हरिचंद गुप्ता आदर्श कन्या इंटर कालेज के बचाने आगे आएं खरोला

उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश महासचिव राजपाल खरोला ने भाजपा सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपा के राज में सरकारी शिक्षा का स्तर और अधिक गिरता जा रहा है। सरकारी स्कूल और कॉलेजों की स्थिति दयनीय हो चुकी है।
शनिवार को हरिचंद गुप्ता आदर्श कन्या इंटर कालेज में आयोजित एक बैठक में कांग्रेस प्रदेश महासचिव राजपाल खरोला ने शिरकत की। उन्होंने कहा कि हरीश चंद बालिका इंटर कालेज ऋषिकेश का जाना माना कन्या इंटर कालेज है। यहां किसी भी प्रकार का बाहरी अतिक्रमण बर्दास्त नहीं किया जाएगा। स्कूल की प्रतिष्ठा और मान्यता को बरकरार रखना सभी क्षेत्रवासियों का कर्तव्य है। कहा कि दो साल से कोरोना महामारी के कारण वैसे ही बच्चों के स्कूल न जाने के कारण उनकी शिक्षा में काफी असर पड़ा है, और जब अब स्कूल खुले है तो उसके बाद अतिक्रमण, भूमाफिया द्वारा स्कूल पर दबाव आदि की खबर आ रही है। कहा कि भाजपा शासन में सरकारी संस्थानों में शिक्षा का स्तर जानबूझ कर गिराया जा रहा है। ताकि प्राइवेट संस्थानों को फायदा पहुंचाया जा सके।

दीपावली तक श्रम विभाग नही करेगा कोई कार्रवाई, व्यापारियों को दिया आश्वासन

श्रम विभाग की कार्रवाई को लेकर नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल ने श्रम विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर केके गुप्ता से मुलाकात की।
इस दौरान व्यापारी नेता प्रतीक कालिया ने श्रम विभाग के अधिकारी को बताया कि इस समय त्योहारी सीजन चल रहा है। ऐसे में श्रम विभाग की कार्रवाई तर्कसंगत नही है। विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर व्यापारी नेताओं द्वारा रखे गए पक्ष के बाद श्रम विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर द्वारा कल शहर के व्यापारियों पर की गई कार्रवाई को स्थगित करने के अलावा दीपावली तक किसी भी तरह की फ्लाइंग ना करने का आश्वासन दिया।
इस दौरान तय हुआ कि दीपावली पर्व के निपटने के बाद व्यापार मंडल व श्रम विभाग के संयुक्त तत्वाधान में व्यापारियों की काउंसलिंग के लिए बाल श्रम कानून को लेकर एक गोष्ठी आयोजित की जाएगी।
इस दौरान उत्तराखंड श्रम बोर्ड के सदस्य विशाल कक्कड़, व्यापार सभा के कोषाध्यक्ष ललित जिंदल, व्यापार मंडल के उपाध्यक्ष प्रदीप कोहली, राकेश वर्मा सहित श्रम विभाग के पूर्व डिप्टी कमिश्नर वाजपेई आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

सारी दवा खरीदो, एक नही दूंगा तीमारदार को कहकर लौटा दिया

एम्स रोड पर प्राइवेट मेडिकल स्टोर संचालक पर मरीज के तीमारदारों को दवा नहीं देने और बदसलूकी करने कि शिकायत पर ड्रग्स इंस्पेक्टर ने कार्रवाई की। ड्रग्स इंस्पेक्टर ने मेडिकल स्टोर से संबंधित दस्तावेज आदि की जांच की। बताया कि आरोप साबित होने पर लाइसेंस निरस्त कर दिया जाएगा।
शनिवार को ड्रग्स इंस्पेक्टर अनीता भारती देहरादून से ऋषिकेश एम्स रोड पहुंची। यहां एम्स संस्थान से सटे एक प्राइवेट मेडिकल स्टोर में पहुंचकर स्टोर संचालक से जवाब तलब किया। इस दौरान दवा का स्टॉक, एक्सपाइरी डेट आदि की जांच की। कार्रवाई से एम्स रोड पर मेडिकल स्टोर चला रहे संचालकों में हड़कंप की स्थिति रही। ड्रग्स इंस्पेक्टर अनीता भारती ने बताया कि एम्स रोड पर साईं मेडिकल स्टोर संचालक ने एम्स में भर्ती एक मरीज के तीमारदार को यह कहकर दवा नहीं दी कि सभी दवाई यहां से खरीदे। पर्चे में लिखी एक दवा नहीं दूंगा। जबकि तीमारदार पर्चे में लिखी अन्य दवाएं एम्स परिसर में खुले मेडिकल स्टोर से ले चुका था। एक दवा नहीं मिली तब वह बाहर मेडिकल स्टोर पर आया। ड्रग्स इंस्पेक्टर ने बताया कि एक दवा नहीं देना नियम विरुद्ध है। मामले की गहनता से जांच की जाएगी। साथ ही मेडिकल स्टोर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी खंगाली जाएगी। आरोप साबित होने पर स्टोर का लाइसेंस निरस्त कर दिया जाएगा।

धामी सरकार ने लक्ष्मणझूला पुल के निर्माण को दी वित्तीय स्वीकृति

बीते कुछ वर्षों से लंबित पड़ी नए लक्ष्मणझूला पुल के निर्माण की योजना को उम्मीदों के पंख लगते हुए नजर आ रहे हैं। इसके निर्माण हेतु धामी सरकार ने वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इस पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों और क्षेत्रवासियों ने कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल का आभार व्यक्त किया है।
नए लक्ष्मणझूला पुल के निर्माण को वित्तीय स्वीकृति मिलने पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि पूर्व में लक्ष्मणझूला पुल की भार वहन क्षमता कम होने के कारण उस पर पूर्ण रूप से आवाजाही बंद कर दी गई थी। इस कारण यहां के व्यापारियों और स्थानीय लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जिसके बाद स्थानीय व्यापारियों और लोगों ने यहां नए पुल के निर्माण की मांग की। उन्होंने बताया कि धामी सरकार की ओर से लक्ष्मणझूला पुल के समीप नए झूला पुल हेतु धनराशि को स्वीकृति मिल चुकी है।
नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला के अध्यक्ष रोशन रतूड़ी ने कहा कि लक्ष्मणझूला में नए पुल के निर्माण से क्षेत्र में पर्यटन संबंधी गतिविधियों में बढ़ोत्तरी होगी। जिससे यहां विभिन्न प्रकार के रोजगार के अवसर पैदा होंगे। लोक निर्माण विभाग नरेंद्रनगर के अधिशासी अभियंता मौहम्मद आरिफ खान ने बताया कि 6886.20 लाख रूपए की लागत से लक्ष्मणझूला में गंगा के उपर 132.30 मीटर लंबे झूला पुल का निर्माण किया जाना है। बताया कि यहां जमीन टेस्टिंग आदि के बाद नए पुल के निर्माण हेतु टेंडर प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। दिसंबर से कार्य शुरू होने की उम्मीद है। कैबिनेट मंत्री का आभार व्यक्त करने वालों में तपोवन प्रधान चैन सिंह बिष्ट, पूर्व प्रमुख विनीता बिष्ट, क्षेत्र पंचायत सदस्य सुलोचना कपरूवान, क्षेत्र पंचायत सदस्य किरण, क्षेत्र पंचायत सदस्य अर्चना चौहान, त्रिलोक भंडारी, हरि सिंह रावत, राजेश शर्मा, अंशुल शर्मा आदि शामिल रहे।

मूलभूत मांगों को लेकर धरना दे रहे लोगों को कांग्रेस नेता रमोला ने समर्थन दिया

कृष्णा नगर व खाण्ड गांव क्षेत्र को नगर निगम क्षेत्र में शामिल करने की मांग को लेकर त्रिवेणी घाट गांधी स्तम्भ में दिये जा रहे धरने को एआईसीसी के सदस्य जयेन्द्र रमोला ने अपना समर्थन दिया।
इस अवसर पर जयेन्द्र रमोला ने कहा कि जहां एक ओर भाजपा जन आर्शीवाद रैली के माध्यम से जनता का आर्शीवाद मांग रही है। वहीं दूसरी ओर अपनी मूलभूत समस्याओं के लिये लोगों को धरने में बैठना पड़ रहा है। आज कृष्णानगर व खाण्ड गांव में रहने वाले लोग अपने आप को ठगा महसूस कर रहे हैं। ये लोग ना तो नगरीय क्षेत्र में ना ही ग्रामीण क्षेत्र में शामिल हैं। ऐसे में यहां रह रहे लोगों को अपनी समस्याओं के लिये संघर्ष करना पड़ता है जबकि खाण्ड गांव के लोगों को तो दो बार विस्थापन का दंश झेलना पड रहा है। पहले टिहरी से रायवाला में विस्थापित हुऐ फिर रायवाला से हाइवे पर विस्थापित किये गये। लेकिन अभी तक इनको नगर निगम व ग्रामीण क्षेत्र में वोटिंग का अधिकार नहीं मिला। वहीं, कभी आईडीपीएल ऋषिकेश के व्यापार की रीढ़ होता था परन्तु आज सालों से बैठें जनप्रतिनियों की उदासीनता के कारण यहां की स्थिति बद से बदतर हो रही है। रमोला ने अपना व कांग्रेस पार्टी का पूर्ण समर्थन इस धरने को देते हुऐ कहा कि इस लड़ाई के लिये किसी भी स्तर पर जाकर अगर आंदोलन करना पड़ेगा तो हम तैयार हैं।

राजपाल खरोला ने स्थानीय ट्रांसपोर्टरों को रोजगार देने की मांग की

कांग्रेस के प्रदेश महासचिव राजपाल खरोला ने आज ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत रेलवे विकास निगम कार्यालय के समीप हिल ट्रक ट्रांसपोर्ट महासंघ ऋषिकेश (गढ़वाल क्षेत्र) के बैनर तले 21 अक्टूबर से चल रहे धरने को अपना समर्थन दिया।
इस अवसर पर खरोला ने कहा कि कर्णप्रयाग-ऋषिकेश रेलवे प्रोजेक्ट के तहत जो भी कंपनिया अंडरटेकिंग कार्यरत है उन्होंने कुछ दिनों तक तो लोकल ट्रांसपोर्टर को तो कार्य दिया परन्तु जैसे डीजल के भाव बढे तो स्थानीय ट्रांसपोर्टरो ने कम्पनी से भाड़े बढाने की बात करी तो कंपनियों ने सारा काम बाहर की कंपनियों को दे दिया जिससे लोकल ट्रांसपोर्टर का सारा काम ही खत्म हो गया।
खरोला ने कहा कि सरकार ने बाहरी और लोकल भारी वाहनों के लिए भी अलग अलग मानक बना रखे है जो बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। वाहन स्वामी गत 9 दिन से धरने में बैठे है परतु रेलवे विकास निगम के अधिकारी इस विषय पर संज्ञान नहीं ले रहे है और ना ही उनका कोई आला अधिकारी एवं जिम्मेदार लोग अभी तक वार्तालाप करने पहुंचे।
खरोला ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा उतराखंड में चल रहे विभिन्न योजनाओं से लोकल के व्यवसायी और बेरोजगार बहुत खुश थे कि उन्हें काम मिलेगा परन्तु इसके विपरीत सभी बाहर की कम्पनियों का काम दे दिया गया और कंपनिया बाहरी राज्यों के लोगो को ही काम पर रख रही है जो राज्य के हित के लिए बिल्कुल भी नहीं है।
खरोला ने कहा कि सरकार को इसके प्रति गंभीर होने की जरूरत है और कर्णप्रयाग-ऋषिकेश रेलवे प्रोजेक्ट और अन्य प्रोजेक्ट में 8 प्रतिशत रोजगार स्थानीय वाहन स्वामियों को और स्थानीय ट्रांसपोर्टरों को देने का नियम बाहरी कंपनियों के लिए बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर जल्द ही रेलवे विकास निगम इस विषय पर कोई समाधान नहीं निकालता तो कांग्रेस उग्र आन्दोलन के लिए बाध्य होगी।

टीकाकरण अभियान-एम्स ऋषिकेश में 50 हजार डोज लगाई गई

अखिल भारतीय आयुविज्ञान संस्थान, ऋषिकेश के टीकाकरण केंद्र के तत्वावधान में अब तक लोगों को कोविड-19 वैक्सीन की 50,000 डोज लगाई जा चुकी है। शुक्रवार को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, भारत सरकार के स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण की उपस्थिति में 50,000 वीं डोज लगाई गई। शुक्रवार को एम्स,ऋषिकेश कोविड-19 वैक्सीनेशन सेंटर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 50,000 वीं को​विड 19 वैक्सीन की डोज ऋषिकेश निवासी खुशीराम को लगाई गई। इस अवसर पर विशेषरूप से मौजूद भारत सरकार के स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने एम्स ऋषिकेश की इस उपलब्धि पर बधाई दी एवं हैल्थ केअर स्टाफ के कार्यों की सराहना की। इस अवसर पर यमकेश्वर विधायक ऋतु खंडूड़ी भी उपस्थित रहीं। इस उपलब्ध के लिए विधायक ऋतु खंडूड़ी के साथ ही एम्स निदेशक प्रोफेसर अरविंद राजवंशी ने भी एम्स संस्थान के हेल्थकेयर स्टाफ को बधाई दी।
आयोजित कार्यक्रम के दौरान संस्थान के डीन एकेडेमिक प्रोफेसर मनोज गुप्ता, मेडिकल सुपरिटेंडेंट प्रो. अश्वनी कुमार दलाल, वैक्सीनेशन नोडल ऑफिसर तथा कम्युनिटी एवं फैमिली मेडिसिन विभागाध्यक्ष प्रो. वर्तिका सक्सैना के अलावा अन्य चिकित्सकों व एम्स प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में केक काटा गया। इस अवसर पर कोविड-19 वैक्सीनेशन सेंटर, एम्स ऋषिकेश के प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने बताया कि इस केंद्र पर भारत सरकार की गाइडलाइन के तहत 16 जनवरी-2021 को कोविड-19 वैक्सीनेशन प्रारंभ हुआ। जिसके तहत अब तक 50,000 डोज लगाई जा चुकी हैं। इसमें 27,616 प्रथम डोज व 22,384 द्वितीय डोज लगाई गई हैं। इनमें से 10,846 डोज हेल्थ केयर स्टाफ, फ्रंटलाइन वर्कर्स तथा 39,154 डोज सामान्य जनता को लगाई गई है।
केंद्र प्रभारी ने बताया कि अब तक इस सेंटर पर 223 वैक्सीनेशन सत्र आयोजित किए जा चुके हैं। पिछले 9 महीने से यह केंद्र निरंतर टीकाकरण का कार्य कर रहा है। यहां पर कोविशील्ड तथा को-वैक्सीन दोनों ही कोविड-19 वैक्सीन की डोज सभी आयुवर्ग (18 वर्ष एवं उससे अधिक) के लिए उपलब्ध है। संस्थान के कम्युनिटी एवं फैमिली मेडिसिन विभाग द्वारा संचालित इस केंद्र पर संकायगण, जूनियर डॉक्टर, इन्टर्नस, नर्सिग स्टाफ एवं पैरामेडिकल की टीम चिकित्सा विभाग, उत्तराखंड सरकार के सहयोग से कोविड-19 वैक्सीनेशन के शतप्रतिशत लक्ष्य को पूर्ण करने के लिए सततरूप से कार्यरत है। इस अवसर पर प्रो. कमर आजम, डॉ. अजीत भदौरिया, डॉ. योगेश बहुरूपी, डा. मधुर उनियाल, जनसंपर्क अधिकारी हरीश मोहन थपलियाल, रजिस्ट्रार राजीव चौधरी, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी शशिकांत, प्रशासनिक अधिकारी संतोष, पुस्तकालयाध्यक्ष संदीप सिंह, नर्सिंग सुपरिटेंडेंट घेवर चंद,नर्सिंग इंचार्ज जिमिमा, एएनएस जितेंद्र आदि मौजूद रहे।

विस अध्यक्ष ने विद्युत लाइन बदलने और नए ट्रांसफर लागाने के दिए निर्देश

विद्युत वितरण खंड, ऋषिकेश में नये अधिशासी अभियंता शक्ति प्रसाद ने कार्यभार संभालने के बाद बैराज रोड स्थित कैंप कार्यालय पर विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने दीपावली त्योहार के सीजन को देखते हुए क्षेत्र में लो वोल्टेज की समस्या ना रहे इसके लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। विधानसभा अध्यक्ष ने बैठक के दौरान ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत विभाग द्वारा किए गये कार्यों की अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
बैठक के बाद विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि 4 करोड से अधिक के कार्य ऋषिकेश विधानसभा में विद्युत विभाग के माध्यम से किए जाएंगे। शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में 490 नए विद्युत पोल लगाए जाएंगे जबकि विभिन्न क्षेत्रों में 7 नए ट्रांसफर लगाए जाएंगे, इससे लो वोल्टेज की समस्या का समाधान होगा। वहीं, हरिपुर कला में 33 केवी तथा 11 केवी की सभी पुरानी लाइनें बदली जाएगी, जिसकी लंबाई 30 किलोमीटर है। इसके अलावा गीता नगर, मालवीय नगर, शिवाजी नगर आदि क्षेत्रों में 11 केवी लाइन बदली जाएगी, जिसकी लंबाई 12 किलोमीटर ह।
विस अध्यक्ष अग्रवाल ने कहा कि प्रतीत नगर, तहसील चौक, रेलवे रोड आदि क्षेत्रों में भी 11 केवी विद्युत लाइन को बदलने का कार्य भी किया जाएगा, जिसकी लंबाई 12 किलोमीटर है। उन्होंने कहा है कि पुराने जर्जर तारों को बदलने का कार्य शांति नगर, हनुमंतपुरम, गंगानगर आदि क्षेत्रों में भी 12 किलोमीटर लंबाई की 11 केवी के पुराने तारों को बदलकर नई तारे बिछाई जाएगी।
इस अवसर पर विस अध्यक्ष अग्रवाल ने नए विद्युत तारों के बदलने एवं विद्युत पोल लगाने के कार्य को क्षेत्र में शीघ्र प्रारंभ करने के विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ऋषिकेश विधानसभा के प्रत्येक घर को विद्युत कनेक्शन से पहले ही जोड़ दिया गया है। सैकड़ों किलोमीटर में पूर्व में भी वचिंग केवल का कार्य किया है। साथ ही सैकड़ों विद्युत पोल भी बदले गए है। उन्होंने नए विद्युत तारों के बदलने एवं विद्युत पोल लगाने के कार्य को क्षेत्र में शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता शक्ति प्रसाद, उपखंड अधिकारी राजीव कुमार आदि सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

कार्मिकों की मांग पूरी होने पर सीएम का आभार जताया

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शुक्रवार को सचिवालय संघ एवं उत्तराखण्ड अधिकारी कार्मिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष दीपक जोशी ने भेंट की। दीपक जोशी ने प्रदेश के कार्मिकों के व्यापक हित में उत्तराखण्ड सरकारी सेवा पदौन्नति के लिये अर्हकारी सेवा में शिथिलीकरण नियमावली 2010 को पुनः लागू करने तथा गोल्डन कार्ड की विसंगतियों को दूर करने के लिये मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

विकास कार्यो के लिए सीएम ने स्वीकृत की 19 करोड़ की धनराशि

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विभिन्न विकास कार्यों हेतु 19.17 करोड़ रूपये की वित्तीय एवं प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है।
मुख्यमंत्री ने विधानसभा क्षेत्र लोहाघाट के अन्तर्गत मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजनान्तर्गत विभिन्न 6 कार्यों हेतु 376.25 लाख रूपये की धनराशि की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। विधानसभा क्षेत्र केदारनाथ के अन्तर्गत विजयनगर तैला मोटर मार्ग के मरघट से बाराकोट से सिरोडगांव मला, सिल्ला तक अतिरिक्त मोटर मार्ग के निर्माण हेतु 46.61 लाख रूपये की धनराशि, विधानसभा क्षेत्र टिहरी के अन्तर्गत विभिन्न 8 निर्माण कार्यों हेतु 372.06 लाख रूपये की धनराशि, विधानसभा क्षेत्र टिहरी के अन्तर्गत चम्बा कॉलेज रोड़ से ग्राम मंज्यूड के चमाणगांव से होते हुये ऑल वेदर रोड तक मोटर मार्ग के नव निर्माण हेतु 3.30 लाख रूपये की धनराशि, विधानसभा क्षेत्र देहरादून कैण्ट के अन्तर्गत प्रेमनगर के केहरी गांव व विंग 1 से 4 में मार्ग एवं नाले के पुनर्निर्माण हेतु 54.85 लाख रूपये की धनराशि की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति मुख्यमंत्री ने प्रदान की है।
मुख्यमंत्री ने विधानसभा क्षेत्र घनसाली के अन्तर्गत कर्णगांव से राज राजेश्वर मंदिर तक मोटर मार्ग का नव निर्माण हेतु 170.40 लाख रूपये की धनराशि, विधानसभा क्षेत्र घनसाली के अन्तर्गत विभिन्न 3 निर्माण कार्यों हेतु 72.24 लाख रूपये, विधानसभा क्षेत्र श्रीनगर में विभिन्न 2 निर्माण कार्यों हेतु 85.81 लाख रूपये, विधानसभा क्षेत्र पिथौरागढ़ के अन्तर्गत विभिन्न 5 निर्माण कार्यों हेतु 255.31 लाख रूपये की धनराशि तथा उत्तरकाशी वन प्रभाग के गंगोत्री रेंज के अन्तर्गत लंका नामक स्थान पर हिम तेंदुआ संरक्षण केन्द्र की स्थापना हेतु 480.22 लाख रूपये की धनराशि की स्वीकृति प्रदान की है।
मुख्यमंत्री ने राजकीय महाविद्यालय, वेदीखाल, पौड़ी गढ़वाल में रसायन विज्ञान, जन्तु विज्ञान एवं वनस्पति विज्ञान विषयों के संचालन हेतु असिस्टेंट प्रोफेसर के 3 पदों के सृजन हेतु स्वीकृति प्रदान की है।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने राज्य योजना के अन्तर्गत जनपद देहरादून के विधानसभा क्षेत्र विकासनगर के अन्तर्गत विभिन्न 2 निर्माण कार्यों हेतु 97.24 लाख की वित्तीय एवं प्रशासकीय स्वीकृति, विधानसभा क्षेत्र पिथौरागढ़ के अन्तर्गत ग्राम झूनी में तुलानी-चण्डीका घाट लिंक रोड के निर्माण हेतु 13.71 लाख की धनराशि की स्वीकृति प्रदान की है।