सीएम ने किसानों से कहा-हर वर्ग की चिंता कर रही सरकार

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय में विधायक हरभजन सिंह चीमा के नेतृत्व में बाजपुर के किसानों के प्रतिनिधिमण्डल ने भेंट की। उन्होंने किसानों के हित में किये जा रहे प्रयासों के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि जन समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए सरकार नो पेंडेंसी के आधार पर कार्य कर रही है। किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए राज्य सरकार द्वारा प्रभावी प्रयास किये जा रहे हैं। सरकार जनता के साथ साझीदार के रूप में कार्य कर रही है। जन सुविधा के लिए कार्यों के सरलीकरण, समाधान और निस्तारण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अधिकारियों को प्रत्येक कार्य दिवस में 10 से 12 बजे तक जन समस्याओं को सुनकर उनका समाधान करने के निर्देश दिये गये हैं। सभी जनपदों में तहसील दिवसों का आयोजन किया जा रहा है। जितनी भी घोषणाएं की जा रही हैं, सभी पूरी की जायेंगी। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री बिशन सिंह चुफाल एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

सीएस ने कहा-धान खरीद में किसानों के साथ धोखाधड़ी ना हो

मुख्य सचिव डॉ0 एस.एस. संधु की अध्यक्षता में उनके सचिवालय सभागार में 2021-22 के खरीफ सीजन में धान की खरीद के संबंध में संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
मुख्य सचिव ने विभागीय अधिकारियों खाद्य विभाग, सहकारिता तथा संबंधित पक्षों से धान की खरीद में आने वाली विभिन्न प्रकार की समस्याओं, बाधाओं और व्यावहारिक कठिनाइयों के संबंध में संबंधित स्टेक होल्डर (पक्षों) का पक्ष सुनने के पश्चात् विभागीय अधिकारियों तथा जिलाधिकारी ऊधमसिंह नगर और हरिद्वार को धान की व्यवस्थित, पारदर्शी और शीघ्रता से खरीद के संबंध में जरूरी दिशा-निर्देश दिये। उन्होंने विभागीय अधिकारियों और क्रय केन्द्रो का संचालन करने वाले प्रबन्धकों के सख्त निर्देश दिये कि धान की खरीद में किसानों के साथ किसी भी तरह की धोखाधड़ी अथवा किसानों का किसी भी प्रकार का शोषण बर्दाशत नहीं किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिये कि किसानों से धान की व्यवस्थित और पारदर्शी खरीददारी में जो भी प्रबन्धन स्तर की, प्रशासनिक स्तर की तथा तकनीकी स्तर की कठिनाईया हैं, उनको तत्काल दूर करें। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाशत नहीं की जाएगी।
मुख्य सचिव ने निर्देश दिये कि जिन स्थानों पर और धान क्रय केन्द्र खोलने की डिमांड है वहां शीघ्रता से खोले जाए। जहां पर बोरे अथवा धान क्रय से सम्बन्धित सामग्री इत्यादि की कोई जरूरत हो उनको तत्काल पूरा करें। विभागीय अधिकारियों ने जब मुख्य सचिव को अवगत कराया कि किसानों के प्रत्येक वर्ष क्रय प्रक्रिया हेतु खाते खोले और क्रय प्रक्रिया पूरी होने के तत्काल बाद बंद हो जाते है तो इस पर मुख्य सचिव ने निर्देशित किया कि जिन किसानों से खरीददारी की जाती हैं उन सभी का एक ही बार जीरो बैलेंस पर खाता खुलवायें तथा उसको बार-बार बंद ना करें बल्कि चलता रहने दें क्योंकि इससे अनावश्यक रूप से प्रक्रिया में देरी हो जाती है। साथ ही किसान खाता खोलने, बंद करवाने में अनावश्यक परेशान होते हैं। उन्होंने सभी क्रय केन्द्रों पर 50 से 100 मॉस्चर (नमी) मीटर रिजर्व के रूप में रखने के निर्देश दिये। कहा कि जब तक क्रय केन्द्रों पर किसानों का धान आ रहा है तब तक उसको खरीदते रहें।
मुख्य सचिव ने विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिये कि विभागीय स्तर पर विभिन्न कार्यों में जो औपचारिकता और कार्य पहले किये जा सकते हैं उनको पहले से ही पूरा कर लें, बिना किसी वाजिब कारण के हर एक कार्य को अन्तिम मूवमेंट के लिए पेंडिंग ना रखें, इसको गंभीरता से लिया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिये कि सारी प्रक्रिया समय से पूरी हो, इसके लिए वार्षिक कैलेण्डर बना लें और उसका अनुपालन करें। उन्होंने भुगतान की पहले की पेंडेंसी को तत्काल निपटाने तथा आगे से भुगतान से संबंधित प्रक्रिया को सरलीकृत करने तथा पोर्टल से सम्बन्धित जो भी तकनीकी समस्या है उसको भी तत्काल ठीक करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने निर्देश दिये कि प्रत्येक क्रय केन्द्रों और मंडी के मुख्य द्वार पर अनिवार्य रूप से विजिबल आकर्षक साइन बोर्ड लगा होना चाहिए जिस पर स्पष्ट शब्दों में लिखा हो कि किसानों को यदि धान क्रय से संबंधी किसी भी तरह की शिकायत हो तो वे इन नंबरों पर शिकायत कर सकते हैं। साथ ही सम्बन्धित जिलाधिकारी ये सुनिश्चित करेंगे कि शिकायत करने वाले नम्बर न केवल सक्रिय हो बल्कि शिकायतकर्ता की समस्या का तत्काल उचित निराकरण भी हो। जिलाधिकारी उस पर खुद कॉल करते रहें। साथ ही यदि कोई किसान जिलाधिकारी अथवा संबंधित उप जिलाधिकारी के पास धान क्रय की उचित निस्तारण के संबंध में कोई शिकायत करता है तो उस पर अनिवार्य रूप से त्वरित व उचित कार्यवाही करनी ही होगी। इसके अतिरिक्त जहां तक संभव हो मण्डी अथवा क्रय केन्द्रों पर सी.सी.टी.वी. कैमरे लगाने तथा उसकी नियमित मॉनिटरिंग करने को भी कहा।
मुख्य सचिव ने जनपद ऊधमसिंहनगर के लिये धान क्रय के संबंध में निर्देश दिये कि ऊधमसिंह नगर में दिनांक 1 अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक केवल उत्तराखण्ड के ही किसानों के धान की खरीद की जाएगी। उसके पश्चात् सम्बन्धित जिलाधिकारी अपने स्तर से इस तिथि को आगे बढ़ा सकते हैं। इसके अतिरिक्त अन्य जनपदों के जिलाधिकारी अपने स्तर से अपने विवेक से ये सुनिश्चित करने को स्वतंत्र होंगे कि केवल उत्तराखण्ड के ही किसानों से कब तक खरीद करनी है तथा किस तिथि के बाद उत्तराखण्ड अथवा अन्य राज्यों के किसानों दोनों से खरीद की जा सकती है। उन्होंने कहा कि ये आवश्यक ध्यान रखा जाए कि उत्तराखण्ड के किसानों को खरीद में वरियता मिले। साथ ही उन्होंने संबंधित जिलाधिकारियों को निर्देश दिये कि वे समय-समय पर विभिन्न क्रय केन्दों का औचक निरीक्षण करके स्वयं व्यवस्थाएं देखें तथा अधीनस्थ अपर जिलाधिकारियों-उपजिलाधिकारियों सभी से एन्फोर्समेंट की कार्यवाही संपादित करवाते हुए सुनिश्चित करेंगे कि किसी भी तरह से किसानों के उपज को मॉस्चर (नमी) अथवा खराब बताकर अथवा घटतौली या बिचौलियों की भूमिका से या अन्य किसी भी तरह से किसानों के साथ धोखाधड़ी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए जिलाधिकारी अपने स्तर पर विक्रय हेतु टोकन अथवा पर्ची सिस्टम जो भी उचित लगता हो प्रकिया अपना सकते हैं।
इस दौरान बैठक में सचिव अरविन्द सिंह ह्यांकी, मीनाक्षी सुन्दरम, एच.एस. बोनाल, अपर सचिव प्रताप शाह, आर.एफ.सी (संभागीय खाद्य नियंत्रक) गढ़वाल बी.एस. राणा, वित्त नियंत्रक डॉ. एम.एस. बिसेन सहित सम्बन्धित विभागीय अधिकारी तथा सम्बन्धित पक्षों के सदस्य उपस्थित थे। साथ ही जनपद ऊधमसिंहनगर तथा हरिद्वार के जिलाधिकारी वीडियो कान्फ्रेसिंग के माध्यम से जुड़े थे।

पाकिस्तानी नागरिक की जमानत याचिका खारिज

भारत की जासूसी करने वाले पाकिस्तानी नागरिक की जमानत याचिका उत्तराखंड हाईकोर्ट ने खारिज कर दी। जासूसी के आरोपी पाकिस्तानी नागरिक आबिद अली उर्फ असद अली उर्फ अजीत सिंह निवासी लाहौर, पाकिस्तान की सजा को कोर्ट ने बरकरार रखा है। कोर्ट ने सरकार को निर्देश दिए हैं कि उसकी जमानत के बांड को निरस्त करे और उसे हिरासत में लें। वर्तमान में वह रुड़की में रह रहा है।
बुधवार को न्यायाधीश न्यायमूर्ति रवींद्र मैठाणी की एकलपीठ के समक्ष मामले की सुनवाई हुई। कोर्ट ने कहा कि उसके खिलाफ जासूसी के आरोप में तमाम सबूत हैं। उसने पासपोर्ट एक्ट का भी दुरुपयोग किया है। मामले में पूर्व में हुई सुनवाई के बाद कोर्ट ने अपना निर्णय सुरक्षित रख लिया

क्या था मामला
दरअसल 25 जनवरी 2010 को महाकुंभ के दौरान हरिद्वार पुलिस ने आबिद अली को ऑफिशियल सीक्रेट एक्ट, विदेशी नागरिक एक्ट और पासपोर्ट एक्ट में रुड़की से गिरफ्तार किया था। उसके पास से मेरठ, देहरादून, रुड़की सहित अनेक स्थानों पर स्थित सैन्य संस्थानों के नक्शे, अनेक संदिग्ध और गोपनीय दस्तावेज, पेन ड्राइव आदि सामग्री बरामद हुई थी। रुड़की में उसके निवास स्थान पर पुलिस के छापे में बिजली की फिटिंग के बोर्ड और पंखे में छिपाकर रखे गए एक दर्जन सिमकार्ड भी मिले थे।इस मामले में एफआईआर दर्ज होने और मुकदमे के बाद दिसंबर 2012 में निचली अदालत ने उसे दोषी मानते हुए सात साल की सजा सुनाई थी। सजा के विरुद्ध अभियुक्त की ओर से अपील दायर की गई थी जिस पर सुनवाई के बाद जुलाई 2013 में अपर जिला जज (द्वितीय) हरिद्वार ने उसे बरी करने के आदेश पारित किए। इस पर जेल अधीक्षक ने कोर्ट तथा एसएसपी को सूचित किया कि अभियुक्त के विदेशी नागरिक होने के चलते उसकी रिहाई से पूर्व उसका व्यक्तिगत जमानत बांड व अन्य औपचारिकताएं पूरी करनी आवश्यक हैं।

राज्य को आध्यात्मिक राजधानी बनाने में जुटे कर्नल

आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता कर्नल अजय कोठियाल ने कहा कि भारत के कई संतों ने समाज में भाईचारा बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया है। ऐसे महान संत के जीवन से शिक्षा लेकर युवा वर्ग को समाज में फैली कुरीतियों को दूर कर समाज हित के लिए कार्य करना चाहिए। उक्त विचार हरिपुर कलां स्तिथ भारत माता जनहित ट्रस्ट पहुंचे आप पार्टी के मुख्यमंत्री उम्मीदवार कर्नल कोठियाल ने जूनापीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद से महाराज से आश्रीवाद के उपरांत व्यक्त किए। सबसे पहले उन्होंने शंकराचार्य रहे भारतमाता मंदिर के संस्थापक स्वामी सत्यमित्रानंद गिरी जी महाराज की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया।
कोठियाल ने कहा कि संत ही समाज के सच्चे पथ प्रदर्शक हैं। संतों के आशीर्वचन से ही संस्कृति की जीवंतता बनी रहने के साथ सुसंस्कृत समाज की स्थापना हो सकती है। इस दौरान कर्नल कोठियाल ने महामण्डलेश्वर अवधेशानंद महाराज से उत्तराखंड को अध्यात्म की राजधानी बनाए जाने को लेकर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने ज्ञान की अविरल धारा बहाकर करोड़े लोगों को आध्यात्मिक रूख की तरफ मोड़ने में संत समाज की तरफ से दिए गए योगदान की जमकर सराहना की। करीब आधे घंटे तक दोनों के बीच हुई मुलाकात के दौरान देश की ज्वलंत समस्याओं के साथ ही संस्कृति उत्थान की दिशा में किए जा रहे कार्यों पर विस्तृत रूप से चर्चा हुई। इस मौके पर पंचायती निरंजन अखाड़ा के महामंडलेश्वर स्वामी ललितानंद गिरी महाराज, आप पार्टी बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ राजे सिंह नेगी, आईडी शास्त्री, विनायक गिरी, रंजीत नेगी, विक्रांत भारद्वाज, जयवीर रावत, विक्रम रावत आदि उपस्थित थे।

मिश्रा के नेतृत्व में राज्यपाल से मिला प्रतिनिधिमंडल

नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमण्डल के अध्यक्ष ललित मोहन मिश्र के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमण्डल ने राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर्ड) सरदार गुरमीत सिंह से देहरादून स्थित राजभवन में मुलाकात की और उन्हें तीर्थ नगरी ऋषिकेश आने का निमंत्रण भी दिया।
इस दौरान ललित मोहन मिश्रा ने बताया कि सरल स्वभाव के धनी राज्यपाल से उत्तराखण्ड में व्यापार को बढ़ाने को लेकर चर्चा हुई तथा व्यापार मण्डल द्वारा कोविड काल में किए गए कार्याे से भी गवर्नर को अवगत कराया।
ललित मोहन मिश्र ने बताया कि गवर्नर की उत्तराखण्ड के विकास व व्यापार को आगे लें जाने की विकासपरक सोच व दूरदर्शिता उत्तराखण्ड के लिए मील का पत्थर साबित होगी।
इस अवसर पर अभिषेक शर्मा, लायंस क्लब ऋषिकेश डिवाइन के अध्यक्ष ला. जगमीत सिंह, सुयोग्य मिश्र आदि उपस्थित रहे।

बेरोजगारों को पीएम स्ट्रीट वेंडर्स और दीनदयाल अन्त्योदय योजना की जानकारी दी

पीएम स्ट्रीट वेंडर्स और दीनदयाल अन्त्योदय योजना के अंतर्गत नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला सभागार में बैंक कर्मियों व स्थानीय लोगों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। इसमें अधिशासी अधिकारी बीपी भट्ट ने क्षेत्र के बेराजगारों से इस योजना का लाभ उठाने की अपील की है।
सिटी मिशन मैनेजर टिहरी अरविन्द जोशी ने बैठक में बताया कि दीनदयाल अन्त्योदय योजना के अंतर्गत दुकानदारों या बड़े व्यापारियों को दो लाख रूपए का व्यक्तिगत ऋण उपलब्ध करवाए जाने का प्रावधान है। इसके अलावा स्वयं सहायता समूहों के लिए 10 लाख रूपए तक का ऋण प्रदान किया जा रहा है। बताया कि पीएम स्ट्रीट वेंडिंग योजना के अंतर्गत छोटे व्यापारियों जैसे रेहड़ी, फड़ और ठेली विक्रेताओं आदि को रोजगार करने हेतु ऋण उपलब्ध करवाने की सुविधा उपलब्ध है। इसमें रोजगार शुरू करने के लिए बैंक के माध्यम से 10 हजार रूपए का ऋण दिया जा रहा है। बताया कि इन ऋणों पर ब्याज में सात प्रतिशत की सब्सिडी भी प्रदान की जाती है।
बैठक में कर निरीक्षक अनुराधा गोयल, पीएनबी से प्रशांत सेमवाल, मनोज राणा, एसबीआई से रचित रस्तोगी, यूबीआई मुनिकीरेती से महेश पंत, आईओबी मुनिकीरेती से अजिताभ, डीसीबी तपोवन से विनोद सिंह, आरपी मैठाणी, बीओआई से अमित ध्यानी, सभासद सुभाष चौहान, अजय रमोला, स्वास्थ्य लिपिक दीपक कुमार आदि उपस्थित थे।

विस अध्यक्ष ने 5 लाख रुपये के आर्थिक सहायता के चेक बांटे

आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को समाज की मुख्यधारा में लाने के लिए सभी वर्गाे के लोगों को प्रयास करने चाहिए उक्त बात ऋषिकेश स्थित केम्प कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने 64 निर्धन, असहाय एवं दिव्यांगजनों को अध्यक्ष विवेकाधीन कोष से 5 लाख रुपये के आर्थिक सहायता के चेक वितरित करते हुए कही।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष विवेकाधीन कोष से केवल असहाय, आर्थिक संसाधन विहीन व्यक्ति को ही आर्थिक सहायता दी जा रही है। उन्होने कहा कि वे स्वयं गरीबों की समस्याओं को समझते है तथा उन्हें हर संभव सहायता प्रदान करने का प्रयास कर रहे है
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि अध्यक्ष विवेकाधीन कोष से आर्थिक सहायता विधायकों के माध्यम से उत्तराखंड के प्रत्येक क्षेत्र में गरीबों असहाय लोगों को पहुंच रही है।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आर्थिक सहायता राशि जीवन यापन के लिए पर्याप्त नहीं होती है। इसलिए लोगों को आर्थिक दिक्कतों से निपटने के लिए स्वरोजगार को अपनाने का प्रयास करना चाहिए। अग्रवाल ने कहा कि ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र में सभी जगहों पर विकास कार्य हो रहे हैं एवं जनता की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। अग्रवाल ने कहा कि वे जनता की जो भी मांगे होंगी उन्हें पूरा करने का हर संभव प्रयास करेंगे।
इस अवसर पर लायंस क्लब देवभूमि ऋषिकेश के अध्यक्ष विशाल, लायंस क्लब डिवाइन के अध्यक्ष जगमीत सिंह, व्यापार सभा के अध्यक्ष मनोज कालरा, कविता शाह, राजनी बिष्ट, सुंदरी कंडवाल, गौतम राणा, भूपेन्द्र राणा सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

यूथ कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष बनें जितेंद्र पाठी

यूथ कांग्रेस उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष सुमित्तर सिंह भुल्लर ने तीर्थनगरी के कर्मठ व युवा जितेंद्र पाल पाठी को ऋषिकेश महानगर का अध्यक्ष नियुक्त किया है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जितेंद्र पाठी ने सदैव संगठन को आगे बढ़ाने की दिशा में कार्य किया है। उनके संगठन के प्रति ईमानदारी को देखते हुए उन्हें यह दायित्व दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जितेंद्र संगठन को मजबूती प्रदान करेंगे। वहीं, जितेंद्र पाल पाठी ने कहा कि संगठन ने जो भरोसा मुझ पर जताया है, उस पर वह खरा उतरेंगे।

खरोला का आरोप, सरकार बेरोजगारी और महंगाई के आंकड़े छुपा रही

कांग्रेस नेता राजपाल खरोला ने आरोप लगाया कि उत्तराखंड सरकार अपनी वाहवाही सुनने के लिए प्रचार पर सरकारी खजाने से करोड़ो रूपये खर्च कर रही है। वहीं एनएसओ सर्वे की रिपोर्ट 22 राज्यों के अनुसार, उत्तराखंड सरकार अब कटघरे में खड़ी है।
खरोला ने बताया कि एनएसओ सर्वे रिपोर्ट के अनुसार, उत्तराखंड राज्य बेरोजगारी में 9वें और महंगाई में 10वें स्थान पर है। यह आंकड़े उत्तराखंड राज्य के लोगो के लिए लिए चौकाने वाले है परन्तु सरकार आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में व्यस्त है। जबकि प्रदेश का युवा आज रोजगार के लिए सड़कों पर आंदोलन करने को मजबूर है।
खरोला ने कहा कि उत्तराखंड सरकार रोजगार देना तो दूर स्वरोजगार कैंप तक नहीं लगा सकी। सरकार 22 हजार सरकारी नौकरी का एलान कर रही है जबकि विधानसभा सत्र द्वारा विपक्ष द्वारा पूछने पर सरकार कहती है कि 15 हजार रिक्त पद है। इससे साफ़ होता है कि सरकार किस हद तक राज्य की जनता से झूठ बोलकर अपनी वाहवाही सुनने के लिए अलग अलग हथकंडे अपना रही है।
खरोला ने कहा कि अगर युवा बेरोजगार है तो यह सरकार की हार है और अगर बेरोजगारी मिटानी है तो यह सरकार को हटाना होगा। राज्य का युवा इस बात को समझ चूका है कि 3 मुख्यमंत्री बदलने के बाद भी सरकार के पास युवाओं को देने के लिए कुछ नहीं है तो यह सरकार की नाकामी है। उन्होंने कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव मे राज्य के युवा भाजपा को उत्तराखंड से जड़ से खत्म करने का काम करेंगे ।

39वां अंतरराष्ट्रीय गायन प्रतियोगिता सुर तरंग का आयोजन

संगम कला ग्रुप के तत्वावधान में एलआईसी के सहयोग से 39वां अंतरराष्ट्रीय गायन प्रतियोगिता सुर तरंग का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में बॉलीवुड के प्रसिद्ध संगीतकार हंसराज हंस, विशिष्ट अतिथि मेट्रो टायर्स के एमडी रम्मी छाबरा तथा सेलिब्रिटी अतिथि के रूप में लोकप्रिय गायक सोनू निगम व पंकज उधास ने शिरकत की।
इस अवसर पर ग्रुप के ग्लोबल अध्यक्ष बीएसके सूद बताया कि संगम कला ग्रुप प्रतिवर्ष सिंगिंग टैलेंट हंट प्रतियोगिता का आयोजन करता है। इस वर्ष भी देश विदेश से सैकड़ों प्रतिभागियों ने कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। किन्तु कोरोना के चलते संपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन फेसबुक पर ऑनलाइन किया गया, जिसमें 17 सितंबर को ऑनलाइन ऑडिशन प्रक्रिया प्रारंभ हुई तथा तीन श्रेणियों जूनियर, सब जूनियर व सीनियर वर्ग में प्रतिभाग कर प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
ग्रैंड फिनाले के विजेता श्रेया आर, शिवांग, मोक्ष गुलाटी, समृद्धि तिवारी, अथिरा गोपाकुमार तथा गायत्री राजीव को आमंत्रित अतिथियों व संगम कला ग्रुप यूनिट में बधाई दी।
इस अवसर पर पंकज उधास ने कहा कि आज मैं कहना चाहूंगा कि आज मैं इस संगठन की वजह से आपके सामने हूं। सोनू निगम ने कहा जो कोई भी संगीत का पालन करता है उसे हम एक परिवार के रूप में मानते हैं चाहे वह छोटा हो बड़ा हो बहुत प्रसिद्ध हो या कम हम सब एक ही परिवार के हैं।
सेलिब्रिटी अतिथि सोनू निगम, पंकज उधास, पीनाज़ मसानी, यूवी सिंह, पामेला जैन, रुपाली जग्गा, पं. रविंद्र मिश्रा को संगम ग्लोबल नेशनल अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में नंदा मेनन, डॉ. धीरेंद्र रांगड़, रुद्राक्ष कुलश्रेष्ठ, सुनील राजोरिया, निखिल कपूर आदि उपस्थित थे। संगम कला ग्रुप के जाने-माने एंकर प्रियंका अरोड़ा और रिचा भाटिया ने अपने कुशल संचालन से कार्यक्रम में चार चांद लगाये।