तीर्थनगरी में चंद्रभागा नदी किनारे बसी अवैध झोपड़ियों पर चली जेसीबी

चंद्रभागा नदी किनारे 50 अवैध झोपड़ियों को हटाने नायब तहसीलदार विजयपाल सिंह के नेतृत्व में नगर निगम और सिंचाई विभाग की टीम पुलिस फोर्स के साथ पहुंची। टीम ने जेसीबी की मदद से चंद्रभागा नदी के किनारे बनी अवैध झुग्गी-झोपड़ियों उखाड़ फेंका। दो घंटे चली कार्रवाई निर्विरोध संपन्न रही।

नायब तहसीलदार विजयपाल सिंह ने बताया कि मानसून के दौरान चंद्रभागा नदी उफान में रहती है, इससे बाढ़ का खतरा रहता है। जानमाल का नुकसान नहीं हो लिहाजा बरसात से पहले नदी के किनारे कब्जा कर रहने वाले लोगों को हटाया गया है।

कोरोना काल में झुग्गी-झोपड़ी वालों को हटाना अमानवीय हरकतः रमोला

चंद्रभागा नदी किनारे झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वालों को प्रशासन की ओर से हटाए जाने की कार्रवाई को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य जयेंद्र रमोला ने अमानवीय हरकत बताया है। कहा कि कोरोना काल में वैसे ही रोजगार छिन चुके हैं, इसके बावजूद सरकार गरीबों की सहायता करने की बजाय उनकी छत छीनने का काम कर रही है। जो कि काफी निंदनीय है। चेताया कि यदि यहां बेघर हुए लोगों के रहने की शीघ्र ही कोई व्यवस्था नहीं की गई तो आंदोलन किया जाएगा। जिसकी समस्त जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

ऋषिकेश तहसील में राशन सड़ने का वीडियो वायरल, सीएम से की जांच कराने की मांग


सोशल मीडिया में चल रही एक वीडियों का संज्ञान लेकर युवा मोर्चा के प्रदेश सह संयोजक प्रकांत कुमार ने मुख्यमंत्री को ई-मेल के जरिए ज्ञापन भेजा है, जिसमें प्रकांत कुमार ने जांच की मांग की है।

प्रकांत कुमार ने बताया कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रही है, जिसमें यह बताया गया है कि ऋषिकेश तहसील के आधार कार्ड रूम में लाखों रूपए का राशन सड़ने की कगार पर आ गया है। बताया कि जहां सरकार एक तरफ इस महामारी में अपनी तत्परता दिखाते हुए आम जनमानस तक राशन व अन्य मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने का हर भरसक प्रयास कर रही हैं, ऐसे में सड़ते राशन की यूं वीडियों का सामने आना चिंतनीय है।
प्रकांत कुमार ने इस मामले में मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत को ज्ञापन प्रेषित कर मामले पर संज्ञान लेते हुए जांच की मांग की। ज्ञापन देने वालो में जिला उपाध्यक्ष अक्षय खैरवाल, राहुल शर्मा भी शामिल हैं।

परिवहन महासंघ के आह्वान पर एकत्र हुए चालक, परिचालक व मालिक, किया बुद्धि शुऋि यज्ञ

सरकार द्वारा परिवहन व्यवसाईयों की अनदेखी करने और उनकी समस्याओं को नजरअंदाज किए जाने पर उत्तराखंड परिवहन महासंघ की ओर से बुद्धि शुद्धि यज्ञ किया गया। महासंघ के आह्वान पर समस्त परिवहन संस्थाओं के संचालकों, प्रतिनिधियों, वाहन स्वामियों एवं चालक, परिचालक एकत्र हुए और सरकार की शुद्ध बुद्धि के लिए हवन में आहूति दी। इस अभियान में उन्हें उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी मंच का भी साथ मिला।

महासंघ के अध्यक्ष सुधीर राय ने कहा कि सरकार परिवहन एवं पर्यटन व्यवसायियों के हित में कोई भी निर्णय नहीं लिया गया। सरकार से परिवहन व्यवसायियों को उबारने के लिए गुहार लगातार लगाई जा रही है लेकिन सरकार पूरी तरह मौन है। सरकार को चाहिए कि परिवहन व्यवसाई को बचाने के लिए शीघ्र अति शीघ्र कोई सकारात्मक कदम उठाए। टीजीएमओ के उपाध्यक्ष यशपाल राणा ने कहा कि सरकार हमारी मांगों को अनसुना कर रही है सरकार से लगातार मांग कर रहे हैं कि वाहन स्वामियों का 2 वर्ष का टैक्स और वाहनों की आयु सीमा में 2 वर्ष की वृद्धि यथाशीघ्र की जाए।

टेंपो विक्रम महासंघ के अध्यक्ष महंत विनय सारस्वत ने कहा कि सरकार संपूर्ण उत्तराखंड के लिए एवं संपूर्ण देश के लिए पर्यटन एवं परिवहन व्यवसायियों के हितों के लिए चार धाम यात्रा का संचालन शीघ्र अति शीघ्र शुरू करें, ताकि वाहन स्वामी अपनी रोजी-रोटी की व्यवस्था कर सकें। यूनियन के अध्यक्ष विजयपाल सिंह रावत ने कहा कि सरकार द्वारा वाहन स्वामी की उपेक्षा लगातार की जा रही है लेकिन यदि शीघ्र अति शीघ्र सरकार निर्णय नहीं लेती है, तो 1 लंबी लड़ाई सड़कों पर लड़ी जाएगी। साथ ही मौके पर ऋषिकेश विधायक द्वारा टोल प्लाजा के संबंध में जो मुकदमे दायर किए गए हैं उसे वापस लेने की भी मांग की गई। इस अवसर पर उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी मंच ने उत्तराखंड परिवहन महासंघ को अपना पूर्ण समर्थन दिया। मंच के सलाहकार विक्रम भंडारी ने कहा कि परिवहन महासंघ लगातार परिवहन विषयों के हित के लिए संघर्ष कर रहा है।

मौके पर भगवान सिंह राणा जिलाध्यक्ष जीप कमांडर यूनियन, बलवीर सिंह नेगी अध्यक्ष जीप कमांडर यूनियन, विनोद भट्ट संचालक गढ़वाल मंडल, नवीन चंद रमोला, बलवीर सिंह रौतेला, मेघ सिंह चैहान, आशुतोष शर्मा, ललित सक्सेना, चंदन सिंह पवार, दाताराम रतूड़ी, प्यार सिंह गुनसोला, मनोज आर्य, योगेश उनियाल, नवीन तिवारी, रामसिंह फरस्वान, करण सिंह पवार, मान सिंह पवार, रुकुमसिंह पोखरियाल, मदन कोठारी, बृजेश उनियाल, इंद्रेश बर्थवाल, नवीन तिवारी, धनेश कंडियाल, विक्रम भंडारी, राकेश सेमवाल, आशुतोष तिवारी, सुरेंद्र सेमवाल आदि मौजूद रहे।

केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री से मिले मुख्यमंत्री रावत

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान से भेंट की। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री से आग्रह किया कि उत्तराखण्ड राज्य में सिटी गैस वितरण परियोजना का विस्तार देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर व नैनीताल के पूर्ण नगर क्षेत्र व उससे लगे अर्द्धनगरीय क्षेत्रों तक करते हुए राज्य में सिटी गैस वितरण परियोजना के कार्यों को शीघ्र पूरा किया जाए।

मुख्यमंत्री ने पेट्रोलियम केंद्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान से ओएनजीसी देहरादून के अस्पताल को अपग्रेड कर 500 बेड का करने का आग्रह किया। केन्द्रीय मंत्री ने अपने मंत्रालय के अधिकारियों को इसकी सम्भावना देखने के निर्देश दिये।
मुख्यमंत्री ने राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों की विषम भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए मासिक मांग 1185 के.एल. मिट्टी तेल के आवंटन के लिये भी केन्द्रीय मंत्री से अनुरोध किया।

केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत को हर सम्भव सहयोग के प्रति आश्वस्त किया। इस अवसर पर मुख्य सचिव ओमप्रकाश, सचिव अमित नेगी, राधिका झा, शैलेश बगोली, सुशील कुमार उपस्थित थे।

22 जून से अनलाॅक की दिशा में कदम उठाने जा रही उत्तराखंड सरकार

राज्य सरकार ने कुछ और रियायत के साथ कोविड कर्फ्यू की अवधि 22 जून सुबह छह बजे तक बढ़ा दी है। वर्तमान में लागू तीन दिन बाजार खोलने की व्यवस्था बरकरार रखी गई है। वहीं राज्य के तीन जिलों के लोगों के लिए चारधाम यात्रा भी खोल दी गई है। सरकार के प्रवक्ता एवं कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के अनुसार कोविड की परिस्थितियों की समीक्षा करने के बाद सरकार 22 जून से अनलाॅक की दिशा में कदम बढ़ाएगी।

प्रवक्ता सुबोध उनियाल ने बताया कि कोविड कर्फ्यू में वर्तमान में लागू व्यवस्था के साथ ही इस हफ्ते कुछ और रियायत भी दी गई हैं। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की मांग को देखते हुए सरकार ने पिछले हफ्ते से तीन दिन बाजार खोलने की अनुमति दी है। इस हफ्ते भी 16, 18 व 21 जून को बाजार सुबह आठ से शाम पांच बजे तक खुलेंगे। 16 व 21 जून को स्टेशनरी व पुस्तकों की दुकानें भी खुलेंगी। उन्होंने बताया कि मिष्ठान विक्रेताओं की मांग को देखते हुए शनिवार व रविवार को छोड़कर हफ्ते में पांच दिन मिठाई की दुकानें खोलने की छूट दी गई है।

विवाह समारोह व अंत्येष्टि में शामिल होने के लिए पूर्व में निर्धारित अधिकतम 20 व्यक्तियों की संख्या को बढ़ाकर 50 किया गया है। जबकि विवाह समारोह में शामिल होने के लिए 72 घंटे पहले तक की आरटीपीसीआर की निगेटिव रिपोर्ट अनिवार्य की गई है। शहरी क्षेत्रों में विक्रम व आटो को पूरी क्षमता के साथ संचालन की अनुमति दी गई है। उन्होंने बताया कि सभी राजस्व न्यायालयों को खोलने का निर्णय लिया गया है, लेकिन वहां सुरक्षित शारीरिक दूरी के मानकों का पालन करते हुए एक दिन में 20 से ज्यादा मामले नहीं सुने जाएंगे। उन्होंने बताया कि जिलों के ग्रामीण क्षेत्रों में जहां संक्रमण के मामले नहीं हैं, वहां बाजार खोलने के संबंध में निर्णय लेने के लिए जिलाधिकारी अधिकृत किए गए हैं। उन्होंने बताया कि कर्फ्यू के शेष प्रविधान वही रखे गए हैं, जो पिछले हफ्ते लागू थे।

विपक्ष की नेता इंदिरा हृदयेश का हुआ अंतिम संस्कार, सीएम सहित विभिन्न संगठनों ने दी श्रद्धांजलि


विधानसभा में विपक्ष की नेता डॉ. इंदिरा हृदयेश आज पंचतत्व में विलीन हो गई। चित्रशिलाघाट रानीबाग में उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनके पुत्र बॉबी हृदयेश, सौरभ हृदयेश और सुमित हृदयेश ने चिता को मुखाग्नि दी। इससे पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत सहित कई राजनेताओं और गणमान्य लोगों ने उनके आवास में जाकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किये। मुख्यमंत्री ने उन्हें श्रद्धाजंलि अर्पित करते हुए कहा कि एक दलगत राजनीति से ऊपर उठ कर डॉ. इंदिरा हृदयेश विकास के लिए लड़ती रही है। उन्हें इसलिए हमेशा याद किया जाएगा। उनका निधन एक बड़ी क्षति है।

सुबह से ही नैनीताल रोड स्थित उनके आवास संकलन में उनके अंतिम दर्शन के लिए कांग्रेस नेताओं, उनके समर्थकों और स्थानीय नेताओं का तांता लगा रहा। वहीं, सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री बंशीधर भगत, यशपाल आर्य और अरविंद पांडेय सहित कई भाजपा नेता भी उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंचे। सुबह करीब 10 बजे इंदिरा के पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के स्वराज आश्रम लाया गया। यहां भी समर्थकों का तांता लगा रहा। यहां कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, कांग्रेस प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल श्रद्धांजलि देने पहुंचे। स्वराज आश्रम से इंदिरा की शवयात्रा नैनीताल रोड होते हुए चित्रशिला घाट पहुंचीं। यहां राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। विधानसभा अध्यक्ष प्रेम चंद्र अग्रवाल, वन मंत्री डॉ हरक सिंह रावत और कृषि मंत्री सुबोध उनियाल ने चित्रशिला घाट पहंुचकर उन्हें श्रद्धाजंलि अर्पित की।

वहीं, उनके बेटे सुमित हृदयेश ने डॉ. इंदिरा हृदयेश को याद कर उनके द्वारा किये गये कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मां हमेशा हर जरुरत मंद लोगों की मदद किया करती थी। जब वह घर पर होती थी तो भी उनसे मिले बिना कोई वापस नही जाता था।

आपको बता दें कि रविवार को नई दिल्ली में दिल का दौरा पड़ने से नेता विपक्ष डॉ. इंदिरा हृदयेश का निधन हो गया। वह 80 वर्ष की थीं। कल देर रात उनका पार्थिव शरीर हल्द्वानी पहुंचा था।

ऋषिकेशः दिवंगत नेता प्रतिपक्ष इंदिरा को कांग्रेसियों ने दी श्रद्धांजलि

उत्तराखण्ड प्रदेश कॉंग्रेस की शीर्ष नेता व आयरन लेडी इंदिरा हृदयेश के आकस्मिक निधन पर महानगर कॉंग्रेस कमेटी ऋषिकेश ने कॉंग्रेस भवन रेलवे रोड पर उनके चित्र पर पुष्पांजलि कर श्रधांजलि अर्पित की।

मौके पर अध्यक्ष महंत विनय सारस्वत, प्रदेश महासचिव राजपाल खरोला, पूर्व कबिनेट मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण, ललित मोहन मिश्र, एआईसीसी सदस्य जयेंद्र रमोला, सुधीर राय, प्यारे लाल जुगरान, रामकुमार भतौलिया, सरोज देवराडी, विजय पाल सिंह, चंदन सिंह पंवार, ,शोभा भट्ट, रुकम सिंह पोखरियाल, अभिषेक शर्मा, अशोक शर्मा, विजय लक्ष्मी शर्मा, पार्षद, लल्लन राजभर, कमलेश शर्मा, इमरान सैफी, सोनू पांडे, नंद किशोर जाटव, राजकुमार तलवार, प्यारेलाल जुगरान, पुरँजय राजभर, राजेश शाह, सतेन्द्र पंवार, विक्रम भंडारी, धनंजय राजभर, संजय भारद्वाज, चंद्र कांता जोशी, मालती तिवारी, योगेश शर्मा, पुरँजय राजभर, ज्ञानेश मिश्र, ज्योति आदि उपस्थित रहे।

न्यूमोकोकल कोंजूगेट वैक्सीन गांव-गांव तक लगाई जाएंगीः तीरथ सिंह रावत


मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने गॉधी शताब्दी नेत्र चिकित्सालसय से उत्तराखण्ड में PVC टीकाकरण (न्यूमोकोकल कोंजूगेट वैक्सीन) का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस निःशुल्क टीकाकरण की शुरूआत आज से पूरे राज्य में शुरू हो गई है। भारत सरकार द्वारा PVC टीकाकरण को अभियान के रूप में चलाया जा रहा है। यह टीकाकरण अभियान गांव-गांव तक जाकर चलाया जायेगा।

न्यूमोकोकल निमोनिया और दिमाग के इन्फेक्शन से बचाव के लिए बच्चों को निमोकोकल कोंजूगेट वैक्सीन लगाई जा रही है। इसके तीन टीके लगाये जायेंगे। PVC का पहला टीका बच्चे 06 हफ्ते की उम्र में, दूसरा टीका 14 हफ्ते में व बूस्टर डोज 09 माह में लगाया जायेगा। न्यूमोकोकल बीमारी से 05 वर्ष से कम आयु के बच्चों को और विशेषकर 02 वर्ष से कम आयु के बच्चों को अधिक खतरा होता है।

इस अवसर पर मेयर सुनील उनियाल गामा, विधायक खजानदास, प्रणव कुंवर चैंपिंयन, महानिदेशक स्वास्थ्य डॉ. तृप्ति बहुगुणा, सीएमओ देहरादून डॉ. अनूप डिमरी एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने इसके उपरान्त दून मेडिकल कॉलेज के निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश निर्माण निर्माण निगम के अधिकारियों को निर्देश दिये कि सितम्बर तक कार्य पूर्ण किये जाए। कार्य की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार से समझौता नहीं किया जायेगा। निरीक्षण के दौरान विधायक खजानदास एवं मेयर सुनील उनियाल गामा भी उपस्थित थे।

टोल प्लाजा मामले में झूठा मुकदमा दर्ज करवाने का स्पीकर पर आरोप, पुतला फूंका


सर्वदलीय संघर्ष समिति की ओर से विधानसभा अध्यक्ष व ऋषिकेश विधायक प्रेमचंद अग्रवाल का पुतला फूंका गया। इसका नेतृत्व समिति के संयोजक संजय पोखरियाल ने किया। मौके पर टोल प्लाजा मामले में स्पीकर के घेराव के दौरान आंदोलनकारियों पर झूठे मुकदमें दर्ज करने का आरोप भी विस अध्यक्ष पर लगाया गया।

संयोजक संजय पोखरियाल व अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य जयेन्द्र रमोला ने कहा कि टोल प्लाजा के लिये आंदोलनकारियों पर झू्ठे मुकदमों कराना निंदनीय है। कहा कि ग्रामसभा स्तर पर अब विधानसभा अध्यक्ष के पुतले फूंके जायेंगे।

पूर्व मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण व प्रदेश महासचिव राजपाल खरोला ने कहा कि एक और विधानसभा के अध्यक्ष व उनके चाटुकार लोग संवैधानिक पद की बात करते है। वही दूसरी और विधानसभा अध्यक्ष उस पद की गरिमा को बार बार खराब करने का काम करते है। विधानसभा अध्यक्ष ने गौहरीमाफी में हर बार मानसून से आने वाली परेशानियों के लिए आज तक क्षेत्रीय जनता के लिए कोई भी कार्य नहीं किया है।

मौके पर प्रदेश सचिव विजयपाल रावत, कनक धनाई, जिला महामंत्री गोकुल रमोला, शेर सिंह रांगढ, धनपाल राणा, मंगला नंद कुकरेती, देव सेमवाल, जयपाल राणा, त्रेपन सिंह रावत, शोभा भट्ट, रविन्द्र राणा ,कुंवर सिंह गुसाई, मनोज पंवार, गोकुल रमोला दीपक नेगी आदि मौजूद थे।

कोतवाली ऋषिकेश ने चोरी हुआ डंपर दिल्ली से बरामद किया


कोतवाली ऋषिकेश पुलिस ने बीते रोज आईडीपीएल से चोरी हुए डंपर को 12 घंटे के भीतर दिल्ली से बरामद कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

कोतवाल शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि शिकायतकर्ता निलेश गौतम पुत्र गोपाल शरण गौतम निवासी डी-8 अग्रसेन नगर ऋषिकेश की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मामले में घटना स्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों और मुखबिर तंत्रों को सक्रिय किया गया था। इसके अलावा सादे कपड़ों में पुलिस की टीम तैनात की गई थी।

कोतवाल ने बताया कि सीसीटीवी की सहायता से डपंर का पीछा किया गया। आज सतबीरी न्यू दिल्ली के पास से चोरी हुए डंपर को सकुशल बरामद किया गया। उन्होंने आरोपी की पहचान इरफान पुत्र युसूफ निवासी ग्राम आखेड़ा थाना व तहसील नुहू जिला मेवात हरियाणा के रूप में कराई।

ऋषिकेशः परिवहन महासंघ ने की असहयोग आंदोलन की रूपरेखा तैयार


परिवहन व्यापारियों की मांगों पर सरकार द्वारा ध्यान न देने के विरोध में उत्तराखंड परिवहन महासंघ 15 जून को बुद्धि शुद्धि यज्ञ करेगा। आज महासंघ के पदाधिकारियों की एक बैठक हुई। इसमें असहयोग आंदोलन की रूपरेखा तैयार की गई।

महासंघ के अध्यक्ष सुधीर राय ने कहा कि सरकार के मुखिया सहित मंत्रीगण तक परिवहन व्यापारियों ने अपनी समस्याएं रखीं। मगर सरकार हमारी बातों को अनसुना कर वाहन स्वामियों के हित में कोई भी फैसला नहीं ले रही है। इसलिए समय की मांग है कि सरकार के विरुद्ध जब तक हमारी मांगों का निस्तारण नहीं हो जाता। चरणबद्ध तरीके से आंदोलन तय है। यातायात पर्यटन विकास सहकारी संघ के उपाध्यक्ष नवीन रमोला ने कहा कि सरकार को हठधर्मिता छोड़कर वाहन स्वामियों एवं परिवहन व्यवसायियों के हित में शीघ्र कोई निर्णय लेना पड़ेगा। टीजीएमओ के उपाध्यक्ष जसपाल राणा ने कहा कि समस्त वाहन स्वामी एकजुट होकर सरकार को जगाने का प्रयास करेंगे। गढ़वाल मंडल बहुद्देशीय के संचालक विनोद भट्ट ने कहा कि शीघ्र ही सरकार के विरुद्ध आंदोलन का बिगुल फूंक दिया जाएगा। समस्त चालक परिचालकों को निर्देशित किया जाएगा कि अपने हक हकूक के लिए वह आगे आए और सरकार के विरुद्ध लड़ाई लड़े।

जीप कमांडर यूनियन के अध्यक्ष बलवीर नेगी ने कहा कि हम पूर्णतया महासंघ के साथ है महासंघ द्वारा वाहन स्वामियों के हित में निर्णय लिया जाएगा निर्णय का हम स्वागत करते हैं। बैठक में निर्णय लिया गया कि 15 जून को यात्रा बस स्टैंड में समस्त वाहन स्वामियों द्वारा सरकार की बुद्धि शुद्धि के लिए यज्ञ किया जाएगा। ताकि सरकार परिवहन व्यवसायियों की समस्याओं को समझें और उनके हित में उचित निर्णय ले सके।

बैठक में ऑटो विक्रम महासंघ के अध्यक्ष महंत विनय सारस्वत, गढ़वाल टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष विजय पाल सिंह रावत, टीजीएमओ के संचालक बलवीर सिंह रौतेला, टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष हेमंत डंग, डीलक्स टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष जयप्रकाश ठेकेदार, मेघ सिंह चैहान, योगेश उनियाल, नवीन तिवारी, हरीश नौटियाल, गोपाल दत्त जुगराण, अवतार सिंह भगत, नवीन सेमवाल, प्यार सिंह गुनसोला, धनेश घड़ियाल, दलवीर कलूड़ा, मदन कोठारी, मनोज आर्य, मदन काला, बृजेश उनियाल, राकेश सेमवाल आदि उपस्थित थे।