भी डेंगू, मलेरिया और टाइफाइड के मरीज लगातार बढ़ रहे हैं। गुरुवार को प्राइवेट अस्पताल में पांच मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। डेंगू के नोडल अधिकारी और फिजीशियन डॉ. महेश सैनी ने बताया कि डेंगू व टाइफाइड के मामले लगातार सामने आ रहे हैं।

सीएम ने रखी पॉलीटेक्निक कॉलेज की आधारशिला

रानीपोखरी के ग्राम घमंडपुर पुंच में 26 बीघा भूमि में बनेगा भवन

रानीपोखरी।
मुख्यमंत्री हरीश रावत ने गुरुवार को रानीपोखरी के घमंडपुर में राजकीय पॉलिटेक्निक भवन का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि दक्ष मानव संसाधन तैयार करने के लिए तकनीकि शिक्षा जरूरी है, इसलिए राज्य सरकार तकनीकि शिक्षा पर विशेष ध्यान दे रही है। उत्तराखंड देश के अन्य राज्यों में तकनीकि शिक्षा पर सर्वाधिक धनराशि व्यय करने वाला राज्य है। शिक्षा के क्षेत्र में भी हम दिल्ली के बाद इस क्षेत्र में सबसे ज्यादा धनराशि खर्च करने वाले राज्य हैं। राज्य में पिछले दो वर्षां में 40 महाविद्यालयों की स्थापना की गई। आईटीआई और पॉलिटेक्निक कॉलेजों की स्थापना में 40 प्रतिशत की वृद्धि की गई है।

103

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में 2025 तक 25 करोड़ दक्ष मानव संसाधनों की जरूरत होगी, इसके लिए राज्य में स्किल डेवलमेंट के प्रति विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि डोईवाला और रायवाला राजधानी से जुड़े ब्लॉक हैं। ये ब्लॉक खेती के आधुनिकीकरण और उद्यमिता विकास में सहाभागी बन कर देश को राह दिखा सकते हैं।
अब अपने खेत में कार्य करने वाली महिला मनरेगा श्रमिक मानी जाएगी। जो स्वयं सहायता समूह सक्रिय नहीं हैं, उन्हें खाता खोलने के लिए पांच हजार की धनराशि दी जाएगी। कार्यरत समूहों को 20 हजार की सहायता के साथ ही वार्षिक टर्नओवर पर पांच प्रतिशत बोनस दिए जाने की व्यवस्था की गयी है। सामूहिक खेती, जड़ी-बूडी सहित अन्य उत्पादन में सक्रियता से कार्य करने वालों को एक लाख केपिटल पूंजी उपलब्ध दी जाएगी।

103a

उन्होंने रायपुर ब्लॉक की भांति सभी ब्लॉकों से शत-प्रतिशत स्वच्छता के प्रति ध्यान देने को कहा। क्षेत्रीय विधायक हीरा सिंह बिष्ट ने डोईवाला क्षेत्र के लिये अनेक योजनाओं की स्वीकृति के लिये मुख्यमंत्री श्री रावत का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस पॉलिटेक्निक भवन के लिये 04 करोड़ स्वीकृत किये गये है। शीघ्र ही भवन बनकर तैयार हो जायेगा। इस अवसर पर तकनीकि शिक्षा के अधिकारियों के साथ ही क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि भी उपस्थित थे।

हम राजनीतिक किसान हैं, फसल काटने का समय नजदीक
मुख्यमंत्री हरीश रावत ने रानीपोखरी में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को नसीहत दी। कहा कि मैंने डोईवाला विधानसभा में विकास कार्य में कोई कमी नहीं छोड़ी है। अगर अब भी कार्यकर्ता मेरे द्वारा किए गए विकास कार्यों को भुना नहीं पाए तो दोष उनका होगा। उनके पास गिनाने को अनेकों कार्य हैं। हम राजनीतिक किसान हैं, फसल काटने का समय नजदीक है।

मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा पण्डाल

श्रीराम के राज्याभिषेक को उमड़ी भीड़
श्रीराम लीला कमेटी सुभाष बनखण्डी में श्रीराम का हुआ राजतिलक

ऋषिकेश।
श्रीरामलीला कमेटी सुभाष बनखण्डी में रामलीला के अंतिम दिन श्रीराम का राज्याभिषेक की लीला का मंचन किया गया। स्थानीय कलाकारों के द्वारा रामलीला मंचन करने पर कमेटी की ओर से पुरस्कार भी बांटे गये।

102a

श्रीरामलीला मंचन के अंतिम दिन श्रीराम का राजतिलक किया गया। कांग्रेस महासचिव राजपाल खरोला, कांग्रेस व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक इन्द्रप्रकाश अग्रवाल, समाजसेवी अशोक पाल, मंडी समिति अध्यक्ष रामविलास रावत, हंस कल्चरल सेंटर के प्रभारी प्रदीप राणा, नेता सभासद दल कांग्रेस मनीष शर्मा, महिला कांग्रेस अध्यक्ष मधु जोशी ने संयुक्तरुप से श्रीराम का राज्याभिषेक किया। हनुमान के द्वारा रामनाम की माला का अद्भुत दृश्य का मंचन किया गया। लक्ष्मण के द्वारा राम के राजतिलक से पूर्व उल्लास मनाते हुए का मंचन बेहद सराहनीय रहा।

102

वक्ताओं ने श्रीराम के चरित्र से सीख लेने को आवश्यक बताया। कहाकि प्रभु राम ने मानव जीवन में अवतार लेकर आदर्श प्रस्तुत किये। हमे भी उन्ही का अनुसरण करना चाहिये। स्थानीय कलाकारों के द्वारा रामलीला मंचन करने पर कमेटी ने उन्हे पुरस्कार से सम्मानित किया। कायक्रम का संचालन महामंत्री हरीश तिवाड़ी ने किया। मौके पर कमेटी अध्यक्ष विनोद पाल, ज्योति सजवाण, इन्द्र कुमार गोदवानी, सावित्री देवी, राकेश पारछा, सतीश पाल, दीपक जोशी, सतपाल, प्रशांत पाल, संदीप गुप्ता, विनोद भट्ट, सुरेन्द्र कुमार, अशोक मौर्य, पप्पू पाल आदि मौजूद थे।

सीवर पंपिंग के हॉज में गिरी किशोरी

किशोरी को स्थानीय लोगों ने हॉज में डूबने से बचाया

ऋषिकेश।
लक्ष्मणझूला में रावण दहन देखने पहुंची एक किशोरी अनियंत्रित होकर सीवर पंपिंग के हॉज में जा गिरी। जिसे वहां मौजूद लोगों ने सुरक्षित बचा लिया। किशोरी हालत ठीक बताई जा रही है।
मंगवार देरशाम सवा आठ बजे जैसे ही रावण दहन हुआ उसके बाद लोगों का हुजूम स्वादिष्ठ व्यंजन खाने को टूट पड़ा। इसी बीच एक किशोरी चाउमीन खाते वक्त लक्ष्मणझूला पंपिंग स्टेशन के रेलिंग पर बैठने के दौरान अनियंत्रित होकर हॉज में जा गिरी। परिजनों की चीखपुकार सुनकर वहां मौजूद लोगों ने किशोरी को हॉज की सप्लाई बंद करने के बाद सकुशल बाहर निकाल दिया। किशोरी स्वर्गाश्रम-जौंक की रहने वाली है। मामले में लक्ष्मणझूला थाना एसओ महेश प्रसाद पूर्वाल ने कहा कि उन्हें ऐसी सूचना नहीं मिली। हो सकता है किशोरी को सकुशल बचाने के बाद परिजन घर चले गए हों।

जातिवाद से ऊपर उठने पर ही विश्वगुरु बनेगा भारत

सामाजिक समता अभियान के अंर्तगत नगर पालिका सभागार में विचार गोष्ठी का आयोजन

ऋषिकेश।
बुधवार को नगर पालिका स्वर्ण जयंती सभागार में सामाजिक समता अभियान की पहल पर भेदभाव रहित हिंदू समाज-सशक्त राष्ट्र का आधार विषय पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। मुख्य वक्ता के रुप में पवन गुरु ने भारत को विश्व गुरु बनाने पर जोर दिया। कहाकि विश्वगुरु बनने में सबसे बड़ी बाधा जातिवाद है। जातिवाद के चलते समाज न तो एकजुट हो पाया और न ही समाज में समानता आयी। हमें जातिवाद से ऊपर उठना चाहिये। जातिवाद इंसान की देन है।
श्रीराम व शिवजी की पूजा करने वाले यदि जातिवाद की बाते करते है तो वह बाह्य आडंबर रच रहे है। भौगोलिक दृष्टि से भारत विश्वगुरु है, जरुरत है तो भारत को जातिप्रथा से मुक्ति दिलाने की। जिस दिन जाति प्रथा समाज से मुक्त हो गयी, भारत फिर से विश्वगुरु बन जायेगा।

109

विचार गोष्ठी में हरविलास गुप्ता, डॉ. हरपाल सिंह, संदीप त्यागी, आजाद सिंह, सच्चिदानंद शर्मा, रवि कटारिया, विधायक विजया बड़थ्वाल ने भी अपने विचार रखे। इस मौके पर अधिवक्ता सुभाष भटट, संजय शास्त्री, ज्योति सजवाण, इन्द्र कुमार गोदवानी, राकेश पारछा, सुभाष वाल्मिकी, अनिता बहल, अशोक पाल, राजेश कुमार, जितेन्द्र भूरी, अनिता ममगाईं, कुसुम जोशी, सरोज डिमरी, पुष्पा मितल आदि उपस्थित थे।