सीएम ने दिल्ली जाकर जनरल के परिवार से की मुलाकात, शोक संवेदनाएं दी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में जनरल बिपिन रावत के आवास पर उनके परिवार जनों से भेंट कर शोक संवेदना प्रकट की। मुख्यमंत्री ने जनरल बिपिन रावत जी और उनकी धर्मपत्नी मधुलिका रावत के असामयिक निधन पर शोक व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करने की प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनरल बिपिन रावत का निधन बहुत बड़ी अपूरणीय क्षति है। उनका निधन देश के लिए विशेषकर उत्तराखण्ड राज्य की बहुत बड़ी हानि है, साथ ही मेरे लिए भी। सैनिक पुत्र होने के नाते हमेशा मेरा मार्ग दर्शन करते रहते थे। उनकी सादगी, सहजता हमेशा हमारे दिलों में रहेंगी। कभी लगता नहीं था कि किसी जनरल से मिल रहे हैं। पहली बार मुख्य सेवक बनने के बाद जब मिले तो मेरे पिताजी की रेजीमेंट (महार रेजिमेंट) सागर जाने का कार्यक्रम उन्होंने बनाया हुआ था। लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। आप हमेशा हमारे दिलों में रहेंगे। भगवान उन्हें अपने श्री चरणों में स्थान दे।

सीएस ने विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर दिए निर्देश

मुख्य सचिव डॉ. एस.एस. संधु की अध्यक्षता में गुरूवार को सचिवालय में सभी जिलाधिकारियों के साथ विधानसभा चुनाव की तैयारियों के सम्बन्ध में बैठक आयोजित की गयी। मुख्य सचिव ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि चुनाव हेतु प्रत्येक बूथ कनेक्टेड हो इसके लिए सभी सड़कों एवं ट्रैकिंग रूटों की मरम्मत 31 दिसम्बर तक कर ली जाए, ताकि पोलिंग टीम और मतदाताओं को कोई परेशानी न हो।
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि रिटर्निंग ऑफिसर, असिस्टेंट रिटर्निंग ऑफिसर और नोडल ऑफिसर की तैनाती 12 दिसम्बर तक सुनिश्चित कर ली जाए, इसके साथ ही जिन अधिकारियों की तैनाती गृह जनपदों में है या जिन्हें एक ही स्थान पर 3 वर्ष से अधिक हो गए हैं, उन्हें अनिवार्य रूप से शीघ्रअतिशीघ्र स्थानान्तरित कर लिया जाए।
मुख्य सचिव ने प्रत्येक बूथ में एश्योर्ड मिनिमन फैसिलिटी (रैंप, बिजली, पेयजल, टॉयलेट आदि) की उपलब्धता 21 दिसम्बर, 2021 तक सुनिश्चित किए जाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चुनाव की दृष्टि से संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों को चिन्हित कर लिया जाए। इसके साथ ही अन्य राज्यों से लगे जनपद सहयोग हेतु 20 दिसम्बर तक बॉर्डर कॉर्डिनेशन मीटिंग्स आयोजित कर लें। इस अवसर पर मुख्य चुनाव अधिकारी सौजन्या सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी भी उपस्थित थे।

17 कराटे खिलाड़ियों को शेम लिटिल स्टार्स स्कूल में सम्मानित किया

शेम लिटिल स्टार्स स्कूल में 17 कराटे खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। इन खिलाड़ियों ने बीते रोज देहरादून में हुई ओपन राज्य स्तरीय कराटे प्रतियोगिता में पदक जीते थे।
बुधवार को आदर्श ग्राम स्थित शेम लिटिल स्टार्स स्कूल में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में विद्यालय प्रबन्धक राहुल पंवार ने ओपन राज्य स्तरीय कराटे प्रतियोगिता में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ ही खेलकूद बेहद आवश्यक है। बच्चे खेलकूद के क्षेत्र में भी अपना भविष्य बना सकते हैं। प्रधानाध्यापिका मधु साहनी ने कहा कि बीते रोज कन्या गुरुगुल महाविद्यालय राजपुर रोड देहरादून में ओपन राज्य स्तरीय कराटे प्रतियोगिता 2021 का आयोजन हुआ था। इस प्रतियोगिता में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सब जूनियर कैटेगरी में विभिन्न भार वर्ग में 17 मेडल प्राप्त किए हैं। प्रतियोगिता में रुद्रांश कोटियाल, हार्दिक मलिक, अदिति कुंवर, अनिरूद्ध पंवार, आयुष्मान शर्मा, अग्रिता रावत ने स्वर्ण पदक, प्रतिष्ठा भंडारी, आराध्या सजवाण, आरव जोशी, आर्या अग्रवाल, समृद्धि बछुवान ने रजत पदक और शिवम नेगी, अनुभव बिष्ट, अभय शर्मा, यशवर्धन गौतम, श्रेया बिजल्वाण, श्रेया पयाल ने कांस्य पदक प्राप्त कर विद्यालय का मान बढ़ाया है। इस दौरान अन्तर राष्ट्रीय कराटे कोच चंद्रमोहन तिवारी को भी सम्मानित किया गया। मौके पर खुशबू पंवार, असीमा घोष आदि उपस्थित रहे।

16 दिसंबर की रैली को सफल बनाने के लिए देहरादून पहुंच रहे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता

राहुल गांधी की 16 दिसंबर की प्रस्तावित रैली को सफल बनाने के लिए कांग्रेस नेता जुट गए हैं। बुधवार को कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव वल्लभ और प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे। एयरपोर्ट से वे रैली की तैयारियों को लेकर होने वाली बैठक के लिए देहरादून रवाना हो गए।
बुधवार को कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव वल्लभ और प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव का जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। कांग्रेस प्रदेश महासचिव राजपाल खरोला ने बताया कि 16 दिसंबर को देहरादून में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की रैली प्रस्तावित है। इसकी तैयारियों के लिए देहरादून में बैठक हो रही है। इसी बैठक में शामिल होने के लिए पदाधिकारी उत्तराखंड पहुंच रहे हैं। स्वागत करने वालों में एआईसीसी सदस्य जयेंद्र रमोला, जिलाध्यक्ष गौरव चौधरी, सागर मनवाल, मोहित नेगी, राजवीर खत्री, अजय रावत, अब्दुल कादिर, रहमान अली, जसवंत सिंह, रणजीत सिंह आदि शामिल रहे।

आप के प्रदेश प्रभारी का कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने पुतला फूंका

आप के प्रदेश प्रभारी दिनेश मोहनिया पर कांग्रेस के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष यशपाल आर्य के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी करने का आरोप लगाते हुए कांग्रेसियों ने बुधवार को विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि आप की देवभूमि उत्तराखंड में दलित विरोधी मानसिकता का पुरजोर विरोध किया जाएगा।
बुधवार को रेलवे रोड स्थित कांग्रेस भवन के सामने एकत्रित हुए कांग्रेसियों ने आप के प्रदेश प्रभारी दिनेश मोहनिया के विरुद्ध नारेबाजी की। पुतला फूंककर मोहनिया के खिलाफ आक्रोश जताया। कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री विजय सारस्वत ने कहा कि दिनेश मोहनिया की मानसिकता भी भाजपा की मानसिकता से मैल खाती है। एक बड़े नेता के लिए इस तरह के अपशब्द दलित विरोधी मानसिकता को दर्शाते है। देवभूमि में इस तरह की मानसिकता वालों के लिए कोई जगह नहीं है।
महानगर अध्यक्ष महंत विनय सारस्वत ने तल्ख लहजे में कहा कि आप नेता इस तरह की हरकतों से बाज नहीं आए तो कांग्रेस उन्हें सबक सिखाएगी। कहा कि आप के प्रदेश प्रभारी ने कांग्रेस के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष यशपाल आर्य के बारे में अपशब्दों का प्रयोग किया है, इसकी कांग्रेस पुरजोर निंदा करती है। इस तरह की टिप्पणी से आप का दलित विरोधी चेहरा सामने आ गया है। विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस प्रदेश सचिव विजयपाल रावत, विवेक तिवाड़ी, सुधीर राय, मदनमोहन शर्मा, नवीन रमोला, राकेश सिंह, नंदकिशोर जाटव, चंदन सिंह पंवार, परमेश्वर राजभर, अशोक शर्मा, मदन शर्मा, प्रवीण गर्ग, रूकम पोखरियाल, जतिन जाटव, इमरान सैफी, आर्यन गिरी, कृष्ण पाल, बुरहान अली, शाहरुख आदि शामिल रहे।

विस अध्यक्ष ने रायवाला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया

विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने रायवाला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में टीकाकरण की सफलता के लिए चिकित्सकों के कार्यों की सराहना की।
बुधवार को विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल रायवाला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। वहां उन्होंने चिकित्सा सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने कोविड-19 टीकाकरण को सफलतापूर्वक संचालित करने के लिए चिकित्सकों की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य टीम की सक्रियता सराहनीय है। मौके पर प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. विनोद मिश्रा, आयुष चिकित्सा अधिकारी डॉ. आशुतोष मिश्रा, एम्स ऋषिकेश के अजयवीर सजवाण आदि उपस्थित रहे।

देश के पहले सीडीएस जनरल रावत का यूं जाना सभी को अखर रहा

भारत के सीडीएस जनरल बिपिन रावत का बुधवार को एक विमान हादसे में निधन हो गया। उनका सैन्य हेलीकॉप्टर तमिलनाडु के कुन्नूर के पास क्रैश हो गया जिसमें 14 लोग सावर थे। भारतीय वायुसेना ने बताया कि इस दुर्घटना में जनरल रावत और उनकी पत्नी समेत 13 लोगों का निधन हो गया। जनरल बिपिन रावत भारत के पहले सीडीएस थे। एक बहादुर योद्धा के जाने से न सिर्फ भारत बल्कि वैश्विक स्तर पर भी शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी मिलीं है कि चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत और उनकी पत्नी का अंतिम संस्कार शुक्रवार (10 दिसंबर) को दिल्ली छावनी में किया जाएगा। उनके पार्थिव शरीर के कल शाम तक एक सैन्य विमान से राष्ट्रीय राजधानी पहुंचने की उम्मीद है। शवों को शुक्रवार को उनके घर लाया जाएगा और लोगों को सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक श्रद्धांजलि देने की अनुमति दी जाएगी, इसके बाद उनकी अंतिम यात्रा कामराज मार्ग से दिल्ली छावनी में बरार स्क्वायर श्मशान तक निकाली जायेगी।

सीसीएस की मीटिंग में दिखीं देश की कितनी बड़ी क्षति हुई है
देश के पहले सीडीएस जनरल बिपिन रावत के निधन से देश का हर शख्स उदास है। एक अजीब सा सन्नाटा है। इस मनहूस खबर के आने के बाद बुधवार शाम को जब पीएम आवास पर पीएम मोदी की अध्यक्षता में सुरक्षा पर कैबिनेट कमेटी की बैठक शुरू हुई तो हर चेहरा खामोश दिखा। चेहरे के हावभाव बता रहे थे कि सीडीएस रावत का जाना देश और सरकार के लिए कितनी बड़ी क्षति है। तमिलनाडु में कुन्नूर के पास बुधवार को सैन्य हेलीकॉप्टर दुर्घटना में प्रमुख रक्षा अध्यक्ष (सीडीएस) जनरल बिपिन रावत और कुछ अन्य रक्षा अधिकारियों की मौत हो गई। प्रधानमंत्री के नेतृत्व वाली सुरक्षा पर मंत्रिमंडल समिति को इससे अवगत कराया गया। इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और विदेश मंत्री एस जयशंकर शामिल थे।
राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल, प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव पी के मिश्रा और कैबिनेट सचिव राजीव गौबा भी बैठक में शामिल हुए। सीसीएस के सदस्यों को दुखद घटना के बारे में जानकारी दी गई। सूत्रों ने बताया कि मीटिंग में रावत सहित सभी मृत लोगों के सम्मान में 2 मिनट का मौन रखा गया। सूत्रों ने कहा कि सुरक्षा पर मंत्रिमंडल समिति ने जनरल रावत के निधन पर शोक व्यक्त किया। बैठक के दौरान निर्णय लिया गया कि सम्मान के तौर पर सरकार गुरुवार को राष्ट्रीय शोक की घोषणा करेगी। इस दौरान अगले चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ के चयन पर भी चर्चा हुई।

भारतीय वायु सेना ने दिया आधिकारिक बयान
भारतीय वायु सेना ने एक बयान में कहा, गहरे अफसोस के साथ बताना पड़ रहा है कि यह पता चला है कि दुर्भाग्यपूर्ण घटना में जनरल बिपिन रावत, श्रीमती मधुलिका रावत और 11 अन्य लोगों की मौत हो गई है। जनरल रावत नीलगिरी हिल्स के वेलिंगटन में डिफेंस सर्विसेज स्टाफ कॉलेज में स्टाफ कोर्स के फैकल्टी और छात्र अधिकारियों को संबोधित करने के लिए जा रहे थे।
हेलीकॉप्टर में सवार 14 लोगों में से, एकमात्र जीवित, ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह, डिफेंस सर्विसेज स्टाफ कॉलेज में डायरेक्टिंग स्टाफ, का वर्तमान में वेलिंगटन के सैन्य अस्पताल में इलाज चल रहा है। मधुलिका रावत, ब्रिगेडियर एल. एस. लिद्दर, लेफ्टिनेंट कर्नल हरजिंदर सिंह, नायक गुरसेवक सिंह, नायक जितेंद्र कुमार, नायक विवेक कुमार, नायक बी. साई तेजा और हवलदार सतपाल जनरल रावत के साथ यात्रा कर रहे थे। उनके अलावा, दो पायलट, एक ग्रुप कैप्टन और एक गनर दुर्भाग्यपूर्ण रूप से क्रैश हुए हेलिकॉप्टर में सवार थे। सिंह अपनी पत्नी और सात कर्मचारियों के साथ सुबह 8ः47 बजे कोयंबटूर के पास सुलूर आईएएफ बेस के लिए दिल्ली में एक उड़ान में सवार हुए थे।

सीएम ने सीडीएस के निधन पर तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सीडीएस जनरल बिपिन रावत जी के आकस्मिक निधन पर प्रदेश में 3 दिन (9-10-11 दिसंबर 2021) का राजकीय शोक घोषित करने के निर्देश दिये हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हेलीकाप्टर दुर्घटना में सीडीएस जनरल बिपिन रावत, उनकी पत्नी मधुलिका रावत व अन्य अधिकारियों की आकस्मिक मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्माओं की शान्ति तथा शोक संतप्त परिजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है। मुख्यमंत्री ने जरनल रावत के आकस्मिक निधन को देश के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए कहा कि देश की सुरक्षा के लिए जनरल रावत ने महान योगदान दिया है। देश की सीमाओं की सुरक्षा एवं देश की रक्षा के लिए उनके द्वारा लिये गये साहसिक निर्णयों एवं सैन्य बलों के मनोबल को सदैव ऊंचा बनाये रखने के लिए उनके द्वारा दिये गये योगदान को देश सदैव याद रखेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सीडीएस जनरल बिपिन रावत की परवरिश उत्तराखण्ड के छोटे से गांव में हुई। वे अपनी विलक्षण प्रतिभा, परिश्रम तथा अदम्य साहस एवं शौर्य के बल पर सेना के सर्वाेच्च पद पर आसीन हुए तथा देश की सुरक्षा व्यवस्थाओं एवं भारतीय सेना को नई दिशा दी। उनके आकस्मिक निधन से उत्तराखण्ड को भी बड़ी क्षति हुई है। हम सबको अपने इस महान सपूत पर सदैव गर्व रहेगा।
वहीं, मुख्यमंत्री आवास में विधानमण्डल दल की बैठक के अवसर पर सीडीएस जनरल बिपिन रावत के हेलीकाप्टर दुर्घटना में हुए आकस्मिक निधन पर दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि आर्पित की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड से भी जनरल रावत का विशेष लगाव था। राज्य के विकास की उनकी सोच थी। अभी हाल ही में राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर अपनी पत्नी के साथ वे देहरादून आये थे, उनका आकस्मिक निधन उत्तराखण्ड के लिए बड़ा ही दुःखद है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, डॉ हरक सिंह रावत, बंशीधर भगत, सुबोध उनियाल, बिशन सिंह चुफाल, स्वामी यतीश्वरानन्द, विधायक हरवंश कपूर, हरभजन सिंह चीमा सहित अन्य विधायकगणों ने भी जनरल बिपिन रावत को श्रद्धांजलि अर्पित की।

सरकार ने दुग्ध मूल्य प्रोत्साहन राशि 5 रुपये प्रति लीटर करने की घोषणा की

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को आई.आर.डी.टी ऑडिटोरियम, सर्वे चौक, देहरादून में दुग्ध विकास विभाग के अंतर्गत संचालित दुग्ध मूल्य प्रोत्साहन योजना का शुभारंभ किया एवं योजना के अंतर्गत दुग्ध उत्पादकों को डी.बी.टी के माध्यम से दुग्ध मूल्य प्रोत्साहन राशि का भुगतान किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा मैदानी क्षेत्रों के दुग्ध समितियों के सचिव हेतु 50 पैसा प्रति लीटर दूध में प्रोत्साहन राशि एवं पर्वतीय क्षेत्रों में दुग्ध समितियों के सचिवों हेतु 1 रुपये प्रति लीटर दूध में प्रोत्साहन राशि बढ़ाए जाने की घोषणा की। दुग्ध मूल्य प्रोत्साहन राशि को 4 रुपये प्रति लीटर से बढ़ाकर 5 रुपये प्रति लीटर किए जाने की घोषणा के साथ ही हल्द्वानी में दुग्ध विकास विभाग के निदेशालय हेतु जल्द से जल्द धनराशि जारी करने की घोषणा की।
सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि दूध उत्पाद काश्तकारों से जुड़ी हर समस्या का समाधान सभी विभागों के साथ समन्वय बनाकर किया जा रहा है। उन्होंने कहा आज इस दूध मूल्य प्रोत्साहन योजना से करीब 53,000 लोगों को सीधे-सीधे लाभ होगा। उन्होंने कहा यह राशि डी बी टी के माध्यम से सीधे लाभार्थियों के खातों में जाएगी, उन्होंने कहा इस तरह की योजना आने वाले समय में मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री मोदी के मंत्र सबका साथ सबका विकास एवं सबके विश्वास के साथ हमारी सरकार लगातार हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा दुग्ध क्रांति के क्षेत्र में हम सभी की सामूहिक भूमिका है। उन्होंने कहा 25 वर्ष में दुग्ध बागवानी एवं पशुपालन जैसे हर क्षेत्र में हमारा राज्य नंबर वन बने इसके लिए हमारी सरकार प्रयासरत है। उन्होंने कहा उत्तराखंड के विकास यात्रा हम सभी की सामूहिक यात्रा है। उन्होंने कहा दूध उत्पादों से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति की समस्या का समाधान करना हमारी सरकार की प्राथमिकता है उन्होंने कहा आने वाले समय में सरकार दूध विकास विभाग के साथ समन्वय कर इससे जुड़े लोगों को प्रशिक्षण देगी जिससे आगे दूध उत्पादन बढ़ाए जाने पर सरलता मिलेगी।
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि हम सभी आपसी तालमेल एवं सहयोग से उत्तराखंड में श्वेत क्रांति लाएंगे। उन्होंने कहा दुग्ध उत्पाद क्षेत्र में हमारा प्रदेश आत्मनिर्भर, सामाजिक एवं आर्थिक रूप से सक्षम बने इसके लिए विभाग लगातार नई योजना धरातल में उतारने का काम कर रहा है। विभिन्न जिलों से आए दुग्ध विकास समिति के अध्यक्षों का धन्यवाद करते हुए उन्हें और लगन और धरातल में उतर कर कार्य करने हेतु प्रेरित किया।

अब पीआरडी जवानों को सीएम ने दी कई सौगात

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने महाराणा प्रताप स्पोर्टस कॉलेज, रायपुर, देहरादून में राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ 2021 का शुभारंभ किया। 8 दिसम्बर 2021 से चलने वाले इस खेल महाकुंभ में तीन आयुवर्ग अण्डर-14, अण्डर-17 एवं अण्डर-21 में बालक एवं बालिकाओं की कुल 12 खेल विधाओं का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राज्य स्तर, जिला स्तर एवं विकासखण्ड स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले मंगल दलों को वर्ष 2020-21 एवं 2021-22 के राज्य स्तरीय विवेकानन्द यूथ अवार्ड प्रदान किये।

खेल महाकुंभ के शुभारम्भ अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाएं
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि खेल महाकुंभ-2021 में प्रतिभाग करने वाले सभी खिलाड़ियों को नई खेल नीति के अनुसार सभी सुविधाएं अनुमन्य कराई जायेंगी। पीआरडी स्वयं सेवकों को भी होमगार्ड जवानों की भांति प्रतिदिन 70 रूपये मानदेय बढ़ाया जायेगा। पीआरडी स्वयं सेवकों को सामाजिक सुरक्षा बीमा का लाभ दिया जायेगा एवं पीआरडी स्वयं सेवक की ड्यूटी के दौरान मृत्यु होने पर उनके आश्रितों को 2 लाख रूपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जायेगी। पीआरडी स्वयं सेवकों को प्रत्येक वर्ष 300 दिन का कार्य दिया जायेगा।

उद्देश्य की प्राप्ति के लिए विकल्प रहित संकल्प का होना जरूरी
मुख्यमंत्री ने खेल महाकुंभ में प्रतिभाग कर रहे सभी खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेलों का महत्व हमारे जीवन में सूर्य के उस प्रकाश की भांति हैं, जो अपनी पहली किरण के साथ अंधकार को मिटाता है। खिलाड़ियों में समयबद्धता, धैर्य एवं अनुशासन बनाने में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर खेल के क्षेत्र में अपने बचपन की यादों को भी साझा किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी कार्य को करने के लिए समय की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। जीवन में समय का सदुपयोग बहुत जरूरी है, समय कभी वापस लौटकर नहीं आता। मुख्यमंत्री ने कहा कि अपने उद्देश्य की प्राप्ति के लिए विकल्प रहित संकल्प का होना जरूरी है। यदि मन में उत्साह हो तो, कार्य के प्रति ऊर्जा स्वतः ही आ जाती है। उन्होंने प्रसिद्ध हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद का उदाहरण देते हुए कहा कि ध्यानचंद की खेल भावना और देश के प्रति समर्पण जग जाहिर है।

नई खेल नीति में खिलाड़ियों को हर संभव सुविधा देने के किए गये हैं प्रयास
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा खेलों व खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए खेल नीति-2021 लागू की गई है। खेल नीति में खिलाड़ियों के उन्नयन, खेल प्रतिभाओं को तलाशने, निखारने व उभारने, खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने, खिलाड़ियों के नियोजन, सामान्य आहार के साथ-साथ बेहतर डाइट की व्यवस्था, खिलाड़ियों के लिए रोज़गार के अवसर तथा सम्बंधित पूर्ण सुविधाएं प्रदान करने का प्रावधान किया गया है। युवाओं में राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिभाओं को विकसित करने के लिए उचित आर्थिक प्रोत्साहन का प्रावधान किया गया है। राज्य के हर ग्राम पंचायत में ’’स्वस्थ युवा स्वस्थ उत्तराखंड’’ योजना के अन्तर्गत ओपन जिम खोलने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। ओलंपिक में शानदार प्रदर्शन करने वाली वंदना कटारिया को राज्य ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान’ का ब्रांड एम्बेसडर बनाया गया है। युवा कल्याण एवं प्रान्तीय विकास दल के युवक मंगल दल और महिला मंगल दलों को स्वावलम्बन हेतु 6 माह के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में उत्तराखण्ड खेल प्रदेश के रूप में अपनी अलग पहचान बनायेगा।

सचिव खेल को दिये निर्देश विगत में कराए गए सभी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच रिपोर्ट एक सप्ताह में दी जाए
मुख्यमंत्री ने सचिव खेल को निर्देश दिये कि खेल विभाग द्वारा विगत में कराए गए सभी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच रिपोर्ट एक सप्ताह में दी जाए। यह सुनिश्चित किया जाय की कार्य की गुणवत्ता के प्रति कोई लापरवाही न हो। कार्य के प्रति लापरवाही दिखाने वाले अधिकारियों पर सख्त कार्यवाही की जाय।

ग्राम स्तर से राज्य स्तर तक खेल के क्षेत्र में प्रतिभाओं को खोजा रहा-खेल मंत्री
खेल मंत्री अरविन्द पाण्डेय ने राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ में प्रतिभाग कर रहे सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल महाकुंभ के आयोजन से खिलाड़ियों को प्लेटफॉर्म मिल रहा है। ग्राम स्तर से राज्य स्तर तक खेल के क्षेत्र में प्रतिभाओं को खोजा रहा है। राज्य की नई खेल नीति में खिलाड़ियों को हर संभव सुविधाएं देने का प्रयास किया गया है। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार भी व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नई खेल नीति में जो व्यवस्थाएं की गई हैं, ट्रेनिंग के दौरान खिलाड़ियों को आने वाली कठिनाइयों का निवारण किया गया है।
इस अवसर पर सचिव खेल दीपेन्द्र चौधरी, खेल निदेशक जी.एस. रावत, खेल, युवा कल्याण एवं प्रान्तीय रक्षक दल के अधिकारी एवं खेल महाकुंभ 2021 में प्रतिभाग करने वाले सभी जनपदों के खिलाड़ी मौजूद रहे।