सर्वदलीय समिति के 60 लोगों पर मुकदमा दर्ज, विधानसभा अध्यक्ष के कार्यालय का घेराव करने जा रहे थे आंदोलनकर्मी


विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल के खिलाफ प्रदर्शन और उनके क्षेत्रीय कार्यालय का घेराव करने जा रहे सर्वदलीय संघर्ष समिति के आंदोलनकारियों को पुलिस ने डेढ़ किलोमीटर पूर्व ही रोक दिया। बेरिकेडिंग लगाकर पुलिस ने आंदोलनकारियों को क्षेत्रीय कार्यालय की ओर जाने से रोका तो आंदोलनकारियों ने बेरिकेडिंग को पार करने की जबरन कोशिश की। मौके पर पुलिस के साथ आंदोलनकारियों की नोकझोंक भी देखने को मिली। इस जबरन कोशिश में पुलिस ने 10 नामजद जिनमें राजनीतिक, जनप्रतिनिधि शामिल हैं, के अलावा 50 अज्ञात पर मुकदमा दर्ज किया। कोतवाल शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि आपदा प्रबंधन अधिनियम का उल्लंघन करने पर मुकदमा दर्ज किया गया है।

पूर्व मंत्री शूरवीर सजवाण ने कहा कि नेपाली फार्म के समीप टोल प्लाजा का क्षेत्रवासी विरोध कर रहे हैं। बीते दो सप्ताह से धरना प्रदर्शन चल रहा है। आरोप लगाया कि टोल प्लाजा निरस्तीकरण को लेकर विधानसभा अध्यक्ष जनता को गुमराह कर रहे हैं।

प्रदेश महासचिव राजपाल खरोला ने कहा कि विस अध्यक्ष को टोल प्लाजा स्थगित करने का शासनादेश या लिखित में कोई दस्तावेज दिखाना चाहिए। लेकिन उनके पास लिखित में ऐसा कोई भी कागजात नहीं है। चेताया कि टोल प्लाजा का निर्माण किया गया तो वह क्षेत्रवासियों के साथ मिलकर आंदोलन तेज करेंगे। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने तहसीलदार को ज्ञापन भी सौंपा। इस दौरान परिवहन महासंघ के अध्यक्ष सुधीर राय, उत्तराखंड जन विकास पार्टी के नेता कनक धनाई, एआईसीसी सदस्य जयेंद्र रमोला, महंत विनय सारस्वत, विजयपाल रावत आंदोलनकारियों को संबोधित किया। मौके पर पुलिस उपाधीक्षक डीसी ढौंडियाल, तहसीलदार डॉ अमृता शर्मा, कोतवाल शिशुपाल सिंह नेगी, रायवाला थानाध्यक्ष अमरजीत सिंह रावत, रानीपोखरी थानाध्यक्ष जितेंद्र चैहान आदि मौजूद रहे।


इन पर पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
संजय पोखरियाल निवासी गौहरीमाफी, कनक धनई निवासी खांड गांव रायवाला, जयेन्द्र रावत निवासी गढ़ी मयचक श्यामपुर, राजपाल खरोला निवासी आदर्श ग्राम ऋषिकेश, संदीप बसनेत निवासी प्रतीत नगर रायवाला, विजय पाल सिंह रावत निवासी खद्ररी श्यामपुर, जयेंद्र रमोला निवासी केवलानंद चैक ऋषिकेश, विनय सारस्वत निवासी सुभाष चैक ऋषिकेश, शूरवीर सिंह सजवान (पूर्व मंत्री) निवासी नेपाली फार्म रायवाला, पूर्व पालिकाध्यक्ष दीप शर्मा निवासी तिलक रोड ऋषिकेश के अलावा 50 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

सरकार हिटलरशाही कर रहीः जयेंद्र रमोला
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य जयेन्द्र रमोला ने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष के कैम्प कार्यालय में नेपाली फार्म टोल प्लाजा के निरस्तीकरण के आदेश की कॉपी माँगने रहे सर्वदलीय संघर्ष समिति के लोगों पर मुकदमा दर्ज करना निंदनीय है। यह दर्शाता है कि ये सरकार हिटलर के रूप में कार्य कर रही है प्रदेश के मुख्यमंत्री कोविड अस्पताल के उद्घाटन में सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा करते हैं। उन पर कोई कार्यवाही नहीं होती, मगर विधानसभा अध्यक्ष चार साल बेमिसाल के नाम पर सैकड़ों लोगों का जमावड़ा लगाकर बिना मास्क के मंच पर रहते हैं उनपर कोई मुकदमा नहीं होता।
कहा कि दर्ज किये गये मुकदमें से हमारा संघर्ष खत्म नहीं होगा। जरूरत पड़ने पर बड़ी संख्या में विधानसभा अध्यक्ष को प्रत्यक्ष रूप से घेरेंगे।

सीएम ने लांच की अटल उत्कृष्ट विद्यालय की वेबसाइट लांच


मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने प्रदेश के शिक्षकों से वर्चुअल संवाद किया। मुख्यमंत्री ने नीति आयोग द्वारा जारी सतत विकास लक्ष्य एसडीजीएस सूची में शिक्षा के क्षेत्र में उत्तराखण्ड को चैथी रैंकिंग प्राप्त होने पर शिक्षा विभाग के अधिकारियों एवं सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं को बधाई दी। इस वर्चुअल संवाद में 500 स्कूलों से शिक्षक जुड़े थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अटल उत्कृष्ट विद्यालय की वेबसाइट लाँच की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह प्रदेश के लिए सौभाग्य की बात है कि नीति आयोग द्वारा जारी सतत विकास लक्ष्य एसडीजीएस सूची में चैथा स्थान प्राप्त हुआ है। 17 विभिन्न आयामों को लेकर सूची का निर्धारण किया गया। 2015-16 में जहां राज्य को 19वां स्थान मिला था, आज राज्य ने चैथा स्थान प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में शिक्षा के क्षेत्र में उत्तराखण्ड को प्रथम स्थान पर लाने के लिए शिक्षा विभाग के अधिकारियों एवं शिक्षकों को इसी मनोयोग से कार्य करना होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड काल में पठन-पाठन का कार्य एक नई चुनौती है। सीमित संसाधन होने के बावजूद भी ऑनलाईन शैक्षणिक गतिविधियों के लिए शिक्षा विभाग द्वारा सराहनीय प्रयास किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्कूलों की व्यवस्थाओं में गुणात्मक सुधार लाने के लिए राज्य सरकार द्वारा हर संभव प्रयास किये जा रहे हैं। स्कूलों में विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए जिला प्लान के माध्यम से व्यवस्थाएं की गई हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों तक नेट कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किये जा रहे हैं। अटल उत्कृष्ट विद्यालयों के माध्यम से शिक्षा के स्तर में और सुधार करने के लिए प्रयास किये जा रहे हैं। राज्य में 190 अटल उत्कृष्ट विद्यालय स्वीकृत किये गये हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अनेक स्कूलों के शिक्षकों के साथ वर्चुअल संवाद किया।

शिक्षा मंत्री अरविन्द पाण्डेय ने शिक्षा के क्षेत्र में उत्तराखण्ड की चैथी रैंकिंग प्राप्त होने पर शिक्षा विभाग के अधिकारियों एवं शिक्षकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड की देवभूमि के रूप में विश्व में अलग पहचान है। शिक्षकों के कठिन परिश्रम के परिणामस्वरूप उत्तराखण्ड ने नीति आयोग द्वारा जारी सतत विकास लक्ष्य एसडीजीएस सूची में चैथा स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में गुणात्मक सुधार के लिए राज्य सरकार द्वारा लगातार प्रयास किये जा रहे हैं। प्रदेश में सभी के लिए एक जैसा पाठ्यक्रम लागू किया गया है। 90 प्रतिशत स्कूलों में फर्नीचर की व्यवस्था है। इसे जल्द ही शत प्रतिशत किया जायेगा। 500 स्कूलों में वर्चुअल क्लास की व्यवस्था की गई है। जल्द ही 600 और स्कूलों में वर्चुअल क्लास की व्यवस्था की जायेगी।

इस अवसर पर सचिव शिक्षा आर.मीनाक्षी सुदंरम, महानिदेशक शिक्षा विनय शंकर पाण्डेय आदि उपस्थित थे।

कुंभ जैसे करोड़ों हिंदुओं की आस्था के पर्व को विपक्ष ने किया बदनामः मदन कौशिक

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ऋषिकेश पहुंचे। यहां विपक्ष पर उन्होंने तीर चलाए तो पार्टी के कार्यकर्ताओं में जोश भरे। इस दौरान आगामी विस चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं को एकजुट होने को भी कहा।

दून रोड स्थित एक होटल में मदन कौशिक ने कहा कि विपक्षी दल के लिए राजनीति ही प्राथमिकता में रही है। यही कारण है कि यह लोग प्रदेश सरकार को बदनाम करने के लिए प्रदर्शन और पुतला दहन करते रहे। इस दौरान टूलकिट जैसा घिनौना काम किया गया, कुंभ जैसे करोड़ों हिंदुओं की आस्था के पर्व को बदनाम करने की कोशिश की गई।

इससे पूर्व नटराज चैक पर भाजपाइयों ने प्रदेश अध्यक्ष का फूल मालाओं से स्वागत किया। भाजपाइयों ने नटराज चैक से दून मार्ग स्थित एक होटल तक रैली निकाली। होटल में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि भाजपा को बढ़ाने में कार्यकर्ताओं का खून पसीना लगा है। भाजपा में सभी कार्यकर्ताओं का सम्मान होता है। भाजपा के नेतृत्व वाली सरकारें बेहतरीन कार्य कर रही हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सेवा ही संगठन कार्यक्रम के तहत कोरोना काल में संगठन कार्यकर्ताओं ने बूथ लेवल से लेकर प्रदेश स्तर तक सक्रिय भूमिका निभाई। उत्तराखंड में 15 कंट्रोल रूम बनाए गए। युवा मोर्चा, महिला मोर्चा के साथ अन्य सभी मोर्चा ने रक्तदान शिविर आयोजित किए।

इस दौरान मंडल अध्यक्ष ऋषिकेश दिनेश सती, प्रदेश उपाध्यक्ष कुसुम कंडवाल, अनुशासन समिति के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र दत्त सकलानी आदि उपस्थित रहे।

बीस बीघा में दुर्घटना का पर्याय बने ढलान को दुरस्त करने की मांग पार्षद ने स्पीकर के समक्ष रखी

वार्ड संख्या 30 मीरानगर के बीघा बीघा मार्ग पर एक ऐसा ढलान जो दुर्घटना के कारणों से चर्चा में है। इस ढलान में कई दफा बड़े व मालवाहक वाहन आवागमन करते है, जबकि यह मार्ग बड़े वाहनों के उपयुक्त नहीं है। इसके बावजूद यहां बड़े वाहनों का आवागमन होता है और ढलान पर यह पलट जाता है, यहीं नहीं कई बार ढलान पर स्थित मकान क्षतिग्रस्त हो चुके है। स्थानीय पार्षद सुंदरी कंडवाल ने अनेक बार नगर निगम, एसडीएम स्तर से इसके निराकरण का प्रयास किया। मगर, रंग न चढ़ सका।

आज पार्षद सुंदरी कंडवाल ने स्पीकर प्रेमंचद अग्रवाल के समक्ष क्षेत्र के लोगों के साथ जाकर समस्या रखी और इस बावत ज्ञापन भी सौंपा। बताया कि इस मार्ग पर ढलान होने से वाहन पलट जाते है, वहीं क्षतिगस्त मार्ग होने से दुर्घटनाएं होना आम बात हो गई है। समस्या गंभीर पाते हुए स्पीकर प्रेमचंद अग्रवाल ने लोक निर्माण विभाग को त्वरित कार्रवाई करने के संबंध में निर्देश जारी किए।

इस मोके पर माया घले, आदित्य वर्मा, प्रमोद, राकेश बलोदी, अभिषेक आदि लोग मौजूद थे।

एम्स के विशेषज्ञों की राय, लाॅकडाउन में स्वास्थ्य के प्रति नहीं बरतें लापरवाही

यदि आप कई दिनों तक एक ही मास्क का इस्तेमाल कर रहे हैं, तो सावधान हो जाइये। आपकी यह लापरवाही म्यूकर माइकोसिस से ग्रसित होने की वजह बन सकती है। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान एम्स ऋषिकेश ने इस बाबत सलाह दी है कि कोविड19 से सुरक्षा के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले सूती कपड़े के मास्क को दोबारा पहनने से पहले दैनिकतौर से अवश्य धो लें, यह बेहद जरूरी है।

जून और जुलाई के महीने वातावरण में आर्द्रता बहुत कम हो जाती है। ऐसे में जब हम नाक से सांस लेते हैं तो उसके आगे मास्क लगे होने से मास्क के अन्दर की ओर नमी बनी रहती है। मास्क को लगातार पहने रहने से इस नमी में कीटाणु पनपने लगते हैं और जिससे फंगस के लिए अनुकूल वातावरण तैयार हो जाता है। फिर नाक और मुंह से होता हुआ यह फंगस धीरे-धीरे शरीर के अन्य अंगों को संक्रमित कर देता है।

एम्स निदेशक प्रोफेसर रवि कान्त ने बताया कि सूती मास्क हमेशा धुले हुए और साफ-सुथरे पहनने चाहिए। उन्होंने कहा कि यह कोई जरूरी नहीं है कि जिसे कोविड नहीं हुआ हो उसे म्यूकर माइकोसिस नहीं हो सकता। नाॅन डिस्पोजल मास्क को दैनिकतौर से साफ नहीं करने वाले लोगों को भी इस बीमारी का खतरा हो सकता है। उन्होंने बताया कि कोविड और म्यूकर माइकोसिस दोनों ही बीमारियों से तभी बचाव संभव है, जब कोविड गाइडलाइनों का पूर्ण पालन करने के साथ साथ मास्क का सही तरीके से इस्तेमाल किया जाए। खासतौर से जिन लोगों की इम्युनिटी कमजोर है उन्हें अतिरिक्त सावधानी बरतने की नितांत आवश्यकता है।

कोविड के नोडल अधिकारी डाॅ. पीके पण्डा ने बताया कि लाॅकडाउन के कारण अधिकांश नाॅन कोविड रोगी अपने स्वास्थ्य संबंधी जांचों के प्रति लापरवाह बने हुए हैं। ऐसे में नियमित जांच नहीं कराए जाने से उन्हें अपनी इम्युनिटी और ब्लड में शुगर लेवल की मात्रा का पता नहीं चल पाता। उन्होंने कहा कि म्यूकर माइकोसिस से बचाव के लिए ब्लड में शुगर की मात्रा की रेगुलर जांच कराना जरुरी है। म्यूकर रोगियों के उपचार की सुविधा के बारे में उन्होंने बताया कि ऐसे रोगियों के लिए एम्स में 7 वार्ड बनाए गए हैं। इनमें कुल 185 बेड हैं, जिनमें 65 आईसीयू सुविधा वाले बेड हैं।

म्यूकर माइकोसिस फंगस अक्सर कोविड के लक्षण उभरने के 3 सप्ताह बाद से पनपना शुरू होता है। कमजोर इम्युनिटी और शुगर पेशेंट के लिए यह फंगस सबसे अधिक घातक है। म्यूकर माइकोसिस ट्रीटमेंट टीम के हेड और ईएनटी सर्जन डाॅ. अमित त्यागी का कहना है कि कोविड की दूसरी लहर का पीक टाईम मई का दूसरा सप्ताह था। इस लिहाज से मई अंतिम सप्ताह और जून के पहले सप्ताह तक म्यूकर के मरीजों का ग्राफ तेज गति से बढ़ा था। लेकिन अब इसमें कमी आनी शुरू हो गई है। मई महीने में एम्स में दैनिकतौर पर म्यूकर ग्रसित 7 से 12 पेशेंट आ रहे थे। जबकि अब यह संख्या 4 से 7 प्रतिदिन हो गई है। उन्होंने बताया कि एम्स में अभी तक म्यूकर के कुल 208 पेशेंट आ चुके हैं।

700 करोड की धनराशि मसूरी टनल के लिए हुई स्वीकृत

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने मसूरी शहर की यातायात व्यवस्था की सुगमता एवं आवागमन की सुविधा के लिये माल रोड से लाल बहादुर शास्त्री प्रशासनिक अकादमी के मध्य 2.74 कि0मी0 लम्बी टनल निर्माण के लिये 700 करोड़ की स्वीकृति के लिये केन्द्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गड़करी का आभार व्यक्त किया है।

केन्द्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गड़करी द्वारा इस सम्बन्ध में ट्वीट के माध्यम से जानकारी दी है कि राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 707 ए पर मसूरी में माल रोड से लाल बहादुर शास्त्री प्रशासनिक अकादमी तक 2.74 कि0मी0 लम्बी सुरंग के निर्माण के लिये 700 करोड़ की धनराशि स्वीकृत कर दी गई है।

मुख्यमंत्री ने भी ट्वीट के माध्यम से केन्द्रीय मंत्री गड़करी का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि इससे मसूरी शहर की यातायात व्यवस्था में सुधार तथा आवागमन में सुविधा होगी।

स्पीकर के कोष से कमजोर वर्ग को मिल रही मदद

कोरोना संक्रमण के कारण आर्थिक स्थिति से जूझ रहे कमजोर वर्ग के लिए विधानसभा अध्यक्ष का विवेकाधीन कोष राहत प्रदान कर रहा है। विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने आज 60 जरूरतमंद लोगों को 5 लाख की आर्थिक सहायता के चेक वितरित किए।

उन्होंने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष विवेकाधीन कोष सरकार की योजना नहीं बल्कि विवेक के आधार पर जरूरतमंद, गरीब, उपेक्षित, वंचित, विधवा, विकलांग आदि लाभार्थियों के लिए यह धनराशि दी जाती है।

उन्होंने कहा है कि कोरोना काल के दौरान अनेक लोगों की रोजी-रोटी प्रभावित हुई है ऐसे में यह धनराशि जरूरतमंदों को वरदान साबित हो रही है। कहा कि कुछ समय के लिए यह धनराशि राहत जरूर दे सकती है परंतु आत्मनिर्भरता के लिए स्वावलंबी होकर प्रत्येक व्यक्ति को खड़े होने की आवश्यकता है।

इस अवसर पर स्वामी ईश्वर दास महाराज, महंत स्वरूपानंद, अमृतानंद महाराज, पूर्व जिला पंचायत सदस्य देवेंद्र नेगी, रविंद्र राणा, प्रदीप कोहली आदि उपस्थित रहे।

मानव कंकाल मिलने से श्यामपुर में सनसनी, पुलिस तहकीकात में जुटी

कोतवाली ऋषिकेश की अंतर्गत श्यामपुर क्षेत्र में खंडहर में तब्दील एक मकान के अंदर से नर कंकाल मिला है। यह कंकाल पुरूष का है या महिला का। यह कह पाना अभी पुलिस के लिए भी मुश्किल है, पुलिस के मुताबिक कंकाल बक्से के अंदर मिला है, पुलिस की प्राथमिकता में कंकाल की शिनाख्त करना है। वहीं, देहरादून से पहुंची फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। कंकाल कितना पुराना है, यह फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही पता लग सकेगा। कोतवाल शिशुपाल सिंह नेगी के अनुसार यह मकान बिल्डर गंगाराम आडवाणी का है। उधर, एसएसपी डा. योगेन्द्र रावत ने इस मामले में एसओजी देहात एवं थाना स्तर पर टीम का गठन कर लिया है।

पवन कुमार नरवानी पुत्र दीवान चंद नरवानी ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी कि उनकी श्यामपुर बाईपास भट्टोवाला रोड पर मोबाइल की दुकान व रेस्टारेंट है। इसी के पीछे कई खाली कमरे है। बताया कि उनके यहां कार्यरत दो युवक को कमरों के अंदर से दुर्गंध आई। वहां जाकर देखा तो बक्सा पड़ा हुआ था। बक्से को खोलकर देखने पर उसके अंदर नर कंकाल मिला। इसके बाद वह घबरा गए। पुलिस सूचना पाकर मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम को जानकारी दी। फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाएं।

पुलिस की प्राथमिकता शिनाख्त
कोतवाल शिशुपाल सिंह रावत ने बताया कि पुलिस की प्राथमिकता शव की शिनाख्त है, अभी यह कहा नहीं जा सकता है कि यह कंकाल पुरूष का है अथवा महिला का। बताया कि यह जानना सर्वप्रथम आवश्यक है। इसके बाद अन्य जानकारी जैसे यह कंकाल यहां तक कैसे पहुंचा और हत्या का एंगल भी देखा जाएगा। आसपास के सीसीटीवी रिकाॅर्ड भी खंगाले जाएंगे।

खंडहर में तब्दील व्यापारी का मकान
कोतवाल शिशुपाल सिंह नेगी के अनुसार, व्यापारी गंगाराम अडवाणी का यह पुराना मकान है, जो अब खंडहर में तब्दील हो चुका है। पांच साल पूर्व तक उनका यहां निवास था। कुछ माह पूर्व तक यहां मजदूर रहा करते थे। मगर, वर्तमान में यह पूरी तरह से बंद था।

शासन से स्वीकृति के बाद नरेंद्रनगर विस के दुर्गम इलाकों को सड़कों से जोड़ा जाएगा

टिहरी गढ़वाल के नरेंद्र नगर विधानसभा क्षेत्र में दुर्गम इलाकों को मोटर मार्गो से जोड़ने की योजनाएं परवान चढ़ती दिख रही है। कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के अथक प्रयासों के बाद यहां चार मोटर मार्गों के निर्माण को शासन की ओर से वित्तीय स्वीकृति दी जा चुकी है। इसके तहत 18 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण किया जाना है। कैबिनेट मंत्री के इस प्रयास पर विधानसभा वासियों ने आभार व्यक्त किया है।

संयुक्त सचिव श्याम सिंह ने जारी पत्र में बताया कि राज्य योजना के अंतर्गत नरेंद्र नगर विधानसभा दोगी पट्टी क्षेत्र में चार किलोमीटर बेरनी-रौंदेली मोटर मार्ग के अंतिम बिंदु से शिवपुरी-जाजल मोटर मार्ग, चार किलोमीटर गूलर नाई मठियाणी मोटर मार्ग से भांगला मोटर मार्ग, चार किलोमीटर ग्रामसभा बांसकाटल मोटर मार्ग, छह किलोमीटर हिंडोला से मुंडाला भरवाणी मोटर मार्ग का नवनिर्माण किया जाना है। सभी कार्यों के प्रथम चरण की निर्माण धनराशि 98.84 लाख रुपए स्वीकृत किए जा चुके हैैं।

वहीं विधानसभा के लोगों ने कैबिनेट मंत्री के इस प्रयास की जमकर सराहना की है। मुनि की रेती पालिका अध्यक्ष रोशन रतूड़ी ने कहा कि कैबिनेट मंत्री कि विकासपरक सोच से ही यह कार्य संभव हो पाया है। नरेंद्र नगर पालिका अध्यक्ष राजेंद्र विक्रम सिंह पंवार ने कहा कि कैबिनेट मंत्री के अथक प्रयासों से ही इस विधानसभा के अति दुर्गम इलाकों को सड़कों से जोड़ा जा सका है। ब्लाक प्रमुख राजेंद्र भंडारी ने कहा कि कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के प्रयासों से दिनों दिन नरेंद्र नगर विधानसभा में विकास कार्य हो रहे हैं। भाजपा मंडल अध्यक्ष राकेश भट्ट महामंत्री भगवती काला, पूर्व मंडल अध्यक्ष राकेश सेंगर, दोगी पट्टी के गजेंद्र राणा, विशाल राणा, केदार सिंह चैहान, कान सिंह ढिकोला, धीरेंद्र चैहान, सचेंद्र चैहान, रामेश्वरी चैहान, तेजपाल राणा, अर्जुन धवांण, रमेश पुंडीर आदि ने भी सड़क निर्माण कार्यों को स्वीकृति मिलने पर कैबिनेट मंत्री का आभार व्यक्त किया है।

व्यापारियों के प्रतिष्ठान में दीमक और चूहों ने मारी सेंध, सामान किया खराब

कोरोना महामारी के चलते सरकार की गाइडलाइन के अनुपालन में पिछले करीब डेढ़ माह से बंद दुकानों को आज व्यापारियों ने खोला। कई व्यापारियों के प्रतिष्ठानों में दीमक, चूहे या अन्य किसी कारण से सामान खराब पाया गया। इनसे व्यापारियों का खर्चा और बढ़ा दिया है।

घाट रोड व्यापार सभा के अध्यक्ष पवन शर्मा की इसी मार्ग पर विमल गारमेंट्स के नाम से दुकान है। अप्रैल माह के अंतिम सप्ताह से व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद होने की घोषणा के बाद से ही इनकी की दुकान बंद रहीं। डेढ़ माह बाद जब सरकार ने व्यापारियों के लिए थोड़ी राहत दी तो आज से दुकानें खोली गई। व्यापारी नेता पवन शर्मा बताते हैं कि उनकी रेडीमेड गारमेंट्स की दुकान है, आज सुबह जब दुकान को खोला गया। तो सकपका गए। दुकानों में गारमेंट्स को रखने के लिए जो लकड़ी के बाॅक्स बनाए गए थे। उनमें से अधिकांश को दीमक ने चटक लिया। यहीं नहीं, कई कपड़ों को चूहों ने खराब कर दिया है।

पवन शर्मा के अनुसार, दुकानें रोज खुलती तो यह हालत नहीं होती। उन्होंने बताया कि यही हाल फुटवियर की दुकान संचालित करने वाले व्यापारियों का भी है। उन्होंने बताया कि करीब 80 हजार रूपये का नुकसान हुआ है, अभी सभी सामानों को चेक किया जा रहा है, नुकसान ज्यादा भी होने की संभावना है।