तीन दिवसीय दौरे से देहरादून लौटे धामी का देहरादून में भव्य स्वागत

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तीन दिवसीय लखनऊ दौरे के बाद शनिवार को देहरादून पहुँचे। मुख्यमंत्री के देहरादून आगमन पर पुलिस लाइन से मुख्यमंत्री आवास तक पार्टी कार्यकर्ताओं और आम जनता ने भव्य स्वागत किया। इस दौरान मुख्यमंत्री धामी ने उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के बीच 21 साल से चल रहे परिसम्पत्ति विवाद को लेकर हुई इस बैठक को ऐतिहासिक बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के हितों के लिए यह दौरा ऐतिहासिक रहा। उन्होंने उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताते हुए कहा कि पिछले 21 सालों से उत्तर प्रदेश के साथ परिसंपत्तियों के बंटवारे को लेकर बातचीत चल रही थी परंतु समाधान तक नहीं पहुंच पा रही थी। लेकिन दृढ़ इच्छा शक्ति के साथ मुख्यमंत्री स्तर की बैठक में एक-एक करके परिसंपत्तियों के बंटवारे को लेकर एक-एक बिंदु पर सहमति बन गई। मुख्यमंत्री ने परिसंपत्तियों के बंटवारे से उत्तराखंड व क्षेत्र को होने वाले फायदों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
उल्लेखनीय है बीते गुरुवार को हुई अहम बैठक में किच्छा में उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग की बस स्टैंड की भूमि को उत्तराखण्ड को 15 दिन के अन्दर हस्तांतरित किया जाने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा वन विभाग के अवशेष 90 करोड़ के देयकों का भुगतान भी तत्काल उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा उत्तराखण्ड को दिए जाने का निर्णय हुआ है। जनपद उधमसिंह नगर स्थित धौरा, बैगुल, नानक सागर जलाशय में पर्यटन एवं वाटर स्पोर्ट की अनुमति दी गई। ऊपरी गंग नहर में वाटर स्पोर्ट की अनुमति भी दी गई। हरिद्वार स्थित अलकनंदा पर्यटक आवास गृह का लोकार्पण दिसम्बर 2021 में किया जाएगा और तत्समय पूर्व पर्यटक आवास गृह उत्तराखंड को हस्तांतरित किया जाएगा। बैठक में निर्णय लिया गया कि सिंचाई विभाग की 5700 हेक्टेयर भूमि और 1700 आवासों में उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग के उपयोग हेतु आवश्यक भूमि एवं भवन के आकलन के लिये संयुक्त सर्वे कर शीघ्र चिन्हीकरण किया जायेगा। दोनों राज्यों के मध्य सहमति बनी कि न्यायालयों में लम्बित विभिन्न वादों को वापस लिया जायेगा और आपसी सहमति से मामलों को हल किया जायेगा। दो बैराज भारत नेपाल सीमा पर बनबसा बैराज तथा किच्छा का बैराज जो आपदा से नुकसान के कारण जीर्ण-शीर्ण अवस्था में हैं, इन बैराजों का निर्माण उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग द्वारा किया जायेगा। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम द्वारा उत्तराखण्ड परिवहन निगम को 205 करोड़ का भुगतान करने पर सहमति बनी। उत्तर प्रदेश आवास विकास परिषद् की उत्तराखण्ड में अवस्थित परिसम्पतियों के निस्तारण से होने वाली आय एवं देनदारियों का दोनों राज्यों को 50-50 प्रतिशत के अनुपात में बंटवारा होगा।
इस दौरान कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक बड़ी संख्या में आम जनता और पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

सैनिक सम्मान कार्यक्रम में राजनाथ ने फिर की धामी की प्रशंसा

केन्द्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को पिथौरागढ़ के मूनाकोट में शहीद सम्मान यात्रा का शुभारम्भ किया एवं इस अवसर पर शहीद सैनिकों के परिजनों को किया गया सम्मानित भी किया।
केन्द्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शहीदों को नमन करते हुए कहा कि हमारी सांस्कृतिक परम्परा है कि जो देश के लिए अपनी जिंदगी न्यौछावर करते हैं, उनको देवतुल्य माना जाता है। जननी और जन्मभूमि दोनों स्वर्ग के समान होते हैं। उत्तराखण्ड, देवभूमि, तपोभूमि और वीरभूमि है। उत्तराखण्ड में पांचवा धाम सैन्यधाम बन रहा है। सैन्यधाम में शहीद सैनिकों की आंगन की मिट्टी आयेगी और भविष्य में भी जो वीर सपूत देश के लिए शहीद होगें, उनके आंगन की मिट्टी भी सैन्यधाम में लाई जायेगी। सैन्यधाम में इस तरह की व्यवस्था हो कि सभी शहीदों के नाम और गांव का नाम सैन्य धाम में अंकित हो। उत्तराखण्ड की हर गली, हर शहर अपने में पवित्र है। उत्तराखण्ड में सैन्यधाम का निर्माण एक अच्छी सोच है।

1962 भारत-चीन युद्ध में कुमाऊं बटालियन के जवानों ने किया करिश्माई काम
केन्द्रीय रक्षा मंत्री ने कहा कि कुछ दिन पूर्व मुझे पीठसैंण में वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली की प्रतिमा का अनावरण करने का सौभाग्य मिला। रेजांग-ला पर जो उत्साह देखा वह अद्भुत था। 1962 भारत-चीन युद्ध में कुमाऊं के 13वीं बटालियन के 124 जवानों जो करिश्माई काम किया, उसे भारत कभी भूल नहीं सकता। जब हमने उनके शौर्य और पराक्रम की गौरव गाथा सुनी तो मैंने वहां जाने का निर्णय लिया। वहां भव्य स्मारक बनाया गया है। भारत के हर नागरिक के मन में शहीदों के परिवारों के प्रति एक सम्मान का भाव होना चाहिए।
केन्द्रीय रक्षा मंत्री ने कहा कि हमारे पूर्व सैनिकों की जो वन रैंक वन पेंशन की समस्या थी उसका समाधान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया। सैनिकों एवं उनके परिवारों की समस्याओं के लिए सरकार द्वारा हर संभव प्रयास किये गये हैं। बैटल कैजुवल्टी को 02 लाख से बढ़ाकर 08 लाख रूपये किया गया है। पूर्व सैनिकों की भी हर समस्या का समाधान करने के लिए सरकार द्वारा लगातार प्रयास किये गये हैं। सैनिकों के सम्मान के लिए जो भी करना होगा, सरकार हमेशा उसके लिए तत्पर है। आजादी के 75 वर्ष पूरे हो रहे हैं, भारत आजादी धूमधाम से अमृत महोत्सव मना रहा है। रानी लक्ष्मीबाई की जयंती पर झांसी में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी कर रहे हैं ताबड़तोड़ बैटिंग-केन्द्रीय रक्षा मंत्री
केन्द्रीय रक्षा मंत्री ने प्रदेश एवं जनहित में 4 माह में 400 से अधिक निर्णय लेने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ताबड़तोड़ बैटिंग कर रहे हैं। अभी तो मुख्यमंत्री 20-20 मैच खेल रहे हैं। इनका पांच साल का टेस्ट मैच होना चाहिए। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी महेन्द्र सिंह धोनी की तरह अच्छे फिनिशर हैं। केन्द्रीय रक्षा मंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड में रूद्रपुर, हरिद्वार एवं पिथौरागढ़ में मेडिकल कॉलेज खोले जा रहे हैं। उत्तराखण्ड में सड़क, रेल एवं हवाई कनेक्टिविटी का तेजी से विस्तार हुआ है। लिपुलेख-धारचूला-मानसरोवर जाने का रास्ता बन गया है। सांस्कृतिक दृष्टि से यह रास्ता बहुत महत्वपूर्ण है। भारत और नेपाल के बीच रोटी और बेटी का रिश्ता है।

पिथौरागढ़ जनपद हमेशा से रणबांकुरों की भूमि रही-सीएम
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देश की एकता, अखण्डता एवं रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले शहीदों को नमन करते हुए कहा कि मेरा सौभाग्य है कि मुझे आज अपनी जन्मभूमि सौर घाटी की धरती को नमन करने का अवसर मिला है। उन्होंने सैनिकों के हित में लिए जा रहे निर्णयों एवं उनका उत्साह बढ़ाने के लिए किये जा रहे सराहनीय प्रयासों के लिए केन्द्रीय रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह का आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिथौरागढ़ जनपद हमेशा से रणबांकुरों की भूमि रही है। उत्तराखण्ड सैनिक बहुल प्रदेश है। वीर भूमि पिथौरागढ़ में वीर सैनिकों के परिजनों एवं वीरांगनाओं का सम्मानित कर हम सब सम्मानित हो रहे हैं। राज्य सरकार द्वारा जनहित एवं प्रदेशहित में अनेक निर्णय लिये गये हैं। सभी रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाई गई है। हर वर्ग को ध्यान में रखते हुए योजनाएं क्रियान्वित की जा रही हैं। सभी की समस्याओं का समाधान करने का पूरा प्रयास किया जा रहा है।

सभी वर्गों को ध्यान में रखते हुए राज्य में हो रहे हैं कार्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वस्थ युवा स्वस्थ उत्तराखण्ड योजना उत्तराखण्ड में शुरू की जा रही है, जिसके तहत प्रत्येक ग्राम सभा में एक जिम खोला जायेगा। इसका शासनादेश हो चुका है। आपदा के समय केन्द्र सरकार का राज्य को पूरा सहयोग मिला। सेना के 3 सेना के हेलीकॉप्टर केन्द्र सरकार से उत्तराखण्ड भेजे गये, इससे हम 500 से भी अधिक लोगों की जान बचा पाये। इस वर्ष राज्य में बरसात ने कई रिकॉर्ड तोड़े, लेकिन सरकार, शासन एवं प्रसाशन के प्रयासों से जान मान का नुकसान नहीं हुआ। सभी को मौसम के पूर्वानुमान पर अलर्ट किया गया। आपदाग्रस्त क्षेत्रों का हमने लगातार दौरा किया एवं जन समस्याओं के समाधान के लिए हर संभव प्रयास किये गये। कोविड के दौरान प्रभावितों के लिए राहत पैकेज देने का कार्य राज्य सरकार द्वारा किये गये।

2025 तक उत्तराखण्ड को हर क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाया जायेगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री की अपेक्षानुसार हमारा लक्ष्य है कि 2025 में हम उत्तराखण्ड को देश का हर क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनायेंगे। उन्होंने इस अवसर पर केन्द्रीय रक्षा मंत्री से अनुरोध किया कि पिथौरागढ़ क्षेत्र में पहले बी.आर.ओ. काम करता था, जो यहां से शिफ्ट हो गया, इस बी.आर.ओ. केन्द्र की यहां पर पुनः स्थापना होनी चाहिए। यह सैनिक बहुल एवं सीमांत क्षेत्र है। मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीद सम्मान यात्रा का पहला शुभारम्भ सवाड़ मे किया गया। सवाड़ में केन्द्रीय विद्यालय की लंबे समय से मांग है, उसके लिए सभी औपचारिकताएं पूर्ण कर केन्द्रीय विद्यालय खोलने का प्रस्ताव भारत सरकार को भेजा जायेगा। सवाड़ में स्मारक की देखरेख के लिए कर्मचारियों की व्यवस्था की जायेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि पुराने सैनिक स्मारकों के जीर्णाेधार एवं जनपद पिथौरागढ़ में नये सैनिक विश्राम गृह के लिए धनराशि तत्काल जारी की जायेगी।
सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि जिस प्रकार सैनिक सीमाओं में रहकर देश की रक्षा करता है तथा देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों को न्यौछावर कर देता है, इससे बड़ा बलिदान और कुछ नहीं हो सकता है। यह भूमि वीरों की भूमि है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि उत्तराखण्ड में 5वें धाम के रूप में सैन्यधाम होना चाहिए। देहरादून में भव्य सैन्यधाम बनाया जा रहा है।
केन्द्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट ने कहा कि शहीद सम्मान यात्रा वीर सैनिकों के सम्मान को बढ़ाने का कार्य कर रही है। देश की रक्षा के लिए उत्तराखण्ड के जवानों ने हमेशा अपना सर्वस्व अर्पित किया है। यह देवभूमि के साथ ही वीर भूमि भी है।

प्रदेश में पहले और देश में 11वें स्थान पर रही मुनिकीरेती नगर पालिका

स्वच्छ सर्वेक्षण 2021 में नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला ने प्रदेश में लगातार चौथी बार अपनी बादशाहत को कायम रखा है। इसके तहत प्रदेश में पहला एवं देश में पालिका ने 11वां स्थान प्राप्त किया है, साथ ही गार्बेज फ्री रेटिंग में भी पालिका ने एक स्टार प्राप्त किया है। जिसके बाद पालिका में खुशी का माहौल बना हुआ है, पालिकाध्यक्ष रोशन रतूड़ी और ईओ बीपी भट्ट ने इस उपलब्धि का श्रेय पालिका के कर्मियों और क्षेत्र की जनता को दिया है।
शनिवार को भारत सरकार की ओर से कराए गए स्वच्छ सर्वेक्षण 2021 के नतीजे घोषित किए गए। बीते वर्ष स्वच्छ सर्वेक्षण 2020 में नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला ने देशभर में 12वां स्थान प्राप्त किया था। इस बार पालिका ने अपनी रैंकिंग में और सुधार करते हुए देशभर में 11वां स्थान प्राप्त किया है। प्रदेशभर में बीते चार वर्षों की तरह नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला ने अपने वर्चस्व को कायम रखा हुआ है। पालिकाध्यक्ष रोशन रतूड़ी ने कहा कि निकाय के समस्त कर्मियों की मेहनत और क्षेत्र की जनता के सहयोग से ही पालिका ने स्वच्छ सर्वेक्षण 2021 में प्रदेश में चौथी बार प्रथम स्थान प्राप्त किया है। ईओ बीपी भट्ट ने कहा कि आगे भी पालिका इससे बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रयासरत रहेगी। उन्होंने बताया कि स्वच्छता के आधार पर इसमें रैंक का निर्धारण किया जाता है।

बूथ प्रशिक्षण शिविर में कांग्रेस नेताओं ने बताया भाजपा सरकारों को कैसे घेरे

कांग्रेस द्वारा आयोजित ऋषिकेश विधानसभा का बूथ प्रशिक्षण शिविर श्री भरत मन्दिर परिसर हॉल में झण्डा चौक में सफलता पूर्वक सम्पन्न हुआ, जिसमें 180 बूथों के बूथ अध्यक्षों बीएसए ने प्रशिक्षण प्राप्त किया।
प्रदेश चुनाव प्रशिक्षण कार्यक्रम के अध्यक्ष विजय सारस्वत ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की केंद्र व राज्य की सरकारें सत्ता के मद में अहंकारी हो गई है, जो की लोकतंत्र को कुचलने का कार्य कर रही है। जिसके शासनकाल में किसान मजदूर महिलाएं और सभी जवान परेशान हैं। जिसका अंहकार किसान मोर्चा के तीन काले कानून को वापस लेने के लिए चलाएं गए आंदोलन के दौरान के काले कानून को प्रधानमंत्री मोदी द्वारा वापस.लिए जाने के बाद टूटा है। भाजपा के शासनकाल में अच्छे दिनों का सपना दिखाने वाली सरकार के शासनकाल में महंगाई चरम सीमा पर पहुंच गई है, महिलाओं के खिलाफ अत्याचार के मामले बढ़े हैं, बेरोजगार युवा हो या महिलाएं सभी बेरोजगार है। महंगाई ने आम महिलाओं की रसोई का बजट बिगाड़ कर रख दिया है। तेल व सब्जी मसाले व गैस सिलेंडर के दामों में बेतहाशा वृद्धि हुई है। परिणाम स्वरूप उत्तराखंड में चार में से एक युवा बेरोजगार है बेरोजगारों की संख्या शहरों के साथ गांव में भी पहुंच चुकी है सरकार की उदासीनता के कारण एनएचएम संविदा और उपनल कर्मचारियों का भविष्य भी खतरे में पड़ गया है। यदि सरकार को रोजगार देने की याद आती है तो देहरादून के मेयर की बेटी दिखाई देती है और या विधानसभा अध्यक्ष का बेटा, स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी बुरे हाल हाल हैं इमरजेंसी भी बुरी हालत से गुजर रही है। लेकिन नर्सिंग स्टाफ की परीक्षा तीन बार रद्द हो चुकी है यही हाल वन विभाग के दरोगा की परीक्षाओं का भी है। उन्होंने कहा कि अब राज्य की जनता ने निर्णय कर लिया कि वह भाजपा की सरकार को पूरी तरह से उखाड़ फेंकेगी, और प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाएगी। उन्होंने बताया कि कांग्रेस ने पूरे प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी द्वारा की जाने वाली फर्जी तरीके से वोटिंग को रोकने के लिए बूथ प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन किया है। जिसमें कांग्रेस के ट्रेनर सभी कार्यकर्ताओं को बूथ से संबंधित जानकारियां देकर उन्हें प्रशिक्षित करेंगे।
ऋषिकेश प्रशिक्षण शिविर के संयोजक जयेन्द्र रमोला ने बताया कि इसमे प्रत्येक बूथों से कांग्रेस कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण के लिये बुलाया गया है, प्रदेश में कांग्रेस पार्टी को मजबूती देने के प्रदेश प्रभारी देवेन्द्र यादव के निर्देश पर प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल नेतृत्व में व प्रदेश सह प्रभारी दीपिका पाण्डे सिंह की देख रेख में बूथों पर कांग्रेस की फ़ौज तैयार की जा रही है जिसमें प्रशिक्षण के माध्यम से सभी कांग्रेस जनों को बूथ का प्रशिक्षण समय समय दिया जा रहा है जो कि आने वाले विधानसभा चुनाव में बहुत ही महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। मेरा बूथ मेरा गौरव कार्यक्रम में जानकारी दी कि अधिक से अधिक कार्यकर्ता भाग लेकर संगठन को मजबूत बनाएं।

रमोला ने बताया कि कार्यकर्ता पार्टी की जान होते है उन्हीं के बल बूते पार्टी सत्ता में आती है और साथ में बूथ कमेटी के लिए कार्यक्रम व कार्य निर्धारित करना जैसे की मतदाता सूची पर कार्य करना, मतदाताओं का आकलन करना, नए मतदाताओं और युवाओं का नाम जोड़ना, डोर टू डोर प्रचार, बूथ स्तर पर विभिन्न समुदाय के साथ बातचीत और समाज सेवा के माध्यम से पकड़ बनाना और साथ में सोशल मीडिया संचार रणनीति मिशन उत्तराखंड 2022 की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण शिविर में दिल्ली से आए प्रशिक्षक राजीव साहू अजय जोशी व महेश प्रताप राणा कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दे रहे हैं।
इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण, प्रदेश महासचिव राजपाल खरोला, महानगर अध्यक्ष महन्त विनय सारस्वत, कार्यकारी अध्यक्ष सुधीर राय, डा. के एस राणा, प्रदेश महासचिव दीप शर्मा, जय सिंह रावत, गजेन्द्र विक्रम शाही, पार्षद राकेश मिंया, मदन मोहन शर्मा, अरविन्द जैन, प्रदीप जैन, दीपक जाटव, वरूण शर्मा, अंशुल त्यागी, पार्षद विजय लक्ष्मी शर्मा, पार्षद भगवान सिंह, पार्षद जगत नेगी, मनोज गुसाँई, विजयपाल रावत, शैलेंद्र बिष्ट, विवेक तिवारी, ललित मोहन, मधु जोशी, उमा ओबरॉय, निर्मला कुमांई, रमा चौहान, देवी प्रसाद व्यास, सनमोहन सिंह रावत, जितेन्द्र पाल, लल्लन राजभर, विमला रावत, नीरज चौहान, परमेश्वर राजभर, शैलेन्द्र गुप्ता, चन्द्रकान्ता जोशी, अलका क्षेत्री, मंजू क्षेत्री, सपना, रमेश रांगढ, गौरव यादव, गौरव राणा, अमित पाल, सुमित त्यागी, रोहित नेगी, गम्भीर गुलियाल, धर्मेन्द्र गुलियाल, संजय शर्मा, दिनेश चन्द्र, आशु नेगी, सुभाष, गीता सोढी, बिजेन्द्र कुमार, राजीव बर्तवाल, उत्तम दास, प्रदीप चन्द्रा, विजय कर्नाटक, संजय कर्नाटक, इमरान सैफी, सतीश रावत, मनीष व्यास, मनोज बिष्ट, आकाश रावत, अभिषेक शर्मा, सतीश कौशिक, अवशेष नेगी परमेश्वर राजभर, किशोर, दीनदयाल राजभर, पवन राजभर, मनोज त्यागी, राम बदन, शैलेंद्र गुप्ता, नंद किशोर जाटव, चंद्रकांता जोशी, लक्ष्मी कश्यप, प्रीति नेगी, चंद पाल, विद्यावती, अंजली कश्यप, शिल्पी सिंह, लक्ष्मी उनियाल, यशोदा राणा, पिंकी, शिवानी, सरोजिनी देवी, मीना नाथ, बाबूराम धारवान, मालती तिवारी, मदन कुमार शर्मा, शोभा भट्ट, कमला शर्मा, प्रवीन गर्ग, पूर्व प्रधान बीरेन्द्र सिंह, भगवती सेमवाल, सोहन लाल चमोली आदि मौजूद रहे।

जिला योजना समिति के सदस्य निर्वाचित होने पर पार्षदों का अभिनन्दन

जिला योजना समिति देहरादून के सदस्य के रूप में नगर निगम ऋषिकेश से पार्षद विकास तेवतिया एवं लव कांबोज के निर्वाचित होने पर उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने दोनों पार्षदों को शॉल ओढ़ाकर एवं पुष्प गुच्छ भेंट कर सम्मानित करते हुए शुभकामनाएं दी। साथ ही दोनों ही सदस्यों ने विस अध्यक्ष अग्रवाल का आशीर्वाद प्राप्त कर क्षेत्र में विकास के कार्य को गति देने का आश्वासन दिया।
बैराज स्थित कैंप कार्यालय में विधानसभा अध्यक्ष सहित उपस्थित कई अन्य पार्षदों ने खुशी जताते हुए विकास तेवतिया एवं लव कांबोज को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि जिला योजना समिति के सदस्यों के समर्थन व सहयोग से जिले के विकास में अहम भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि निर्वाचित हुए नगर निगम पार्षद कि अभी तक केवल अपने क्षेत्र के विकास की भूमिका थी परंतु अब जिले के विकास से संबंधित योजनाओं को लेकर भी इनकी जिम्मेदारी और भी अधिक बढ़ गई है। विधानसभा अध्यक्ष ने आशा जताई है कि दोनों पार्षद जिला योजना समिति के सदस्य के रूप में अपने कर्तव्य एवं जिम्मेदारी का ईमानदारी एवं परिश्रम से निर्वहन करेंगे।
इस अवसर पर विस अध्यक्ष अग्रवाल ने कहा है कि जिला योजना में सदस्य निर्वाचित होने पर निश्चित रूप से ऋषिकेश विधानसभा में ग्रामीण क्षेत्रों में होने वाले विकास के कार्यों को गति मिलेगी। अग्रवाल ने कहा है कि दोनों ही नगर निगम के अनुभवी पार्षद है और कार्य का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दोनों ही निर्वाचित सदस्यों को आश्वस्त करते हुए कहा है कि उनकी ओर से विकास के कार्यों के लिए हमेशा सहयोग रहा है और आगे भी मिलता रहेगा
इस अवसर पर ऋषिकेश के मंडल अध्यक्ष दिनेश सती, वीरभद्र मंडल अध्यक्ष गणेश रावत, श्यामपुर मंडल अध्यक्ष अरविंद चौधरी, नगर निगम पार्षद शिव कुमार गौतम, प्रदीप कोहली, तनु तेवतिया, राजेश दिवाकर, शारदा सिंह, मंडल महामंत्री सुमित पंवार, किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष नरेंद्र रावत सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

ऋषिकेश इंटरनेशनल स्कूल में सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मोहा मन

ऋषिकेश इंटरनेशनल स्कूल में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुए। जिसमें छात्र-छात्राओं ने इतनी शक्ति हमें देना दाता…, तू ही राम, तू ही रहीम…आदि गीतों से दर्शकों को आकर्षित किया।
ढालवाला स्थित ऋषिकेश इंटरनेशनल स्कूल में कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय प्रबंधक मोहन डंग, सचिव कप्तान सुमंत डंग, प्रधानाचार्या डा. कोयली चक्रवर्ती ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर सुमंत डंग ने कहा कि विद्यालय बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए कार्य कर रहा है। प्रधानाचार्य डा. कोयली चक्रवर्ती ने कहा कि 10वीं और 12वीं की सीबीएसई बोर्ड की अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं इसी महीने होनी है। जबकि फाइनल परीक्षा मार्च में होनी है। कहा कि सभी बोर्ड विद्यार्थियों को कठिन परिश्रम व लगन से पढ़ना चाहिए।
इस दौरान छात्र-छात्राओं ने इतनी शक्ति हमें देना दाता…, तू ही राम, तू ही रहीम…, अंग्रेजी गीत वी शैल ऑवरकम…आदि की प्रस्तुति दी। मौके पर पूजा डंग, महिमा डंग, बिंदु शर्मा, ज्योति कोठियाल, दीपा शर्मा, अलीशा खान, संजीत पंवार, सौरव पोखरियाल आदि उपस्थित थे।

खटीमा को करोड़ो रुपये की योजनाओं और सीएसडी कैंटीन की सौगात

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को खटीमा में सीएसडी कैंटीन का शुभारम्भ किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर 12220.19 लाख की 52 योजनाओं का लोकार्पण एंव शिलान्यास किया। जिसमें 11425.43 लाख की 43 योजनाओं का शिलान्यास व 794.76 लाख की 9 योजनाओं का लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि खटीमा क्षेत्र में कैंटीन के खुलने से पूर्व सैनिकों एवं सभी सैनिकों को आसानी से क्षेत्र में ही सामान उपलब्ध हो सकेगा तथा अन्य स्थानों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे और लंबी लाइनों में भी नहीं लगना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि जो कभी सपना सा लगता है, वह सब पूर्ण होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही राज्य के पहाड़ी क्षेत्रों में ट्रेन भी तोड़ेगी। सभी क्षेत्रों में राज्य का चहुमुखी विकास किया जा रहा है। राज्य अपने रजत जयंती के अवसर पर सभी क्षेत्रों में देश का उत्कृष्ट एवं आदर्श राज्य होगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी कहा है कि तीसरा दशक उत्तराखंड का होगा। इसके लिए सभी को एकजुट होकर प्रदेश को आदर्श एवं उत्कृष्ट राज्य बनाने में भूमिका निभानी होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिताजी से अनुशासन तथा समयबद्धता सीखी है। आलोचनाएं उन्हें शक्ति प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि खटीमा में स्टेडियम हेतु 17 करोड़ की धनराशि स्वीकृत हो चुकी है, उन्होंने बताया कि बाईपास निर्माण हेतु 46 करोड़ की धनराशि भी स्वीकृत हो गई है, और केंद्रीय विद्यालय हेतु 8 एकड़ भूमि भी मिल गई है। उन्होंने बताया कि अस्पताल का उच्चीकरण करते हुए 100 बेड के स्थान पर 200 बेड का बना रहे हैं।
कार्यक्रम में विधायक नानकमत्ता प्रेम सिंह राणा, मेजर जनरल एस. खाती, कर्नल वीएम नैथानी, मंडी अध्यक्ष नंदन सिंह खड़ायत, मंडलायुक्त सुशील कुमार, सचिव एल फ़ैनई, डीआईजी नीलेश आनन्द भरणे, जिलाधिकारी रंजना राजगुरु, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दलीप सिंह कुंवर आदि उपस्थित रहे।

खटीमा में गंगा स्नान मेले का सीएम ने किया शुभारंभ

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर खटीमा स्थित 22 पुल झनकईया में लगने वाले गंगा स्नान मेले का शुभारंभ किया तथा शारदा के गंगा घाट पर गंगा आरती की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मेले हमारी कला एवं संस्कृति को संजो कर रखने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं उन्होंने कहा कि बचपन से ही मेले का लगाव रहा है, जिस कारण मैं कक्षा चार से ही 22 पुल झनकईया मेले में शामिल होता रहा हूं। उन्होंने कहा कि इस मेले से मेरा बचपन से ही लगाव एवं जुड़ाव होने के कारण समिति के कहने पर व्यस्ततम कार्यक्रम के बावजूद मेले में शामिल हुआ हूँ। यह मेरा सौभाग्य है कि गंगा स्नान पर्व यहाँ मना रहा हूँ।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 21 सालों से उत्तर प्रदेश के साथ परिसंपत्तियों के बंटवारे को लेकर वार्ताएं चल रही थी परंतु समाधान तक नहीं पहुंच पा रही थी। मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का धन्यवाद करते हुए कि मुख्यमंत्री स्तर की बैठक में एक-एक करके परिसंपत्तियों के बंटवारे को लेकर एक-एक बिंदु पर सहमति बन गई। मुख्यमंत्री ने परिसंपत्तियों के बंटवारे से उत्तराखंड व क्षेत्र को होने वाले फायदों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
इस अवसर पर मेला कमेटी ने मोमेंटो भेंट कर मुख्यमंत्री को सम्मानित किया। इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने बगूलिया दुर्गा मन्दिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की तथा प्रदेश वासियों की सुख-समृद्धि एंव खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री ने वन शक्ति मन्दिर में भी पूजा की।
इस अवसर पर विधायक नानकमत्ता प्रेम सिंह राणा ने भी अपने विचार रखे। इस दौरान मेला कमेटी अध्यक्ष शेर सिंह दानू, उपाध्यक्ष ओमनाथ यादव, प्रबन्धक पूरन सिंह धामी, जिलाधिकारी उधम सिंह नगर रंजना राजगुरु, एसएसपी दलीप सिंह कुंवर, मुख्य विकास अधिकारी आशीष भटगाई, परियोजना निदेशक हिमांशु जोशी, अपर जिलाधिकारी जयभारत सिंह सहित क्षेत्रीय जनता उपस्थित रहीं।

धामी ने खटीमा में एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को नागरिक चिकित्सालय खटीमा पहुंचकर ऑक्सीजन प्लांट, आईसीयू एंव सीसीयू का शुभारंभ किया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने दो एंबुलेंस जिनमें पहली एंबुलेंस को बग्घा चौवन व दूसरी एम्बुलेंस को दिया चाँदपुर के लिए हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में कोरोना काल में उत्कृष्ट कार्य करने वाली पाँच आँगनबाड़ी कार्यकत्रियों मीनू जोशी, पुष्पा मेहता, रश्मि जोशी, हेमंती तथा विद्यावती को प्रशस्ति पत्र देकर व शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार नागरिकों के स्वास्थ्य को लेकर बहुत संजीदगी से कार्य कर रही है। गढ़वाल के साथ ही अब शीघ्र ही कुमाऊं वासियों को भी कुमाऊं में एम्स का लाभ मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में सुधार के लिए सरकार द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा की ऑक्सीजन प्लांट के बनने से ऑक्सीजन की कोई कमी नही रहेगी तथा आईसीयू व सीसीयू के बनने से मरीजों का और भी बेहतर ढंग से इलाज हो सकेगा।
इस अवसर पर नानकमत्ता विधायक श्री प्रेम सिंह राणा भी उपस्थित थे।

14 महीने बाद जिन काूननों को लिया केन्द्र ने वापस, जानिए उनके बारे में

किसानों के हठ के आगे आखिरकार मोदी सरकार को झुकना पड़ा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तीनों विवादित कृषि कानून वापस लेने का फैसला किया है। इस ऐलान के लिए दिन चुना गया प्रकाश पर्व का। पीएम ने शुक्रवार को राष्ट्र के नाम 18 मिनट के संबोधन में यह बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि सरकार ये कानून किसानों के हित में नेक नीयत से लाई थी, लेकिन हम कुछ किसानों को समझाने में नाकाम रहे।

मोदी के संबोधन की 5 बड़ी बातें

1. सबसे पहले प्रकाश पर्व और देव दीपावली की शुभकामनाएं
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, मेरे प्यारे देशवासियों आज देव दीपावली का पावन पर्व है। आज गुरु नानक देव जी का भी पावन प्रकाश पर्व है। मैं विश्व में सभी लोगों और सभी देशवासियों को बधाई देता हूं। यह भी बेहद सुखद है कि डेढ़ साल बात करतारपुर साहिब कॉरिडोर फिर से खुल गया है।

2. हमारी सरकार देशवासियों का जीवन आसान बनाने में जुटी
मोदी ने कहा कि गुरुनानक देव जी ने कहा है कि संसार में सेवा का मार्ग अपनाने से ही जीवन सफल होता है। हमारी सरकार इसी सेवा भावना के साथ देशवासियों का जीवन आसान बनाने में जुटी है। न जाने कितनी पीढ़ियां जिन सपनों को सच होते देखना चाहती थीं, भारत उन्हें साकार करने की कोशिश कर रहा है।

3. कुछ किसानों को समझाने में नाकाम रहे
मोदी ने कहा कि हमारी 10 हजार एफपीओ किसान उद्पादक संगठन बनाने की प्लानिंग है। हमने एमएसपी और क्रॉप लोन बढ़ा दिया है। यानी हमारी सरकार किसानों के हित में लगातार एक के बाद एक कदम उठाती जा रही है। इसी अभियान में तीन कृषि कानून लाए गए थे, ताकि किसानों को फायदा हो। हम पूरी विनम्रता से किसानों को समझाते रहे। लेकिन इतनी पवित्र बात कुछ किसानों को समझा नहीं पाए।

4. कानून वापसी का फैसला, इसी महीने शुरू होगी प्रॉसेस
प्रधानमंत्री ने कहा कि हमने किसानों को समझने में कोई कसर नहीं छोड़ी। जिन प्रावधानों पर उन्हें ऐतराज था उन्हें बदलने को भी तैयार थे। साथियों आज गुरु नानक देवजी का पवित्र पर्व है। यह समय किसी को दोष देने का नहीं है। मैं आज देशवासियों को यह बताने आया हूं कि हमने तीनों कृषि कानून वापस लेने का फैसला किया है। इसी महीने इनकी वापसी की प्रक्रिया पूरी कर देंगे।

5. किसान कल्याण हमारी सरकार की प्राथमिकता
देश के हर 100 में से 80 किसान छोटे किसान हैं। उनके पास 2 हेक्टेयर से भी कम जमीन है। इनकी संख्या 10 करोड़ से भी ज्यादा है। उनकी जिंदगी का आधार यही छोटी सी जमीन का टुकड़ा है। हमने किसान कल्याण को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी। हमारी सरकार ने फसल बीमा योजना को प्रभावी बनाया गया। आज छोटे किसानों को फसल बीमा का लाभ मिल रहा है। 22 करोड़ किसानों को सॉयल हेल्थ कार्ड दिए गए हैं। छोटे किसानों को ताकत देने के लिए सरकार हर संभव प्रयास कर रही है।

तीनों कृषि कानून, जिनके खिलाफ आंदोलन कर रहे थे किसान
तीनों नए कृषि कानूनों को 17 सितंबर, 2020 को लोकसभा ने मंजूर किया था। राष्ट्रपति ने तीनों कानूनों के प्रस्ताव पर 27 सिंतबर को दस्तखत किए थे। इसके बाद से ही किसान संगठनों ने कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन शुरू कर दिया था। ये तीनों कानून इस तरह हैं..

1. कृषक उपज व्यापार और वाणिज्य (संवर्धन और सरलीकरण) विधेयक 2020
इस कानून में एक ऐसा इकोसिस्टम बनाने का प्रावधान है, जहां किसानों और कारोबारियों को मंडी के बाहर फसल बेचने की आजादी होगी। कानून में राज्य के अंदर और दो राज्यों के बीच कारोबार को बढ़ावा देने की बात कही गई है। साथ ही मार्केटिंग और ट्रांसपोर्टेशन का खर्च कम करने की बात भी इस कानून में है।

2. कृषक (सशक्तिकरण-संरक्षण) कीमत आश्वासन और कृषि सेवा पर करार विधेयक 2020
इस कानून में कृषि करारों (एग्रीकल्चर एग्रीमेंट) पर नेशनल फ्रेमवर्क का प्रावधान किया गया है। ये कृषि उत्पादों की बिक्री, फार्म सेवाओं, कृषि बिजनेस फर्म, प्रॉसेसर्स, थोक और खुदरा विक्रेताओं और निर्यातकों के साथ किसानों को जोड़ता है। इसके साथ किसानों को क्वालिटी वाले बीज की आपूर्ति करना, फसल स्वास्थ्य की निगरानी, कर्ज की सुविधा और फसल बीमा की सुविधा देने की बात इस कानून में है।

3. आवश्यक वस्तु (संशोधन) विधेयक 2020
इस कानून में अनाज, दलहन, तिलहन, खाद्य तेल, प्याज और आलू को आवश्यक वस्तुओं की लिस्ट से हटाने का प्रावधान है। सरकार के मुताबिक, इससे किसानों को उनकी फसल की सही कीमत मिल सकेगी, क्योंकि बाजार में कॉम्पिटीशन बढ़ेगा।