सीएस नाराज, दिए 15 दिन के अंदर कार्यवाही करने के निर्देश

मुख्य सचिव डॉ. एस. एस. संधु ने शिथिलीकरण नियमावली-2021 के अन्तर्गत अधिकांश विभागों द्वारा पदोन्नति की कार्रवाई न किए जाने का संज्ञान लेते हुए समस्त अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव, सचिव, विभागाध्यक्ष, आयुक्तों एवं जिलाधिकारियों को अगले 15 दिनों के भीतर राज्याधीन सेवाओं, शिक्षण संस्थाओं, सार्वजनिक उद्यमों, निगमों, स्वायत्तशासी संस्थाओं में नियमानुसार अर्हकारी सेवा में शिथिलीकरण प्रदान करते हुए पदोन्नति की कार्रवाई पूर्ण कर कार्मिक एवं सतर्कता विभाग को कृत कार्रवाई विषयक आख्या उपलब्ध कराए जाने हेतु निर्देश जारी किए हैं।
सभी उच्चाधिकारियों को जारी अपने पत्र के माध्यम से मुख्य सचिव ने निर्देश किए हैं कि सभी विभाग अपने कार्मिकों को नियमानुसार अर्हकारी सेवा में शिथिलीकरण प्रदान करते हुए पदोन्नति की कार्रवाई शीघ्र यथा शीघ्र पूर्ण करना सुनिश्चित करें।

मोतीचूर फ्लाईओवर के नीचे युवक का शव मिला, पहचान नही हो सकी

हरिद्वार हाईवे पर मोतीचूर फ्लाईओवर के नीचे एक युवक का शव मिला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक की पहचान के प्रयास किए, लेकिन सफलता नहीं मिली। पुलिस ने शव को राजकीय चिकित्सालय हरिद्वार की मोर्चरी में शिनाख्त के लिए रखवा दिया है।
रायवाला थानाध्यक्ष भुवनचंद्र पुजारी के मुताबिक शुक्रवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक का शव मोतीचूर फ्लाईओवर के नीचे लहूलुहान हालत में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। आसपास के लोगों से मृतक की पहचान के प्रयास किए गए, लेकिन पुलिस को सफलता नहीं मिल पाई। थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक की उम्र करीब 28 साल की होगी। उसके माथे, नाक और चेहरे पर चोट के निशान मिले हैं। संभावना जताई कि वह खुद फ्लाईओवर से नीचे गिरा होगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा। फिलहाल 72 घंटे के लिए अस्पताल की मोर्चरी में शिनाख्त के लिए शव रखवा दिया गया है। आसपास के थाना क्षेत्रों की पुलिस को सूचना प्रेषित कर दी गई है।

पुलिस की जांच में मृतका के परिवार का पता चला, आगे की कार्रवाई जारी

बीते रोज जिस युवती का शव पुलिस ने बरामद किया था। युवती के पिता से पुलिस की बातचीत में पता चला कि दो वर्ष पूर्व बिना बताए युवती प्रेम विवाह कर घर से चली गयी थी। मृतका के पिता को इस बात की जानकारी नहीं है कि विवाह किसके साथ किया था। पुलिस के लिए यह अभी भी एक पहेली ही है कि आखिर ऋषिकेश से मृतका का क्या कनेक्शन है।
पुलिस के मुताबिक बीते रोज कोतवाली पर नागेंद्र पुत्र रामहित मोर्य निवासी कृष्णा नगर कॉलोनी आईडीपीएल ऋषिकेश के द्वारा सूचना सूचना दी गई कि लेबर कॉलोनी तिराहे से बाई ओर जाने वाले कच्चे रास्ते के पास स्थित नाले से लगभग 100 मीटर अंदर जंगल में झाड़ियों के बीच एक अज्ञात महिला का शव पड़ा है। पुलिस मौके पर पहुंची तो देखा कि जंगल में एक अज्ञात महिला का शव पड़ा हैद्य जिसकी उम्र लगभग 28 वर्ष है।
कोतवाल रवि सैनी ने बताया कि शव के पास से बरामद सामान को चेक करने पर एक कागज पर लिखा एक फोन नंबर प्राप्त हुआ। उक्त फोन नंबर कमलाकांत मोहित का है जिनसे जानकारी करने पर ज्ञात हुआ उक्त शव आरती भुई का है जिनके पिताजी रविंद्र भुई निवासी ग्राम अड़क्का थाना बिरडी जिला जगतसिंहपुर उड़ीसा मेरे यहां काम करते हैं।
मृतका के पिता रविंद्र भुई ने बताया कि उक्त शव उनकी पुत्री आरती भुई का है जोकि लगभग 2 साल पूर्व प्रेम विवाह कर घर से चली गई थी जिस व्यक्ति से प्रेम विवाह किया गया। उसके एवं उसके परिजनों के संबंध में हम लोगों को कोई जानकारी नहीं है। मृतका के पिता रविंद्र भुई के द्वारा बताया गया कि हमें सिर्फ इतनी जानकारी थी कि हमारी पुत्री आरती भुई हरिद्वार किसी फैक्ट्री में काम करती है।
शव की पहचान आरती भुई पुत्री रविंद्र भुई निवासी ग्राम अड़क्का थाना बिरनी जिला जगतसिंहपुर उड़ीसा के रूप में हुई है। मौके पर पुलिस एवं फॉरेंसिक टीम के द्वारा फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी भी की गयी। पुलिस ने शव का पंचायतनामा कर पोस्टमार्टम के लिए एम्स हॉस्पिटल ऋषिकेश भेजा गया है। कोतवाल ने बताया कि शव के पास से बरामद सामान को कब्जे लेकर सील किया गया है। मृतका के परिजनों का इंतजार किया जा रहा है। मृत महिला के संबंध में जांच जारी है।

पुलिस ने बाइक चोरी करने और जलाने के आरोपी को किया गिरफ्तार

बाइक चोरी करने और जलाने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। उससे पुलिस ने चोरी की बाइक भी बरामद की है। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है।
कोतवाल रवि सैनी के मुताबिक गत 28 नवंबर को मुखर्जी मार्ग मेन बाजार निवासी मोहित शर्मा ने बाइक चोरी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। मामले में पुलिस तहरीर के आधार पर जांच में जुटी थी। यहीं नहीं शुक्रवार को रेखा साहनी पत्नी सुरेंद्र साहनी निवासी न्यू त्रिवेणी कॉलोनी ने उनकी बाइक फूंकने की शिकायत पुलिस से की थी। दोनों ही मामले में आरोपी शुभम कुमार निवासी शांतिनगर, ऋषिकेश ने जुर्म कबूल लिया। पुलिस ने बताया की आरोपी स्मैक पीने का आदी है।

एनसीसी कैडेट्स ने विधानसभा में कार्यवाही का संचालन देखा

शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन 32 एनसीसी कैडेट्स ने दर्शक दीर्घा में बैठकर सदन की कार्यवाही देखी। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने सदन में पीठ से सदस्यों को एनसीसी कैडेट्स का परिचय करा कर कैडेट्स का उत्साह वर्धन भी किया।
ऋषिकेश के श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज के 32 एनसीसी कैडेट्स को आज उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही देखने का मौका दिया। एनसीसी कैडेट्स एवं उनके साथ 4 अध्यापकों को दर्शक दीर्घा में बैठकर सदन की कार्रवाई से रूबरू होने का मौका मिला। सदन की कार्रवाई देखने के बाद सभी एनसीसी कैडेट्स में गजब का उत्साह देखने को मिला। सभी में लोकतंत्र के मंदिर को इतने पास से देखने एवं सदन के भीतर माननीय सदस्यों द्वारा विभिन्न विषयों पर की जा रही चर्चा को लेकर उत्सुकता भी पैदा हुई।
इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष ने अपने सभाकक्ष में सभी एनसीसी कैडेट से बातचीत की। वहीं अग्रवाल ने एनसीसी कैडेट्स के सदन संचालन को लेकर पूछे गए प्रश्नों का जवाब भी दिया। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि उन्हें भी प्रसन्नता है कि देश के आने वाले भविष्य को अपने लोकतंत्र एवं सविधान को जानने की जिज्ञासा है। इस दौरान अग्रवाल ने एनसीसी कैडेट्स को प्रश्नकाल, शून्य काल एवं विभिन्न नियमों के बारे में जानकारी दी। इस दौरान एनसीसी कैडेट्स ने भी उत्साह पूर्वक विधानसभा अध्यक्ष का आभार व्यक्त किया।

राहुल गांधी की रैली को सफल बनाने के लिए कांग्रेस की बैठक

कांग्रेस 16 दिसंबर को देहरादून में होने वाली रैली की सफलता को जुट गई है। सोमवार से ऋषिकेश समेत दूसरे इलाकों में बैठकों का दौर शुरू होगा। शुक्रवार को कांग्रेस ने रैली की सफलता को बैठककर रणनीति बनाई।
शुक्रवार को कांग्रेस ने भरत मंदिर झंडा चौक स्थित हॉल में बैठक की। कांग्रेस प्रदेश संगठन महामंत्री विजय सारस्वत ने बताया कि राहुल गांधी के देहरादून दौरे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है। रैली की तैयारी को लेकर ऋषिकेश विधानसभा प्रभारी सोमेश शौकीन कार्यकर्ताओं के साथ एक समीक्षा बैठक भी करेंगे। कहा कि 16 दिसंबर को देहरादून में आयोजित कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की रैली कांग्रेस कार्यकर्ताओं में ऊर्जा का संचार करेगी। भाजपा सरकार ने उत्तराखंड की जनता को घोषणाएं कर छलने का कार्य किया है, जबकि धरातल पर कोई भी विकास कार्य दिखाई नहीं दे रहा है। बेरोजगारी, महंगाई,पलायन के साथ भ्रष्टाचार चरम सीमा पर पहुंच गया है। सारस्वत ने कहा कि राहुल गांधी की रैली में ऋषिकेश सहित पूरे प्रदेश से बड़ी संख्या में कांग्रेस जन देहरादून पहुंचकर जनता के बीच एकजुटता का संदेश देंगे। ऋषिकेश विधानसभा प्रभारी सोमेश शौकीन ऋषिकेश में 13 दिसंबर, 14 दिसंबर को सुबह डोईवाला और शाम को रायपुर विधानसभा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक लेंगे। प्रभारी सोमेश शौकीन प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में कंट्रोल रूम में बैठकर तीनों विधानसभा क्षेत्रों की मॉनिटरिंग भी करेंगे। इस अवसर पर प्रदेश सचिव शैलेन्द्र बिष्ट, नगर अध्यक्ष महंत विनय सारस्वत, योगेश शर्मा समेत अन्य मौजूद रहे।

युवा कांग्रेस ने सीबीआई जांच की मांग की

पीडब्ल्यूडी ऋषिकेश में एकत्र होकर युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने आज शाम एक कैंडल मार्च निकाला। उन्होंने ऋषिकेश आईडीपीएल में एक लड़की की हत्या के मामले में मार्च निकालते हुए गांधी स्तम्भ में 2 मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष जितेंद्र पाल पाठी ने कहा कि आए दिन महिला अत्याचार व हत्याएं की घटनाएं बढ़ रही है। महिला अपराध बढ़ने से तीर्थनगरी में लोगों को असुरक्षित की भावना होने लगी है। उन्होंने सरकार से सीबीआई जांच की मांग करते हुए दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की।
इस अवसर पर कांग्रेस के महासचिव राजपाल खरोला, केशव गोयल, दीपक पाल, राहुल पांडेय, एकांत गोयल, सौरभ वर्मा, आशीष थापा, रेणु नेगी, अंजलि, सरोज देवराडी, संदीप, इमरान, व्योम गुप्ता, आदित्य सिंह, आशीष रमोला, आशीष थापा, महिम शर्मा, चिराग़ ग्रोवर, सक्षम नैठानी, मधु जोशी, आदित्य पाल, हिमांशु, मयंक पाल, लक्ष्य बतरा, अरिवंद कुमार, अजय दास, संदीप कुमार, राजकुमार आदि उपस्थित रहे।

सीडीएस को मान्यता प्राप्त प्रबंधकीय विद्यालय एसोसिएशन ने दी श्रद्धाजंली

मान्यता प्राप्त प्रबंधकीय विद्यालय एसोसिएशन उत्तराखंड के द्वारा शहीद हुए जनरल विपिन रावत को एसोसिएशन द्वारा श्रद्धांजलि दी गई। जिसमें मान्यता प्राप्त विद्यालय एसोसिएशन के सभी पदाधिकारी शामिल रहे।
एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रमोद कुमार शर्मा ने कहा कि बिपिन रावत ने अपने कार्यकाल में बहुत से ऐसे कार्य किये है, जिन्हें भुलाया नहीं जा सकता। हमारा प्रदेश ने आज अपने एक होनहार लाल को खो दिया है। प्रदेश ही नहीं पूरा देश उनके इस दुर्घटना पर शोक व्यक्त कर रहा है।
एसोसिएशन के महासचिव राजीव थपलियाल ने कहां कि देश में किसान सीमा पर जवान हमारे जीवन में बहुत महत्व रखते हैं। अगर हम बात करें बिपिन रावत की जिस तरीके से वे कर्तव्यनिष्ठ व्यक्तित्व थे, उनको भुलाया नहीं जा सकता।
शोक सभा में एसोसिएशन के संरक्षक कमला प्रसाद भट्ट ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम में सह सचिव मधुर जखमोला, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राहुल रावत, कोषाध्यक्ष रावप्रित छाबड़ा, संजय पांडे उपाध्यक्ष गीता त्रिपाठी, संरक्षक सदस्य कमल शर्मा, संगठन मंत्री दीपक बिष्ट आदि मुख्य रूप से उपस्थित थे।

सीवर का टैंक खाली करने के लिए निर्धारित शुल्क से अधिक दाम वसूले तो होगी कार्रवाई

सीवर का टैंक खाली करने के लिए निर्धारित शुल्क से अधिक दाम वसूलने पर प्राइवेट ऑपरेटर के खिलाफ कार्रवाई होगी। शुक्रवार को सेप्टेज प्रोटोकॉल मैनेजमेंट की तीसरी बैठक मुनिकीरेती में हुई।
शुक्रवार को नगर पालिका सभागार में सेप्टेज प्रोटोकॉज कमेटी की बैठक में एसडीएम नरेंद्रनगर देवेंद्र सिंह नेगी ने कहा घरों के सीवर टैंक को खाली करने के लिए निर्धारित शुल्क तय किया गया है। टैंक खाली करने के लिए अधिक दाम वसूलने वाले प्राइवेट ऑपरेटरों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान हिसार हरियाणा की पैकल इंफोटक कंपनी की ओर से पालिका क्षेत्र में घरों में सीवर व्यवस्थाओं की सर्वे रिपोर्ट पेश की गई। कंपनी प्रबंधक सुनील कुमार ने रिपोर्ट के आधार पर बताया कि निकाय क्षेत्र के 4791 घर से सर्वे किया गया है। इस बीच सर्वे के आधार सीवर लाइन की व्यवस्था एवं सेप्टेज प्रोटोकॉज मैनेजमेंट के अंतर्गत विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में अधिशासी अधिकारी बद्री प्रसाद भट्ट, सहायक अभियंता अनुरक्षण एवं इकाई गंगा रविंद्र सिंह, सहायक अभियंता जलसंस्थान हरीश बंसल, अरविंद शाह, योगेशवर प्रसाद मिश्रा, दीपक कुमार मौजूद रहे।

आज होगा सैन्य सम्मान के साथ संस्कार, सीडीएस सहित सभी कों दिल्ली में दी गई श्रद्धाजंली

एक दुखद दुर्घटना में अपनी जान गंवाने वाले भारत के पहले चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल बिपिन रावत का अंतिम संस्कार शुक्रवार को यानी आज किया जाएगा। तमिलनाडु के कुन्नूर के पास बुधवार को सैन्य हेलीकॉप्टर दुर्घटना में अपनी पत्नी और सशस्त्र बलों के 11 अन्य कर्मियों के साथ शहीद हुए उत्कृष्ट कमांडर को लोग आज दिल्ली में श्रद्धांजलि दे सकेंगे। जनरल रावत और उनकी पत्नी मधुलिका के शवों को उनके कामराज मार्ग स्थित आवास पर सुबह 11 बजे से दोपहर 12ः30 बजे तक रखा जाएगा ताकि आम जनता उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि दे सके। दोपहर 12ः30 से 1ः30 बजे के बीच का स्लॉट सैन्य कर्मियों के लिए बहादुर जनरल और उनकी पत्नी को सम्मान देने के लिए रखा जाएगा। जनरल रावत की उनके आवास से बरार स्क्वायर श्मशान घाट तक की अंतिम यात्रा दोपहर 2 बजे के करीब शुरू होने वाली है। समाचार एजेंसी के अनुसार, दिवंगत सीडीएस रावत का अंतिम संस्कार शाम 4 बजे निर्धारित है। वहीं, ब्रिगेडियर एलएस लिडर का अंतिम संस्कार सुबह 9 बजे किया जाएगा। हालांकि भारतीय वायु सेना ने बुधवार दोपहर हेलीकॉप्टर दुर्घटना में 13 लोगों की मौत की पुष्टि की है, लेकिन अब तक केवल तीन शवों की पहचान की गई है। जनरल रावत, उनकी पत्नी मधुलिका रावत और ब्रिगेडियर लिडर के शव की पहचान हो चुकी है। अन्य शवों को पहचान होने तक सेना बेस अस्पताल के मोर्चरी में रखा जा रहा है।

पीएम मोदी और रक्षा मंत्री ने दी श्रद्धांजलि
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल उन लोगों में शामिल थे, जिन्होंने गुरुवार को पालम एयरपोर्ट पर सशस्त्र बलों के शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी। भारतीय सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे, भारतीय नौसेना प्रमुख एडमिरल आर हरि कुमार, एयर चीफ मार्शल एवीआर चौधरी और रक्षा सचिव अजय कुमार सहित देश के शीर्ष सैन्य अधिकारियों ने भी एक शोक समारोह में मृतकों को अंतिम श्रद्धांजलि दी।

स्क्वॉड्रन लीडर कुलदीप सिंह का अंतिम संस्कार भी आज
हेलीकॉप्टर हादसे में जान गवाने वालों में शामिल वायुसेना के स्क्वाड्रन लीडर कुलदीप सिंह के पैतृक गांव में रहने वाले उनके परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने झुंझुनूं जिले के घरडाना खुर्द गांव में उनके अंतिम संस्कार की तैयारियां शुरू कर दी हैं। स्क्वाड्रन लीडर कुलदीप सिंह की मां का कहना है कि उन्हें अपने बेटे के देश के लिए शहीद होने पर गर्व है। उन्होंने कहा, मेरे बेटे की यही कमाई है। अपने घर के अंदर संवाददाताओं से बातचीत में उन्होंने कहा, बहुत अच्छी कमाई करी है मेरे बेटे ने… उन्होंने दो बार हाथ ऊपर करके कहा वंदे मातरम।
कुलदीप सिंह का विवाह दो साल पहले ही हुआ था। स्थानीय सरपंच उम्मेद सिंह राव ने बताया, “ग्रामीणों ने सिंह का अंतिम संस्कार गांव के महात्मा गांधी सरकारी विद्यालय के मैदान में करने का निर्णय किया है। उनकी वहां प्रतिमा भी लगाई जायेगी। शिक्षा विभाग ने विद्यालय के मैदान में दाह संस्कार करने की मंजूरी दे दी है।”