मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद साधु-संतों को बड़ी राहत

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य में स्थापित साधु संतों के आश्रमों व धर्मशालाओं को बड़ी राहत देने की घोषणा की है। अब इनके बिजली पानी के बिल और सीवरेज टैक्स व्यावसायिक दरों के स्थान पर घरेलू दरों पर वसूलेगी। दो दिवसीय दौरे पर उत्तराखंड आए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ संतों का आशीर्वाद कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने यह मांग उठाई। जिस पर मुख्यमंत्री धामी ने यह एलान किया।

हरिद्वार में सबसे ज्यादा आश्रम और धर्मशाला
बता दें कि मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद तीर्थनगरी हरिद्वार में 950 से अधिक आश्रमों और धर्मशालाओं को कामर्शियल दरों से राहत मिलेगी। इस निर्णय से पूरे प्रदेश में चेरिटेबल ट्रस्ट के तहत संचालित साधु संतों धर्मशालाओं और मंदिर मठों को फायदा होगा। 

भाजपा ने कांग्रेस पर लगाया आरोप
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि पूर्व कांग्रेस सरकार में साधु संतों के आश्रमों, धर्मशालाओं, मंदिरों और मठों के गृह कर, बिजली, पानी के बिल और सीवरेज का टैक्स व्यावसायिक कर दिया गया था। जब वह शहरी विकास मंत्री बनें तो उन्होंने एक्ट में संशोधन के माध्यम से गृह कर को व्यावसायिक से घरेलू कर दिया था। लेकिन बिजली, पानी का बिल और सीवरेज का टैक्स घरेलू नहीं हो पाया था। कौशिक ने राहत के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। 

मुख्यमंत्री घोषणा के बाद कार्यक्रम में उपस्थित साधु संतों के चेहरे पर चमक बिखर गई। उन्होंने मुख्यमंत्री की घोषणा का स्वागत किया। साथ ही मुख्यमंत्री के साथ प्रदेश अध्यक्ष के सहयोग की सराहना की।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि संतों के आश्रमों व धर्मशालाओं में व्यावसायिक तौर पर लिए जाने वाले कर को हम घरेलू दरों में परिवतिर्त करेंगे व आगामी समय में कुंभ के लिहाज से संत समाज का एक सम्मान समारोह भी किया जाएगा।

खुशी को वात्सलय योजना का लाभ दिलाने का रेखा आर्य ने दिया भरोसा

रुद्रप्रयाग जिले की अपने माता-पिता को खो चुकी 9 वर्षीय मासूम खुशी को अब मंत्री बुआ का साथ मिला है। शनिवार को कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने खुशी से फोन पर वार्ता की और हर संभव मदद का भरोसा दिया। साथ ही यह आश्वासन दिया कि उसकी बुआ हर परिस्थिति में उसके साथ है। इसके अलावा वात्सल्य योजना का लाभ दिलाने की बात भी कही।

बता दें कि रुद्रप्रयाग जिले के जखोली ब्लॉक के कपणियां गाँव की निराश्रित मासूम 9 वर्षीय बालिका खुशी की माता का देहांत दो वर्ष पूर्व हो चुका था। तभी से पिता के कंधों पर माता की भी जिम्मेदारी आ गयी थी। मगर विधाता को कुछ और ही मंजूर था। कुछ दिनों पूर्व इस मासूम बालिका के पिता भी इस दुनिया को अलविदा कहकर चले गए। खुशी के लिए मानो पूरी दुनिया ही उजड़ गयी हो।

यह जानकारी उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य को लगी। उन्होंने तत्काल मौके पर विभागीय अधिकारियों को भेजा और जानकारी जुटाई। इसी क्रम में शनिवार को कैबिनेट मंत्री ने खुशी को दूरभाष के जरिए संपर्क किया। देहरादून अपने निवास स्थान से मंत्री ने बालिका खुशी को फ़ोन लगाया, तो दूसरी ओर रुद्रप्रयाग जिले के कपणियां गाँव से खुशी की आवाज़ आयी। इधर से मंत्री रेखा आर्य ने खुशी का हाल जाना। उन्होंने मासूम बालिका को निराश्रित ना होने का एहसास दिलाया। स्वयं को बुआ के रूप में प्रस्तुत कर मंत्री ने हर समय मदद का आश्वासन दिया। वात्सल्य योजना का लाभ दिलाने के साथ ही अपने व्यक्तिगत नंबर को भी खुशी से शेयर किया। कहा कि प्रदेश सरकार सदैव आपके साथ है, जीवन मे खुद को अकेला न समझना, आपकी बुआ के रूप में रेखा आर्य उसके साथ है।

पारपंरिक वाद्य यंत्रों से विस अध्यक्ष ने नड्डा का कराया स्वागत

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा का ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र में पहुंचने पर विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल के नेतृत्व में हजारों स्थानीय कार्यकर्ताओं ने नेपाली फार्म तिराहे एवं रायवाला में ढोल दमाऊ, नगाड़ों के साथ जोरदार स्वागत किया।
विस अध्यक्ष ने बताया कि हजारों कार्यकर्ताओं ने अपार जोश एवं उमंग के साथ भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय विचारधारा से ओतप्रोत भारतीय जनता पार्टी ने आम जनमानस से जुड़ी अनेक योजनाएं संचालित की है जिसके कारण लोगों में भारी उत्साह है। कहा है कि केंद्र सरकार एवं राज्य सरकार ने आमजन के लिए जो योजनाएं प्रारंभ की है उसका लाभ सीधे आम व्यक्ति को मिल रहा है। कहा कि अनुच्छेद 370 को हटाना, श्री राम जन्मभूमि के मंदिर निर्माण को लेकर लंबे समय से हो रहे प्रयास को पूर्ण करना तथा तीन तलाक जैसे मुद्दों का निस्तारण कर भारतीय जनता पार्टी ने राष्ट्रहित में कार्य किया है।
इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता ज्योति प्रसाद गैरोला, जिला अध्यक्ष शमशेर सिंह पुंडीर, जिला महामंत्री सुदेश कंडवाल अरुण मित्तल, डोईवाला के ब्लॉक प्रमुख भगवान सिंह पोखरियाल, ऋषिकेश मंडल के अध्यक्ष दिनेश सती, वीरभद्र मंडल के अध्यक्ष अरविंद चौधरी, श्यामपुर मंडल अध्यक्ष गणेश रावत, चंद्र मोहन पोखरियाल, सोवन कैंतूरा, शिव कुमार गौतम, इन्द्र कुमार गोदवानी, हरीश तिवाड़ी, सतीश पाल, शरद प्रसाद, सतपाल सैनी, सुंदरी कंडवाल, नवीन चमोली, संजीव चौहान, सुरेंद्र सुमन, रमेश शर्मा, सुमित पंवार, कविता शाह, अरुण बडौनी, राजकुमार भारती, मनोरमा देवी, विजय जुगलान, राजेश जुगलान, नीलम चमोली, शमा पवार, बबीता, कमल कुमार, आरती दुबे, रजनी बिष्ट, राजवीर रावत, जितेंद्र पोखरियाल आदि उपस्थित थे।

जेपी नड्डा ने राज्य सरकार की पत्रिका का किया विमोचन

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार के एक स्थानीय होटल में उत्तराखण्ड के विकास पर आधारित पुस्तक “उत्तराखण्ड विकास के स्वर्णिम पथ पर“ एवं “युवा प्रदेश युवा नेतृत्व विकल्प रहित संकल्प“ पत्रिका का विमोचन किया।
उत्तराखण्ड सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं, सरकार द्वारा लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों एवं केन्द्र सरकार के सहयोग से उत्तराखण्ड में हो रहे कार्यों की जानकारी “उत्तराखण्ड विकास के स्वर्णिम पथ पर“ पत्रिका में दी गई है।
“युवा प्रदेश युवा नेतृत्व विकल्प रहित संकल्प“ पत्रिका में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में कैबिनेट में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों, कोविड 19 में प्रभावितों को राज्य सरकार द्वारा दिए जा रहे राहत पैकेज, मुख्यमंत्री द्वारा जनहित में की गई घोषणाओं एवं राज्य के विकास के लिए रोडमैप की जानकारी दी गई है।
इस अवसर पर प्रदेश के सभी कैबिनेट मंत्री, सांसद गण, विधायकगण उपस्थित थे।

कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने रखी प्रदेश से बाहर कैशलेस उपचार की मांग

सूबे के चिकित्सा स्वास्थ्य मंत्री डा. धन सिंह रावत ने विधानसभा स्थित कार्यालय में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक ली। जिसमें कर्मचारियों को गोल्डन कार्ड के उपयोग में आ रही व्यवहारिक दिक्कतों को दूर करते हुए संशोधित प्रस्ताव कैबिनेट की अगली बैठक में लाने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिये साथ ही एनएचएम के तहत स्वीकृत विभिन्न पदों पर की जा रही भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिये।
कैबिनेट मंत्री डा. धन सिंह रावत ने विधानसभा में अपने कक्ष में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक ली। जिसमें विभागीय अधिकारियों के साथ ही सचिवालय संघ एवं शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने भी प्रतिभाग किया। कर्मचारियों को गोल्डन कार्ड के माध्यम से उपचार के दौरान आ रही व्यवहारिक दिक्कतों पर चर्चा के उपरांत विभागीय मंत्री ने अधिकारियों को गोल्डन कार्ड के उपयोग संबंधी संशोधित प्रस्ताव कैबिनेट की अगली बैठक में लाने के निर्देश दिये। डॉ. रावत ने कहा कि गोल्डन कार्ड में आ रही व्यवहारिक दिक्कतों को शीघ्र दूर किया जायेगा। इसके साथ ही आयुष्मान कार्ड से वंचित लोगों के लिए भी नियमों में शिथिलीकरण किया जा रहा है। उन्होंने मिशन निदेशक एनएचएम को राज्यभर में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत मेडिकल ऑफिसर, नर्सेज, एएनएम, लैब टेक्नीशियन, एक्स-रे टेक्नीशियन आदि की भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिये। बैठक में महानिदेशक स्वास्थ्य को महानिदेशालय स्तर पर रिक्त पदों को भरे जाने, चिकित्साधिकारियों के प्रोन्नति संबंधी प्रस्ताव, नर्सिंग भर्ती की प्रक्रिया शुरू करने तथा सूबे के जिला चिकित्सालयों में रेडियोलॉजिस्ट के रिक्त पदों को भरने का प्रस्ताव शीघ्र शासन को भेजने का निर्देश दिये।
बैठक में सचिवालय कर्मचारी संघ के अध्यक्ष दीपक जोशी, राजकीय शिक्षक संघ के महासचिव सोहन सिंह माजिला ने राजकीय कर्मचारियों एवं सेवानिवृत्त कर्मचारियों को सीजीएचएस कार्ड के समान सुविधाएं प्रदान करने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की गलतियों के कारण सेवानिवृत्त कर्मचारियों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को राज्य से बाहर के चिकित्सालयों में कैशलेस सुविधा मुहैया कराई जाय।
बैठक में मिशन निदेशक एनएचएम सोनिका, महानिदेशक स्वास्थ्य डा. तृप्ति बहुगुणा, सचिवालय कर्मचारी संघ के अध्यक्ष दीपक जोशी, राजकीय शिक्षक संघ के महासचिव सोहन सिंह मांजिला सहित विभागीय अधीकारी उपस्थित रहे।

कांग्रेस की रणनीति तैयार, मानसून सत्र में लोगों को बड़ा मैसेज देने की कर रही तैयारी

23 अगस्त से होने वाला विधानसभा का सत्र इस बार कई मायनों में खास होने वाला है। इस सत्र में जहां सीएम धामी पहली बार सदन में बतौर मुख्यमंत्री रहेंगे। वहीं, इंदिरा हृदयेश के निधन के बाद नेता प्रतिपक्ष बने प्रीतम सिंह भी नेता प्रतिपक्ष के तौर पर पहली बार सदन में होंगे। इस सत्र में सत्ता पक्ष और विपक्ष चुनाव से पहले सदन के जरिए अपनी ताकत दिखाने का मौका नहीं छोड़ेंगे।
कार्यमंत्रणा की बैठक के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने प्रदेश के विकास के लिए सतत विकास लक्ष्य पर सत्र के दौरान एक दिन चर्चा करने के लिए अपनी बात रखी जिस पर की समिति के सभी सदस्यों द्वारा सहमति प्रदान की गई। कांग्रेस इस सत्र में देव स्थानम बोर्ड को निरस्त करने के लिए प्राइवेट बिल लेकर आएगी। साथ ही भू-कानून लागू करने के लिए भी प्राइवेट बिल लाने जा रही है। इससे एक बात तो साफ है कि कांग्रेस सदन में तीखे तेवरों के साथ जमकर अपनी आवाज उठाने की प्लानिंग बना चुकी है।
सत्र के दौरान सदन के पटल पर रखे जाने वाले विधेयकों में अभी तक आईएमएस यूनिसन विश्वविद्यालय (संशोधन) विधेयक, 2021, डीआईटी (संशोधन) विधेयक, 2021, डीआईटी विश्वविद्यालय (संशोधन) विधेयक, 2021 विधान सभा को प्राप्त हुए हैं।
वहीं, दो असरकारी विधेयक उत्तराखण्ड (उत्तर प्रदेश जमींदारी विनाश और भूमि व्यवस्था अधिनियम, 1950) (संशोधन) विधेयक 2021 कांग्रेस विधायक मनोज रावत लेकर आएंगे, तो उत्तराखण्ड चार धाम देवस्थानम् प्रबन्धन (निरसन) विधेयक, 2021 कांग्रेस विधायक हरीश धामी सदन के पटल पर रखेंगे। सवाल यह नहीं है कि कांग्रेस प्राइवेट बिल लेकर आ रही है। सवाल यह है कि अगर सरकार इन बिलों को स्वीकार करती है और देवस्थानम बोर्ड को रद्द कर देती है, तो इसका पूरा श्रेय कांग्रेस का जाएगा। सरकार ऐसा किसी भी हाल में नहीं होने देना चाहेगी। ऐसे में कांग्रेस के पास दोनों ही स्थिति में बड़ा मुद्दा है।
कुल मिलाकर कांग्रेस ने सरकार को पूरी तरह से घेरने की तैयारी कर ली है। कुछ भी हो कांग्रेस दोनों बिलों को लेकर सरकार को जहां सदन में घेरने का काम करेगी, वहीं सदन की चर्चा जनता के पास भी पहुंचेंगी कि सरकार की राय भू कानून और देवस्थान बोर्ड को लेकर क्या है ।

जनता से संवाद और अधिक सक्रियता दिखाने पर नड्डा का जोर

भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने पार्टी पदाधिकारियों और विधायकों के साथ आयोजित बैठक में प्रवास कार्यक्रमों को लेकर जानकारी ली और जरुरी दिशा निर्देश दिये। दो दिवसीय उतराखंड दौरे पर पहुंचे नड्डा ने हरिद्वार के निकट आयोजित एक होटल में आयोजित बैठक में प्रवास के दौरान जन समस्या को सुनकर उनके निस्तारण पर बल दिया। नड्डा ने जनता के साथ अधिक संवाद स्थापित करने और प्रवास कार्यक्रमों में अधिक सक्रियता बनाने की आवश्यकता पर बल दिया। ज़िला, मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ स्तर पर किस तरह और बेहतर संवाद स्थापित हो सकता है और प्रवास कार्यक्रम और उपयोगी बने इसे लेकर जरूरी निर्देश दिये।
उन्होंने सरकार द्वारा किये जा रहे जन कल्याण के कार्यों को आम जन तक पहुचाने में संगठन को अधिक सक्रियता से कार्य करने की बताया। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने विधायकों और सांसदों के साथ भी विकास कार्य और चुनाव को लेकर चर्चा की। इससे पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष ने दीप प्रज्वलित कर सत्र का शुभारम्भ किया।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत करते हुए संग़ठन द्वारा प्रदेश में चलाए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों व अभियानों के बारे में विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि कोविद काल के दौरान जंहा अन्य पार्टियो के नेता जहां घरों में दुबके पड़े थे वहीं भजपा कार्यकर्ता जी-जान से सेवा ही संग़ठन अभियान के तहत लोगो की सेवा में जुटे थे। उन्होंने कहा कि कोरोना की तीसरी लहर की संभावना को देखते हुए प्रदेश भर में प्रत्येक बूथ पर स्वास्थ्य स्वयं सेवक तैयार कर रहे हैं।
इस मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश सरकार की उपलब्धियों की चर्चा की और कहा कि उनकी सरकार जनपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कोविड कॉल को देखते हुए पर्यटन गतिविधियों के ठप होने के मध्येनजर बिभिन्न व्यवसायियों जुड़े लोगों, स्वास्थ्य कर्मियों और स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के लिए अलग अलग आर्थिक पैकेज घोषित किये गए।
भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने बैठको के क्रम में सभी मंत्रियों व पार्टी सांसदों व विधायकों की भी बैठक ली । बैठक में नड्डा ने निर्वाचित जनप्रतिनिधियों से जनाकांक्षाओं पर खरा उतरने की अपेक्षा की। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से अपने काम व्यवहार पार्टी के गरिमा के अनुरूप कार्यपद्धति को अपनाने पर जोर दिया। इसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा सभी मंत्रियों की बैठक भी ली। जिसमे मंत्रियों से उनके मंत्रालय द्वारा चलाई जारही जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी ली।
बैठक में राष्ट्रीय महामंत्री संग़ठन बीएल संतोष, प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम, सह प्रभारी श्रीमती रेखा वर्मा, प्रदेश संग़ठन महामंत्री अजेय, केन्द्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंन्द्र सिंह रावत, तीरथ सिंह रावत, राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनिल बलूनी, प्रदेश महामंत्री राजेन्द्र भंडारी, कुलदीप कुमार, सुरेश भट्ट, सहित सभी मंत्री, सांसद, विधायक प्रदेश पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष व र्मोचों के सभी प्रदेश अध्यक्ष महामंत्रियों ने भाग लिया।

धामी ने कहा-सदन में सभी सवालों के जवाब देगी सरकार

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरूवार को विधानसभा में मीडिया से अनौपचारिक वार्ता करते हुए कहा कि हम चाहते हैं कि आगामी 23 अगस्त से प्रारम्भ होने वाला विधानसभा सत्र अच्छे ढंग से संचालित हो, आम जनता से जुड़े मुद्दों पर सार्थक विचार विमर्श हो। राज्य के विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा हो। उन्होंने उसके लिये विपक्ष से भी सहयोग की अपेक्षा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा सत्र के दौरान संचालित होने वाली कार्यवाही में पूरे मनोयोग से विभिन्न मुद्दों पर जवाब दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि विपक्ष द्वारा राज्य हित से जुड़े विषयों पर सकारात्मक रूप से राज्य सरकार कार्य करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के काबुल में फंसे लोगों को वापस लाने के लिये राज्य सरकार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अपने नागरिकों को जो वहां फंसे हैं उन्हें वापिस लाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य के प्रत्येक नागरिक को जो वहां फंसे हैं उन्हें वापिस लाने का प्रयास जारी है। इस सम्बन्ध में राज्य सरकार द्वारा भारत सरकार से वार्ता भी की जा रही है।

प्रदेश के विकास के लिए महिला सशक्तिकरण जरूरी-सीएम

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा में आयोजित रक्षाबंधन मिलन समारोह में प्रतिभाग किया। बड़ी संख्या में क्षेत्र की महिलाओं ने मुख्यमंत्री को राखी बांधी। मुख्यमंत्री ने इसके लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि माताओं, बहनों के आशीर्वाद से राज्य सरकार जनहित के कार्यों को आगे बढ़ा रही है। सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास सरकार का मूलमंत्र है।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं को रक्षाबंधन की बधाई व शुभकामनाएं देते हुए कहा कि माताओं और बहनों का जो आशीष और स्नेह मिल रहा है, उससे प्रदेश के चहुमुखी विकास के लिए एक सकारात्मक ऊर्जा मिल रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षाबंधन के दिन माताओं-बहनों के लिए उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में यात्रा पूर्ण रूप से निःशुल्क रहेगी। इस रक्षाबन्धन पर्व पर आशा व आगनबाड़ी कार्यकत्रियों को 1-1 हजार रूपये की धनराशि उपहार के रूप में दी जायेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में मातृशक्ति के जीवन में सुधार लाने के लिए अनेक महत्वपूर्ण योजनाएं सफलतापूर्वक संचालित की जा रही हैं। इनमें उज्ज्वला, स्वच्छ भारत मिशन, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान, सुकन्या समृद्धि योजना, सुरक्षित मातृत्व आश्वासन सुमन योजना, आदि मुख्य हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाव में भगवान होते हैं। हमारी सरकार का भाव जनसेवा है। समाज की आखिरी पंक्ति में अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्रमुख ध्येय है। उन्होने कहा कि कोविड काल में ऑनलाईन पढ़ाई के महत्व के देखते हुए कक्षा 10-12 के छात्र-छात्राओं को सरकार द्वारा मोबाईल टेब दिया जायेगा जिनसे उनकी शिक्षा में और सुधार होगा। उन्होने कहा कि सरकार द्वारा विभिन्न विभागों में 24 हजार रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया प्रारम्भ कर दी गई है एवं सरकारी नौकरी के क्षेत्र में ही नही बल्कि बढ़े स्तर पर सरकार विभिन्न क्षेत्रों में लाखों लोगों को स्वरोजगार से जोड़ने का भी प्रयास कर रही है, सरकार की मंशा है कि प्रदेश के युवा एवं महिलाऐं रोजगार मांगने वाले नही बल्कि रोजगार देने वाले बने। सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिये गये है कि बैंको से मिलने वाला ऋण कि प्रक्रिया को सरल करते हुए शिविरों के माध्यम से जरूरतमन्दों को शिविर में ही ऋण स्वीकृत किया जाना सुनिश्चित करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय आजिविका मिशन के तहत महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को बड़े पैमाने पर बाजार में स्थान दिलाने हेतु सरकार लगातार प्रयास कर रही है, ताकि माताएं-बहने आत्मनिर्भर बन सके। उन्होने कहा कि कोविड-19 के संक्रमण से हुए नुकसान से स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को उबारने हेतु लगभग 119 करोड़ रूपए का सहायता पैकेज दिया जा रहा है। उन्होने कहा कि कोविड काल में प्रतियोगी परीक्षाएं न होने के कारण सरकार ने युवाओं को सरकारी नौकरी की भर्ती में आयुसीमा में एक साल की छूट दी है। राज्य के मेडिकल कॉलेजों में एम0बी0बी0एस0 इन्टर्न के स्टाईपेंड को 7500/-प्रतिमाह से बढ़ाकर रूपये 17,000/-किया गया है। संघ लोक सेवा आयोग, एन.डी.ए, सी.डी.एस एवं उसके समकक्ष लिखित परीक्षा पास करने पर परिवार की आर्थिक स्थिति के आधार पर अभ्यर्थी को साक्षात्कार की तैयारी के लिये 50 हजार रुपए की वित्तीय सहायता दी जाएगी।
अधिकारियों को निर्देश दिये गये है कि तहसील दिवस/बहुउद्देशीय शिविर के माध्यम से आमजन मानस की समस्याओं का निस्तारण करना सुनिश्चित करें। समस्याएं ब्लॉक स्तर, तहसील स्तर या जनपद स्तर की हो उनका उसी स्तर पर निस्तारण करना सुनिश्चित करें। सरकार की जीरो पेंडेन्शी पर काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले चार माह में उत्तराखण्ड में शतप्रतिशत वैक्सीन लगाने का कार्य पूर्ण कर लिया जायेगा। बागेश्वर जनपद में शतप्रतिशत वैक्सीन की पहली डोज लगाई जा चुकी है।
इस अवसर पर विधायक डा. प्रेम सिंह राणा, जिलाध्यक्ष शिव अरोरा, उपाध्यक्ष किसान आयोग राजपाल सिंह, आईजी अजय रौतेला, जिलाधिकारी रंजना राजगुरू, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दलीप सिंह कुंवर, मुख्य विकास अधिकारी आशीष भटगई, सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र की महिलाएं उपस्थित थीं।

आसाम के स्पीकर ने प्रेमचन्द अग्रवाल से की मुलाकात

असम के विधानसभा अध्यक्ष बिस्वजीत दैमरी ने आज अपने उत्तराखंड के दो दिवसीय प्रवासीय भ्रमण के दौरान विधानसभा भवन, देहरादून में उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल से शिष्टाचार भेंट की। इस मौके पर उत्तराखण्ड स्पीकर ने असम के स्पीकर का पुष्पगुच्छ एवं गंगाजली भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं कैबिनेट मंत्री बंशीधर भगत भी मौजूद थे।
भेंट वार्ता के दौरान प्रेमचंद अग्रवाल ने आसाम के स्पीकर को प्रतीक चिन्ह भेंट किया एवं शाल ओड़ाकर सम्मानित किया। बता दें कि असम के विधानसभा अध्यक्ष अपने परिवार सहित उत्तराखंड दौरे के दौरान 18 अगस्त को देहरादून पहुंचे थे।
इस अवसर पर दोनों स्पीकर के बीच अपनी-अपनी विधानसभाओं की कार्य संचालन नियमावली एवं सदन की गतिविधियों के संबंध में विस्तृत चर्चा हुई साथ ही विधानसभाओं की समितियों की कार्यप्रणाली एवं बैठकों के संबंध में भी वार्ता हुई। इस मौके पर असम स्पीकर ने विधानसभा भवन एवं सदन का निरीक्षण कर कोरोना संक्रमण के चलते सत्र के दौरान सदन के भीतर सदस्यों के बैठने की व्यवस्था का भी जायजा लिया। दोनों नेताओं के बीच अपने-अपने प्रदेश में कोरोना संक्रमण के मामले एवं लॉकडाउन की स्थिति में उपजे हालातों पर चर्चा भी हुई।
वहीं उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ने उत्तराखण्ड विधान सभा की कार्य संचालन नियमावली एवं अन्य प्रकाशित पुस्तकें असम स्पीकर को भेंट की।