रविवार को कोरोना कर्फ्यू का आदेश मुख्य सचिव ने किया जारी

राज्य सरकार ने कोरोना वायरस के संक्रमण को देखते हुए गाइडलाइन में संसोधन किया है। इसके तहत अब रात्रि कोरोना कर्फ्यू नौ बजे से सुबह पांच बजे तक लागू रहेगा। देहरादून नगर निगम क्षेत्र में प्रत्येक शनिवार और रविवार को साप्ताहिक कोविड-19 कर्फ्यू रहेगा। प्रदेश के अन्य जिलों में हर रविवार को साप्ताहिक कोविड-19 कर्फ्यू लागू रहेगा। इसको लेकर मुख्य सचिव ने शनिवार को आदेश जारी कर दिए हैं।

उत्तराखंड के सभी जिलों में रात्रि कर्फ्यू नौ बजे से सुबह पांच बजे तक लागू रहेगा।
जनपद देहरादून के नगर निगम क्षेत्र में 18 अप्रैल से हर शनिवार और रविवार को साप्ताहिक कोविड कर्फ्यू लागू रहेगा।
प्रदेश के अन्य जनपदों में अप्रैल के हर रविवार को साप्ताहिक कोविड कर्फ्यू लागू रहेगा।
देहरादून के अन्तर्गत आवश्यक सेवाओं से संबंधित सरकारी और गैर सरकारी कार्यालय संस्थान शनिवार को भी खुले रहेंगे। इन प्रतिबंधों के दौरान निम्नलिखित गतिविधियों में छूट प्रदान की जायेगी।
जिन औद्योगिक संस्थाओं में कई पालियों में कार्य होता है, उनके कर्मचारियों को आवागमन में छूट।
राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों पर आपातकालीन परिचालन के लिए व्यक्तियों और सामानों की आवाजाही।
मालवाहक वाहनों की यात्रा और उतार-चढ़ाव में कार्यरत व्यक्तियों के लिए छूट।
बसों, ट्रेनों और हवाई जहाज से उतरने के बाद अपने गंतव्य के लिए जाने वाले यात्रियों को छूट।
शादी, सामाजिक और धार्मिक आयोजनों के लिए बैंक्वेट हॉल-सामुदायिक हॉलध्धार्मिक स्थलों से आवाजाही के लिए निर्धारित समय में प्रतिबंधों से छुट प्रदान की जाएगी।
जिन संस्थानों में रात्रि पाली में कार्य होता है उसके कार्मिकों को कार्यस्थल तक आवागमन के लिए छूट।

स्पीकर ने सुनी कृष्णानगर काॅलोनी में जनसमस्याएं, सड़कों के लिए दिए 10 लाख

कृष्णानगर काॅलोनी ऋषिकेश की आंतरिक सड़कें अब 10 लाख रूपए की विधायक निधि से बनेंगी। स्पीकर उत्तराखंड प्रेमचंद अग्रवाल ने इसकी घोषणा की है। स्पीकर ने आज कृष्णानगर काॅलोनी में जन समस्याएं सुनी। साथ ही उन्हें कर कीमत पर बसाने का आश्वासन भी दिया।

स्पीकर प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि कृष्णानगर कॉलोनी को नगर निगम में शामिल करने अथवा नयी ग्राम सभा के निर्माण के लिए मुख्यमंत्री को दिए गए 21 सूत्रीय मांग पत्र में प्रमुख रूप से आग्रह किया है। कहा कि कृष्णानगर कॉलोनी को किसी भी हालत में उजड़ने नहीं दिया जाएगा। जिसके लिए वह हर पल कृष्णानगर वासियों के संग खड़े है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में सीवर लाइन बिछाए जाने के निर्देश भी दिए गए है।

कार्यक्रम के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने उपस्थित कन्याओ को नवरात्रा के पावन अवसर पर फूल माला पहनायी एवं देवी स्वरूप कन्याओं के पैर छूकर आशीर्वाद भी प्राप्त किया। साथ ही 3.66 करोड से पेयजल समस्या के निदान जैसे सड़क, बिजली, पानी सहित क्षेत्र में किए जा रहे विकास कार्यों को लेकर फूल मालाओं से आभार व्यक्त किया। विधानसभा अध्यक्ष ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को भी सुना एवं कई समस्याओं का संबंधित विभाग के अधिकारियों के संग वार्ता कर समाधान भी निकाला।

विधानसभा अध्यक्ष ने कोरोना के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए संक्रमण से बचने के लिए लोगों को जागरूक भी किया। उन्होंने कहा कि कोरोना से बचना है तो “दवाई के साथ कढ़ाई “ का मंत्र अपनाना होगा। उन्होंने सभी से सामाजिक दूरी एवं अनिवार्य रूप से मास्क एवं सैनिटाइजर का प्रयोग करने की अपील की एवं अनावश्यक घर से बाहर ना निकलने की सलाह दी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता वीरभद्र मंडल के मंडल अध्यक्ष अरविंद चैधरी एवं संचालन नगर निगम पार्षद सुंदरी कंडवाल ने किया। इस दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेता रमेश चंद शर्मा, सदानंद यादव, आरती दुबे, मनोरमा देवी, पुरुषोत्तम, निर्मला उनियाल, करण सिंह, तिलक चैहान, जोगेंद्र सैनी, सुनील यादव, राजकुमार भारती, चंद्रदेव पांडे आदि उपस्थित रहे।

सांस लेने में तकलीफ व फेफड़ों में संक्रमण की शिकायत पर एम्स भर्ती हुए बच्ची सिंह रावत

भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री बच्ची सिंह रावत की तबियत बिगड़ने पर उन्हें उपचार हेतु एम्स ऋषिकेश में भर्ती किया गया है।

शनिवार अपराह्न में पूर्व मंत्री बच्ची सिंह रावत जी को हेली एम्बुलेंस के माध्यम से हल्द्वानी से एम्स ऋषिकेश लाया गया। उन्हें इमरजेंसी में भर्ती किया गया है जहां विशेषज्ञ चिकित्सक उनकी देखभाल कर रहे हैं। एम्स के जनसंपर्क अधिकारी हरीश मोहन थपलियाल जी ने बताया कि चिकित्सकों द्वारा की गई शुरुआती जांच में पाया गया कि पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री बच्ची सिंह रावत जी को सांस लेने में तकलीफ और उनके फेफड़ों में संक्रमण की शिकायत है। उन्होंने बताया कि विभिन्न परीक्षण पूर्ण होने के बाद उन्हें उचित उपचार हेतु शीघ्र ही आईपीडी में शिफ्ट कर दिया जाएगा।

उत्तराखंड सरकार भी भारत सरकार के साथ डिजिटल क्रांति के क्षेत्र में बढ़ रही आगे


मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने पूर्णागिरी धाम में जियो द्वारा संचालित की जा रही 4जी सेवाओं का वर्चुअल शुभारम्भ किया। उन्होंने पूर्णागिरी धाम में 4जी सेवाओं का शुभारम्भ के लिए मुकेश अम्बानी और जियो परिवार का धन्यवाद किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कोरोना महामारी के वक्त मोबाइल और डेटा कनेक्टिविटी अति महत्वपूर्ण है। छात्रों की पढ़ाई, मध्यम व लघु उद्योग, उत्तराखण्ड में आने वाले पर्यटकों व स्थानीय नागरिकों के लिए डेटा कनेक्टिविटी बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में डिजिटल इंडिया की परिकल्पना साकार हो रही है। पंचायतों को ऑप्टिकल फाईबर के माध्यम से नेटवर्किंग से जोड़ा गया है। उत्तराखण्ड सरकार भी भारत सरकार के साथ डिजिटल क्रांति के क्षेत्र में आगे बढ़ रही है। हमारी सरकार और जियो कम्पनी ने मिलकर उत्तराखण्ड के दूरस्थ क्षेत्रों तक 4जी मोबाइल कन्क्टिविटी पहुचाने का कार्य किया है।

मुख्यमंत्री तीरथ ने कहा कि उत्तराखण्ड देवभूमि है, यहाँ अनेक धार्मिक स्थल हैं। जियो अधिकतर स्थानों में अपनी 4जी सेवाएं दे रहा है। महत्वपूर्ण मंदिरों और तीर्थक्षेत्रों को अपने 4जी नेटवर्क से जोड़ चुका है। जियो ने उत्तराखण्ड बॉर्डर एरिया में भी 14 साईटस् प्रारंभ कर दी है जिससे उत्तराखण्ड के बार्डर एरिया में रहने वाले लोग भी अब 4जी डिजिटल कनेक्टिविटी से जुड़ चुके हैं। इसी कड़ी के अंतर्गत अब जियो, मॉ पूर्णागिरी धाम को भी अपने 4जी नेटवर्क से जोड़ने जा रहा है। माँ पूर्णागिरी धाम 108 सिद्धपीठों में से एक है और बङी संख्या में श्रद्धालु यहाँ हर वर्ष दर्शनार्थ आते है।

इस अवसर पर वर्चुअल माध्यम से जियो के उत्तराखण्ड स्टेट हेड विशाल अग्रवाल, पूर्णागिरी मंदिर के चैयरमेन भुवन चन्द्र पाण्डे, गिरीश चन्द्र पाण्डे आदि उपस्थित थे।

कुंभ में बेहतरीन कार्य करने पर कांस्टेबल हरीश गुंसाई हुए सम्मानित

महाकुंभ में शाही स्नान के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने पर पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने ऋषिकेश में तैनात जल पुलिस के सिपाही हरीश गुंसाई को सम्मानित किया है। यह सम्मान उन्हें हरिद्वार में नगद पुरस्कार देकर दिया गया।

बता दें कि जल पुलिस का यह सिपाही हरीश गुंसाई गंगा नदी में शाही स्नान के दौरान आठ लोगों को मौत के मुंह से बाहर निकालकर लाया। कांस्टेबल हरीश गुसाईं के इस साहस भरे कार्य के लिए उन्हें डीजीपी अशोक कुमार ने नगद पुरुस्कार से सम्मानित किया है। साथ ही आगे भविष्य में भी अपने कर्तव्यों का ऐसी प्रकार निर्वाहन करने की शुभकामनाएं दी है।

मुख्यमंत्री बोले, होम आइसोलेशन की प्रभावी रणनीति बनाई जाए

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने निर्देश दिये हैं कि कोविड प्रोटोकॉल का पालन सुनिश्चित कराया जाए। जो लोग मास्क सही तरीके से नहीं पहन रहे हैं और सोशल डिस्टेंसिंग का उल्लंघन कर रहे हैं, उन पर सख्त कार्रवाई की जाए। मुख्यमंत्री ने प्रदेश में कोरोना की स्थिति की समीक्षा करते हुए कहा कि परीक्षाओं को स्थगित किया जाए और कॉलेजों में केवल ऑनलाइन क्लासेज की अनुमति दी जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जागरूकता पर सबसे अधिक जोर दिया जाए। टेस्टिंग की संख्या बढाई जाए और वैक्सीनैशन अभियान में भी तेजी लाई जाए। कङाई भी और दवाई भी, पर काम करना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि होम आइसोलेशन की प्रभावी रणनीति बनाई जाए। होम आईसोलेशन वालों को जरूरी किट दी जाए और उनसे लगातार सम्पर्क रखा जाए। कोविड केयर सेंटरों को मजबूत किया जाए। कंट्रोल रूम का प्रभावी संचालन हो। वहां प्रशिक्षित अधिकारी और कार्मिक तैनात किये जाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मृत्यु दर को कम करने के लिये यह सुनिश्चित किया जाए कि संक्रमित व्यक्ति को समय पर ईलाज मिले। कान्टेक्ट ट्रेसिंग बहुत जरूरी है। कंटेन्मेंट जोन में पूरी सख्ती रखी जाए।

मुख्य सचिव ओमप्रकाश ने कहा कि पिछली बार फ्रंटलाइन वर्कर्स ने बहुत अच्छा काम किया था। इस बार भी उसी जज्बे के साथ हमें संक्रमण को रोकना है। बोर्डर्स पर चैकिंग की जाए। आरटीपीसीआर टेस्ट का अनुपात बढाया जाए।

सचिव अमित नेगी ने कहा कि वर्तमान में हमारे पास आईसीयू बेड, वैंटीलेटर, आक्सीजन सपोर्ट बेड पर्याप्त हैं। हमें इन सुविधाओं को और बढाना है।पैनिक होने की आवश्यकता नहीं है परंतु पूरी गम्भीरता से काम करना है। किसी भी तरह की शिथिलता न रहे।

प्रभारी सचिव डॉ पंकज पाण्डेय ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से जिलावार सारी स्थिति की जानकारी दी। बैठक में डीजीपी अशोक कुमार, सचिव नितेश झा, डीजी हेल्थ तृप्ति बहुगुणा, सभी जिलाधिकारी आदि उपस्थित थे।

मुनिकीरेती पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में दो पर किया मुकदमा दर्ज


मुनिकीरेती पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने पर स्वामी प्रकाशानंद पुरी सहित दो व्यक्ति पर मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने मृतक के जीजा की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया है।

दरअसल, संदीप नेगी निवासी नैनीसैंण जिला चमोली ने मुनिकीरेती थाने में तहरीर दी। बताया कि उनका 24 वर्षीय साला अमित सिंह पुत्र देवेंद्र सिंह ने आत्महत्या पंखे से लटककर कर ली है। बताया कि अमित सिंह को कुछ समय से दो लोग पैसे के लेनदेन को लेकर दबाव बना रहे थे। जिस वजह से उसके साले ने आत्महत्या की है। मामले में सुसाइड नोट के आधार पर पुलिस ने शीशम झाड़ी निवासी दीपक रयाल व स्वामी प्रकाशानंद पुरी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

सीएम ने पंचायतीराज निदेशालय में किया स्मार्ट एवं ईको फ्रेंडली ई-आफिस का लोकार्पण


मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने सहस्त्रधारा रोड स्थित पंचायतीराज निदेशालय में राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के अन्तर्गत स्मार्ट और इको फ्रेंडली ई-आफिस के रूप में नवीनीकृत निदेशालय पंचायतीराज के भवन और राज्य पंचायत संसाधन केंद्र के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया।

सीएम ने वचुअर्ल रूप से 662 कॉमन सर्विस सेन्टर व जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय व जिला पंचायत कार्यालय व खण्ड विकास कार्यालय व पंचायती राज, महिला सशक्तिकरण व ग्राम्य विकास के फील्ड स्टाफ तथा त्रिस्तरीय पंचायत प्रतिनिधियों को संबोधित किया।

कहा कि पंचायतों को बदलते जमाने के अनुरूप बनाने के लिए उन्हें सूचना व संचार तकनीक से जोड़ा जाना अत्यन्त आवश्यक है। इसी के क्रम में आज राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के अंतर्गत निदेशालय पंचायतीराज के भवन को स्मार्ट और इको फ्रेंडली ई-आफिस के रूप में नवीनीकृत किया गया है। साथ ही राज्य पंचायत संसाधन केंद्र के नवनिर्मित भवन का भी लोकार्पण किया गया है।

उन्होंने कहा कि पंचायत के दायित्वों एवं कर्तव्यों के क्रियान्वयन में होने वाली समस्याओं के निदान हेतु डैस्क प्रणाली तैयार की गई है। इसके लिए टोल फ्री न0 18004190444 जारी किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भारत गांवों में बसता है। देश तभी समृद्ध होगा जब हमारे गांव समृद्ध होंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने गांधी के ग्राम स्वराज की दिशा में उल्लेखनीय काम किए हैं और निरन्तर करते जा रहे हैं। 24 अप्रैल 2018 को राष्ट्रीय पंचायत राज दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान की शुरूआत की गई। इसका उद्देश्य पंचायतों और ग्राम सभाओं की क्षमतावृद्धि कर उन्हें मजबूत करना और उनमें जनसहभागिता सुनिश्चित करना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले लगभग तीन वर्षों में राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के अंतर्गत पंचायतों को मजबूत करने के लिए काफी काम किया गया है। पंचायत प्रतिनिधियों को प्रशिक्षण द्वारा उनकी क्षमताओं में वृद्धि की गई है। ग्राम पंचायतों में बुनियादी ढांचे का विकास किया गया है।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार का एक और बड़ा काम है जिसका परिणाम आने वाले समय में देखने को मिलेगा। देश के लाखों गांवों में स्वामित्व योजना शुरू की गई है। इसे युगांतरकारी योजना कहा जा सकता है। इसमें ड्रोन का उपयोग कर लोगों की भूमि सम्पत्ति का वैरीफिकेशन किया जाता है। इससे गांवों में सही भूमि अभिलेख तैयार करने में मदद मिलेगी। विवादों में कमी आएगी। वैध रिकार्ड उपलब्ध होने से ग्रामीण अपनी सम्पत्ति पर ऋण भी ले सकेंगे। मोदी सरकार के कार्यकाल में ही पंचायतों को ऑप्टिअकल फाईबर नेटवर्क से जोड़ा जा रहा है। इससे हमारी पंचायतें तकनीकी रूप से दक्ष बन रही हैं और ई-पंचायत की परिकल्पना साकार हो रही हैं। इससे डिजीटल भारत में पंचायतों की भूमिका भी सुनिश्चित हो रही है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने आत्मनिर्भर भारत और वोकल फॉर लोकल का आह्वान किया है। भारत आत्मनिर्भर तभी होगा जबकि हमारे गांव आत्मनिर्भर बनें। इसके लिए हम काम भी कर रहे हैं। स्थानीय उत्पादों के माध्यम से गांव समृद्धि के केंद्र बन सकते हैं। इसके लिए वोकल फॉर लोकल बहुत जरूरी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरा विश्व कोरोना से जूझ रहा है, पिछले वर्ष हमने प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सफलतापूर्वक कोरोना से लड़ाई लड़ी। इसमें हमारे पंचायत प्रतिनिधियों, आशा कार्यकत्रियों, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और ग्राम स्तर पर काम कर रहे हमारे लोगों की बहुत महत्वपूर्ण भूमिका रही। अब जब कोरोना दुबारा से फैल रहा है तो हमें फिर से उसी जज्बे से काम करना है और इसमें हमारी पंचायत राज संस्थाओं को सक्रिय भूमिका निभानी है।

इस अवसर पर विधायक रायपुर उमेश शर्मा ‘‘काऊ‘‘, सचिव पंचायती राज एचसी सेमवाल आदि उपस्थित थे।

देवडोलियों के कुंभ स्नान का टीवी पर होगा लाइव प्रसारणः सतपाल महाराज

संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने देवडोलियों के संदर्भ में आहूत एक बैठक में कहा कि 24 व 25 अप्रैल को ऋषिकेश व हरिद्वार में होने जा रही देवडोलियों की शोभायात्रा पुलिस बैंड के साथ निकलेगी। इसके अलावा देवडोलियों के पावन महाकुंभ स्नान को जन-जन तक पहुंचने के लिये टीवी पर लाइव प्रसारण किया जायेगा। साथ ही संस्कृति विभाग द्वारा पशवा, पुजारी व ढोल वादकों को मानपत्र व स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मनित किया जायेंगे।

इस अवसर पर श्री देवभूमि लोकसंस्कृति विरासतीय शोभायात्रा समिति के परमाध्यक्ष पूर्व कैबिनेट मंत्री मोहन सिंह रावत गांववासी ने कहा कि विश्व में भारत की गरिमामयी यशस्वी वसुधैव कुटुंबकम की मानवतावादी सनातनी संस्कृति है। नागाधिराज हिमालय उत्तराखंड की दैवत्व व लोककल्याणकारी मानवता से परिपूर्ण जीवन के सच्चिदानंदमय लोकसंस्कृति विरासत का संरक्षण व संवर्धन से भक्ति, आस्था, विश्वास के साथ साथ पर्यटन व पर्यावरण को भी प्रोत्साहित मिलेगा।

समिति के केन्द्रीय प्रवक्ता डॉ. धीरेंद्र रांगड़ ने कहा कि 24 अप्रैल तक बाहरी प्रान्तों के श्रद्धालुओं की भीड़ भी कम होने की उम्मीद है, फिर भी श्रद्धालुगण कोरोना के नियमों का पालन करते हुए देवी-देवताओं का आशीष प्राप्त करेंगे। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं के लिए मास्क, सैनीटाइजर के साथ ही हरिद्वार में काढ़े की व्यवस्था भी की जायेगी।

इस अवसर पर समिति के केन्द्रीय प्रवक्ता डॉ. धीरेंद्र रांगड़, देहरादून प्रतिनिधि पं.भास्कर डिमरी, संजीव रौथाण, नितेन्द्र बोरा, हरिद्वार प्रभारी मुकेश जोशी, अनिल गिरी, आशाराम व्यास, विशालमणि पैन्यूली आदि उपस्थित थे।

स्पीकर की पेयजल निगम अफसरों के साथ हुई बैठक, जल्द सीवर लाइन बिछाने पर हुई वार्ता

जर्मन सरकार के क्लाइमेट प्रूफिग प्रोजेक्ट (केएफडब्ल्यू) के अंतर्गत ऋषिकेश में पहले चरण में 459.14 करोड़ रुपए की लागत से 180 किलोमीटर सीवर लाइन बिछाये जाने के साथ ही पंपिग स्टेशन एवं एसटीपी प्लांट निर्माण का कार्य जल्द शुरू किया जाएगा।उक्त जानकारी आज उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने पेयजल निगम के अधिकारियों के संग बैठक के उपरांत कही।
बैराज मार्ग स्थित कैंप कार्यालय में स्पीकर प्रेमचंद अग्रवाल ने पेयजल निगम के उच्चाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में केएफडब्ल्यू के अंतर्गत ऋषिकेश में पहले चरण में लगभग 459 करोड़ रुपए की लागत से होने वाले सीवरेज निर्माण कार्यों के संबंध में अधिकारियों ने विधानसभा अध्यक्ष को विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान विधानसभाध्यक्ष ने नमामि गंगे के कार्यक्रम निदेशक उदयराज से दूरभाष पर वार्ता कर योजना के निर्माण कार्यों को शीघ्र ही प्रारम्भ करने के निर्देश दिए।

विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि वित् पोषित कार्यक्रम केएफडब्ल्यू के द्वारा योजना को स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। जिसमें जर्मन सरकार की केएफडब्ल्यू संस्था एवं भारत सरकार के बीच लोन एग्रीमेंट भी हस्ताक्षरित हो चुके हैं। इस योजना के बनने के बाद सीवर की समस्या का पूर्ण निदान हो जाएगा।

उन्होंने कहा कि केएफडब्ल्यू योजना के अंतर्गत लाभान्वित होने वाले क्षेत्रों में नगर निगम, ऋषिकेश के समस्त 40 वार्ड जिनमें शैल विहार, प्रगति विहार, इंदिरा नगर, मीरा नगर, तुलसी विहार, शिवाजी नगर, बापू ग्राम, रामबाग, निर्मल बाग, बीरपुर खुर्द, श्यामपुर, खदरी खडगमाफ सहित अन्य क्षेत्र है।इस कार्यक्रम के द्वारा गंगा नदी में प्रवाहित हो रही दूषित जल की रोकथाम कर गंगाजल को स्वच्छ किया जाना मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि इस योजना के अंतर्गत ऋषिकेश की लगभग सवा लाख से अधिक जनसंख्या को सीवर योजना से लाभान्वित किया जायेगा।
इस अवसर पर पेयजल निगम के परियोजना प्रबंधक ए.के चतुर्वेदी ने बताया कि केएफडब्ल्यू योजना के अंतर्गत पहले चरण में ऋषिकेश नगर के समस्त वार्डों एवं खदरी खड़क माफ ग्रामीण क्षेत्र में 180 किलोमीटर सीवर लाइन बिछाया जाना प्रस्तावित है। इसके साथ ही आस्था पथ के निकट व आवास विकास में एक-एक सीवरेज पंपिग स्टेशन तथा खदरी खड़कमाफ ग्रामीण क्षेत्र में 2.0 एमएलडी का सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट बनाया जाना है।

बैठक में परियोजना अभियंता रविंद्र सिंह, सहायक परियोजना अभियंता सुशील बहुगुणा एवं सहायक परियोजना अभियंता धर्मेंद्र कुकरेती मौजूद थे।