गोष्ठी में आप नेताओं ने हिमालय को लेकर अपनी चिंता जाहिर की

विश्व पहाड़ दिवस पर आम आदमी पार्टी ने गोष्ठी आयोजित की। गोष्ठी में आप नेताओं ने हिमालय को लेकर अपनी चिंता जाहिर की। उन्होंने मानव जीवन बचाने के लिए पहाड़ों के संरक्षण पर जोर दिया।
शनिवार को हरिद्वार मार्ग स्थित पार्टी कार्यालय में गोष्ठी का शुभारंभ आप विधानसभा प्रभारी राजे सिंह नेगी ने किया। उन्होंने कहा कि हिमालयी क्षेत्र के संरक्षण और संवर्द्धन के लिए दृढ़ राजनैतिक इच्छा शक्ति की कमी रही है। दसके चलते जमीनी क्रियान्वयन नजर नहीं आता। उन्होंने कहा कि पहाड़ को जिंदा रखना है, तो पहाड़ को समझना होगा। उन्होंने आपदाओं, नदी घाटियों, हिमालय क्षेत्र की वनस्पतियों एवं जीवों को लेकर विस्तृत जानकारी दी। कहा कि कोविड जैसी महामारी ने आमजन को अच्छे से अहसास करा दिया है कि हमारे जीवन में स्वच्छ पर्यावरण, पेड़ पौधों और सबसे महत्वपूर्ण पहाड़ों की क्या उपयोगिता है। पहाड़ बचेंगे तभी जीवन बच पायेगा। मौके पर पार्टी के संगठन मंत्री दिनेश असवाल, चंद्रमोहन भट्ट, दिनेश कुलियाल, सुनील सेमवाल, कार्यालय प्रभारी सरदार निर्मल सिंह, पंकज गुसाईं, प्रभात झा, विक्रांत भारद्वाज, लोकेश तायल, चन्द्र प्रकाश, सुनील वर्मा, अश्वनी सिंह आदि उपस्थित रहे।

सामूहिक विवाह समारोह में 7 कन्याओं का कन्यादान

समर्पण सेवा मिशन वेलफेयर सोसायटी एवं ग्राम पंचायत हरिपुर कला के तत्वावधान में कन्याओं के सामूहिक विवाह समारोह के दौरान उपस्थित उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने दांपत्य जीवन में बंधने वाले सभी जोड़ों को आशीर्वाद दिया।
हरिपुर कला के एक स्थानीय वेडिंग प्वाइंट में आयोजित कन्याओं के सामूहिक विवाह समारोह के दौरान समर्पण सेवा मिशन वेलफेयर सोसायटी एवं ग्राम पंचायत हरिपुर कला के संयुक्त सहयोग से 7 कन्याओं का विवाह कराया गया। इस दौरान सभी कन्याओं का विवाह पारंपरिक रीति रिवाज एवं विधि विधान से संपन्न हुआ।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि कन्यादान करना किसी के भी जीवन में सबसे बड़ा महादान है। समर्पण सेवा मिशन वेलफेयर सोसाइटी के सहयोग से कन्याओं का सामूहिक विवाह समारोह किया जाना समाज के लिए एक प्रेरणा स्रोत का कार्य करेगा। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने सभी दांपत्य सूत्र में बंधने वाले जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए दांपत्य जीवन की शुभकामनाएं दी।
इस अवसर पर बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, ललितानंद महाराज, अखिलेशनंद महाराज, हरि चेतनानंद महाराज, समाजसेवी मनोज जखमोला, आचार्य बेनी प्रसाद, अंकित बिजलवान, अमित शर्मा, ग्राम प्रधान गीतांजलि जखमोला, मुकेश गौनियाल, अंकित बाहुखंडी, मनोज शर्मा, धर्मेंद्र ग्वाडी सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

देश ने एक रक्षा रणनीतिकार और सच्चे देशभक्त को खोया-विस अध्यक्ष

देश के पहले सीडीएस रहे जनरल बिपिन रावत और उनकी पत्नी मधुलिका रावत की अस्थियां शनिवार को हरिद्वार में वीआईपी घाट पर गंगा में विसर्जित की गई। इस दौरान विस अध्यक्ष प्रेमचन्द अग्रवाल ने अस्थियों पर पुष्प अर्पित कर अपनी श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर जनरल रावत की दोनों बेटियां कृतिका एवं तारिणी ने अपने पिता एवं मां की अस्थियों को गंगा में प्रवाहित किया। रावत परिवार के हरिद्वार पहुंचने पर पंडितों ने गंगा घाट पर पारंपरिक पूजन किया, इसके बाद अस्थियां गंगा में प्रवाहित हुईं। विधानसभा अध्यक्ष ने जनरल बिपिन रावत की दोनों पुत्रियों से एवं परिजनों से मिलकर अपनी सांत्वना व्यक्त की। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि देश ने एक रक्षा रणनीतिकार और सच्चे देशभक्त को खो दिया है। मैं जनरल रावत को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सलाम करता हूं।

ऋषिकेश में मिनी स्टेडियम का होना जरुरी-खरोला

कांग्रेस प्रदेश महासचिव राजपाल खरोला ने भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम में चयनित शाश्वत डंगवाल को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि सरकार क्षेत्र में स्टेडियम का निर्माण नहीं करवा रही है। कांग्रेस सरकार बनने पर ऋषिकेश में मिनी स्टेडियम बनाया जाएगा।
शनिवार को कांग्रेस प्रदेश महासचिव राजपाल खरोला श्यामपुर स्थित दून स्टार एकेडमी पहुंचे। वहां उन्होंने भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम में चयनित हुए शाश्वत डंगवाल को सम्मानित किया। पिता कैशल डंगवाल और कोच अमित शर्मा को भी मिठाई खिलाकर बधाई दी। खरोला ने कहा कि हाल ही में ऋषिकेश के शाश्वत डंगवाल का चयन भारतीय अंडर-19 टीम के लिए हुआ है। यह पूरे क्षेत्र व प्रदेश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि ऋषिकेश में क्रिकेट के बेहतरीन खिलाडियों की कमी नहीं है। लेकिन क्रिकेट के लिए अलग से स्टेडियम न होने से युवाओं को मैच खेलने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप मिनी स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा। मौके पर मान सिंह तोपवाल, धनपाल खरोला, मुकेश रयाल, शुभम, अंकित, बृजभान यादव आदि मौजूद रहे।

नाबालिक बच्ची के साथ दुराचार की घटना मामले में प्रदर्शन

थाना नरेंद्रनगर क्षेत्र अंतर्गत बीते रोज 8 वर्षीय नाबालिक बच्ची के साथ दुराचार किए जाने के मामले में पुलिस ने एक युवक को पोस्को के अंतर्गत गिरफ्तार किया था। बता दें कि नरेंद्रनगर के पास एक गांव में रहने वाले 45 वर्षीय मजदूर ने 8 वर्षीय मासूम को अपनी हवस का शिकार बना लिया। रोती बिलखती मासूम ने घर पहुंचकर घटना की जानकारी परिजनों को दी। जिसके बाद मामला थाने पहुंच गया। पुलिस ने मासूम के बयान लेने के बाद मेडिकल परीक्षण कराया। रिपोर्ट में मासूम के साथ दुष्कर्म की पुष्टि हुई है।
इस मामले में आज राजकीय महाविद्यालय के छात्रों ने आक्रोश रैली निकाली। सभी ने महिलाओं पर हो रहे अत्याचार को बंद करने की मांग पुलिस से की। मौके पर रोहित बिजल्वाण, नगर मंत्री अभाविप अनिरुद्ध, दीपक चौधरी, विनायक कुमार, गरिमा आदि छात्र मौजूद रहे।

बार एसोसिएशन ऋषिकेश के अध्यक्ष पद पर चुने गये राजेन्द्र सिंह सजवाण

बार एसोसिएशन ऋषिकेश के चुनाव में राजेन्द्र सिंह सजवाण 15वीं बार अध्यक्ष चुने गये। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्धंदी सूरत सिंह रौतेला को 82 वोट से हराया। राजेन्द्र सजवाण को 195 मत मिले। सुनील नवानी कांटे की टक्कर में 96 मत पाकर मात्र 3 वोट से महासचिव बने। नवानी के निकटतम प्रतिद्वंद्वी नरेश शर्मा को 93 वोट मिले।
बार एसोसिएशन के चुनाव में 338 मतदाताओं में से 306 ने मतदान किया। अध्यक्ष पद पर राजेन्द्र सिंह सजवाण को 185 मत प्राप्त हुए। सूरत सिंह रौतेला को 103, शीशराम कंसवाल को 12 और अजय कुमार वर्मा को मात्र 6 वोट मिले। उपाध्यक्ष पद पर पुष्कर सिंह बंगवाल ने 209 लेकर जीत दर्ज की। अमित अग्रवाल को 87 मत मिले। उपाध्यक्ष पद पर 9 वोट अवैध घोषित किये गये। महासचिव पद पर सुनील नवानी को 96 वोट हासिल हुए। नरेश शर्मा को 93, दीपक अंथवाल को 43,रोहित गुप्ता को 24 मत मिले। जबकि दो मत अवैध पाये गये। सह सचिव पद पर शरद कुमार 197 मत पाकर विजयी रहे। उन्होंने अपने प्रतिद्धंदी लाल सिंह मटेला को 96 वोटों से हराया। लाल सिंह को 101 मत मिले। कोषाध्यक्ष पद को देवेन्द्र सेमवाल ने बाजी मारी। उन्हें 146 मत मिले। हरीश कुमार को 55 और महेश शर्मा को 97 मत मिले। पुस्तकालय अध्यक्ष पद पर कुलदीप सिंह ने बाजी मारी। उन्हें 117 मत मिले। मीनाक्षी नेगी को 80 और सुनील पयाल को 103 मत मिले। जबकि मोहित कुमार शर्मा निर्विरोध ऑडिटर चुने गये। विजेता प्रत्याशियों ने तहसील क्षेत्र में जश्न मनाया। मुख्य चुनाव अधिकारी मोहन पैन्यूली, चुनाव अधिकारी सीबी हटवाल, सदस्य नवीन पंत, राजीव खेड़ा, भूपेन्द्र कुकरेती, मनीष बिजल्वाण, ऋषि अंथवाल की देखरेख में चुनाव हुआ।

महासचिव पद पर दो बार हुई मतगणना
महासचिव पद पर सुनील नवानी और नरेश शर्मा के बीच कांटे का मुकाबला रहा। सुनील को 96 और नरेश को 93 मत मिले। नरेश शर्मा की फिर मतगणना की मांग पर दोबारा महासचिव पद पर मतगणना की गई। इसमें सुनील नवानी ही विजयी रहे।

पंचतत्व में विलीन हुए जनरल दंपति, हरिद्वार में कल परिवार अस्थियां लेकर आयेंगे

जब तक सूरज चांद रहेगा, बिपिन रावत का नाम रहेगा…। अमरता के इन नारों और 17 तोपों की सलामी की गूंज के बीच देश के पहले चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत और उनकी पत्नी मधुलिका रावत पंचतत्व में विलीन हो गए। दोपहर दो बजे दिल्ली के 3, कामराज मार्ग स्थित उनके घर से निकली अंतिम यात्रा में हजारों लोग हमसफर बने। आंखें नम थीं, लेकिन वीरता का गर्व भी था और उसके सम्मान में पुष्पवर्षा करते रहे। मां भारती के वीर सपूत के लिए नारे लगाते रहे। सीडीएस रावत और उनकी पत्नी को उनकी बेटियों कृतिका और तारिणी ने रुढ़ियों को तोड़ते हुए मुखाग्नि दी। यही नहीं जनरल बिपिन रावत और उनकी पत्नी के शव भी एक साथ ही चिता पर रखे गए थे।

कई देशों के सेनाध्यक्षों और राजनियकों ने भी अंतिम विदाई
इस मौके पर जनरल बिपिन रावत के छोटे भाई का परिवार, मधुलिका रावत की फैमिली के लोग भी मौजूद थे। यही नहीं बड़ी संख्या में सैनिकों के परिवार, राजनीतिक हस्तियां, कई देशों के सेनाध्यक्ष और राजनियक भी मौजूद थे। जनरल बिपिन रावत किस कद के सैन्य अधिकारी थे, इसका अंदाजा इस बात से ही लगाया जा सकता है कि इजरायल, अमेरिका, फ्रांस और रूस समेत कई देशों ने उनकी मौत पर शोक जाहिर किया। यही नहीं उनके निधन को अपने एक गहरे दोस्त को खोने जैसा बताया था।

दिन भर हस्तियों का लगा रहा श्रद्धांजलि के लिए तांता
बुधवार को दोपहर 12:08 बजे तमिलनाडु के नीलगिरि जिले के कुन्नूर हुए हेलिकॉप्टर क्रैश में सीडीएस जनरल बिपिन रावत, पत्नी मधुलिका रावत और 11 अन्य सैन्य अफसरों की मौत हो गई थी। विमान में कुल 14 लोग सवार थे, जिनमें से एक विंग कमांडर वरुण सिंह ही जीवित हैं और उनकी हालत भी चिंताजनक बनी हुई है। इसके बाद गुरुवार शाम को जनरल बिपिन रावत समेत सभी सैनिकों के शवों को दिल्ली लाया गया था और सुबह जनरल रावत और उनकी पत्नी का शव 3,कामराज मार्ग स्थित उनके घर पर पहुंचा था। सुबह से ही उनके घर पर श्रद्धांजलि अर्पित करने वाली हस्तियों और आम लोगों का तांता लगा था।

कल हरिद्वार में अस्थियां प्रवाहित करेगा परिवार
प्रमुख रक्षा अध्यक्ष (सीडीएस) जनरल बिपिन रावत और उनकी पत्नी की अस्थियां शनिवार को हरिद्वार में गंगा में प्रवाहित की जाएंगी। पारिवारिक सदस्यों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। जनरल रावत के छोटे भाई एवं पूर्व सैन्य अधिकारी विजय रावत ने कहा, ‘‘हम कल उनकी अस्थियों को हरिद्वार ले जाएंगे। हम परिवार के सदस्य उनकी अस्थियों को गंगा में प्रवाहित करने जाएंगे।’’

कल आईएमए परेड में शामिल होंगे राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्‍द

राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के दून पहुंचने पर प्रदेश के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेनि.) गुरमीत सिंह एवं पर्यटन, लोक निर्माण, सिंचाई धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के देहरादून पहुंचने पर शुक्रवार को प्रदेश के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेनि.) गुरमीत सिंह एवं पर्यटन, लोक निर्माण, सिंचाई धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया। राष्ट्रपति शनिवार को आईएमए की पासिंग आउट परेड में होंगे शामिल होंगे। इस बार पासिंग आउट परेड का आयोजन भी सादगी से किया जा रहा है। इस मौके पर मेयर सुनील उनियाल गामा और गढ़वाल कमीशनर सुशील कुमार भी मौजूद रहे।

राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द आज शाम देहरादून पहुंचे। वह यहां शनिवार को होने वाली भारतीय सैन्य अकादमी (आइएमए) की पासिंग आउट परेड में सलामी लेंगे। राष्ट्रपति शाम चार बजे जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे। यहां से वह सीधे राजभवन आए। शुक्रवार को राष्ट्रपति राजभवन में ही प्रवास करेंगे। शनिवार सुबह वह पीओपी के लिए आइएमए पहुंचेंगे। राष्ट्रपति के आगमन के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था चौकस कर दी है। साथ ही विभिन्न अधिकारियों को जिम्मेदारी भी सौंप दी है। पासिंग आउट परेड के बाद राष्ट्रपति वापस राजभवन पहुंचेंगे और फिर यहीं से वापस लौट जाएंगे।

राजभवन पहुंचे राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द
राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द राजभवन पहुंच गए हैं। वह शनिवार को आइएमए में आयोजित पासिंग आउट परेड (पीओपी) में शिरकत करेंगे। राष्ट्रपति वायु सेना के विशेष विमान से जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे थे। इसके बाद वह हैलिकाप्टर से जीटीसी हेलीपैड पहुंचे। वहां से सड़क मार्ग से राजभवन पहुंचे। पुलिस की ओर से डोईवाला से कैंट और यहां से राजभवन तक यातायात डायवर्ट किया हुआ था, जबकि कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की हुई थी। राष्ट्रपति का रात्रि विश्राम राजभवन में ही होगा।

शीतकालीन सत्र में 1353 करोड़ का अनुपूरक बजट पेश

उत्तराखंड विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन सरकार ने वित्तीय वर्ष 2021-22 का दूसरा अनुपूरक बजट 1353 करोड़ रुपए का पेश किया। सत्र के दूसरे दिन रोजगार पर विपक्ष और सरकार के बीच जमकर बहस हुई। सरकार के आंकड़ों से संतुष्ट न होने पर प्रश्न काल में विपक्ष द्वारा रोजगार के मुद्दे पर वॉक आउट किया गया। नेता विपक्ष प्रीतम सिंह और विधायक काजी निजामुद्दीन ने सरकार पर बेरोजगारों को गुमराह करने का आरोप लगाया। प्रीतम सिंह ने कहा कि 2020 में सरकार का दावा था कि 10 लाख को रोजगार दिया गया। अब सदन में कहा गया कि सात लाख को रोजगार दिया गया है। उन्होंने सदन में गलत जानकारी के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस देने की चेतावनी दी। इसके अलावा विपक्ष ने कानून व्यवस्था को लेकर भी जमकर हंगामा किया।

भाजपा का दावा, 10 लाख से ज्यादा रोजगार दिए
संसदीय कार्य मंत्री बंशीधर भगत ने मोर्चा संभालते हुए इन आंकड़ों में आउटसोर्स और अन्य रोजगार को न जोड़ने की बात कही। इधर कांग्रेस के आक्रामक रुख पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने मीडिया में बयान जारी कर कहा कि रोजगार के मुद्दे पर विपक्ष के सवाल औचित्यहीन है,क्योंकि आंकड़े गवाह है कि भाजपा ने अब तक 10 लाख से अधिक लोगों को रोजगार दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता तो 3200 लोगों को रोजगार की सूची देने पर राजनीति से संन्यास लेने की घोषणा भी कर चुके थे। जबकि 16980 लोग लोक सेवा आयोग तथा अधीनस्थ चयन सेवा आयोग से नियुक्ति पा चुके हैं। 15789 पदों पर चयन प्रक्रिया चल रही है। वहीं आउट सोर्स और अनुबंध सहित अन्य तरह से 1,15159 लॉगो को रोजगार मिला है। इसके अलावा महात्मा गांधी ग्रामीण स्वरोजगार गारंटी योजना के अन्तर्गत लाखों लोगों को रोजगार दिया गया है। पीएमजीएसवाई, सहकारिता, उद्यान, क़ृषि और पर्यटन सहित कई विभागों में लाखों लोगों को रोजगार मिला है। यह आंकड़ा 10 लाख से कहीं अधिक है। हालांकि कोरोना काल में 2 वर्ष पूरे विश्व की स्थिति रोजगार को लेकर डगमगा गई थी ,लेकिन इससे प्रदेश में रोजगार की स्तिथि पर कोई फर्क नहीं पड़ा। सरकार ने सीमित संसाधनों के वावजूद लोगो को इलाज से लेकर भोजन,राशन मुहैया कराने में कोई कसर नहीं छोड़ी। आज युवा उत्साहित है और स्वरोजगार की जो योजनाये सरकार ने सन्चालित की है उसके नतीजे आने शुरू हो गये है। वहीं आने वाला समय उत्तराखंड के बेहतरी का है,क्योंकि प्रधानमंत्री ने 10 साल का रोडमैप तैयार किया है और 2025 में उत्तराखंड देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य होगा।

आठ विधेयक पटल पर रखे गए
गुरुवार से शुरू हुए सत्र के दूसरे दिन शुक्रवार को सरकार ने अपना सदन में उत्तराखंड चारधाम देवस्थानम प्रबंधन निरसन विधेयक 2021 समेत आठ विधेयक पटल पर सरकार ने रखे। हाल ही में प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक में देवस्थानम प्रबंधन अधिनियम को समाप्त करने का निर्णय लिया गया था। इसके अलावा सरकार नजूल भूमि पर फ्री होल्ड का अधिकार देने के लिए भी सदन में बिल पेश किया। इस बिल के तहत सरकार नजूल भूमि को फ्री होल्ड करने के लिए नीति को लागू करेगी।

सदन में पेश हुए ये विधेयक
1-उत्तराखंड चारधाम देवस्थानम प्रबंधन निरसन विधेयक, 2021
2-उत्तराखंड पंचायती राज द्वितीय संशोधन विधेयक, 2021
3-आम्रपाली विश्वविद्यालय के विधेयक, 2021
4-उत्तराखंड नजूल भूमि प्रबंधन व्यवस्थापन एवं निस्तारण विधेयक 2021
5-सोसाइटी रजिस्टरीकरण उत्तराखंड संशोधन विधेयक, 2021
6-उत्तराखंड (उत्तरप्रदेश) लोक सेवा (अधिकरण)(संशोधन) विधेयक 2021
7-उत्तराखंड सिविल विधि संशोधन विधेयक, 2021
8-उत्तराखंड कृषि उत्पाद मंडली, विकास एवं विनियमन पुनर्जीवित विधेयक 2021

जनरल रावत की सादगी, सहजता हमेशा हमारे दिलों में रहेगी-सीएम

सीडीएस जनरल बिपिन रावत का तमिलनाडु के कुन्नूर में हेलीकॉप्टर हादसे में बुधवार को निधन हो गया था। इस हादसे में उनकी पत्नी समेत 13 और लोगों ने अपनी जान गंवा दी थी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जनरल बिपिन रावत और उनकी पत्नी मधुलिका की अंतिम यात्रा में शामिल हुए। वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दिल्ली पहुंचकर जनरल बिपिन रावत और उनकी पत्नी को श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करने एवं शोक संतप्त परिजनों को धैर्य प्रदान करने की कामना की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनरल बिपिन रावत का निधन देश के लिए अपूरणीय क्षति है। उनकी सादगी, सहजता हमेशा हमारे दिलों में रहेगी। देश की सेना एवं सीमाओं की रक्षा के लिए जनरल बिपिन रावत के योगदान को देश हमेशा याद रखेगा।
कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत व भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने भी जनरल बिपिन रावत व उनकी पत्नी को श्रद्धांजलि दी। गुरुवार को विधानसभा सत्र के दौरान सदन में जनरल रावत व हेलीकॉप्टर हादसे में मारे गए जांबाजों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद मुख्यमंत्री नई दिल्ली के लिए रवाना हो गए थे।

तमिलनाडु के कुन्नूर में हेलीकॉप्टर हादसे में 13 लोगों की हुई मौत
सीडीएस जनरल बिपिन रावत का तमिलनाडु के कुन्नूर में हेलीकॉप्टर हादसे में बुधवार को निधन हो गया था। इस हादसे में उनकी पत्नी समेत 13 और लोगों ने अपनी जान गंवा दी थी।
मुख्यंत्री के कार्यक्रम के अनुसार, शुक्रवार को वह सदन की कार्यवाही में शामिल नहीं हुए। गुरुवार को वह नई दिल्ली के लिए रवाना हो गए। गुरुवार को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मदन कौशिक और उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धनसिंह रावत भी दिल्ली पहुंच गए। वहां सीडीएस जनरल बिपिन रावत के आवास पर उनकी बेटियों से मिले। उन्होंने शोक संवेदनाएं व्यक्त करते हुए परिजनों को ढांढस बंधाया। शुक्रवार भी वह नई दिल्ली में रहे जहां वह जनरल रावत और उनकी पत्नी के अंतिम संस्कार में शामिल हुए।