वैज्ञानिकों की चेतावनी, लगातार आ रहे भूकंप को नही किया जाना चाहिए नजर अंदाज

उत्तराखंड में मानसून का दौर अभी जारी है। प्रदेश के कई क्षेत्रों में हो रही भारी बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में जनजीवन अस्त व्यस्त हो रहा है। तो कई मार्ग अवरुद्ध होने और भूस्खलन की घटनाएं सामने आ रही है। वहीं, उत्तराखंड में भूकंप को लेकर भी सूचनाएं प्राप्त हो रही है। इसी क्रम में उत्तराखंड में आज फिर भूकंप के झटके महसूस किए गए। हालांकि भूकंप की तीव्रता कम थी। भूकंप का केंद्र जमीन से 10 किलोमीटर की गहराई पर था। ये झटके दोपहर 3 बजकर 31 मिनट पर महसूस हुए। फिलहाल भूकंप से जानमाल के नुकसान की कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई है। भूकंप के झटके महसूस होते ही लोग अपने अपने घरों से बाहर निकल आए। वहीं लगातार आ रहे इन हल्के झटकों को वैज्ञानिक बड़े खतरे की चेतावनी भी मान रहे है।
आज भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 2.5 मापी गई है। इससे पहले सोमवार को पिथौरागढ़ में भारत-नेपाल सीमा पर भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। वहीं, रविवार को रुद्रप्रयाग जिले में भी भूकंप का हल्का झटका महसूस किया गया। रविवार दोपहर 12 बजकर 21 मिनट पर पर रुद्रप्रयाग में भूकंप महसूस किया गया था। जिसकी तीव्रता 3.3 रिक्टर बताई गई। इसके साथ ही बीते दिनों बागेश्वर में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए थे।
वैज्ञानिकों की माने तो उत्तराखंड में आ रहे भूकंप के ये हल्के झटके बड़े खतरे का संकेत हैं। उत्तराखंड में भूकंप को लेकर किए गए शोध से इस बात का खुलासा हुआ है। बताया जा रहा है कि हिमालय में 200 साल की ऊर्जा एकत्रित हो चुकी है जो कभी भी भूकंप के रूप में बाहर आ सकती है। ऐसे में आशंका है कि उत्तराखंड में इस सदी का सबसे भयानक भूकंप आ सकता है।

शिक्षा के विकास और छात्रों के व्यापक हित में मुख्यमंत्री ने की कई घोषणायें

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को सचिवालय में विद्यालयी शिक्षा विभाग की समीक्षा की। उन्होंने शिक्षा की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिये जाने के निर्देश देने के साथ ही शिक्षा के विकास तथा छात्रों के व्यापक हित में प्रदेश में कक्षा 9 से 12 तक के सभी वर्गों के छात्रों को भी अगले वर्ष से निशुल्क पाठ्य पुस्तकें उपलब्ध कराये जाने की घोषणा की। उन्होंने अध्यापकों के स्थानान्तरण सम्बन्धी प्रकरणों के निस्तारण हेतु महानिदेशक शिक्षा के अधीन सेल का गठन कर प्रकरणों का निस्तारण करने, छात्रों को अंग्रेजी एवं कम्प्यूटर शिक्षा प्रदान करने के लिए विद्यालयों में अंग्रेजी एवं कम्प्यूटर के गेस्ट टीचरों की व्यवस्था किये जाने, तथा राजकीय विद्यालयों के कक्षा 12 के 100 टॉपर्स को 5 साल तक उच्च शिक्षा की तैयारी के लिये छात्रवृत्ति प्रदान किये जाने की व्यवस्था की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि छात्रों तथा शिक्षण व्यवस्था के व्यापक हित में सभी अधिकारी माह में एक दिन किसी स्कूल में स्वेच्छा से बच्चों को पढ़ाने का कार्यक्रम बनायें इससे विद्यालयों की अवस्थापना सुविधाओं की स्थिति की भी जानकारी प्राप्त हो सकेगी। मुख्यमंत्री ने विद्यालयों में प्रधानाचार्यों के रिक्त पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया में तेजी लाये जाने के भी निर्देश दिये।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक ही परिसर में संचालित विद्यालयों के एकीकरण के प्रस्तावों के निस्तारण के लिये महानिदेशक शिक्षा की अध्यक्षता में टास्क फोर्स गठित करने के भी निर्देश दिये। मैदानी क्षेत्र की कक्षा 9 की छात्राओं को साइकिल तथा पर्वतीय क्षेत्र की छात्राओं को 2850 रुपये की धनराशि के वितरण का प्रस्ताव भी शीघ्र तैयार करने के निर्देश मुख्यमंत्री ने दिये हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा महत्वपूर्ण विभाग है, प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था में गुणात्मक सुधार के लिये शिक्षकों तथा शिक्षा से जुड़े अधिकारियों से नई कार्य संस्कृति के साथ कार्य करने की अपेक्षा करते हुए कार्यों में तेजी लाने के लिये नियमों के सरलीकरण, समस्याओं का समाधान के साथ निस्तारण तथा सबकी संतुष्टि के मंत्र के साथ दायित्वों के निर्वहन के निर्देश मुख्यमंत्री ने दिये हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा हमारे विद्यालयों में अधिक से अधिक बच्चे शिक्षा ग्रहण करें, हमें इसके लिये गंभीरता एवं सक्रियता से प्रयास करने होंगे। उन्होंने कहा कि हमारे देश के महानुभाव जिन्होंने अपनी प्रतिभा के बल पर साधारण से असाधारण की यात्रा करने के साथ जमीन से आसमान छूने का कार्य किया है वह सभी सरकारी प्राइमरी स्कूलों से पढ़कर निकले हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अध्यापकों को अच्छा वेतन व सुविधाएं मिलने के बावजूद शिक्षा में गुणात्मक सुधार की कमी रहने का यह प्रश्न हम सबके सामने है। इस दिशा में हम सबको चिंतन करना होगा। यह हमारी सामूहिक जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि हमें पूरे मनोयोग से शिक्षा की बेहतरी के लिये प्रयास करने होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों को माता-पिता संस्कारवान बनाते हैं तो उन्हें शिक्षित बनाने तथा उनके व्यक्तित्व निर्माण का कार्य शिक्षकों का होता है। शिक्षकों की देश का योग्य भावी नागरिक तैयार करने की भी जिम्मेदारी है। दूसरों को ज्ञान बांटना बड़ा पुण्य का कार्य है। हमारे द्वारा किये जाने वाले अच्छे कार्यों को ईश्वर भी देखते हैं।
बैठक में सचिव शिक्षा राधिका झा ने व्यापक प्रस्तुतीकरण के माध्यम से प्रदेश में विद्यालयी शिक्षा के प्रशासनिक व शैक्षिक ढांचे, भावी कार्य योजनाओं, वित्तीय स्थिति आदि की जानकारी दी।
इस अवसर पर विद्यालयी शिक्षा मंत्री अरविन्द पाण्डेय, मुख्य सचिव डॉ. एस.एस. सन्धु, अपर मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन, महानिदेशक शिक्षा बंशीधर तिवारी, निदेशक शिक्षा सीमा जौनसारी, निदेशक अकादमिक शिक्षा राकेश कुंवर सहित अन्य अधिकारी तथा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जनपदों के मुख्य शिक्षा अधिकारी, बेसिक शिक्षा अधिकारी आदि उपस्थित थे।

7 अक्टूबर को देहरादून में बने नये टर्मिनल का लोकार्पण

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को सचिवालय से वर्चुअल माध्यम से नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया के साथ उत्तराखण्ड में हवाई सेवाओं को बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण बैठक की।
नागर विमानन मंत्री, भारत सरकार ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने कहा कि 7 अक्टूबर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ जौलीग्रांट, देहरादून में बने नये टर्मिनल का लोकार्पण किया जायेगा। हेली समिट के दौरान देहरादून-पंतनगर-पिथौरागढ़-पंतनगर-देहरादून हवाई सेवा का फ्लैग ऑफ भी किया जायेगा। यह सेवा पवनहंस द्वारा दी जायेगी। देहरादून-पिथौरागढ़ हेली सेवा को जल्द स्वीकृति दी जायेगी।
केन्द्रीय नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने कहा कि उत्तराखण्ड में उड़ान के तहत देहरादून-श्रीनगर-देहरादून, देहरादून-गौचर-देहरादून, हल्द्वानी-हरिद्वार-हल्द्वानी, पंतनगर-पिथौरागढ़-पंतनगर, चिन्यालीसौड़-सहस्त्रधारा-चिन्यालीयौड़, गौचर-सहस्त्रधारा-गौचर, हल्द्वानी-धारचूला-हल्द्वानी तथा गौचर-सहस्त्रधारा-गौचर हेली सेवाओं को स्वीकृति प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड के लिए जो 13 हेलीपोर्ट चिन्हित किये गये हैं, उनमें से 11 की डीपीआर तैयार हो चुकी है। मसूरी हेलीपोर्ट की डीपीआर भी जल्द तैयार हो जायेगी। जौलीग्रांट एयरपोर्ट से शहरों की कनेक्टिविटी और बढ़ाई जायेगी। पंतनगर ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट की कार्यवाही में और तेजी लाई जायेगी। उन्होंने सुझाव दिया कि उत्तराखण्ड में वैट के चार्जेज एटीएफ पर अधिक हैं, इस चार्ज को कम किया जाय तो राज्य में एयर कनेक्टिविटी और तेजी से बढ़ेगी और राजस्व में भी वृद्धि होगी।
मुख्यमंत्री ने उत्तराखण्ड को एयर कनेक्टिविटी के क्षेत्र में दी गई इन सौगातों के लिए केन्द्रीय नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया का आभार व्यक्त किया। उन्होंने देहरादून-पिथौरागढ़ हेली सेवा की स्वीकृति पर कहा कि इस सेवा के शुरू होने से सीमान्त क्षेत्र पिथौरागढ़ के विकास के लिए यह मील का पत्थर साबित होगा। इस हेली सेवा की मांग मुख्यमंत्री ने केन्द्र सरकार से पहले भी कर चुके थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस तेजी से नागर विमानन मंत्री द्वारा निर्णय लेकर कार्यरूप में परिणीत किया इससे मैं अभिभूत हूं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन एवं केन्द्र सरकार के सहयोग से राज्य में कनेक्टिविटी के क्षेत्र में तेजी से विकास हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में चिन्हित 13 हेलीपोर्ट में से 8 पर टेंडर प्रक्रिया गतिमान है, जो 20 अक्टूबर तक पूर्ण हो जायेंगे। ये सभी कार्य इस वित्तीय वर्ष में पूर्ण करने के प्रयास किये जा रहे हैं। 11 जुलाई 2021 को मुख्यमंत्री ने नागर विमानन मंत्री से भेंट के दौरान पवनहंस की हेलीकॉप्टर सेवा यात्रियों को मंहगी पड़ने का मुद्दा उठाया गया। केन्द्रीय मंत्री द्वारा इसका शीघ्र समाधान करने एवं देहरादून से श्रीनगर 42 प्रतिशत एवं देहरादून से गौचर 50 प्रतिशत किराया कम करने पर मुख्यमंत्री ने उनका आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर सचिव नागरिक उड्डयन दिलीप जावलकर, अपर सचिव स्वाति एस. भदौरिया भी मौजूद थे।

सरकार अपनी अर्थव्यवस्था में सेवा क्षेत्र के योगदान को सुधारने पर ध्यान केंद्रित कर रही

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को सुभाष रोड स्थित होटल पेसिफिक में उद्योग विभाग द्वारा आयोजित आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर वाणिज्य उत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया एवं स्टॉलों का निरीक्षण किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जब हम आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं, ऐसे समय में वाणिज्य सप्ताह का आयोजन किया जाना सराहनीय है। वाणिज्य उत्सव का मुख्य उद्देश्य आर्थिक विकास पर ध्यान केंद्रित करना एवं विशेष रूप से भारत से निर्यात को बढ़ावा देना है। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों व ट्रांसपोर्ट की अनेक बाधाओं के बावजूद उत्तराखंड राज्य साल दर साल निर्यात के मामले में तेजी से आगे बढ़ रहा है। यही कारण है कि केंद्र सरकार की ओर से जारी एक्सपोर्ट प्रीपेयर्डनेस इंडेक्स में उत्तराखंड राज्य को हिमालयी राज्यों की श्रेणी में प्रथम स्थान मिला है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले पांच सालों में ही उत्तराखंड ने निर्यात के मामले में करीब दोगुना से अधिक की बढ़त हासिल की है। वर्ष 2017-18 में उत्तराखंड से 10,836 करोड़ रुपये का निर्यात हुआ, वहीं 2020-21 में यह बढ़कर 15,914 करोड़ रुपये पहुंच गया है। राज्य में आटोमोबाइल व फार्मा इकाइयां सबसे बड़े निर्यातक क्षेत्र के रूप में उभरे हैं। इसके अलावा उत्तराखंड से पुष्प उत्पादन, कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण, जैविक उत्पाद, सगंध-औषधीय पौधे, जैव प्रौद्योगिकी, हस्तशिल्प की वस्तुओं का निर्यात विदेशों में होता है। राज्य में निर्यात क्षमता और राज्य से निर्यात योग्य उत्पादों एवं सेवाओं को बढ़ावा देने और प्रदर्शित करने के लिए भारत को एक उभरती हुई आर्थिक शक्ति के रूप में प्रतिस्थापित करने के लिए वाणिज्य उत्सव का आयोजन मील का पत्थर साबित होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड उत्तर भारत में अपनी प्रगतिशील नीतिगत ढांचे, गुणवत्तापूर्ण जनशक्ति की उपलब्धता तथा अच्छी कानून व्यवस्था के कारण एक पसंदीदा निवेश गन्तव्य बन गया है। मैनुफैक्चरिंग सेक्टर का राज्य के जीएसडीपी में 36 प्रतिशत से अधिक का योगदान है। सरकार अपनी अर्थव्यवस्था में सेवा क्षेत्र के योगदान को सुधारने पर भी ध्यान केंद्रित कर रही है और पर्यटन क्षेत्र को उद्योग का दर्जा दिया गया है। उद्योग और आंतरिक व्यापार को बढ़ावा देने के लिए विभाग डीपीआईआईटी द्वारा आयोजित बिजनेस रिफॉर्म एक्शन पॉइंट रैंकिंग में उत्तराखंड शीर्ष राज्यों में से एक है। राज्य की निवेश संवर्धन एजेंसी को इन्वेस्ट इंडिया द्वारा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शनकर्ता घोषित किया गया है। हरिद्वार में इनलैंड कनटेनर डिपो (आईसीडी) की स्थापना के लिए प्रयास किये जा रहे है। राज्य ने निर्यात को बढ़ावा देने के लिए प्रमुख क्षेत्रों कृषि, स्वास्थ्य और आयुष, फार्मास्यूटिकल्स, ऑटोमोबाइल एवं एलाइड, पर्यटन और आतिथ्य, हथकरघा और हस्तशिल्प, शैक्षिक सेवाओं जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों को भी पहचान की है। हमारा लक्ष्य 30,000 करोड़ रुपये मूल्य की वस्तुओं के निर्यात के अपने महत्वाकांक्षी लक्ष्य को प्राप्त करना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में अनेक योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। युवाओं के स्किल डेवलपमेंट हेतु विभिन्न योजनाएं चलाई जा रही हैं। जिससे युवाओं को एक नया मंच और साथ ही उद्योगों को ऊर्जावान युवा मिल सके। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भर भारत बनने की राह पर चल रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार मजबूत इच्छाशक्ति से काम कर रही है। देवभूमि उत्तराखंड का संदेश पूरे विश्व में जाता है। राज्य में और अधिक उद्योग स्थापित हों इसके लिये हमारे उद्यमी ही हमारे ब्राण्ड एम्बेसडर रहेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सरलीकरण, समाधान व निस्तारण के मंत्र को लेकर काम कर रही है। हम उद्योगों से जुड़े लोगों की समस्याओं का सरलीकरण कर समाधान करेंगे और साथ ही उनकी समस्याओं का निस्तारण भी होगा। उत्तराखंड में जितने भी उद्योग स्थापित हुए है, उनकी समस्याओं को दूर कर उन्हें विकास और ग्रोथ के हर अवसर दिए जाएँगे। साथ ही उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए हमारी सरकार हर संभव मदद करने को तैयार है।
उद्योग मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि आज उत्तराखंड दुनिया के तमाम उद्योगपतियों के लिए एक इंडस्ट्रियल डेस्टिनेशन के रूप में उभर रहा है। हमारी सरकार का देश के तमाम उद्योगपतियों के साथ संवाद जारी है। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के अंतर्गत छोटे उद्योगों को लगाए जाने का कार्य राज्य में तेजी से हुआ है साथ ही उद्योगों से संबंधित आने वाली समस्याओं को दूर करने के लिए सरकार द्वारा हरसंभव प्रयास किये जा रहे हैं।
इस अवसर पर सचिव उद्योग राधिका झा, वाणिज्य मंत्रालय भारत सरकार के उप सचिव आनन्द भाष्कर, डीजी एसईपीसी डॉ. अभय सिन्हा, निदेशक उद्योग सुधीर चन्द्र नौटियाल, एक्सपोर्ट कमिश्नर रोहित मीणा एवं उद्योग संघ के पदाधिकारी मौजूद थे।

टोक्यो पैरालंपिक कांस्य पदक विजेता मनोज सरकार का सीएम ने किया सम्मान

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास में टोक्यो पैरालंपिक कांस्य पदक विजेता एवं अर्जुन अवार्ड प्राप्तकर्ता मनोज सरकार को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि टोक्यो पैरालंपिक में बैडमिंटन में कांस्य पदक जीतकर मनोज सरकार ने उत्तराखंड का मान सम्मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि किसी कार्य के प्रति मन में जज्बा हो तो, वह कार्य अवश्य पूर्ण होता है। सीमित संसाधनों के बावजूद भी मनोज सरकार ने एक बड़ा मुकाम हासिल किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि खिलाड़ियों को अधिक से अधिक सुविधाएं मिल सके, इसके लिए राज्य में खेल नीति में संशोधन किया जा रहा है। इस अवसर पर टोक्यो पैरालंपिक कांस्य पदक विजेता मनोज सरकार की पत्नी रेवा सरकार भी मौजूद थीं।

कर्णप्रयाग और गैरसैंण विकासखंड में सुधरेगी मोबाइल की कनेक्टिविटी

भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय मीडिया टीम के सदस्य सतीश लखेड़ा ने प्रेस को जारी विज्ञप्ति में कहा कि चमोली जनपद के कर्णप्रयाग और गैरसैण विकासखंडों की मोबाइल कनेक्टिविटी की समस्या को लेकर आज राज्यसभा सांसद एवं भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी के नेतृत्व में केंद्रीय संचार मंत्री अश्विनी वैष्णव से भेंट की। सांसद बलूनी ने मंत्री जी को बताया कि कनेक्टिविटी ना होने से इन दुर्गम क्षेत्रों में जनता को परेशानी तो होती ही है साथ ही बच्चों की ऑनलाइन पढ़ाई बाधित होती है।
भाजपा नेता सतीश लखेड़ा ने कहा कि बलूनी ने दूर संचार मंत्री को कर्णप्रयाग विकासखंड के बगोली, चमोला, मैखुरा, मजखोला, कमेड़ा और सेरागढ़ क्षेत्रों तथा गैरसैंण विकासखंड के देवपुरी, राईकोट, कुनीगाड़ तल्ली, कुणखेत, बुखाली, चोरड़ा, पिंडवाली और कांसुवा क्षेत्रों की मोबाइल समस्या का ध्यान दिलाया।

केंद्रीय मंत्री अनिल वैष्णव ने कहां कि उनका मंत्रालय निरंतर मोबाइल कनेक्टिविटी के सुधार हेतु प्रयासरत है। उन्होंने उपरोक्त सभी 14 स्थानों की कनेक्टिविटी हेतु संबंधित अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा की बीएसएनएल सहित सभी निजी ऑपरेटर कंपनियां इन स्थानों का निरीक्षण कर संचार सुविधा बहाल करें।
सतीश लखेड़ा ने केंद्रीय मंत्री सहित सांसद अनिल बलूनी का आभार प्रकट करते हुए कहा कि इन दुर्गम क्षेत्रों में संचार सुविधा बहाल होने से आम नागरिकों को व विद्यार्थियों को राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि गत दिनों अपने क्षेत्र भ्रमण के दौरान आम जनता द्वारा मोबाइल कनेक्टिविटी की समस्या की ओर ध्यान दिलाया गया और स्वयं भी कनेक्टिविटी ना होने की परेशानियों का सामना करना पड़ा।

तीन आरोपी गिरफ्तार, चोरी का माल भी बरामद

कोतवाली पुलिस ने घर के अंदर घुसकर लाखों की ज्वेलरी, नकदी समेत मोबाइल चोरी करने पर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिनके पास से चोरी का माल भी बरामद किया गया है। पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से आरोपियों को जेल भेजा गया है।
कोतवाली पुलिस के मुताबिक भैरव मंदिर, लक्ष्मणझूला रोड निवासी जॉनी पाल पुत्र राजकुमार पाल ने 17 सितंबर को पुलिस को तहरीर दी। जिसमें उन्होंने बताया कि उनके घर में घुसकर चोरों ने सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और मोबाइल फोन चोरी कर लिया है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया। मामले की जांच में जुटी पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है। साथ ही मुखबिरों को भी सक्रिय किया गया। सोमवार रात को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर संयुक्त यात्रा बस अड्डे से तीन आरोपियों को पकड़ा। जिन्होंने उक्त चोरी में शामिल होने की बात कबूली।
कोतवाल महेश जोशी ने आरोपियों की पहचान अमर सिंह उर्फ पर्रा पुत्र कुंवर सिंह हाल निवासी शीशमझाड़ी मुनिकीरेती, टिहरी गढ़वाल, राजा उर्फ चोटी गणेश साहनी निवासी चंद्रेश्वरनगर, ऋषिकेश, रजत उर्फ फलहारी पुत्र विनोद रावत निवासी चंद्रेश्वरनगर के रूप में कराई है। बताया की चोरी का माल भी आरोपियों से बरामद किया गया है। मामले में धारा 411 आईपीसी की वृद्धि की गई है। आरोपियों पर कोतवाली में विभिन्न धाराओं में मामले दर्ज है।

विस अध्यक्ष बोले विधानसभा में आंतरिक सड़कों का हो रहा विकास

ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत साहबनगर में जनता संवाद कार्यक्रम के दौरान विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने क्षेत्र में विभिन्न आंतरिक सड़क मार्गों के निर्माण के लिए अपनी विधायक निधि से 15 लाख रुपये देने घोषणा की। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि वह ईमानदारी से समान रूप से हर क्षेत्र का विकास कार्य कर रहे है एवं अंतिम छोर के अंतिम व्यक्ति के विकास के लिए संकल्पित है।
पंचायत भवन, साहबनगर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनता द्वारा प्रेमचंद अग्रवाल का फूल मालाओं से ज़ोरदार स्वागत किया गया। अग्रवाल ने भी जनता के इस प्रेम एवं उत्साह को देखकर धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने बुजुर्गों एवं महिलाओं को सम्मानित भी किया। इस दौरान अग्रवाल ने स्थानीय लोगों की समस्याओं को भी सुना साथ ही उनका समाधान करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जो भी मांगे हैं उन्हें वह पूरा कर रहे है।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार द्वारा जनकल्याण को सर्वाेपरी मानते हुए अभूतपूर्व कार्यों के माध्यम से विकास के नए प्रतिमान स्थापित किए गए हैं। आधारभूत विकास के साथ जन कल्याणकारी योजनाओं का समुचित लाभ पात्र व्यक्ति को सुनिश्चित किया गया है। उन्होंने कहा कि केन्द्र एवं राज्य सरकार सभी वर्गों के कल्याण को संकल्पित होकर कार्यरत है। जिसके तहत आवास योजनाएं, उज्जवला योजना, सौभाग्य योजना, स्वच्छ भारत मिशन, अटल स्वास्थ्य बीमा योजना समेत विभिन्न लोक कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से जन-जन को लाभान्वित किया जा रहा है।
इस दौरान क्षेत्र के कई स्थानीय लोगों ने संगठन की विचारधारा से जुड़ने का फैसला लिया जिनका विधानसभा अध्यक्ष ने माल्यार्पण कर संगठन में स्वागत किया।
इस मौके पर डोईवाला के ब्लॉक प्रमुख भगवान सिंह पोखरियाल, प्रदेश प्रधान संगठन के उपाध्यक्ष सोबन सिंह केंतुरा, प्रधान भगवान सिंह महर, सत्यानंद बहुगुणा, क्षेत्र पंचायत सदस्य अमर खत्री, अनीता राणा, महिला मोर्चा की अध्यक्ष समा पवार, वरिष्ठ भाजपा नेता ज्ञान सिंह कश्यप, पूर्व जिला पंचायत सदस्य विमला नैथानी, रोशन कुडियाल, आनंद सिंह कंडियाल, प्रिंस रावत, भूपेंद्र रावत, अंबर गुरंग, सुरेंद्र बिष्ट, भरत सिंह भंडारी, सुंदर सिंह कंडियाल, जगदंबा प्रसाद बडोनी, शैलेंद्र व्यास, ज्ञान सिंह रौथान, गीता रावत, सुशीला देवी, संगीता खत्री, मकानी देवी, मीना बिष्ट सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

प्रीतम सिंह का दावा-2022 में ऋषिकेश से जीतेगा कांग्रेस का प्रत्याशी

उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में महानगर कांग्रेस कमेटी ऋषिकेश में कांग्रेस सदस्यता अभियान की शुरुआत की गई। अभियान की शुरुआत में कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह द्वारा भरत मंदिर ट्रस्ट के व्यवस्थापक हर्षवर्धन शर्मा को कांग्रेस की सदस्यता दिलवाकर की गई। कार्यक्रम में सैकड़ों कार्यकर्ताओं को सदस्यता अभियान से जोड़ा गया।
इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष प्रितम सिंह ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि प्रदेश नेतृत्व द्वारा ऋषिकेश विधानसभा के लिए 20000 सदस्यता का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि ये मुश्किल लक्ष्य नहीं है। यदि ऋषिकेश में कांग्रेस का कार्यकर्ता ईमानदारी के साथ बूथ बूथ जाकर लोगों को जोड़ने का कार्य करेगा तो निश्चित तौर से लक्ष्य को आसानी से पूरा कर किया जा सकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि घर घर जाकर कांग्रेस की रीति नीति को प्रत्येक नागरिक तक पहुंचाये। उन्होंने दावा किया कि 2022 में ऋषिकेश विधानसभा से कांग्रेस का प्रत्याशी जीतकर आएगा।
कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष द्वारा कार्यक्रम मोहम्मद हदीस, रमाकांत तिवारी, युवराज दत्त नौटियाल, अमित कश्यप, किशन लाल शर्मा, धृपाल सिंह राँगड़, पुरंजय भारद्वाज, प्रदीप चंद्रा, रतन सिंह भंडारी, नरेश गुप्ता, तेज प्रकाश गुलाटी, विनोद कुमार अग्रवाल, सत्य प्रकाश शर्मा, हरीश कुमार, रजनीकांत, मदनलाल, पूनम कश्यप, धर्मेश मनचंदा सहित कई लोगों को सदस्यता दिलाई गई। कार्यक्रम में पूर्व पीसीसी सदस्य संजय गुप्ता को कांग्रेस सदस्यता अभियान महानगर ऋषिकेश का अध्यक्ष भी नियुक्त किया गया। सचिव विजय पाल सिंह रावत, प्रदेश महामंत्री लल्लन राजभर, दीप शर्मा, राजपाल खरोला, एआईसीसी सदस्य जयेंद्र रमोला, पूर्व काबीना मंत्री शूरवीर सिंह सजवान, विजय सारस्वत द्वारा भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष परवादून गौरव चौधरी ने की और कार्यक्रम का संचालन महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुधीर राय द्वारा किया गया। कार्यक्रम में महंत विनय सारस्वत, मदन मोहन शर्मा, राहुल शर्मा, शैलेंद्र बिष्ट, विवेक तिवारी, दीपक जाटव, त्रिलोकी नाथ तिवारी, मनोज गुसाईं, गजेंद्र विक्रम शाही, बर्फ सिंह पोखरियाल, आशा सिंह चौहान, अंशुल त्यागी, प्रमोद शर्मा, पार्षद मनीष शर्मा, राकेश सिंह मियां, जगत सिंह नेगी, भगवान सिंह पवार, शकुंतला शर्मा, विजयलक्ष्मी शर्मा, सरोज देवरानी, विमला रावत, मधु जोशी, चंदन सिंह पवार, संजय भारद्वाज, नंदकिशोर जाटव आदि उपस्थित रहे।

वरिष्ठ पत्रकार की सीएम केजरीवाल को चिट्ठी-पूछा वायदों को कैसे करेंगे पूरा

उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2022 का बिगुल बज चुका है। उत्तराखंड की सियासी पिच पर अभी तक भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा चुनावी घमासान होता रहा है, लेकिन इस बार आम आदमी पार्टी की दोनों राष्ट्रीय पार्टियों के लिए सिरदर्द बनने जा रही है। कारण साफ है कि आप की ओर से की जाने वाली तमाम घोषणाओं ने यहां का माहौल गर्माना शुरू किया है। आप की ओर से की जारही लगातार चुनावी घोषणाएं एक ओर लोक लुभावन है। तो वहीं, सियासी पार्टियों के साथ ही राज्य के बुद्धिजीवी भी इन घोषणाओं को लेकर तमाम सवाल खड़े कर रहे है। पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के मीडिया सलाहकार और वरिष्ठ पत्रकार रमेश भट्ट ने दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को उनकी ही घोषणाओं पर चुनौती दी है। उन्होंने कहा है कि वह अरविंद केजरीवाल का साक्षात्कार कर यह जानना चाहते हैं कि जनता को फ्री सुविधाएं देने के पीछे केजरीवाल का इकोनॉमिक प्लान क्या है?
बताया जा रहा है कि वरिष्ठ पत्रकार रमेश भट्ट ने दिल्ली के सीएम और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को खुला पत्र भेजकर चुनौती दी है। उन्होंने केजरीवाल से साक्षात्कार के लिए समय देने का आग्रह किया है। अपने पत्र में श्री भट्ट ने केजरीवाल को लिखा है कि आपने उत्तराखंड के युवाओं के लिए कई घोषणाओं के साथ तमाम चुनावी वादे किए हैं। राज्य का निवासी होने के नाते मैं जानना चाहता हूं कि उत्तराखंड के लिए केजरीवाल का इकोनॉमिक प्लान क्या है? अपनी घोषणाओं को पूरा करने के लिए वे बजट की व्यवस्था कहां से करेंगे? एक आम उत्तराखंडी होने के नाते यह जानना मेरा हक है कि प्रदेश से किए जा रहे वादों के बारे में जानकारी लूं।
श्री भटट ने पत्र में लिखा है कि केजरीवाल, आप समय और स्थान तय करें ताकि मैं इन वादों पर आपका साक्षात्कार कर सकूं। आप की ओर से फिलहाल इस पत्र पर कोई जवाब तो नहीं आया है, लेकिन सूत्रों की मानें तो केजरीवाल श्री भटट को समय दे सकते है। इस पर वरिष्ठ पत्रकार ने बताया कि उनकी भी तैयारी पूरी है। जिससे कि जनता को राजनीतिक पार्टियों का एजेंडा साफ पता चल सके।