युवती ने युवक पर लगाया शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप, पुलिस ने किया गिरफ्तार


कोतवाली ऋषिकेश क्षेत्र में एक युवती ने युवक पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है, जिस पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है।

दरअसल, 19 वर्षीय एक युवती ने कोतवाली में तहरीर दी। बताया कि उसकी पहचान राहुल रावत निवासी अमित ग्राम गुमानीवाला श्यामपुर से हुई थी। आरोप लगाते हुए कहा कि राहुल ने उसे शादी करने का झांसा दिया और शारीरिक संबंध बनाए। मगर, अब शादी करने से इंकार कर रहा है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी पर मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

‘ग्राम्य श्री’ विक्रय केंद्र का मुख्यमंत्री धामी ने किया लोकार्पण

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राजपुर रोड देहरादून पर निर्मित ’ग्राम्य श्री’ विक्रय केंद्र का लोकार्पण किया। इस विक्रय केन्द्र में जलागम विभाग उत्तराखण्ड के अंतर्गत गठित कृषक संघों के उत्पाद उपलब्ध रहेंगे। मुख्यमंत्री ने यहां रखे उत्पादों का अवलोकन भी किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह के विक्रय केन्द्र से जहां उपभोक्ताओं को गुणवत्तापरक उत्पाद मिलेंगे, वहीं किसानों, ग्रामीणों को भी उनके उत्पादों के लिये बाजार मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में किसानों के हित में अनेक योजनाएं शुरू की गई हैं। किसानों की आय को दोगुना करने के लिए बहुत सी महत्वपूर्ण पहलें की गई हैं। किसान सम्मान निधि से प्रदेश के 9 लाख से अधिक किसान लाभान्वित हो चुके हैं। इसके लिये मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का धन्यवाद किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें खेती में नये तरीकों को अपनाना होगा। जहां खेत छोटे-छोटे हैं वहां मिलकर कृषि की जा सकती है। बाजार की मांग के अनुरूप उत्पादन करना होगा। साथ ही ग्राम्या श्री जैसे विक्रय केन्द्र जगह जगह स्थापित करने होंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का उत्तराखण्ड के प्रति विशेष लगाव है। उनके मार्गदर्शन में उत्तराखण्ड को आदर्श राज्य बनाएंगे। ग्राम्या फेज 3 के लिए केंद्र सरकार से अनुरोध किया जाएगा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मां सुरकण्डा समूह धारकोट को डीप फ्रीजर, ग्राइन्डर, माइक्रोवेव ओवन प्रदान किये। मुख्यमंत्री ने ग्राम्य श्री रेडियो जिंगल और कैटेलॉग का भी लोकार्पण किया।

इस अवसर पर विधायक खजान दास, मेयर सुनील उनियाल गामा, अपर मुख्य सचिव आनंदबर्द्धन सहित जलागम विभाग द्वारा गठित कृषक संघों से जुड़े कृषक और महिलाएं भी उपस्थित थे।

30 सितम्बर तक सभी 13 जिलों में आयोजित होंगे 240 शिविर, मौके पर होगा आवेदनों का निस्तारण


अगले 30 दिनों में राज्य में स्वरोजगार से जुड़ी योजनाओं के निर्धारित लक्ष्यों को समय से पूरे करने का काम अभियान के रूप में चलेगा। युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने और उनकी विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए सभी जनपदों में ’स्वरोजगार शिविर’ लगाये जायेंगे। इन शिविरों में जिला स्तरीय अधिकारी एवं बैंक के अधिकारी स्वरोजगार से जुड़ी योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही मौके पर ही आवेदकों की समस्याओं का समाधान करेंगे। इस माह 30 सितम्बर से पहले ये शिविर आयोजित कर लिए जाऐंगे। शिविरों के आयोजन का रोस्टर सभी जिलों के मुख्य विकास अधिकारियों ने शासन को उपलब्ध करवा दिया है।

प्रदेश में स्वरोजगार की योजनाओं के आवेदनों के निस्तारण के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार पूरे प्रदेश में कार्यवाही शुरू हो गई है। प्रदेश के सभी 13 जिलों में 30 सितम्बर से पहले स्वरोजगार शिविर आयोजित होंगे। बीते 5 अगस्त को समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वरोजगार योजनाओं के जुड़े आवेदकों के ऋण की प्रक्रिया यथाशीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए थे। उनके निर्देश के बाद सभी जनपदों में विकासखंड स्तर पर स्वरोजगार शिविरों के आोजन का रोस्टर तैयार कर लिया गया है। इसके तहत अलग- अलग स्थानों में अल्मोड़ा जनपद में 45, उत्तरकाशी में 11, चमोली में 9, देहरादून में 16, टिहरी गढ़वाल में 9, पौड़ी गढ़वाल में 15 तथा जनपद रुद्रप्रयाग में 7 स्वरोजगार शिविरों का आयोजन किया जाएगा।

इसके अलावा जनपद उधमसिंहनगर में 11, पिथौरागढ़ में 21, बागेश्वर में 16, हरिद्वार में 13, नैनीताल 28 और चंपावत में 39 स्वरोजगार शिविर लगेंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वरोजगार से जुड़ी योजनाओं के निर्धारित लक्ष्यों को समय से पूरे करने के निर्देश आधिकारियों को दिए हैं। उनका कहना है कि सरकारी नौकरियां सीमित होने के कारण स्वरोजगार से आत्मनिर्भर भारत का मार्ग प्रशस्त होगा। खासकर पहाड़ी राज्य उत्तराखण्ड स्वरोजगार से ही आर्थिक समृद्धि की ओर आगे बढ़ सकता है।

मसूरी में शहीद स्मारक पर राज्य आंदोलनकारियों को सीएम ने दी श्रद्धांजलि

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मसूरी में शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर शहीद राज्य आन्दोलनकारियों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य निर्माण के लिए मसूरी गोलीकांड में बेलमती चौहान, हंसा धनई, बलवीर सिंह नेगी, धनपत सिंह, मदन मोहन ममगाईं, राय सिंह बंगारी ने अपने प्राणों की आहुति दे दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड के राज्य आन्दोलनकारियों के बलिदान के कारण ही हमें उत्तराखण्ड नया राज्य मिला। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य आन्दोनकारियों ने जिस उद्देश्य से अलग राज्य की मांग की थी। उसके अनुरूप ही राज्य को आगे बढ़ाया जायेगा। जन समस्याओं का समाधान तेजी से हो, इसके लिए हर स्तर पर अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की गई है। कार्यों में तेजी लाने के लिए प्रक्रियाओं को आसान बनाया जा रहा है। जन सुविधा के लिए सरकार का ध्यान प्रक्रियाओं के सरलीकरण, समाधान और निस्तारण पर अधिकारियों को विशेष ध्यान देने के निर्देश दिये गये हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जो राज्य आन्दोलनकारी चिन्हीकरण हेतु छूट गये हैं, 31 दिसम्बर 2021 तक उन राज्य आन्दोलनकारियों के चिन्हीकरण की व्यवस्था की जायेगी। चिन्हित राज्य आन्दोलनकारी जिन्हें 3100 रुपये प्रतिमाह पेंशन अनुमन्य की गई है, उनकी मृत्यु के पश्चात उनके आश्रितों, पति/पत्नी को भी 3100 रुपये प्रतिमाह पेंशन दी जायेगी। विभिन्न विभागों में कार्यरत राज्य आन्दोलनकारियों को सेवा से हटाये जाने के माननीय उच्च न्यायालय के आदेश पर राज्य सरकार पुनर्विचार याचिका दाखिल कर ठोस पैरवी करेगी। उद्योगों में नौकरी के लिए भी राज्य आन्दोलनकारियों को प्राथमिकता के लिए समुचित व्यवस्था की जायेगी। राजकीय अस्पतालों की तरह मेडिकल कॉलेजों में भी राज्य आंदोलनकारियों का निःशुल्क ईलाज किया जायेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मसूरी के सिपनकोट के लोगों की पुनर्वास की उचित व्यवस्था की जायेगी। मसूरी रोपवे का कार्य शुरू होने से पूर्व सिपनकोट के लोगों के पुनर्वास की समस्या का समाधान किया जायेगा। मसूरी में वन टाइम सेटलमेंट लागू किया जायेगा। गढ़वाल सभा के भवन को यदि अन्यत्र स्थान पर शिफ्ट करना पड़ा तो, इसके लिए दूसरी जगह पर व्यवस्था की जायेगी।

केन्द्रीय पर्यटन एवं रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट ने कहा कि शहीद राज्य आन्दोलनकारियों के बलिदान की वजह से ही उत्तराखण्ड राज्य का निर्माण हुआ है। उत्तराखण्ड अलग राज्य बना, यह प्रदेशवासियों के त्याग का ही परिणाम है। शहीद राज्य आन्दोलनकारियों के सपनों के अनुरूप जो कार्य करना होगा, वह सरकार करेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश तेजी से प्रगति के पथ पर अग्रसर है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पद्चिन्हों पर चलकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी राज्य को आगे बढ़ा रहे हैं।

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य आन्दोलन में मसूरी गोलीकांड एक महत्वपूर्ण घटना है। इसमें हमारे अनेक आन्दोलनकारी राज्य निर्माण की मांग को लेकर शहीद हुए। उन्होंने कहा कि सिपनकोट के लोगों के पुनर्वास की व्यवस्था के लिए प्रयास हो रहे हैं, जल्द ही इसका समाधान निकाला जायेगा।

इस अवसर पर पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला, मसूरी नगर पालिका परिषद् के अध्यक्ष अनुज गुप्ता, मसूरी नगर पालिका परिषद् के पूर्व अध्यक्ष मन्नू मल, बलजीत सिंह सोनी, एवं राज्य आन्दोलनकारी मौजूद थे।

आजादी का अमृत महोत्सव पर नुक्कड़ नाटक, गंगा चौपाल व गंगा स्वच्छता विषय पर कार्यक्रम आयोजित

नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला की ओर से नमामि गंगे के तहत आजादी का अमृत महोत्सव मनाए जा रहा है। इसी क्रम में नगर पालिका द्वारा शत्रुघ्न मंदिर आस्था पथ पर नमामि नमामि गंगे के अंतर्गत नुक्कड़ नाटक, गंगा चौपाल एवं गंगा स्वच्छता विषय पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

जिसमें नगर क्षेत्र के मदर मिरेकल स्कूल के छात्र छात्राओं ने अपनी प्रस्तुति दी इसके साथ ही खुशी चौरिटेबल ट्रस्ट द्वारा भी अपनी प्रस्तुति दी गई।

इस दौरान पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष मनोज द्विवेदी, अधीक्षण अभियंता सिंचाई विभाग कमल सिंह, सभासद वीरेंद्र सिंह चौहान, नगर पालिका नरेंद्र नगर अध्यक्ष राजू राणा, उत्तर प्रदेश गाजियाबाद से राजेंद्र चौधरी, सुनयना बिजल्वाण, अधिशाषी अधिकारी बद्री प्रसाद भट्ट, सफाई निरीक्षण भूपेंद्र पंवार, दीपक कुमार, सतेंद्र, मनोज आदि शामिल रहे।

हरदा के तीन-तीन राजनीतिक दलों के लिए लगाया पूर्व आईएएस पर उगाही का आरोप

देहरादून। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने चडीगढ़ से फेसबुक पर एक ऐसा पोस्ट लिखा है, जिसने उत्तराखंड के सियासी गलियारों में हलचल मचा दी है । हरदा ने एक रिटायर्ड आईएएस अधिकारी पर अवैध उगाही का आरोप लगाया है। साथ ही तीन राजनीतिक दलों के साथ उगाही करने की बात भी कही है। दरअसल, पूर्व सीएम और कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव हरीश रावत ने फेसबुक पर एक पोस्ट लिखा है । जिसमें उन्होंने लिखा है, चंडीगढ़ में हूं और आज सुबह बहुत जल्दी आंख खुल गई थी । मन में बहुत सारे अच्छे और आशंकित करने वाले दोनों भाव हैं। कभी अपने साथ लोगों के द्वेष को देख कर मन करता है कि सब किस बात के लिए और फिर भी मैं तो राजनीति में वह सब कुछ प्राप्त कर चुका हूं, जिस लायक मैं था । फिर भी मेरे मन में एक भाव आ रहा है कि सभी लड़ाइयां चाहे, वह राजनीतिक क्यों ना हो, वो स्वयं सिद्धि के लिए नहीं होती हैं।हरीश रावत ने कहा है कि मैं जानता हूं कि केंद्र में सत्तारूढ़ दल मेरे ऊपर कई प्रकार के अत्याचार ढाने की भी कोशिश करेगा, जिसकी तैयारियां हो रही हैं। इसका मुझे आभास है, लेकिन जैसे-जैसे ऐसा आभास बढ़ता जा रहा है, चुनाव में लड़ने की मेरी संकल्प शक्ति भी बढ़ती जा रही है।

हरीश रावत का कहना है कि एक नहीं बल्कि कई निहित स्वार्थ जो अलग-अलग स्थानों पर विद्यमान हैं, मेरी राह को रोकने के लिए एकजुट हो रहे हैं। हरीश रावत ने एक पूर्व नौकरशाह पर अवैध उगाही का आरोप लगाते हुए कहा कि एक रिटायर्ड नौकरशाह आज तो सत्तारूढ़ दल ही नहीं, बल्कि तीन-तीन राजनीतिक दलों के लिए एक साथ राजनीतिक उगाही कर रहा है । इसमें खनन की उगाई भी बंट रही है, क्योंकि उत्तराखंड में बहुत सारे लोगों के आर्थिक स्वार्थ जुड़े हुए हैं। उन सभी लोगों के एकजुट होने का प्रयास चल रहा है, ताकि वो सत्तारूढ़ दल की कुछ मदद कर सकें। वहीं, हरदा ने आगे लिखा है कि कहीं-कहीं 2022 नहीं तो 2027 की सुगबुगाहट भी हवाओं में है, मगर चंडीगढ़ का यह एकांत मुझे प्रेरित कर रहा है कि जितनी शक्ति बाकी बची है, उससे उत्तराखंड और उत्तराखंडियत की रक्षा, पार्टी की मजबूती के लिए, जो मैं अपने व्यक्तिगत कष्ट मान-अपमान और यातनाओं को झेलने के लिए तैयार रहना चाहिए।

भाजपा के गढ़ हरिपुरकलां में आम आदमी पार्टी ने लगाई सेंध, दर्जनों युवाओं को पार्टी से जोड़ा

हरिपुरकलां ग्राम सभा में आयोजित सदस्यता कार्यक्रम में दो दर्जन से अधिक युवाओं ने आम आदमी पार्टी से हाथ मिलाकर सदस्यता ग्रहण की। मंडल अध्यक्ष महंत विनायक गिरी ने ग्रामीण मंडल कार्यकारिणी की घोषणा करते हुए हिमांशु नेगी को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, नीरज कश्यप को मंडल महामंत्री, अमित जोशी, अभिषेक चौहान एवं रमाशंकर जोशी को सोशल मीडिया प्रभारी, अंकित डबराल को मंडल सह मंत्री नियुक्त किया।

आप में शामिल हुए कार्यकर्ताओं को पार्टी के बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ राजे सिंह नेगी एवं ग्राम अध्यक्ष अशोक झा ने पार्टी की टोपी एवं माला पहनाकर सदस्यता दिलाते हुए उनका स्वागत किया। कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए पार्टी के बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष राजे सिंह नेगी ने कहा कि पार्टी का पूरा फोकस बूथों की मजबूती पर है। मिशन 2022 फतह करने के लिए तमाम चुनौतियों से निपटने के लिए पार्टी तैयार है। कहा कि पार्टी की नीतियों ,कार्यक्रमों एवं योजनाओं सहित भारतीय जनता पार्टी की सरकार के भ्रष्टाचार, जनता विरोधी नीतियों, बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी के मुद्दों को मतदाताओं के घरों तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि जन जन तक आप के भ्रष्टाचार मुक्त उत्तराखंड के संकल्प को पहुंचाने में अपनी पूरी ताकत झौंक दें। इस मौके पर पार्टी की सदस्यता लेने वालों में सौरव पुंडीर, हिमांशु निशाद, शुभम देव, अंशु, वरुण निशाद, चंदन पाल, प्राशु पाल, गौरव जोशी, आभिषेक सिंह, राहुल कुमार, अजय सिंह, संजू बाबा, सोनू शर्मा, राहुल भंडारी, बंटी तोमर, ओम, नवीन तिवारी, राज वालिया आदि प्रमुख रूप से शामिल थे। कार्यक्रम के दौरान मनोज भट्ट, मनमोहन नेगी, विक्रांत भारद्वाज, नरेंद्र कठैत, सुधीर ध्यानी, प्रभात झा, अजय रावत उपस्थित रहे।

कैबिनेट मंत्री ने किया आपदाग्रस्त क्षेत्र का मुआयना, अधिकारियों को दिए निर्देश


कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने धमांदस्यु पट्टी के आपदाग्रस्त क्षेत्रों बवानी, कठ्या, बडल और धौड्याकला का मुआयना किया। उन्होंने जिलाधिकारी टिहरी को यहां सुरक्षा हेतु कार्य करने के लिए निर्देशित किया।

कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने बताया कि उक्त जगह में बीते 28 अगस्त को आई आपदा से अधिक नुकसान हुआ है। पूरी तरह से मार्ग भी क्षतिग्रस्त हो चुके काश्तकारों के अधिकांश खेत बह चुके हैं। बताया कि नदी ने यहां अपना रास्ता बदल दिया है इससे यहां लगातार खतरा बना हुआ है। हेतु जिलाधिकारी को सुरक्षात्मक कार्य करने के लिए निर्देशित किया गया है। मौके पर ब्लाक प्रमुख राजेंद्र भंडारी, नगर पालिका अध्यक्ष रोशन रतूड़ी, मनीष डिमरी, प्रधान वंदना, उमेश भंडारी, हुकुम भंडारी, राम भरत, राकेश पांडे, रमेश पुंडीर, प्रशासन एवं अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद थे।

सीएम का लोनिवि अधिकारियों को निर्देश, बोले भूस्खलन से बाधित न हो रोड


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून-मसूरी रोड पर कोल्हू खेत के निकट भूस्खलन की समस्या के स्थाई समाधान के निर्देश लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को दिये। मुख्यमंत्री ने स्थलीय निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिये कि भूस्खलन से रोड बाधित न हो इसके लिए प्रॉपर ट्रीटमेंट किया जाय। इसके लिए जिस भी आधुनिक तकनीक की आवश्यकता है, वह की जाय।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता एनपी सिंह, अधीक्षण अभियंता पीएस बृजवाल, अधिशासी अभियंता डीसी नौटियाल मौजूद थे।

कोविड राहत पैकेज के तहत पर्यटन विभाग में पंजीकृत होटल को राहत राशि वितरण शुरू

पर्यटन क्षेत्र में घोषित कोविड राहत पैकेज के अंतर्गत पर्यटन विभाग में पंजीकृत होटल, रैस्टोरेंट व होम स्टे के कार्मिकों को राहत राशि वितरित की जानी शुरू हो गई है। राज्य सरकार द्वारा इन्हें 5 माह तक 2-2 हजार रूपये की राहत राशि डीबीटी द्वारा दी जाएगी। संबंधित होटल, रैस्टोरेंट व होम स्टे द्वारा पर्यटन विभाग के पोर्टल पर अपने जिन कार्मिकों के नाम अपलोड किये जाते हैं, पर्यटन विभाग द्वारा उनके खातों में अनुमन्य सहायता राशि ट्रांसफर की जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 31 अगस्त तक राज्य में कुल 9398 लोगों के खातों में 3,66,3,580 रूपये की राशि ट्रांसफर की जा चुकी है। इनमें देहरादून जिले के 1333, उत्तरकाशी 552, हरिद्वार 472, टिहरी 1142, पौङी 328, रुद्रप्रयाग 681, अल्मोड़ा 446, बागेश्वर 230, पिथौरागढ़ 1084, चम्पावत 71, नैनीताल 2075, ऊधमसिंह नगर 403 और चमोली जिले के 581 पर्यटन में पंजीकृत होटल, रैस्टोरेंट व होम स्टे से जुड़े लोग शामिल हैं।