एम्स ऋषिकेशः नर्सिंग क्षेत्र के लिए प्रशिक्षण कार्यशाला का हुआ शुभारंभ


अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान ऋषिकेश में तीन दिवसीय रिसर्च मैथेडोलॉजी बायो स्टेटिसटिक्स और एविडेंस बेस्ड मेडिसिन विषय पर प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन हुआ। जिसमें संस्थान के नर्सिंग ऑफिसरों, असिस्टेंड नर्सिंग सुपरिटेंडेंट व विभाग से जुड़े अन्य लोगों ने प्रतिभाग किया।

एडवासं सेंटर ऑफ कंटिन्यूअस प्रोफेशनल डेवलपमेंट सीपीडी विभाग व कॉलेज ऑफ नर्सिंग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यशाला में एम्स निदेशक प्रो. रविकांत ने कहा कि यह प्रशिक्षण नर्सिंग के क्षेत्र में अनुसंधान को बढ़ावा देने के लिए बेहद जरुरी है। जिसका उद्देश्य नर्सेस को अधिक से अधिक रिसर्च के लिए प्रेरित करना है। बताया कि एम्स संस्थान द्वारा शुरू किया गया यह ट्रेनिंग प्रोग्राम नर्सिंग प्रैक्टिस, नर्सिंग एजुकेशन और नर्सिंग एडमिनिस्ट्रेशन में बहुत लाभकारी साबित होगा।

डीन एकेडमिक प्रो. मनोज गुप्ता ने कहा कि रिसर्च केवल चिकित्सकों के लिए ही नहीं बल्कि नर्सिंग ऑफिसरों के लिए भी जरुरी है। उन्होंने कहा कि नर्सेस मरीजों को अधिक समय देते हैं, ऐसे में वह ​अधिक समय तक उनके बीच काम करके पेशेंट को और बेहतर सेवाएं दे सकते हैं।
डीन रिसर्च प्रो. वर्तिका सक्सेना ने नर्सिंग ऑफिसर्स के लिए शुरू किए गए इस कोर्स को महत्वपूर्ण बताया और इस पहल के लिए आयोजकर्ता विभागों को बधाई भी दी। प्राचार्य कॉलेज ऑफ नर्सिंग डा. वसंथा कल्याणी ने कहा कि संस्थान नर्सिंग के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने में जुटा हुआ है, जिससे मरीजों को और अच्छी नर्सिंग केयर मिल सके।

प्रशिक्षण कार्यशाला की समन्वयक रूपेंद्र देयोल ने उम्मीद जताई कि इस प्रशिक्षण कार्यशाला में शामिल होने वाले नर्सिंग ऑफसर्स जल्द ही अपना रिसर्च प्रोजेक्ट संस्थान के रिसर्च सेल में पंजीकृत कराएंगे। उन्होंने कहा कि यह अनुसंधान अनुभव तक ही सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसका उपयोग मरीजों की बेहतर सेवा के लिए भी किया जाना चाहिए।
उन्होंने बताया कि अनुसंधान को बढ़ावा देने वाले इस ट्रेनिंग प्रोग्राम के लिए अब तक एम्स संस्थान के 1000 नर्सिंग ऑफिसरों ने अपना पंजीकरण कराया है। जिन्हें प्रतिमाह 40-40 नर्सिंग ऑफिसर्स के बैच में रिसर्च ट्रेनिंग दी जाएगी। जो कि आने वाले समय में नियमिततौर पर जारी रहेगी।
कार्यशाला में प्रशिक्षक जेवियर बैल्सिआल, प्रसूना जैली, डा. राजेश कुमार, मलार कोडी, रूचिका रानी, राखी मिश्रा डा. राकेश शर्मा, कल्पना ठाकुर, नीतू कटारिया आदि ने प्रतिभागियों को प्रशिक्षण दिया। इस अवसर पर मेडिकल सुपरिटेंडेंट प्रो. बीके बस्तिया, नर्सिंग प्रभारी डा. प्रदीप अग्रवाल, नर्सिंग सुपरिटेंडेंट मनीष शर्मा समेत सभी नर्सिग फैकल्टी मौजूद थे।

श्रृंगेरी मठ के पीठाधीश्वर ने जाना श्री भरत मंदिर का प्राचीन इतिहास

श्रृंगेरी मठ के पीठाधीश्वर का श्री भरत मंदिर आगमन पर भरत मंदिर परिवार एवं ऋषि कुमारों ने वेद मंत्रों द्वारा भव्य स्वागत हुआ। अनंत विभूषित शंकराचार्य योगानंन्दइसबना महाराज द्वारा ऋषिकेश नारायण श्री भरत महाराज के दर्शन किए गए। साथ ही सनातन धर्म की रक्षा के लिए नवी शताब्दी में उत्तर भारत प्रवास की यादें ताजा की गईं।

प्रातः स्मरणीय स्वामी की ओर से मुख्य मंदिर में स्थित विभिन्न देवी-देवताओं की मूर्तियों के बारे में अपने शिष्यों को विस्तार से बताया। श्री भरत मंदिर के महंत वत्सल प्रपन्नाचार्य महाराज द्वारा शंकराचार्य को मंदिर परिवार का भ्रमण कराते हुए श्री भरत मंदिर के प्राचीन इतिहास के बारे में बताया। आदि गुरु शंकराचार्य द्वारा स्थापित ऋषिकेश नारायण श्री भक्त भगवान की मूर्ति को देखकर स्वामी जी भाव विह्वल हुए एवं समस्त भरत मंदिर परिसर की अच्छी देखभाल करने के लिए साधुवाद दिया। तत्पश्चात शंकराचार्य का काफिला हरिद्वार के लिए रवाना हो गया।

इस अवसर पर हर्षवर्धन शर्मा, वरुण शर्मा, हरि नारायणाचार्य, बंशीधर पोखरियाल, आईडी जोशी, पंडित रवि शास्त्री, धीरेंद्र जोशी आदि उपस्थित रहे।

कलश यात्रा लेकर गंगा तट पर पहुंची मेयर ने परखी शाही स्नान की तमाम व्यवस्थाएं

आस्था के महाकुंभ सोमवती अमावस्या के दूसरे शाही स्नान पर मेयर अनिता ममगाई ने देश और दुनिया भर के लोगों को महापर्व की बधाई दी। कृष्ण कुंज आश्रम से शहर के संतों, महंतो और महामंडलेश्वर के साथ कलश यात्रा लेकर त्रिवेणी घाट पहुंची।

मेयर अनिता ममगाईं ने इस मौके पर कहा कि गौ, गंगा और गायत्री की पावन भूमि में इन दिनों कुंभ क्षेत्र होने की वजह से इसकी आभा में चार चांद लगे हुए हैं। उन्होंने स्नानार्थियों को सोमवती अमावस्या पर्व की शुभकामनाएं दीं। वहीं, मेयर ने कुंभ पर आने वाले सभी श्रद्धालुओं से केंद्र सरकार द्वारा जारी कोरोना की गाइडलाइन का पालन करने की अपील भी की।

कहा कि भगवान शिव की आराधना की प्रतीक पुण्यदायी मौनी और सोमवती अमावस्या का बड़ा महात्म्य है। इससे पूर्व संत समाज द्वारा निकाली गई धार्मिक यात्रा में शिरकत करते हुए नगर की हृदय स्थली त्रिवेणी घाट पहुंची मेयर ने तमाम व्यवस्थाओं का बारीकी के साथ जायजा लिया। गंगा स्नान के दौरान किसी भी तरह की कोई चूक ना हो जाए इसको लेकर मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों को उन्होंने आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए।

हरिद्वारः नेपाल के राजा ने की हरिद्वार महाकुंभ में शिरकत

हरिद्वार महाकुंभ में नेपाल के राजा ज्ञानेन्द्र बीर बिक्रम शाह के आगमन पर मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने स्वागत किया है। मुख्यमंत्री ने राजा साहब को संदेश में कहा कि “देवभूमि उत्तराखंड और हरिद्वार कुंभ में आपका स्वागत है। आप साधु-संतों के सान्निध्य में गंगा स्नान कर कुंभ का पुण्य लाभ अर्जित करें।“

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के प्रतिनिधि के रूप में सूचना एवं लोक संपर्क विभाग के महानिदेशक रणवीर सिंह चैहान ने हरिद्वार जाकर राजा ज्ञानेन्द्र बीर बिक्रम शाह को मुख्यमंत्री की ओर से पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया। राजा साहब ने इसके लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया और उत्तराखंड में निवास कर रहे नेपाली समुदाय के लोगों को संदेश भी दिया।

निर्धारित समयावधि में गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं कामः सीएम

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने पलटन बाजार एवं परेड ग्राउण्ड में स्मार्ट सिटी के कार्यों का औचक स्थलीय निरीक्षण किया। पलटन मार्केट के निरीक्षण के दौरान उन्होंने सीईओ स्मार्ट सिटी-जिलाधिकारी देहरादून को निर्देश दिये कि निर्माण कार्यों में लगी सभी एजेंसियों के माध्यम से कार्य में और तेजी लाई जाय। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाय कि निर्माण कार्यों से व्यापारियों और जनता को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो। निर्माण से संबधित सभी कार्य रात्रि में किये जाय। धूल की समस्या के समाधान के लिए कार्य स्थल पर पानी का छिङकाव किया जाय।

मुख्यमंत्री तीरथ ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि पल्टन मार्केट में सड़क निर्माण के साथ ही सीवरेज और तारों के अन्डरग्राउंड से संबधित जो भी कार्य हैं, उन्हें साथ-साथ पूर्ण किया जाय। कार्यों को एक छोर से पूर्ण किया जाय, ताकि लोगों को अधिक व्यवधान न हो। पल्टन मार्केट के कार्यों को 30 अप्रैल तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्य कि गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा। विद्युत, सीवरेज, सड़क निर्माण और अन्य सभी कार्य एक साथ किये जायेंगे।

मुख्यमंत्री ने इससे पूर्व परेड ग्राउण्ड में चल रहे स्मार्ट सिटी के कार्यों का निरीक्षण भी किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये परेड ग्राउण्ड में स्मार्ट सिटी के तहत जो भी कार्य होने हैं, वे निर्धारित अवधि में पूरे किये जाय। निर्माण एवं ब्यूटिफिकेशन से सबंधित कार्यों में तेजी के साथ गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाय। चरणबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण किये जाय।
इस अवसर विधायक खजान दास, सीईओ स्मार्ट सिटी-जिलाधिकारी देहरादून डॉ. आशीष कुमार श्रीवास्तव आदि उपस्थित थे।

सेवा, समर्पण और त्याग का भाव जगाता है आरएसएसः मेयर

आस्था के महाकुम्भ में सजग प्रसरी बनकर पुलिस प्रशासन को व्यवस्थाएं बनाने में राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ के कार्यकर्ता कंधे से कंधा मिलाकर जुटे हैं। उनकी सेवा और समर्पण को नमन करते हुए मेयर अनिता ममगाई ने नेपाली फार्म मेंउन्हें फल वितरित किए। इस दौरान उन्होंने डयूटी में जुटे पुलिसकर्मियों को फल खिलाकर उनकी भी हौसलाअफजाई की।

महाकुंभ को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए प्रदेश सरकार जहां हर आवश्यक कदम उठा रही है वहीं पुलिस प्रशासन को राष्ट्रीय सेवक संघ के कार्यकर्ता भी अपना हर संभव योगदान दे रहे हैं। सैकड़ों आरएसएस कार्यकर्ता तपती धूप में लगातार ट्रेफिक सहित अन्य व्यवस्थाओं को बनाने में जुटे हुए हैं। उनके सेवा भाव समर्पण को देखते हुए मेयर अनिता ममगाई द्वारा रविवार की दोपहर उन्हें फल वितरित किए गए। अनिता ममगाई ने बताया कि राष्ट्र पर आपदा हो या कोई महा उत्सव आरएसएस के कार्यकर्ता सदैव आगे बढ़ चढ़कर अपना महत्वपूर्ण योगदान देते रहे हैं।
इस दौरान प्रदीप धस्माना, रामरतन रतूड़ी, विजयपाल जेठूडी, मंजू बलोदी, लक्ष्मी गुरुंग, सुनीता बिष्ट, जसविंदर सिंह, मनजीत राठौर, शीलू पंत, अंकित, अंजलि रावत नैथानी, आशीष रणकोटी, विपिन कुकरेती, गौरव कैंथोला आदि मोजूद रहे।

महंत रामकृपालु को श्रद्धांजलि देकर नए महंत बने श्याम चरण महाराज

श्री भरत मिलाप आश्रम में आज ब्रह्मलीन महंत रामकृपालु महाराज को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। वहीं, श्याम चरण दास महाराज नए महंत बनाए गए।

मायाकुंड में श्री भरत मिलाप आश्रम में आयोजित पट्टाभिषेक कार्यक्रम के शुभारंभ में सभी आगन्तुकों ने ब्रह्मलीन महंत रामकृपालु महाराज को श्रद्धांजलि अर्पित की। श्री विरक्त वैष्णव षड्दर्शन संप्रदाय के महामंडलेश्वर रामानंद आश्रम के महंत स्वामी अभिराम दास महाराज की अध्यक्षता एवं महामंडलेश्वर ईश्वर दास महाराज के संचालन में श्याम चरण दास महाराज का पट्टाभिषेक किया गया। उन्हें महंताई की चादर ओढ़ाकर श्री भरत मिलाप आश्रम के महंत की जिम्मेदारी सौंपी गई। ब्रह्मलीन राम कृपालु दास महाराज के शिष्य गोपाल बाबा ने बताया कि श्याम चरण दास महाराज उनके गुरु भाई हैं और उन्हें आश्रम की जिम्मेदारी मिली है।

मौके पर महामंडलेश्वर अभिराम दास महाराज, रामेश्वर दास महाराज, महामंडलेश्वर दयाराम दास महाराज, महामंडलेश्वर ईश्वर दास महाराज, रामानुजाचार्य गोपाल आचार्य महाराज, डॉ. नारायण दास महाराज, महंत दुर्गादास, महंत विष्णु दास, महामंडलेश्वर राम नरेश आचार्य, लोकेश दास महाराज, पुजारी वृंदावन दास महाराज, सुरेश दास महाराज, केदारनाथ श्रीनिवास, विजयानंद महाराज, मां साध्वी वंदना मिश्रा, मेयर अनीता मंमगाईं, अरविंद पांडे, परमानंद दास महाराज, पंडित रवि शास्त्री, राम चैबे, अभिषेक शर्मा, गुरविंदर सलूजा, आईडी जोशी, रमाकांत भारद्वाज, धीरेंद्र जोशी, अमित गांधी, मनोज तिवारी आदि उपस्थित रहे।

हरिद्वार की तरह भव्य होगा ऋषिकेश का देवय स्नान व शोभायात्रा

ऋषिकेश। में 24 अप्रैल 2021 को त्रिवेणी घाट ऋषिकेश व 25 अप्रैल को कुंभमेला सभा मंडप पंतदीप हरिद्वार में समिति द्वारा आयोजित होने वाले देवस्नान एवं शोभायात्रा कार्यक्रम हेतु यथासंभव सहयोग की अपेक्षा करते हुए उन्हें सपत्नी कार्यक्रम में निमंत्रित किया।

कृषि मंत्री ने कहा कि हम ऋषिकेश के देवय स्नान व शोभायात्रा के कार्यक्रम को हरिद्वार कार्यक्रम से भी अधिक भव्य बनायेगे उन्होंने कहा कि यहां पर्व भारत की देव संस्कृति व लोक संस्कृति के संरक्षण संवर्द्धन के साथ ही ‘सर्वे भवंतु सुखिनः सर्वे संतु निरामयाः’ की भावना को पुष्ट करता है।

केंद्रीय प्रवक्ता डॉ धीरेंद्र रांगड़ ने कृषि मंत्री को देवडोलियों के रूट की जानकारी देते हुए बताया कि देहरादून परिक्षेत्र की समस्त देवडोलियां वाया नटराज चैक तथा रुद्रप्रयाग,पौड़ी, चमोली, श्रीनगर आदि क्षेत्रों की डोलियां वाया तपोवन तथा टिहरी उत्तरकाशी की देवडोलियां वाया नरेंद्रनगर भद्रकाली मंदिर ढालवाला में एकत्र होंगी। जहां भोजन-प्रसाधन के पश्चात दो बजे सभी देवडोलियां एक साथ अपने वाहनो के द्वारा इन्द्रमणि बडोनी चैक, देहरादून रोड, आई.एस.बी.टी.से होते हुए केवलानंदआश्रम चैक, मायाकुंड से होकर त्रिवेणी घाट पहुंचेंगी। सभी वाहन श्रद्धालुओं को वहीं छोड़कर भरत बिहार (डिग्री कॉलेज के सामने)बनी पार्किंग में अपने वाहनों को खड़ा करेंगे। त्रिवेणी घाट ऋषिकेश में देवडोलियों, नेजा निशान, व छतोलियों का भव्य स्वागत-सम्मान, पूजन व सामुहिक दिव्य स्नान का कार्यक्रम होगा।

3 बजकर 30 बजे पारम्परिक वाद्ययंत्रों के साथ सभी देव डोलियां व श्रद्धालुगण नगर शोभायात्रा के लिये प्रस्थान करेगे। घाट रोड, भरत मंदिर झंडा चैक, देहरादून रोड, रेलवे रोड, तिलक रोड, हरिद्वार रोड से होते हुए शोभायात्रा भरत विहार में पहुंचेगी, जहां से सूक्ष्म जलपान के पश्चात 6 बजे सभी देवडोलिया हरिद्वार के लिए प्रस्थान करेगी। यात्रा मार्ग में अमित ग्राम, गुमानीवाला, श्यामपुर, नेपाली क्षेत्र, सत्यनारायण, रायवाला, हरिपुर कलां व शांतिकुंज में देवडोलियों पर पुष्प वर्षा के साथ श्रद्धालुजनों द्वारा भव्य स्वागत किया जाएगा।
इस अवसर पर आशाराम व्यास, विशालमणि पैन्यूली, घनश्याम नौटियाल आदि उपस्थित थे।

स्नान के दौैरान गंगा में फिसले दो युवक, बामुश्किल जल पुलिस ने निकाला

वाकई यदि गंगा तट पर जल पुलिस की तैनाती न हो तो गंगा में बह जाने वालों की संख्या को गिना भी न जा सके। आज दो युवक जो दिल्ली से ऋषिकेश पहुंचे थे। गंगा घाट पर स्नान के दौरान तेज धारा की चपेट में आकर फिसल गए। यह देख मौके पर चीख पुकार मच गई। लोगों की सेवा में तत्पर जल पुलिस के जवानों ने बिना कुछ सोचे गंगा नदी में छलांग लगा दी और दोनों की युवकों को समय रहते गंगा से बाहर निकाला। यह दोनों घटना अलग-अलग समय घटित हुई।

पहली घटना आज दोपहर 12ः35 मिनट की है, जब नाव घाट के समीप 18 वर्षीय दिल्ली नजफगढ़ निवासी गौरव पुत्र पवन कुमार गंगा नदी में नहा रहा था। वहीं, दूसरी घटना शाम 04ः40 मिनट की है, जब 30 वर्षीय मंगोलपुरी दिल्ली निवासी रतन चैहान पुत्र रतीश चैहान नावघाट पर गंगा में नहाते दौरान डूब गया। दोनों की युवकों को समय रहते जल पुलिस के जवानों ने बचा लिया। मौके पर लोगों ने जल पुलिस को देवदूत बताया। जल पुलिस के जवानों में कांस्टेबल हरीश गुंसाई, कांस्टेबल मुकेश नेगी, कांस्टेबल सत्यपाल और गोताखोर सुनील कुमार शामिल रहे।

आम जनमानस तक आजादी के अमृत महोत्सव का संदेश जाएः तीरथ सिंह रावत

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने कहा कि आजादी का अमृत महोत्सव का संदेश आम जन तक जाए। इसके लिए ग्राम स्तर तक भी कार्यक्रमों का आयोजन किया जाए। स्वतंत्रता सेनानियों की स्मृति को चिर स्थायी बनाने के लिए उनके योगदान के विवरण सहित चित्र उनके पैतृक गांवों के पंचायत भवनों में लगाए जाएं। प्रदेश में जहां भी महान विभूतियों की मूर्तियां लगी हैं, उनका उचित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए। मुख्यमंत्री सचिवालय में आजादी का अमृत महोत्सव के आयोजन के लिए गठित उच्च स्तरीय समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों का सम्मान हमारे लिए सबसे बढ़कर है। इसीलिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के निर्देशों पर 15 अगस्त 2022 को भारत की स्वतंत्रता की 75 वीं वर्षगांठ से 75 सप्ताह पूर्व से आजादी का अमृत महोत्सव आयोजित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे पूर्वजों ने आजादी के लिए जो बलिदान किए उससे युवा पीढी को अवगत कराया जाना चाहिए। महोत्सव में ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन हो जिनसे देशभक्ति की भावना का संचार हो। कार्यक्रमों के आयोजन में कोविड के नियमों का अनुपालन भी सुनिश्चित कर लिया जाए। अमृत महोत्सव कार्यक्रम से स्वयं सहायता समूहों को जोड़ते हुए वोकल फॉर लोकल व आत्मनिर्भर भारत की थीम पर आधारित कार्यक्रम भी शामिल किए जा सकते हैं।

संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि प्रदेश के स्वतंत्रता सेनानियों का विवरण संकलित कर उनका विभिन्न माध्यमों से जनता के बीच प्रचारित किया जाए। उनके चित्र भी प्रकाशित कराए जाएं ताकि युवा इन महान विभूतियों के बारे में जान सके।

सचिव संस्कृति दिलीप जावलकर ने बताया कि आजादी के अमृत महोत्सव कार्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े महान विभूतियों के जीवन वृत्त पर प्रदर्शनियों का आयोजन किया जा रहा है। नशा मुक्ति कार्यक्रम, साईकिल रैली और मैराथन दौड़ का भी आयोजन किया जा रहा है। हर घर झंडा कार्यक्रम के अंतर्गत खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के माध्यम से महिला स्वयं सहायता समूहों से प्लास्टिक रहित तिरंगा झण्डा तैयार कराया जा रहा है।