पुलिस ने 9 लाख रुपये की स्मैक के साथ युवक को गिरफ्तार किया

मुनिकीरेती थाना पुलिस के मुताबिक रविवार रात मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने भद्रकाली चौकी के पास चेकिंग अभियान चलाया। इसी बीच हर्बल गार्डन की ओर से आ रही एक कार को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। पुलिस को सामने देख कार चालक उतरकर भागने लगा। शक होने पर पुलिस ने चालक का पीछा किया। कुछ दूरी पर घेराबंदी कर युवक को धर लिया। तलाशी लेने पर युवक के कब्जे से स्मैक बरामद हुई। मुनिकीरेती थाना निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने बताया कि युवक की पहचान सोनू पाल पुत्र राजपाल निवासी वैदिक नगर, रायवाला हाल निवासी सर्वानंद घाट, हरिद्वार के रूप में हुई है। कोर्ट में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया है। बताया कि तस्करी में प्रयुक्त कार कब्जे में लेकर सीज कर दी है। टीम में एसओजी प्रभारी लखपत सिंह बुटोला, उपनिरीक्षक विकास शुक्ला, हेड कांस्टेबल योगेंद्र सिंह चौहान, कांस्टेबल पुष्कर रावत आदि शामिल रहे।

बूथों को मजबूत करने के लिए जनसंपर्क अभियान चलाया

मेरा बूथ मेरा गौरव के तहत कांग्रेस पदाधिकारियों ने अभियान चलाया। वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं से क्षेत्र में बूथों को मजबूत करने के लिए जन संपर्क करने व जनसमस्याओं को उठाने के निर्देश दिए।
रविवार को गुज्जर प्लॉट में एआईसीसी सदस्य जयेंद्र रमोला ने मेरा बूथ मेरा गौरव अभियान के तहत कार्यकर्ताओं संग बैठक की। उन्होंने कहा कि आम जनमानस की काफी समस्याएं हैं। यहां पर कई महिलाओं ने आधार कार्ड का ना बनना, पहचान पत्र ना मिल पाना, पेंशन, बिजली सहित सड़कों की समस्या रखी है। कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की गलत नीतियों से समाज का हर तबका प्रभावित हो रहा है। पार्टी को बूथ और वार्ड स्तर तक मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं व आम नागरिकों से संपर्क किया जा रहा है। मौके पर जिला बूथ प्रभारी गजेंद्र विक्रम शाही, विधानसभा बूथ प्रभारी नवदीप हुडा, ब्लॉक महिला कांग्रेस अध्यक्षा अंशुल त्यागी, जिला सचिव लक्ष्मी उनियाल, जितेन्द्र त्यागी, ऋषि पोशवाल, विजय कुमार, ममता राणा, विकास केवट, सोनी चौहान, कुमारी शिवांगी आदि उपस्थित रहे।

विधानसभा का सफल कार्यकाल पूरा करने पर विस अध्यक्ष का अभिनंदन

उत्तराखंड विधानसभा के चतुर्थ विधानसभा का अंतिम सत्र कल विधिवत संपन्न हो गया। रविवार को ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं ने इस सरकार में 5 साल के अंतर्गत अयोजित सभी सत्रों के उपवेशनो को सफलतापूर्वक संपादित करने को लेकर विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल का सम्मान किया। इस अवसर पर अग्रवाल ने सदन संचालन में सत्ता पक्ष एवं विपक्ष सहित तमाम लोगों के सहयोग के लिए उनका आभार भी व्यक्त किया।
बैराज रोड स्थित कैंप कार्यालय पर विधानसभा अध्यक्ष एवं क्षेत्रीय विधायक प्रेमचंद अग्रवाल के सम्मान में आयोजित समारोह के अवसर पर उन्होंने कहा कि यह सम्मान कार्यकर्ताओं का है जिन्होंने ऋषिकेश विधानसभा से चुनाव जीता कर उन्हें विधानसभा में भेजा। उन्होंने कहा कि जब ऋषिकेश की जनता ने उन्हें विधायक बनाकर सदन में भेजा तभी वह विधानसभा अध्यक्ष भी बन पाए। इसी कारण उन्होंने विधानसभा में विभिन्न गतिविधियों सहित विधानसभा का सफल संचालन भी किया।
अग्रवाल ने कहा है कि जब उन्हें विधानसभा अध्यक्ष बनाया गया तब उन्होंने निर्णय लिया था कि अपने ऋषिकेश विधानसभा सहित उत्तराखंड विधानसभा में अनेक गतिविधियां संचालित करेंगे जो उत्तराखंड के लोगों के हित मे हो। उन्होंने प्रयास किया है कि राज्य के हित के लिए सत्ता पक्ष व विपक्ष को साथ लेकर कार्य करेंगे परिणाम स्वरुप वह कार्य उन्होंने बखूबी करने का प्रयास किया है।
उन्होंने विधानसभा में संचालित विभिन्न सत्रों में की गई कार्रवाई को लेकर कहा कि मेरे लिए यह सुखद एहसास है कि देहरादून एवं गैरसेंण में इन 5 सालों में 70 उपवेशन आहुत हुए, इस दौरान 27 बार सदस्यों द्वारा सदन में पूछे गए तारांकित प्रश्नों को निश्चित समयावधि पर उत्तरित किया गया जो अपने आप में एक रिकॉर्ड है। जिसके लिए सदन के अंदर सत्ता पक्ष व विपक्ष के अनेक विधायकों ने उनकी भूरी भूरी प्रशंसा भी की है।
इस अवसर पर श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य गोविंद सिंह रावत ने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने ऋषिकेश विधानसभा का नाम ना केवल सदन में ऊंचा किया बल्कि उत्तराखंड के हित के लिए अनेक निर्देश सरकार को दिए हैं जिससे आम लोगों को भी लाभ होगा। उन्होंने कहा है कि विधानसभा अध्यक्ष ने उत्तराखंड विधानसभा की कार्रवाई को सफलतापूर्वक संचालित किया जो अपने आप में ऐतिहासिक है।
इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के नेता सतपाल सैनी ने कहा है कि जिस प्रकार से विधानसभा अध्यक्ष प्रेम चंद अग्रवाल ने विगत 5 वर्षों से विधान सभा का संचालन किया वह सभी लोगों के लिए अनुकरणीय है। जहां विधानसभा के अंदर 101 फीट ऊंचा तिरंगा स्थापित किया गया है, वहीं विधानसभा की बाहरी दीवारों पर नंदा राजजात के भित्ति चित्र उत्तराखंड के संस्कृति के संरक्षण एवं बाहरी लोगों को अपनी ओर यकायक आकर्षित करते हैं।
इस अवसर पर राम गोपाल रतूड़ी, राजपाल पवार, अध्यापक विनीत कुमार सिंघल, गोपाल सती, रजनी बिष्ट, कविता शाह, अरुण बडोनी, उषा जोशी, पार्षद रीना शर्मा, सिमरन गाबा, तनु रस्तोगी, नमिता अग्रवाल, सुनील शेट्टी, कमल कुमार, गौतम राणा, अंकुर, दुर्गेश जाटव सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

अनिकेत अवस्थी को आम आदमी पार्टी ने किया सम्मानित

कौन बनेगा करोड़पति के मंच पर टॉप टेन में जगह बनाने पर आम आदमी पार्टी के विधानसभा प्रभारी राजे सिंह नेगी ने डीएसबी स्कूल के होनहार छात्र अनिकेत अवस्थी को सम्मानित किया।
इस अवसर पर श्आपश् के नेता राजे नेगी ने कहा कि महानायक अमिताभ बच्चन के देश के सबसे बड़े शो में शामिल होना ही एक बड़ी उपलब्धि है। फास्टेस्ट फिंगर राऊंड के टॉप टेन में जगह बना कर अनिकेत ने तीर्थ नगरी को गौरवान्वित करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि ये एक ऐसा मंच हैै जो छिपी हुई प्रतिभाओं को सामने लाने और उनके हौंसले को बढ़ाने का काम कर रहा हैै।इस दौरान अनिकेत ने अपने कौन बनेगा करोड़पति टीवी शो तक पहुंचने के सफर की जानकारी देते हुए बताया कि कड़ी मेहनत और लगन से अगर कोई भी लक्ष्य बनाया जाए तो वह सफल अवश्य होता हैं, उन्होंने भी केबीसी के इस शो में पहुंचने के लिए बहुत अधिक मेहनत की और उनका सपना था कि वह एक बार सदी के महानायक अमिताभ बच्चन से मिल सके।यह सपना साकार होनेे पर वह बेेहद खुश है। कराटे में ब्लैक बेल्ट परीक्षा उत्तीर्ण कर चुके अनिकेत ने इसी वर्ष दो बार राज्य स्तरीय कराटे प्रतियोगिता में भी स्वर्ण पदक अर्जित कर चुका है। इस दौरान अनिकेत की दादी मनोरमा अवस्थी, पिता अशोक अवस्थी, माता भावना अवस्थी, बहन सुहासिनी, विक्रांत भारद्वाज, प्रभात झा उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री कॉन्क्लेव में सीएम धामी राज्य की योजनाओं की जानकारी देंगे

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी वाराणसी में आयोजित होने वाले मुख्यमंत्री कॉन्क्लेव में प्रतिभाग करेंगे। कॉन्क्लेव में मुख्यमंत्री राज्य में संचालित केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन से संबंधित विषयों पर चर्चा करेंगे।
इस सम्बन्ध में मुख्यमंत्री ने रविवार को सायं मुख्यमंत्री आवास में विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित होने वाले लाभार्थियों, योजनाओं के क्रियान्वयन में अपनाई गई प्रक्रियाओं एवं इस दिशा में आने वाली चुनौतियों के निराकरण के लिये किये जा रहे प्रयास आदि के सम्बन्ध में योजनावार समीक्षा की। समीक्षा के दौरान सम्बन्धित विभागीय सचिवों द्वारा प्रस्तुतीकरण के माध्यम से मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा राज्य सरकार द्वारा संचालित होम स्टे योजना को राज्य की संस्कृति एवं पर्यटन को बढ़ावा देने वाला बताया है। मुख्यमंत्री ने इस दिशा में विशेष प्रयासों की जरूरत बतायी। मुख्यमंत्री द्वारा कॉन्क्लेव में राज्य सरकार द्वारा संचालित होम स्टे योजना के क्रियान्वयन आदि की जानकारी भी साझा की जायेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में होम स्टे योजना तथा ट्रेकिंग ट्रेक्शन सेंटरों की स्थापना से राज्य के पर्यटन, साहसिक पर्यटन एवं आर्थिकी को बढ़ावा देने, रोजगार सृजन तथा पलायन रोकने में भी मदद मिलेगी।
इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन, सचिव शैलेश बगोली, रविनाथ रमन, एस.ए. मुरूगेशन, चन्द्रेश कुमार, मुख्यमंत्री के मुख्य समन्वयक प्रो. दुर्गेश पंत, अपर सचिव आशीष कुमार, आनन्द स्वरूप, अरूणेन्द्र सिंह चौहान आदि उपस्थित रहे।

आर्थिक रुप से कमजोर लोगों की मदद को आगे आना चाहिए-सीएम

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को रूद्रपुर में लघु उद्योग व्यापार मण्डल एवं सर्वसमाज कल्याण समिति द्वारा फुटबॉल मैदान ट्रांजिट कैम्प में आयोजित 5वें सामूहिक विवाह कार्यक्रम में पहुंचकर सभी वर-वधु को आशीर्वाद दिया।
मुख्यमंत्री ने 24 दम्पतियों को बधाई देते हुए कहा कि सबसे बड़ा दान कन्या दान है, विश्व में कन्यादान से बड़ा कोई दान नहीं। उन्होंने सभी नव दंपत्तियों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि परिवार में सभी आपसी स्नेह एवं प्रेम से रहें, सभी का जीवन सुखमय एवं समृद्ध हो। उन्होंने कहा कि यह सामूहिक विवाह कार्यक्रम नहीं बल्कि उत्सव है। मुख्यमंत्री ने समिति द्वारा कराये जा रहे इस कार्य की सराहना करते हुए कहा कि एक समय था जब गरीब की बेटी की शादी के खर्च से रिश्तेदार भी घबराते थे, लेकिन आज समाज के बुद्धिजीवियों एवं समितियों के ऐसे सहयोग एवं सहभागिता से गरीब एवं निःसहाय बेटियों की शादी आसानी से होने के साथ ही लिंगानुपात में भी सुधार आएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बांग्लादेश से मजबूरी के कारण भारत आये और यहॉ के परिवेश में घुल मिलने के साथ ही एक साथ कदम-ताल की, उनके प्रमाण पत्र में लिखा जाने वाला पूर्वी पाकिस्तान शब्द अपमानजनक महसूस करता था, जिसे हटा दिया गया है। उन्होंने कहा कि वे श्यामा प्रसाद मुखर्जी को मूल्य-आदर्शों पर चलते हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण में बंगाल के प्रबुद्धजनों का बहुत बड़ा योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्य सेवक के रूप में पिछले पांच माह से एक-एक पल व क्षण राज्य एवं राज्य की 1.25 करोड़ जनता के लिए समर्पित किया है। उन्होंने कहा कि मजबूरी के कारण नजूल भूमि पर बसे व्यक्तियों को मालिकाना हक दिलाने की लम्बे समय से मांग रही है, जिसका समाधान करते हुए नजूल भूमि पर काबिज लोगों को मालिकाना हक दिया है।
उन्होंने कहा कि हमारा देश विश्व-बन्धुत्व की भावना वाला देश है। उदार चरित्र वाले व्यक्तियों के लिए पूरी दुनिया अपनी होती है। देश प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि देश में 120 करोड़ लोगां को निःशुल्क वैक्सीन लग चुकी है। उन्होंने कहा कि निःशुल्क वैक्सीन लगवाने में सरकार 600 रूपये वहन करती है। उन्होंने कहा कि समिति द्वारा दिये गये मांग पत्र पर परीक्षण कराते हुए हर संभव कार्य किया जायेगा।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री बंशीधर भगत, विधायक राजकुमार ठुकराल, जिलाध्यक्ष शिव अरोरा, जिलाधिकारी युगल किशोर पन्त, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दलीप सिंह कुंवर, मुख्य विकास अधिकारी आशीष भटगाई, अपर जिलाधिकारी ललित नारायण मिश्र, उप जिलाधिकारी प्रत्यूष सिंह, कौस्तुभ मिश्रा, संजय ठुकराल, समिति के अध्यक्ष संजीव गुप्ता, सचिव मनोज गुप्ता, संरक्षक उत्तम दत्ता, शिवानन्द महाराज उर्फ दूधिया बाबा आदि मौजूद रहे।

सरकार प्रचार रथ से आम जन तक योजनाओं की जानकारी दे रही-सीएम

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, कैबिनेट मंत्री बंशीधर भगत, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने रविवार को ऊंचा पुल रामलीला मैदान से कुमाऊं क्षेत्र में सरकार की लोक कल्याणकारी योजनाओं एवं नीतियों के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए विकास एवं जन सुझाव रथ-एलईडी वाहनों को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए कुमाऊं के 29 विधानसभा क्षेत्रों में 29 विकास एंव जनसुझाव रथों के एलईडी द्वारा फिल्मों के माध्यम से प्रचार किया जाएगा। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित प्रचार साहित्य के माध्यम से आम जन तक योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। सरकार की योजनाओं का यह प्रचार अभियान पूरे दिसंबर माह चलाया जायेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा जनहित में अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं। इन योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पंक्ति पर खड़े लोगों तक पहुंचे और वे इन योजनाओं का पूरा लाभ ले सकें, इसके लिए व्यापक स्तर पर प्रचार एवं प्रसार किया जा रहा है। समाज के हर वर्ग को ध्यान में रखते हुए जनकल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं। जन समस्याओं का समाधान सरकार की पहली प्राथमिकता है। सरकार जनता के साथ साझीदार के रूप में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में प्रदेश व देश गौरवशाली, स्वाभिमानी, सशक्त बना है। उन्होने कहा भारत सरकार ने प्रदेश में विकास हेतु 1 लाख करोड धनराशि की स्वीकृति दी है। प्रधानमंत्री शीघ्र कुमाऊॅ क्षे़त्र में आ रहे हैं व बड़ी विकास की सौगात दे कर जायेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार दिन-रात कार्य करते हुए वित्तीय प्रबन्धन के साथ विकास कार्याे को धरातल में उतार रही है। उन्होने कहा युवा प्रदेश को 25 वर्ष होने पर भारत का नम्बर एक प्रदेश बनाने हेतु रोड मैप तैयार किया जा रहा है।
कैबिनेट मंत्री बंशीधर भगत ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि युवा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में चौमुखी विकास हुआ है वहीं नई ऊर्जा का संचार हुआ है।
प्रदेश अध्यक्ष भाजपा मदन कौशिक ने सम्बोधित करते हुए कहा कि कुमाऊं की विधानसभा हेतु 29 विकास एंव जन सुझाव एलईडी रथ रविवार को रामलीला मैदान से भेजे जा रहे है जबकि 41 रथ गढवाल क्षेत्र हेतु 16 दिसम्बर को देहरादून से भेजे जायेंगे। उन्होंने कहा इन रथों के माध्यम से विकास कार्यों एवं लोक कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी क्षेत्र के अंतिम छोर तक पहुंचाई जायेगी वहीं रथों के माध्यम से जनता के सुझाव भी लिये जायेंगे ताकि जनता के सुझावों के आधार पर आगे की योजनाएं बनाई जायेगी। उन्होने कहा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हमने प्रदेश व देश को आगे बढाया है साथ ही पूरे विश्व में देश का मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार जो कहती है वही करती है, सरकार द्वारा प्रदेश में विगत 5 वर्षाे में विकास कार्याे के कीर्तिमान स्थापित किये हैं साथ ही सैनिकों का सम्मान बढ़ाया है।
इस अवसर जिला पंचायत अध्यक्ष बेला तोलिया, उपाध्यक्ष आनन्द दरम्वाल, जिलाध्यक्ष प्रदीप बिष्ट, प्रदीप जौनोटी, प्रदेश महामंत्री सुरेश भट्ट, महापौर डॉ. जोगेन्द्र पाल सिंह रौतेला, जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल, एसएसपी प्रीति प्रियदर्शनी सहित अनेक गणमान्य व अधिकारी मौजूद रहे।

लैंसडाउन क्षेत्र में 90 करोड़ रुपये की योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को जनपद पौड़ी के अंतर्गत लैंसडाउन क्षेत्र के महाविद्यालय पटोटिया नैनीडांडा परिसर में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए क्षेत्र वासियों को विभिन्न विकास परक योजनाओं की सौगात दी। उन्होंने करीब 90 करोड़ की लागत के 15 योजनाओं का शिलान्यास तथा 2 योजनाओं का लोकार्पण एवं कई विकास योजनाओं की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने विधान सभा लैंसडाउन के अंतर्गत विद्युत वितरण उपखंड कार्यालय रिखणीखाल लागत राशि 40.06 लाख, विद्युत वितरण उपखंड कार्यालय नैनीडांडा लागत 21.10 लाख की योजना का लोकार्पण तथा केंद्रीय सड़क अवसरंचना के अंतर्गत पौड़ी गढ़वाल के विकासखण्ड रिखणीखाल में स्व. जगमोहन सिंह मोटर मार्ग (एनएच 9) का सुधारीकरण का कार्य लागत 2019.57 लाख, केंद्रीय अवसंरचना के अंतर्गत मरचोला सुरईखेत बैंजरों पोखड़ा सतपुली पौड़ी राजमार्ग 32 के सुधारीकरण कार्य लागत 1194.30 लाख, विकासखंड नैनीडांडा हल्दुखाल मोटर मार्ग के स्थान काली नदी (कांडी) से राजकीय उत्तर माध्यमिक विद्यालय तथा प्राथमिक विद्यालय चमाडा तक मोटर मार्ग का नव निर्माण कार्य (द्वितीय चरण स्टेज-1) लागत रुपए 64.03 लाख, विकास खंड नैनीडाडा के अंतर्गत राष्ट्रीय मार्ग संख्या 121 स्थित ढाकरीखाल तोक से कसोना विचला होते हुए चौकीखाल तक सड़क का निर्माण कार्य द्वितीय चरण स्टेज 1 लागत रुपए 34.56 लाख, केंद्रीय अवसंरचना निधि के अंतर्गत घुमाकोट पिपली मोटर मार्ग में डिफेक्ट केटिंग, रिटेनिंग वाल, स्कपर, सुधारीकरण कार्य लागत 197.89 लाख, रिखणीखाल में रेवा रिखणीखाल ग्राम समूह पंपिंग पेयजल योजना लागत रुपए 2791.98 लाख, चेवाड़ा ग्राम समूह पंपिंग पेयजल योजना लागत 910.50 लाख, नैनीडांडा की आदलीखाल ग्राम समूह पंपिंग पेयजल योजना लागत रुपए 814.26 लाख, रिखणीखाल कोटरीसैंण पेयजल योजना लागत रुपए 132.21 लाख, जयहरीखाल के अंतर्गत राजकीय इंटर कॉलेज सिद्धपुर का प्रयोगशाला का निर्माण कार्य लागत 91.66 लाख, जयहरीखाल के अंतर्गत राजकीय इन्टर कालेज सिद्धपुर का 3 कक्ष-कक्षा निर्माण 42.18 लाख, रिखणीखाल के अंतर्गत राजकीय इण्टर कॉलेज सिद्धखाल का भवन निर्माण लागत 180.38 लाख, विकासखण्ड रिखणीखाल के अंतर्गत राजकीय इंटर कॉलेज बड़खेत का 4 कक्षा-कक्ष निर्माण लागत 77.94 लाख, राजकीय इंटर कॉलेज धुमाकोट में सभागार का निर्माण कार्य लागत रुपए 196.86 लाख एवं विकासखंड रिखणीखाल मिनी स्टेडियम का निर्माण कार्य लागत रूपए 97.31 लाख का शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कोटा पिंजोली मोटर मार्ग का डामरीकरण, पाणीसैण मोटर मार्ग व डामरीकरण, जडाऊखांद से मजेडा बैंड मोटर मार्ग का डामरीकरण, खाल्यूंडांडा से अपोला सड़क का डामरीकरण, नैनीडांडा मिनी स्टेडियम का विस्तारीकरण, पर्यटन आवास गृह नैनीडांडा, महेली से थवाडा सड़क निर्माण, द्वारीभोंन सड़क का डामरीकरण, डोलियाखाल स्यालखम्भ-चमाड़ा मोटर मार्ग विस्तारीकरण, हल्दुखाल कमन्दा मोटर मार्ग का डामरीकरण, 3 एनएम सेन्टर सारी जयहरीखाल ब्लॉक, बिरखेत चौवाड़ा नैनीडांडा ब्लॉक, तोलियों डांडा रिखणीखाल ब्लॉक आदि की घोषणा की। जबकि कारगिल बीर सैनिक के नाम बसडा बूंगा के नाम कारगिल शहीद वीर सैनिक भरत सिंह नेगी के नाम पर रखने की घोषणा की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा 5 महिलाओं को महालक्ष्मी किट वितरण एवं 10 स्वयं सहायता समूह को चेक वितरण किया गया। साथ ही उन्होंने महाविद्यालय स्थित मंदिर परिसर में माथा टेका।
आयोजित सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ताड़केश्वर महादेव की इस पावन भूमि को प्रणाम करता हूं। उन्होंने कहा देवताओं की कृपा हम सभी पर हमेशा बनी रहे। उन्होंने कहा यह अमर शहीद जनरल बिपिन रावत की भूमि है। सीडीएस जनरल बिपिन रावत का निधन, देश के साथ ही उत्तराखंड के लिए बड़ी क्षति है उन्होंने कहा हमने एक जनरल से ज्यादा एक अभिभावक को खोया है जो उत्तराखंड के विकास हेतु हमेशा आगे रहते थे। उन्होंने कहा उत्तराखंड का विकास जनरल बिपिन रावत के सपनों के अनुसार हो इस पर हम कार्य करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा मेरे मुख्य सेवक की भूमिका में आने के बाद हमारी सरकार ने बीते 5 महीने में 500 से अधिक फैसले लिए हैं उन्होंने कहा आज हुए विभिन्न योजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास इस क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम जनता जनार्दन के आशीर्वाद से हर विकास कार्यों को संपन्न करेंगे। पौड़ी गढ़वाल के प्रत्येक गांव में मूल भूत सुविधाएं पहुंचे इस पर सरकार लगातार कार्य कर रही है। ग्रामोउदय से उत्तराखंड उदय की ओर बढ़ रहें हैं। उन्होंने कहा समाज की अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति का विकास हो, उस तक हर योजनाओं का लाभ पहुँचे इस पर हमारी सरकार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड मातृशक्ति और युवाओं का प्रदेश है, इनके सहयोग से ही राज्य का विकास संभव है। उन्होंने कहा कि विकल्प रहित संकल्प की अवधारणा के मूल मंत्र पर राज्य में विकास को गति दे रहे है।
उन्होने कहा हमारी सरकार ने लंबे समय से चली आ रही मांगों को देखते हुए पी.आर.डी जवानों, उपनल कर्मियों, ग्राम प्रधानों, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, भोजन माताओं का मानदेय बढ़ाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए राज्य में नई खेल नीति लाई गई है।उन्होंने कहा हमारी सरकार युवाओं को रोजगार देने पर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा विभिन्न विभागों में रिक्त चल रहे 24000 पदों पर भर्ती एवं युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए युवाओं हेतु प्रत्येक जिले में मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के अंतर्गत ऋण वितरित किए जा रहे है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूरी दुनिया को संदेश दिया कि तीसरा दशक उत्तराखण्ड का होगा। उन्होंने कहा राज्य जब 25 वॉ स्थापना दिवस मना रहा होगा, तब राज्य सभी क्षेत्रों में देश का अग्रणीय एवं आदर्श राज्य होगा। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री के नेतृत्व में 21वी सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक होगा, जो पर्यटन स्वास्थ्य शिक्षा रोजगार कृषि जैसे विभिन्न क्षेत्रों में नंबर वन बनेगा। उन्होंने कहा बोधिसत्व विचार श्रृंखला के माध्यम से सरकार विभिन्न क्षेत्रों में कार्य कर चुके अनुभवी लोगों से सुझाव ले रही है। उन्होंने कहा हमारी सरकार हर समय जनता की सेवा में समर्पित है।उन्होंने कहा हमारा प्रण है कि जितना भी समय हमारे पास है उसका प्रत्येक पल और क्षण हम उत्तराखण्ड की जनता की सेवा में समर्पित करें।
कैबिनेट मंत्री बंशीधर भगत ने सरकार की विकास कार्याे की बारे में जानकारी देते मुख्यमंत्री के कार्य शैली की प्रशंसा की।
विधायक महंत दिलीप रावत ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के यहां आने से क्षेत्र की समस्याओं का निराकरण होगा उन्होंने कहा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड का चौमुखी विकास हो रहा है। उन्होंने कहा मुख्यमंत्री द्वारा इस क्षेत्र में 90 करोड़ की योजनाओं के शुभारंभ से क्षेत्र में विकास की नई उम्मीद जगाई है।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख नैनीडांडा प्रशांत कुमार, जिलाधिकारी डॉ विजय कुमार जोगदंडे, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पी रेणुका देवी, सी डी ओ प्रशांत आर्य एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाये जाने के निर्देश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में विभिन्न केन्द्र पोषित योजनाओं की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने जिन योजनाओं की समीक्षा की उनमें अटल आयुष्मान योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, प्रधानमंत्री आवास योजना, शहरी, पी.एम. स्ट्रीट वेन्डर आत्मनिर्भर योजना, स्वामित्व योजना प्रमुख हैं। इसके साथ ही मुख्यमंत्री द्वारा होम स्टे योजना, ट्रेकिंग ट्रेक्शन सेन्टरों की स्थापना एवं एस.डी.आर.एफ. आदि के कार्य योजनाओं की भी समीक्षा की।
मुख्यमंत्री ने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में तेजी लाये जाने पर बल देते हुए निर्देश दिये कि अधिक से अधिक लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुॅचे इसके लिए कारगर एवं समेकित प्रयास किये जाय।
इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव आनन्द वर्द्धन, अपर प्रमुख सचिव अभिनव कुमार, सचिव शैलेश बगोली, दिलीप जावलकर, रविनाथ रमन, चन्द्रेश कुमार, अपर सचिव अरूणेन्द्र सिंह चौहान के साथ ही अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

आईएमए में राष्ट्रपति ने ली पासिंग आउट परेड की सलामी

भारतीय सैन्य अकादमी में पासिंग आउट परेड (पीओपी) के साथ ही आज भारतीय थल सेना को 319 युवा जांबाजों की टोली मिल गई। इसके साथ ही मित्र देशों के 68 कैडेट भी पास आउट हुए।पीपिंग व ओथ सेरेमनी के बाद पासिंग आउट बैच के 387 जेंटलमैन कैटेड बतौर लेफ्टिनेंट देश-विदेश की सेना का अभिन्न अंग बन गए हैं।
68 युवा सैन्य अधिकारी आठ मित्र देशों अफगानिस्तान, भूटान, श्रीलंका, नेपाल, मालद्वीव, म्यांमार, तंजानिया व तुर्किमेनिस्तान की सेना का अभिन्न अंग बने हैं। इसके बाद देहरादून स्थित प्रतिष्ठित भारतीय सैन्य अकादमी के नाम देश-विदेश की सेना को 63 हजार 668 युवा सैन्य अधिकारी देने का गौरव जुड़ गया है। इनमें मित्र देशों को मिले 2624 सैन्य अधिकारी भी शामिल हैं।

राष्ट्रपति ने ली परेड की सलामी, सीडीएस रावत को किया याद
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद बतौर निरीक्षण अधिकारी परेड की समीक्षा की और पास आउट हो रहे जेंटलमैन कैडेटों से सलामी ली। उनके साथ में कमांडेंड लेफ्टिनेंट जनरल हरिंद्र सिंह और स्वॉर्ड ऑफ ऑनर विजेता आनमोल गुरुंग भी मौजूद रहे। इसके बाद भावी सैन्य अफसरों की भव्य मार्चपास्ट हुई। समारोह में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कैडेट्स को अवॉर्ड से सम्मानित किया।
अपने संबोधन में राष्ट्रपति ने जनरल बिपिन रावत को याद करते हुए कहा कि जनरल रावत में असाधारण नेतृत्व क्षमता थी। उनकी मृत्यु ने एक शून्यता पैदा की है जिसे भरा नहीं जा सकता है। राष्ट्रपति ने कहा कि हम ऐसे वक्त पर यहां एकत्र हुए हैं जब पूरा देश जनरल बिपिन रावत के असामयिक निधन से सदमे में है। कहा कि उत्तराखंड उनका घर था और उन्होंने भारतीय सैन्य अकादमी में सैन्य प्रशिक्षण प्राप्त किया था। असाधारण कौशल के लिए उन्हें आईएमए में स्वोर्ड ऑफ आनर से भी सम्मानित किया गया था।
खुद सीडीएस जनरल रावत ने भी अकादमी का गौरव बढ़ाया है। उनसे पहले फील्ड मार्शल केएम करियप्पा, फील्ड मार्शल सैम मानेकशॉ और कई अन्य असाधारण योद्धाओं एवं रणनीतिकारों ने यहां से एक युवा कैडेट के तौर पर अपने सैन्य कैरियर की शुरुआत की थी। इनमें कुछ ने देश की सुरक्षा और सम्मान के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया तो किसी ने अपने रणकौशल व नेतृत्व क्षमता से देश का मान बढ़ाया। उन्होंने भरोसा जताया कि वीरता और ज्ञान को समाहित कर जेंटलमैन कैडेट अकादमी की समृद्ध विरासत को आगे बढ़ाएंगे। आईएमए में कड़ा सैन्य प्रशिक्षण पूरा करने पर कैडेटों को बधाई देते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि सैनिक के रूप में उनकी सेवा और समर्पण शांतिपूर्ण, स्वतंत्र और लोकतांत्रिक भारत की ताकत में इजाफा करेगा। कहा कि हमें इस अवसर पर अकादमी से पासआउट कई शानदार अधिकारियों में से एक जनरल बिपिन रावत द्वारा प्राप्त प्रतिष्ठा को याद करना चाहिए। जो अपनी कड़ी मेहनत से भविष्य की पीढ़ी के लिए सैन्य आचरण के रोल मॉडल के रूप में उभरे। 
राष्ट्रपति ने विश्वास व्यक्त किया कि हमारा राष्ट्र ध्वज तिरंगा हमेशा ऊंचा लहराएगा, क्योंकि आईएमए से पास आउट हो रहे बहादुर कैडेट इसके सम्मान की रक्षा करेंगे। राष्ट्रपति ने कहा कि मौजूदा समय में देश क्षेत्रीय और वैश्विक स्तर पर कई चुनौतियों का सामना कर रहा है। इसलिए कैडेटों को यह ध्यान रखना चाहिए कि आधुनिक दौर के खतरों से निपटने के लिए केवल शारीरिक व मानसिक मजबूती ही काफी नहीं है। उन्हें एक रणनीतिक मानसिकता के साथ ही अनुकूल स्वभाव भी विकसित करना होगा। सैन्य कौशल में सुधार के लिए जरूरी मानसिक लचीलापन भी हासिल करना होगा। राष्ट्रपति ने सेना में शामिल हो रहे युवा अफसरों को अप्रत्याशित चुनौतियों से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा। परेड में दस मित्र देशों के कैडेटों को देख उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की। कहा कि हम अपने देशों के बीच विशेष बंधन को संजोते हैं, और यह भारत के लिए बहुत गर्व की बात है कि मित्र देशों के कैडेट पासआउट हो रहे हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि विदेशी कैडेट आईएमए में अपने प्रशिक्षण के दौरान अपने सहयोगियों और प्रशिक्षकों के साथ बनी मित्रता के अनूठे बंधन को बनाए रखेंगे।
कोविड-19 संक्रमण को देखते हुए इस बार भी परेड के दौरान हर स्तर पर बेहद सतर्कता बरती जा रही है। आईएमए के ऐतिहासिक चेटवुड भवन के सामने ड्रिल स्क्वायर पर परेड सुबह साढ़े सात बजे से शुरू हुई। इस दौरान कमांडेंट लेफ्टिनेंट जनरल हरिन्द्र सिंह और डिप्टी कमांडेंड आलोक जोशी ने परेड की सलामी ली। इससे बाद जनरल कमांडिंग ऑफिसर ले.जनरल राज शुक्ला ने परेड की सलामी ली। राज्यपाल गुरमीत सिंह और सीएम पुष्कर सिंह धामी भी परेड में पंहुचे। पीओपी को सादगी से आयोजित किया जा रहा है। परेड के दौरान ड्रिल स्क्वायर पर मार्चपास्ट, अवार्ड ड्रिस्ट्रीब्यूशन, पीपिंग व ओथ सेरेमनी की रस्म तो निभाई गई, लेकिन जश्न नहीं मनाया गया।

उत्तराखंड से देश को मिले 43 अफसर
भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए) से पास आउट होने वाले जेंटलमैन कैडेटों में 43 उत्तराखंड के हैं। यह शनिवार को पासआउट हुए 319 भारतीय कैडेटों की संख्या का 14 फीसदी है। इस बार भी पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश के कैडेटों की संख्या सबसे अधिक 45 हैं।

राज्यवार कैडेटों की संख्या
उत्तर प्रदेश से 45, उत्तराखंड से 43, हरियाणा से 34, बिहार से 26, राजस्थान से 23, पंजाब से 22, मध्य प्रदेश से 20, महाराष्ट्र से 20, हिमाचल प्रदेश से 13, जम्मू कश्मीर से 11, दिल्ली से 11, तमिलनाडु से 7, कर्नाटक से 6, केरल से 5, आंध्र प्रदेश से 5,  चंडीगढ़ से 5, झारखंड से 4, पश्चिम बंगाल से 3, तेलंगाना से 3, मणिपुर से 2, गुजरात से 2, गोवा से 2, उड़ीसा से 2, असम से 2, मिजोरम से 2, छत्तीसगढ़ से 2, मिजोरम से 2

इन्हें मिला अवॉर्ड
स्वॉर्ड ऑफ ऑनर-एसीए अनमोल गुरुंग
ऑर्डर ऑफ मेरिट में स्वर्ण पदक- एसीए अनमोल गुरुंग 
रजत पदक – बीओ तुषार सपरा 
कांस्य पदक – बीसीए आयुष रंजन
चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ बैनर – केरेन कॉय
श्रेष्ठ विदेशी कैडेट – बीओ सांगे फेनडेन दोरजी (भूटान)
रजत पदक (टीजीसी)जूनियर अंडर आफिसर कुणाल चौबीसा