विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के पक्ष में वोट करने की अपील

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य जयेन्द्र रमोला के आवाहन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भारी वर्षा के बीच विधानसभा ऋषिकेश के गुमानीवाला ग्राम सभा के भागीरथी कालोनी में घर-घर जाकर जनसंपर्क कर आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
जयेन्द्र रमोला ने बताया कि भारी वर्षा व कड़कड़ाती ठंड के बावजूद हमारे कार्यकर्ता लगातार आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र कांग्रेस को मजबूती प्रदान करने के लिए जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं जिसके तहत विधानसभा में विभिन्न ग्रामसभाओं में जाकर जनसंपर्क कर रहे हैं। आम जनमानस का कांग्रेस को भरपूर आशीर्वाद मिल रहा है जिसमें मातृशक्ति,युवा सभी कांग्रेस के साथ हैं और कांग्रेस पर भरोसा जता रहे हैं। रमोला ने बताया कि क्षेत्र के विधायक द्वारा ग्राम सभाओं में विकास के नाम पर ग्रामीणों को ठगा है, ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य केंद्र ना होना, स्कूल जर्जर हालत में है, कहीं सड़के पड़ी है तार-तार, यही है इनके क्षेत्र का विस्तार।
कार्यकर्ताओं के साथ जनसम्पर्क करते हुए ज़िला सचिव लक्ष्मी उनियाल ने बताया कि विधायक को क्षेत्र की जनता से माफी मांगना चाहिए क्योंकि उन्होंने 15 सालो में सिर्फ सत्ता का सुख भोगने में लगा दिए। सड़कों के नाम पर वोट माँगने वाले विधायक गुमानीवाला ग्राम सभा में आकर देखें बरसात में रोड़ों की क्या हालत है, जनता अब परिवर्तन के लिए तैयार है और जनविरोधी भाजपा सरकार को सत्ता से उखाड़ने का काम करेगी और कांग्रेस को आगामी विधानसभा चुनाव में अपना आशीर्वाद देगी।
जनसंपर्क के दौरान पिंकी देवी, यशोदा राणा, संतोषी कोठियाल, ममता शाही आदि मौजूद रहे।

नेताजी की जयंती पर क्रेजी फेडरेशन संस्था के सदस्यों ने दी श्रद्धांजलि

क्रेजी फेडरेशन संस्था की ओर से आजादी के महानायक नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 126वीं जयंती पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें संस्था के सदस्यों ने नेताजी के चित्र पर पुष्प अर्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
रविवार को मुनिकीरेती स्थित ओंकारानंद इंस्टीट्यूट मैनेजमेंट आफ टैक्नोलॉजी संस्थान में क्रेजी फेडरेशन अध्यक्ष मनीष डिमरी ने नेताजी सुभाष चन्द्र बोस के चित्र समक्ष दीप जलाया और पुष्प अर्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद सभी सदस्यों ने नेताजी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए क्रेजी फेडरेशन अध्यक्ष मनीष डिमरी ने कहा कि नेताजी सुभाष चन्द्र बोस देश के युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। वह अपने देश के लिए हर हाल में आजादी चाहते थे, इसके लिए उन्होंने अपना पूरा जीवन देश के नाम कर दिया था। अपनी अंतिम सांसों तक नेताजी देश की आजादी के लिए संघर्ष करते रहे। बताया कि प्रतिवर्ष नेताजी सुभाष चन्द्र बोस की जयंती के मौके पर क्रेजी फेडरेशन की ओर से पर्यटन एवं विकास मेला आयोजित किया जाता है, मगर कोविड-19 से क्षेत्र के बचाव एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष मेला आयोजित नहीं किया गया है।
मौके पर सभासद मनोज बिष्ट, ओआईएमटी के मैनेजर प्रमोद उनियाल, सतीश चमोली, जगवीर नेगी, कैलाश जोशी, सितिन शर्मा, जितेंद्र रावत, विनोद लेखवार, जितेंद्र सिंह सजवाण आदि उपस्थित थे।

11 सीटों पर पेंच फंसा, निर्णायक फैसला नही ले पा रही भाजपा

भारतीय जनता पार्टी शेष रह गई 11 सीटों पर प्रत्याशियों के चयन की गुत्थी अभी तक नहीं सुलझा पाई है। दो दिन से पार्टी से रणनीतिकार इन सीटों पर प्रत्याशियों के मंथन में जुटे हुए हैं लेकिन अभी तक सुयोग्य प्रत्याशी की तलाश पूरी नहीं हो पाई है। इधर पूर्व सीडीएस जनरल बिपिन रावत के भाई रिटायर कर्नल विजय रावत को भारतीय जनता पार्टी 2022 के चुनावों में डोईवाला या फिर कोटद्वार सीट से उतार सकती है। पार्टी में रावत को लेकर दो तीन दिनों से लगातार मंथन चल रहा है और जल्द अब इस संदर्भ में फैसला हो सकता है।
दरअसल रिटायर कर्नल विजय रावत ने कुछ दिन पूर्व ही दिल्ली में भाजपा का दामन थामा था और उसके बाद वह उत्तराखंड भी पहुंच गए हैं। पार्टी के सूत्रों ने बताया कि पार्टी के कई शीर्ष नेता कर्नल रावत को एक सैन्य चेहरे के रूप में विधानसभा चुनावों में उतारने की तैयारी कर रहे हैं। उनके चुनाव लड़ने पर करीब करीब निर्णय हो चुका है लेकिन सीट को लेकर अभी पेच फंसा हुआ है।

कांग्रेस की सूची का इंतजार बड़ी वजह
पार्टी के रणनीतिकारों का कहना है कि शेष बची 11 सीटों पर प्रत्याशियों का ऐलान एक दो दिन में हो सकता है। उन्होंने बताया कि 11 में से कुछ टिकट कांग्रेस की सूची जारी होने के बाद तय होंगे जबकि कई पर एक से अधिक दावेदार होने की वजह से पेंच फंसा हुआ है। जबकि एक दो सीट डॉ हरक सिंह रावत के कांग्रेस में जाने की वजह से लटकी हुई है। ऐसे में इस सीटों पर प्रत्याशियों का ऐलान होने से पहले कांग्रेस पर भी पार्टी की नजर है।

भाजपा से बदला लेने के लिए हरक सिंह रावत तैयार

पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत रविवार को देहरादून लौट आए। वह सोमवार को कांग्रेस के प्रचार अभियान से जुड़ेंगे। चौबट्टाखाल से चुनाव लड़ने की चर्चाओं की खबरों को उन्होंने सिरे से खारिज किया। कहा कि वे चुनाव लड़ेंगे या पार्टी के लिए प्रचार संभालेंगे, इसका फैसला पार्टी को लेना है। उनके या बहु अनुकृति के टिकट पर फैसला पार्टी को करना है।
हरक सिंह रावत ने कहा कि वो सोमवार को कांग्रेस के कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके साथ ही प्रचार अभियान से भी जुड़ेंगे। वे पार्टी प्रत्याशियों के लिए खुलकर प्रचार करेंगे। कांग्रेस को सत्ता में लाने के लिए काम करेंगे। वे हर उस सीट पर प्रचार करेंगे, जहां उनका प्रभाव है। अपनी ओर से पूरा प्रयास करेंगे कि कांग्रेस भारी बहुमत से विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज करे।
हरक सिंह रावत ने चौबट्टाखाल से चुनाव लड़ने के सवाल पर कहा कि उनकी ओर से किसी भी सीट पर चुनाव लड़ने की इच्छा नहीं जताई गई है। उनका इस्तेमाल किस तरह किया जाना है, ये कांग्रेस पार्टी को तय करना है। उन्हें या अनुकृति को टिकट देने के सवाल पर कहा कि वे चुनाव लड़ने के इच्छुक नहीं है। ये पहले भाजपा को भी बता दिया गया था। अब कांग्रेस को भी बता दिया गया है।

कनक धनाई ने रायवाला में भी खोला चुनाव कार्यालय

उत्तराखंड जनएकता पार्टी के ऋषिकेश विधानसभा के प्रत्याशी कनक धनाई के आज रायवाला में चुनाव कार्यालय का शुभारंभ एक बुजुर्ग के हाथो संपन्न हुआ। चुनाव आयोग की गाइडलाइन के अनुसार सीमित लोगों ने उपस्थिति दर्शाकर कनक का स्वागत किया।
इस अवसर पर कनक धनाई ने अपने चुनावी अभियान को एक बार फिर लोगों के सामने रखा। उन्होंने कहा कि यह मेरी मातृभूमि है और अपनी मातृभूमि के लिए युवाओं को अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए तैयार रहना चाहिए। उन्होंने क्षेत्र के विकास में चंद गिने चुने लोगों के हस्तक्षेप पर सवाल उठाते हुए कहा कि स्थानीय विधायक आम लोगों की सुध नही लेते है। नही तो आज क्षेत्र में बेरोजगारी, महाविद्यालय का अभाव जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए लोगों को भटकना पड़ता।
कनक धनाई ने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में मतदान करते हुए 15 साल के राज को समाप्त करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनता को एक बार युवा प्रत्याशी को मौका देना चाहिए। एक ही व्यक्ति के सत्ता में बने रहने से क्षेत्र का विकास नही हो पा रहा है। हमें क्षेत्र की समस्याओं को दूर करने के लिए 15 साल के राज को समाप्त करने के लिए व्यवस्था परिवर्तन के लिए वोट करना है।
इस मौके पर स्थानीय लोगो ने कनक धनाई को आर्शीवाद देते हुए उनके राजनीतिक जीवन के मंगल की कामना की।

यह दिल्ली नहीं है, उत्तराखंड है, यहां आप का कोई अस्तित्व नही-हरीश रावत

उत्‍तराखंड में आम आदमी पार्टी (आप) को लेकर पूर्व मुख्‍यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि यहां तीसरी पार्टी के लिए कोई मौका नहीं है। पहले जो पार्टियां थीं, वह भी धीरे-धीरे गायब हो गई हैं। उत्‍तराखंड क्राति दल (उक्रांद) जिसका संघर्ष का इतिहास रहा है। लोगों ने उसे इतिहास की थैले में डाल दिया है। इसलिए यहां नई पार्टी के बारे में कोई सवाल नहीं है। उन्‍होंने कहा यह दिल्ली नहीं है। हरीश रावत ने कहा कि यह दिल्ली नहीं है, जहां लोग आएंगे, कुछ कहेंगे और हर जगह इसकी चर्चा होगी। उत्‍तराखंड की भौगोलिक स्थिति और सभी प्रकार की स्थितियों को समझना होगा। फिर नीति बनाने के लिए समय की जरूरत होती है। आप को वह समय देना होगा।
हरक सिंह रावत की कांग्रेस में वापसी पर हरीश रावत ने कहा कि यह अच्छा है कि वह पार्टी का हिस्सा हैं। पार्टी के भीतर निर्णय विभिन्न विचारों के आधार पर लिए जाते हैं। पार्टी हमेशा आगे देखकर निर्णय लेती है। पार्टी का निर्णय सर्वाेच्च होता है।

नए मतदाताओं से राज्य के नवनिर्माण में वोट देने की अपील

आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता (सेवानिवृत्त) कर्नल अजय कोठियाल ने नव परिवर्तन संवाद के दूसरे फेज में उत्तराखंड के विधानसभा चुनाव में पहली बार वोट देने जा रहे मतदाताओं से संवाद किया। उन्होंने आम आदमी पार्टी के प्रत्याशियों को वोट देने की अपील की। कर्नल कोठियाल ने कहा कि युवा अपने कीमती वोट का उपयोग उत्तराखंड के नव निर्माण के लिए करें।
कर्नल कोठियाल ने कहा कि नए मतदाता पहली बार वोट देने जा रहे हैं तो वह अपना वोट मातृभूमि को समर्पित करें। आने वाला चुनाव कोई आम चुनाव नहीं है। इस चुनाव में जनता ने वह कार्य करना है, जिसके लिए उत्तराखंड को उत्तर प्रदेश से अलग किया गया था। कहा कि उत्तराखंड के लोग, भाजपा और कांग्रेस के बीच फंस कर रह गए, लेकिन दोनों ही दलों ने जनता को बेवकूफ बनाया। कहा कि आम आदमी पार्टी उत्तराखंड नव निर्माण के सपने को पूरा करने के लिए संकल्पित है। अगर पार्टी सत्ता में आती है तो सभी गारंटी व वादे पूरे किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि नए मतदाताओं को इस बात का विशेष ध्यान रखना है कि वह अपना वोट किसे और क्यों दे रहें हैं। कहा कि उत्तराखंड को आज नई राजनीति की जरूरत है। कहा कि आम आदमी पार्टी, उत्तराखंड को भाजपा और कांग्रेस से छुटकारा दिलाने का काम करेगी। कहा कि युवाओं से मैं उत्तराखंड की तरक्की के लिए वोट मांगने आया हूं। अब उत्तराखंड को आगे बढ़ाने का संकल्प लेने का दिन आ चुका है। 14 फरवरी को होने वाले चुनाव में अपने वोट का उपयोग जरूर करें।

उत्तराखंड में आप पार्टी के सीएम फेस हैं कोठियाल
उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के लिए कर्नल (सेवानिवृत्त) अजय कोठियाल आम आदमी पार्टी का सीएम चेहरा हैं। राज्य के दौरे पर आए दिल्ली के सीएम पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अरविंद केजरीवाल ने ये घोषणा की थी। पार्टी ने सबसे पहले उत्तराखंड में ही सीएम के चेहरे का ऐलान किया था।

कर्नल विजय रावत ने केन्द्र सरकार के कार्यो को बताया बेहतर

दिवंगत सीडीएस जनरल विपिन रावत के भाई और हाल में ही भाजपा में शामिल सेवानिर्वित कर्नल विजय रावत ने पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में कहा कि पीएम मोदी की लीडरशिप और भाजपा की राष्ट्रवादी विचारधारा से प्रभावित होकर वह पार्टी में आए हैं। उन्होने बताया कि वह लंबे समय से स्वास्थ्य कारणों से समाज में कार्य करने में अक्षम रहे लेकिन अब रजीनीति के माध्यम से प्रदेशवासियों और देश की सेवा के लिए वह तत्पर हैं।
इस अवसर पर कर्नल रावत ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्धारा भारतीय सेना के सम्मान के लिए उल्लेखनीय कार्य किए है। चाहे दशकों से लंबित वन रैंक वन पेशंन का लाभ पूर्व सैनिकों को दिलाने की बात हो, चाहे भारतीय सेना के आधुनिकीकरण के लिए नए-नए साजो सामान मुहैया कराने की बात हो जिसमें आधुनिक तकनीक के साथ-साथ राफेल जैसे अत्याधुनिक विमान सेना को सुर्पुद कराया। मोदी ने देश की सीमाओं पर तैनात जवानो की जरूरत को समझा और उन्हे आधुनिकतम साझो-सामान से लैस किया। उन्होने कहा कि एक समय ऐसा था, सेना के अधिकारियों को सीमा पर तत्काल दुश्मन का जबाब देने के लिए भी दिल्ली की और देखना पड़ता था, लेकिन अब उन्हे मुंह तोड़ जबाब देने का पूरा अधिकार मिला हुआ है। मोदी ने सेना में महिलाओं को बराबरी का अधिकार देते हुए स्थायी कमीशन के साथ महिलाओ की भर्ती बढाई गई।
उन्होने कहा कि हमारा प्रदेश दो-दो सीमावर्ती देशो से लगा हुआ है। ऐसे में अपनी सीमाओं की मजबूती के लिए भारतमाला प्रोजेक्ट के तहत सड़कों का जाल विछाया जा रहा है। देश में शहीदों को सही सम्मान देने का काम भी कारगिल युद्ध के समय से ही अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार ने शुरू किया। इस मौके पर उन्होने प्रदेश के पूर्व सैनिको व सैनिक परिवारों व उत्तराखण्ड की जनता से विनम्र आग्रह है कि प्रधानमंत्री मोदी ने सैनिको व देश की रक्षा के लिए जो कार्य किये हैं वह हमारे देश का मान सम्मान बढाने वाले है। इसलिए समय की मांग है कि प्रदेश को विकास, सुरक्षा और समृद्धि देने के लिए चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को अधिक से अधिक मतदान से जिताना आवश्यक है।
इस अवसर पर प्रदेश भाजपा प्रवक्ता सुरेश जोशी, बद्री केदार मंदिर समिति अध्यक्ष अजयेन्द्र अजय, राजीव तलवार, अजीत नेगी, हरीश चमोली समेत अनेक भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।

घन्ना भाई ने अग्रवाल को चुनाव प्रचार करने का आश्वासन दिया

विधानसभा चुनाव की सरगर्मी तेज हो चुकी है ऐसे में जनसंपर्क कर अपने पक्ष में वोट डलवाने के लिए हर प्रत्याशी प्रयत्नशील है। विधानसभा अध्यक्ष और ऋषिकेश के विधायक प्रेमचंद अग्रवाल नियमित रूप से शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जनसंपर्क कर विकास के नाम पर वोट डलवाने की अपील कर रहे हैं।
आज अग्रवाल के ऋषिकेश कोयल घाटी स्थित निजी आवास पर अपना सहयोग देने के लिए अनेक महानुभाव पहुंचे जिसमें पूर्व राज्य मंत्री घनानंद उर्फ घन्ना ने विधानसभा अध्यक्ष के निजी आवास पर पहुंचकर पुष्पगुच्छ भेंटकर उन्हें हर प्रकार से सहयोग देने का आश्वासन दिया।
घन्ना भाई ने कहा है कि वह चुनाव के दौरान भी ऋषिकेश विधानसभा के विभिन्न क्षेत्रों में चुनाव प्रचार के लिए भी आएंगे। उन्होंने कहा कि अग्रवाल जैसे साफ-सुथरी छवि वाले व्यक्ति को विधानसभा में पहुंचना चाहिए ताकि प्रदेश का विकास निष्कंटक रूप से चलता रहे। इस अवसर पर अग्रवाल ने तमाम लोगों का हृदय से आभार व्यक्त किया और कहा कि चुनाव में हर व्यक्ति सहयोग करें।

चुनाव आयोग ने प्रचार के लिए आज कुछ और ढील दी

देश में पांच चुनावी राज्यों में अभी रैलियों और सभाओं पर बैन नहीं हटाया जाएगा। चुनाव आयोग ने कोरोना के हालात की समीक्षा के बाद शनिवार को यह फैसला लिया है। आयोग ने रैलियों-सभाओं पर बैन 31 जनवरी तक बढ़ाया है।
8 जनवरी को पांच राज्यों में चुनाव की तारीखों की घोषणा के बाद चुनाव आयोग ने 15 जनवरी तक रैलियों और जनसभाओं पर रोक लगाई थी। कहा था कि रिव्यू के बाद फैसला लेंगे। 15 जनवरी को रिव्यू के बाद बैन 22 जनवरी तक बढ़ा दिया गया था।

आयोग ने बैन के साथ कुछ ढील भी दी
1. आयोग ने डोर-टू-डोर कैंपेन के लिए लोगों की संख्या 10 कर दी है, पहले यह 5 थी।
2. फेज वन के लिए राजनीति दलों या प्रत्याशियों की बैठक तय की गई खुली जगह पर 500 लोगों की लिमिट के साथ या गाइडलाइंस के मुताबिक ग्राउंड की क्षमता का 50ः की जा सकती है। यह 28 जनवरी से 8 फरवरी तक हो सकेंगी। फेज टू के लिए यह छूट एक फरवरी से 12 फरवरी तक रहेगी।
3. इनडोर मीटिंग के लिए लोगों की लिमिट 300 या गाइडलाइंस के मुताबिक हॉल की क्षमता का 50ः तय की गई है।
4. वीडियो वैन का प्रचार के लिए इस्तेमाल खुली जगहों पर किया जा सकता है। खुले स्थान पर वैन को देखने वाले 500 से ज्यादा या गाइडलाइंस के मुताबिक जगह की क्षमता का 50ः से ज्यादा नहीं हो सकते। इस दौरान ट्रैफिक और लोगों को कोई बाधा नहीं होनी चाहिए।