शनिवार से कोरोना वैक्सीन का शुभारंभ होते ही शुरू कर दिया जाएगा टीकाकरण अभियान

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने कहा कि 16 जनवरी, 2021 से प्रदेश में वैक्सीनेशन का पहले चरण के लिये पूरी तैयारी कर ली गयी है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन सहित वैक्सीनेशन निर्माण में लगे वैज्ञानिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तराखण्ड कोविड-19 के चरणबद्ध टीकाकरण अभियान के लिये पूर्ण रूप से तैयार है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है, इस पर किसी भी प्रकार का भ्रम नहीं रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि केंद्र की ओर से प्रदेश को पहली खेप के रूप में 01 लाख 13 हजार वैक्सीन दी गई हैं। प्रथम चरण में 50 हजार हेल्थ वर्कर्स को कोविड-19 की यह वैक्सीन लगाई जानी है। मुख्यमंत्री प्रदेशवासियों से इस वैश्विक महामारी के खिलाफ अभियान में सहयोग की अपेक्षा की है। केन्द्र एवं राज्य सरकार के निरन्तर प्रयासों के उपरान्त 16 जनवरी 2021 को प्रातः 10.30 बजे सम्पूर्ण देश में कोविड-19 वैक्सीन से टीकाकरण का शुभारम्भ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री दून अस्पताल से वर्चुअली इस कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे। शुभारम्भ के साथ ही उत्तराखण्ड में भी कोविड-19 वैक्सीन लगाए जाने का कार्य आरम्भ कर दिया जायेगा।

कोविड-19 वैक्सीनेशन के बारे में जानकारी देते हुए राज्य नोडल अधिकारी एवं मिशन निदेशक एन०एच०एम० श्रीमती सोनिका ने बताया कि कल 16 जनवरी 2021 को राज्य के समस्त जनपदों के 13 चिकित्सालयों पर कोविड-19 वैक्सीनेशन टीकाकरण किया जायेगा। सोनिका के अनुसार जनपद देहरादून में 5, हरिद्वार तथा उधमसिंहनगर में 4, नैनीताल में 3 तथा अन्य जनपदों में 02-02 स्थानों पर टीकाकरण सत्र आयोजित किए जायेंगे। टीकाकरण हेतु चिन्हित 34 स्थानों में 32 सरकारी चिकित्सा संस्थान हैं जिसमें एम्स ऋषिकेश तथा ऋषिकुल आयुर्वेदिक यूनिवर्सिटी भी सम्मिलित हैं जबकि 2 निजी चिकित्सा संस्थान (हिमालयन मेडिकल कॉलेज एवं गुरु रामराय मेडिकल कॉलेज) में टीकाकरण होगा।

मिशन निदेशक सोनिका ने कहा कि टीकाकरण के राष्ट्रीय स्तर पर शुभारम्भ के दौरान प्रधानमंत्री वीडियो कॉन्फेन्स के माध्यम से क्रमशः दून मेडिकल कॉलेज तथा हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज से भी जुडेंगे और टीकाकरण की गतिविधि को देखेंगे इस अवधि में प्रधानमंत्री वहाँ पर उपस्थित वैक्सीनेशन कार्य में लगे हुए स्वास्थ्य अधिकारियों से वार्ता भी करेंगे। टीकाकरण के शुभारम्भ अवसर पर सभी 34 स्वास्थ्य ईकाईयो पर 100 लाभार्थियों को वैक्सीन दी जायेगी। इस प्रकार वैक्सीनेशन के पहले दिन लगभग 3400 हैल्थ केयर वर्कर्स का टीकाकरण किया जायेगा।

राज्य में कोविड-19 वैक्सीन टीकाकरण के बारे में स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ0 अमिता उप्रेती ने बताया कि सभी जनपदों में वैक्सीन सुरक्षित पहुंच चुकी है तथा कल प्रातः वैक्सीन सभी टीकाकरण सत्रों में निर्धारित कोल्ड चेन प्रणाली के अन्तर्गत उपलब्ध रहेगी। महानिदेशक डॉ0 उप्रेती के अनुसार सभी जनपदों को निर्देश दिए गए हैं कि वह टीकाकरण के दौरान भारत सरकार की गाईड लाईन का सख्ती से अनुपालन करते हुए टीकाकरण के कार्य को पूर्ण करेंगे और सभी टीकाकरण स्थलों पर Covid Appropriate behaviour के मानकों का पालन सुनिश्चित करायेंगे। महानिदेशक ने कहा कि सभी जनपदों को निर्देश दिए गए हैं कि वह आपूर्तित वैक्सीन के प्रथम खुराक को देने के दौरान इस बात को भी सुनिश्चित करेंगे कि उन्हें 50 प्रतिशत वैक्सीन दूसरी खुराक के लिए सुरक्षित रखनी है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग के स्थापना दिवस को सीएम त्रिवेंद्र ने किया वर्चुअली संबोधित

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने मुख्यमंत्री आवास में भारत मौसम विज्ञान विभाग के 146वें स्थापना दिवस समारोह में वर्चुअली प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर मुक्तेश्वर (नैनीताल) में डॉप्लर वैदर रडार स्टेशन का वर्चुअली उद्घाटन किया।

केंद्रीय मौसम विज्ञान मंत्री डॉ.हर्षवर्धन का आभार व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने भारत मौसम विज्ञान विभाग के146 वें स्थापना दिवस एवं डॉप्लर मौसम रडार मुक्तेश्वर के उद्घाटन की हार्दिक बधाई दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार, प्रदेश में लगने वाले 03 डॉप्लर मौसम रडारों की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। राज्य सरकार ने मुक्तेश्वर में रडार स्थापना हेतु भूमि, मूल-भूत सुविधाएँ जैसे सड़क, बिजली, पानी उपलब्ध कराने एवं जगह को विकसित करने में पूर्ण सहयोग दिया है। दूसरे रडार की स्थापना हेतु भी राज्य सरकार ने सुरकंडा में भूमि आवंटित एवं विकसित की है तथा बिजली इत्यादि की भी व्यवस्था कर दी गई है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार रडार के उपकरणों को सड़क के अभाव के चलते सुरकंडा पहुँचाने हेतु एयर लिफ्ट के लिए भी सहयोग देगी। भविष्य में सुरकंडा में डॉप्लर मौसम रडार के संचालन में तैनात कार्मिकों के निशुल्क आवागमन हेतु वहाँ लग रहे रोपवे में उचित प्रावधान करेगी। लैंसडाउन में अनापत्ति प्रमाण पत्र मिलने के पश्चात राज्य सरकारवहाँ पर लगने वाले रडार के लिए जगह को विकसित करने इत्यादि में भी सहयोग देगी।उत्तराखंड राज्य सरकार ने धार्मिक यात्रियों एवं पर्यटकों को मौसम की जानकारी उपलब्ध कराने के लिए भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा मौसम डिस्प्ले स्क्रीन लगाने हेतु आवश्यक सुविधाओं के साथ 05 स्थान उपलब्ध करा दिये हैं।

उन्होंने कहा कि 09 नवम्बर 2000 को उत्तराखंड राज्य की स्थापना के साथ ही राज्य में केन्द्रीय सरकार के कुछ कार्यालय भी स्थापित हुए, जिसमें भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून में स्थापित किया गया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राज्य मौसम की दृष्टि से अति संवेदनशील है यहाँ मानसून एवं वार्षिक वर्षण आस पास के राज्यों से बहुत अधिक है। उत्तराखण्ड राज्य में मौसम सम्बन्धित आपदाओं जैसे भारी वर्षा, बादल फटना, भूस्खलन, बाढ़ एवं भारी बर्फबारी इत्यादि से हर वर्ष जान-माल की बहुत हानि होती है।उत्तराखंड में मानसून ऋतु में औसतन 1177 मि.मी. वर्षा होती है, जबकि यहहिमाचल प्रदेश में 763 मि.मी., हरियाणा में 444 मि.मी. तथा पश्चिमी उत्तर प्रदेश में721 मि.मी. है। इन तथ्यों के मद्देनजर, राज्य सरकार प्रारंभ से ही मौसम विज्ञान विभाग की स्थापना एवं विस्तार में सहयोग करती रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा मौसम विज्ञान केंद्र हेतु वर्ष 2010 में देहरादून में भूमि आवंटित की गई,जहाँ पर वर्तमान मौसम विज्ञान केंद्र कार्यरत है। भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा इंटीग्रेटेड हिमालयन मीटीयोरोलोजी प्रोग्राम के अंतर्गत उत्तराखंड राज्य में सतही वेधशालाओं, ऊपरी वायु उपकरणों एवं रडार की स्थापना की जा रही है। उत्तराखण्ड सरकार ने इसमें सहयोग करते हुए 107 स्वचालित मौसम स्टेशन, 54 स्वचालितवर्षामापी एवं 25 सतही फील्ड वेधशालाओं की स्थापना भारत मौसम विज्ञान विभाग के तकनीकी सहयोग से की है। यह नेटवर्क राज्य के सभी ब्लाकों, महत्वपूर्ण पर्यटक स्थलों, शहरों एवं धार्मिक स्थलों तक फैला हुआ है। इन स्टेशनों केमौसम सम्बन्धित आंकडें भारत मौसम विज्ञान विभाग को प्राप्त हो रहे हैं, जो मौसम की निगरानी एवं पूर्वानुमान हेतु महत्वपूर्ण हैं।

केन्द्रीय पृथ्वी विज्ञान मंत्री डॉ.हर्षवर्धन ने मुक्तेश्वर (नैनीताल) एवं कुफरी (शिमला) में डॉप्लर वैदर रडार स्टेशन के उद्घाटन पर बधाई देते हुए कहा कि किसानों एवं तीर्थयात्रियों को इससे अत्यधिक लाभ पहुंचेगा। उन्होंने रडारों की स्थापना के लिए राज्य सरकार द्वारा प्रत्येक क्षेत्र में प्रदान किए जा रहे सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर मुख्य सचिव ओमप्रकाश, मुख्यमंत्री के आई.टी. सलाहकार रविन्द्र दत्त, सचिव एस.ए. मुरूगेशन, ए.सी.ई.ओ.यू.एस.डी.एम.ओ. आनन्द श्रीवास्तव आदि उपस्थित थे।

कर्नाटक के लोग बनाते थे महिलाओं को निशाना, ऋषिकेश में पुलिस ने किया गिरफ्तार

नकली पुलिस बनकर भीड़भाड़ वाले इलाके में महिलाओं को लूटने वाले गैंग के तीन लोगों को कोतवाली ऋषिकेश ने अरेस्ट किया है। पुलिस ने अरेस्ट किए गए लोगों को ईरानी गैग का सदस्य बताया है। आरोपियों ने बीती छह जनवरी को रेलवे रोड से एक महिला को अपना शिकार बनाया था।

दरअसल, अरविंद जैन पुत्र स्व. प्रेमचंद्र जैन निवासी 75 जीवनीमाई मार्ग निकट मॉडर्न स्कूल ऋषिकेश ने तहरीर में बताया था कि 6 जनवरी 2021 की शाम उनकी पत्नी बाजार सामान लेने गई थी। रेलवे रोड भगवान भवन के सामने दो अज्ञात व्यक्तियों ने उनकी पत्नी को बातों में उलझा कर कुछ आभूषण ठग लिए और वहां से फरार हो गए। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ 420 आईपीसी में मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने नेपाली तिराहे के पास चेकिंग के दौरान दो अलग-अलग मोटरसाइकिल पर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कोतवाल रितेश शाह ने आरोपियों की पहचान मिसकिन पुत्र मंसूर अली और मौसीन खान पुत्र फिरोज खान दोनों निवासी हुसेनी कालोनी, छिदरी रोड़, थाना गांधीगंज, जिला बीदर कर्नाटक तथा तीसरे की पहचान शेख अबू तोराब पुत्र अख्तर अली निवासी हुसेनी कालोनी, छिदरी रोड़, थाना गांधीगंज, जिला बीदर कर्नाटक के रूप में कराई।

पुलिस के अनुसार आरोपियों शत प्रतिशत सामान बरामद किया गया है। साथ ही सोने व चांदी के नकली गहने भी बरामद किए है।

पूछताछ में हुआ नकली पुलिस का खुलासा
पुलिस की पूछताछ में आरोपी मिसकिन ने बताया कि वह मूल रूप से कर्नाटक के निवासी हैं। वह लोग भीड़ भाड़ वाले बाजार क्षेत्र में अकेली महिला की तलाश करते हैं। इसके पश्चात हममे से एक आदमी अपने को पुलिस वाला बताकर महिला के पास जाकर बोलता हैं कि आपको साहब बुला रहे हैं। जिस पर वह आदमी महिला को हम में से एक अन्य आदमी के पास लाता है, तथा हमी में से तीसरा आदमी वहां से गुजरता है। जिसे बैठा व्यक्ति बुलाता है और कहता है कि आप इस तरह आभूषण पहनकर न घूमें आपके साथ घटना हो सकती है। आप इन्हे उतारकर लिफाफ मे रखकर ले जाओ और घर जाकर पहन लेना। इस पर वह व्यक्ति अपने आभूषण उताकर बैठे व्यक्ति को दे देता है। जिन्हे बैठा व्यक्ति अपने पास रखे एक लिफाफे में रखकर उसे लिफाफा दे देता है और वह व्यक्ति लिफाफा को जेब में रखकर आगे बढ़ जाता है। इस दृश्य को देखकर बुुजुर्ग महिला विश्वास में आ जाती है जिस पर बैठा व्यक्ति बुजुर्ग महिला से भी यही कहता है और बुजुर्ग महिला अपने पहने गहने उताकर बैठे व्यक्ति को दे देती है। जिस पर बैठा व्यक्ति उसके गहनों को अपने पास रखे लिफाफे में रखकर अपने बैग में पूर्व से रखे उसी प्रकार के नकली ज्वेलरी को हूबहू लिफाफे में रखकर महिला को धोखे से पकड़ा देता है व महिला विश्वास कर कि यही वह लिफाफा है अपने घर चली जाती है तथा हम लोग वहां से खिसक जाते है।

खुलासा करने वाली पुलिस टीम
खुलासा करने वाली टीम में कोतवाल रितेश साह, एसएसआई ओमकान्त भूषण, एसआई आशीष गुसांई, कांस्टेबल प्रवीण सिन्धू, नवनीत सिंह नेगी, मनोज कुमार, सन्दीप छाबड़ी, अनित कुमार शामिल रहे।

उत्तराखंड में कराए गये विकास कार्यों की बदौलत फिर प्रचण्ड बहुमत से सरकार बनाएगी भाजपाः कैंथोला

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता बिपिन कैंथोला ने कहा कि अपने लगभग 4 वर्षों के कराए गए विकास कार्यों की बदौलत उत्तराखंड में भाजपा प्रचंड जीत के साथ फिर से सरकार बनाएगी।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में डबल इंजन की सरकार ने अभूतपूर्व विकास कार्य कराए हैं। इन्हीं कामों और उपलब्धियों से उत्तराखंड की जनता का भाजपा में दिन-प्रतिदिन भरोसा और मजबूत हुआ है। उंन्होने कहा कि आज प्रदेश में आलवेदर रोड जैसी महत्वकांक्षी परियोजना चल रही है। पहाड़ में पहाड़वासियों का सपना था कि पहाड़ों पर ट्रेन पहुंचे। आज कर्णप्रयाग रेल परियोजना पर तेजी से काम हो रहा है। सरकार चारों धामों को ट्रेन से जोड़ने की दिशा में तेजी से काम कर रही है। गंगोत्री-यमुनोत्री के बाद अब बद्री-केदार धाम को भी ट्रेन से जोड़ने का सर्वे पूरा कर रेलवे बोर्ड को भेजा जा चुका है।

उन्होंने आज प्रदेश में हर गांव को सड़क से जोड़ा गया है। हर घर नल योजना पर तेजी से काम चल रहा है। लोगों को एक रुपये में कनेक्शन दिया जा रहा है। अटल आयुष्मान योजना से राज्य के हर परिवार को जोड़ा गया है। कैंथोला ने कहा कि प्रदेश में अनेकों जनकल्याणकारी योजनाओं से राज्य के लोगों को सीधे लाभ पहुंचाने का काम प्रदेश की सरकार ने किया है। कैंथोला ने कहा कि कांग्रेस के आला नेता उत्तराखंड में डबल इंजन की सरकार के विकास कार्यों को देखकर बौखला गए है। जिस कारण वो सोशल मीडिया में लड़कर जनता को गुमराह कर रहे हैं। आज उंन्होने कांग्रेस के राजभवन कूच पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह साबित हो गया है कि कांग्रेस को अब संवैधानिक संस्थाओं पर भरोसा नहीं रहा है। वह आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विरोध करते-करते देश की संवैधानिक संस्थाओं का ही विरोध करने लगी है।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता विपिन कैंथोला ने कांग्रेस के अंदरूनी घमासान पर चुटकी भरे अंदाज में प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि 2017 के चुनाव में अपना अस्तित्व गंवाकर 11 सीटों पर सिमट चुकी कांग्रेस अपनी लाइन भटक चुकी है। वहां आज नेताओं को केवल मुख्यमंत्री के चेहरे की होड़ में शामिल होने का काम रह गया है।

उत्तराखंड कैबिनेट में विभिन्न विभागों के 17 प्रस्तावों पर लगी मुहर, अधिक पढ़ें…

देहरादून। उत्तराखंड के उन हजारों युवाओं को नर्सिंग भर्ती में भाग लेने का मौका मिलेगा, जो एक साल के अनुभव के अभाव में आवेदन नहीं कर पा रहे थे। शुक्रवार को मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत की अध्यक्षता में हुई प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक में उत्तराखंड चिकित्सा शिक्षा विभाग (मेडिकल कॉलेज) नर्सिंग संवर्ग और उत्तराखंड अधीनस्थ नर्सिंग (अराजपत्रित) सेवा नियमावली में संशोधन को मंजूरी दे दी गई। इस संशोधन के तहत नर्सिंग के पदों पर भर्ती में 30 बेड के अस्पताल में एक साल के अनुभव की शर्त को हटा दिया गया है।

मुख्यमंत्री आवास पर हुई कैबिनेट की बैठक में विभिन्न विभागों के 17 प्रस्तावों पर मुहर लगी। शासकीय प्रवक्ता मदन कौशिक के मुताबिक, बैठक में फैसला हुआ कि राज्य सरकार उन्हीं अशासकीय महाविद्यालयों को अनुदान देगी जो राज्य विश्वविद्यालयों से संबद्ध होंगे, उन्होंने कहा कि जो संबद्ध नहीं होंगे उनका अनुदान बंद हो जाएगा। केंद्रीय विश्वविद्यालय के एक्ट में अनुदान का प्रावधान नहीं है। बता दें कि राज्य में 18 अशासकीय महाविद्यालयों के अनुदान पर संकट है। इनमें करीब डेढ़ लाख छात्र अध्ययनरत हैं।

बी लिब और एम लिब भी बन सकेंगे पुस्तकालय लिपिक

बेचुलर ऑफ लाइब्रेरी साइंस (बी लिब) और मास्टर ऑफ लाइब्रेरी साइंस (एम लिब) वाले उम्मीदवारों को भी अब पुस्तकालय लिपिक बनने का अवसर मिलेगा। कैबिनेट ने उत्तराखंड उच्च शिक्षा पुस्तकालय सेवा संवर्ग सेवा नियमावली 2020 में संशोधन को मंजूरी दे दी है। अभी भर्ती के लिए पुस्तकालय विज्ञान की अर्हता थी। इस पद के लिए एनसीसी के सी प्रमाणपत्र को भी मान्य कर लिया गया है। पहले केवल बी सर्टिफिकेट ही मान्य था। इस पद पर भर्ती के लिए आयुसीमा 21 से 42 वर्ष निर्धारित है।

रियलिटी शो पर 12.21 करोड़ खर्चेगी सरकार

प्रदेश मंत्रिमंडल ने मैसर्स जंपिंग टौमैटो मार्केटिंग प्रा. लिमिटेड को टीवी रियलिटी शो तैयार करने की मंजूरी दे दी है। यह कंपनी राज्य के पर्यटन एवं तीर्थ स्थलों पर रियलिटी शो तैयार करने के साथ ही उनका प्रसारण भी करेगी। इस पर 12.21 करोड़ का खर्च आएगा।

अन्य फैसले
– बदरीनाथ धाम में चल रहे कार्यो के लिए वास्तुविद् सेवाओं में टेंडर न कराकर आईएनआई डिजाइन स्टूडियो फर्म के चयन को मंजूरी। फर्म कार्य की कुल लागत के दो पर प्रतिशत पर देगी सेवा।
– राठ महाविद्यालय पैठाणी में 16 चतुर्थ श्रेणी के नियमित पद समाप्त। मृतक आश्रित संवर्ग के इन पदों पर उन्हीं कर्मचारियों को आउटसोर्स से रखा जाए।
– खादी ग्रामोद्योग में बुनकरों के पारिश्रमिक में 50 फीसदी की बढ़ोतरी।
– इफ्काई विवि का नाम बदला। पहले इंस्टीटयूट ऑफ चार्टेड फाइनेंशियल एनालिस्ट ऑफ इंडिया नाम था जो बदलकर द इफ्काई सोसाइटी हैदराबाद तेलंगाना होगा, एक्ट में संशोधन को मंजूरी।
– विभागीय स्तर पर भी जारी हो सकेंगे टेंडर, प्रिंट मीडिया विज्ञापन (संशोधन) नियमावली को मंजूरी।
– उत्तराखंड चतुर्थ विस के तृतीय सत्र सत्रावसान को मंजूरी।
– उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अध्यक्ष व सदस्य सचिव की नियुक्ति व तैनाती के सेवानियमावली को मंजूरी। अंशकालिक अध्यक्ष की व्यवस्था रखी गई। सचिव की योग्यता भी तय की गई। प्रदूषण व पर्यावरण से संबंधित विषय में पीजी होना जरूरी।
– आजीवन कारावास की सजा से दंडित सिद्धदोष कैदियों की सजा माफी के लिए स्थायी नीति को मंजूरी।
– स्वास्थ विभाग में चिकित्सा शिक्षा विभाग के तैनात 366 कर्मियों के समायोजन को मंजूरी।
– उत्तराखंड खादी एवं ग्रामोद्योग के बुनकरों एवं सिलाई कारीगरों की मजदूरी दरों में 50 प्रतिशत की वृद्धि।
– महिला उद्यमियों की आजीविका के लिए बनाए जाने वाले कियोस्क योजना में जिला स्तरीय चयन समिति में शासनस्तर से उसी जिले के दो तकनीकी सदस्य नामित होंगे।
– उत्तराखंड दृष्टिमितिज्ञ (आप्टोमैट्रिस्ट) सेवा नियमावली 2020 को मंजूरी।
– इस वित्तीय में जिन 101 मदिरा की दुकानों का आवंटन नहीं हुआ है, उन्हें 50 प्रतिशत राजस्व जमा कर दुकानें आवंटित करने का फैसला। मुख्य सचिव की अध्यक्षता की कमेटी को भी संशोधन करने का अधिकार दिया।

स्नान, दान, दक्षिणा देकर मकर संक्रांति पर्व पर श्रद्धालुओं ने कमाया पुण्य

तीर्थनगरी में मकर संक्रांति पर्व के मौके पर त्रिवेणी घाट पर आस्था का सैलाब देखने को मिला। मौके पर श्रद्धालुओं ने स्नान, दान, दक्षिणा देकर पुण्य कमाया। साथ ही महाकुंभ के आगाज पर गंगा में आस्था की डुबकी भी लगाई।

दरअसल, आज मकर संक्रांति पर्व के साथ महाकुंभ 2021 का प्रमुख पहला स्नान भी था। इसके चलते ऋषिकेश सहित आसपास क्षेत्र मुनिकीरेती, रानीपोखरी, डोईवाला, रायवाला, छिद्दरवाला, नेपाली फार्म, भानियावाला, नरेंद्रनगर, यमकेश्वर आदि आसपास क्षेत्रों से लोग गंगा घाटों पर पहुंचे और गंगा में स्नान कर भगवान सूर्य को अघ्र्य दिया। इसी के साथ श्रद्धालुओं ने कच्चे चावल, उरद की साबुत दाल, घी, मसाले तथा दक्षिणा दान में दी। त्रिवेणी घाट सहित तीर्थनगरी के विभिन्न घाट जैसे 72सीढ़ी, सांई घाट, नाव घाट, पूर्णानंद घाट, शत्रुघन घाट, रामझूला, लक्ष्मणझूला, रामानंद घाट आदि में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रहीं। हालांकि आज गुरूवार की साप्ताहिक बंदी रही। मगर, फिर भी भीड़ उमड़ी रही।

देव डोलियों ने किया गंगा स्नान
त्रिवेणी घाट पर विभिन्न धामों की देव डोलियां नरेंद्रनगर, रानीपोखरी, देहरादून, डाट काली आदि देवियों की डोलियां पहुंची। यहां श्रद्धालुओं ने नाचती हुई डोलियों के दर्शन भी किए। तो श्रद्धालुओं ने देव डोलियों की परिक्रमा कर आर्शीवाद प्राप्त किया।

खिचड़ी प्रसाद बांटकर की सुख समृद्धि की कामना
नगरभर में मकर संक्रांति पर्व के मौके पर घाट रोड, त्रिवेणी घाट, बस अड्डा, देहरादून मार्ग, हरिद्वार मार्ग, लक्ष्मणझूला मार्ग, कैंप कार्यालय विधानसभा अध्यक्ष सहित ग्रामीण क्षेत्रों में खिचड़ी का प्रसाद वितरित किया गया। साथ ही मां गंगा से सुख समृद्धि की कामना भी की गई।

सक्रांति पर्व पर मेयर अनिता के नेतृत्व में चला विशेष सफाई अभियान

मकर सक्रांति पर्व पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर नगर निगम ने शहरवासियों के साथ यहां पहुंचे श्रद्धालुओं को स्वच्छता का संदेश दिया गया।

वार्ड संख्या 18 एवं 19 के विभिन्न क्षेत्रों में नगर निगम महापौर के नेतृत्व में बेहद जोरदार तरीके से स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान समाजसेवी संस्थाओं से जुड़े लोगों के अलावा क्षेत्रीय जनता का भी निगम प्रशासन को भरपूर सहयोग मिला।

वर्ष 2021 के स्वच्छता सर्वेक्षण में अव्वल आने के लिए नगर निगम प्रशासन किस हद तक संजीदा और संवेदनशील है इसका अंदाजा आज उस वक्त देखने को मिला जब मकर सक्रांति पर्व के बावजूद नगर निगम महापौर सफाई कर्मियों की टीम को लेकर सड़क पर उतर आई। पुराने रेलवे स्टेशन से महापौर ने अभियान की अगुवाई करते हुए विभिन्न स्थानों पर जगह-जगह कूड़ा कर्कट एकत्र कर गंदगी फैलाने वालों को आईना दिखा दिया। इस दौरान महापौर के निर्देश पर अनकों स्थानों पर नालियों में कीटनाशक दवाई का भी छिड़काव कराया गया। साथ ही लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक भी किया गया।महापौर अनिता ममगाई ने बताया कि वीरवार को वार्ड संख्या 18 और 19 में विशेष सफाई अभियान चलाया गया।उन्होंने बताया कि महा कुंभ के आगाज के साथ नगर निगम प्रशासन द्वारा शहर के तमाम वार्डो में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं ।उन्होंने बताया स्वच्छता सर्वेक्षण में अव्वल आना निगम प्रशासन का सपना है इसके लिए स्वच्छता से किसी भी प्रकार का कोई समझौता नहीं किया जाएगा । उन्होंने कहा कि नगर को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी सफाई कर्मियों की है लेकिन प्रत्येक नागरिक का भी दायित्व है कि वे नगर को स्वच्छ बनाने में अपना सहयोग दे।अभियान के दौरान पार्षद अनिता रैना, राजेश दिवाकर,अशोक बेलवाल ब्रांड एंबेसडर स्वच्छता सर्वेक्षण नगर निगम, सफाई निरीक्षक प्रशांत कुकरेती, बी एन तिवारी, योगेंद्र कुमार, बलिपाल, मनमीत, कुशाल सिंह, रामदेवल आदि मोजूद रहे।

हरिपुरकलां में उत्थान सेवा समिति ने कराया प्रथम गेंद कौथिक

हरिपुरकलां में पहली बार गेंदा मेला कार्यक्रम हुआ। शांतिमार्ग स्थित हरिपुरकलां मैदान में उत्थान सेवा समिति हरिपुर कला द्वारा आयोजित मेले का शुभारंभ आम आदमी पार्टी के नेता डॉ राजे सिंह नेगी, जिपंस दिव्या बेलवाल व समिति अध्यक्ष दीपक जुगलान ने संयुक्त रूप से किया। समिति के अध्यक्ष दीपक जुगलान ने बताया कि समिति द्वारा प्रथम बार हरिपुर कला में गिन्दी कोथिक मेले कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कौथिक में रस्साकशी प्रतियोगिता एवं पतंगबाजी कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। आप नेता डॉ राजे सिंह नेगी ने बताया कि पौराणिक मेले हमारी लोक संस्कृति की पहचान है जिसे बचाये रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। कहा कि अब तक यह मेला पौड़ी के यमकेश्वर ब्लॉक की थलनदी में आयोजित होता रहा है जिसका आयोजन वहां पर उदयपुर एवं अजमेर पट्टी के लोगों के बीच होता था।गिन्दी कोथिक का मैच नरेंद्र क्लब और उत्थान क्लब के बीच हुवा जिसमे नरेंद्र क्लब ने बाजी मारी।

मौके पर उत्तराखंड स्पोर्ट्स एशोसिएशन के अध्यक्ष आरसी भट्ट एवं महामंत्री दिनेश पैन्यूली, अजीत सिंह पयाल, ग्राम प्रधान गीतांजली जखमोला, यूजेपी नेता कनक धने, राज्य आंदोनकारी चन्द्रकान्ता बेलवाल, सुनील जुगलान, अनिल जोशी, पुष्पा जुगलान, मनोज पांडेय, हिमांशु सिलस्वाल, तरुण त्यागी, राहुल ममगाई, चंद्रमोहन गवाड़ी, गोकुल डबराल, दिवाकर शर्मा, संगीता सिलस्वाल आदि मौजूद रहे।

ऋषिकेश म्यूजिक फेस्टिवल का आगाज 17 जनवरी से

ऋषिकेश म्यूजिक फेस्टिवल का आयोजन 17 व 18 जनवरी को होने जा रहा है। कार्यक्रम की टीम ने हाल ही में कृषि मंत्री सुबोध उनियाल से भी मुलाकात की। कार्यक्रम के मुख्य स्पॉन्सर सुमित कुटानी उर्फ बाबा कुटानी ने मंत्री सुबोध उनियाल के लिए हैंडपैन बजाकर उन्हें हीलिंग सेशन भी दिया।
कृषि मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि वे स्वयं कार्यक्रम में पहुंचेंगे व कलाकारों का हौसला बढ़ाएंगे।

ऋषिकेश के पहले म्यूजिक फेस्टिवल का आयोजन 17 जनवरी से होने जा रहा है। यह कार्यक्रम दो दिवसीय रहेगा जो की 18 जनवरी तक चलेगा। कार्यक्रम में देश भर के प्रसिद्ध कलाकार शामिल होंगे जिनमें भजन गायक हिमांशु, क्लिव वाज, बैंड इंडियन ग्रुवर्स व कई प्रसिद्ध कलाकार हिस्सा लेने वाले हैं। कार्यक्रम का संचालन मशहूर आरजे मंत्रा करेंगे। पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने स्वयं आयोजको से मिलकर कार्यक्रम के लिए शुभकामनाएं दी।

क्या होगा खास
कार्यक्रम कई मायनों में खास इसलिए है क्यूंकि यह ऋषिकेश का पहला बड़ा म्यूजिक फेस्टिवल होने वाला है जिसमें देश दुनिया के सू प्रसिद्ध कलाकार मंचन करेंगे। दूसरी खास बात यह है की इसका आयोजन ऋषिकेष में ही स्थित हैंडपैन अकेडमी करवा रही है। अकेडमी के संस्थापक उत्तराखण्ड के ही युवा सुमित कुटानी है। यह एकेडमी एशिया की पहली हैंडपैन अकेडमी है। कुटानी देश व विदेश के कई लोगों को हैंडपैन सीखा चुके है। गौरतलब है की कुटानी मुंबई के विभिन्न आर्टिस्ट जैसे कैलाश खेर के साथ काम भी कर चुके हैं, व हाल ही में एमटीवी के एक शो के लिए गाना भी बना चुके हैं।

मुर्गीफार्म में मुर्गियों को जलाने की सूचना पाकर स्थानीय लोगों ने किया हंगामा

वीरभद्र रेलवे स्टेशन के समीप बीती रात्रि मुर्गी फार्म में मुर्गियों की सूचना से स्थानीय लोगों की बेचैनी बढ़ा दी। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग पार्षद विपिन पंत के नेतृत्व में मौके पर पहुंचे।

दरअसल, रात्रि करीब साढ़े दस बजे वीरभद्र रेलवे स्टेशन के समीप मुर्गी फार्म में तीखी दुर्गंध आ रही थी। आज सुबह स्थानीय लोगों का नेतृत्व कर रहे पार्षद विपिन पंत ने मुर्गी फार्म इंचार्ज मनोज तिवारी से बात की। तो मालूम चला कि मुर्गी के अण्डे से चुजे निकल जाने के बाद जो छिलके बेचते हैं उन्हें इकट्ठा करके जलाया जा रहा था। इस कारण ये बदबू आ रही थी। इस मामले में स्थानीय लोगों के विरोध करने पर फार्म इंचार्ज ने पुनः ऐसा न होने का आश्वासन दिया।

इसके बाद जहां अंडे के छिलके जलाए जा रहे थे। वहां गड्ढा किया गया। मौके पर राजीव अग्रवाल, राज कोठारी, पंकज जोशी, गोविन्द रावत, अरविंद जोशी, सचिन शाक्या, सुन्दर मणि गौड, राहुल त्रिपाठी आदि उपस्थित थे।