झुग्गीझोपड़ियों में स्पीकर ने भिजवाया सूखा राशन

ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत चन्द्रभागा नदी के किनारे रहने वाले झुग्गी झोपड़ीवासियों को जिला प्रशासन व खाद्य पूर्ति विभाग द्वारा सूखा राशन वितरित किया गया।

मौके पर मौजूद विधानसभा अध्यक्ष के विशेष कार्याधिकारी (ओएसडी) ताजेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि कोरोना संक्रमण के कारण जनजीवन अस्त व्यस्त होने से कई लोगों के सामने आजीविका का संकट भी पैदा हुआ है उन्होंने कहा कि अब हमें आत्मनिर्भर बनकर फिर से अपने कामों में जुटना होगा।

ओएसडी ने कहा कि सरकार की जन उपयोगी योजनाओं का लाभ प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंच रहा है साथ ही कोरोना काल में सरकार द्वारा जरूरतमंद लोगों की हर प्रकार से सहायता की गयी है। उन्होंने कहा कि कोरोना अभी समाप्त नहीं हुआ है इसलिए हमें अभी भी सचेत एवं सतर्क रहने की आवश्यकता है एवं मास्क व सैनिटाइजर का लगातार उपयोग करना जरूरी है।

मौके पर नायाब तहसीलदार विजयपाल सिंह चौहान, खाद्य पूर्ति निरीक्षक विजय डोभाल, जनसम्पर्क अधिकारी कौशल बिजल्वाण, लेखपाल सतीश जोशी, वरिष्ठ पार्षद शिव कुमार गौतम, जतिन जाटव, राजेन्द्र पाल, आशुतोष शर्मा, सुमित सेठी आदि उपस्थित थे।

नेहरू ग्राम में लगा टीकाकरण शिविर, वैक्सीन को बताया आवश्यक

नगर निगम ऋषिकेश पार्षद राजेंद्र बिष्ट ने कहा कि तीसरी लहर को रोकने के लिए हर हालत में टीकाकरण अनिवार्य है, यही तीसरी लहर को रोकने में कारगर हथियार है। पार्षद ने 400 टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित करते हुए टीकाकरण शिविर लगाया। 

इंदिरा नगर, नेहरुग्राम में विस्थापित पार्क में आयोजित शिविर का शुभारंभ पूर्व प्रधानाचार्य दिवाकर भानु प्रताप सिंह रावत, ज्योति सजवाण, डॉ एके शर्मा, ब्रज सिंह बिष्ट, घनश्याम अग्रवाल ने संयुक्त रूप से किया। पूर्व प्रधानाचार्य रावत ने कहा कि कोविड-19 लहर को रोकने के लिए टीकाकरण सबसे अहम हैं। सरकार को जल्द से जल्द बच्चों के लिए भी वैक्सीन बना लेनी चाहिए। जिससे तीसरी लहर को रोका जा सके। पार्षद राजेंद्र प्रेम सिंह बिष्ट ने कहा कि आज 400 टीकाकरण का लक्ष्य रखा है जिसे वह लगभग पूर्ण कर चुके हैं और भविष्य में भी इस तरह के शिविर लगाए जाते रहेंगे। इस दौरान घर-घर जाकर भी बुजुर्ग व अस्वस्थ्य लोगों को वैक्सीन लगाई गई।  

इस अवसर पर डॉ दीपक सकलानी, डॉ लवित, डॉ अमन नौटियाल, आशा कार्यकर्ती आशा, रीना, आशा, कमलेश, एएनएम शांति, आशा ,मीरा, आशा, पूनम आदि उपस्थित रहीं। 

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के बाद भारी बारिश से जलस्तर बढ़ा, खाली कराए गए गंगा तट

तीर्थनगरी में आफत की भारी वर्षा के बाद गंगा एवं चंद्रभागा नदियों का जलस्तर अत्यधिक बढ़ गया। इसके चलते सुरक्षा को देखते हुए नदियों के किनारे बसे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।

उप जिलाधिकारी के नेतृत्व में ऋषिकेश पुलिस एवं नगर निगम’ की संयुक्त टीम ने मौसम विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान व चेतावनी एवं हो रही भारी वर्षा के कारण नदियों का जलस्तर बढ़ चुका है। गंगा का जलस्तर अत्यधिक बढ़ जाने से गंगा एवं चंद्रभागा नदियों किनारे ऐसे महत्वपूर्ण स्थानों को चिन्हित किया गया। जहां लोग झुग्गी झोपड़ियों एवं अन्य रूप से रहते हैं। किसी भी प्रकार की जनहानि ना हो इसलिए ऐसे चिन्हित स्थानों पर मौके पर पहुंचकर टीम के द्वारा वहां रह रहे लोगों को बढ़ते जलस्तर से सतर्क करते हुए सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। प्रशासन ने भारी वर्षा को देखते हुए सतर्क रहने को कहा है।

सीएम की घोषणा के बाद राज्य के 1.60 लाख राज्य कर्मचारी और 1.50 लाख पेंशनर होंगे लाभान्वित


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज विधानसभा सदन में राज्य कर्मचारियों के फ्रीज किये गये महंगाई भत्ते को बहाल करने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि 11 प्रतिशत डीए वृद्धि से अब राज्य कर्मचारियों और पेंशनरों को कुल 28 प्रतिशत डीए मिलेगा। सितम्बर माह के वेतन में बढ़ा हुआ डीए मिलेगा। जबकि जुलाई व अगस्त माह का एरियर दिया जाएगा। इससे प्रदेश के लगभग 1 लाख 60 हजार कर्मचारी और 1 लाख 50 हजार पेंशनर लाभान्वित होंगे।

पुलिस कर्मियों के ग्रेड पे पर गम्भीरता व संवेदनशीलता से कर रहे विचार
इसके लिए पहले से गठित है मंत्रिमण्डल उपसमिति

पुलिस कर्मियों के ग्रेड पे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पर पहले ही मंत्रिमंडल उपसमिति बनी हुई है। हम इस पर पूरी गम्भीरता और संवेदनशीलता से विचार कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा पुलिसकर्मी दिन रात अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा से करते हैं। राज्य सरकार, राज्य और पुलिस विभाग के हित में हर जरूरी निर्णय लेगी।

नई शिक्षा नीति से हमारी युवा पीढ़ी के जीवन में क्रांतिकारी परिवर्तन आएगाः सीएम

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि नई शिक्षा नीति हमारी एजुकेशन सिस्टम को भारतीय संस्कृति के साथ आधुनिक ज्ञान-विज्ञान से जोड़ेगी। इससे हमारी युवा पीढ़ी और छात्र छात्राओं के जीवन में क्रांतिकारी परिवर्तन आएगा। मुख्यमंत्री ने नई शिक्षा नीति के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री, डिजीटल एजुकेशन के वर्चुअल समिट में बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड से हमारे एजुकेशन सिस्टम में काफी परिवर्तन आया है। शिक्षा में आईटी का प्रयोग बढ़ा है। राज्य सरकार ने भी डिजिटल एजुकेशन में महत्वपूर्ण पहल की हैं। प्रदेश के राजकीय विद्यालयों के 10वीं और 12वीं के छात्र छात्राओं को प्री-लोडेड कन्टेन्ट के साथ मोबाईल टैबलेट उपलब्ध कराए जाएंगे। क्वालिटी एजुकेशन के लिए निरंतर प्रयास किये जा रहे हैं। डिग्री कालेजों में हाई फाई इंटरनेट उपलब्ध कराया जा रहा है। संघ लोक सेवा आयोग, एनडीए, सीडीएस एवं उसके समकक्ष प्रारम्भिक परीक्षा पास करने पर मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार की तैयारी के लिए परिवार की आर्थिक स्थिति के आधार पर 50 हजार रूपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। प्रधानमंत्री के विजन को साकार रूप देने के लिए शिक्षा में आईटी के उपयोग को बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।

डिजिटल एजुकेशन के वर्चुअल समिट में तेलंगाना के आयुक्त तकनीकी शिक्षा नवीन मित्तल, सीबीएसई के निदेशक विश्वजीत साहा, एनसीईआरटी के सचिव मेजर हर्ष कुमार, एपीजे एजुकेशन के आदित्य बेरलिआ, सीएससी एसपीवी के ऋषिकेश सहित शिक्षा जगत से जुड़े अन्य महानुभाव उपस्थित थे।

सीएम से मिले पवनदीप राजन, कला-पर्यटन और संस्कृति में सीएम ने बताया राज्य का ब्रांड एंबेसडर


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पवनदीप राजन को कला, पर्यटन और संस्कृति में उत्तराखण्ड का ब्राण्ड एम्बेसेडर बनाया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पवनदीप राजन ने सामान्य स्थितियों से उठकर अपनी प्रतिभा से देश दुनिया में उत्तराखण्ड का नाम रोशन किया है।

पवनदीप राजन ने सीएम आवास में मुख्यमंत्री से शिष्टाचार भेंट की।

विधानसभा सत्र में मुख्यमंत्री ने की घोषणा, कांग्रेस सरकार में वंचित बालिकाओं को मिलेगा नंदा गौरा योजना का लाभ

विधानसभा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घोषणा की कि वर्ष 2015-16 व 2016-17 में गौरा देवी कन्याधन योजना के लाभ से वंचित बालिकाओं, जिनके आवेदन प्राप्त थे। उन्हें सरकार द्वारा योजना का लाभ दिया जाएगा।

कांग्रेस विधायक मनोज रावत द्वारा उक्त विषय को सदन के समक्ष रखा। जिस पर महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य ने सदन में जवाब दिया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2015-16 में 11300 बालिकाएं व वर्ष 2016-17 में 21916 बालिकाएं ऐसी थी जो कन्याधन योजना के लाभ से वंचित थी। उन्होंने बताया कि कुल 33216 बालिकाओं को लाभ दिलाने के लिए मुख्यमंत्री जी ने 49.42 करोड़ की शेष धनराशि अवमुक्त करने की घोषणा की है।
मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कारनामों से वंचित रह गयी हमारी बेटियों को उक्त जनकल्याणकारी योजना का लाभ देने को हमारी प्रदेश की धामी सरकार ने विशाल हृदय दिखाया है। उन्होंने कहा कि वंचित रह गयी 33216 बालिकाओं को लाभान्वित करने को 49.42 करोड़ की धनराशि अवमुक्त करने की घोषणा मुख्यमंत्री द्वारा सराहनीय कदम है।

कहा कि कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री जो स्वयं को महिलाओं और बेटियों का हितैषी बताते नहीं थकते हैं, उनके ही कार्यकाल की करनी प्रदेश की 33216 बेटियां झेल रही थी। जिसे आज हमारी धामी सरकार ने योजना का लाभ दिलाने का निश्चय किया है।

हमारी सरकार मात्र सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री बनने के लिए कांग्रेस के नेताओं की तरह घड़ियाली आंसू न बहाकर सदा जनता के लिए कार्य करती है । हमारी सरकार द्वारा लिया गया आज का फैसला एक दूरगामी व दूरदृष्टि को परिलक्षित करता है। इसके लिए सरकार बधाई की पात्र है तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जी का आभार यक्त करते हैं।

पात्र बालिका को निम्नानुसार दी जाएगी सहायता
1. बालिका के जन्म पर पांच हज़ार रुपए।
2. 1 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर पांच हज़ार रूपए।
3. कक्षा 8 पास करने व नवी कक्षा में प्रवेश लेने पर पांच हज़ार रूपए।
4. कक्षा 10 पास करने तथा 11वीं कक्षा में अथवा डिप्लोमा में प्रवेश लेने पर पांच हज़ार रुपए।
5. कक्षा बारहवीं पास करने एवं स्नातक अथवा डिप्लोमा में प्रवेश लेने पर पांच हज़ार रुपए।
6. डिप्लोमा अथवा स्नातक अविवाहित उत्तीर्ण करने पर 10 हज़ार रुपए।
7. बालिका के विवाह पर 16 हजार रुपये की राशि उन्हीं बालिकाओं को देय होगी जिन्होंने डिप्लोमा अथवा स्नातक उत्तीर्ण की है।

अफगानिस्तान से वापस लौटे उत्तराखण्ड वासियों ने मुख्यमंत्री का जताया आभार

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज मुख्यमंत्री आवास स्थित कैम्प कार्यालय के जनता मिलन हॉल में अफगानिस्तान से सकुशल लौटे 56 उत्तराखण्ड वासियों का स्वागत किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कठिन संघर्ष एवं जतन के बाद वतन वापस आने वालों का वे प्रदेश में स्वागत करते हैं। उन्होंने कहा कि अफगानिस्तान से उत्तराखण्ड वासियों की सकुशल वापसी के लिये वे निरंतर प्रयासरत रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, विदेश मंत्री एस जयशंकर के साथ ही राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल का भी आभार व्यक्त करते हुए उनके सहायोग के लिये धन्यवाद भी ज्ञापित किया। कहा कि यह सब प्रधानमंत्री मोदी के कुशल नेतृत्व के कारण संभव हो पाया। प्रधानमंत्री मोदी के कारण आज दुनिया में भारत का स्वाभिमान व इज्जत बढ़ी है। शक्तिशाली भारत की पहचान बनी है। देश के सक्षम एवं मजबूत लीडरशिप के कारण हमारे लोग विदेशों में सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि अफगानिस्तान में फंसे लोगों को सकुशल वापसी के प्रयास जारी रहेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड के लोगों को दिल्ली से उनके घरों तक वापस लाने के लिये आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिये स्थानिक आयुक्त को भी निर्देश दिये गये हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी तक 400 से अधिक लोगों की उत्तराखण्ड वापसी हो चुकी है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड लौटे लोगों के स्वास्थ्य एवं स्वरोजगार की समस्याओं के समाधान का भी रास्ता तलाशा जायेगा। उन्होंने इस अवसर पर उपस्थित 56 लोगों के साथ ही सभी वापस लौटे लोगों के सुखद भविष्य की भी कामना की।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि वे भी निरंतर अफगानिस्तान में फंसे लोगों के परिवार के सम्पर्क में रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड लौटे लोगों में से यदि कोई अपना उद्यम स्थापित करना चाहेगा तो उसके लिये सहयोग दिया जायेगा।

इस अवसर पर गोरखाली सुधार सभा के पदाधिकारियों ने गोरखा समाज की विभिन्न समस्याओं से सम्बन्धित ज्ञापन भी मुख्यमंत्री को सौंपा। इस अवसर पर विशेष सचिव मुख्यमंत्री डॉ पराग मधुकर धकाते, जिलाधिकारी आर राजेश कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. योगेंद्र सिंह रावत, संयोजक चेतन गुरंग, केंट वार्ड के पूर्व उपाध्यक्ष विष्णु गुप्ता, गोरखाली सुधार सभा की पुष्पा, सुधा, उमा के साथ ही बड़ी संख्या में अन्य लोग उपस्थित थे।

पूर्व दर्जा राज्यमंत्री भूपेश उपाध्याय ने थामा आम आदमी पार्टी का दामन


नई दिल्ली। आज उत्तराखंड सरकार में रहे पूर्व दर्जा राज्य मंत्री भूपेश उपाध्याय ने दिल्ली में विधिवत आप पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जी ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस मौके पर आप प्रदेश प्रभारी दिनेश मोहनिया और सीएम उम्मीदवार कर्नल कोठियाल भी मौजूद रहे। भूपेश उपाध्याय कपकोट, बागेश्वर से बसपा के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी भी रहे हैं।

इस दौरान अरविंद केजरीवाल ने कहा कि भूपेश उपाध्याय के पार्टी में शामिल होने से पार्टी को उत्तराखंड में नई ऊर्जा मिलेगी और इसके साथ साथ लोग पार्टी से जुड़ते रहेंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि, उनके अनुभवों का पार्टी को लाभ मिलेगा और भूपेश उपाध्याय पार्टी की मजबूती के लिए सबके साथ मिल जुलकर कार्य करेंगे।

वहीं इस दौरान भूपेश उपाध्याय ने आप की सदस्यता लेने के बाद अरविंद केजरीवाल, कर्नल कोठियाल और प्रभारी दिनेश मोहनिया का आभार जताया और कहा वो आप की नीतियों से प्रभावित होकर पार्टी का दामन थाम रहे और अब वो पार्टी के लिए समर्पित होकर काम करेंगे।

वहीं कर्नल कोठियाल ने कहा कि, आप पार्टी का विस्तार बडी तेजी से हो रहा है और आप पार्टी की नीतियों से लोग लगातार प्रभावित हो रहे हैं। इसके साथ अब विपक्षी पार्टियां भी अरविंद केजरीवाल जी की नीतियां अपनाने के लिए विवश हो गई हैं। उन्होंने कहा कि, आप पार्टी नीतियों की लडाई लडने वाली पार्टी है और यही वजह है कि समाज के हर वर्ग से जुडे प्रबु़द्ध लोग आप पार्टी का दामन थाम रहे हैं। सभी ने भूपेश उपाध्याय का पार्टी में स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की ,और उम्मीद जताई कि उनके अनुभवों का लाभ उठाते हुए पार्टी आने वाले चुनाव में मजबूती के साथ मैदान में अपना जौहर दिखाएगी।

इस दौरान अरविंद केजरीवाल जी के साथ भूपेश उपाध्याय के अलावा आप प्रदेश प्रभारी दिनेश मोहनिया, कर्नल अजय कोठियाल, आप प्रदेश उपाध्यक्ष बसंत कुमार, पूर्व डीएवी कॉलेज छात्रसंघ अध्यक्ष कुलदीप कुमार मौजूद रहे।

5720.78 करोड़ का अनुपूरक बजट विधानसभा सत्र में हुआ पेश


देहरादून। उत्तराखंड विधानसभा मानसून सत्र में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 5720.78 करोड़ का अनुपूरक बजट पेश किया।

एक नज़र बजट के अहम 12 बिंदुओं पर

*1 :-* वित्तीय वर्ष 2021-22 के प्रथम अनुपूरक बजट के अन्तर्गत कुल बजट धनराशि रू0 5720,78 करोल
का प्रावधान किया गया है जिसमें राजस्व व्यय को अन्तर्गत 60 2000.63 करोड़ व पूंजीगत व्यय के अन्तर्गत 60 2730.25 करोड़ का प्रावधान किया गया है। केन्द्र पोषित योजनाओं में 3178.87 करोड एवं बाहय सहायतित परियोजनाओं हेतु रू0 66 करोड़ का प्रावधान किया गया है।

*2 :-* केन्द्र पोषित प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना हेतु रू0 570 करोड़, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन हेतु कुल 449 करोड, जल जीवन मिशन योजना हेतु कुल 60 401 करोड, अटल नवीनीकरण और शहरी परिवर्तन मिशन हेतु रू0 137.29 करोड़, प्रधान मंत्री आवास योजना हेतु रू0 70.01 करोड, स्वच्छ भारत मिशन
हेतु रू0 24.65 करोड़, रूसा के अन्तर्गत विश्वविद्यालय/शासकीय तथा अशासकीय महाविद्यालयों को भवन निर्माण हेतु रू0 20 करोड़, समग्र शिक्षा में वृहद निर्माण हेतु रू0 214.57 करोड का प्रावधान किया गया है।

*3 :-* कोविड आपदा के आलोक में विविध प्रकार की सहायता हेतु रू0 600 करोड का प्रावधान किया गया है।

*4 :-* मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना हेतु रू0 100 करोड़, मुख्यमंत्री महिला पोषण योजना हेतु रू0 16.51 करोड, मुख्यमंत्री सौभाग्यवती योजना हेतु रू0 8.34 करोड, मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना हेतु रू0 7.65 करोड, आंगनवाड़ी कार्यकर्तियों को दिये जाने वाले मानदेय हेतु रू0 33 करोड़ एवं पार्ट टाईम दाईयों
को अतिरिक्त मानदेय हेतु रू0 15.50 करोड़ का प्रावधान किया गया है।

*5 :-* शहरी एवं ग्रामीण स्थानीय निकायों को समनुदेशन हेतु कुल रू0 293 करोड़ का प्रावधान किया गया है।

*6 :-* प्रदेश के मार्गों/पुलियों के अनुरक्षण कार्य हेतु रू0 55 करोड़, बाढ़ सुरक्षा कार्यों के संपादन हेतु रू० 30 करोड, नगरीय पेयजल/जलोत्सारण योजनाओं का निर्माण हेतु रू0 25 करोड, स्मार्ट सिटी योजना हेतु रू0 60 करोड, प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना मे भूमि अधिग्रहण/एन.पी.वी. का भुगतान हेतु रू0 93 करोड़ एवं केन्द्रीय सडक निधि मद में रू0 200 करोड़ का प्रावधान किया गया है।

*7 :-* श्री केदार नाथ उत्थान चौरिटेबल ट्रस्ट के अन्तर्गत श्री केदारनाथ एवं श्री बद्रीनाथ में प्रस्तावित कार्यों आदि हेतु रू0 15 करोड़, पर्यटन विभाग के अन्तर्गत चार धाम एवं विभिन्न स्थानों हेतु भूमि क्रय के लिए रू0 15 करोड़ एवं सरकारी भवनों का पुननिर्माण हेतु रू0 16 करोड़ का प्रावधान किया गया है।

*8 :-* राजकीय महाविद्यालयों के निर्माणाधीन भवनों को पूर्ण किये जाने हेतु रू0 5 करोड़, विद्यालयों एवं छात्रावासों का निर्माण हेतु रू0 10 करोड एवं केन्द्रीय विद्यालयों के निर्माण हेतु भूमि क्रय के लिए रू० 5 करोड़ का प्रावधान किया गया है।

*9 :-* प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों हेतु भूमि क्रय के लिए रू0 5 करोड, कोटद्वार मेडिकल कालेज की स्थापना हेतु रू0 20 करोड़ तथा अल्मोड़ा मेडिकल कालेज अन्तर्गत रू0 13 करोड का प्रावधान किया गया है।

*10 :-* पर्वतीय मार्गों में बस संचालन से होने वाली हानि की प्रतिपूर्ति हेतु रू0 42 करोड़ का प्रावधान किया गया है।

*11 :-* मॉडल राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान हेतु रू0 62.53 करोड़ एवं वर्क फोर्स डेवलपमेंट फार माडल इकोनोमी के लिये रू0 25 करोड का प्रावधान किया गया है।

*12 :-* कैम्पा योजना के अन्तर्गत रू0 150 करोड़ एवं उत्तराखण्ड विकेन्द्रीकृत जलागम विकास परियोजना हेतु रू0 30 करोड़, उद्यान बीमा योजना हेतु रू0 26.56 करोड़, राष्ट्रीय कृषि वानिकी एवं बांस मिशन हेतु रू0 9.42 करोड एवं राष्ट्रीय कृषि प्रसार एवं प्रौद्योगिकी मिशन/ कृषि उन्नति योजनाएं हेतु रू0 8.5 करोड का प्रावधान किया गया है।