गाय तस्करों के खिलाफ पुलिस को सौंपा ज्ञापन

बीती देर रात लक्कड़ घाट से गाय चोरी कर कार में ले जा रहे थे अज्ञात

ऋषिकेश।
रविवार को भाजपा कार्यकर्ता श्यामपुर पुलिस चौकी पहुंचे। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार हो रही पशुओं की तस्करी का मामला उठाया। भाजपा युवा मोर्चा के जिला महामंत्री संजीव चौहान ने कहाकि बीती रात लक्कड़ घाट से कुछ अज्ञात लोग वैगन कार मे गाय लेकर जा रहे थे। उनके पीछे दो युवक बाईक पर आ रहे थे। रोकने पर वह कार छोड़कर बाईक सवार युवकों के साथ आरोपी भाग निकले। बताया कि गाड़ी की रफ्तार अधिक रही, जिस कारण पकड़ में नही आये।
110
भाजपा कार्यकर्ताओं ने विगत एक माह में दर्जनभर पशुओं के तस्करी करने का आरोप लगाया। बताया कि पूर्व में गायब हुए पशुओं का पता लगाने में भी पुलिस नाकाम रही है। ज्ञापन के माध्यम से चेताया कि अगर पशु तस्करों के खिलाफ कार्रवाई नही की गई तो क्षेत्रवासियों के साथ मिलकर आंदोलन किया जायेगा। ज्ञापन में छात्र संघ महासचिव दीपक रावत, नवीन रावत, भूपेन्द्र राणा, रुप सिंह, परमजीत कौर, विरेन्द्र गुंसाई, सत्ये सिंह, योगेन्द्र सिंह, अमित आदि शामिल थे।

आरएसए के नाम रहा उद्घाटन मैच

109a
नगरस्तरीय फुटबॉल टूर्नामेंट का आगाज
ऋषिकेश।
ऋषिकेश नगरस्तरीय फुटबॉल टूर्नामेंट में खिलाड़ियों की दमदार प्रदर्शन ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। उद्घाटन मैच में पहले दिन आरएसए की टीम ने रायवाला एमएफसी ने मैच अपने नाम किया। रविवार को श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज स्थित प्रांगण में स्टेडियम स्टॉर क्लब की ओर से नगरस्तरीय फुटबॉट टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। जिसका शुभारम्भ मुख्य अतिथि नेता सभासद दल कांग्रेस मनीष शर्मा ने किया। टूर्नामेंट का पहला मैच एमएफसी व आरएसए के बीच खेला गया। जिसमें आरएसए ने 2-0 मैच अपने नाम किया।
109
इस दौरान ज्योति सजवाण, विवेक तिवारी, अजय धीमान, विवेक शर्मा, राजेन्द्र बिष्ट, राहुल कुमार, राहुल राणा, नितिन कुमार, मनीष, अभिराम, राकेश, शिवम, मल्ला, सिद्धार्थ आदि उपस्थित थे।

गंगा प्रदूषण के सचित्र तथ्य जुटाएगी एबीवीपी

एबीवीपी का स्वच्छता सर्वेक्षण एवं जनजागरण अभियान 19 से
गंगोत्री धाम से शुरू होगा अभियान, 27 अक्तूबर तक चलेगा

ऋषिकेश।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) गंगा स्वच्छता सर्वेक्षण एवं जनजागरण अभियान शुरू करने जा रही है। अभियान 19 अक्तूबर को गंगोत्री धाम से आरम्भ होगा, जिसमें एक टीम गंगा प्रदूषण के कारणों की पड़ताल करेगी। साथ ही इसके सचित्र तथ्य जुटाएगी।
अग्रवाल धर्मशाला में रविवार को आयोजित बैठक में गंगा स्वच्छता सर्वेक्षण एवं जनजागरण अभियान की रूपरेखा तैयार की गई। पदाधिकारियों ने बताया कि 19 से 27 अक्तूबर तक चलने वाले अभियान का श्रीगणेश गंगोत्री धाम में होगा। यात्रा मार्ग में जन-जन को गंगा की स्वच्छता के लिए प्रेरित और जागरूक किया जाएगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य गंगा में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से हो रहे प्रदूषण के सचित्र तथ्य जुटाना है।
108
एबीवीपी के गढ़वाल संभाग सप्रमुख रवि थपलियाल ने बताया कि अभियान यात्रा 24 अक्तूबर का परमार्थ निकेतन पहुंचेगी, जहां यात्रा में शामिल कार्यकर्ता गंगा आरती में हिस्सा होंगे। 25 अक्तूबर को सुबह परमार्थ निकेतन और आसपास के घाटों में स्वच्छता कार्यक्रम चलाया जाएगा। बैठक में एबीवीपी के प्रदेश सहमंत्री धीरेन्द्र कुमार सिंह, जिला सहसंयोजक अंकित पंवार, तहसील संयोजक विनोद चौहान, अभिषेक रावत, मोहत तिवारी, प्रभात उनियाल, शिवा बत्रा, नरेन्द्र गौतम, अमित गांधी, अमन सकलानी, शिखर मिश्रा, ऋषि जायसवाल, विकास चौहान, नेहा नेगी आदि उपस्थित थे।

अभियान पर तैयार होगी डॉक्यूमेंट्री
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की ओर से गंगा स्वच्छता सर्वेक्षण एवं जनजागरण अभियान के दौरान डॉक्यूमेंट्री फिल्म भी तैयार की जाएगी। इसमें गंगा के महत्व, उसके असल सौंदर्य, उसमें प्रवाहित हो रही गंदगी और उसके कारण भी स्पष्ट दिखाए जाएंगे।

स्वयं की पहल से नशे का खात्मा करें: आईजी

डोईवाला।
रविवार को आर्शीवाद वाटिका में आयाजित युवा संगठन के कार्यक्रम में आईजी कार्मिक जीएस मर्तोलिया ने कहाकि आज समाज में नशा नासूर बनता जा रहा है। इससे निपटने के लिये समाज के हर क्षेत्र के लोगों को आगे आना होगा। कार्यक्रम संयोजक सौरभ थपलियाल ने कहा कि युवा संगठन युवाओं के संर्वागीण विकास के लिये कार्य कर रहा है। संगठन का उददेश्य है कि क्षेत्र को नशा मुक्त और भ्रष्टाचार मुक्त बनाना है। क्षेत्र के युवाओ को रोजगार के अवसर तलाशना है। कार्यक्रम में तेलीवाला निवासी जहीरा को नशा मुक्ति के लिये सम्मनित किया गया। कार्यक्रम के अंत में आर्शीवाद वाटिका से तहसील परिसर तक रैली निकालकर नशा मुक्ति का संदेश दिया गया।
107
कार्यक्रम का संचालन मनोज जखमोला ने किया। इस मौके पर अनुज जोशी, लोकेश राणा, राहुल बिज्लवाण, भावना शर्मा, भावना बोरा, रूबीना, अरविन्द घिल्डियाल, ललित पंत, पंकज शर्मा, अनिरूद्व सोलंकी, सोनू गोयल, संजय चमोली आदि मौजूद थे।

संविदा सफाई कर्मचारियों को शीघ्र मिलेगी स्थाई नियुक्ति: सीएम

वाल्मीकि जयंती कार्यक्रम में पहुंचे मुख्यमंत्री हरीश रावत
वाल्मीकि जयंती पर धूमधाम से निकाली गई शोभायात्रा

ऋषिकेश।
रविवार को महर्षि वाल्मीकि प्रकटोत्सव पर वाल्मीकि समाज ऋषिकेश की ओर से नगर में शोभायात्रा निकाली गई। कार्यक्रम में पहुंचे मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि उनकी सरकार में पालिकाओं में वर्षो से कार्यात संविदा सफाई कर्मचारियों को शीघ्र स्थाई नियुक्ति दी जायेगी। आगे भी सरकार उनके लिए लाभकारी योजनाएं लाती रहेगी। उन्होंने कहाकि सफाई कर्मचारी हमरे पर्यावरण मित्र है। नगर पालिकाओं में रोजगार की दृष्टि से इनकी संख्या बढ़ाई जायेगी। जयंती पर निकाली गई शोभायात्रा वाल्मीकि नगर से रेलवे रोड, अंबेडकर चौक, त्रिवेणी घाट चौराहा, लक्ष्मणझूला रोड, दून तिराहा आदि जगहों से से निकली। नगर में शोभायात्रा का लोगों ने फूलवर्षा कर स्वागत किया। शोभायात्रा में शामिल शिव-पार्वती, हनुमान, लवकुश की सुदंर झांकियां विशेष आकर्षण का केन्द्र रही।
106
इस अवसर पर इंटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश सुदंरियाल पहलवान, गोल्डन बाबा, राजपाल खरोला, जयेन्द्र चन्द्र रमोला, राकेश सिंह मियां, धीरज डोभाल, राजेश ब्यास, दीपक धमान्दा, लोकपाल कैंतूरा, मानवेन्द्र कंडारी, शंभु पासवान, मनोज गुसाईं, रामलाल चमोली, रविन्द्र बिरला, राकेश पारछा, विजेन्द्र, महेश, राजीव, सुंदर, जितेन्द्र भंडारी, जगावर सिंह, राजकुमार, मनोज चंचल, विनोद भारती, महेन्द्र सिंह, जितेन्द्र भंडारी, नरेश खैरवाल, सतपाल, सचिन जाटव, ब्रह्मचन्द वाल्मीकि, राजेश डोगरा, आकाश भारती, रणवीर भारती सहित अन्य मौजूद थे।

310 की जांच में 55 लोगों में मोतियाबिंद मिला

ऋषिकेश।
रविवार को देहरादून रोड़ स्थित व्यापार सभा में नेत्र ज्योति-दिव्य ज्योति कार्यक्रम के तहत शिवानंद मिशन राजकोट के सहयोग से मोतियाबिंद की जांच व पंजीकरण का कैंप आयोजित हुआ। कैंप का शुभारंभ व्यापार सभा अध्यक्ष नवल कपूर ने किया। उन्होंने कहाकि आज आवश्यकता है कि जरुरतमंद की मदद किस प्रकार की जाये। आम आदमी मंहगे उपचार के कारण स्वास्थ्य लाभ नही ले सकता है। जिसके लिए सामाजिक व व्यपारिक संगठनों को आगे आना चाहिये।
कैंप कॉर्डिनेटर गोपाल नारंग ने बताया कि कैंप में 310 लोगों की मोतियाबिंद जांच की गयी, जिसमें से 55 रोगियों में मोतिर्यांबद पाया गया। उन्होंने कैंप आयोजन के लिए रोहिणी बख्शी व जगदीश सत्यदेव का धन्यवाद दिया।
105
डॉ. निमेश जैन ने बताया कि सभी रोगियों का ऑपरेशन नि:शुल्क शिवानंद अस्पताल में किया जायेगा और नेत्र लैंस भी लगाये जायेंगे। मौके पर विशाल बिंदल, पदम शर्मा, मनोज कालड़ा, आशु पाहवा, विपिन सवदिया आदि ने सहयोग किया।

ट्रेन के पायलट और लोको पायलट पर केस

रायवाला में ट्रेन की टक्कर से हाथी की मौत का मामला

ऋषिकेश।
रायवाला में ट्रेन की टक्कर से टस्कर की मौत के मामले में राजाजी नेशनल पार्क प्रशासन ने रविवार को कार्रवाई की है। पार्क प्रशासन ने ट्रेन के अज्ञात पायलट और लोको पायलट के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पार्क अधिकारियों का कहना है कि हादसा किस ट्रेन से हुआ, यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा है। जांच चल रही है।
रायवाला वैदिकनगर में शनिवार को देहरादून-हरिद्वार रेलवे ट्रैक के किनारे 15 वर्षीय टस्कर घायल मिला था। राजाजी नेशनल पार्क के अधिकारियों के अनुसार करीब पौने पांच बजे ट्रेन ने हाथी को टक्कर मारी, जिससे उसके दोनों कूल्हे टूट गए। इस कारण वह खड़ा नहीं हो सका। हाथी को रेस्क्यू कर चीला रेंज पहुंचाया गया, जहां दोपहर बाद इलाज के दौरान हाथी ने दम तोड़ दिया था। इस दौरान करीब चार घंटे तक दून-हरिद्वार के बीच ट्रेनों का संचालन ठप रहा था।
104
हाथी की मौत के बाद पार्क की मोतीचूर रेंज में ट्रेन के अज्ञात पायलट और लोको पायलट के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मोतीचूर के रेंजर महेंद्रगिरी गोस्वामी ने बताया कि पार्क क्षेत्र में ट्रेन की गति अधिकतम 30 किमी प्रति घंटे तय है। इसके बावजूद ट्रेन के पायलट ट्रेन को दोगुनी रफ्तार से दौड़ा रहे हैं। पायलट और लोको पायलट की लापरवाही के कारण ही हाथी को टक्कर लगी। यही नहीं ट्रेन के पायलट और लोको पायलट ने टक्कर मारने के बाद लापरवाही बरतते हुए घटना की जानकारी नजदीकी रेलवे स्टेशन को भी नहीं दी। उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

भगवान जगन्नाथ के जयकारों से गूंज उठी ऋषिनगरी

रथ में विराजे भगवान जगन्नाथ, सुभद्रा और बलदेव के दर्शन कर पुण्य के भागी बने श्रद्धालु

ऋषिकेश।
मधुबन आश्रम की ओर से आयोजित भगवान जगन्नाथ यात्रा में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। रथ में भगवान जगन्नाथ के साथ भाई बलदेव और बहन सुभद्रा भी विराजमान थे। श्रद्धालुओं ने जहां उनके दर्शन किए, वहीं रथ खींचकर पुण्य का लाभ कमाया। इस दौरान भगवान जगन्नाथ के जयकारों ने ऋषिनगरी गूंज उठी।
शरद पूर्णिमा के अवसर पर रविवार कैलाशगेट स्थित मधुबन आश्रम से भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा निकाली गयी। सबसे पहले सुबह नौ बजे श्री प्रभुपाद रथ में विराजमान हुए। 48 फुट ऊंचे रथ को बेहद आकर्षक फूलों से सजाया गया था। सुबह साढ़े नौ बजे मधुबन आश्रम के भक्तियोग स्वामी महाराज ने विशेष झाड़ू लगाकर रथयात्रा का शुभारंभ किया। रथयात्रा कैलाशगेट से शुरू हुई और हरिद्वार मार्ग होते हुए नगर पालिका ऋषिकेश में संपन्न हुई।
102
रथयात्रा का विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और व्यापारिक संगठनों ने फूल से स्वागत किया। शोभायात्रा में श्रद्धालुओं की भीड़ रही। श्रद्धालुओं ने भगवान जगन्नाथ की आरती की और भोग भी लगाया। रथयात्रा की डोर खींच रहे श्रद्धालु भगवान जगन्नाथ के जयकारे लगा रहे थे।
नगर पालिका ऋषिकेश के प्रांगण में रथयात्रा का समापन हुआ। इस मौके पर नगर पालिकाध्यक्ष दीप शर्मा, विधायक प्रेमचन्द अग्रवाल, पूर्व विधायक सुबोध उनियाल, जयेन्द्र रमोला, प्रेम केडिया, हर्ष, परमानंद दास, पवन, रामानंद राय दास, डीके वार्ष्णेय, किरन आदि मौजूद थे।
101
स्कूल के बच्चे भी शामिल
जगन्नाथ रथयात्रा में स्कूल बच्चे भी शामिल हुए। हालांकि पूर्व के वर्षों की भांति छात्रों की संख्या कम रही, लेकिन रथयात्रा में शामिल छात्रों का उत्साह देखते ही बन रहा था। एनसीसी कैडेट भी रथयात्रा के दौरान व्यवस्था बनाते नजर आए।

खुद को नहीं रोक सके विदेशी
रथयात्रा में श्रद्धालु का उत्साह देखते ही बन रहा था। भगवान जगन्नाथ के जयकारे लगाते हुए श्रद्धालु हरे कृष्ण-हरे कृष्ण की धुन पर नृत्य कर रहे थे। इस दौरान विदेशी पर्यटक भी खुद को नहीं रोक सके। हरे कृष्ण की धूम पर नृत्य करने लगे। यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं ने विदेशियों का स्वागत किया।

रथयात्रा की शोभा कम रही
हर वर्ष जगन्नाथ रथयात्रा में विभिन्न प्रकार की झांकियां रहती हैं, लेकिन इस बार रथयात्रा की शोभा कम रहने से लोगों को मायूसी झेलनी पड़ी। रथयात्रा में दूर-दूराज के लोग भी शिरकत करते हैं। यात्रा का विशेष आकर्षण रथ और झांकियां ही रहती हैं।

दो दिवसीय टिहरी साहसिक पर्यटन महोत्सव का रंगारंग आगाज

टिहरी।
दो दिवसीय टिहरी साहसिक पर्यटन महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि दुनिया के सर्वश्रेष्ठ पर्यटन स्थल में टिहरी झील और जिला शामिल होगा और विश्व पर्यटन केंद्र बनेगा। इसके लिए पर्यटन विभाग लगातार काम कर रहा है।
मुख्यमंत्री ने राज्य की महिलाओं से हर क्षेत्र में भागीदारी सुनिश्चित करने का आहवान किया। पहले दिन झील में वाटर और एयरो स्पोटर्स की प्रतियोगिताएं आयोजित की गई। जिसमें प्रदेश के कई जिलों की टीमों ने प्रतिभाग किया।
टिहरी साहसिक पर्यटक महोत्सव में मुख्यमंत्री दो घंटे देरी से पहुंचे, उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों को अपनी चिरपरिचित अंदाज में माफी मांगी और टिहरी की जनता के बलिदान को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि टिहरी शहर ने बांध के लिए अपना घर और जमीन खोई है तो प्रतापनगर के बलिदान को भी नजर अंदाज नहीं करना चाहिये। उन्होंने कहा जब तक डोबरा चांटी के पुल का निर्माण पूरा नहीं हो जाता, तब तक बार्ज बोट का किराया आधा करने के निर्देश जिलाधिकारी इंदूधर बौड़ाई को दे दिए गए हैं।
1012
मुख्यमंत्री रावत ने कहा कि प्रदेश के पर्यटन को बढ़ाने के लिए सरकार कई योजनाएं चला रही है। टिहरी झील में वाटर और एयरो स्पोट्र्स का आयोजन किया जा रहा है जिससे देश और दुनिया में टिहरी का नाम हो रहा है। आने वाले समय में टिहरी दुनिया के सर्वश्रेष्ठ पर्यटन स्थल बनेगा।
कार्यक्रम में पर्यटन मंत्री दिनेश धनै ने कहा कि झील के विकास के साथ ही स्थानीय युवाओ का विकास भी जुड़ा है। लिहाजा, झील के चारों और टूरिस्ट प्वाइंट विकसित किये जाने का ब्लू प्रिंट तैयार किया जा रहा है। टूरिस्ट प्वाइंट स्थानीय युवकों को आवंटित किये जाएंगे।
प्रतापनगर विधायक और संसदीय सचिव विक्रम सिंह नेगी ने कहा कि डोबरा चांटी का पुल अगले डेढ़ साल में पूरा हो जाएगा। पुल के निर्माण के साथ ही प्रतापनगर क्षेत्र में विकास का नया रोडमेप भी विकसित होगा।
इस अवसर पर पर्यटन भागीरथी नदी घाटी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष कीर्ति सिंह नेगी, पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला, पर्यटन सचिव शैलेश बगोली, प्रमुख आंनदी नेगी, वीरेंद्र सिंह कंडारी, फारुख शेख, जिलाधिकारी इंदुधर बौड़ाई, एसएसपी एनएस नपलच्याल, मुरारी लाल खंडवाल, सीमा शर्मा आदि मौजूद रहे।

ट्रेन की चपेट में आया हाथी, इलाज के दौरान मौत

कूल्हे टूटने से नहीं उठ पाया टस्कर
घायल टस्कर बार-बार करता रहा उठने का प्रयास
दोनों कूल्हों पर चोट लगने से लाचार हो गया हाथी

ऋषिकेश।
ट्रेन की टक्कर से हाथी के पिछले पैर के दोनों कूल्हे टूट गए। इससे हाथी उठ नहीं पाया। इस दौरान हाथी ने कई बार उठने का प्रयास किया, लेकिन कूल्हों पर चोट से वह लाचार हो गया।
शनिवार को अपने निर्धारित समय से आधा घंटे लेट चल रही काठगोदाम एक्सप्रेस ने लगभग तीन बजकर 55 मिनट पर रायवाला रेलवे स्टेशन को क्रास किया। रायवाला में ट्रेन का स्टॉपिज नहीं है, ऐसे में स्पीड में ही ट्रेन स्टेशन से गुजरती चली गई। रायवाला रेलवे स्टेशन से डेढ़ से दो किलोमीटर दूरी पर करीब पांच मिनट बाद वैदिकनगर के पास रेलवे ट्रैक पार कर रहा हाथी ट्रेन की चपेट में आ गया।
111
पार्क निदेशक सतनाम सोनकर ने बताया कि सूचना मिलने पर मोतीचूर रेंजर महेन्द्र गिरी गोस्वामी पौने छह बजे घटनास्थल पर पहुंचे और विशेषज्ञों की टीम को मौके पर बुलाया। करीब पौने दस बजे हाथी को क्रेन की मदद से रेलवे ट्रैक से कुछ दूर रखा गया, जहां उपचार शुरू किया गया। इसके बाद डेढ़ बजे हाथी को ट्रैक्टर ट्राली में डालकर चीला पहुंचाया गया, जहां विशेषज्ञों की टीम ने घायल हाथी का उपचार कर रहे थे। दोपहर तीन बजे हाथी ने दम तोड़ दिया। निदेशक ने बताया कि पिछले पैर के कूल्हे टूटने से हाथी लाचार हो गया था। टक्कर से हाथी की छाती में भी चोटें आई थीं। इस कारण हाथी की मौत हो गई। हाथी का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।