फिर आंदोलन को तैयार जीएमवीएन कर्मी


समझौते पर कार्रवाई को 8 सितम्बर तक का दिया अल्टीमेटम
रविवार को मुनिकीरेती स्थित जीएमवीएन के गेस्ट हाउस में कर्मचारी संघ की बैठक में निर्णय लिया गया कि पूर्व समझौते के आधार पर यदि प्रबंधन 8 सितम्बर तक उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नही करता है तो 9 सितम्बर से कर्मचारी आंदोलन करेंगे। कर्मचारियों ने निगम की स्थिति सुधारने के लिए आबकारी व खनन कार्य जीएमवीएन को देने की मांग उठाई।
एनजीटी के आदेश के तहत जीएमवीएन के गेस्ट हाउस सील करने को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कर्मचारी संघ ने कहा कि प्रबंधन को कानूनी रुप से गेस्ट हाउस खुलवाने के प्रयास करने चाहिये। बैठक में कर्मचारी संघ अध्यक्ष जयप्रकाश कोठारी, जयवीर सिंह रावत, रणवीर रावत, राजेन्द्र, अमित कुमार, राजेन्द्र फरस्वाण, उमा देवी, चन्दा देवी, उत्तम रणावत, दिलीप रावत, ब्रह्मपाल, श्यामा देवी, ओमप्रकाश, मोहन सिंह, महावीर सिंह रावत, धनपाल सिंह आदि मौजूद थे।

डीएसबी स्कूल ने जीतीं कराटे चौम्पियनशिप

 

ढालवाला स्थित होटल चन्द्रा पैलेस में 7वीं राज्य स्तरीय विद्यालयी कराटे प्रतियोगिता में देवेन्द्र स्वरुप ब्रह्मचारी इंटरनेशनल स्कूल विजेता रहा। वक्ताओं ने कराटे प्रशिक्षण को आत्मरक्षा के लिए जरुरी बताया।102
रविवार को 7वीं राज्य स्तरीय दो दिवसीय विद्यालयी कराटे प्रतियोगिता में विभिन्न वर्गो में सबसे ज्यादा पदक जीतकर डीएसबी स्कूल पहले स्थान पर रहा। जबकि शैमफोर्ड स्कूल दूसरे व लवकुश स्कूल तीसरे स्थान पर रहे। प्रतियोगिता का शुभारंभ विधायक प्रेमचन्द अग्रवाल ने किया। वहीं, समापन पर पालिकाध्यक्ष दीप शर्मा ने विजयी खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया।
प्रतियोगिता आयोजक विश्वनाथ राजपूत ने बताया कि 5-6 आयु वर्ग में नेहल ने काता व खुमिते दोनो वर्गो में स्वर्ण पदक जीते। आयु वर्ग 8-10 में अक्षिता व आयु वर्ग 10-12 में स्वाति ने स्वर्ण पदक जीता।
इस मौके पर मदनमोहन शर्मा, अरविन्द जैन, नवल कपूर, चन्द्रमोहन तिवाड़ी, दिनेश राणा, करुणानिधि पाण्डेय, पवन तिवारी, रजत विक्रम, अमन जैन, दीपाली, अंजलि, हर्ष, पंकज, संदीप आदि मौजूद थे।
फोटो 22 आरएसके 11 रविवार को 7वीं राज्य स्तरीय विद्यालयी कराटे प्रतियोगिता में विजयी खिलाड़ियों को सम्मानित करते पालिकाध्यक्ष दीप शर्मा।

समय से पहले यात्रा सीजन के 69 कर्मचारी हटाये

नगर पालिका प्रशासन ने यात्रा सीजन के 69 सीजनल सफाई कर्मचारियों को हटा दिया है। बताया जा रहा कि उत्तराखंड शासन से सफाई कर्मचारियों का मानदेय नही मिल रहा है। पहले ही पालिका के 55 कर्मचारी बुखार व टाइफाइड से पीड़ित होने के चलते अवकाश पर चल रहे है। ऐसे में सीजनल कर्मचारियों को हटाने से नगर की सफाई व्यवस्था पर सकंट गहराने के आसार है।

नगर पालिका ऋषिकेश के कार्यप्रणाली तो देखिए। एक तरफ तो पालिका के 55 सफाई कर्मचारी बुखार और टाइफाइड से पीड़ित होने के चलते अवकाश पर चल रहे है। ऐसे समय में पालिका प्रशासन ने उत्तराखंड शासन से यात्रा सीजन के सफाई कर्मचारियों के वेतन नही मिलने का रोना रोकर उनकी सेवाएं समाप्त कर डाली। पहले ही बीमार कर्मचारियों के चलते नगर की सफाई व्यवस्था दुरस्थ करने में पालिका के पसीने छूट रहे थे। अब तो 69 सफाई कर्मचारी और कम हो गये।
हर वर्ष चार धाम यात्रा के चलते शासन से सफाई व्यवस्था दुरस्त रखने के लिए नगर पालिका ऋषिकेश को बजट दिया जाता है। गौरतलब है कि यात्रा सीजन छह माह का सीजनल होता है। यात्रा सीजन के कर्मचारी चारधाम यात्रा के शुरु होने से आखिरी कपाट बंद होने तक यात्रा सीजन में कार्य करते है। पालिका प्रशासन ने अक्टूबर तक चलने वाली चारधाम यात्रा के बीच अगस्त माह में ही इन कर्मचारियों को बाहर का रास्ता दिखा दिया है।

101

 

शासन से विगत दो माह से यात्रा सीजन के 69 कर्मचारियों का वेतन पालिका को नही मिला है। ऐसे में कर्मचारी अपना वेतन मांग रहे है। पालिका प्रशासन के पास पर्याप्त बजट नही है। बजट के अभाव में यात्रा सीजन के कर्मचारियों को हटाना पड़ रहा है।
विजय प्रताप सिंह चौहान अधिशासी अधिकारी नगर पालिका ऋषिकेश।

 

पालिका में नगर स्वास्थ्य अधिकारी का पद ही सृजित नहीं


एक लाख आबादी फिर भी नगर स्वास्थ्य अधिकारी नहीं
ऋषिकेश नगर पालिका ए ग्रेड की होने के बाद भी अनदेखी

अविभाजित उत्तर प्रदेश के समय से नगर पालिका ऋषिकेश ए ग्रेड का दर्जा मिला हुआ है। पालिका क्षेत्र की आबादी पर नजर डालें तो यहां की जनसंख्या एक लाख से ऊपर पहुंच गई है। सिस्टम की अनदेखी देखिए ऋषिकेश में नगर स्वास्थ्य अधिकारी का पद तक सृजित नहीं है।
नगर स्वास्थ्य अधिकारी नगर निकाय में एक महत्वपूर्ण और जिम्मेदार अधिकारी होते हैं। सरकारी सेवा में कार्यरत वरिष्ठ चिकित्सक को यह पद दिया जाता है। पालिका और आसपास के क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था की जिम्मेदारी स्वास्थ्य अधिकारी की रहती है। कोई बीमारी या महामारी फैलने की स्थिति में नगर स्वास्थ्य अधिकारी की भूमिका अहम रहती है। कैंप लगवाना, कीटनाशक दवाओं का छिड़काव, मरीजों की जांच और रिपोर्ट स्वास्थ्य विभाग को उपलब्ध कराना होता है। इनदिनों में कुछ इलाकों में वायरल फीवर और टाइफाइड फैल रहा है। नगर पालिका के ही 55 कर्मचारी बीमार हैं। ऐसी स्थिति में नगर स्वास्थ्य अधिकारी का न होना बेहद खल रहा है। इस विषय पर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।

 

नगर स्वास्थ्य अधिकारी का पद सृजित न होना गंभीर विषय है। शासन स्तर पर मामले को देखा जाएगा। दो माह से चारधाम यात्रा के सीजनल सफाई कर्मचारियों के वेतन नहीं मिलने का मामला भी गंभीर है। इस मामले में पालिका ने मुझसे कभी संपर्क नहीं किया। पालिका को कर्मचारी नहीं हटाने चाहिए थे, अपने स्तर पर व्यवस्था करनी चाहिए थी। कभी-कभी शासन से बजट मिलने में देरी हो जाती है।
– सीएस नपल्चयाल, गढ़वाल कमिश्नर101

कांग्रेस ने मनाया राजीव गांधी का 72वां जन्मदिन

कांग्रेसियों ने पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी का 72वां जन्म दिवस धूमधाम से मनाया। उन्होंने गांधी के चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए उनके बताए रास्ते पर चलने का संकल्प लिया।

शनिवार को रेलवे रोड स्थित कांग्रेस भवन में कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में एकत्र हुए। यहां उन्होंने नगर अध्यक्ष महंत विनय सारस्वत के नेतृत्व में राजीव गांधी का 72वां जन्म दिवस धूमधाम से मनाया। कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्पअर्पित करते हुए राजीव गांधी के पदचिन्हों पर चलने का संकल्प लिया। नगर अध्यक्ष महंत विनय सारस्वत ने कहा कि राजीव गांधी ने अनुसूचित जाति अल्पसंख्यक व पिछड़े वर्ग के उत्थान के लिए अनेकों कार्य किए। उनका सपना था कि देश के प्रत्येक गांव व दूर दराज के इलाके तक घर-घर शिक्षा का प्रकाश फैले। इसके लिए उन्होंने देश में पंचायतीराज लाने के अलावा कंप्यूटर क्रांति लाने जैसा महत्वपूर्ण कार्य किया। 18 वर्ष के युवा को मतदान का अधिकार देने के साथ पूर्वोत्तर राज्यों के आतंकवाद को समाप्त कर देश में एक अच्छा माहौल बनाने का कार्य किया। राजीव गांधी युवाओं के हृदय के सम्राट हैं। इसलिए युवाओं को व हम सभी को राजीव गांधी के बताए हुए कार्यो का अनुसरण उनके रास्ते पर चलने का संकल्प लेना होगा। उनके अधूरे सपनों को साक्षात करना हम सभी का कर्तव्य है। इस अवसर पर आपदा प्रबंधन के उपाध्यक्ष विजय सारस्वत, प्रदेश महामंत्री राजपाल खरोला, पूर्व नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मदन मोहन शर्मा, सभासद अरविंद जैन, विमला रावत, नंद किशोर जाटव, मुमताज हाशिम, मधु जोशी, वेद प्रकाश ढींगरा, चंदन सिंह पंवार, सुनील दत्त शर्मा, उमा देवी, चरणजीत सिंह, अशोक वर्मा,सावित्री देवी आदि उपस्थित रहे।

104
जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में मनाया जन्म दिवस
देवप्रयाग कांग्रेस जिलाध्यक्ष हिमांशु बिजल्वाण के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने 14 बीघा में राजीव गांधी का जन्म दिवस धूमधाम से मनाया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि युवाओं को प्रेरित करने वाले ऐसे नेता का अनुसरण कर हम सभी को देश के विकास व उत्थान करने के लिए समर्पित होना होगा। राजीव गांधी ने युवाओं को देश का भावी नेता बताते हुए कहा था कि युवा देश की आन, बान व शान हैं। उनके इस सपने को साकार करना देश के हर युवा व हर वर्ग के लोगों का कर्तव्य है। इस अवसर पर नगर अध्यक्ष महावीर खरोला, विरेंद्र कंडारी, जगमोहन भंडारी, राजेंद्र राणा, प्रेम सिंह नेगी, दिनेश भट्ट, अजय रमोला आदि उपस्थित रहे।

गायन प्रतियोगिता में सिमरन ने मारी बाजी


भरत मंदिर पब्लिक स्कूल में हुआ आयोजन

शनिवार को याद करो कुर्बानी पखवाड़े में भरत मंदिर पब्लिक स्कूल में गायन प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में सिमरन व जूनियर वर्ग में आरोही ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्राईमरी वर्ग में सृष्टि, टीया, नीलाब्जा, भूमि, कीर्ति, समृद्धि ने प्रथम स्थान पाया। जबकि जूनियर वर्ग में आरोही, वेदांशी, दिया, विदिशा, गुंजन, आंचल, श्रेया ने बाजी मारी। विद्यालय के प्रधानाचार्य धीरेंद्र जोशी ने कहा कि विद्यालय में स्वतंत्रता दिवस के याद करो कुर्बानी पखवाड़ा मनाया जा रहा है। जिसके तहत विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। विजेता छात्र-छात्राओं को अंतिम दिवस पुरस्कृत किया जाएगा। इस अवसर पर सुजाता श्रीधर, अचिता डबराल, हेमलता पंत, अमिता चोपड़ा, नीति चोपड़ा आदि उपस्थित रहे।

बेघरों का मशाल जुलुस के साथ प्रदर्शन

 

भूमि पट्टे की मांग को लेकर 67वें दिन धरना जारी
क्रमिक अनशन का 16वां दिन
रेलवे स्टेशन से गांधी स्तम्भ तक पैदल मार्च निकाला
103
आबाद ग्रांट एक्ट की तर्ज पर गरीब-बेघरों को 180 वर्ग गज भूमि पट्टे आवंटित करने की मांग को लेकर कांग्रेस गरीब बेघर प्रकोष्ठ ने शनिवार को रेलवे स्टेशन से त्रिवेणी घाट के गांधी स्तम्भ तक मशाल जुलुस प्रदर्शन रैली निकालीं।
शनिवार को कांग्रेस बेघर प्रकोष्ठ ने भूमिहीन गरीब बेघरों को भूमि पट्टे आंवटित करने की अपनी मांग दोहरायी। उन्होंने मांग के समर्थन में गांधी स्तम्भ तक मशाल जुलुस प्रदर्शन निकाला। बेघरों के नेता विजयपाल सिंह रावत ने कहा कि आज 67दिन से हम भूमिहीनों के लिए संघर्ष कर रहे है। हमारी मां बहने 16दिन से क्रम बदलकर क्रमिक अनशन पर बैठ रही है। लेकिन नतीजा कुछ भी नही निकल रहा है।
विजयपाल रावत ने ऋषिकेश की सरकारी भूमियों पर श्वेत पत्र जारी करने की मांग की। कहा कि भूमाफिया जमीन कब्जा रहा है, लेकिन गरीब बेघरों के लिए सरकार के पास जमीन नही है। शनिवार को क्रमिक अनशन में बैठने वालों में मोनिका देवी, कुशला देवी, रोशनी देवी, विशेश्वरी देवी, पार्वती देवी शामिल रही।
मशाल जुलुस प्रदर्शन में सोहन सिंह रौतेला, सुमित चौधरी, सतपाल, छोटेलाल, ओम प्रकाश टैगोर, ऋषि कश्यप, बलवंत सिंह बिष्ट, गौर सिंह पंवार, कुसुमनाथ, रामेश्वरी देवी, अंजली सैनी, मिथलेश, निर्मला आदि शामिल रहे।

मनोज अध्यक्ष और ऋषि बने महामंत्री

प्राथमिक शिक्षक संघ नरेन्द्रनगर का त्रिवार्षिक अधिवेशन
182 विद्यालयों के 353 शिक्षकों ने मतदान में लिया हिस्सा

उत्तराखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ की नरेन्द्रनगर ब्लॉक इकाई के त्रिवार्षिक अधिवेशन में नई कार्यकारिणी का चुनाव किया गया। इसमें मनोज भंडारी अध्यक्ष और ऋषि भंडारी महामंत्री चुने गए।
ढालवाला स्थित प्राथमिक विद्यालय में शनिवार को चुनाव हुए। कार्यकारिणी चुनाव के दौरान मतदान को लेकर शिक्षकों में खासा उत्साह देखा गया। नरेन्द्रनगर ब्लॉक के 182 प्राथमिक विद्यालयों के 353 शिक्षकों ने मतदान में हिस्सा लिया। सुबह 10.30 बजे से दोपहर तीन बजे तक मतदान प्रकिया चली। पांच बजे मतगणना पूरी होने के बाद विजयी प्रत्याशियों की घोषणा की गयी।
अध्यक्ष पद पर महेश गुसाईं और मनोज भंडारी के बीच कड़ा मुकाबला देखा गया। मनोज भंडारी ने 27 वोटों ने जीत दर्ज की। उन्हें 190 वोट मिले। जबकि प्रतिद्वंद्वी महेश गुसाईं को 163 वोट हासिल किए। महामंत्री पद पर ऋषि भंडारी विजयी रहे। उन्हें 192 और प्रतिद्वंदी अजय चमोली को 158 वोट मिले। कोषाध्यक्ष पद पर राकेश उनियाल और शशि कुलियाल के बीच कांटे की टक्कर रही। राकेश उनियाल ने महज चार वोटों से जीत दर्ज की। उन्हें 178 और शशि कुलियाल 174 वोट मिले।
प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष चंद्रवीर नेगी और महामंत्री प्रीतम बड़थ्वाल ने विजयी प्रत्याशियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस मौके पर ईश्वरी प्रसाद पैन्यूली, रविन्द्र कंडवाल, दीपक लिंगवाल, विक्रम राणा, नरेश राणा, जगमोहन चौहान, पूर्णानंद बहुगुणा, विजयपाल आदि मौजूद रहे।

 

हंस कल्चरल ने बांटे जरूरतमंदों को 12 लाख रूपए


102हंस कल्चरल सेंटर ने जरूरतमंदों को मुनिकीरेती स्थित सेंटर में शिक्षा के लिए 12 लाख रूपए की धनराशि बांटी। मुख्य अथिति एआरटीओ डा. अनिता चमोला ने हंस कल्चरल सेंटर के कार्यो की सराहना की।
शनिवार को क्षेत्र के करीब 62 बच्चों को शिक्षा क्षेत्र में फीस के लिए 12 लाख रूपए के चौक बांटे गए। जिसमें हंस कल्चरल सेंटर ने 26 हजार आकृति सेमवाल, 30 हजार प्रणव जोशी, 22 हजार सिद्धार्थ पोखरियाल, 22 हजार साक्षी पाल, 21 हजार स्वेता कपूर, 28 हजार तुषार कुमार, 30 हजार सिमरन राना, 26 हजार वंशिका वर्मा, 22 हजार मोहित कुमार, 22 हजार ऋतिक प्रसाद, 23 हजार सचिन रावत, 33 हजार आशुतोष भारद्धाज, 20 हजार अर्पित नेगी आदि 62 बच्चों को कुल 12 लाख रूपए के चौक वितरित किए गए। इस अवसर पर मुख्य अथिति एआरटीओ डा. अनिता चमोला ने कहा कि मंगला माता व भोले महाराज के द्वारा किया जा रहा यह सामाजिक कार्य सराहनीय है। देश के कई बच्चे ऐसे हैं जिन्हें पढाई तो करनी होती है। लेकिन धन के अभाव में वह पढाई नहीं कर पाते हैं। ऐसे जरूरतमंदों की मदद कर हंस कल्चरल सेंटर समाज सेवा में निरंतर प्रयासरत्त है। उन्होंने बच्चों को पढाई में मेहनत करने को कहा। इस अवसर पर सेंटर प्रभारी प्रदीप राणा, नवीन चढ्ढा, सुशीला बिष्ट, मनीष कुमार, विरेंद्र राणा आदि उपस्थित रहे।

संस्कृत सप्ताह के तहत शहर में निकाली गई भव्य शोभायात्रा

101

शोभायात्रा में दिखी भारतीय संस्कृति की झलक
संस्कृत शोभायात्रा में भारत माता की झांकी आकर्षण का केंद्र
उत्तराखंड संस्कृत अकादमी हरिद्वार के तत्वावधान में संस्कृत सप्ताह के तहत शनिवार को शहर में शोभायात्रा निकाली गई। विभिन्न विद्यालयों के छात्रों ने शोभायात्रा के जरिये संस्कृत भाषा के विकास और संवर्द्धन का संदेश दिया। शोभायात्रा में भारतीय संस्कृति और सभ्यता की झलक देखने को मिली। भारत माता की झांकी आकर्षण का केंद्र रही। संस्कृत में मंत्रोचारण, श्लोक और नारे गूंजते रहे।
पुराना रोडवेज बस अड्डा परिसर से शोभायात्रा का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने किया। उन्होंने कहा कि संस्कृत हमारी द्वितीय राजभाषा है। इसके उत्थान और संवर्द्धन के लिए हम सभी को आगे आना होगा। संस्कृत शिक्षा के अपर सचिव विनोद रतूड़ी ने कहा कि संस्कृत विश्व की सभी भाषाओं में प्रमाणिक एवं शुद्ध है। संस्कृत आध्यात्मिक ही नहीं बल्कि वैज्ञानिक भाषा भी है। हम सबको प्रयास करना चाहिए कि संस्कृत आम जनमानस की भाष बने। आने वाला युग संस्कृत युग कहलाए। कहा कि सरकार संस्कृत भाषा को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाएं चला रही है। शोभायात्रा नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए त्रिवेणीघाट पर संपन्न हुई।
इस अवसर पर नगर पालिकाध्यक्ष दीप शर्मा, सुरेश चरण बहुगुणा, कांग्रेस प्रदेश महामंत्री राजपाल खरोला, शक्तिधर बहुगुणा, हरीश गुरुरानी, सुनील थपलियाल, रामकृष्ण पोखरियाल, जनार्दन कैरवान, पुरुषोत्तम कोठारी, जितेंद्र भट्ट, सुभाष चंद्र डोभाल, विपिन बहुगुणा, मनोज शर्मा, डॉ. ओम प्रकाश पुर्वाल, सूरज बिजल्वाण, अभिषेक शर्मा, विनोद बिजल्वाण, कैलाश व्यास, किशोरी लाल रतूड़ी, देवेंद्र प्रसाद भट्ट, विशाल डंगवाल आदि उपस्थित रहे।

दो हजार बच्चों ने लिया हिस्सा
संस्कृत शोभायात्रा में 20 विद्यालयों के करीब दो हजार छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। यात्रा में श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, हरिशचंद गुप्ता कॉलेज, दर्शन महाविद्यालय, नेपाली संस्कृत भाषा अकादमी, सरस्वती विद्या, शिशु मंदिर आदि स्कूलों के बच्चे शामिल हुए।