सीएम घोषणाओं को पूरा करने के लिए वित्तीय स्वीकृति दी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधानसभा क्षेत्र सहसपुर के अन्तर्गत मुख्यमंत्री घोषणा के क्रम में विभिन्न कार्याे हेतु वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधानसभा क्षेत्र सहसपुर के अन्तर्गत बलूनीवाला फीडर के मरम्मत की योजना हेतु 19.44 लाख रूपये, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी नहर के हैड के सुदृढ़ीकरण की योजना हेतु 20.44 लाख रूपये, कोटड़ा सन्तोर नहर के हैड का सुरक्षात्मक कार्य हेतु 19.78 लाख रूपये, जामुनवाला नहर के जीर्णाेद्धार हेतु 19.34 लाख रूपये, कण्डोली बिधौली नहर के कि.मी. 0.800 से 0.900 के मध्य एक्वाडक्ट के सुदृढ़ीकरण हेतु 19.93 लाख रूपये, ग्राम पंचायत डूंगा नहर के कुलावा नं. 02 के मरम्मत हेतु 17.47 लाख रूपये, ग्राम पंचायत भगवानपुर में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी नहर की ग्राम राजावाला फीडर के जीर्णाेद्धार हेतु 22.94 लाख रूपये, धूमनगर नहर के कुलावा नं. 09 के मरम्मत हेतु 24.90 लाख रूपये के साथ ही कोलागढ़ नहर के अन्तर्गत मोहनपुर स्मिथनगर आदि क्षेत्रों की निकासी योजना हेतु 19.85 लाख रूपये की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है।
वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री घोषणा के क्रम में चकरपुर वन चेतना मैदान में खेल स्टेडियम के निर्माण हेतु 16 करोड़ 16 लाख रूपये की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।
सूचना एवं लोक सम्पर्क विभाग

चुनावी धार देने को भाजपा ने तैयार की रणनीति

उत्तराखंड में अगले वर्ष मार्च से पहले चुनाव होने हैं। इसे देखते हुए सभी दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में भाजपा ने भी चुनावी गतिविधियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने संकल्प रथ विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में रवाना करने शुरू कर दिए हैं। वार्ड स्तर पर बैठकों का दौर भी चल रहा है, जिनमें सभी कार्यकर्त्ताओं को एकजुट करते मिशन-2022 की जिम्मेदारी सौंपी जा रही है।
भाजपा ने आगामी विधानसभा चुनावों 2022 के लिए पार्टी की रीति-नीति व सरकार की योजनाओं को घर-घर पहुंचाने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए अन्य राज्यों के पार्टी नेताओं और कार्यकर्त्ताओं का भी सहयोग लिया जाएगा, जो प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में सांगठनिक व चुनाव की दृष्टि से जुटेंगे। इस कड़ी में 16 दिसंबर को हिमाचल, दिल्ली और हरियाणा से भाजपा के 168 पार्टी नेताओं व कार्यकर्त्ताओं का जत्था उत्तराखंड आ रहा है।
चुनाव के लिए पार्टी के प्रचार प्रसार को धार देने के लिए अब दूसरे प्रदेशों के भाजपा नेताओं और कार्यकर्त्ताओं को भी उत्तराखंड में जिम्मेदारी सौंपी जा रही है। भाजपा उन सभी राज्यों से यहां वरिष्ठ नेताओं व कार्यकर्त्ताओं को लाने की तैयारी कर रही है, जहां अभी चुनाव नहीं हैं। पहले चरण में हिमाचल, हरियाणा और दिल्ली से भाजपा कार्यकर्त्ता उत्तराखंड आ रहे हैं। इन तीनों राज्यों से कुल 168 कार्यकर्त्ता 16 दिसंबर को उत्तराखंड पहुंचेंगे।
प्रदेश संगठन ने इनकी भूमिका भी तय कर दी है। दो-दो कार्यकर्त्ताओं को प्रत्येक विधानसभा में तैनात किया जाएगा, जो स्थानीय भाजपा नेताओं के साथ घर-घर जाकर प्रचार को गति देंगे और पार्टी द्वारा दी गई अन्य जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे। इसके अलावा शेष कार्यकर्त्ताओं जिला व प्रांत स्तर पर सांगठनिक दृष्टि से और चुनावी दृष्टि से प्रचार-प्रसार का जिम्मा संभालेंगे। इन्हें भाजपा मुख्यालय से लेकर जिलों में अहम भूमिका दी जाएगी। भाजपा प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने इसकी पुष्टि की।

गौलापार अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में होगी पीएम की रैली

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली के लिए गौलापार अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम स्थल को चिन्हित किया गया है। आगामी 24 दिसंबर को यहां पर प्रधानमंत्री की रैली प्रस्तावित है। भाजपा ने पीएम मोदी की रैली के लिए एक लाख की भीड़ जुटने की बात कही है। जानकारी के मुताबिक नैनीताल (हल्द्वानी) जिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यह पहली रैली होगी।
नैनीताल जिला प्रभारी मंत्री यतीश्वरानंद, शहरी विकास मंत्री बंशीधर भगत, विधायक राम सिंह कैड़ा, विधायक लालकुआं नवीन दुम्का, भाजपा के महामंत्री संगठन अजेय, वरिष्ठ भाजपा नेता ज्योति गैरोला समेत अन्य नेता मंगलवार को यहां मौजूद थे। वहीं भाजपा ने पीएम मोदी की रैली के लिए एक लाख की भीड़ जुटने की बात कही है। जानकारी के मुताबिक नैनीताल (हल्द्वानी) जिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यह पहली रैली होगी।
शहरी विकास मंत्री बंशीधर भगत ने बताया कि इससे पूर्व रैली के लिए एमबी इंटर कॉलेज, मिनी स्टेडियम हल्द्वानी आदि जगहों को देखा गया था। अब अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम को चिन्हित किया गया है। इसकी सूचना पीएमओ कार्यालय को भेजी जाएगी।

बाल बाल बचे डा. धनसिंह रावत, पाले के कारण कार पलटी

उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री डा. धन सिंह रावत मंगलवार को हादसे में बाल बाल बचे। पौड़ी से देहरादून लौट रहे मंत्री का वाहन थलीसैंण में पाले के चलते बीच सड़क पर पलट गया। बताया जा रहा कि मंत्री को हल्‍की चोट आई हैं।
कैबिनेट मंत्री डा. धन सिंह रावत मंगलवार को थलीसैंण से विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद शाम को देहरादून को लौट रहे थे। इस दौरान चोरिखाल के समीप उनका वाहन सड़क में जमे पाले में रपटकर सड़क पर ही पलट गया। मंत्री को हल्की चोट आई हैं। मंत्री के साथ जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन नरेंद्र रावत, मातवर सिंह भी मौजूद थे, सभी ठीक हैं। पौड़ी के जिलाधिकारी डा. विजय कुमार जोगदंडे ने बताया कि वाहन सड़क में पलट गया था, हल्की चोट है। थैलीसैण से पुलिस टीम को भी भेज दिया गया था, अभी सभी भरसार यूनिवर्सिटी के गेस्ट हाउस में हैं।

देहरादून की त्रिशला ने यूपीएससी में देश में पाया दूसरा स्थान

यूपीएससी के नतीजे घोषित हो गए हैं। यूपीएससी की परीक्षा में देहरादून की त्रिशला सिंह ने देश में दूसरी रैंक हासिल की है। कोरोना काल में घर में पढ़ाई कर त्रिशला ने यूपीएससी में दूसरा स्थान हासिल किया है। यूपीएससी परीक्षा देने के लिए त्रिशला ने एमएनसी की नौकरी को छोड़ दी थी। त्रिशला ने देहरादून से ही स्कूली शिक्षा हासिल की और मास्टर करने के बाद एमएनसी में नौकरी करने लगीं।
त्रिशला के पिता डॉ. कौशल कुमार और माता ने कहा कि बेटी ने परिवार के साथ उत्तराखंड का नाम रोशन किया है। त्रिशला का छोटा भाई पार्थ पेशे से सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं। त्रिशला ने बताया कि उन्होंने लॉकडाउन के दौरान लिखित परीक्षा और दो महीने साक्षात्कार के लिए पढ़ाई की और उन्हें सफलता हाथ लगी।

मुख्यमंत्री परिषद में पीएम मोदी को धामी ने दिलाया विश्वास

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को वाराणसी में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में आयोजित सुशासन सम्मेलन (मुख्यमंत्री परिषद) में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर राज्य की ओर से बेस्ट प्रैक्टिस के तहत उत्तराखण्ड होम स्टे पर प्रस्तुतीकरण दिया गया। प्रस्तुतीकरण के दौरान जानकारी दी गई कि राज्य में स्वरोजगार के अवसर प्रदान करने, नये पर्यटन स्थलों को विकसित करने, पर्यटकों को राज्य की संस्कृति से परिचित कराने एवं पलायन को रोकने के उद्देश्य से राज्य में होम स्टे पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। होम स्टे के तहत राज्य में दीन दयाल उपाध्याय होम स्टे योजना, ट्रेकिंग ट्रेक्सन सेंटर होम स्टे अनुदान योजना चलाई जा रही है। दीन दयाल उपाध्याय होम स्टे योजना के तहत होमस्टे का पंजीकरण कराना अनिवार्य है। लाभार्थी को 15 लाख रूपये तक पूंजी सहायता एवं ब्याज सहायता 1.50 लाख तक दी गई है। 5 वर्षों हेतु राज्य जीएसटी की 100 प्रतिशत प्रतिपूर्ति की व्यवस्था की गई है।
राज्य में 3700 से अधिक होम स्टे पंजीकृत हैं। 14.53 करोड़ की पूंजी सहायता वितरित की जा चुकी है। इस योजना से 8 हजार से अधिक रोजगार का सृजन हुआ है। राज्य सरकार द्वारा होम स्टे संचालकों को गांवों में पर्यटन के बुनियादी ढ़ाचे के विकास, निजी वेब-साईट पर होम स्टे विज्ञापित करने, सरकारी वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन प्रचार, निःशुल्क प्रशिक्षण, ट्रैवल मार्ट में निःशुल्क भागीदारी एवं गुणवत्ता निर्धारण हेतु सरकार द्वारा ग्रेडिंग की सुविधाएं दी जा रही हैं।
राज्य में सीमान्त क्षेत्रों से पलायन रोकने एवं एवं पर्वतारोहण की गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाई जा रही ट्रेकिंग ट्रेक्सन सेंटर होम स्टे अनुदान योजना हेतु वित्तीय अनुदान की व्यवस्था है। इस योजना के तहत अक्टूबर 2021 तक 120 लाभार्थियों को 3.20 करोड़ का अनुदान स्वीकृत किया जा चुका है।
सुशासन सम्मेलन के दौरान उत्तराखण्ड की ओर से अटल आयुष्मान योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी), पी.एम.स्ट्रीट वेंडर आत्मनिर्भर निधि योजना एवं स्वामित्व योजना पर भी प्रस्तुतीकरण दिया गया।
प्रस्तुतीकरण के दौरान जानकारी दी गई कि अटल आयुष्मान योजना के तहत राज्य में 45.22 लाख आयुष्मान कार्ड निर्गत किये जा चुके हैं। कार्डों का वितरण निःशुल्क किया जा रहा है। चिकित्सालयों को एक सप्ताह के अन्दर भुगतान किया जा रहा है। शिकायतों के निवारण हेतु 155368 टोल फ्री कॉल सेंटर की सुविधा एवं पर्वतीय अंचल के चिकित्सालयों हेतु पैकेज दरों के अतिरिक्त 10 प्रतिशत प्रोत्साहन धनराशि का भुगतान किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत भारत सरकार से प्राप्त लक्ष्य के तहत फेज-1 में 12662 लाभार्थियों को चयनित किया गया जिसके सापेक्ष 12427 आवास पूर्ण हो चुके हैं। फेज-2 में भारत सरकार से 16472 आवास बनाने का लक्ष्य मिला है, जिस पर कार्यवाही गतिमान है। इस योजना के तहत राज्य सरकार द्वारा लाभार्थियों को बर्तन खरीद हेतु प्रति लाभार्थी 5 हजार रूपये की अतिरिक्त सहायता दी जा रही है। सभी पात्र भूमिहीन परिवारों को राज्य सरकार द्वारा भूमि पट्टा आवंटित किया जा रहा है। आवासीय कालोनियों के विकास के लिए बिजली, पानी, सड़क, नाली की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) में बी.एल.सी. के तहत 3802, सी.एल.एस.एस के तहत 13287 एवं ए.एच.पी के तहत 464 आवासों की कार्यवाही पूर्ण हो चुकी है। डीबीटी के माध्यम से लाभार्थियों को धनराशि का वितरण किया जा रहा है। आवासों की जियो टैगिंग की जा रही है। राज्य सरकार द्वारा बी.एल.सी. के तहत 50 हजार रूपये एवं ए.एच.पी के तहत 1 लाख रूपये का अतिरिक्त अनुदान दिया जा रहा है। निशुल्क भू-उपयोग परिवर्तन की व्यवस्था की गई है। पीएमएवाई के लाभार्थियों हेतु 50 वर्ग मीटर नजूल भूमि के निःशुल्क आवंटन की व्यवस्था की गई है।
पी.एम. स्ट्रीट वेंडर आत्मनिर्भर निधि योजना के तहत 11543 स्वीकृत आवेदनों में से 10101 लाभार्थी लाभान्वित हो चुके हैं। इस योजना के तहत राज्य सरकार द्वारा लाभार्थियों को 02 प्रतिशत अतिरिक्त ब्याज अनुदान दिया जा रहा है एवं स्टाम्प ड्यूटी में छूट दी जा रही है।
स्वामित्व योजना के तहत राज्य में 2409 ग्रामों के 102291 अभिलेख तैयार किये गये हैं। जिसमें से 98236 अभिलेख वितरित किये गये हैं। इस योजना के तहत चार जनपदों पौड़ी गढ़वाल, ऊधमसिंहनगर, हरिद्वार एवं देहरादून में सर्वेक्षण कार्य पूर्ण हो चुका है, शेष जनपदों में सर्वेक्षण कार्य की प्रक्रिया गतिमान है।

स्वच्छता सर्वेक्षण 2022 के लिए नगर पालिका मुनिकीरेती ने जागरुकता अभियान शुरु किया

नगर पालिका परिषद मुनीकीरेती-ढालवाला द्वारा स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत स्वच्छता सर्वेक्षण 2022 के संबंध में नगर क्षेत्र में जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इसके तहत नगर क्षेत्र के लाल बहादुर शास्त्री स्कूल एवं ढालवाला प्राथमिक विद्यालय में स्काउट गाइड के द्वारा कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में छात्र-छात्राओं को अधिशाषी अधिकारी बद्री प्रसाद भट्ट द्वारा स्वच्छ सर्वेक्षण 2022, सोर्स सेग्रीगेशन, होम कंपोस्टिंग एवं कूड़े को निस्तारण के संबंध में संबंध में बेहतर रूप से जानकारी दी गई। साथ ही जागरूक करते हुए अपेक्षा की गई कि पालिका के इस जागरूकता अभियान में सभी छात्र-छात्राएं बढ़ चढ़कर हिस्सा लेंगे।
इस दौरान स्काउट गाइड के डी. बहुगुणा, रमेश रतूड़ी, ब्रह्म प्रकाश यादव, शांति रतूड़ी आरके पोखरियाल, पालिका से स्वास्थ्य लिपिक दीपक कुमार, सत्येंद्र थपलियाल, मनोज थपलियाल, वीरेंद्र सिंह आदि उपस्थित रहे।

खरोला ने युवाओं को समझाई वोट की ताकत, वोटर बनने की अपील की

कांग्रेस के प्रदेश महासचिव राजपाल खरोला ने जानकारी देते हुए बताया कि आज ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र में 11 दिवसीय मतदाता जागरूकता अभियान के दसवे दिन की पदयात्रा के कार्यक्रम के तहत नगर निगम वार्ड संख्या 34, 35, 36, 37 के अंतर्गत मालवीय नगर, अमित ग्राम पूर्व, अमित ग्राम पश्चिम, मनसा देवी क्षेत्रों में युवाओं को वोट बनाने के लिए जागरूक किया।
खरोला ने कहा कि मतदान करना सभी नागरिकों का कर्तव्य है। यह एक महापर्व की भांति है, जिसके माध्यम से सभी धर्म, जाति, समुदाय के द्वारा चुनकर आने वाला जन प्रतिनिधि उनके सर्वांगिण विकास के लिए सरकारी कार्यों व योजनाओं का निर्धारण करते हैं।
खरोला ने कहा कि राष्ट्रहित में अपने मताधिकार का प्रयोग कर कर्तव्य का निर्वहन करना चाहिए। 18 वर्ष की आयु 1-1 2022 को पूर्ण करने वाले सभी युवाओं का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित होना चाहिये, वोट मतदान करेंगे तो हमारे समाज का और राष्ट्र का विकास होगा। मतदान करना हमारे अधिकार के साथ-साथ समाज सेवा राष्ट्र सेवा भी है हम सबको इस सेवा का पुण्य जरूर कमाना चाहिए।
इस दौरान मनोज भाई, देवेंद्र रावत, दीपक धमांदा, विजय पाल पवार, मान सिंह राणा, सतीश कौशिक, सरोज देवराडी, सावित्री देवी, योगराज दत्त नौटियाल, गज्जू खरोला, गब्बर कैंतुरा, मोहम्मद याकूब, विकास केवट, राजन बिष्ट, आदि लोग उपस्थित रहे।

पुलिस ने बंद घर में चोरी करने के आरोप में किया गिरफ्तार

कोतवाली पुलिस के मुताबिक राजीव सिंघल पुत्र स्व. नंद किशोर सिंघल निवासी आदर्शनगर ने बताया कि 12 दिसंबर को अज्ञात चोरों ने उनके घर से ज्वेलरी सहित अन्य सामान चुरा लिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान सोमवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने हरिद्वार रोड स्थित पुरानी चुंगी के पास से दो लोगों को पकड़ा।
कोतवाल रवि सैनी ने बताया की आरोपियों की पहचान सुल्तान अली पुत्र हैदर अली, नरेश पुत्र प्रसादी लाल दोनों निवासी गोविंदनगर, झुग्गी झोपड़ी के रूप में हुई है। बताया कि आरोपियों से चोरी का माल भी बरामद किया गया है। टीम में उपनिरीक्षक मुकेश नेगी, कांस्टेबल संदीप छाबड़ी, सचिन सैनी, कमल जोशी, सोनी, मनोज आदि शामिल रहे।

मासूम जिदंगियों से अपने शौक करवाता था पूरा, पुलिस ने की कार्रवाई

विशेष मानव तस्करी रोकथाम इकाई और पुलिस द्वारा चलाए गए अभियान के तहत ऋषिकेश में मासूम बच्चों की आड़ में भीख मांग कर अपने शौक पूरे करने वाले एक व्यक्ति को दो मासूम बच्चों के साथ पकड़ लिया है।
चाइल्ड हेल्पलाइन के सदस्य हेमंत कुमार कुमार ने बताया कि मंगलवार को विशेष मानव तस्करी रोकथाम इकाई और पुलिस की टीम द्वारा ऋषिकेश में बच्चों की आड़ में भीख मांगने वाले एक भिखारी की शिकायत ऋषिकेश के सामाजिक कार्यकर्ता अमित वत्स द्वारा टीम को पिछले काफी समय से दी जा रही थी कि एक साधु ऋषिकेश में छोटे मासूम बच्चों को त्रिवेणी घाट सहित सार्वजनिक स्थानों पर बैठा कर चला जाता है। शाम तक जितने भी पैसे इकट्ठे होते हैं उनको एकत्रित कर ले जाता है।
इस शिकायत को टीम के सदस्यों ने गंभीरता से लेते हुए मंगलवार को ऋषिकेश में चाइल्ड हेल्पलाइन की सदस्य ऋषिकेश प्रभारी रचना, यशवीर रावत, नीलम चौहान और पुलिसकर्मी मनवीर शाह, धर्मेंद्र कुमार, रैना रावत ने नगर के विभिन्न क्षेत्रों में त्रिवेणी घाट, मेन बाजार और हरिद्वार मार्ग पर छापेमारी की।
उन्होंने देखा कि सड़क के किनारे एक ढाई वर्ष की मासूम बच्ची रूपा और 8 महीने का बच्चा सड़क के किनारे बिछी चादर पर बैठा था। चादर पर लोग खाने पीने का सामान और पैसे डालकर जा रहे हैं। लेकिन उनके पास कोई भी बड़ा व्यक्ति नहीं था। जिसे देखकर टीम के सदस्य बच्चों को बैठाने वाले व्यक्ति की तलाश में प्रतीक्षा करते रहे।
कुछ समय बाद इन बच्चों के पास सूरज पुत्र राजेंद्र ईसापुर तहसील, तिलहर पोस्ट ऑफिस निगोही जिला शाहजहांपुर आया और बच्चों के पास से पैसे इकट्ठे करने लगा जिसे उक्त टीम ने मौके पर ही पकड़ लिया। उससे पूछताछ की गई तो उसने बताया कि यह दोनों बच्चे उसी के हैं, और वह बच्चों की आड़ में अपने शौक पूरे करने के लिए भिक्षावृत्ति करता है। जो कि हाल में ऋषिकेश के बाजार में ही रात को सोता है। जिसे टीम पकड़ कर देहरादून ले गई है। टीम सदस्य हेमंत कुमार धीमान ने बताया कि पकड़े गए बच्चों को टीम सदस्यों ने बाल कल्याण समिति को देखभाल के लिए सौंप दिया है। सूरज को कल सक्षम मजिस्ट्रेट के सम्मुख अग्रिम कार्रवाई के लिए पेश किया जाएगा।