भसीन ने कांग्रेस के सैनिक प्रेम को छलावा करार दिया

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष देवेंद्र भसीन ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि सैनिकों का असम्मान करने वाली कांग्रेस को उत्तराखंड में होने वाले चुनावों को देख कर आज सैनिकों की याद आ रही है, जो कि कांग्रेस का ढकोसला मात्र है ।
देवेंद्र भसीन ने रविवार को ऋषिकेश में भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय में पत्रकार वार्ता करते हुए कहा कि वह कांग्रेस जो कि सेनाध्यक्ष को गुंडा कहकर अपमानित कर रही थी ,और देहरादून की रैली में कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने जनरल रावत का पूरा नाम न लेकर अपमानित ही नहीं किया, अपितु उनकी शहादत को मृत्यु कहकर उनके सम्मान को भी गिराने का कार्य किया है।
वहीं कांग्रेस अब राज्य की जनता के साथ सैनिकों को लुभाने के लिए विपिन रावत के घर से रैली निकाल कर लोगों को लुभाने जा रही है, देवेंद्र भसीन ने कहा कि कांग्रेस जब सत्ता में थी तो उन्होंने सैनिकों को अपमानित करने के लिए उन्हें सैन्य सामान तो दिए नहीं, और दुश्मनों से मुकाबला करने के लिए उनके हाथ बांध दिए थे।
जिसके कारण काफी संख्या में सैनिक युद्ध के मैदान में पहले सामान ना होने के कारण बेमौत मारे जाते थे । अब जब भाजपा सरकार ने राफेल जैसे आधुनिक हथियारों के साथ साजो सम्मान के साथ सशक्त कर सेना को स्वयं निर्णय लेने की छूट दे दी है । तो आज वह कांग्रेस पूर्व सैनिकों के प्रति प्रेम दिखा रही है, जबकि इसके विपरीत भारतीय जनता पार्टी ने सैनिकों की वन रैंक वन पेंशन की मांग को पूरा ही नहीं किया बल्कि वह लागू भी कर दिया गया है।
जिसका कांग्रेस द्वारा विरोध भी किया गया भसीन कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि जिनके लिए था सेना द्वारा पाकिस्तान के खिलाफ की गई सर्जिकल स्ट्राइक के प्रमाण पत्र मांगे जाने के साथ पाकिस्तानी नेताओं और सैन्य अधिकारियों को गले लगाते हैं और उन्हें अपना भाई बताते हुए उनके सम्मान में कसीदे पढ़ते वह आज अपनी सेना का असमान कर अब चुनाव को देखकर उन्हें सम्मानित करने की बात कर रहे हैं।
इतना ही नहीं कांग्रेस ने चीन से गोपनीय समझौता भी किया है। लेकिन भारतीय जनता पार्टी उत्तराखंड की महान सैन्य परंपरा को नमन करते हुए नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड में सैन्य धाम की स्थापना कर रही है। जिसका निर्माण कार्य भी प्रारंभ हो चुका है। भाजपा ने उत्तराखंड में शहीद सैनिकों के सम्मान में शहीद सम्मान यात्रा प्रारंभ कर दी है। जिसके अंतर्गत पूरे सम्मान के साथ सैन्य धाम का निर्माण किया जा रहा है। सरकार ने सैनिकों के सम्मान के लिए कई कल्याणकारी योजना भी प्रारंभ की है।
देवेंद्र भसीन ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की डबल इंजन की सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों क आधार पर जनता से वोट मांगेगी जिसके लिए शनिवार से पूरे प्रदेश में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा द्वारा विजय संकल्प यात्राएं भी प्रारंभ की गई है ,जोकि 4550 किलोमीटर की होंगी उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में जनता के विश्वास के साथ भारतीय जनता पार्टी ही जनता के आशीर्वाद से पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।
इस मौके पर ऋषिकेश मंडल अध्यक्ष दिनेश सती, जिला मीडिया प्रभारी संपूर्ण सिंह रावत, संजय व्यास, जयंत किशोर शर्मा, राकेश चंद्र आदि उपस्थित रहे।

खटीमा में 268 करोड़ 92 लाख की योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को एकलव्य विद्यालय खटीमा मैदान में पहुंचकर एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय समेत 45 करोड़ 54 लाख 49 हज़ार की विभिन्न योजनाओं का लोकार्पण एवं 223 करोड़ 37 लाख 82 हजार की 84 योजनाओं का शिलान्यास किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने घोषणा करते हुए कहा कि उत्तराखण्ड में खेल विश्वविद्यालय का निर्माण हो रहा है जिसका नाम महाराणा प्रताप के नाम पर रखा जाएगा। खटीमा में कंजाबाग तिराहे का नाम महाराणा प्रताप के नाम पर रखा जाएगा। इस चौराहे पर महाराणा प्रताप की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। खटीमा में महाराणा प्रताप प्रशासनिक एकेडमी प्रशिक्षण केंद्र का निर्माण किया जाएगा। खटीमा के जनजातीय बाहुल्य क्षेत्रों में भूमसेन का निर्माण किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान अपने सम्बोधन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि खटीमा की जनता के समर्थन के बूते मुख्य सेवक के रूप में उन्हें काम करने का मौका मिला और जब भी हुए खटीमा आते हैं भावविभोर हो जाते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि खटीमा का थारू जनजातीय समाज सरल स्वभाव के साथ-साथ ईमानदार व्यक्तित्व का भी धनी है। जनजातीय समूहों का जीवन संस्कृति का एक विशेष दर्शन है जो प्रकृति के साथ समन्वय बिठाकर जीवन जीते हैं। उन्होंने कहा कि खटीमा की धरती स्वतंत्रता संग्राम की धरती रही है यहां से अनेक वीरों ने जन्म लिया है, चाहे राज्य गठन का आंदोलन हो या स्वतंत्रता संग्राम की घटना इस धरती का इतिहास वीरता के उदाहरणों से भरा हुआ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका हमेशा से सपना था कि खटीमा में कोई ऐसा संस्थान होना चाहिए जिसके माध्यम से जनजातीय बच्चे बहुत शानदार तरीके से आगे बढ़ें। अब वो सपना एकलव्य आवासीय विद्यालय के रूप में साकार हो रहा है जो जनजातियों के विकास में मील का पत्थर साबित होगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आज प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सैनिकों का सम्मान बढ़ा है। चार दशक पुरानी वन रैंक वन पेंशन की मांग को केन्द्र सरकार ने पूरा किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास के पथ पर निरंतर आगे बढ़ रहा है। प्रदेश में चार धाम ऑल वेदर रोड, केदारनाथ धाम और बदरीनाथ धाम के पुनर्निर्माण, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन, टनकपुर बागेश्वर रेल लाइन, कुमाऊं क्षेत्र में एम्स का सेटेलाइट सेंटर की स्थापना जैसे एक लाख करोड़ के विकास कार्य प्रदेश में चल रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम चाहते हैं कि हमारा युवा आत्मनिर्भर बने जिसके लिए हम स्वरोजगार से जुड़ी अनेक योजनाओं को संचालित कर रहे हैं। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री धामी ने घोषणा करते हुए कहा कि आने वाले समय में खटीमा में बाईपास की सुविधा मिलेगी, साथ ही जल्द खटीमा को नए बस अड्डे के निर्माण भी होगा।
इस दौरान अल्मोड़ा सांसद अजय टम्टा, विधायक नानकमत्ता प्रेम सिंह राणा, विधायक चंपावत कैलाश गहतोड़ी, कुमायूँ आयुक्त दीपक रावत, डीआईजी कुमायूँ निलेश आनंद भरणे, निदेशक जनजाति कल्याण संजय टोलिया, गीता धामी समेत जिला प्रशासन के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में जनजातीय समुदाय से जुड़े लोग मौजूद रहे।

उत्तराखंड में अगले पांच दिन और बढ़ेगा ठंड का प्रकोप

मौसम विभाग केंद्र देहरादून ने शीतलहर की आशंका जताते हुए यलो अलर्ट जारी किया है। केंद्र के अनुसार अगले चार पांच दिन शीतलहर और पाला गिरने से कड़ाके की ठंड रहने के आसार हैं। वहीं, मौसम विभाग ने आज अधिकतम तापमान 20 और न्यूनतम तापमान तीन डिग्री के आसपास रहने का अनुमान जताया है।
पहाड़ों से चल रही ठंड़ी बर्फीली हवाओं से शनिवार को राजधानी दून और आसपास के इलाकों में पारा गिर गया। इसके कारण लोगों को भीषण ठंड़ और शीतलहर झेलनी पड़ी। दिन में धूप होने के बावजूद तापमान काफी कम रहा। वहीं, रात को पारा करीब 14 डिग्री गिर गया। राजधानी में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से दो से चार डिग्री तक कम बना हुआ है। शनिवार को सुबह सामान्य समय पर धूप निकल आई लेकिन इसमें चमक और गर्मी काफी कम थी। पूरे दिन इसी तरह हल्की धूप लगी रही। इसके कारण दिन के तापमान में भी कमी दर्ज की गई। लोगों को दिन में भी गर्म कपड़े, मफलर, दस्ताने पहनने पड़े। शाम के समय तेज-तेज ठंड़ी हवाएं चलने से ठंड़ और ज्यादा बढ़ गई। मौसम केंद्र ने रविवार को भी कई इलाकों में शीतलहर रहने और पाला गिरने का अनुमान जताया है। हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर के मैदानी क्षेत्रों में घना कोहरा रहने से शीतदिवस की स्थिति रह सकती है। शनिवार को दिन में अधिकतम तापमान 17.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। यह सामान्य से चार डिग्री कम तापमान रहा। वहीं, रात को न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है। यह सामान्य से तीन डिग्री कम तापमान दर्ज किया गया। 
तीर्थनगरी ऋषिकेश शीतलहर की चपेट में आ गई है। अब ठिठुरन भरी ठंड में अलाव ही लोगों का एकमात्र सहारा है, लेकिन नगर निकायों की ओर से आधी अधूरी तैयारियों से लोग परेशान हैं। नगर निगम ऋषिकेश के 40 वार्डों में से मात्र छह जगह ही अलाव जलाए जा रहे हैं। 
समूचे कुमाऊं में शनिवार को शीतलहर का प्रकोप रहा। लोग आग सेंकते नजर आए। तराई-भाबर में कोहरे के साथ ही शीतलहर चलने से जनजीवन ठहर सा गया।
ऊधमसिंह नगर न्यूनतम तापमान के करीब पांच डिग्री सेल्सियस पहुंचने से शुरू हुई शीतलहर के चलते दिल्ली, पंजाब और देहरादून आदि रूटों की बसों का संचालन प्रभावित रहा। कुछ बसें एक से डेढ़ घंटे विलंब से पहुंचीं। काशीपुर में शनिवार को अधिकतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पंतनगर विवि के मौसम विज्ञानी डॉ. आरके सिंह के मुताबिक ऊधमसिंह नगर जिले में कड़ाके की ठंड के बीच शीतलहर शुरू हो गई है। चार से पांच दिनों तक इसी तरह शीतलहर जारी रहेगी। 
मुनस्यारी में रात के समय माइनस चार डिग्री तापमान होने से कई जगह पानी जमने लगा है। लोग अलाव के सहारे रात गुजार रहे हैं। पिथौरागढ़ में रात के समय अधिकतम तापमान आठ तो दिन का 16 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है।

नड़डा ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर किए राजनीतिक हमले

शीतलहर के बावजूद भाजपा की विजय संकल्प यात्रा में उमड़ी भीड़ सियासी तपिश महसूस कराने में कामयाब नजर आई। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के गृह विधानसभा क्षेत्र में आयोजित यात्रा भी पिछले कार्यक्रमों की तरह खासी सफल रही। यात्रा को सफल बनाने के लिए मदन कौशिक की रणनीति सफल दिखी। चार दिन तक यात्रा जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से गुजरेगी। संबंधित क्षेत्रों के विधायकों को भी इसी तरह यात्रा में भीड़ जुटाने के लिए अपनी परफॉरमेंस को दिखाना होगा।
वहीं, भीड़ को देख गदगद हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर करारा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के एक कथित युवा नेता कहते हैं कि देश ऐसे मजबूत नहीं होता। मैंने कहा कि देश तो बहुत मजबूत हुआ है, लेकिन आप बहुत कमजोर हो गए हो। अपनी कमजोरी को देश पर मत थोपो। तीन दिन पहले देहरादून में कांग्रेस की रैली में राहुल गांधी ने कहा था कि तोप जहाज से नहीं देश लोगों से मजबूत होता है। नड्डा ने कहा कि डबल इंजन की सरकार में उत्तराखंड में विकास की नई इबारत गढ़ी जा रही है। हालांकि विपक्षी नेताओं को राज्य का विकास नहीं दिखता क्योंकि उनके पास विजन ही नहीं है।
नड्डा ने कहा कि कोरोना वैक्सीनेशन को लेकर जो राजनीतिक दल जनता को गुमराह कर डराने का काम रहे थे उन्हें अब देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों के कारण ही विश्व स्तर पर भारत में पहली बार इतने बड़े पैमाने पर वैक्सीनेशन का काम किया गया। देश में 135 करोड़ लोगों को टीका लगाया जा चुका है। हरिद्वार में शनिवार को विजय संकल्प यात्रा के दौरान आयोजित रोड शो के बाद नड्डा ने कहा कि कोरोनाकाल में नौ माह के अंदर प्रधानमंत्री ने वैज्ञानिकों को प्रोत्साहित करके एक के बजाय दो टीके तैयार कराए। जिनसे आज देशवासी सुरक्षित हैं।

मुख्यमंत्री ने निभाया बेरोजगारों से किया वादा, पुलिस भर्ती के आदेश जारी

धामी सरकार ने बेरोजगार युवाओं को पुलिस विभाग में भर्ती के दरवाजे खोल दिए हैं। शासन ने सिपाहियों के 1521 और दरोगाओं के 197 पदों पर भर्ती की अनुमति दे दी है। इस सम्बंध में उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग अतिशीघ्र उत्तराखंड पुलिस भर्ती विज्ञप्ति जारी करने के आदेश दिए गए हैं।
बीते 4 जुलाई को मुख्यमंत्री का पदभार संभालते ही पुष्कर सिंह धामी ने कहा था कि युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना उनकी पहली प्राथमिकता है। सरकारी नौकरी के साथ स्वरोजगार मुहैया करवाकर ही पहाड़ी क्षेत्र से हो रहे पलायन को रोका जा सकता है। उन्होंने तुरंत विभिन्न सरकारी विभागों में रिक्त पड़े लगभग 24000 पदों पर नियुक्ति शुरू करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद अधिकांश विभागों ने अपने यहां रिक्त पदों के सापेक्ष भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। अब पुलिस विभाग के रिक्त पदों पर भर्ती के आदेश जारी किए गए हैं। सचिव डा. रंजीत कुमार सिन्हा की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि उत्तराखण्ड पुलिस के 1521 आरक्षी पदों और 197 उपनिरीक्षक पदों पर भर्ती का निर्णय शासन ने लिया है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग को इन पदों की भर्ती परीक्षा की विज्ञप्ति जारी करने और परीक्षा कार्यक्रम जारी करने के निर्देश दिए गए हैं। बताते चलें कि हाल ही में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ’देवभूमि बेरोजगार मंच’ के तहत रोजगार के लिए प्रदर्शन कर रहे युवाओं को आश्वासन दिया था कि अति शीघ्र पुलिस विभाग में भर्ती की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। बीते 17 दिसंबर को बेरोजगार युवाओं ने मुख्यमंत्री आवास कूच किया था। इस दौरान अधिकारियों के जरिए हुए वार्ता में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी दो दिन के भीतर पुलिस भर्ती प्रक्रिया शुरू करने का आश्वासन दिया था, जो आज पूरा हो चुका है।

सैन्य और पुलिस भर्ती की ट्रेनिंग दिला रहे खरोला

कांग्रेस प्रदेश महासचिव राजपाल खरोला ने कहा कि 26 दिसंबर से प्रशिक्षण शिविर शुरू होगा। जिसमें युवाओें को सैन्य व पुलिस भर्ती की ट्रेनिंग दी जाएगी। इसके लिए उन्होंने युवाओं को आज पंजीकरण करवा लेने का आह्वान किया है।
कांग्रेस प्रदेश महासचिव राजपाल खरोला ने कहा कि उत्तराखंड के युवा मातृभूमि की रक्षा के लिए हमेशा से ही अंग्रिम पंक्ति में खड़े रहते हैं। लेकिन कई युवा सही प्रशिक्षण नहीं मिल पाने से सैन्य व पुलिस भर्ती में बाहर हो जाते है। इसलिए भर्ती से पूर्व प्रशिक्षण शिविर की एक मुहिम शुरू की गई है। जिसमें 17 से 25 वर्ष आयु के युवा 19 दिसंबर को मार्टिज होटल, रायवाला और रॉयल गार्डन विस्थापित पशुलोक ऋषिकेश में प्रशिक्षण हेतु अपना पंजीकरण करवा सकते हैं। जिसके बाद 26 दिसंबर से प्रशिक्षण शुरू होगा। उन्होंने युवाओें से इस प्रशिक्षण शिविर का लाभ उठाने का आह्वान किया।

जनता खुद तय करे अपनी विधानसभा का घोषणा पत्र-रमोला

एआईसीसी के सदस्य जयेन्द्र रमोला ने बताया कि हमारी ओर से आपकी आवाज़ हमारी प्रतिज्ञा के नाम से ऋषिकेश का अपना घोषणापत्र जल्दी जारी किया जायेगा। जिसमें ऋषिकेश विधानसभा के लोग तय करेंगे कि ऋषिकेश की मूलभूत समस्याए जिनको आज तक घोषणापत्र से दूर रखा गया, उन्हें घोषणा पत्र में शामिल किया जाये।
रमोला ने बताया कि हमारी पार्टी ने प्रदेश स्तर पर भी घोषणापत्र में आमजन से सुझाव मांगे हैं। साथ ही हमने ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र में आपकी आवाज हमारी प्रतिज्ञा अभियान शुरू करने जा रहे हैं जिससे हम आम जनमानस से क्षेत्र हित में उनके सुझाव को अपने प्रतिज्ञा पत्र में शामिल करेंगे।
उन्होंने बताया कि आज हमने इस अभियान के तहत कृष्णानगर कॉलोनी में डोर टू डोर पहुंच कर आम जनमानस से संवाद स्थापित किया व उनसे क्षेत्र की समस्याओं से रूबरू हुए। रमोला ने बताया कि अपने क्षेत्र की आवाज़ को हमारी प्रतिज्ञा बनाने के लिए सोशल मीडिया जैसे व्हाट्सएप, ईमेल के माध्यम से भी सुझाव भेज सकते हैं ताकि हम उनकी ज़रूरी आवाज़ को अपने घोषणापत्र में सम्मिलित कर सकें। रमोला ने जानकारी दी कि जल्द ही इस कार्यक्रम का चार्ट जारी किया जायेगा।
आज डोर टू डोर अभियान में बिजेन्द्र कुमार, महेन्द्र कुमार, बाबूराम, सुनील कुमार, रवि कुमार, जितेन्द्र, शीतल, रामरति देवी, सीमा देवी, रजनी देवी, रवीन्द्र, प्रीति, कुसुम, आकाश आदि शामिल रहे।

एमडीडीए को समय से कार्य पूरा करने के दिए निर्देश

ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) के माध्यम से किए जा रहे विभिन्न निर्माण एवं प्रस्तावित कार्यों को लेकर उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने एमडीडीए के अधिकारियों के संग समीक्षा बैठक की। इस दौरान अग्रवाल ने निर्माण कार्यों को समय पर गुणवत्ता एवं मानकों के अनुरूप करने के निर्देश भी दिए।
विधानसभा अध्यक्ष ने इस दौरान त्रिवेणी घाट के सौंदर्यकरण कार्य की प्रगति के संबंध में अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की। जिस पर अधिकारियों द्वारा बताया गया कि त्रिवेणी घाट कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने चौराहों के सौंदर्यीकरण एवं सुदृढ़ीकरण किए जाने के संबंध में विभाग द्वारा अभी तक की गई कार्रवाई को लेकर जानकारी ली। विधानसभा अध्यक्ष ने ऋषिकेश के विभिन्न चौराहों के सौंदर्यीकरण कार्य किए जाने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया।
अग्रवाल ने ऋषिकेश में नगर निगम के कार्यालय पर प्रस्तावित बहुमंजिला पार्किंग व्यवस्था के संबंध में एमडीडीए के द्वारा अभी तक की गई कार्रवाई के बारे में जानकारी ली। साथ ही गंभीरता से पार्किंग की समस्या का शीघ्र समाधान करने के लिए कहा।‌ अधिकारियों द्वारा विधानसभा अध्यक्ष को अवगत किया गया कि इस संबंध में 21 दिसंबर को एमडीडीए एवं नगर निगम की संयुक्त बैठक मुख्य सचिव की अध्यक्षता में आहूत की गई है। अग्रवाल ने एमडीडीए के द्वारा स्वीकृत 2 पार्कों के सौंदर्यीकरण कार्य के बारे में भी जानकारी ली साथ ही विधानसभा अध्यक्ष ने इस दौरान एमडीडीए एवं नगर निगम को आपसी सामंजस्य बनाने के निर्देश दिए।
विधानसभा अध्यक्ष ने बैठक के दौरान एमडीडीए के माध्यम से क्षेत्र के अंतर्गत हरिपुर कला, गुमानीवाला, श्यामपुर, मोतीचूर, गढ़ी मयचक सहित अन्य क्षेत्रों की प्रस्तावित आंतरिक सड़क मार्गाे की प्रगति के संबंध में समीक्षा की।
इस दौरान एमडीडीए के सचिव द्वारा बताया गया कि एमडीडीए के माध्यम से हरिपुर कला में 61.82 लाख रुपए, श्यामपुर भट्टा कॉलोनी में 31 लाख रुपए, भट्टोवाला में 11 लाख, हरिपुर कला में 83 लाख रूपए की लागत से सड़क मार्गों का निर्माण कार्य पूर्ण किया जा चुका ह। साथ ही गढ़ी मयचक में 11.80 लाख रुपए, हरिपुर कला में 34.87 लाख रुपए, गुमानीवाला में 15.45 लाख रुपए, श्यामपुर भल्ला फार्म में 13.80 लाख रुपए, श्यामपुर में 6.81 लाख रुपए, इंद्रानगर में 10.70 लाख रूपए की लागत से आंतरिक सड़क मार्गों का निर्माण कार्य प्रस्तावित है, जिसमें विभाग द्वारा टेंडर प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। शीघ्र ही निर्माण कार्य प्रारंभ किए जाएंगे।
इस अवसर पर अग्रवाल ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जो निर्माण कार्य पूर्ण हो चुके है, उनका शीघ्र उद्घाटन किया जाए। साथ ही जो निर्माण कार्य प्रारंभ किए जाने हैं, उनका शिलान्यास करवाया जाए।
इस अवसर पर एमडीडीए के सचिव एम एस बर्निया, अधिशासी अभियंता श्याम मोहन शर्मा, सहायक अभियंता अजय मलिक, अवर अभियंता महिपाल सिंह अधिकारी, अवर अभियंता संजय पवार मौजूद थे।

विजय रथ को विस अध्यक्ष ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रदेश एवं केंद्र सरकार की योजनाओं के प्रचार प्रसार के लिए आज ऋषिकेश विधानसभा में देहरादून रोड से विजय रथ को हरी झंडी दिखाकर विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने रवाना किया।
इस अवसर पर विस अध्यक्ष अग्रवाल ने कहा कि इस रथ के माध्यम से सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जन उपयोगी योजनाओं का प्रचार प्रसार विभिन्न क्षेत्रों में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रदेश के लिए जो चुनावी घोषणा पत्र बनाया जा रहा है उस घोषणापत्र के लिए स्थानीय लोगों के सुझाव इस रथ के माध्यम से एकत्रित किए जाएंगे। अपने सुझाव जन सामान्य इस रथ में लगी सुझाव पेटिका में डाल सकते हैं ताकि चुनावी घोषणापत्र में आम जनमानस के सुझावों को भी सम्मिलित किया जा सके।
उन्होंने कहा कि ऋषिकेश विधानसभा के प्रत्येक क्षेत्र में विकास हुआ है और उन सभी बातों को विजय रथ के माध्यम से लोगों तक पहुंचाया जाएगा। रथ में एलईडी टीवी लगी हुई, जिसमें लोग सरकार की योजनाओं को देख व सुन पाएंगे। ऋषिकेश विधानसभा के विभिन्न क्षेत्रों में लोगों के बीच में यह विजय रथ चलाया जाएगा।
इस अवसर पर एलईडी विजय रथ कार्यक्रम के विधान सभा ऋषिकेश के संयोजक रविन्द्र सिंह राणा द्वारा ऋषिकेश मंडल से भूपेंद्र राणा, वीरभद्र मंडल से सुंदरी कंडवाल, श्यामपुर मंडल से विजेंद्र राणा को प्रभारी नियुक्त किया गया है। जो अपने-अपने मंडल के अंतर्गत इस विजय रथ की व्यवस्था देखेंगे तथा जनमानस से सुझाव आमंत्रित कर सुझाव पेटिका में डालेंगे।
इस कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष ऋषिकेश दिनेश सती, मंडल अध्यक्ष श्यामपुर गणेश रावत संदीप गुप्ता, प्रदेश उपाध्यक्ष कुसुम कंडवाल सुमित पंवार, जयंत शर्मा, सुंदरी कंडवाल, संजय शास्त्री, गोपाल सती, शिव कुमार गौतम, राम रतन रतूड़ी, माया घले, लक्ष्मी गुरुंग, पुनीता भंडारी, रीना शर्मा, ब्रिजेश शर्मा, अजय गुप्ता, अनीता तिवाड़ी, हरीश तिवाड़ी, राजेश दिवाकर, राकेश पारछा, सोनू प्रभाकर, राजू नरसिम्हा, प्रदीप कोहली, भूपेंद्र राणा, अनामिका अग्रवाल, राकेश चंद, सचिन अग्रवाल, सुनील चौरसिया, हरि शंकर प्रजापति, राहुल कुमार, उषा जोशी, विनोद भट्ट, संदीप सिलसवाल, प्रतीक कालिया आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

धनोल्टी विधानसभा में 1 अरब 41 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधानसभा धनोल्टी के अंतर्गत विकासखण्ड मुख्यालय कंडीसौड पहुंचकर नागराजा मंदिर में पूजा अर्चना की। इसके उपरांत उन्होंने विकासखण्ड कार्यालय प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में 1 अरब 41 करोड़ 37 लाख लागत की कुल 21 योजनाओं का शिलान्यास किया। जिसमे पेयजल निगम की 6, जल संस्थान की 10, पीएमजीएसवाई द्वितीय तथा लोनिवि की 2-2 योजनाएं व ग्रामीण निर्माण विभाग की 1 योजना शामिल है।
सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि जब से मुख्य सेवक के रूप में जनता की सेवा करने का मौका मिला तब से हमारी सरकार विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्य कर रही है। उन्होंने कहा युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए विभिन्न विभागों में रिक्त चल रहे 24000 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू हो गई है साथ ही युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए प्रत्येक जिले में कैंप लगाए जा रहे हैं मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के अंतर्गत तमाम युवाओं को ऋण वितरित किए जा रहे हैं.। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना की वजह से अनेक लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा , पर्यटन से जुड़े लोगों के लिए 200 करोड़ का राह पैकेज दिया। उन्होंने कहा सरकार ने निर्णय लिया कि सरकारी भर्ती प्रक्रियाओं में आवेदकों को अधिकतम आयु सीमा में एक वर्ष की छूट दी जायेगी। साथ ही मार्च 2022 तक विभिन्न भर्तियों का आवेदन शुल्क माफ किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आजीविका मिशन, स्वयं सहायता समूहों, कलस्टरों के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में कार्य करने वाली प्रदेश की बहनों को 5 लाख रूपये तक का ऋण बिना ब्याज दिया जा रहा है। साथ ही ग्राम प्रधानों का मानदेय 1500 रूपये से बढ़ाकर 3500 रूपये किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज के हर वर्गों को ध्यान में रखते हुए प्रदेश में अनेक जन कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में आज हिन्दुस्तान विकास की नई ऊंचाईयों को छू रहा है। साथ ही भारत का दुनिया में मान-सम्मान बढ़ा रहा है, उन्होंने कहा भारत को सशक्त एवं आत्मनिर्भर भारत बनाने के लिए प्रधानमंत्री कार्य कर रहे हैं। उन्हीं के पद्चिन्हों पर चलकर राज्य में विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है। क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों द्वारा मुख्यमंत्री को सौंपे गए मांग पत्र पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राप्त मांग पत्रों का परीक्षण किया जाएगा।
इस अवसर पर स्थानीय विधायक प्रीतम सिंह पंवार, पूर्व कैबिनेट मंत्री नारायण सिंह राणा, पूर्व विधायक महावीर सिंह रांगड़, जिलाधिकारी इवा आशीष श्रीवास्तव, एसएसपी तृप्ति भट्ट, प्रमुख थौलधार प्रभा बिष्ट, डीसीबी के अध्यक्ष सुभाष रमोला, जिलाध्यक्ष बीजेपी विनोद रतूड़ी, गोविंद सिंह रावत, राजेन्द्र जुयाल, रामचंद्र खंडूरी, मीरा सकलानी के अलावा जिला स्तरीय अधिकारी व स्थानीय जनता उपस्थित रहीं।