राज्य के विकास के लिए सीएम ने किया संवाद, जाने लोगों के सुझाव

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित जनता दर्शन हॉल में आत्मनिर्भर उत्तराखण्ड/25 बोधिसत्व विचार श्रृंखला के तहत प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय कार्य करने वाले लोगों के साथ प्रत्यक्ष एवं ई-संवाद किया।

2025 तक उत्तराखण्ड को अग्रणी राज्य बनाने के लिए जन सुझावों को ध्यान में रखते हुए बनाया जायेगा रोडमैप-सीएम
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड को 2025 तक सभी क्षेत्रों में अग्रणी राज्य बनाने के लिए हम सबको मिलकर प्रयास करने होंगे। विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े महानुभावों के जो भी सुझाव प्राप्त होंगे, उनको ध्यान में रखते हुए आगे के लिए रोडमैप तैयार किया जायेगा। उन्होंने कहा कि इस जन संवाद से जो अमृत निकलेगा, प्रदेश के समग्र विकास के लिए भावी रणनीति पर कार्य किया जायेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड की भौगोलिक परिस्थितियां अलग हैं। प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए राज्य सरकार हर संभव प्रयास कर रही है।

समाज के हर वर्ग को ध्यान में रखते हुए योजनाएं की जा रही हैं क्रियान्वित
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में केन्द्र सरकार से राज्य को हर क्षेत्र में पूरा सहयोग मिल रहा है। केन्द्र सरकार के सहयोग से राज्य में हवाई, रेल एवं सड़क कनेक्टिविटी का तेजी से विस्तार हुआ है। राज्य सरकार द्वारा स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार, स्वरोजगार एवं अन्य मूलभूत आवश्यकताओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। समाज के हर वर्ग को ध्यान में रखते हुए योजनाएं क्रियान्वित की जा रही हैं। समाज के अंतिम पंक्ति पर खड़े लोगों तक सरकार की योजनाओं का पूरा लाभ पंहुचाया जा रहा है।

दीर्घकालिक सोच के साथ उत्तराखण्ड में हो रहे हैं अनेक क्षेत्रों में कार्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड में दीर्घकालिक सोच के साथ अनेक क्षेत्रों में कार्य हो रहे हैं। नदियों एवं नालों के पुनर्जीवीकरण। वन्य जीवों के संरक्षण, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए एक जिला दो उत्पाद, लोकल फॉर वोकल पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि उत्तराखण्ड से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर अधिक से अधिक अनुसंधान कार्य किया जाए। पलायन को रोकने एवं सीमान्त क्षेत्रों के विकास के लिए अनेक प्रयास किये जा रहे हैं। स्मार्ट पुलिसिंग और और साइबर सिक्योरिटी की दिशा में प्रभावी कदम उठाये जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने प्राप्त किये विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों के सुझाव
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में कार्य करने वाले लोगों से संवाद किया एवं उनके सुझाव भी लिए। संवाद के दौरान टिहरी जनपद के श्री संजय बहुगुणा ने सुझाव दिया कि वेस्ट को बेस्ट में बदलने के लिए अपशिष्ट पदार्थों से अनेक सजावटी वस्तुएं बनाई जा रही हैं। अपशिष्ट पदार्थों के लिए कलेक्शन सेंटर बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि उनके मानव अधिकार संरक्षण संगठन द्वारा सरकार की विभिन्न योजनाओं को ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों तक पहुंचाई जा रही है।

उत्तरकाशी के अनिल डंगवाल ने कहा कि नाकुरी, उत्तरकाशी में पांरपरिक घराटों का संचालन किया जा रहा है। इस क्षेत्र में अनेक महिलाएं कार्य कर रही हैं। इससे उनकी आजीविका भी बनी है। इस तरह के अन्य प्रयोग भी राज्य के लिए लाभकारी होंगे। वैज्ञानिक डॉ. रूचि बडोला ने कहा कि उनके द्वारा वन एवं संरक्षित क्षेत्रों के आस-पास रहने वाले लोगों के आजीविका में वृद्धि करने तथा वन्य जीव संरक्षण की दिशा में कार्य किया जा रहा है। रंजना कुकरेती ने सुझाव दिया कि प्रदेश के सीमांत क्षेत्रों से पलायन को रोकने के लिए महिलाओं को स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार उपलब्ध कराने, कृषि कार्यों को बढ़ावा देने एवं राज्य में भू-कानून लागू करने का सुझाव दिया। सबरजीत सिंह ने सुझाव दिया कि रिवर्स माइग्रेशन के लिए शिक्षा को पर्यटन के साथ जोड़ते हुए कार्य होने चाहिए।

युवा राज्य को युवा सोच के साथ आगे बढ़ाना जरूरी-डॉ. अनिल प्रकाश जोशी
पद्म भूषण एवं हेस्को के संस्थापक डॉ. अनिल प्रकाश जोशी ने कहा कि सामुहिकता में हमेशा बल होता है। मुख्यमंत्री ने समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों से जो संवाद स्थापित किया है। इससे प्रदेश के हित के लिए अवश्य अमृत निकलेगा। उन्होंने कहा कि उतराखण्ड राज्य के 21 सालों के इस सफर में अनेक उतार-चढ़ाव देखने को मिले। उत्तराखण्ड हिमालयी राज्य है। हिमालय नवीन पर्वत श्रृंखला है और उत्तराखण्ड भी युवा राज्य है। युवा राज्य को युवा सोच के साथ आगे बढ़ाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धाम की कार्यशैली एवं व्यक्तित्व से लोग प्रभावित हैं। बहुत कम समय में उन्होंने काफी लोकप्रियता हासिल की है। उन्होंने लोगों से अपील की कि राज्य के समग्र विकास के लिए जो पहल शुरू की गई है, इसमें अपने अधिक से अधिक सुझाव अवश्य दें।

सीएम से मिल प्रधानमंत्री का किसान संगठनों ने जताया आभार

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से सोमवार को कैम्प कार्यालय में प्रदेश भर के किसान संगठनों के प्रतिनिधियों ने भेंट की।
इस दौरान किसान संगठनों के प्रतिनिधियों ने कृषि क़ानून पर केंद्र सरकार द्वारा लिए गए निर्णय हेतु मुख्यमंत्री के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि किसानों के हित में केंद्र सरकार और राज्य सरकार लगातार कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश नए कीर्तिमान हासिल कर रहा है, शक्तिशाली भारत के रूप में दुनिया भर में देश का मान-सम्मान बढ़ा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के कुशल नेतृत्व में उत्तराखंड में ऑल वेदर रोड, हेमकुंड साहिब में रोपवे का निर्माण समेत एक लाख करोड़ की योजनाओं का कार्य चल रहा है।
इस दौरान तमाम किसान संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

सीएम ने स्पोर्ट्स कॉलेज के छात्रावास और कैंटीन का किया निरीक्षण

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सोमवार को महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज, रायपुर, देहरादून में छात्रावासों में रह रहे छात्रों से मिले। इस अवसर पर उन्होंने छात्रों की कैंटीन का अवलोकन भी किया। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर सभी बच्चे उत्साहित थे। मुख्यमंत्री ने सभी बच्चों को अपनी पढ़ाई एवं खेलों पर ध्यान देने के लिए प्रेरित किया। मुख्यमंत्री ने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि अपने उद्देश्य की प्राप्ति के लिए पूरे जज्बे के साथ मेहनत करें। उन्होंने कहा कि सभी बच्चों को संकल्प के साथ आगे बढ़ना है। मुख्यमंत्री ने खेल विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि इन बच्चों को स्कूल जाने के लिए नई स्कूल बस के लिए जल्द प्रपोजल बनाकर भेंजे।
इस अवसर पर खेल मंत्री अरविन्द पाण्डेय एवं विधायक उमेश शर्मा काऊ भी मौजूद रहे।

सरकार ने त्रिस्तरीय पंचायत प्रतिनिधियों का मानदेय बढ़ाया

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को महराणा प्रताप स्पोटर्स कॉलेज, रायपुर, देहरादून में लोक योजना अभियान-2021 सबकी योजना सबका विकास के अन्तर्गत गढ़वाल मण्डल के त्रिस्तरीय पंचायत प्रतिनिधियों एवं कार्मिक पंचायतीराज विभाग की एक दिवसीय राज्य स्तरीय अभिमुखीकरण कार्यशाला का शुभारम्भ किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा कोरोना काल में कार्य करने वाले ग्राम पंचायत विकास एवं सहायक विकास अधिकारी, पंचायत को एक क्लिक से पी.एफ.एम.एस. के माध्यम से गढ़वाल मण्डल के 55 सहायक विकास अधिकारी, पंचायत एवं 455 ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों प्रत्येक को 10-10 हजार रूपये की धनराशि कुल 510 कार्मिकों को रू0 51 लाख की धनराशि त्वरित ट्रान्सफर की गयी। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर घोषणा की जिला पंचायत अध्यक्षों का मानदेय 10 हजार रूपये से बढ़ाकर रू0 14 हजार कर दिया गया जायेगा। उपाध्यक्षों का मानदेय रू0 6000 से बढ़ाकर रू0 9800, उप प्रधान का रू0 500 से रू0 1000, जिला पंचायत सदस्य का रू0 1000 से बढ़ाकर रू0 1500 प्रति बैठक एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य रू0 500 से रू0 700 प्रति बैठक किया जायेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना काल में जन प्रतिनिधियों द्वारा सराहनीय कार्य किया गया। सभी प्रधानों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किये जायेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर पर ओपन जिम खोलने की जो घोषणा की गई थी उसका शासनादेश हो चुका है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा समाज के हर वर्गों को ध्यान में रखते हुए योजनाएं चलाई जा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों से पलायन को रोकने के लिए विशेष प्रयास किये जा रहे हैं। रोजगार के साथ ही स्वरोजगार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जन समस्याओं का समाधान एक ही जगह पर हो इसके लिए लगातार कैंप लगाये जा रहे हैं। जनपदों में रोजगार मेले आयोजित किये जा रहे हैं।
पंचायतीराज मंत्री अरविन्द पाण्डेय ने कहा की कोविड काल के दौरान पंचायत प्रतिनिधियों ने अपनी जान की परवाह किये बगैर पंचायतों में जो कार्य किये वह सराहनीय है। पंचायतों में वर्तमान में सभी धनराशि ऑनलाइन आवंटित की जा रही है। पारदर्शिता के साथ कार्य हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद भी पंचायत प्रतिनिधियों द्वारा सराहनीय कार्य किया जा रहा है। कार्यशाला में पंचायतीराज विभाग एवं अन्य रेखीय विभागों के विशेषज्ञों द्वारा कार्यशाला में आये हुए समस्त प्रतिभागियों को प्रशिक्षण दिया गया। त्रिस्तरीय पंचायतों में जीपीडीपी, बीपीडीपी एवं डीपीडीपी में पंचायतों की आवश्यकतानुसार प्लान बनाकर अपलोड किये जाने के सम्बन्ध में सभी प्रतिभागियों को अवगत कराया गया, जिससे पंचायतों को मिलने वाले अनुदान का उचित एवं आवश्यकतानुसार प्रबन्धन कर सकें। पंचायतें प्राप्त अनुदान के सापेक्ष अपने-अपने क्षेत्र की यथा आश्यकतानुसार योजनाओं का चयन कर प्लान बनायेंगे। जिससे बजट अनुदान प्रथमतः आवश्यक एवं विकास परक योजनाओं पर व्यय किया जा सकेगा। इस अवसर पर गढ़वाल मण्डल के सभी जिलों के जिला पंचायत अध्यक्ष/उपाध्यक्ष, सदस्य जिला पंचायत, प्रमुख/ज्येष्ट उप प्रमुख/कनिष्ठ उप प्रमुख सदस्य क्षेत्र पंचायत प्रधान/उप प्रधान आदि पंचायत पदाधिकारियों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया।

केजरीवाल के हरिद्वार दौरे से गर्मायी राजनीति, ऑटो चालको को लुभा गये दिल्ली सीएम

आम आदमी पार्टी के संयोजक व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पिछले बीस साल में भाजपा और कांग्रेस ने बारी-बारी से शासन किया। उत्तराखंड में दोनों दलों में सहमति बनी है कि राज करो और लूटो। लेकिन अब यह नहीं चलेगा। उन्होंने कहा कि एक बार आम आदमी पार्टी को मौका देकर देखो। सबको भूल जाओगे। 
धर्मनगरी में रविवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रोड शो किया। दोपहर में करीब ढाई बजे पुराना रानीपुर मोड़ (परशुराम चौक) से शुरू हुआ रोड शो गोविंदपुरी, चंद्राचार्य चौक, प्रेमनगर आश्रम, खन्नानगर होते हुए शंकर आश्रम तिराहे पर तीन बजकर बीस मिनट पर संपन्न हुआ। 
रोड शो के समापन पर जनता को संबोधित करते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा भाजपा व कांग्रेस दोनों में आपसी सहमति है कि एक बार तुम राज करो, एक बार हम राज करेंगे। दोनों में सहमति है तुम लुटो, हम लूटेंगे। जब तुम्हारी बारी आए तो हमको बचा लेना। जब हमारी बारी आएगी तो तुमको बचा लेंगे। अब यह खेल खत्म करना है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता ने आम आदमी पार्टी को एक बार मौका दिया था बस एक बार। पार्टी ने पिछले सात साल में ऐसा जबरदस्त काम किया है कि सभी पार्टियां हवा हो गई। अब दिल्ली के अंदर कोई भी व्यक्ति किसी अन्य पार्टी की बात नहीं करता। उन्होंने कहा कि आज अकेली आप है जो कहती है कि हम स्कूल बनाएंगे। कोई और पार्टी कहती है कि वह स्कूल बनवाएगी। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मैं आपको कह रहा हूं कि मैंने दिल्ली में स्कूल बनवाए। हमको वोट दो। हम तुम्हारे बच्चों के लिए स्कूल बनवाएंगे।
हम तुम्हारे बच्चों को नौकरी देंगे। दिल्ली में करके दिखाया है। हवा में बात नहीं कर रहे हैं। अब देवभूमि में भी करके दिखाएंगे। उन्होंने कहा कि आज जिस तरह का प्यार मिला। उसे देखकर मुझे पूरी उम्मीद है कि देवभूमि की जनता बदलाव चाहती है। केजरीवाल ने कहा कि हमने दिल्ली में स्वास्थ्य सुविधाएं बेहतर कर दी हैं। मोहल्ला क्लीनिक बनवा दिए। देवभूमि में एक मौका दो। यहां भी शानदार अस्पताल बनाएंगे। उन्होंने कहा कि इस बार आप सब लोग मिलकर कर्नल अजय कोठियाल को देवभूमि का सीएम बना दो। कर्नल कोठियाल ने केदारनाथ में पुनर्निर्माण कार्य किया था। अब हम सबको मिलकर देवभूमि का नवनिर्माण करना है। 

भाजपा और आप के बीच जुबानी जंग तेज

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप के अध्यक्ष अरविन्द केजरीवाल ने हमेशा ही देश विरोधी तत्वों के सुर में सुर मिलाने और तुष्टीकरण की राजनीति की है और अब चुनाव से ठीक पहले वह उत्तराखंड में जिस तरह घोषणाएं कर रहे हैं उसका उनको कोई लाभ नहीं होने वाला है, क्योंकि वह विश्वास खो चुके हैं। उन्होंने कहा कि आज आध्यात्मिक तीर्थ की बात करने वाले केजरीवाल हमेशा राम मंदिर के विरोधियों के सुर में सुर मिलाते रहे हैं। अचानक उनका सनातन में आस्था और भक्ति में विश्वास का जाग्रित होना चुनावी महत्वाकांक्षा से प्रेरित है। उन्होंने कहा कि सैन्य बहुल उतराखंड के लोग उनके सर्जिकलस्ट्राइक में सुबूत मांगने और देश द्रोहियो की पैरोकारी करने से भी व्यथित हैं।
कोरोना काल में भी वह उत्तराखंड के कोटे के ऑक्सीजन सिलेण्ड़र और जरुरी दवाओ के कोटे को भी कालाबाजारी के लिए डंप कर चुके हैं और अदालत को भी गुमराह कर चुके हैं। केजरीवाल के अस्पतालों को लेकर झूठे दावो की पोल कोरोना के समय खुल चुकी हैं। पराली को लेकर घोटाला भी सामने आ चुका है। उन्होंने कहा कि पहले केजरीवाल को दिल्ली की स्तिथी को व्यवस्थित करना चाहिए, क्योंकि दिल्ली बरसात में पानी का कटोरा बन जाता है और अब प्रदूषण के चलते वहां पर सांस लेना मुश्किल हो गया है। झूठी और झान्सा देने की राजनीति अधिक समय तक नहीं चल सकती, क्योंकि केजरीवाल जनता का विश्वास खो चुके हैं। अस्तित्व की तलाश में वह अब लगातार घोषणाएं कर रहे हैं जिनका कोई अर्थ नहीं है और न ही लोगो को उन पर विश्वास है।

उत्तराखंड देश दुनिया के लिए बेस्ट शूटिंग डेस्टिनेशन-धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को चकराता रोड़ स्थित स्थानीय होटल में बॉलीवुड फ़िल्म “बूंदी रायता” के मुहूर्त शॉर्ट का शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड देश दुनिया के लिए बेस्ट शूटिंग डेस्टिनेशन है, राज्य सरकार ने फ़िल्म निर्माताओं के लिए अनुकूल वातावरण बनाया है ताकि उन्हें प्रदेश में कोई परेशानी ना हो और फ़िल्म शूटिंग सम्बंधी अनुमति एवं अन्य कार्य आसानी से हो सकें। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में फ़िल्म नीति को भी संशोधित किया गया है जिसके बाद से प्रदेश में बड़ी तदात में फ़िल्मों की शूटिंग हो रही है। इस दौरान विधायक विनोद चमोली, फ़िल्म जगत से जुड़े अन्य लोग मौजूद रहे।

सरकार कर्मचारियों की हितैषी, समस्याओं का होगा शीघ्र समाधान-धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से रविवार को मुख्यमंत्री आवास पर प्रदेश भर के विभिन्न कर्मचारी संगठनों से जुड़े पदाधिकारिकारियों ने भेंट की। इस दौरान मुख्यमंत्री से कर्मचारी संगठनों ने विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार कर्मचारियों के हित में हर संभव प्रयास कर रही है। सरकार सरलीकरण और समाधान के सूत्र वाक्य पर कार्य कर रही है, जो मुद्दे सरकार के सामने हैं उनका त्वरित गति से समाधान किया जाएगा।
इस दौरान अरुण पांडेय, प्रताप सिंह पंवार, बी.एस. रावत समेत विभिन्न अधिकारी-कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे।

जयेन्द्र रमोला ने सरकार पर बेरोजगारों को ठगने के आरोप लगाये

कैम्पा व नमामी गंगे के तहत वन विभाग में रखे गये वन सुरक्षा श्रमिक अपनी नौकरी को ठेकेदारी में समाहित किये जाने व मासिक आय में कमी किये जाने की समस्याओं को लेकर एआईसीसी के सदस्य जयेन्द्र रमोला से मिले।
इस अवसर पर जयेन्द्र रमोला ने कहा कि वन सुरक्षा श्रमिकों द्वारा पता चला कि वन श्रमिक जो कि कैम्पा व नमामी गंगे योजना के अन्तर्गत वन विभाग में कार्य कर रहे हैं उनके हितों पर वन विभाग द्वारा कुठाराघात किया जा रहा है। जहां सरकार रोज़गार देने की बात करती हैं, वहीं सरकार वर्षों से कार्यरत वन श्रमिकों को ठेकेदार के हवाले कर व उनकी मासिक आय में कटौती कर उनके अधिकारों का हनन कर रहे हैं जो कि न्यायोचित नहीं है। कहीं ना कहीं वन विभाग द्वारा वन सुरक्षा श्रमिकों का उत्पीडन कर उनको नौकरी से हटाने की संभावना है। विभाग में राज्य सेक्टर, केन्द्र पोषित के अन्तर्गत दैनिक वेतन श्रमिक व न्यायालयों के आदेशों के आच्छादित श्रमिकों के पारिश्रमिक का भुगतान किया जा रहा है। पारिश्रमिक के अन्तर्गत विभिन्न आउटसोर्स संस्थाओं जैसे उपनल, ग्लोबल, उज्जवल आदि के माध्यम से रखे गए आउसोर्स श्रमिकों की पारिश्रमिकी का भुगतान किया जाता है। वन सुरक्षा श्रमिक की पहले न्यूनतम आय 8200 प्रति माह हुआ करती थी जिसमे 4 दिन का अवकास हुआ करता था। लेकिन भाजपा सरकार द्वारा जो वन विभाग की बागडोर निजी कंपनी को सौप दिए जाने से बहुत भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। इस बदलाव की वजह से इन कर्मियों की मासिक आय 8000 से भी और कम हो गयी है। सभी प्रभावित वन विभाग के सुरक्षा श्रमिक बहुत मुश्किल से कार्य करते है, अपनी जान को जोखिम में डालकर जैसे ज़हरीले सांपो को पकड़ना, बाघ, हाथी एवं अन्य जंगली जानवरों को खदेड़ना का कार्य करते हैं, उन वन विभाग के कर्मचारियों के साथ पूर्ण रूप से अन्याय किया जा रहा है।
रमोला ने कहा कि हम इस दुर्व्यवहार का विरोध करते है और कांग्रेस पार्टी इससे प्रभावित कर्मियों के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि जल्द ही इस मामले में अपने कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से मिलकर इस समस्या को प्रदेश स्तर पर उठायेंगे और वन सुरक्षा श्रमिकों के अधिकारों की लड़ाई लड़ेंगे।
मौक़े पर भगवती प्रसाद चमोली, रवि थापा, हरकेश सिंह, देवेंद्र, करन, संतराम, सुरेंद्र, लवीश, हरिराम, भोपाल, रमेश, उत्तम सिंह, बलवीर, तारा चंद, धर्म सिंह, प्रेम, पिंकी, खेमचंद, रोहित, पंकज, प्रमोद, सुनील, प्रीति नेगी व अवशेष नेगी मौजूद थे।

जन संवाद कार्यक्रम में विस अध्यक्ष ने विकास कार्यों को साझा किया

ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत खदरी खड़कमाफ में रविवार को विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने जनता से संवाद कार्यक्रम के दौरान खदरी खड़कमाफ ग्राम पंचायत के लिए विधायक निधि से आंतरिक मोटर मार्गों के लिए आठ लाख रुपए की घोषणा की है।
इस अवसर पर अग्रवाल ने कहा है कि खदरी खड़क माफ में 12 करोड रुपए की लागत से जल संस्थान द्वारा खड़कमाफ पेयजल योजना का कार्य प्रगति पर है। 13 लाख रुपए की लागत से खदरी खडकमाफ पाइप लाइन का कार्य पूर्ण हो चुका है। उन्होंने कहा है कि शिक्षा विभाग द्वारा 15 लाख रुपए की लागत से राजकीय इंटर कॉलेज खदरी मे सभागार एवं कक्ष का निर्माण किया गया है।
कार्यक्रम के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि सिंचाई विभाग के माध्यम से राजकीय पॉलिटेक्निक खदरी के पास सुरक्षा दीवार का कार्य 20 लाख रुपए की लागत से पूर्ण किया गया। विधायक निधि से 80 लाख रुपए की लागत से ग्राम सभा के अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों में आंतरिक सीसी रोड निर्माण, विद्यालय में रसोईघर, दुर्गा मंदिर में निर्माण कार्य, जबकि 250 से अधिक एलईडी स्ट्रीट लाइट लगवाई गई है जिससे क्षेत्र में रात्रि के समय लोगों को आवागमन में सुविधा हो रही है। उन्होंने कहा है कि विद्यालय कंप्यूटर सेट, फर्नीचर, विद्यालय कक्ष आदि कार्य करवाए गए है।
उन्होंने कहा है कि विधानसभा अध्यक्ष विवेकाधीन कोष से 300 से अधिक लोगों को 15 लाख से अधिक की धनराशि केवल खड़क माफ खदरी ग्राम पंचायत के जरूरतमंदों को दी गई है। क्षेत्र का विकास अनवरत चलने वाली प्रक्रिया और जो निरंतर चलती रहेगी। अग्रवाल ने कहा है कि कार्य की गुणवत्ता के लिए हमेशा अधिकारियों को निर्देशित किया जाता है साथ ही स्थानीय जनमानस भी सजग प्रहरी की तरह अपनी भूमिका का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के लिए धन की कमी को आड़े नहीं आने दिया जाएगा।
इस अवसर पर स्थानीय जनता ने विकास कार्यों को लेकर विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल का सम्मान भी किया जबकि अनेक समस्याओं का श्री अग्रवाल ने मौके पर ही निस्तारण भी किया। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के श्यामपुर के मंडल अध्यक्ष गणेश रावत, पूर्व प्रधान स्वरूप सिंह पुंडीर, राम रतन रतुडी, मानवेंद्र कंडारी, राजेंद्र चौहान, मुन्ना रावत, गौतम राणा, आशा पंवार, सरोज भटट, कृष्णा बिष्ट, ज्योति राणा आदि सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।