पर्वतीय क्षेत्रों में लघु उद्योगों को दिया जा रहा बढ़ावा-सीएम

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में वर्चुअल माध्यम से सीआईआई के प्रतिनिधियों के साथ राज्य में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए वर्चुअल संवाद किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किये जा रहे हैं। औद्योगिक संगठनों के साथ मिलकर राज्य में रोजगार सृजन को बढ़ावा दिया जायेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में लघु उद्योगों को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिसमें औद्योगिक संगठनों से सहयोग की अपेक्षा है। उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों से पलायन रोकने के लिए हर संभव प्रयास किये जा रहे हैं। सीमांत क्षेत्र सामरिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में एक नई कार्य संस्कृति लाने के प्रयास किये गये हैं। कार्यों के सरलीकरण, समाधान और निस्तारण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। राज्य में कनेक्टिविटी तेजी से बढ़ रही है। सड़क, रेल एवं हवाई कनेक्टिविटी का तेजी से विस्तार हो रहा है। औद्योगिक विकास के लिए उत्तराखण्ड में अनुकूल माहौल है। उत्तराखण्ड में औद्योगिक विकास के लिए अनेक क्षेत्रों में अच्छा कार्य हो सकता है। भारत सरकार के सहयोग से सिडकुल हरिद्वार में 300 बेड का अस्पताल बनाया जा रहा है। उत्तराखण्ड आने वाले औद्योगिक संस्थानों को राज्य में हर संभव सुविधा दिये जाने के प्रयास किये जायेंगे।
सीआईआई के प्रतिनिधियों ने राज्य में औद्योगिक विकास के लिए अपने सुझाव दिये। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड सरकार द्वारा उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए सराहनीय प्रयास किये जा रहे हैं। इन्वेस्टर समिट के बाद उत्तराखण्ड में औद्योगिक विकास में तेजी आई है। उत्तराखण्ड में विभिन्न क्षेत्रों में कार्य करने की अपार संभावनाएं हैं। इस अवसर पर वर्चुअल माध्यम से सीआईआई के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

आयुष्मान योजना के तहत अस्पतालों का भुगतान एक सप्ताह के अंदर-सीएम

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को आई.एस.बी.टी देहरादून स्थित एक होटल में आयुष्मान भारत योजना के 3 वर्ष पूर्ण होने पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित आरोग्य मंथन 3 कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने आयुष्मान योजना के तहत अच्छा कार्य कर रहे 12 अस्पतालों को सम्मानित भी किया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस अवसर पर घोषणा की कि आयुष्मान कार्ड बनाने का कोई शुल्क नहीं लिया जायेगा। सरकार द्वारा इस शुल्क का भुगतान किया जायेगा। आयुष्मान योजना के तहत सभी अस्पतालों का भुगतान एक सप्ताह के अंदर किया जायेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश को स्वास्थ्य के क्षेत्र में विश्व की सबसे बड़ी आयुष्मान भारत योजना दी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में आज देश हर क्षेत्र में तेजी से प्रगति कर रहा है। आत्मनिर्भर भारत की दिशा में देश तेजी से आगे बढ़ा है। स्वास्थ्य के क्षेत्र में इस महत्वपूर्ण योजना को लाने के लिए मुख्यमंत्री ने उत्तराखण्ड की जनता की ओर से उनका आभार व्यक्त किया। इस योजना का आम जनमानस सीधा लाभ मिल रहा है। स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में देश में सराहनीय कार्य हुए हैं। आज भारत में मेगा कोविड वैक्सीनेशन अभियान तो चल ही रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के पद्चिन्हों पर चलकर राज्य में विकास के कार्य आगे बढ़ाये जा रहे हैं। प्रदेश के सभी परिवारों को राज्य में अटल आयुष्मान उत्तराखण्ड योजना से आच्छादित किया गया है। इस योजना के तहत अभी तक प्रदेश में लगभग 3.5 लाख लोग अपना उपचार करा चुके हैं, जिस पर 460 करोड़ रूपये का खर्च हुआ है। उन्होंने कहा कि पहले यदि परिवार में कोई बीमार होता था तो कई परिवार बिलों का भुगतान करने में असमर्थ होते थे। इसलिए मरीज इलाज करवाने में असहज महसूस करते थे। अटल आयुष्मान उत्तराखण्ड योजना में जहां कमी है उन कमियों को दूर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अटल आयुष्मान उत्तराखण्ड योजना के तहत जो कमियां सामने आ रही हैं, उनका निराकरण किया जा रहा है।
चिकित्सा स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में निजी अस्पताल खोलने पर सरकार मानकों में शिथिलता प्रदान करने के साथ ही आर्थिक सहयोग भी करेगी। जबकि आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए सभी सूचीबद्ध अस्पतालों में योजना संबंधी जानकारी के बोर्ड अनिवार्य रूप से लगाने होंगे। ताकि योजना का लाभ अधिक से अधिक लोगों को मिल सके। आयुष्मान कार्ड से वंचित लोगों के लिए विभाग द्वारा ब्लॉक स्तर पर शिविरों का आयोजन किया जायेगा। उन्होंने कहा कि सरकार आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना का लाभ सभी प्रदेशवासियों को देने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके लिए व्यापक प्रचार-प्रसार के साथ ही ब्लॉक स्तर पर आयुष्मान कार्ड बनाने के शिविर आयोजित किये जायेंगे।
इस अवसर पर आयुष्मान भारत योजना एवं अटल आयुष्मान उत्तराखण्ड से लाभान्वित लोगों ने इस योजना से उनको कैसे जीवनदान मिला, के बारे में जानकारी दी है। उन्होंने इसके लिए केन्द्र एवं राज्य सरकार का आभार भी व्यक्त किया।
इस अवसर पर विधायक विनोद चमोली, मेयर सुनील उनियाल गामा, राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण के अध्यक्ष डी.के. कोटिया, सचिव स्वास्थ्य अमित नेगी, डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण के सीईओ अरूणेन्द्र चौहान एवं आयुष्मान योजना से लाभान्वित हुए लोग मौजूद थे।

सीएम ने आईएसबीटी देहरादून का औचक निरीक्षण व्यवस्थाएं जांची

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को आईएसबीटी देहरादून का औचक निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने आईएसबीटी में यात्रियों के बैठने, पेयजल, स्वच्छता, शौचालय की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परिवहन निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रियों की सुविधा के दृष्टिगत सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखी जाय।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि एक सप्ताह के अंदर यात्रियों को बैठने के लिए बैंच की पूरी व्यवस्था की जाय। यह सुनिश्चित हो कि पेयजल आपूर्ति बाधित न हो। शौचालय में स्वच्छता का विशेष ध्यान दिया जाए।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड परिवहन निगम के काउंटर का निरीक्षण कर निर्देश दिए कि यात्रियों की सुविधा के दृष्टिगत सभी जानकारियां बोर्ड पर चस्पा की जाए। बुजुर्ग लोगों को आवागमन के लिए कोई दिक्कत न हो, काउंटर पर उनकी सहायता के लिए व्यवस्था की जाय। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में जाकर यात्रियों से बातचीत की एवं विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

उत्तराखण्ड का समग्र विकास हमारा एजेण्डा-धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में आयोजित सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स संवाद कार्यक्रम को वर्चुअली सम्बोधित करते हुए कहा कि उत्तराखण्ड का समग्र विकास हमारा एजेण्डा है। सभी के सहयोग से उत्तराखण्ड को आदर्श राज्य बनाना लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि हमारा प्रदेश देव भूमि के साथ वीर भूमि भी है। वे स्वयं सैनिक परिवार में पले-बढ़े हैं। सेना के प्रति हमारा सदैव सम्मान का भाव रहा है। देश की सुरक्षा के प्रति सेना के गौरवपूर्ण योगदान का कोई मूल्य नहीं है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के निर्माण में हमारी मातृशक्ति का महान योगदान रहा है। राज्य निर्माण आंदोलन में खटीमा, मसूरी व रामपुर तिराहा की घटनाओं में वे प्रतिभागी रहे हैं। राज्य की आर्थिकी के विकास में भी महिलाओं की बड़ी भूमिका है। महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिये राष्ट्रीय आजीविका मिशन के साथ ही अन्य योजनाओं से उन्हें जोड़ा गया है। स्वयं सहायता समूहों को 5 लाख तक बिना ब्याज का ऋण उपलब्ध कराने के साथ ही उनके उत्पादों के विपणन की कारगर व्यवस्था की गई है। प्रसाद योजना भी उनके आर्थिक स्वावलम्बन का आधार बनी है। इसके लिये 119 करोड़ के पैकेज की व्यवस्था भी की गई है। जल जीवन मिशन के तहत हर घर को नल से जोड़ा जा रहा है। अनाथ बच्चों के लिये वात्सल्य योजना तथा गरीब महिलाओं के लिये महालक्ष्मी किट योजना शुरू की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे युवा स्वयं को स्वरोजगार से जोड़कर रोजगार देने वाले बनें इसके लिये अनेक स्वरोजगार देने वाले बनें इसके लिये मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना आदि के तहत युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ा जा रहा है। इसके शिविरों का आयोजन ऋण एवं अन्य स्वीकृतियां जारी करने का कार्य आरम्भ किया जा रहा है। 24 हजार सरकार पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया प्रारम्भ की गई इससे भी युवाओं को रोजगार उपलब्ध होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का राज्य के प्रति भावनात्मक लगाव है। राज्य के विकास हेतु अनेक योजनायें स्वीकृत की है। चार धाम सड़क योजना भारत माला परियोजना के अन्तर्गत अच्छी सड़कों का निर्माण हो रहा है। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन राज्य में आवागमन एवं पर्यटन विकास को मजबूती देने वाले हैं। चार धाम यात्रा शुरू हो गई है। इससे यात्रा से जुड़े व्यवसायियों को लाभ होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के बेहतर कार्य संस्कृति तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन नीतियों के सरलीकरण के बल पर राज्य के सर्वांगीण विकास के प्रति हम प्रयासरत हैं।

ऋषिकेश विधानसभा में 180 किलोमीटर सीवर लाइन बिछेगी

जर्मन सरकार के क्लाइमेट प्रूफिग प्रोजेक्ट (केएफडब्ल्यू) के अंतर्गत ऋषिकेश विधान सभा में पहले चरण में 462.93 करोड़ रुपए की लागत से 180 किलोमीटर सीवर लाइन बिछाई जाएगी। साथ ही इसमें पंपिग स्टेशन एवं एसटीपी प्लांट निर्माण का कार्य भी होगा। विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि इस योजना के रूप में ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र को बड़ी सौगात है।
बैराज मार्ग स्थित कैंप कार्यालय में गुरुवार को विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने पेयजल निगम के उच्चाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में इस सीवर योजना के निर्माण कार्यों की कार्यवाही के संबंध में अधिकारियों ने विधानसभा अध्यक्ष को विस्तार से जानकारी दी। विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि जर्मन सरकार के क्लाइमेट प्रूफिग प्रोजेक्ट (केएफडब्ल्यू) के द्वारा योजना को सैद्धांतिक स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। जिसमें जर्मन सरकार की केएफडब्ल्यू संस्था एवं भारत सरकार के बीच लोन एग्रीमेंट भी हस्ताक्षरित हो चुके हैं।
अग्रवाल ने बताया कि इस योजना की कंसलटेंट कंपनी नियुक्त हो चुकी है, जिसके द्वारा जल्द ही डीपीआर तैयार कर जर्मन सरकार के केएफडब्ल्यू के समक्ष प्रस्तुत की जाएगी, तदुपरांत शीघ्र ही टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी एवं कार्यदायी संस्था द्वारा इस योजना को धरातल पर उतारा जाएगा।विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि इस योजना के सम्बंध में उनके द्वारा कई बार अधिकारियों के साथ बैठक कर योजना के क्रियान्वयन संबंधी कार्रवाई की जानकारी प्राप्त की जाती रही है। अग्रवाल ने कहा कि 462.93 करोड़ रुपए की लागत से सीवर योजना के निर्माण कार्यों के धरातल पर उतरने की कार्रवाई अंतिम चरण में है जल्द ही इस योजना का लाभ ऋषिकेश की शहरी एवं ग्रामीण जनता को प्राप्त होगा। योजना के बनने के बाद सीवर की समस्या का पूर्ण निदान हो जाएगा।इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने अधिकारियों को योजना से संबंधित सभी आवश्यक कार्यवाहियों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
पेयजल निगम के परियोजना प्रबंधक आर.के. सिंह ने बताया कि केएफडब्ल्यू योजना के अंतर्गत पहले चरण में ऋषिकेश नगर के समस्त वार्डों एवं खदरी खड़कमाफ, गुमानीवाला, श्यामपुर ग्रामीण क्षेत्र में 180 किलोमीटर सीवर लाइन बिछाया जाना प्रस्तावित है। इसके साथ ही आस्था पथ व आवास विकास में एक-एक सीवरेज पंपिग स्टेशन तथा खदरी खड़कमाफ ग्रामीण क्षेत्र में 2 एमएलडी का सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट बनाया जाना है। इसके तहत लगभग सवा लाख से अधिक जनसंख्या को सीवर योजना से लाभान्वित किया जायेगा एवं यह परियोजना आने वाले 30 सालों को ध्यान में रख कर बनायी गयी है।
इस अवसर पर परियोजना प्रबंधक आरके सिंह, परियोजना अभियंता रविंद्र सिंह, परियोजना अभियंता धर्मेंद्र प्रसाद, अपर परियोजना अभियंता राजेंद्र सिंह, अपर परियोजना अभियंता आशीष चमोली, अपर परियोजना अभियंता ललित सिंह उपस्थित थे।

ग्रामीण क्षेत्रों में हाथियों के द्वारा फसल खराब करने पर खरोला ने की ये मांग

उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश महासचिव राजपाल खरोला ने जानकारी देते हुए बताया कि ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत हरिपुरकलां, खांडगांव, गौहरीमाफ़ी, खैरीखुर्द आदि क्षेत्र में आये दिन जगली हाथियों से ग्रामीणों की धान आदि की फसले नष्ट हो रही है। एक तो कोरोना काल से काम धंधो मे लगे विराम से वैसे ही ग्रामीण अपनी आजीविका चलाने को कैसे तैसे गुजारा कर रहे है और अब सरकार ग्रामीणों की फसलो को जंगली हाथियों बचाने के विपरीत आँख मूंद कर बैठ जाए तो लोगो का सरकार के प्रति भरोसा ही समाप्त हो जाएगा जो बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है।
खरोला ने कहा की 14 साल से हर विधासनभा चुनाव मे विधायक द्वारा ऋषिकेश विधासनभा की जनता को यह भरोसा दिलाया जाता है, की जंगली हाथियों को रोकने के लिए कई उपाय करके ग्रामीणों की फसलो को नष्ट होने से रोका जाएगा। लेकिन जनता को गुमराह कर वोट पाकर विधायक को ग्रामीणों की परेशानियों से कुछ लेना देना नहीं है। विधायक आशीर्वाद यात्रा निकालने में मस्त है और ग्रामीण अपनी फसलो को जगली हाथियों से बचाने में व्यस्त है।
खरोला ने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा की सरकार अपने कर्तव्यों से पीछे हट रही है उत्तराखंड सरकार आज अपने बहुमत के अहंकार मे जनता की परेशानियों को नजर अंदाज कर बस सरकारी खजाने का दुरूपयोग करने में व्यस्त है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की भाजपा सरकार को ये नहीं भूलना चाहिए की जनता ने ही बनाया है जनता ही आगामी विधानसभा चुनाव में हिसाब लेगी।
खरोला ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जल्द से जल्द ग्रामीणों की फसलो को जगली हाथियों से बचाने के लिए उचित कदम नहीं उठाये गए तो क्षेत्र की जनता के साथ कांग्रेस उग्र आन्दोलन के लिए बाध्य होगी।

ग्रामीण क्षेत्रों में कांग्रेस की रीति और नीति की जानकारी दी

ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के नवाबवाला में आगामी विधानसभा चुनाव 2022 को लेकर जनसम्पर्क, बूथ कमेटी का गठन व सदस्यता अभियान चलाया गया। इस अवसर पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य जयेन्द्र रमोला ने ग्रामीण क्षेत्र में महिलाओं से संवाद स्थापित कर कांग्रेस से जुड़ने के लिये व कांग्रेस की मज़बूती को लेकर बैठक की। जिसके तहत महिलाओं के साथ संवाद किया गया और उनसे कई महत्वपूर्ण सुझाव भी लिये गये व साथ ही आगामी चुनाव में कांग्रेस के साथ चलकर कांग्रेस की सफलता के लिये सब ने मिलकर आवाहन किया।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य जयेन्द्र रमोला ने कहा कि कांग्रेस 2022 के विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस पूर्ण रूप से तैयार है। आज जनसम्पर्क के साथ साथ हमने सदस्यता अभियान के तहत आम जन को कांग्रेस से जुड़कर कार्य करने को कहा। जिससे आने वाले विधानसभा चुनाव में इस जनविरोधी भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकेंगे का काम करेंगे। आज इस भाजपा सरकार में गरीब और गरीब हो रहा है, परन्तु सरकार केवल महंगाई करने के अलावा कोई काम नहीं कर रही है। इसलिये पूरे प्रदेश में कांग्रेस इस जनविरोधी नीतियों के ख़िलाफ़ परिवर्तन यात्रा के माध्यम से प्रदेश सरकार को उखाड़ फेंकने का करेंगी।
रमोला ने बताया कि कांग्रेस से नये लोगों के जुड़ने के बाद उनको बूथों की जानकारी दी जायेगी व उन्हें उनके बूथों पर उनकी कार्यशैली को देखते हुए जिम्मेदारी देनी तय की जायेगी। ताकि हम मज़बूत बूथों की बदौलत चुनाव में जीत हासिल करें।
ब्लॉक महिला कांग्रेस अध्यक्ष अंशुल त्यागी ने कहा कि बढ़ते रसोई गैस के दाम, खाद्य तेलों के दाम को लेकर आमजन में बहुत आक्रोश है, विशेषकर महिलाओं में। इसलिए कांग्रेस को मजबूत करने के लिए अधिक से अधिक महिलाओं को जोड़कर संगठन को मजबूत कर महिलाओं को भी मज़बूती प्रदान करना है। इसीलिए हमने संकल्प लिया है कि हम ज्यादा से ज्यादा लोगों को कांग्रेस से जोड़ रहे हैं, साथ ही हम वरिष्ठ जनों के साथ युवाओं और महिलाओं को राजनीति में मुख्य धारा जोड़ना है ताकि वे आगे आकर कार्य करें और चुनाव के समय हर बूथ पर अधिक संख्या में महिलाओं की भागीदारी रहे।
कार्यक्रम में ज़िला सदस्यता अभियान सदस्य जितेन्द्र त्यागी, भूरी देवी, पूजा देवी, सरस्वती देवी, संध्या देवी, हेमलता, मकान बड़ौनी, अंजली कश्यप, पूनम थापा, कोमल, हरि बहादुर, जोगेन्द्र, लक्ष्मी चन्द, ज्योति देवी, राजरानी देवी, मनोरमा देवी, पीताम्बर देनी, मुस्सी देवी, सोनू, रूबी देवी, रीता देवी आदि मौजूद थे ।

बिना बेहोश किए सफल अवेक कार्डियो थोरेसिक सर्जरी में मिली सफलता

अ​खिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान एम्स ऋषिकेश के चिकित्सकों ने छाती में ट्यूमर की समस्या से जूझ रहे एक मरीज को बिना बेहोश किए उसकी सफल अवेक कार्डियो थोरेसिक सर्जरी करने में विशेष सफलता प्राप्त की है। चिकित्सा क्षेत्र में उत्तर भारत का यह पहला मामला है, जिसमें मरीज को बिना बेहोश किए यह बेहद जटिल सर्जरी की गई। इस मरीज का उपचार आयुष्मान भारत योजना के तहत किया गया। इलाज के बाद मरीज अब पूरी तरह से स्वस्थ है और उसे अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है।
उत्तराखंड के उत्तरकाशी जनपद स्थित चिन्यालीसौड़ निवासी 30 एक वर्षीय व्यक्ति पिछले लंबे अरसे से छाती में भारीपन और असहनीय दर्द की समस्या से जूझ रहा था। लगभग 3 महीने पहले परीक्षण कराने पर पता चला कि उसकी छाती में हृदय के ऊपर एक ट्यूमर बन चुका है। इलाज के लिए वह पहले राज्य के विभिन्न अस्पतालों में गया, लेकिन मामला जटिल होने के कारण अधिकांश अस्पतालों ने उसका इलाज करने में असमर्थता जाहिर कर दी। इसके बाद अपने उपचार के लिए मरीज एम्स ऋषिकेश पहुंचा। यहां विभिन्न जांचों के बाद एम्स के कार्डियो थोरेसिक व वैस्कुलर सर्जरी (सीटीवीएस) विभाग के वरिष्ठ सर्जन डॉ. अंशुमन दरबारी जी ने पाया कि मरीज की छाती के भीतर व हार्ट के ऊपर थाइमिक ग्रंथी में संभवतः एक थायमोमा में एक ट्यूमर बन चुका है और उसका आकार धीरे-धीरे बढ़ रहा है।
इस बाबत सीटीवीएस विभागाध्यक्ष व वरिष्ठ सर्जन डा. अंशुमन दरबारी ने बताया कि यदि मरीज का समय रहते इलाज नहीं किया जाता तो हार्ट के ऊपर बना ट्यूमर बाद में कैंसर का गंभीर रूप ले सकता था। उन्होंने बताया कि आसपास के महत्वपूर्ण अंगों के कारण छाती के भीतर ट्यूमर में सामान्यतरू बायोप्सी करना संभव नहीं होता है इसलिए मरीज की बीमारी के निराकरण के लिए रोगी की सहमति के बाद उसकी ’अवेक कार्डियो थोरेसिक सर्जरी’ करने का निर्णय लिया गया।
अत्याधुनिक तकनीक की बेहद जोखिम वाली इस सर्जरी में मरीज की छाती की हड्डी को काटकर मरीज को बिना बेहोश किए उसके हार्ट के ऊपर बना 10 गुना 7 सेंटीमीटर आकार का ट्यूमर पूर्णरूप से निकाल दिया गया। उन्होंने बताया कि इस सर्जरी में लगभग 2 घंटे का समय लगा और 4 दिन तक मरीज को अस्पताल में रखने के बाद अब उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। सर्जरी करने वाली विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम में डॉ. अंशुमन दरबारी के अलावा सीटीवीएस विभाग के डॉ. राहुल शर्मा जी और एनेस्थेसिया विभाग के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. अजय कुमार जी शामिल थे।
एम्स निदेशक प्रोफेसर अरविंद राजवंशी ने इस जटिल सर्जरी को सफलतापूर्वक अंजाम देने वाले चिकित्सकों के कार्य की सराहना की है। उन्होंने बताया कि मरीजों के बेहतर उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम 24 घंटे तत्परता से कार्य कर रही है।

क्या है ’अवेक कार्डियो सर्जरी’
सीटीवीएस विभाग के वरिष्ठ शल्य चिकित्सक डॉ. दरबारी ने बताया कि अवेक कार्डियो थोरेसिक सर्जरी की शुरुआत वर्ष-2010 में अमेरिका में हुई थी। भारत में यह सुविधा अभी केवल चुनिंदा बड़े अस्पतालों में ही उपलब्ध है। इस तकनीक द्वारा मरीज की रीढ़ की हड्डी में विशेष तकनीक से इंजेक्शन लगाया जाता है। इससे उसकी गर्दन और छाती का भाग सुन्न हो जाता है। पूरी तरह से दर्द रहित होने के बाद छाती की सर्जरी की जाती है। खासबात यह है कि सर्जरी की संपूर्ण प्रक्रिया तक मरीज पूरी तरह होश में रहता है। यहां तक कि सर्जरी के दौरान मरीज से बातचीत भी की जा सकती है। सामान्यतौर पर सर्जरी प्रक्रिया के दौरान मरीज को बेहोशी दवाओं का दुष्प्रभाव हो सकता है, लेकिन इस प्रक्रिया में वह बेहोशी दवाओं के दुष्प्रभाव से भी बच जाता है। इस तकनीक से मरीज को वेन्टिलेटर सपोर्ट की आवश्यकता भी नहीं होती है। साथ ही तकनीक में मरीज की रिकवरी बहुत ही सहज और तेज हो जाती है।

कर्मचारियों के लिए 24 सितम्बर की बैठक महत्वपूर्ण

सचिवालय संघ द्वारा लगातार की गयी मांग पर विधान सभा सत्र के दौरान मुख्यमंत्री जी द्वारा की गयी घोषणा के अनुरूप 11 प्रतिशत महंगाई भत्ते को 24 सितम्बर 2021 की कैबिनेट मे प्रस्तुत कर दिये जाने की जानकारी आज वित्त विभाग के सक्षम अधिकारियो द्वारा सचिवालय संघ को दी गयी है तथा साथ ही इसी माह के वेतन मे डीए बढोत्तरी कर दिये जाने का आश्वासन दिया गया है।
साथ ही गोल्डन कार्ड को लेकर स्वास्थ्य मंत्री द्वारा सचिवालय संघ को दिये गये आश्वासन के अनुरूप प्रकरण पर वित्त विभाग की सहमति प्रदान कर दी गयी, जिसे आगामी कैबिनेट बैठक मे प्रस्तुत करने का प्रयास युद्ध स्तर पर किया जा रहा है। इस मामले मे सचिवालय संघ अपने स्टैंड पर यथावत कायम है। 24 सितम्बर की कैबिनेट बैठक मे गोल्डन कार्ड की खामियो को दुरूस्त करने का प्रस्ताव न लाये जाने पर सचिवालय परिसर मे स्वास्थ्य मंत्री की वादाखिलाफी पर गोल्डन कार्ड के प्रतिकूल शासनादेश की होली जलाये जाने का कार्यक्रम यथावत किया जायेगा।
डीए की बढोत्तरी व गोल्डन कार्ड की खामियो को दुरूस्त किये जाने के प्रस्ताव को सचिवालय संघ व कार्मिक, पेंशनर्स की भावनाओ के अनुरूप 24 सितम्बर की कैबिनेट मे पारित कर दिये जाने पर सचिवालय संघ द्वारा मुख्यमंत्री व स्वास्थ्य मंत्री का आभार व धन्यवाद ज्ञापित किया जायेगा।

सीएम धामी ने विकास कार्यो के लिए वित्तीय स्वीकृति दी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विभिन्न विकास कार्यों हेतु वित्तीय एवं प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। मुख्यमंत्री ने राज्य योजनान्तर्गत विधानसभा क्षेत्र टिहरी के अन्तर्गत 5 निर्माण कार्यों हेतु 223.07 लाख की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इसके साथ ही राज्य योजनान्तर्गत विधानसभा क्षेत्र डीडीहाट के अन्तर्गत छड़नदेव-गैडाली-चनौली मोटर मार्ग के पुनर्निर्माण एवं सुधारीकरण कार्य हेतु 180.55 लाख, विधानसभा क्षेत्र डीडीहाट के अन्तर्गत विभिन्न 2 निर्माण कार्यों हेतु 140.26 लाख की वित्तीय स्वीकृति, राज्य योजनान्तर्गत विधानसभा क्षेत्र गदरपुर के अन्तर्गत विभिन्न 2 कार्यों हेतु 1002 लाख, विधानसभा क्षेत्र नैनीताल के अन्तर्गत काण्डा-डौन-परेवा अमगढ़ी मोटर मार्ग का सुधारीकरण कार्य हेतु 139.13 लाख, विधानसभा क्षेत्र बागेश्वर के अन्तर्गत विभिन्न 10 निर्माण कार्यों हेतु 600.82 लाख की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने स्पेशन कम्पोनेंट प्लान के अन्तर्गत विधानसभा क्षेत्र बागेश्वर में कठपुलियाछिना से भोलनानाघर तक मोटर मार्ग के निर्माण हेतु 19.62 लाख, राज्य योजनान्तर्गत विधानसभा क्षेत्र मसूरी के अन्तर्गत मालदेवता-सेरकी सिल्ला मोटर मार्ग का सुधारीकरण हेतु 193.70 लाख, विधानसभा क्षेत्र भीमताल के अन्तर्गत ग्राम देवलीधार से सुरंग तक मोटर मार्ग का नव निर्माण हेतु 45 लाख, विधानसभा क्षेत्र यमुनोत्री के अन्तर्गत फूलचट्टी-जानकीचट्टी मोटर मार्ग के अन्तिम छोर से प्रारम्भ कर जानकीचट्टी यमुनोत्री पैदल मार्ग को क्रॉस करते हुये लो0नि0वि0 निरीक्षण भवन तक मार्ग का निर्माण कार्य हेतु 36.17 लाख की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। मुख्यमंत्री ने सीआरआईएफ (केन्द्रीय सड़क अवसंरचना निधि) के अन्तर्गत नैनीताल में गदरपुर-दिनेशपुर-मदकोटा-हल्द्वानी मोटर मार्ग के कि०मी० 24 से कि0मी0 41 तक सड़क सुरक्षा कार्य हेतु 71.47 लाख की वित्तीय स्वीकृति, सीआरआईएफ के अन्तर्गत टिहरी-हिण्डोलाखाल-देवप्रयाग-व्यासघाट बिलखेत के सुधारीकरण आदि हेतु 64.02 लाख, जनपद नैनीताल के घुघुतियाधार बेतालघाट-खैरना सुयालबाड़ी-ओड़ाखान-पसियापानी-मुक्तेश्वर मोटर मार्ग में सुरक्षात्मक कार्य हेतु 166.91 लाख, जनपद नैनीताल में रामनगर-कालाढूंगी सितारगंज-बिजटी मोटर मार्ग में रोड सेफ्टी कार्य हेतु 77.54 लाख, विधानसभा क्षेत्र देवप्रयाग में लक्षमोली हिसरियाखाल-जामणीखाल मोटर मार्ग के सुधारीकरण हेतु 86.68 लाख, जनपद पौड़ी में स्व० जगमोहन सिंह नेगी मोटर मार्ग में दिशा सूचक-साईनेज के कार्य हेतु 114.55 लाख, विधानसभा क्षेत्र यमुनोत्री में कैश बैरियर एवं साइनेज के कार्य हेतु 71.42 लाख, जनपद टिहरी गढ़वाल में उत्तरकाशी लम्बगांव-घनसाली-तिलवाड़ा मोटर मार्ग में सुरक्षात्मक कार्य हेतु 409.89 लाख, जनपद अल्मोड़ा में विभिन्न मोटर मार्गों में साईनेज/सुरक्षात्मक कार्य हेतु 142.29 लाख, विधानसभा क्षेत्र मसूरी में लम्बीधार किमाड़ी देहरादून मोटर मार्ग में सुधारीकरण/साईनेज का कार्य हेतु 268.77 लाख, विधानसभा क्षेत्र लैंसडाउन में धुमाकोट पीपली मोटर मार्ग में डिफैक्ट कटिंग, मरम्मत व स्क्वर निर्माण हेतु 197.89 लाख, उत्तरकाशी-लम्बगांव-घनसाली-तिलवाड़ा (चारधाम यात्रा) मोटर मार्ग में सुरक्षात्मक कार्य हेतु 149.02 लाख, जनपद देहरादून में सहिया-क्वानु मोटर मार्ग में रोड सेफ्टी कार्य हेतु 650 लाख, पौड़ी-देवप्रयाग-गजा-जाजल मोटर मार्ग में रोड सेफ्टी कार्य हेतु 650 लाख, वड्डा-चमना (अनु०ग्राम) बुरांसी मोटर मार्ग में डामरीकरण एवं पक्कीकरण हेतु 740 लाख, जनपद टिहरी में बडवाला जुड्डो मोटर मार्ग में रोड सेफ्टी कार्य हेतु 40.56 लाख, विधानसभा क्षेत्र देवप्रयाग में बागवान-जामणीखाल मोटर मार्ग में रोड सेफ्टी कार्य हेतु 73.93 लाख, जनपद देहरादून में अन्ना हजारे चौक में रोड सेफ्टी कार्य हेतु 80.63 लाख, देहरादून में चांदनी चौक में रोड सेफ्टी कार्य हेतु 135.09 लाख, जनपद देहरादून में माजरा-बुड्डी में शेखोवाला-धर्मावाला मोटर मार्ग में रोड सेफ्टी कार्य हेतु 197 लाख, जनपद बागेश्वर में राज्य मार्ग-11 में सेफ्टी कार्य हेतु 104.65 लाख, जनपद अल्मोड़ा में अल्मोड़ा-बैजनाथ-ग्वालदम-कर्णप्रयाग मोटर मार्ग में रोड सेफ्टी कार्य हेतु 591.42 लाख, विधानसभा क्षेत्र द्वाराहाट में जालीखान-उत्तमछानी-नौबाडा मोटर मार्ग में रोड सेफ्टी कार्य हेतु 25.98 लाख, जनपद चमोली में नन्दप्रयाग-घाट मोटर मार्ग में साईनेज/रोड सेफ्टी कार्य हेतु 234.81 लाख की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।