हरवंश कपूर ने हमेशा अभिभावक की तरह मार्गदर्शन किया-सीएम

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी गुरूवार को जीएमएस रोड़ स्थित फार्म हाउस में आयोजित पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक स्व. हरवंश कपूर की श्रद्धांजलि सभा में शामिल हुए। स्व. हरबंस कपूर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर मुख्यमंत्री ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब वे युवा मोर्चा के अध्यक्ष थे तो उस समय भी स्व. हरबंस कपूर बहुत सारे कार्यक्रमों में एक कार्यकर्ता की भांति हमारे साथ जाते थे, उन्होंने हमेशा अभिभावक की तरह मेरा भी मार्गदर्शन तो किया ही जीवन के विभिन्न पहलुओं में सामंजस्य बैठाना भी उन्होंने उनसे सीखा। उनका अचानक इस तरह से जाना परिवार के साथ ही समाज, पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कपूर साहब हमेशा हमारे स्मरण में रहेंगे। उनका व्यक्तित्व बड़ा सहज एवं सरल था। वे हमेशा आने वाली पीढ़ियों के स्मरण में भी रहेंगे, और उनके व्यक्तित्व से हमारी आने वाली पीढ़ियां भी प्रेरणा लेगी, हम सब उनके बताये मार्ग पर चलकर कार्य करेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उनके शोकाकुल परिवार जनों, उनके चाहने वालों, पार्टी कार्यकर्ताओं को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से कामना की।

सैनिक पुत्र को मुख्यमंत्री बनाना लोकतंत्र की महानता-मुख्यमंत्री

विजय दिवस पर मुख्यमंत्री आवास में आयोजित सैनिक सम्मान कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में आए प्रत्येक पूर्व सैनिक के पास जाकर शॉल भेंट कर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने सभी को विजय दिवस की शुभकामना देते हुए कहा कि वीर सैनिकों के सम्मान से देश का स्वाभिमान एवं सम्मान बढ़ा है। उन्होंने कहा कि सैनिक कभी भी पूर्व सैनिक नहीं होता वह सदैव वीर सैनिक ही रहता है। उन्होंने सैनिकों के सम्मान की इस परम्परा को आगे भी बनाये रखने की बात कही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह लोकतंत्र की महानता तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं दल के नेतृत्व की शुभकामनाओं का प्रतिफल है कि एक सैनिक के बेटे को मुख्य सेवक के रूप में कार्य करने का अवसर दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने सैन्य बलों की मजबूती तथा उन्हें आवश्यक सुविधायें एवं साज सामान उपलब्ध कराने, वन रैंक वन पेंशन की सुविधा के साथ ही जवानों को गोली का जवाब तुरंत गोली से देने की छूट देकर सैनिकों को उनका वास्तविक सम्मान एवं श्रेय देने का कार्य किया है। आज हमारी सेना दुश्मन के घर जाकर उनका मुकाबला करती है। हमारी सशक्त एवं मजबूत सेना के कारण दुनिया में हमारे देश का हौसला बुलंद हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा सेना को दिये गये सम्मान की परम्परा का प्रतिफल है कि आज सभी सेना का सम्मान करने के लिये मजबूर हैं। आज भारत बदल रहा है। देश का स्वाभिमान बढ़ रहा है। उन्होंने स्वयं को सैनिक का बेटा व भाई बताते हुए कहा कि उन्होंने अपने जीवन में अनुशासन सेना से सीखा है। सैनिकों के कल्याण के लिये जो भी जरूरी होगा उसके लिये वे सदैव तत्पर रहेंगे। उन्होंने कहा कि देहरादून में शीघ्र ही भव्य सैन्य धाम का निर्माण किया जायेगा।
मुख्यमंत्री ने स्व. सी.डी.एस. जनरल विपिन रावत का स्मरण कर उन्हें नमन करते हुए कहा कि वे सैनिकों के कल्याण के हिमायती थे। स्व. विपिन रावत के साथ उन्होंने देहरादून लैंस डाउन, बनबसा एवं रानीखेत में पूर्व सैनिकों के कल्याण से संबंधित कार्यक्रम निर्धारित किया था। राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर उनसे हुई मुलाकात में भी सैनिकों से जुड़े कार्यक्रमों पर वार्ता हुई थी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का विजन है कि 2025 में अपना रजत जयंती वर्ष मनाते समय उत्तराखण्ड देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो, इसके लिये हम राज्य के समग्र विकास के प्रति प्रयासरत हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में वर्ष 2013 की आपदा के बाद केदारनाथ पुनर्निर्माण का कार्य पूर्णता की ओर है। बद्रीनाथ के सौन्दर्यीकरण का कार्य भी गतिमान है। प्रधानमंत्री के सफल मार्गदर्शन में देश में हर वो कार्य पूर्णता की ओर अग्रसर है जो पहले मुमकिन नहीं लगते थे। आज काशी विश्वनाथ धाम अपनी दिव्यता का प्रदर्शन कर रहा है। राम मंदिर का निर्माण प्रगति पर है। कश्मीर से धारा 370 तथा 35 ’ए’ हटा कर देश से दो विधान दो निशान दो संविधान की परिपाटी को समाप्त कर देश का सम्मान बढ़ाया है।
सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि उत्तराखण्ड वीरों की भूमि है, सैनिकों की भूमि है। देश का हर पांचवा सैनिक उत्तराखण्ड से होता है। भारतीय सेना का सैनिक होना गर्व की बात है। आज देश प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और प्रदेश मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के हाथों में सुरक्षित है। नरेन्द्र मोदी की सरकार और पुष्कर सिंह धामी की सरकार हर पल सैनिकों के हितों के लिए समर्पित है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सैनिकों की वन रैंक वन पेंशन की बङी मांग पूरी की। वे अपने त्यौहार बॉर्डर पर सैनिकों के बीच मनाकर उनका मनोबल बढ़ाते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की भावना के अनुरूप उत्तराखण्ड में दिव्य और भव्य सैन्य धाम का निर्माण किया जा रहा है। इसमें शहीदों के घरों से पवित्र मिट्टी लाई गई है। यहां म्यूजियम होगा, लाईट व साउंड शो होगा। शहीद जसवंत सिंह और बाबा हरभजन के मंदिर बनेंगे। राज्य सरकार शहीद सैनिक के परिवार के एक सदस्य को उसकी योग्यता अनुसार सरकारी नौकरी में समायोजित कर रही है। देहरादून में वार मेमोरियल बॉयज एंड गर्ल्स होस्टल बनाया है। हल्द्वानी में भी बनाया जाएगा। वीरता पदक से अलंकृत के लिए राशि में कई गुना वृद्धि की गई है। हमारी सरकार दिल से सेना और सैनिकों का सम्मान करती है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, से.नि. जनरल सब्बरवाल, ब्रिगेडियर के.जी बहल, कर्नल भण्डारी सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैन्य अधिकारी व सैनिक उपस्थित रहे।

सीएम ने 2025 तक उत्तराखंड को हर क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने की बात कही

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय मंत्री पोत परिवहन और जल मार्ग, आयुष, भारत सरकार सर्वानन्द सोनोवाल ने बृहस्पतिवार को अलकनन्दा घाट, हरिद्वार में आयुष एवं आयुष शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित ’’आयुष संवाद’’-उत्तराखण्ड आयुषः संसाधन एवं संभावनायें’’-कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुये मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड का चहुमुखी विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाला दशक उत्तराखण्ड का दशक होगा। उन्होंने कहा कि जब हम उत्तराखण्ड का 25वां स्थापना दिवस मनायेंगे, उस समय हमारा राज्य उत्तराखण्ड हर क्षेत्र में हिन्दुस्तान का अग्रणी राज्य होगा, इसके लिये हम कार्य कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री पोत परिवहन और जल मार्ग, आयुष, भारत सरकार से उत्तराखण्ड में अखिल भारतीय आयुर्वेदिक संस्थान खोले जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि भारत सरकार की उत्तराखण्ड राज्य से जो भी अपेक्षायें होंगीं, उन्हें हम पूरा करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने प्रत्येक क्षेत्र में देश का नाम विश्व में रोशन किया है। उन्होंने काशी विश्वनाथ कॉरिडोर का उल्लेख करते हुए कहा कि यह अद्भुत कॉरिडोर बना है। अहिल्याबाई होल्कर के बाद प्रधानमंत्री ने काशी विश्वनाथ के स्वरूप को संवारा है। उन्होंने केदारनाथ धाम व बद्रीनाथ धाम का उल्लेख करते हुये कहा कि केदारनाथ में 400 करोड़ रूपये की योजनाओं के लोकार्पण व शिलान्यास हुये है तथा अप्रैल में केदारनाथ में तीसरे चरण के कार्यों की शुरूआत हो जायेगी। इसके अलावा बद्रीनाथ धाम के लिये 250 करोड़ रूपये की योजनाओं की स्वीकृति प्रदान की गयी है, जिसके लिये टेण्डर की प्रक्रिया प्रारम्भ हो गयी है।
सर्वानन्द सोनोवाल, केन्द्रीय मंत्री पोत परिवहन और जल मार्ग, आयुष ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुये घोषणा की कि राष्ट्रीय आयुष मिशन के तहत 10 बेड का आयुष हॉस्पिटल उत्तराखण्ड में स्थापित किया जायेगा, राज्य के प्रत्येक जिले में एक-एक मोबाइल आयुष यूनिट (आयुष रथ) संचालित किये जायेगे, राष्ट्रीय आयुष मिशन के तहत राज्य में राजकीय होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज की स्थापना की जायेगी, राष्ट्रीय आयुष मिशन के अन्तर्गत 50 बेड का यूनानी हॉस्पिटल स्थापित किया जायेगा, 100 आयुष वेलनेस सेंटर स्थापित करने के लिये आर्थिक सहायता प्रदान की जायेगी, नेशनल मेडिकल प्लांट्स बोर्ड की सहायता से 200 स्कूलों में हर्बल गार्डन की स्थापना की जायेगी, नेशनल मेडिकल प्लांट्स बोर्ड की सहायता से उत्तराखण्ड के तेरह जिलों में तेरह नर्सरियों की स्थापना की जायेगी, मेडिकल प्लांट आदि की अवस्थापना के लिये प्रत्येक वन पंचायत को 15 लाख की सहायता दी जायेगी। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड आयुर्वेदिक यूनिवर्सिटी में मर्म चिकित्सा की व्यवस्था होगी तथा यह देश का प्रमुख केन्द्र बनेगा।
केन्द्रीय आयुष मंत्री ने बताया कि भारत सरकार की ओर से उत्तराखण्ड को आयुष क्षेत्र के विकास के लिये सहायता दी जा रही है तथा उत्तराखण्ड को महत्वपूर्ण प्रदेश के रूप में विकसित करेंगे। प्रधानमंत्री जी दिन-रात कड़ी मेहनत व ईमानदारी से देश की सेवा में लगे हुये हैं, जिससे हमें भी प्रेरणा व मार्गदर्शन मिलता रहता है। उन्होंने अपनी कार्यप्रणाली से हिन्दुस्तान ही नहीं, बल्कि पूरे विश्व में अपनी अलग पहचान बनाई है। प्रधानमंत्री हमेशा एक भारत श्रेष्ठ भारत की बात करते हैं तथा उन्होंने हर वर्ग को साथ लेकर देश को आगे बढ़ाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनेगा। मुख्यमंत्री धामी का उल्लेख करते हुये उन्होंने कहा कि वे मेहनत व लगन से उत्तराखण्ड की जनता की सेवा में लगे है तथा उन्होंने अल्प समय में ही उत्तराखण्ड की जनता के दिलों में अपना स्थान बना लिया है।
उत्तराखण्ड के वन, पर्यावरण संरक्षण एवं जलवायु परिवर्तन, श्रम, कौशल विकास एवं सेवायोजन, आयुष, आयुष शिक्षा, ऊर्जा एवं वैकल्पिक ऊर्जा मंत्री डॉ हरक सिंह रावत ने कहा कि उत्तराखण्ड महर्षि चरक ऋषि की धरती है। उत्तराखण्ड योग, आयुर्वेद, मां गंगा की धरती है। प्रधानमंत्री ने योग को अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाया तथा आयुष मंत्रालय का गठन किया, जिसकी वजह से आज आयुष के क्षेत्र में काफी प्रगति हो रही है। उन्होंने कहा कि कोविड-19 के समय में लोगों ने आयुष के महत्व को समझा। उन्होंने बताया कि आज 19 आयुर्वेदिक कॉलेज हैं, जिनमें 11 सौ सीटें हैं।
समारोह को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, वैद्य राजेश कोटेचा, सचिव, आयुष मंत्रालय भारत सरकार, डी0 सैन्थिल पाण्डियन, संयुक्त सचिव आयुष एवं आयुष शिक्षा, भारत सरकार, प्रो0 सुनील कुमार जोशी, कुलपति उत्तराखण्ड आयुर्वेदिक विश्वविद्यालय ने भी संबोधित किया।
मंच का संचालन डॉ0 नरेश चौधरी, सचिव, रेडक्रॉस ने किया। इस अवसर पर पतंजलि विश्वविद्यालय की छात्राओं ने धन्वन्तरि वंदना प्रस्तुत की। इसके अलावा डी0ए0वी0 पब्लिक की छात्राओं एवं देव संस्कृति संस्था ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों आदि को मंत्रमुग्ध कर दिया। अलकनन्दा घाट परिसर में आयुष से सम्बन्धित भव्य स्टॉल लगाये गये थे।

ऑनलाइन माध्यम से बेहतरीन शिक्षकों के लेक्चर छात्रों को उपलब्ध कराने के निर्देश

मुख्य सचिव डॉ. एस.एस. संधु ने गुरुवार को सचिवालय में उच्च शिक्षा विभाग की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं के जीवन में उच्च शिक्षा का अत्यधिक महत्व है। उच्च शिक्षा में गुणवत्ता लाने हेतु प्रयास किए जाएं। उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में कॉलेज तो हैं पर फैकल्टी की कमी है। इसके लिए ऑनलाइन एजुकेशन एक अच्छा विकल्प है।
मुख्य सचिव ने कहा कि देश-विदेश और प्रदेश के बेस्ट टीचर्स के लेक्चर के वीडियोज सभी कॉलेजों और विश्वविद्यालयों को उपलब्ध कराए जाएं। जिससे छात्र-छात्राओं को सबसे अच्छे अध्यापकों से ज्ञान अर्जन का अवसर मिलेगा। इसके लिए सभी कक्षाओं में टीवी या बड़ी स्क्रीन उपलब्ध करायी जाए। ऐसे क्षेत्रों में जहां नेटवर्क नहीं है, यह पाठ्य सामग्री और वीडियो पेनड्राईव के माध्यम से उपलब्ध कराई जाए। यह हमारे पर्वतीय संस्थानों के लिए अत्यधिक उपयोगी होगा। इससे हमारे शिक्षकों को भी विषय के बेस्ट लेक्चर सुनने का लाभ मिलेगा।
मुख्य सचिव ने प्रत्येक राजकीय कॉलेज व यूनीवर्सिटी में इन्नोवेटिव क्लब बनाए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नवाचार योजना को बढ़ावा दिया जाए, इससे नवाचार को बढ़ावा मिलेगा। इस मद में धन की कमी नहीं होने दी जाएगी। साथ ही, देश के बेस्ट कॉलेज के मॉडल को अपनाकर अपने राज्य में लागू किया जाए। शुरुआत में प्रत्येक जनपद के एक कॉलेज में इसे शुरू की जा सकती है। जिसका अनुपालन अन्य सरकारी और प्राइवेट कॉलेज कर सकेंगे। उन्होंने टीचर्स को भी अपडेट रखने हेतु शॉर्ट टर्म कोर्सेज कराने जाने हेतु व्यवस्था किए जाने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को सभी सरकारी शिक्षण संस्थानों को नेशनल इंस्टीट्यूट रैंकिंग फ्रेमवर्क (एन.आई.आर.एफ) में अनिवार्य रूप में प्रतिभाग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रैंकिंग में प्रतिभाग करने के संस्थानों की गुणवत्ता में सुधार आएगा। उन्होंने कैरियर काउंसिलिंग पर भी फोकस किए जाने के निर्देश दिए। कहा कि एक ऐसा पैनल तैयार किया जाए जिसमें अनुभवी लोगों को रखा जाए, जो छात्र-छात्राओं को कैरियर के सम्बन्ध में सुझाव दे सकें।
मुख्य सचिव ने प्रत्येक जनपद में महिला छात्रावासों को विकसित और सुदृढ़ किए जाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पहले से उपलब्ध छात्रावासों को सुदृढ़ करके ऐसी व्यवस्था की जाए, जिसमें किसी भी कॉलेज और विश्वविद्यालय की छात्राएं रह सकें। उन्होंने कहा कि दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों में छात्र-छात्राएं कॉलेज दूर होने या किराया अधिक होने के कारण कॉलेज नहीं जा पाते हैं। हमारे प्रदेश का युवा उच्च शिक्षा से वंचित न रहे, इसके लिए प्रयास किए जाने चाहिए। स्थानीय प्रशासन अथवा विभाग द्वारा छात्र-छात्राओं को स्थानीय परिवहन सुविधा में छूट उपलब्ध कराए जाने हेतु विभाग द्वारा शीघ्र प्रस्ताव तैयार किया जाए।
इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी सहित कॉलेजों एवं विश्वविद्यालयों के कुलसचिव एवं रजिस्ट्रार उपस्थित रहे।

भारत के सैन्य इतिहास में 16 दिसम्बर वीरता व पराक्रम का ऐतिहासिक दिन-सीएम

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को विजय दिवस के अवसर पर गांधी पार्क देहरादून में शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने कहा है कि भारत के सैन्य इतिहास में 16 दिसम्बर वीरता व पराक्रम का ऐतिहासिक दिन है।
मुख्यमंत्री ने देश की एकता एवं अखंडता के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले जवानों को नमन करते हुए कहा कि हमारे इन जवानों की वजह से सभी चैन की नींद सोते हैं। देवभूमि उत्तराखंड की सदैव देशभक्ति व राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हमेशा देश के सैनिकों का मनोबल बढ़ाने का कार्य किया है।
इस अवसर पर सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी, विधायक खजानदास, जिलाधिकारी देहरादून डॉ. आर राजेश कुमार भी उपस्थित रहे।

राहुल का शंखनाद, भाजपा पर किया चौतरफा हमला

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और वायनाड से सांसद राहुल गांधी गुरुवार को देहरादून पहुंचे। यहां उन्होंने विजय सम्मान रैली को संबोधित करते हुए चुनाव अभियान का शंखनाद किया। रैली को संबोधित करने से पहले कांग्रेस नेता ने मंच पर मौजूद 1971 युद्ध के वीर सपूतों को शॉल और प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया। इसके बाद राहुल ने कहा कि उनका और उत्तराखंड का कुर्बानी का रिश्ता है। मेरे पिता और दादी ने इस देश के लिए अपना खून दिया। ठीक इसी तरह उत्तराखंड के हजारों परिवार ने मातृभूमि के लिए बलिदान दिया है। ये बात उन लोगों को समझ नहीं आएगी जिनके परिवारों ने ऐसी कुर्बानी नहीं दी है। राहुल ने कहा कि आज देश को बांटा जा रहा है, कमजोर किया जा रहा है। एक भाई को दूसरे भाई से लड़ाया जा रहा है। पूरी सरकार दो-तीन पूंजीपतियों के लिए चलाई जा रही है। किसानों को कमजोर करने के लिए तीन कृषि कानून लाए गए थे। किसान एक साल तक डटे रहे जिसके बाद पीएम ने माफी मांगी और कानून को वापस लिया गया। उन्होंने कहा कि सरकार ने आपकी जेब से पैसा निकालकर दो-तीन पूंजीपतियों का कर्ज माफ किया। जब तक दिल्ली में नरेंद्र मोदी की सरकार है तब तक युवाओं को रोजगार नहीं मिल सकता है। राहुल ने कहा कि उत्तराखंड में हमारी सरकार बनने पर महंगाई को कम किया जाएगा और युवाओं को रोजगार देने के अवसर पैदा होंगे।

हम रोजगार के अवसर पैदा करेंगे
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि गंगा में कई लोगों ने स्नान किया लेकिन ऐसा दिखाया जाता है कि एक ही व्यक्ति ने स्नान किया है। योगी जी, राजनाथ जी तक को इजाजत नहीं दी गई। उत्तराखंड में हमारी सरकार आएगी तो हम छोटे और मध्यम वर्ग के लोगों को रोजगार देने का काम करेंगे। एक बार फिर यहां रोजगार के अवसर पैदा होंगे।

आपके और मेरे बीच रिश्ता है
राहुल गांधी ने कहा कि हम आपकी कुर्बानी समझते हैं। मैं वो दिन कभी नहीं भूल सकता जब स्कूल में मुझे बताया गया कि इंदिरा गांधी को 32 गोलियां लगी हैं। आप लोगों को भो फोन आया पापा शहीद हो गए, चाचा शहीद हो गए। आपके और मेरे बीच रिश्ता है। जिस महिला ने इस देश के लिए 32 गोलियां खाईं उनका नाम निमंत्रण पत्र तक में नहीं था। आज महंगाई बढ़ती जा रही है। पेट्रोल के दाम बढ़ रहे हैं। नरेंद्र मोदी जी ने आपकी जेब से पैसा निकालकर 10 करोड़ रुपए का अरबपतियों का कर्ज माफ किया है।

मोदी की सरकार दिल्ली से हटे बिना नहीं मिलेगा रोजगार
कांग्रेस नेता ने कहा कि कोरोना में पूंजीपतियों का टैक्स माफ किया गया लेकिन मजदूरों को बस या रेल का टिकट तक नहीं मिला। जब तक नरेंद्र मोदी की सरकार दिल्ली से नहीं हटेगी युवाओं को रोजगार नहीं मिलेगा। इंफ्रास्ट्रक्चर, रेलवे, एयरपोर्ट, माइंस सब कुछ दो-तीन उद्योगपतियों के हाथों में जदा रहा है। आप लिखकर ले लो देश अपने युवाओं को रोजगार नहीं दे पाएगा। आप ये मत सोचिए देश मजबूत हो रहा है। देश मजबूत तब होता है जब देश का नागरिक मजबूत होता है। जब देश की जनता बिना डके, झिझके काम कर सकती है। जब जनता बिना डरे बोल सकती है।

दो-तीन उद्योगपतियों के लिए बनाया था कृषि कानून
आज दे को बांटा जा रहा है, कमजोर किया जा रहा है। एक भाई को दूसरे से लड़ाया जा रहा है। कमजोर लोगों को मारा जा रहा है। पूरी सरकार दो-तीन लोगों के लिए, पूंजीपतियों के लिए चलाई जा रही है। किसानों के खिलाफ तीन कृषि कानून उन्हें खत्म करने के लिए बनाए गए। किसान पीछे नहीं हटे। एक साल बाद प्रधानमंत्री हाथ जोड़कर कहते हैं कि गलती हो गई। माफी मांगता हूं। माफी मांगने के बाद जो 700 किसान शहीद हुए उनके बारे में बीजेपी के नेता संसद में कहते हैं कि कोई किसान शहीद नहीं हुआ। सरकार ने किसानों को मुआवजा तक नहीं दिया। किसके लिए काम किया जा रहा था। ये साजिश थी। ये काम दो-तीन उद्योगपतियों के लिए किया जा रहा था।

राहुल अकेले ऐसे राष्ट्रीय नेता थे जो हमारे आंसू पोंछने आए
उत्तराखंड के पूर्व सीएम हरीश रावत ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि इंदिरा गांधी की वजह से बांग्लादेश बन पाया। जब हम विपत्ति में थे, केदारनाथ की त्रासदी में राहुल गांधी अकेले ऐसे राष्ट्रीय नेता थे जो हमारे आंसू पोंछने के लिए यहां आए। हमने अभूतपूर्व काम करके दिखाया। कोई ऐसा व्यक्ति नहीं दिखता जो कहता हो कि हमें लाभ नहीं मिला। पीएम मोदी पर तंज कसते हुए रावत ने कहा कि कुछ लोग यहां गुफा में ध्यान करने के लिए आते हैं। आपने उस समय हमें सहारा दिया जब हमारी अर्थव्यवस्था लड़खड़ा रही थी। पर्यटन नहीं चल रह पा रहा था। राहुल अकेले ऐसे नेता हैं जो सत्ता की आंखों में आंखे मिलाकर बात करते हैं। हम उत्तराखंड को बेरोजगार मुक्त उत्तराखंड बनाएंगे। कांग्रेस आएगी आपके बोझ को घटाएगी।

लोग राहुल को उम्मीद भरी निगाहों से देख रहे हैं
कांग्रेस प्रभारी देवेंद्र यादव ने रैली को संबोधित करते हुए कहा देश के पहले पीएम जवाहर लाल नेहरू ने देहरादून की जेल से डिस्कवरी ऑफ इंडिया किताब लिखी, इंदिरा गांधी ने हमेशा उत्तराखंड को प्यार दिया, राजीव और राहुल ने यहीं से पढ़ाई की। राहुल जी आज ये प्रदेश जिन कठिनाइयों से गुजर रहा है, उसमें लोग आपको उम्मीद भरी निगाहों से देख रहे हैं। आज किसान निराश हैं। बेरोजगार साथियों को रोजगार नहीं मिला है। कांग्रेस के साथियों ने किसान और बेरोजगार साथियों के साथ खड़े होने का काम किया है। सरकार सिर से लेकर पैर तक भ्रष्टाचार में डूबी हुई है। हमारी सरकार बनने पर हम युवाओं को रोजगार देने का काम करेंगे। भ्रष्टाचार से मुक्ति दिलाएंगे। लोकायुक्त देने का काम करेंगे।

कांग्रेस का इतिहास बलिदान का रहा है
रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेता आज वीर सौनिकों को नमन करने के लिए यहां पहुंचे हैं। आज ही के दिन इंदिरा गांधी ने पाकिस्तान के दो टुकड़े किए थे और दुनिया के नक्शे पर बांग्लादेश का जन्म हुआ था। आज लोग राहुल गांधी को उम्मीद भरी नजरों से देख रहे हैं। हम कृषि कानूनों पर सरकार को घुटनों पर ले आए। कांग्रेस किसानों के साथ खड़े रहे। कांग्रेस का इतिहास बलिदान का रहा है। मैं सेना के शौर्य को नमन करता हूं।

विजय दिवस पर विस अध्यक्ष ने शहीदों का भावपूर्ण स्मरण कर श्रद्धांजली अर्पित की

विजय दिवस के अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने बैराज रोड स्थित कैंप कार्यालय पर शहीद सैनिकों के परिजनों को सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जब सीमाओं पर हमारे सैनिक खड़े हैं तभी यह देश चैन की नींद साता है।
बैराज रोड स्थित कैंप कार्यालय पर आयोजित विजय दिवस के दिन सैनिकों के सम्मान के अवसर पर अग्रवाल ने कहा है कि 16 दिसंबर 1971 को भारत और पाकिस्तान के बीच में जो युद्ध हुआ इस युद्ध में पाकिस्तान सेना ने भारतीय सशस्त्र बलों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया था।
अग्रवाल ने कहा कि पाकिस्तान सेना के प्रमुख जनरल खान नियाजी ने 93 हजार सैनिकों के साथ भारतीय सेना के सामने समर्पण किया था। यह भारत की अभूतपूर्व विजय थी, इसीलिए प्रत्येक वर्ष 16 दिसंबर को संपूर्ण देश भर में विजय दिवस मनाया जाता है।
अग्रवाल ने कहा कि हर साल 16 दिसंबर को विजय दिवस भारतीय सेना के शौर्य पराक्रम व वीरता के रूप में हम भारतीय सेनाओं के बारे में इस दिन बहुत सारी जानकारी भी साझा करते हैं। उन्होंने कहा कि इस युद्ध में हजारों सैनिक शहीद हुए हैं। उन्होंने शहीद सैनिकों के प्रति श्रद्धांजलि भी अर्पित की।
अग्रवाल ने कहा कि उत्तराखंड सरकार ने सैनिकों के सम्मान के लिए अनेक योजनाएं संचालित की है। साथ ही देहरादून में बनने वाले सैन्य धाम को उत्तराखंड का पांचवा धाम के रुप में विकसित किया जा रहा है।
अग्रवाल ने विगत दिनों हेलीकॉप्टर हादसे में शहीद हुए सीडीएस जनरल बिपिन रावत सहित सभी शहीद हुए सैन्य अधिकारियों को भी अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर कैप्टन शहीद अमित सेमवाल के पिता तारा दत्त सेमवाल, शहीद प्रदीप रावत के पिता कुंवर सिंह रावत, शहीद हमीर पोखरियाल के भाई सुनील पोखरियाल, शहीद चंद्रकिशोर की धर्मपत्नी सुषमा देवी, शहीद सरदूल सिंह एवं शहीद विक्रम सिंह के परिजनों को सम्मानित किया।
इस अवसर पर पूर्व सैनिकों को भी सम्मानित किया, जिसमें सूबेदार नरेश कुमार, कैप्टन दिगंबर थापा, नायक बुद्धि बहादुर खत्री, नायक सौबन सिंह कैंतूरा सूबेदार भगवान सिंह भट्ट, नायक अंबर गुरुंग, पुर्व नौसैनिक राजेश जुगलान आदि सैनिकों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में प्रदीप कोहली, रामरतन रतूड़ी, मानवेंद्र कंडारी, पंकज जुगलान, जयंत किशोर शर्मा, शिवानी भटट, मधुबाला, प्रदीप कुमार आदि सहित अनेक लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन राजेश जुगलान द्वारा किया गया।

उत्तराखंड जन विकास मंच अब नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को करेगा जागरुक

उत्तराखंड जन विकास मंच द्वारा पानी, बिजली के बिलों में अप्रत्याशित वृद्धि व नगर निगम ऋषिकेश द्वारा स्व निर्धारित संपत्ति कर अतार्किक रूप से बढ़ाए जाने के विरोध स्वरूप धरना आज चौथे दिन भी जारी है। विभिन्न क्षेत्रों से समर्थन देने वालों के क्रम में आज के दिन बनखंडी व मायाकुंड क्षेत्र के सामाजिक सरोकारों से जुड़े लोग शामिल हुए।
पूर्व चेयरमैन नगर पालिका परिषद ऋषिकेश वीरेंद्र शर्मा छोटू भाई ने आंदोलन को समर्थन देते हुए कहा कि पानी, बिजली व हाउस टैक्स में वृद्धि तार्किक दृष्टि से बिल्कुल भी सही नहीं है। उन्होंने मंच से जुड़े कार्यकर्ताओं से कहा कि वे आंदोलन में नए नवाचार के द्वारा (यथा-नुक्कड़ नाटक, विभिन्न ग्राम और वार्ड में बैठक व सभाएं आदि) जनता से जुड़े। जिससे कि आंदोलन अपनी परिणति पर उतर सके।
मंच के संरक्षक रामकृपाल गौतम ने बताया कि नगर निगम ऋषिकेश द्वारा संपत्ति कर में बढ़ोतरी ऋषिकेश की जनता के साथ अन्याय है और जब तक संपत्ति कर की दर को कम नहीं किया जाता आंदोलन लगातार जारी रहेगा।
इस अवसर पर धरने को समर्थन देने वालों में आशुतोष शर्मा, नागेंद्र सिंह, आदेश शर्मा, विपिन शर्मा, गुरमुख सिंह, राकेश कंडवाल, सोनू चौरसिया, हिम्मत गुप्ता, हीरालाल वर्मा, राजेश बेचन गुप्ता, शशिकांत गिरी, उमेश गिरी, पप्पू कुमार, संजय, जलेश्वर प्रसाद, आशीष गुप्ता, प्रवीण, मनीष मौर्य, राजेश गुप्ता, बृजेश पुरोहित, सरला देवी, गायत्री देवी, चंदन कुमार, विनोद वर्मा, जयकुमार आदि उपस्थित रहे।

जिला पंचायत सदस्य संजीव चौहान ने विद्यालय को दिये 5 लाख

राजकीय प्राथमिक विद्यालय भट्टोंवाला की प्रधानाचार्य द्वारा जिला पंचायत सदस्य संजीव चौहान को भट्टोंवाला विद्यालय की विभिन्न समस्या से अवगत कराया गया। जिसे देखते हुए जिला पंचायत सदस्य संजीव चौहान ने विद्यालय के सौंदर्यकरण व मरम्मत के लिए पांच लाख रुपये देने की घोषणा की।
स्कूल का निरीक्षण करने के दौरान उन्होंने बच्चों से बातचीत की। जिन बच्चों के पास गरम स्वेटर व जूते नहीं थे, उनके लिए उन्होंने व्यवस्था करने के निर्देश दिये।
इस दौरान उनके साथ उप प्रधान आशु पोखरियाल, ग्राम पंचायत सदस्य संजय राणा, रविंद्र रमोला, विनीत रागढ़ पूर्व सैनिक, प्रीतम युवा मंगल दल अध्यक्ष व संगीता राणा महिला मंगल दल अध्यक्ष उपस्थित रहे।

नमामि गंगे के तहत खटीमा और ऋषिकेश को मिली 6 करोड़ की दो योजनाएं

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के सीमान्त क्षेत्र खटीमा से सटे झनकईयां स्थान पर 3.62 करोड़ के दो स्नान घाटों के निर्माण तथा ऋषिकेश में 2.50 करोड़ लागत वाली घाट क्लीनिंग परियोजना की स्वीकृति प्रदान किये जाने पर केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री का आभार जताया है।
ज्ञातव्य है कि राजीव रंजन मिश्रा, महानिदेशक, राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन की अध्यक्षता में नई दिल्ली में सम्पन्न बैठक में उत्तराखण्ड राज्य के सीमान्त क्षेत्र खटीमा से सटे झनकईयां स्थान पर 3 करोड़ 62 लाख की लागत से स्नान घाट परियोजना की स्वीकृति प्रदान की गयी है, इस परियोजना के अन्तर्गत 40-40 मीटर के दो स्नान घाटों का निर्माण किया जायेगा। गौरतलब है कि भारत-नेपाल सीमा से लगे होने के चलते यह घाट का सामरिक दृष्टि से अत्यन्त महत्वपूर्ण है। इसके साथ ही योग नगरी ऋषिकेश में घाटों की सफाई हेतु घाट क्लीनिंग परियोजना को भी स्वीकृति प्रदान हुई है। लगभग 2.5 करोड़ की लागत से ऋषिकेश में 2 वर्षों हेतु घाट क्लीनिंग परियोजना क्रियान्वित की जायेगी, जिसमें केन्द्र से 70 प्रतिशत एवं राज्यांश 30 प्रतिशत रहेगा।