हरीश धामी की मांग के संबंध में अधिकारियों को सीएम के निर्देश


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधानसभा भवन पहुंचते ही परिसर में अपनी मांगों को लेकर बैठे धारचूला विधायक हरीश धामी और केदारनाथ विधायक मनोज रावत से मुलाकात की और उन्हें अपने कक्ष में आमंत्रित किया।

विधायक हरीश धामी ने अपने विधानसभा क्षेत्र धारचूला में मोबाईल कनेक्टिविटी की समस्या की बात कहते हुए मोबाइल टावर लगाए जाने का अनुरोध किया। साथ ही उन्होंने क्षेत्र की सड़कों के संबंध में भी अपनी बात कही।

विधायक केदारनाथ मनोज रावत ने कहा कि कोविड संक्रमण में कमी को देखते हुए चारधाम यात्रा को पुनः शुरू किया जाए।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि धारचूला क्षेत्र में मोबाईल कनेक्टिविटी के लिए जल्द से जल्द आवश्यक कार्यवाही की जाए। इसके लिए केंद्र सरकार से भी अनुरोध किया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा के संबंध में राज्य सरकार ने न्यायालय में अपना पक्ष रखा है।

बैठक में मुख्य सचिव डॉ एसएस संधु, अपर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव आरके सुधांशु उपस्थित थे।

तीर्थ पुरोहितों से मुलाकात में सीएम ने कहा, नहीं होगा अहित


सीएम आवास में देवप्रयाग विधायक विनोद कण्डारी और केदारनाथ की पूर्व विधायक शैलारानी रावत के नेतृत्व में केदारनाथ व बदरीनाथ के तीर्थ पुरोहितों के प्रतिनिधिमण्डल ने सीएम पुष्कर सिंह धामी से भेंट की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देवस्थानम बोर्ड से तीर्थ पुरोहितों, हक हकूक धारियों और पण्डा समाज का किसी प्रकार का अहित नहीं होने दिया जाएगा। वरिष्ठ नेता श्री मनोहर कांत ध्यानी जी को संबंधित तीर्थ पुरोहितों के पक्ष को जानकर पूरी रिपोर्ट देने का आग्रह किया गया है। राज्य सरकार सभी को सुनेगी और उनकी चिंताओं का समाधान करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि कम्यूनिकेशन गैप नहीं होना चाहिए। राज्य सरकार बातचीत के माध्यम से रास्ता निकालेगी। बातचीत से सभी शंकाएं दूर की जाएगी और जहां सुधार की जरूरत होगी, राज्य सरकार सुधार करेगी।

बदरीनाथ मास्टर प्लान को मूर्त रूप देने से पूर्व सभी संबंधित पक्षों की भी बात सुनी जाएगी और उनकी शंकाओं का निवारण किया जाऐगा। सभी के हित यथासंभव सुरक्षित रहेंगे।

प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने भी वार्ता के माध्यम से रास्ता निकाले जाने पर सहमति व्यक्त की।

ऋषिकेश में अखियां एलबम का हुआ लोकार्पण


नेत्रदान के प्रति जागरूक करती गोविंद शाह की नई एलबम अंखिया का आम आदमी पार्टी के बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ राजे नेगी एवं मेमोरी चौम्पियन प्रतीक यादव ने संयुक्त रूप से लोकार्पण किया।

एलबम में अभिनय गोविंद शाह एवं स्वेता रतूड़ी ने किया है। एल्बम के निदेशक गोविंद ने बताया कि इस एलबम के माध्यम से नेत्रदान के प्रति आमजन को जागरूक करने का प्रयास किया गया है। इसमें वीडियोग्राफी प्रीतम माता, डीओपी प्रियंक सक्सेना, सिनेमैटोग्राफी विनोद भारद्वाज ने की है। इस अवसर पर मुख्य अतिथि डा नेगी ने कहा कि कार्नियल ब्लाइंडनेस रोग से बच्चे, किशोर, युवा, वयस्क तथा वृद्ध सभी प्रभावित हैं। आंखों की यह विकृति जन्मजात, संक्रमण रोग, चोट लगने, विटामिन की कमी तथा कुपोषण आदि के कारण होती है।

देश में हर वर्ष करीब दो लाख कार्निया प्रत्यारोपण की आवश्यकता है। प्रत्येक वर्ष 20 हजार मामले जुड़ जाते हैं। लोगों को जागरूक करने के लिए निश्चित ही यह एलबम मील का पत्थर साबित होगी। इस अवसर पर अभिषेक कुमार, सचिन राजपूत, विक्की शर्मा, रितिक गुप्ता, अमित गुप्ता हिमांशु नेगी,नीरज कश्यप मौजूद थे।

छह दिसंबर से एम्स में आयोजित होगी सोसाइटी ऑफ यंग बायोमेडिकल साइंटिस्ट्स प्रतियोगिता

अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान, एम्स ऋषिकेश में सोसाइटी ऑफ यंग बायोमेडिकल साइंटिस्ट्स, भारत के तत्वावधान में 6 से 10 दिसंबर 2021 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय जैव चिकित्सा अनुसंधान प्रतियोगिता वार्षिक वैज्ञानिक कार्यक्रम का निदेशक एम्स प्रोफेसर रवि कांत ने पोस्टर जारी किया।

सोसाइटी के अध्यक्ष व आयोजन सचिव रोहिताश यादव ने बताया कि एम्स, ऋषिकेश तथा पीजीआईएमईआर-चंडीगढ़ में सोसाइटी द्वारा आयोजित पहले और दूसरे राष्ट्रीय जैव चिकित्सा अनुसंधान प्रतियोगिता के सफल समापन के बाद एम्स ऋषिकेश में तीसरी वार्षिक अनुसंधान प्रतियोगिता देश के राष्ट्रीय महत्व के 7 अनुसंधान संस्थानों के साथ मिलकर आयोजित की जाएगी।

राष्ट्रीय महत्व व युवा वैज्ञानिकों को प्रोत्साहित करने वाली उक्त प्रतियोगिता की पहल 15 अक्टूबर 2018 को एम्स ऋषिकेश से शुरू की गई थी, जो आज बहुत बेहतर तरीके से संचालित हो रही है तथा इस आयोजन के जरिए देश के युवा वैज्ञानिकों को आगे बढ़ने का अवसर प्राप्त हो रहा है।

प्रो. रवि कांत जी ने संस्थान की ओर से इस प्रतियोगिता के पुरस्कार की धनराशि के तौर पर 1 लाख रुपए देने की घोषणा की है।

बुलंदशहर में कल्याण सिंह की निकली अंतिम यात्रा, सीएम धामी भी हुए सम्मिलित


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज नरोरा, बुलंदशहर जाकर उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, राजस्थान के निवर्तमान राज्यपाल कल्याण सिंह के अंतिम संस्कार में शामिल होकर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्व. कल्याण सिंह योग्य प्रशासक एवं कुशल राजनीतिज्ञ थे, वे हम सभी के लिये हमेशा प्रेरणास्रोत रहेंगे।

मुख्यमंत्री के साथ ही केन्द्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, विधायक एवं भाजपा प्रदेश अक्ष्यक्ष मदन कौशिक ने भी स्व. कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की।

राजीव नगर देहरादून में सीएम ने किया कोविड वैक्सीनेशन कैम्प का शुभारंभ

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय, राजीव नगर में कोविड-19 वैक्सीनैशन कैम्प का शुभारंभ किया। कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में दुनिया का सबसे बङा वैक्सीनैशन अभियान भारत में चल रहा है। उत्तराखण्ड में चार माह के भीतर शत प्रतिशत वैक्सीनैशन कर दिया जाएगा। बागेश्वर और रुद्रप्रयाग जिलों में पूर्ण वैक्सीनेशन किया जा चुका है। मुख्यमंत्री ने उत्तराखण्ड को आवश्यकता अनुसार टीके उपलब्ध कराए जाने पर प्रधानमंत्री को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि देश में न केवल कोविड का स्वदेशी टीका बनाया गया, हमने विश्व कल्याण की भावना से दूसरे देशों को भी उपलब्ध कराया है। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में भारत ने विश्व में अपना महत्वपूर्ण स्थान बनाया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा भाव सुरक्षित उत्तराखण्ड स्वस्थ उत्तराखण्ड का है। कोशिश है कि जल्द से जल्द सभी को कोविड की वैक्सीन लगा दी जाए। प्रदेश में 207 प्रकार की स्वास्थ्य जांचें निशुल्क की जा रही हैं। इससे गरीब से गरीब व्यक्ति भी मुफ्त में अपनी स्वास्थ्य जांचे करा सकेगा।
केंद्रीय मंत्री श्री अजय भट्ट ने कहा कि दुनिया में कोविड टीकाकरण सबसे ज्यादा भारत में हुआ है। युवा मुख्यमंत्री के नेतृत्व में जनहित में अनेक योजनाएं लाई गई हैं। जिस गति और तन्मयता से उत्तराखण्ड में काम हो रहा है, उससे अंतिम पंक्ति में खङे व्यक्ति का भी काम हो रहा है।

प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री डॉ धन सिंह रावत ने कहा कि आज देहरादून जिले में एक दिन में रिकॉर्ड 1 लाख के करीब टीके लगाए जाएंगे। अगस्त माह में रायपुर विधानसभा क्षेत्र को 1 लाख वैक्सीन उपलब्ध कराई जाएगी।

विधायक उमेश शर्मा काउ ने सभी का धन्यवाद करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश के साथ ही रायपुर विधानसभा क्षेत्र में भी तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं।

शहर की मलिन बस्तियों से अतिक्रमण न हटाये जाने के निर्णय पर विधायकों ने जताया सीएम का आभार

देहरादून की मलिन बस्तियों से वर्ष 2024 तक अतिक्रमण न हटाये जाने के निर्णय की विधायकों ने राज्य सरकार द्वारा गरीबो के हित में लिया गया सराहनीय निर्णय बताया है। इस सम्बन्ध में देहरादून के विधायकों ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भेंट कर उनका आभार व्यक्त किया। विधायकों ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा गरीबों के हित में लिये गये इस निर्णय से हजारों गरीबों को राहत मिली है। उन्होंने जनहित में लिये जा रहे त्वरित निर्णय के लिये भी मुख्यमंत्री के प्रयासों को सराहा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा गरीबों के हित में यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि गरीबों के कल्याण के लिये प्रधानमंत्री आवास योजना वरदान साबित हो रही है, इससे जरूरत मंद लोगो का अपने आवास का सपना पूरा हो रहा है। प्रदेश में अधिक से अधिक लोगों को आवास उपलब्ध हो इसके लिये प्रभावी प्रयास किये जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा विश्वास जन समस्याओं के समाधान के प्रति है। सभी क्षेत्रों का विकास हमरा ध्येय है, राज्य सरकार गरीबों व असहायों के हित में खड़ी रहेगी। उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य समस्याओं को उलझाने में नही बल्कि सुलझाने में है।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री वंशीधर भगत, गणेश जोशी, विधायक हरवंश कपूर, खजान दास, विनोद चमोली, उमेश शर्मा काऊ के साथ मेयर देहरादून सुनील उनियाल गामा भी उपस्थित थे।

ग्राफिक एरा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस में सीएम ने किया स्पूतनिक-वी वैक्सीन का शुभारंभ

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सेलाकुई रोड स्थित ग्राफिक एरा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस धूलकोट माफी में स्पूतनिक-वी वैक्सीन का शुभारंभ किया। उत्तराखंड में इसके साथ ही स्पूतनिक वैक्सीन का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी, विधायक सहदेव सिंह पुंडीर भी उपस्थित थे।

टीकाकरण कार्यक्रम शुरू होने से पूर्व उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के निधन पर 02 मिनट का मौन रखा गया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य में कोविड टीकाकरण तेजी से चल रहा है। इस वर्ष दिसंबर माह तक राज्य में शत प्रतिशत टीकाकरण किया जाएगा। टीकाकरण के लिए केंद्र सरकार से राज्य को पूरा सहयोग मिल रहा है। इस माह अभी तक केंद्रीय सरकार से राज्य को 17 लाख वैक्सीन मिल चुकी हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में व्यापक स्तर पर टीकाकरण के लिए प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों तक टीकाकरण कैम्प लगाए गए हैं। कोविड की संभावित तीसरी लहर के लिए भी राज्य सरकार की पूरी तैयारी है। राज्य में स्वास्थ्य सुविधाओं को और मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि टीकाकरण अभियान में लगातार तेजी लाई जा रही है। बागेश्वर जनपद कोविड वैक्सीन की शत प्रतिशत डोज लगाने वाला पहला जनपद एवं शत प्रतिशत कोविड वैक्सीन की पहली डोज लगाने वाला पहला विकासखंड खिर्सू है। आज स्पूतनिक वैक्सीन के शुभारम्भ पर टीकाकरण स्थल पर 100 लोगों का टीकाकरण किया गया।

श्री भरत मंदिर परिसर में नए प्रवेशार्थियों का हुआ उपनयन संस्कार


भगवान श्री भरत मंदिर परिसर में श्रावणी पूर्णिमा, वेदमाता गायत्री जयंती एवं संस्कृत दिवस के अवसर पर श्री भरत संस्कृत महाविद्यालय में नए प्रवेशार्थियों का उपनयन संस्कार बड़ी धूमधाम के साथ मनाया गया।

ऋषि कुमारों ने क्षौरकर्म के बाद गंगा स्नान किया। इसके बाद गणेश आदि पंचांग पूजन एवं हवन किया गया। वेद मंत्रोच्चारण के साथ यज्ञोपवीत धारण कर भगवान भरत जी के दर्शन किए।

महंत वत्सल प्रपन्नाचार्य जी का आशीर्वाद प्राप्त कर 21 ब्रह्मचारी वेदाध्ययन के अधिकारी बन गए।

इस मौके पर हर्षवर्धन शर्मा, गीता कुकरेती, सुरेंद्र दत्त, संदीप भट्ट, संदीप खुशाल, हर्ष आनंद उनियाल, राजीव कुमार शर्मा, सुरेंद्र सिंह रावत, हरि गौरांग, आशीष जोशी आदि उपस्थित रहे।

उत्तराखंड की धरती ने देश को कई नायाब हीरे दिए-नड्डा

रायवाला के एक रिजॉर्ट में आयोजित पूर्व सैनिक संवाद एवं सैनिक सम्मान कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि भाजपा सरकार ने केंद्र में आने के बाद सबसे पहले पूर्व सैनिकों को वन रैंक वन पेंशन देने का काम किया, यह मांग 42 सालों से लंबित थी। देश में पहले बुलेट प्रुफ जैकेट आयात की जाती थी, लेकिन आज यह जैकेट विदेशों में निर्यात की जा रही है।

पूर्व सैनिकों को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि भी है और वीरभूमि भी। उत्तराखंड के कई लोग सेना में बड़े पदों पर आसीन रहे हैं। जिनमें जनरल बिपिन रावत खुद देश के सीडीएस हैं। रक्षा बजट में हर साल एक लाख 35 हजार करोड़ रुपये नए असलहे खरीदने के लिए रखे जाते हैं। पहले सेना और बॉर्डर पर स्थित गांवों के लिए बरसात से पहले छह माह का राशन एकत्रित करके रखा जाता था, लेकिन ऑल वेदर रोड बनने के बाद अब राशन एकत्रित नहीं करना पड़ता। अभी तक करीब 3,300 किमी ऑल वेदर रोड बन चुकी हैं। सीमांत राज्यों में कई रेल परियोजनाओं पर काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि सेना में 34 राफेल फाइटर जुड़ चुके हैं। आर्म्ड फोर्स पर लोगों का विश्वास बढ़ा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथ मेें देश सुरक्षित है। दीपावली के त्योहार में हर कोई अपने रिश्तेदारों और परिचितों के घर जाता है, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हर साल दीपावली बॉर्डर पर सैनिकों के साथ मनाते हैं। पहले जम्मू कश्मीर के किसी जिले में आतंकवादियों की ओर से फायरिंग की जाती थी तो वहां पर तैनात जवानों को जवाबी कार्रवाई के लिए दिल्ली का इंतजार करना पड़ता था, दिल्ली से कहा जाता था कि अभी संदेश का इंतजार करो। जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सैनिकों को गोली का जवाब गोली से देने की छूट दे रखी है। प्रधानमंत्री की कार्यकुशलता के कारण ही चीन को पीछे हटना पड़ा। 17 अगस्त को जम्मू में शहीद हुए पौड़ी के वीर जवान को श्रद्धांजलि देते हुए उन्होंने कहा कि शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी। 

केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री अजय भट्ट ने कहा कि अब हमारा देश आत्मनिर्भर हो रहा है। देश में सुई से सब्बल का निर्माण हो रहा है। पहले जो रक्षा उपकरण आयात किए जाते हैं, आज भारत में निर्मित एक हजार प्रकार के रक्षा उपकरण निर्यात किए जा रहे हैं। उन्होंने पूर्व सैनिकों को भरोसा दिलाया कि वह सैनिक वेलफेयर के लिए काम करेंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने काव्य पंक्तियां….ये देश सुरक्षित सो रहा है…..से अपना संबोधन शुरू किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में हर परिवार से एक व्यक्ति सेना में है। शहीदों के परिजनों को सगूह ग और घ में नौकरी दी जा रही है।

द्वितीय विश्व युद्ध में शहीद हुए वीर जवानों की वीरांगनाओं को पहले अनुदान चार हजार मिलता था, जिसे बढ़ाकर उनकी पार्टी ने पहले आठ हजार उसके बाद अब 10 हजार कर दिया गया है। पूर्व सैैनिकों के आश्रितों सेना भर्ती से पूर्व प्रशिक्षण दिया जा रहा है। 1212 युवाओं को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। सेना में भर्ती होने से पहले युवाओं को हल्द्वानी और देहरादून में ट्रेनिंग दी जा रही है। करीब 660 युवाओं को ट्रेनिंग दी जा चुकी है। एनडीए और सीडीएस की तैयारी के लिए प्रदेश सरकार 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दे रही है। 

नड्डा ने परंपरागत वोट बैंक की नब्ज टटोली
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के दो दिवसीय दौरे में यह तय हो गया कि मिशन 2022 के लक्ष्य को हासिल करने अपने पारंपरिक वोट बैंक और सेना के एजेंडे पर फोकस करेगी और सत्ता में वापसी के लिए सांगठनिक सक्रियता का मंत्र फूंकेगी।  
अपने दो दिनी दौरे में नड्डा एक दर्जन कार्यक्रमों में शामिल हुए। हर बैठक में उनका जोर 2022 के विधानसभा चुनाव के लिहाज से संगठन का एजेंडा तय करने पर रहा। देवभूमि और सैन्य बहुल्य राज्य होने के नाते नड्डा ने रणनीतिक तरीके से दूसरे दो मुख्य कार्यक्रम किए। पहला पूर्व सैनिकों से संवाद और दूसरा साधु-संतों का आशीर्वाद। सैनिक सम्मेलन के कार्यक्रम में नड्डा ने सीमाओं की सुरक्षा, निर्णय लेने का अधिकार और आधुनिक हथियारों की सुविधा, सीमा पर सड़कों का विस्तार की बातें कर राष्ट्रवाद की संवेदनाओं को छूने का प्रयास किया।
अपने इस पारंपरिक वोट बैंक को झोली बनाए रखने के लिए नड्डा ने सैनिकों व पूर्व सैनिकों के बीच यह संदेश देने की कोशिश की कि भाजपा के लिए वे खास अहमियत रखते हैं। इसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष और उनकी पूरी टीम जिसमें प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम, सह प्रभारी रेखा वर्मा ने संतों के पांव छूकर आशीर्वाद लिया। मुख्यमंत्री ने संतों के आश्रमों व धर्मशालाओं में व्यावसायिक दरों पर वसूले जाने वाले करों को घरेलू दरों पर करने की घोषणा करके संतों को खुश करने का प्रयास किया। कुंभ के बाद संतों के सम्मान का कार्यक्रम करने का आश्वासन देकर संतों के सानिध्य के सिलसिले को आगे बढ़ाकर अपने हिंदुत्व एक एजेंडे को आगे बढ़ाने के संकेत भी दे दिए। 
इससे पूर्व नड्डा ने पार्टी कोर ग्रुप से लेकर मंडल अध्यक्ष तक के साथ ताबड़तोड़ आठ बैठकें कीं। इन बैठकों में उनका एक ही सूत्र वाक्य था, सांगठनिक ताकत को बढ़ाएं। हर बूथ को मजबूत करें। उनका मानना था कि कैडरबेस पार्टी होने के नाते भाजपा के पक्ष में जो वातावरण बना है, उसे अपने पक्ष में बनाए रखें और सत्ता में वापसी का मार्ग प्रशस्त करें। अपनी सभी बैठकों में उन्होंने जनसंपर्क पर जोर दिया मोदी और धामी सरकार की लोकलुभावन योजनाओं, कार्यक्रमों और फैसलों को जन-जन तक पहुंचाने के निर्देश दिए।