केजरीवाल के दौरे के बाद आप का बढ़ने लगा कुनबा

आप संयोजक अरविन्द केजरीवाल के हरिद्वार में ऐतिहासिक रोड शो के बाद आपके पक्ष में माहौल गर्माने लगा है। ऋषिकेश विधानसभा के छिद्दरवाला ग्रामीण क्षेत्र में आज बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने आप का दामन थाम लिया।
पार्टी के विधानसभा प्रभारी राजे सिंह नेगी ने माल्यार्पण के साथ पार्टी की टोपी पहनाकर पार्टी की सदस्यता लेने वाले लोगों का स्वागत किया। इस अवसर पर अपने सम्बोधन में आप के विधानसभा प्रभारी नेगी ने कहा कि उत्तराखंड में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने पर दिल्ली की तर्ज पर ही विकास किया जायेगा। उत्तराखंड के लोग आम आदमी पार्टी को एक बेहतर विकल्प के रूप में देख रहे हैं। 2022 के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के साथ आम आदमी पार्टी की सीधी टक्कर होगी। आम आदमी पार्टी केवल एक राजनीतिक पार्टी नहीं है, बल्कि जन भावनाओं से जुड़ी हुई पार्टी है। सदस्यता ग्रहण करने वालों में चंद्रप्रकाश, रितिका देवी ,नीतू ठाकुरी, शीतल ठाकुरी, राहुल कश्यप, सोम प्रकाश, कृष्ण कुमार ,अमित शाही, रवि कश्यप, राजकुमार, राजा, हेमा देवी, शांति देवी, संजय कुमार, सोनी सिंह, अजय कुमार, सुनील कुमार, रोहित गोयल आदि प्रमुख रूप से शामिल रहे।

विस अध्यक्ष ने की सीएम से मुलाकात, निर्माण कार्यो का शासनादेश जल्द जारी करने की मांग

ऋषिकेश में विकास कार्यों की घोषणा को लेकर विस अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने सीएम का आभार जताया है। उन्होंने सीएम पुष्कर सिंह धामी से श्यामपुर रेलवे क्रॉसिंग पर ओवर ब्रिज के निर्माण का शासनादेश जल्द जारी करने की मांग उठाई है।
मंगलवार को विस अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने देहरादून में सीएम पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के श्यामपुर रेलवे क्रॉसिंग पर आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है। वहां पर ओवर ब्रिज निर्माण को लेकर घोषणा भी हो चुकी है। इसलिये ओवर ब्रिज का शासनादेश शीघ्र जारी किया जाए, ताकि कार्य को गति दी जा सके। उन्होंने कहा कि ऋषिकेश क्षेत्र के आईडीपीएल क्षेत्र में कृष्णानगर कॉलोनी लंबे समय से बसी हुई है, इसलिए इस कॉलोनी को न उजाड़ा जाए। इसके अलावा उन्होंने प्रदेश में गन्ना मूल्य घोषित किए जाने की मांग भी की। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने इन मांगों पर जल्द कार्यवाही का आश्वासन दिया। इस दौरान दोनों नेताओं ने दिसंबर में प्रस्तावित विधानसभा सत्र के सफल संचालन को लेकर भी चर्चा की।

ऋषिकेश विधानसभा में लगातार बूथों के गठन पर जोर दे रही कांग्रेस

आज ऋषिकेश नगर निगम क्षेत्र के 96, 97, 98 बूथ संख्या में विधानसभा चुनाव 2022 की तैयारियों को लेकर बूथ कमेटी के गठन की प्रकिया को लेकर पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से संवाद किया गया। इस दौरान कई महत्वपूर्ण सुझाव भी लिये गये और मेरा बूथ मेरा गौरव नारे के साथ बूथ के हर कार्यकर्ता को बूथ स्तर पर कांग्रेस की मज़बूती को लेकर कार्य दिये गये हैं। बताया गया कि 18 वर्ष के नए मतदाताओं या जिनका नाम मतदाता सूची से वंचित रह गया हो उनकी भी खोज कर उन्हें मतदाता सूची में जोड़ने के लिये अभियान चलाये।
इस अवसर पर एआईसीसी के सदस्य जयेन्द्र रमोला ने कहा कि कांग्रेस 2022 के विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस पूर्ण रूप से तैयार है। प्रदेश से लेकर अपने बूथ व जमीनी कार्यकर्ताओं तक हम हर तरीके से चुनावी तैयारियों में जुटे हैं और आने वालों चुनाव में कांग्रेस की जीत सुनिश्चित करने के लिये कांग्रेस के नये कार्यकर्ताओं को बूथों की जानकारी व उन्हें उनके बूथों पर उनकी कार्यशैली को देखते हुए जिम्मेदारी देनी तय की जा रही है। कांग्रेस को मजबूत करने के लिए बूथों को मजबूत करना बेहद जरूरी हैं। इसी लिए हमारा संकल्प है कि हम ज्यादा से ज्यादा लोगो को कांग्रेस से जोड़कर उन्हें आने वाले चुनाव में अपने विपक्षी दलों से कैसे लड़ना है। उसके बारे मे पूर्ण रूप से बताया व उनसे सुझाव लिए जा रहे है। 18 वर्ष के युवाओं को उनके मत का महत्व व अधिकार समझाते हुए बताया कि वोट करना बहुत ही आवश्यक हैं और वोटिंग के अधिकार से ही हम सही जनप्रतिनिधि चुन सकते हैं व अपने क्षेत्र के विकास के लिये महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
बैठक में जगमोहन भटनागर ने कहा कि कांग्रेस प्रभारी देवेन्द्र यादव के आने से प्रदेश से लेकर बूथ तक का कार्यकर्ता अपने आपको कांग्रेस से जुड़ा हुआ महसूस कर रहा है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ जनों के साथ युवाओं को राजनीति में आगे आकर कार्य करने की आवश्यकता है और चुनाव के समय हर बूथ पर सबसे अधिक संख्या में युवाओं की और महिलाओं की भागीदारी रहनी चाहिये व बूथों पर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं का हुजूम होना चाहिये, ताकि सभी बूथों पर कांग्रेस चुनाव जीत कर आगे बढ़े।
इस अभियान में चेतन कपरूवान, आदेश भटनागर, राजवीर तोमर, नरेंद्र कपरूवान, योगेन्द्र नेगी, मोहित तोमर आदि मौजूद थे।

आईडीपीएल कॉलोनी के लोगों को सताने लगा बेघर होने का डर

27 नवंबर को आईडीपीएल की लीज खत्म होनी है। ऐसे में आईडीपीएल कॉलोनी में रह रहे लोगों को बेघर होने का खतरा सता रहा है। उन्होंने सरकार से आईडीपीएल कॉलोनी को न उजाड़ने की मांग की।
मंगलवार को आईडीपीएल परिसर में रिटायर्ड वेलफेयर एसोसिएशन ने बैठक आयोजित की। बैठक में सोसाइटी अध्यक्ष एके मजूमदार ने कांग्रेस प्रदेश महासचिव राजपाल खरोला के समक्ष समस्याएं रखीं। उन्होंने कहा कि आईडीपीएल वन भूमि पर है। इसी माह 27 नवंबर को लीज खत्म हो रही है। इससे आईडीपीएल कॉलोनी में रह रहे लोगों पर बेघर होने का खतरा मंडरा रहा है। कांग्रेस प्रदेश महासचिव राजपाल खरोला ने कहा कि कांग्रेस गरीब, मजदूर, मजबूर और जरूरतमंदों के साथ खड़ी रहेगी।

सीएम से करेंगे मुलाकात
मंगलवार को आईडीपीएल बचाओ सर्वदलीय संघर्ष समिति ने सामुदायिक केंद्र आईडीपीएल में बैठक की। बैठक में समिति अध्यक्ष एचएन सिंह ने कहा कि समिति का एक प्रतिनिधिमंडल जल्द सीएम पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात करेगा। उनसे आईडीपीएल कॉलोनी को नहीं उजड़ने देने, आईडीपीएल को दोबारा संचालित करने सहित अन्य मांगें उठाई जाएंगी। मौके पर सुधीर चौधरी, एमएच साबरी, डीबी थापा, देवसिंह गुसाईं, यदुनाथ शर्मा, रामकिशोर शर्मा, बृजलाल झा, गुलाब सिंह रावत, पीएन सिंह, सुनील कुमार, सरदार रुपा सिंह, दीनानाथ राम आदि उपस्थित रहे।

पद्मश्री से सम्मानित अगुस इंद्र उदयन का तीर्थनगरी में सम्मान

गंगा गौ सेवा समिति के तत्वाधान में आज मुनिकीरेती में पद्मश्री से सम्मानित अगुस इंद्र उदयन का विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने सम्मान किया। इस मौके पर विस अध्यक्ष ने कहा कि ऐसे ही मनुष्यों के द्वारा समाज को दिशा दी जाती है। उन्होंने कहा कि उदयन से प्रेरणा लेकर समाज के अंदर कार्य करने की आवश्यकता है। साथ ही विस अध्यक्ष ने अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी अल्ट्रा मैराथन के विजेता अतुल कुमार को भी सम्मानित किया।
गंगा गौ सेवा समिति मुनिकीरेती द्वारा प्रसिद्द समाज सेवी एवं पर्यावरण के प्रति चिंतनशील तथा महात्मा गांधी के विचारों को आत्मसात करने वाले पद्मश्री अगुस इंद्र उदयन का सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
सम्मान समारोह में विस अध्यक्ष ने कहा कि उदयन के बाली और लोम्बोक में चार आश्रम हैं जो अहिंसा, मानवता और सत्यवादिता के गांधीवादी सिद्धांतों का पालन करते हुए मानव कल्याण के लिए कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उदयन ने संस्थान सामाजिक मान्यताओं को आगे बढ़ाते हुए सांस्कृतिक मंचों के माध्यम से आम जनमानस के बीच में संवाद बनाने के लिए कार्य करते हैं। वहीं अपने संस्थान के साथ भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद के साथ मिलकर अपनी गतिविधियों को आगे बढ़ा रहे हैं जिससे आम जनमानस लाभान्वित हो रहा है। आपकी इन्हीं उपलब्धियों के कारण भारत के राष्ट्रपति ने आपको पद्मश्री सम्मान से नवाजा है।
इस अवसर पर श्री शत्रुघ्न मंदिर के महंत मनोज द्विवेदी, पंडित रवि शास्त्री, बचन पोखरियाल, दिवाकर चौबे, निर्मला उनियाल, बीना जोशी, शैला खंडूरी, प्रतिमा रावत, रोशनी राणा, रूपा देवी, आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सुभाष डोभाल ने किया।

तथाकथित बाबा को राजस्व पुलिस ने किया गिरफ्तार

यमकेश्वर क्षेत्र में आंतक का पर्याय बने तथाकथित बाबा को राजस्व पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ शांति भंग में चालाना किया गया। साथ ही उसे उपचार के लिए कोटद्वार में सरकारी में भर्ती कराया जा रहा है।
यमकेश्वर क्षेत्र में आंतक मचाने के बाद मुनिकीरेती नगर पालिकाध्यक्ष रोशन रतूड़ी को मोबाइल कर गाली गलौज और जान मारने की धमकी देने वाले बाबा महाकाल गिरी राजस्व विभाग पुलिस की हिरासत में आ गया है। राजस्व उपनिरीक्षक वैभव कुमार ने बताया कि बाबा के शरीर में चोट लगी है। लिहाजा मानसिक हालत ठीक नहीं है, उसे कोटद्वार के सरकारी में भर्ती कराया जा रहा है।

श्रमिकों की मांगों को खरोला ने दिया समर्थन

कांगेस के प्रदेश महासचिव राजपाल खरोला ने जानकारी देते हुए बताया कि आज ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत तहसील परिसर के समीप में अखिल भारतीय सर्वजन श्रमिक कल्याण समिति द्वारा विगत 4 दिन से चल रहे 10 सूत्रीय मांगो को लेकर धरना प्रदर्शन को समर्थन दिया और उपजिलाधिकारी महोदय को 10 सूत्रीय मांगो का ज्ञापन प्रेषित किया।
इस अवसर पर खरोला ने कहा सरकार की उदासीनता व क्षेत्रीय विधायक की निष्क्रियता के चलते ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के श्रमिक आंदोलन पर बाध्य हो गए हैं। खरोला ने कहा कि देश में मजदूर विरोधी नीतियां सरकार बना रही है। नए-नए कानून बना दिए जाते हैं, जिनका फायदा कंपनी प्रबंधन उठा रही हैं। श्रमिक संगठन सुधारीकरण के नाम पर बनाए गए कानूनों का विरोध करती रही है, लेकिन सरकार इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रही है।
खरोला ने कहा कि ऋषिकेश क्षेत्र के श्रमिकों की पिछले 3 वर्षों से कोई सुनवाई नहीं हो रही है। सरकार के द्वारा दी जाने वाली सभी सुविधाओं से वंचित हैं जिस कारण श्रमिकों को अत्यधिक समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
खरोला ने जानकारी देते हुए बताया कि पिछली कांग्रेस सरकार के समय जो तमाम सुविधाएं सरकार द्वारा चिन्हित श्रमिकों को दी जा रही थी। वह सभी सुविधाएं आज सिर्फ कागजों में ही दिखाई दे रही है। कहीं पर भी श्रमिकों को वह सुविधाएं नहीं मिल पा रही है जिनके वे हकदार हैं।
खरोला ने कहा कि पिछले 3 वर्षों से श्रमिक के लिए साइकिल, बच्चों की शादी के लिए आर्थिक मदद, टूल किट, मृतक आश्रितों को आर्थिक मदद आदि तमाम सुविधाएं ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के अंदर बंद पड़ी हुई है इसी लिए श्रमिक मजदूर आंदोलन को बाध्य हो गए हैं।
खरोला ने प्रदेश सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार ने आज तक श्रमिक संगठनों से श्रम कानूनों में किए जाने वाले संशोधनों के बारे में बातचीत तक भी नहीं की है। उन्होंने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र ही श्रमिकों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो श्रमिक संगठन के साथ कांग्रेस को बड़ा आंदोलन को बाध्य होना पड़ेगा।
इस दौरान प्रेम नाथ राव, फूलमती देवी, गुड्डन देवी, आशा भंडारी, हरेंद्र प्रसाद, मिंटू, पदम, अशोक, मिंटू आदि लोग उपस्थित रहे।

सैनिक सम्मान यात्रा के ऋषिकेश पहुंचने पर शहीदों के घरों से मिट्टी एकत्र की गई

सैन्य धाम निर्माण के लिए शहीद सैनिक परिजनों को घर से मिट्टी एकत्रित करने के लिए ऋषिकेश पहुंची सैनिक सम्मान यात्रा के अवसर पर श्यामपुर गोविंदपुरम में शहीद शार्दुल सिंह नेगी के घर पर पहुंचकर विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने शहीद के घर से यात्रा कलश में मिट्टी डाली।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा है कि देव भूमि उत्तराखंड ने देश की आन बान और शान के लिए हमेशा अग्रणी भूमिका निभाई है। प्रथम विश्व युद्ध से लेकर स्वतन्त्रता संग्राम, भारत-पाकिस्तान युद्ध, कारगिल युद्ध एवं देश की सीमाओं की रक्षा के लिए इस प्रदेश के अनेक सैनिकों ने अपनी शहादत दी है, ऐसे सभी सैनिकों और उनके परिजनों के त्याग के बल पर आज यह देश सुरक्षित है।
इस अवसर पर विस अध्यक्ष ने कहा कि उत्तराखंड को वीरभूमि भी कहा जाता है। शहीद हुए सैनिकों की शहादत को स्मृति के रूप में संजोने के लिए उत्तराखंड में सैनिक धाम बनाने का निर्णय लिया गया है। इस सैनिक धाम के निर्माण के लिए शहीदों के आंगन से मिटटी एकत्रित कर सैनिक धाम के निर्माण के उपयोग में लायी जायेगी, जो भावनात्मक रूप से बहुत ही सराहनीय निर्णय है।
उन्होंने कहा कि ऋषिकेश के अनेक वीर सैनिकों ने देश की सीमाओं की सुरक्षा हेतु अपने प्राणों की आहूति दी है, इसलिए उन सभी सैनिकों के आंगन की मिटटी उपयोग में लायी जायेगी ताकि हमारे वीर शहीद सैनिकों स्मृति हमेशा हमेशा बनी रहे.। इस अवसर पर शहीद सम्मान यात्रा ने ऋषिकेश के विभिन्न सैनिकों के घर जाकर मिट्टी एकत्रित की।
इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के मंडल अध्यक्ष गणेश रावत, जिला मीडिया प्रभारी राजेश जुगलान, जिला मीडिया सह प्रभारी नीलम चमोली काला, कर्नल सीएस बिष्ट, कैप्टन भगवान सिंह राणा, कैप्टन बांकेलाल पांडे मेजर विनोद कुमार मेजर सूबेदार आनंद सिंह नेगी वीरेंद्र सिंह रावत, लेफ्टिनेंट सुधीर कुमार शाही, कलम सिंह सजवान, हरि सिंह खत्री, हवलदार पूरन सिंह कैंतूरा, नायब सूबेदार भगीरथ सती, हवलदार कुमार सिंह पाल आदि सहित अनेक लोग उपस्थित थे।

सड़क हादसे घायल युवक की मृत्यु

रायवाला थाना पुलिस के मुताबिक रविवार दोपहर के समय पुलिस को कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि खरोला प्लॉट, खांड गांव के पास एक बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर पड़ी है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे में घायल बाइक चालक दीपक 21 पुत्र राजकुमार निवासी प्रेमगली, प्रतीतनगर, नीरज 22 पुत्र धर्मवीर निवासी वार्ड नंबर 13 निवासी रायवाला को तत्काल ऋषिकेश के एम्स अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर नीरज की गंभीर हालत को देखते हुए अस्पताल के चिकित्सकों ने हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया है। मंगलवार को उपचार के दौरान नीरज ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। जबकि दीपक को मामूली चोट आई है। रायवाला थानाध्यक्ष भुवनचंद्र पुजारी ने बताया कि बाइक ओवर स्पीड थी, जिस वजह से यह हादसा हुआ है। परिजनों को मामले की जानकारी दे दी गई। शव का पंचनामा भरने के बाद पीएम के लिए भेजा जाएगा।

महाविद्यालय परिसर में पंडित ललित मोहन शर्मा की प्रतिमा का अनावरण हुआ

श्री देव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय के ऋषिकेश परिसर में आज भूमि दाता श्री भरत मंदिर परिवार का सम्मान समारोह एवं पंडित ललित मोहन शर्मा की प्रतिमा का अनावरण किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उच्च शिक्षा मंत्री डॉक्टर धन सिंह रावत ने समारोह का शुभारंभ पंडित ललित मोहन शर्मा की प्रतिमा का अनावरण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने की। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि जयराम आश्रम ट्रस्ट के अध्यक्ष ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी और महापौर ऋषिकेश अनीता ममंगाई रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन, सरस्वती वंदना और स्वागत गीत से किया गया। कार्यक्रम में भरत मंदिर परिवार के सम्मानित सदस्यों को विश्व विद्यालय परिवार की ओर से सम्मानित किया गया। भरत मंदिर परिवार की ओर से इस अवसर पर हर्षवर्धन शर्मा, मंजरी शर्मा, गीता कुकरेती, निशा शर्मा, वत्सल प्रपन्न शर्मा एवं वरुण शर्मा उपस्थित रहे। सभी सम्मानित सदस्यों को स्मृति चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने श्री भरत मंदिर परिवार को ऋषिकेश परिसर के लिए भूमि दान हेतु धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने शर्मा परिवार की भूरि भूरि प्रशंसा की। उन्होंने आंतरिक परिसर के सड़क निर्माण हेतु 5 लाख की धनराशि देने की घोषणा भी की। इस अवसर पर उच्च शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने भी विश्वविद्यालय के ऋषिकेश परिसर हेतु भूमि दाता पंडित ललित मोहन शर्मा की भविष्य में एक और विशाल प्रतिमा स्थापित करने की घोषणा की। इसके लिए उनके परिवार को धन्यवाद भी दिया। उच्च शिक्षा के क्षेत्र में छात्रों को प्रोत्साहित करने हेतु उच्च शिक्षा मंत्री ने ऋषिकेश परिसर में पढ़ने वाले लगभग 4000 छात्र छात्राओं को स्मार्ट टैब अगले दिसंबर माह में देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि परिसर में निर्माण कार्य हेतु 58 करोड़ की डीपीआर की स्वीकृति अतिश्ीघ्र प्रदान की जायेगी। उन्होंने विश्वविद्यालय के सुचारू रूप से संचालन एवं प्रगति के लिए सदैव प्रयासरत रहने की इच्छा दर्शायी। उच्च शिक्षा मंत्री एवं विधान सभा अध्यक्ष द्वारा इस कार्यक़म के आयोजन के लिए कुलपति प्रो. पी. पी. ध्यानी एवं परिसर प्राचार्य प्रो. पंकज पन्त की सराहना की। कार्यक्रम समारोहक डॉ. सुमिता श्रीवास्तव ने भूमि दाता पंडित ललित मोहन शर्मा का एक संक्षिप्त जीवन परिचय भी दिया। इस अवसर पर कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि व्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी ने पंडित ललित मोहन शर्मा महाविद्यालय में गुजारे अपने छात्र दिनों को भी याद किया और इसके उज्जव भविष्य की कामनाएं की। शिक्षण संस्थान के लिए सदैव प्रयासरत रहने के लिए उन्होंने अपनी प्रतिबद्धता भी दिखाई। विश्वविद्यालय परिसर विकास कार्य हेतु उन्होंने 1 लाख का चेक प्रदान किया। भरत मंदिर परिवार के सदस्य हर्षवर्धन शर्मा जी ने अपने परिवार की ओर से विश्वविद्यालय परिसर को इस सम्मान समारोह के लिए धन्यवाद भी दिया। उन्होंने विश्वविद्यालय की लाइब्रेरी में पुस्तकों एवं ई ग्रन्थालय हेतु 5 लाख धनराशि देने का आश्वासन दिया। उन्होंने विश्वविद्यालय को उत्कृष्ट बनाने के लिए अपने सदैव प्रयासरत रहने की प्रतिबद्धता दोहराई। श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर पीपी ध्यानी जी ने भरत मंदिर परिवार एवं पंडित ललित शर्मा के परिवार के सदस्यों को परिसर में आने हेतु एवं सम्मान ग्रहण करने हेतु धन्यवाद दिया। उन्होने विश्वविद्यालय के ऋषिकेश परिसर नाम में पंडित ललित मोहन शर्मा का नाम सदैव रहने की बात की। महाविद्यालय से विश्वविद्यालय एवं भविष्य में भी उत्कृष्टता के आयामों को स्थापित करने के लिए उन्होंने अपनी शुभकामनाएं व्यक्त की।