प्रेम सिंह बिष्ट ने जीवन पर्यंत सामाजिक क्षेत्र में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया-विस अध्यक्ष

ऋषिकेश के पूर्व प्रधान स्व. प्रेम सिंह बिष्ट की छठी पुण्यतिथि पर मंगलवार को इंदिरा नगर में क्षेत्रवासियों ने उन्हें याद किया। कार्यक्रम में 100 जरूरतमंद बच्चों को ड्रेस और जूते वितरित किए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ विस अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने किया। उन्होंने 100 से अधिक जरूरतमंद छात्रों को ड्रेस, जूते वितरित किए। साथ ही दो जरूरतमंद परिवारों को 21 हजार एवं 11 हजार रुपये की आर्थिक सहायता के चेक भेंट किए। उन्होंने कहा कि स्व. प्रेम सिंह बिष्ट ने जीवन पर्यंत सामाजिक क्षेत्र में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने कहा कि इसी का परिणाम है कि उन्हें ऋषिकेश की जनता ने तीन बार ग्राम प्रधान निर्वाचित किया। उन्होंने स्व. प्रेम सिंह बिष्ट के पुत्र पार्षद राजेंद्र सिंह बिष्ट के कार्यों की सराहना भी की। उन्होंने कहा कि पार्षद राजेंद्र बिष्ट अपने पिता के पद चिन्हों पर चलकर समाज सेवा का कार्य करते हुए जरूरतमंद लोगों के संग उनके दुख दर्द बांट रहे हैं।
मौके पर पूर्व प्रधानाचार्य डीबीएस रावत, लेखराज भंडारी, पितांबर दत्त बूड़ाकोटी, विपिन पंत पार्षद, राजेश भट्ट, उमादत्त डंगवाल, प्रेम सिंह राणा, कैप्टन पूर्ण सिंह कंडारी, शशि चौधरी, सुशीला बिष्ट, कुसुम शर्मा, मधु जोशी, संजय बिष्ट, अंजना बिष्ट, राजेंद्र राजभर आदि उपस्थित रहे।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा-2022 में सरकार बनाने का लक्ष्य लेकर कार्य करे कार्यकर्ता

तीर्थनगरी ऋषिकेश में मंगलवार को कांग्रेस ने परिवर्तन यात्रा निकाली। यात्रा के दौरान नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने ऋषिकेश पहुंचकर कार्यकर्ताओं में उत्साह भर दिया। इस दौरान उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधा। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि पार्टी का लक्ष्य 2022 में कांग्रेस को सत्ता में लाना है। आने वाला समय कांग्रेस का है और भाजपा के राज का अंत निश्चित है।
मंगलवार को कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा चंद्रभागा पुल से शुरू हुई। यह यात्रा हरिद्वार मार्ग, आईडीपीएल, गुमानीवाला होकर शहीद अमित सेमवाल स्मारक पर संपन्न हुई। बड़ी संख्या में बाइक सवार युवक रैली के आगे चल रहे थे। यात्रा के जरिये कांग्रेस ने एकजुटता, संगठनात्मक क्षमता और जनसमर्थन दिखाते हुए भाजपा पर जमकर हमला बोला। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथ में पार्टी का झंडा और अपने चहेते नेता के पक्ष में नारेबाजी कर प्रीतम सिंह का ध्यान भी आकृष्ट किया। प्रीतम सिंह ने महंगाई, बेरोजगारी का हवाला देकर भाजपा को असफल करार देते हुए कांग्रेस को जिताने की अपील की। उन्होंने कहा कि आने वाले चुनाव में कांग्रेस को नहीं बल्कि लोकतंत्र को मजबूत करने की जरूरत है। कहा कि कांग्रेस ही विकास करने में सक्षम है। इसलिये कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर चुनाव में जुटना चाहिए।
कांग्रेस प्रदेश महासचिव विजय सारस्वत ने भाजपा सरकार को वादाखिलाफी वाली सरकार करार दिया। कहा कि सत्ता में आने पर कांग्रेस रोजगार उपलब्ध करायेगी। इस बीच विभिन्न स्थानों पर परिवर्तन यात्रा का स्वागत किया गया।
परिवर्तन यात्रा की कमान संभाल रहे कांग्रेस के प्रदेश सचिव विवेक तिवारी ने कहा कि ऋषिकेश विधानसभा से लगातार 15 साल से भाजपा जीतते आ रही है। लेकिन यहां के मुद्दे सुलझने के बजाया और अधिक उलझ गये है। समस्याओं का समाधान नही हो पा रहा है। लेकिन भाजपा अपना कुनबा बढ़ा रही है। आम आदमी बेरोजगार है, सुविधाओं के नाम पर सिर्फ दिखावा किया जा रहा है। उन्होंने 15 साल का वनवास खत्म करने और कांग्रेस को मौका देने की अपील की।
यात्रा में वरिष्ठ कांग्रेस नेता ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी महाराज, कार्यकारी अध्यक्ष भुवन कापडी, पूर्व मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण, प्रदेश महासचिव राजपाल खरोला, एआईसीसी सदस्य जयेन्द्र रमोला, विजयपाल रावत, महंत विनय सारस्वत, सुधीर राय, शैलेन्द्र बिष्ट, मनोज गुंसाई, संजय पालीवाल, सरोज देवराडी, देव पोखरियाल, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष रॉबिन त्यागी, प्रवीण सरदार, अंशुल त्यागी, संदीप चौहान, अनंत कुकरेती, अमरजीत धीमान, अजय धीमान, कपिल शर्मा, मनप्रीत सिंह,माधुरी, जीतपाल, विशाल तिवारी, गीतम वर्मा, देवेंद्र विक्रम साहू आदि कांग्रेसी मौजूद रहे।

काशी विश्वनाथ धाम की भव्यता देखते ही बन रही-मोदी

भारत की सभ्यागत धरोहर की जीवटता की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि औरंगजेब जैसे आततायियों ने इस धरोहर को ध्वस्त करने के प्रयास किए, लेकिन आतंक के वे पर्याय इतिहास के काले पन्नों तक सिमट कर रह गए, जबकि पवित्र नगरी काशी अपने गौरव को फिर से नई भव्यता दे रही है। काशी विश्वनाथ धाम का उद्घाटन करने के बाद मोदी ने कहा कि भारत सदियों की गुलामी से उत्पन्न हीनभावना से बाहर निकल रहा है। उन्होंने साथ ही कहा कि नया गलियारा देश को एक निर्णायक दिशा देगा तथा इसे एक उज्ज्वल भविष्य की ओर ले जाएगा। देश के एक नए इतिहास के रचनाकाल से गुजरने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा, यहां अगर औरंगजेब आता है तो शिवाजी भी उठ खड़े होते हैं! अगर कोई सालार मसूद इधर बढ़ता है तो राजा सुहेलदेव जैसे वीर योद्धा उसे हमारी एकता की ताकत का अहसास करा देते हैं। और अंग्रेजों के दौर में भी, (ब्रिटिश गर्वनर जनरल) वारेन हेस्टिंग्स का क्या हश्र काशी के लोगों ने किया था, ये तो काशी के लोग जानते ही हैं। आततायियों ने इस नगरी पर आक्रमण किए, इसे ध्वस्त करने के प्रयास किए!
उन्होंने काशी की धरोहर के वैभव का जिक्र करते हुए कहा, कितनी ही सल्तनतें उठी और मिट्टी में मिल गई लेकिन बनारस बना हुआ है। मोदी ने कहा, औरंगजेब के अत्याचार, उसके आतंक का इतिहास साक्षी है… जिसने सभ्यता को तलवार के बल पर बदलने की कोशिश की, जिसने संस्कृति को कट्टरता से कुचलने की कोशिश की! लेकिन इस देश की मिट्टी बाकी दुनिया से कुछ अलग है। उन्होंने हर-हर महादेव का उद्घघोष करते हुए यह बात कही। प्रधानमंत्री ने कहा, देखिए, कैसे समय बदल गया। आज, आंतक के पर्याय रहे लोग इतिहास के काले पन्नों तक सिमट कर रह गये, जबकि काशी आगे बढ़ रही है और वह अपने गौरव को फिर से नयी भव्यता दे रही है।

कई इतिहासकारों का मानना है कि औरंगजेब ने मंदिर को ध्वस्त कर एक मस्जिद बनाने का आदेश दिया था। मोदी ने मंदिर के पुनर्निर्माण के लिए रानी अहिल्याबाई होल्कर और मंदिर के गुंबद पर स्वर्ण आवरण (प्लेटिंग) चढ़ाने को लेकर सिख शासक रणजीत सिंह की सराहना की। मोदी ने कहा कि काशी विश्वनाथ धाम का पूरा परिसर महज एक भव्य भवन नहीं है बल्कि भारत की सनातन संस्कृति, इसकी आध्यात्यिमक आत्मा और परंपरा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यदि भारत राम मंदिर, काशी विश्वनाथ धाम बना रहा है तो वह समुद्र में हजारों किमी लंबी ऑप्टिकल फाइबर भी बिछा रहा है, गरीबों के लिए लाखों मकान बना रहा है और लोगों को अंतरिक्ष में भेज रहा है।
उन्होंने बौद्ध और सिख तीर्थ यात्रा केंद्रों के लिए किये गये कार्य का भी उल्लेख किया। उन्होंने काशी विश्वनाथ धाम का उल्लेख करते हुए कहा कि यह प्राचीन और नवीनता का समन्वय है। यह हमारी ताकत का और इस बात का भी गवाह है कि यदि एक दृढ़ संकल्प हो तो कुछ भी असंभव नहीं है। प्रधानमंत्री ने लोगों से स्वच्छता, सृजन और आत्मनिर्भर भारत के लिए निरंतर प्रयास करने की भी अपील की। मोदी ने गुलामी की लंबी अवधि का उल्लेख करते हुए कहा, इसने हमारे विश्वास को इस कदर तोड़ दिया कि हमने अपनी सृजन क्षमता में विश्वास खो दिया। उन्होंने कहा, आज इस हजारों साल पुरानी काशी से मैं हर देशवासी से पूरे विश्वास के साथ सृजन और नवोन्मेष करने की अपील करता हूं।
उन्होंने काशी के गौरव का उल्लेख करते हुए कहा कि यह नगर अविनाशी है और यह भगवान शिव के संरक्षण में है। मोदी ने भव्य मंदिर परिसर के निर्माण कार्य में शामिल श्रमिकों का भी आभार प्रकट किया। उन्होंने उनसे मुलाकात की और उन पर फूल बरसाए। बाद में उनके साथ भोजन भी किया। उन्होंने भाषण के बीच में स्थानीय बोली का भी उपयोग किया।

धामी ने घर पहुंचकर हरबंश कपूर को श्रद्धांजली दी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कैंट देहरादून के वरिष्ठ विधायक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष हरबंस कपूर के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने हरबंस कपूर के आवास पर जाकर उनको भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने शोकाकुल परिजनों को ढाढस बंधाया और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरबंस कपूर राजनैतिक मूल्यों को आत्मसात करते हुए अपने विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए हमेशा मुखर रहे। लगातार 8 बार विधानसभा का चुनाव जीतना उनकी लोकप्रियता को साबित करता है। मुख्यमंत्री ने उनके परिजनों, समर्थकों और शुभचिंतकों को इस दुःख की घड़ी में धैर्य प्रदान करने की कामना की है।

राहुल गांधी की रैली को सफल बनाने के लिए डोर टू डोर संपर्क अभियान चला रहे कार्यकर्ता

एआईसीसी के सदस्य जयेन्द्र रमोला ने ऋषिकेश विधानसभा के ग्रामीण क्षेत्र में 16 दिसम्बर को होने वाली विजय सम्मान रैली को भव्य बनाने के लिये व ऋषिकेश विधानसभा से कांग्रेस कार्यकर्ताओं की अधिक से अधिक भागीदारी के लिये बैठकें की।
इस अवसर पर जयेन्द्र रमोला ने कहा कि 16 दिसंबर को देहरादून के परेड ग्राउंड में 1971 के भारत पाक युद्ध के नायक एवं शहीद सैनिकों के परिजनों को सम्मानित करने हेतु आयोजित सम्मान समारोह में कांग्रेस पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी सम्मानित करेंगे। जिसमें बड़ी संख्या में प्रदेश के कांग्रेसजन, पूर्व सैनिक व उनके परिजन मौजूद रहेंगे। इस कार्यक्रम को भव्य व सफल बनाने के लिये विधानसभा स्तर पर जाकर कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की और सभी को रैली में चलने के लिये बैठक कर सभी से अधिक से अधिक लोगों को रैली में ले जाने का आवाह्न किया।
पूर्व सैनिक व ज़िला प्रभारी बूथ कमेटी गजेन्द्र विक्रम शाही ने कहा कि इस विजय दिवस रैली में सैनिकों की भी भागीदारी बड़ी संख्या में रहेगी। केंद्रीय नेतृत्व द्वारा प्रदेश कांग्रेस कमेटी को जो निर्देश मिला है, उससे कहीं अधिक संख्या में प्रदेशवासी रैली में पहुँचकर रैली को सफल बनाएंगे तथा संख्या के आधार पर प्रदेश कांग्रेस जनों की भागीदारी का नया कीर्तिमान स्थापित करेंगे।
बैठकों में वरिष्ठ नेता कृपाल सिंह रावत सरोज, नवदीप हूड्डा, पूरन चन्द रमोला, ब्लॉक महिला कांग्रेस अध्यक्ष अंशुल त्यागी, हरि सिंह राणा, हरभजन चौहान, कुंवर गुसाँई, टीकाराम ब्यास, अंजली कश्यप, राज़ी रमोला, मनोज बिष्ट, प्रवीन बिष्ट, कमल रावत, पंकज रावत, जितेन्द्र त्यागी आदि मौजूद रहे।

भगवान सिंह भंडारी मरणोपरांत दो जिंदगियों को रोशन कर गए

कांग्रेस के प्रदेश महासचिव राजपाल खरोला ने जानकारी देते हुए बताया कि आज ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत खैरी खुर्द श्यामपुर में पशुपालन विभाग ऋषिकेश से सेवानिवृत्त पशुधन प्रसार अधिकारी दिवंगत भगवान सिंह भंडारी के परिजनों उनकी धर्मपत्नी शीला भंडारी व उनके पुत्र रविन्द्र भंडारी और राजेंद्र भंडारी को प्रमाण पत्र देकर समानित किया।
खरोला ने कहा की 30 नवम्बर को खैरी खुर्द में पशुपालन विभाग ऋषिकेश से सेवानिवृत्त पशुधन प्रसार अधिकारी दिवंगत भगवान सिंह भंडारी का निधन हो गया था। परिजनों ने उनकी आंख दान करने का निर्णय लिया था, निर्मल आई इंस्टीट्यूट के चिकित्सको ने उनके निवास स्थान पर पहुचकर मृतक के आंखों से सुरक्षित कार्निया प्राप्त किया था।
खरोला ने कहा कि मरणोपरांत भगवान सिंह भंडारी दो जिंदगियों को रोशन कर गए। उनके परिजनों ने निधन के बाद उनका नेत्रदान करवाकर मानवता का संदेश दिया।

विस अध्यक्ष ने पूर्व अध्यक्ष कपूर को दी श्रद्धांजली

भाजपा के वरिष्ठ विधायक एवं विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष हरबंस कपूर के निधन पर बैराज स्थित कैंप कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल सहित भाजपा के कार्यकर्ताओं द्वारा हरबंस कपूर के चित्र पर पुष्प चढ़ाकर श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान 2 मिनट का मौन रखकर सभी के द्वारा कपूर की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि हरबंश कपूर ने जीवन पर्यंत संगठन को मजबूत करने में अपनी अहम भूमिका अदा की। अग्रवाल ने कहा कि 8 बार से उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड में लगातार विधायक रहे कपूर साहब ने हमेशा जनता के दिल में राज किया। अग्रवाल ने कहा कि वह एक सहज और शालीन व्यक्तित्व के धनी थे। विधानसभा अध्यक्ष रहते हुए उन्होंने पक्ष एवं विपक्ष को साथ लेकर संसदीय परंपराओं के अनुरूप सदन की कार्यवाही संचालित किया।
अग्रवाल ने कहा कि हरबंस कपूर ने भीष्म पितामह बनकर पार्टी को मजबूत करने का काम किया। समाज एवं संगठन को दिए गए उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकेगा। विधानसभा अध्यक्ष ने उनकी आत्मा की शांति की प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी सांत्वना व्यक्त की।
इस अवसर पर भाजपा के जिला महामंत्री सुदेश कंडवाल, देवेंद्र नेगी, नगर निगम पार्षद शिव कुमार गौतम, मंडल अध्यक्ष गणेश रावत, पार्षद सुंदरी कंडवाल, रजनी बिष्ट, जयंत किशोर शर्मा, अरुण बडोनी, राम कृपाल गौतम सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

जनहित के मुद्दों को लेकर उत्तराखंड जन विकास मंच का धरना शुरु

पानी और बिजली के बिलों में अप्रत्याशित वृद्धि समेत हाउस टैक्स दोगुना करने के विरोध में उत्तराखंड जन विकास मंच ने हरिद्वार रोड पर धरना प्रदर्शन किया। चेताया कि जब तक समस्या का समाधान नहीं होगा सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक धरना जारी रहेगा।
सोमवार को हरिद्वार रोड पर लोनिवि गेस्ट हाउस के सामने एकत्रित हुए उत्तराखंड जन विकास मंच के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। मंच अध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने बताया कि पिछले डेढ़ साल से विकास मंच स्व निर्धारित संपत्ति कर प्रणाली के संबंध में नगर निगम प्रशासन से पत्राचार के माध्यम से हाउस टैक्स की दर कम करने की मांग उठा रहा है, लेकिन सुनवाई नहीं हुई।
मंच संरक्षक रामकृपाल गौतम ने बताया कि हाउस टैक्स दर कम करने की जगह 50 प्रतिशत छूट का प्रावधान किया गया था, लेकिन उसका भी लाभ नहीं मिल रहा है। इसका खामियाजा आर्थिक रूप से कमजोर संपत्ति स्वामी से लेकर रेस्टोरेंट संचालक, दुकानदार, पर्यटन व होटल इंडस्ट्री से जुड़े लोगों को भुगतना पड़ रहा है। प्रदेश सरकार से हाउस रेंट अलाउंस के अनुसार संपत्ति कर की दर को संशोधित कर एक तिहाई करने की मांग उठाई। संरक्षक हरि सिंह भंडारी ने पानी और बिजली के बिलों में प्रतिवर्ष 15 प्रतिशत वृद्धि पर आक्रोश जताया।
धरना प्रदर्शन में हिकमत नेगी, गजेंद्र सजवाण, राजे नेगी, गंगाशरण यादव, योगेश शर्मा, विपिन शर्मा, राजेंद्र पाल, विनोद सजवाण, राजू गुप्ता, राहुल वर्मा, आकाश सिंह, सुधीर गुप्ता, सोनी पाल, सतेंद्र, जितेंद्र, जीएस भंडारी, मृत्युंजय गुप्ता, राकेश कंडवाल, राजेश राजभर, उमेश शर्मा, राजीव गुप्ता आदि मौजूद रहे।

मोबाइल चुराने वाला गिरफ्तार, एम्स की लाईब्रेरी से किया था चोरी

कोतवाली पुलिस के मुताबिक शिकायकर्ता इति जैन पुत्री डॉक्टर पंकज जैन निवासी न्यू आवास विकास जेवी जैन डिग्री कॉलेज रोड, सहारनपुर उत्तर प्रदेश हाल निवासी एमीबीबीएस अंतिम वर्ष एम्स, ऋषिकेश ने पुलिस को एक तहरीर दी थी। जिसमें उसने बताया कि उसका और एक अन्य का मोबाइल एम्स की लाइब्रेरी से अज्ञात व्यक्ति ने चोरी कर लिया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धारा में केस दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी। छानबीन के बाद संदिग्ध की पहचान की गई। जिसे यूपी के बरेली से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने रविवार को मोबाइल चोर की पहचान वीरपाल पुत्र ओमपाल सुमन निवासी ग्राम सेमी, खेड़ी बहेड़ी देवरनिया, बरेली यूपी के रूप में कराई है। कोतवाल रवि सैनी ने बताया कि चोरी का माल बरामद होने पर धारा 411 की भी बढ़ोत्तरी की गई है।