राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस पर कई शैक्षणिक कार्यक्रमों का आयोजन

रक्ताधान औषधि तथा रक्तकोष विभाग में राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस के उपलक्ष्य में माह भर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों का रविवार को समापन किया गया।
गौरतलब है कि राष्ट्रीय स्वैक्षिक रक्तदान दिवस के उपलक्ष्य में एम्स, ऋषिकेश के रक्ताधान औषधि तथा रक्तकोष विभाग की ओर से विभागाध्यक्ष डा. गीता नेगी की देखरेख में प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी माहभर विभिन्न रक्तदान शिविरों के आयोजन के साथ ही रक्तदान से जुड़े शैक्षणिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिनकी शुरुआत माह के प्रारम्भ में पोस्टर तथा स्लोगन लेखन प्रतियोगिता से की गई।
उक्त कार्यक्रमों में एम्स के छात्र-छात्राओं के अलावा स्टाफ मेबरों व स्वैच्छिक रक्तदाताओं ने भी चढ़कर हिस्सा लिया। रविवार को समापन कार्यक्रम में पोस्टर तथा स्लोगन लेखक प्रतियोगिता के प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अपने संदेश में एम्स निदेशक प्रोफेसर अरविंद राजवंशी ने कहा कि स्वैच्छिक रक्तदाताओं से लिया गया रक्त सर्वश्रेष्ठ होता है। उन्होंने युवाओं से स्वैच्छिक रक्तदान में बढ़चढ़कर प्रतिभाग करने का आह्वान भी किया।
संस्थान के संकायाध्यक्ष अकादमिक प्रोफेसर मनोज गुप्ता ने कहा कि लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान को लेकर प्रेरित करने के लिए इस तरह के शैक्षणिक कार्यक्रम मील का पत्थर साबित होते हैं। उन्होंने रक्तकोष विभाग के कार्यक्रमों की सराहना की व ऐसे कार्यक्रमों के ज्यादा से ज्यादा आयोजन के लिए प्रेरित किया।
विभागाध्यक्ष डा. गीता नेगी ने बताया कि एम्स प्रतिवर्ष ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन करता है जिसमें संस्थान के विद्यार्थी, चिकित्सक, कर्मचारियों के अलावा आम नागरिकों का सहयोग प्राप्त होता है। विभाग की फैकल्टी सदस्य डा. दलजीत कौर व डा. आशीष जैन जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन की रक्षा के लिए स्वैच्छिक रक्तदान बेहद जरूरी है, इसके लिए सभी को आगे आने की आवश्यकता है। बताया कि विभाग आगे भी इस तरह के कार्यक्रमों का आयोजन नियमित रूप से करेगा।

ऋषिकेश विधानसभा में आप कार्यकर्ताओं ने दिखाए उग्र तेवर

विधानसभा अध्यक्ष के कार्यालय का घेराव करने जा रहे आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं को पुलिस ने बलपूर्वक रोक दिया। इस दौरान आप कार्यकर्ताओं से मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों से तीखी नोकझोंक भी हुई।
रविवार की सुबह अपने पूर्व घोषित कार्यक्रम अनुसार बड़ी संख्या में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता आप प्रभारी ऋषिकेश विधानसभा राजे सिंह नेगी के नेतृत्व में क्षेत्रीय विधायक के पांच वर्षों के कार्यकाल को लेकर उनके कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन के लिए निकले थे। कार्यक्रम की सूचना पर पुलिस प्रशासन द्वारा कोयल घाटी से लेकर बैराज स्थित विधानसभा अध्यक्ष के कैम्प कार्यालय तक जगह-जगह बेरोकेटिंग लगाकर भारी पुलिस फोर्स की तैनाती की गई थी। भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जैसे आप कार्यकर्ता सुबह करीब सवा ग्यारह बजे वीरभ्रद्र रोड़ पर पहुंचे, पुलिसकर्मियों ने उन्हें बलपूर्वक रोक दिया। मौके पर पुलिस कर्मियों के साथ आप कार्यकर्ताओं की जबरदस्त नोकझोंक भी हुई। पुलिस प्रशासन के काफी समझाने बुझाने के बाद पार्टी कार्यकर्ता वापस लौट गए।
प्रदर्शनकारियों मे विधानसभा संगठनमंत्री दिनेश असवाल, सुनील दत्त सेमवाल, महिला मोर्चा अध्यक्ष पुष्पा पांडेय, मीडिया प्रभारी नरेंद्र सिंह, अजय रावत, हिमांशु नेगी, नीरज कशयप, पंकज गुसाईं, अश्वनी सिंह, चंद्रमोहन भट्ट, देवराज सिंह नेगी, कुलदीप राणा, गोविंद रावत, नरेंद्र सिंह, प्रभात झा, हिमांशु नेगी, कमलेश्वर जखमोला, जयेन्द्र प्रसाद, अंकित डबराल, गौरव दुबे, अश्वनी, दीपक कश्यप, मनमोहन नेगी, सत्येंद्र नेगी, अजय मिश्रा, खर्मबीर, ओम चौधरी, अजय ठाकुर, दिनेश क्षेत्री, रमेश यादव, मदन ठाकुर, राजीव कुमार, पुरुषोत्तम शाहू, शुभम कुकरेती, सौरव पुंडीर, शुभम देव, राहुल भंडारी, अमूल भाटी आदि शामिल रहे।

एक दिवसीय दौरे पर आये अमित शाह ने कांग्रेस और हरीश रावत को दी चुनौती

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज अपने एकदिवसीय उत्तराखंड दौरे पर कांग्रेस और हरीश रावत को जमकर निशाने पर लिया। उन्होंने पूर्व सीएम हरीश को खुली चुनौती देते हुए कहा कि घोषणा पत्र भाजपा-कांग्रेस के दो-दो हाथ हो जाएं। शाह ने कहा कि भाजपा की केंद्र और राज्य सराकर ने प्रदेश में विकास कार्यों को प्रगति दी है। शाह ने जनसभा को संबोधित करते हुए चुनावी शंखनाथ भी कर दिया।
शाह ने कांग्रेस को घोटाले की पार्टी करार दिया। कहा कि कांग्रेसकाल में उत्तराखंड में कई घोटाले सामने आए हैं। कहा कि 70 सालों के कांग्रेस कार्यकाल में चार-चारी पीढ़ी ने शासन किया, लेकिन फिर भी विकास पर फोकस नहीं किया गया। शाह ने पूर्व सीएम हरीश रावत को स्टिंग की भी याद दिलाई।
शाह ने कहा कि केंद्र सरकार ने 85 हजार करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट उत्तराखंड को दिए हैं। कहा कि ये सभी प्रोजेक्ट्स जल्द पूरे कर लिए जाएंगे। शाह ने जोर देते हुए कहा कि उत्तराखंड का विकास करना हरकिसी की नैतिक जिम्मेदारी है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि उत्तराखंड का विकास मॉडल देश में भी लागू किया जाएगा। कहा कि विकास कार्यों में उत्तराखंड अग्रणी राज्य है।
अमित शाह ने लोगों को आगाह करते हुए कहा कि आने वाले दिनों में उत्तराखंड की जनता कोई गलत फैसला न करे, इसलिए पीएम मोदी पर विश्वास करते हुए सीएम धामी को एक मौका और दीजिए, हम उत्तराखंड को बदल देंगे। उन्होंने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि वो 50- 75 रुपए का मटका खरीदते समय, उसे भी ठोक बजाकर जांचती हैं कि वो पक्का है कि नहीं। तो फिर इसी तरह पांच साल की सरकार के लिए भी, ठीक से जांच परख कर देना। कहीं रॉग नंबर ना लग जाए, वरना फिर से काम कुछ नहीं होगा और भ्रष्टाचार की बयार बहने लगेगी। इसलिए भाजपा के नेतृत्व में विकास की जो शुरुआत हुई है, उस सुशासन को अपना आशीर्वाद दीजिए।
अमित शाह ने कहा कि 2017 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने खुद पार्टी अध्यक्ष होने के नाते, भाजपा का चुनावी घोषणा पत्र जारी किया था। इसमे से अब तक 85 प्रतिशत वायदे पूरे कर लिए गए हैं। अब वो कांग्रेस को चुनौती देते हैं कि वो भी अपने पुराने घोषणा पत्र में से पूरे किए गए वायदों की लिस्ट लाकर देहरादून के किसी चौराहे पर बहस करने आए। वो भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष को भेजकर बहस करवाने को तैयार हैं। उन्होंने कांग्रेस पर वायदाखिलाफी करने वाली पार्टी होने का आरोप लगाया।

उच्चस्तरीय समिति में तीर्थपुरोहित और हक-हकूकधारियों को किया सदस्य नामित

सरकार ने चारधाम देवस्थानम बोर्ड को लेकर गठित उच्चस्तरीय समिति में नौ तीर्थपुरोहित और हक-हकूकधारियों को बतौर सदस्य नामित किया है। सचिव धर्मस्व एचसी सेमवाल की ओर से इसके आदेश किए गए।
चारधाम के तीर्थ पुरोहित देवस्थानम बोर्ड भंग करने की मांग कर रहे हैं। उनके विरोध को देखते हुए सरकार ने तीर्थ पुरोहितों एवं हकूकधारियों के सुझाव लेने के लिए उच्चस्तरीय समिति बनाई थी। इसकी कमान भाजपा के वरिष्ठ नेता मनोहर कांत ध्यानी को दी गई है। ध्यानी इस मामले में अपनी अंतरिम रिपोर्ट सरकार को दे भी चुके हैं। हालांकि, तीर्थपुरोहित और हक-हकूकधारी ध्यानी का भी विरोध कर रहे हैं। उनका आरोप है कि ध्यानी उनकी बात सुनने को तैयार नहीं हैं। इसलिए, सरकार ने इस समिति में नौ तीर्थपुरोहितों को सदस्य नामित किया है।

इन्हें नामित किया गया सदस्य
-बदरीनाथ धाम से विजय कुमार ध्यानी, संजय शास्त्री और रवींद्र पुजारी
-केदारनाथ धाम से विनोद शुक्ला और लक्ष्मी नारायण जुगराण
-गंगोत्री धाम से संजीव सेमवाल और रवीन्द्र सेमवाल

राज्य की 670 एम्पैक्स का किया गया कम्प्यूटरीकरण

प्रदेश में सहकारिता विभाग के अंतर्गत मुख्यमंत्री घस्यारी कल्याण योजना की शुरूआत हो गई है। देहरादून के बन्नू स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय गृह, सहकारिता मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी व केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट ने योजना का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर राज्य समस्त 670 बहुउद्देश्यीय प्राथमिक कृषि ऋण सहकारी समितियों (एमपैक्स) का कम्प्यूटरीकरण किया भी विधिवत रूप से पूर्ण किया गया। साथ ही सहकारिता ट्रेनिंग सेंटर का भी उद्घाटन किया गया।

’प्रदेश का हुआ चहुंमुखी विकास’
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री घस्यारी कल्याण योजना के शुरू किए जाने और सभी एमपैक्स के कम्प्यूटरीकरण पर प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और सहकारिता मंत्री डा. धन सिंह रावत को बधाई देते हुए कहा कि पिछले पौने पांच साल में प्रदेश का चहुंमुखी विकास हुआ है। युवा मुख्यमंत्री के नेतृत्व में तेजी से विकास कार्य किए जा रहे हैं।

’मुख्यमंत्री घस्यारी कल्याण योजना से माताओं, बहनों को मिलेगी बड़ी राहत’
केंद्रीय मंत्री शाह ने मुख्यमंत्री घस्यारी कल्याण योजना को प्रदेश की भौगोलिक स्थिति को देखते हुए बहुत महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि इससे खास तौर हमारी माताओं व बहनों को काफी राहत मिलेगी। उनका बोझ कम होगा। वे अपना समय दूसरे आय अर्जन में कर सकेंगी। साइंटिफिक पौष्टिक पशु चारा मिलने से गायों की दुग्ध क्षमता बढेगी जिसका फायदा इस काम में लगे लोगों को मिलेगा। इसके लिए मक्का उत्पादन को बढ़ावा देने से किसानों को भी लाभ मिलेगा।

’उत्तराखण्ड की तर्ज पर देशभर की सहकारिता समितियों के कम्प्यूटरीकरण पर काम होगा’
शाह ने कहा कि यह बड़ी खुशी की बात है कि उत्तराखण्ड में प्रदेश की 670 एमपैक्स के कम्प्यूटरीकरण का कार्य पूरा कर लिया गया है। जितना ज्यादा डिजीटलाईजेशन होगा, सहकारिता से जुड़े लोगों को उतनी ही अधिक सहूलियत होगी। तेलंगाना के बाद ऐसी करने वाला उत्तराखण्ड दूसरा राज्य है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सहकारिता मंत्रालय द्वारा देश भर की सहकारिता समितियों के पूर्ण कम्प्यूटरीकरण पर काम किया जाएगा। इसके लिए उत्तराखण्ड मॉडल का अध्ययन किया जाएगा।

’सहकारिता मंत्रालय से सहकारिता आंदोलन को मिला बल’
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि गरीबों का दर्द प्रधानमंत्री के दिल में रहता है। उन्होंने देश के सहकारिता आंदोलन को आगे बढ़ाया है। अमृत महोत्सव में सहकारिता का अलग से पहली बार मंत्रालय बनाया गया है। शाह ने कहा कि उनका सौभाग्य है कि वे देश के पहले सहकारिता मंत्री बने हैं। अलग से सहकारिता मंत्रालय का गठन किसानों, मजदूरों, मछुआरों और सहकारिता से जुड़े लोगों के जीवन में बडा परिवर्तन लाएगा।

’प्रदेश को केंद्र से मिली 85 हजार करोड़ से अधिक की परियोजनाएं’
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि श्रद्धेय अटल ने उत्तराखण्ड राज्य का गठन किया था। अब प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में इसे संवारा जा रहा है। पिछले लगभग 5 साल में चार धाम सड़क परियोजना, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना, एनएच पर किए गए कामों सहित 85 हजार करोड़ से अधिक की परियोजनाएं केंद्र से राज्य के लिए स्वीकृत हुई हैं। इनमें से बहुत सी योजनाओं पर काम हो गया है, बहुत सी योजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है। केदारनाथ धाम का पुनर्निर्माण किया। 5 नवम्बर को प्रधानमंत्री केदारनाथ आ रहे हैं। उस दिन शंकराचार्य की प्रतिमा की स्थापना की जाएगी। बदरीनाथ जी के मास्टर प्लान पर भी काम चल रहा है।

’उत्तराखण्ड सरकार जागरूक सरकार, आपदा में किया बेहतर काम’
उन्होंने कहा उत्तराखंड सरकार ने कोविडरोधी टीकाकरण का कार्य जिस तेजी से किया है, वह सराहनीय है। उत्तराखंड में तमाम जगह ऑक्सीजन प्लांट लगाए गए। हाल ही में आई आपदा में मुख्यमंत्री एवं सरकार द्वारा तत्परता से कार्य किया गया। उन्होंने कहा उत्तराखंड का विकास ऐसी जागरूक सरकार से ही संभव है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में उत्तराखंड एवं देश तेजी से विकास कर रहा है। उन्होंने कहा उज्जवला योजना ,आयुष्मान भारत योजना जैसी तमाम योजनाओं से जनता को लाभ पहुंचाने का कार्य किया गया है। वन रैंक वन पेंशन की मांग को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने पूरा किया। उन्होंने कहा केदारनाथ मंदिर एवं बद्रीनाथ मंदिर का विकास कार्य तेजी से चल रहा है।

’आपदा में केंद्र से तत्काल मिली सहायता’
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का स्वागत करते हुए कहा कि हाल ही में आई आपदा में अमित शाह ने प्रदेश की हर सम्भव सहायता की। उन्होंने एक अभिभावक की तरह हमारा साथ दिया। उत्तराखंड में आई आपदा में तत्परता दिखाते हुए राज्य में बचाव कार्य के लिए सेना के 3 हेलीकॉप्टर उपलब्ध कराए। आपदा के दौरान डेढ़ लाख से ज्यादा तीर्थयात्री प्रदेश में आए हुए थे। परंतु समय पर अलर्ट होने और प्रशासनिक मशीनरी को सक्रिय करने से इसमें एक भी तीर्थयात्री की मृत्यु नहीं हुई।

’जनहित में लगातार किए जा रहे फैसले’
मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री घस्यारी कल्याण योजना से माताओं व बहनों का जीवन आसान होगा। पशुओं के लिए पौष्टिक चारा घर पर ही उपलब्ध होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने जो घोषणा की, उनका शासनादेश भी जारी किया। विभिन्न विभागों में रिक्त चल रहे 24 हजार पदों पर भर्ती एवं युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए युवाओं हेतु प्रत्येक जिले में मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के अंतर्गत ऋण वितरित किए जा रहे है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड में कोविड वैक्सीन की शतप्रतिशत डोज का लक्ष्य पूरा कर लिया गया है। उन्होंने पर्याप्त संख्या में वैक्सीन उपलब्ध करवाने के लिए प्रधानमंत्री जी का आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री की संकल्प शक्ति से कश्मीर से धारा 370 हटी और एक देश, एक विधान सम्भव हुआ।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की जनता के हित में लगातार फैसले ले रहे हैं। आशा बहनों, ग्राम प्रधानों, उपनल कार्मिकों के मानदेय में बढ़ोतरी की गई है। कोविड को देखते हुए पर्यटन, संस्कृति व परिवहन क्षेत्र,चिकित्सा क्षेत्र के साथ ही महिला स्वयं सहायता समूहों के लिए पैकेज दिए गए है। डीबीटी से लाभार्थियों के खातों में पैसा जाने भी लगा है। हम जल्द ही स्वस्थ युवा स्वस्थ उत्तराखण्ड योजना शुरू करने जा रहे हैं। इसमें प्रत्येक ग्राम पंचायत में ओपन जिम बनाए जाएंगे।

केंद्रीय रक्षा और पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट ने कहा कि आज का दिन ऐतिहासिक दिन है। मुख्यमंत्री घस्यारी कल्याण योजना और सभी एम्पैक्स का कम्प्यूटरीकरण देश के गृह मंत्री जी द्वारा किया गया है।
उत्तराखण्ड के सहकारिता मंत्री डा. धन सिंह रावत ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री घस्यारी कल्याण योजना और एम्पैक्स के कम्प्यूटरीकरण के बारे में बताया।
इस अवसर पर पर्वतीय जिलों से आई महिलाओं को मुख्यमंत्री घसियारी कल्याण योजना में साइलेज का किट दिया गया। इसी प्रकार अनेक महिला समूहों को दीनदयाल उपाध्याय सहकारी किसान कल्याण योजना के अंतर्गत 5-5 लाख रुपये के चेक दिए गए।
इस दौरान उत्तराखण्ड के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, डा. हरक सिंह रावत, सुबोध उनियाल, गणेश जोशी, रेखा आर्य, स्वामी यतिश्वरानंद, बिशन सिंह चुफाल, बंशीधर भगत, भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष मदन कौशिक, सांसद अनिल बलूनी, अजय टम्टा, नरेश बंसल, माला राज्य लक्ष्मी शाह, दुष्यंत गौतम, रेखा वर्मा, लोकेट चटर्जी, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, तीरथ सिंह रावत, विजय बहुगुणा, मेयर सुनील उनियाल गामा, विधायकगण एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

हरिद्वार पहुंचे अमित शाह ने लिया संतो का आर्शीवाद

केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने शनिवार को श्री हरिहर आश्रम, कनखल, हरिद्वार में जूनापीठाधीश्वर आचार्य महामण्डलेश्वर स्वामी अवधेशानन्द गिरि से भेंट कर देव-दर्शन एवं पूजन-अर्चन किया। आचार्य महामण्लेश्वर स्वामी अवधेशानन्द गिरि ने गृह मंत्री अमित शाह के साथ हिंदू धर्म आचार्य सभा के प्रमुख संत एवं शीर्षस्थ गणमान्य विभूतियों से आध्यात्मिक भेंट एवं अन्य बिन्दुओं पर चर्चा की।
स्वामी अवधेशानन्द गिरि ने कहा कि राष्ट्र के सकल अभ्युदय एवं विश्व-कल्याण की मंगलकामना के लिए अमित शाह ने श्री हरिहर आश्रम पधार कर भगवान महामृत्युंजय महादेव एवं श्री पारदेश्वर महादेव के दर्शन और पूजन किये।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, राज्यसभा सांसद व भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनिल बलूनी, योगगुरु स्वामी रामदेव, गीता ज्ञान संस्थानम, कुरुक्षेत्र के प्रमुख गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानन्द, हिन्दू धर्म आचार्य सभा के संयोजक स्वामी परमात्मानन्द सरस्वती, पूज्य स्वामी निर्मलानंदनाथ महाराज, चुन चुन गिरि मठ (कर्नाटक), आचार्य कृष्णमणि, प्रमुख कृष्ण प्रणामी संप्रदाय (गुजरात-राजस्थान), महामंडलेश्वर स्वामी विश्वेश्वरानंद सरस्वती, मुंबई (सुरत गिरि बंगला, हरिद्वार), उत्तराखंड पुलिस के डीजीपी अशोक कुमार, जिला अधिकारी हरिद्वार विनय शंकर पांडे सहित अनेक गणमान्य विभूतियों की भी उपस्थिति रही।

ऊधम सिंह नगर में स्थापित होगा एम्स ऋषिकेश का सेटेलाइट केंद्र

उधम सिंह नगर जनपद के अंतर्गत राज्य सरकार द्वारा उपलब्ध जमीन पर एम्स ऋषिकेश का सेटेलाइट केंद्र संचालित होगा जो कुमायूं मंडल के मरीजों के लिए एम्स की सुविधाएं प्रदान कर उपचार की सेवाओं को उपलब्ध कराएगा। ऊधम सिंह नगर में एम्स ऋषिकेश द्वारा सैटेलाइट केंद्र खोले जाने संबंधित पत्र भारत सरकार के आर्थिक सलाहकार निलाम्बुज शरण की ओर से एम्स ऋषिकेश के डायरेक्टर को प्राप्त हो चुका है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया का आभार व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री द्वारा ऋषिकेश (एम्स) की भांति कुमांऊ क्षेत्र में भी एम्स की स्थापना का अनुरोध भारत सरकार से किया जाता रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे कुमांऊ क्षेत्र की जनता के साथ उप्र के समीपवर्ती जनपदों के लोगों को भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। मुख्यमंत्री के उपरोक्त अनुरोध के क्रम में भारत सरकार द्वारा तात्कालिक रूप से शीघ्र ही जनपद ऊधमसिंह नगर में राज्य सरकार द्वारा उपलब्ध करायी गई जमीन पर एम्स ऋषिकेश के सेटलाइट केन्द्र संचालित करने की स्वीकृति प्रदान की गई है।
भारत सरकार के आर्थिक सलाहकार सरन के पत्र में एम्स भुवनेश्वर द्वारा उड़ीसा के बालासोर में संचालित सेटेलाइट केंद्र की तर्ज पर एम्स ऋषिकेश द्वारा उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर में एम्स का सेटेलाइट केंद्र संचालित करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं किए जाने के लिए कहा है। भारत सरकार के पत्र मिलने के बाद अब राज्य सरकार द्वारा उपलब्ध जमीन की उपयोगिता एवं एम्स के सेटेलाइट केंद्र के रूप में संचालित होने की क्षमता का आकलन स्वास्थ्य मंत्रालय की टेक्निकल टीम द्वारा शीघ्र ही किया जाएगा, जिसमें एम्स निदेशक की अगुवाई में वहां के इंजीनियर तथा चीफ आर्किटेक्ट जमीन का भ्रमण कर उपयोगिता का परीक्षण करेंगे। परीक्षण के उपरांत एम्स की टीम चिन्हित स्थान पर एम्स के सेटेलाइट केंद्र के संचालन हेतु अपनी रिपोर्ट भारत सरकार को प्रस्तुत करेगी। भारत सरकार के आर्थिक सलाहकार द्वारा इस प्रकरण को तेजी से निष्पादित करने का अनुरोध भी एम्स निदेशक से किया गया है।

इंडियन रेड क्रास सोसाइटी ने आपदा प्रभावितों को राहत सामान भेजा

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में इंडियन रेड क्रास सोसाइटी के प्रतिनिधियों ने भेंट की। उन्होंने हाल ही में प्रदेश में आयी देवी आपदा से पीड़ितो की मदद के लिये विशेषकर नैनीताल एवं ऊधम सिंह नगर जनपद के आपदा प्रभावितों को बड़ी संख्या में कम्बल, किचन सेट, मच्छर दानी, टेन्ट तथा आवश्यक दवाइया आदि प्रदान की।
रेडक्रास द्वारा प्रदान की गई सामग्री सम्बन्धित जनपदों को रवाना करते हुए मुख्यमंत्री ने रेडक्रास सोसाइटी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि पीड़ितो की मदद करना सबसे बड़ी मानव सेवा है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक तथा रेड क्रास सोसाइटी के पदाधिकारी उपस्थित थे।

स्तन कैंसर जनजागरुकता कार्यक्रम के तहत रैली निकालकर दिया संदेश

एम्स, ऋषिकेश कॉलेज ऑफ नर्सिंग में विभिन्न कक्षाओं के नर्सिंग स्टूडेंट्स की ओर से स्तन कैंसर जनजागरुकता कार्यक्रम के तहत रैली निकाली गई। जिसके माध्यम से महिलाओं को स्तन कैंसर के प्रति जागरुक किया गया। रैली में विद्यार्थियों के साथ ही नर्सिंग फैकल्टी सदस्यों ने भी प्रतिभाग किया।
शनिवार को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान, ऋषिकेश में कॉलेज ऑफ नर्सिंग के बीएससी अंतिम वर्ष व एमएससी नर्सिंग प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों ने असिटेंट प्रोफेसर डा. राज राजेश्वरी व प्रसुन्ना जैली की अगुवाई में स्तन कैंसर जनजागरुकता रैली निकाली। रैली को संस्थान के संकायाध्यक्ष अकादमिक प्रोफेसर मनोज गुप्ता ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली एम्स के गेट नंबर-एक से शुरू हुई और आस्था पथ बैराज, एम्स गेट नंबर-2 होते हुए कॉलेज ऑफ नर्सिंग में संपन्न हुई।
इस अवसर पर एम्स अस्पताल के नॉन कोविड एरिया में बीएससी नर्सिंग की छात्राओं ने स्तन कैंसर जनजागरुकता पर आधारित नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया और महिलाओं को स्तन कैंसर के कारण, सावधानियां, बचाव व उपचार संबंधी संदेश दिया। उन्होंने महिलाओं को स्तन कैंसर संबंधी स्वास्थ्य शिक्षा के तहत स्वस्थ जीवनशैली एवं पोषक खाद्य पदार्थों के सेवन से जुड़ी जानकारियों से अवगत कराया, जिसका उद्देश्य स्तन कैंसर से बचाव को लेकर महिलाओं को जागरुक करना था।
इस दौरान महिलाओं द्वारा स्तन कैंसर बीमारी से जुड़े सवाल भी पूछे गए, जिनका नर्सिंग फैकल्टी व स्टूडेंट्स के द्वारा उत्तर दिया गया। इस अवसर पर कॉलेज ऑफ नर्सिंग की प्रिंसिपल जेवियर बेलसियाल, फैकल्टी डा. राज राजेश्वरी, प्रसुन्ना जैली, मीनाक्षी, गीतिका, कालेश्वरी, अवधूत, दिव्या, विश्वास आदि मौजूद रहे।

सिंगल यूज प्लास्टिक से मनुष्य के शरीर में कैंसर तेजी से बढ़ रहा

राष्ट्रीय सेवा योजना प्रकोष्ठ, राजकीय इंटर कॉलेज आईडीपीएल वीरभद्र ऋषिकेश और अविरल प्रोजेक्ट टीम हरिद्वार ऋषिकेश परिक्षेत्र के द्वारा आज सिंगल यूज प्लास्टिक के उन्मूलन पर एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसमें प्लास्टिक के प्रयोग से होने वाली हानियों व नुकसान के बारे में जानकारी दी गई।
इस अवसर पर अविरल प्रोजेक्ट के समन्वयक राहुल ने कहा कि आज पॉलिथीन के पार्टिकल्स ने मानव शरीर में प्रवेश करना प्रारंभ कर दिया। इससे कैंसर जैसी महामारी तेजी से बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि यदि सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग हमने बंद नहीं किया तो एक दिन विश्व का प्रत्येक प्राणी महामारी से ग्रस्त होगा।
कार्यशाला में बोलते हुए राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी विजय पाल सिंह ने कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक व्यक्ति ही नहीं अपितु प्रकृति के लिए भी हानिकारक है। पर्यावरण असंतुलन का मुख्य कारण सिंगल यूज प्लास्टिक ही है।
इस अवसर पर विद्यालय के सूरज मणि, रमाशंकर विश्वकर्मा, संजय ध्यानी, सुशील रावत, ललित मोहन जोशी, सुशील कुमार सैनी, नताशा, मृदुल, अंगद तथा राष्ट्रीय सेवा योजना के छात्र इकाई प्रमुख अनमोल कश्यप संजना मेघना संतोष मिश्रा आदि ने शिरकत की।