विभिन्न कार्यों के लिए सीएम त्रिवेंद्र ने दी 100 करोड़ रूपए की मंजूरी

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने गृह, पेयजल व स्वच्छता, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास, माध्यमिक शिक्षा, कृषि एवं कृषि कल्याण, पर्यटन, आयुष, शहरी विकास के तहत महाकुंभ व अन्य कार्यों के लिए, सहकारिता, सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण, औद्योगिक विकास और उर्जा विभाग के तहत विभिन्न जनहित के कार्यों के लिए करीब 100 करोड़ की स्वीकृति दी है।

होमगार्ड को मिलेंगे नए वाहन, कुम्भ में सोलिड वेस्ट इन्फ्रास्ट्रक्चर के लिए धनराशि स्वीकृत
कुंभ मेला हरिद्वार-2021 के लिए होमगार्डस को दो बोलेरो, 7 स्टार सिटी मोटर साइकिल की जरूरत है। मुख्यमंत्री ने गृह विभाग के प्रस्ताव पर वाहन खरीदने के लिए 20 लाख की वित्तीय स्वीकृति दी है। शहरी विकास विभाग के तहत महाकुंभ मेला के तहत मुनी की रेती नगरपालिका को सोलिड वेस्ट इन्फ्रास्ट्रक्चर (कलेक्शन एंड ट्रांसपोर्टेशन) के लिए 114.92 लाख की स्वीकृति दी है। इसमें से पहली किश्त के रूप में 46 लाख की राशि जारी की गई है। हरिद्वार जिले के झबरेडा विधानसभा क्षेत्र के कृष्णानगर सलेमपुर नालों के निर्माण के तहत 96.59 लाख की स्वीकृति के साथ 38.64 लाख की राशि इस साल जारी करने को भी मंजूरी दी गई है।

चंपावत में पूल्ड हाउस कालोनी में पार्क निर्माण
मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप नगरपालिका चंपावत में पूल्डहाउस कालोनी में पार्क निर्माण के लिए शहरी विकास विभाग की ओर से मिले प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री ने घोषणा मद से 27.49 लाख की मंजूरी दी है।

पेयजल और स्वच्छता के लिए चालू वित्त वर्ष में पंपिंग और नगरीय पेयजल योजनाओं के रखरखाव कार्यों के लिए क्रमशः 5.50 करोड़ और 6.00 करोड़ की राशि जारी करने पर सहमति दी है। देहरादून के कृष्णानगर पेयजल योजना के लिए 3.66 लाख की प्रशासकीय व वित्तीय मंजूरी के साथ ही 1.47 करोड़ की राशि जारी कर दी है।

महिला सशक्तिकरण और बाल विकास के तहत राजकीय महिला कल्याण व पुनर्वास (मानसिक) केदारपुरम देहरादून में 40 संवासिनियों के बढ़ने पर भोजन व्यय में 4.00 लाख और दवाओं पर 1.20 लाख की राशि बढ़ाने की मंजूरी दी है।

माध्यमिक शिक्षा के तहत विधानसभा क्षेत्र नैनीताल के तहत राजकीय इंटर कालेज भूमियाधारा, विकासखंड भीमताल नैनीताल में दो कक्षा-कक्षों का निर्माण करने के लिए करीब 7.00 लाख की राशि चालू वित्तीय वर्ष के लिए जारी करने को मंजूरी दी है। राजीव गांधी नवोदय विद्यालय संतूधार पौड़ीगढ़वाल में चाहरदीवारी-तारबाड़ के लिए 110.38 लाख के सापेक्ष पहली किश्त के रूप में 44.15 लाख की राशि अवमुक्त करने पर सहमति दी है। इस मद मे विभाग के लिए 4.00 करोड़ का बजट प्राविधान है। मुख्यमंत्री की घोषणा के क्रम में राजकीय इंटर कालेज रैंस चोपता में दो कक्षा कक्ष के निर्माण के लिए 49.55 लाख की धनराशि स्वीकृत करने की मंजूरी दी गई है। पर्वतीय जिलों में नवीं कक्षा में पढ़ रहे छात्राओं को चार साल की सावधि के लिए एफडी तथा मैदानी क्षेत्रों में मुफ्त साइकिल उपलब्ध कराने के लिए 14.07 करोड़ की राशि अवमुक्त करने की मुख्यमंत्री ने मंजूरी दी है। इस राशि का हस्तांतरण डीबीटी माध्यम से किया जाएगा।

आयुष विभाग के तहत औषधियों की खरीद के लिए एक बार 3 करोड़ की सीमा का अधिकार डीजी चिकित्सा स्वास्थ्य व निदेशक चिकित्सा शिक्षा को दिए गए हैं। पर निदेशक होम्योपैथी व आयुर्वेद को औषधि क्रय करने के लिए कोई अधिकार नहीं है। इस पर केंद्र सरकार से मिली धनराशि 1 करोड़ 31 लाख 48 हजार से औषधियों के क्रय किए जाने के लिए टेंडर करने और धनराशि खर्च करने की स्वीकृति दी गई है। आयुर्वेद विश्वविद्यालय के लिए अनुदान के अंतर्गत कार्मिकों के वेतन आदि के भुगतान के लिए 17.50 करोड़ की राशि जारी करने की मंजूरी दी गई है।

सहकारिता विभाग के तहत बहुउद्देश्यीय प्राथमिक कृषि ऋण सहकारी समिति के कंप्यूटरीकरण के लिए 10 करोड़ के सापेक्ष राज्य सरकार के अंश के रूप में 9.38 करोड़ की मंजूरी दी गई है।
कृषि व कृषि कल्याण के अंतर्गत जड़ी बूटी शोध व विकास संस्थान गोपेश्वर को अनुदान योजना के मानक मद में वेतन-भत्ते आदि के लिए 3.00 करोड़ के सापेक्ष 1.50 करोड़ की राशि जारी करने पर मुख्यमंत्री ने सहमति दी है। संगध पौधों के कलस्टर विकास योजना और केंद्र को अनुदान मद में 17.00 करोड़ के प्राविधान के सापेक्ष तीसरी किश्त के रूप में 10.75 करोड़ की राशि जारी करने की मंजूरी दी है।

पर्यटन विभाग में 13 डिस्ट्रिक्ट 13 न्यू डेस्टिनेशन के तहत जिला नैनीताल में चिह्नित मुक्तेश्वर सर्किट को हिमालय दर्शन थीम के आधार पर विकसित करने के लिए 3.52 करोड़ की स्वीकृति दी गई है। चालू वित्त वर्ष में इसके लिए 40 फीसदी यानि 1.41 करोड़ की राशि जारी करने की सहमति दी है।

औद्योगिक विकास के तहत मेगा इंडस्ट्रियल-टैक्साटाइल नीति के तहत अनुदान योजना में 50 करोड़ बजट प्राविधान के सापेक्ष 6 करोड़ की राशि जारी करने पर मुख्यमंत्री ने सहमति दी है। साथ ही निर्देश दिए हैं कि पूर्व में अवमुक्त 6.50 करोड़ की राशि का उपयोगिता प्रमाणपत्र लेने के बाद ही यह राशि जारी की जाए।

उर्जा विभाग के तहत व्यासी जल विद्युत परियोजना की लागत 936.23 करोड़ के सापेक्ष अंशपूंजी 280.87 करोड़ है। अंशपूजी के सापेक्ष सरकार ने 245.21 करोड़ की राशि पहले ही जारी कर दी है। शेष 35.66 करोड़ में से 17.50 करोड़ की अंशपूंजी जारी करने के लिए मुख्यमंत्री ने अनुमोदन दिया है।

साॅलिड वेस्ट इन्फ्रास्ट्रक्चर के लिए मुनिकीरेती पालिका को मिली 46 लाख रूपए की पहली किश्त

मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने शहरी विकास विभाग के तहत महाकुंभ मेला के तहत मुनिकीरेती नगरपालिका को साॅलिड वेस्ट इन्फ्रास्ट्रक्चर (कलेक्शन एंड ट्रांसपोर्टेशन) के लिए 114.92 लाख की स्वीकृति दी है। इसमें से पहली किश्त के रूप में 46 लाख की राशि जारी की गई है। हरिद्वार जिले के झबरेडा विधानसभा क्षेत्र के कृष्णानगर सलेमपुर नालों के निर्माण के तहत 96.59 लाख की स्वीकृति के साथ 38.64 लाख की राशि इस साल जारी करने को भी मंजूरी दी गई है।

अपहरणकर्ता के चंगुल से मुक्त कराई नाबालिग युवती

कोतवाली ऋषिकेश पुलिस ने बीते दो जनवरी को अपहरित हुई नाबालिग युवती को आरोपी के चंगुल से मुक्त कराया है। आरोपी यूपी के बुलंदशहर का रहने वाला है।

दरअसल, एक व्यक्ति ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनकी 15 वर्षीय बेटी दो जनवरी की शाम को बिना बताए घर से कहीं चली गई, मगर लौटी नहीं है। पुलिस ने मामले को गंभीर पाकर गुमसुदगी दर्ज की। कोतवाल रितेश शाह ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने कैनाल गेट गोल चक्कर आईडीपीएल के पास से किशोरी के साथ युवक को पकड़ लिया है। कोतवाल ने आरोपी की पहचान अमन उर्फ कोशिंदर पुत्र हरेंद्र सिंह निवासी 93 नेकपुर, जहांगीपुर, बुलंदशहर, उत्तरप्रदेश के रूप में कराई।

गृह क्लेश के चलते बनखंडी निवासी अधेड़ ने की आत्महत्या

बनखंडी निवासी एक राजमिस्त्री ने गृह क्लेश के परेशान होकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

दरअसल, चूना भट्टा मार्ग गली नंबर 12 में किराए के मकान में रहने वाले 48 वर्षीय प्रकाश यादव ने आज कमरे में स्वयं को फांसी लगा ली। मूल रूप से बिहार निवासी प्रकाश यादव पुत्र लल्लन सिंह के घर में कई दिनों से पारिवारिक क्लेश चल रहा था। उनकी पत्नी अपने बेटे को लेकर घर से चली गई थी। आज पुलिस ने उनके कमरे का दरवाजा खोला तो वह कमरे में फांसी से लटके हुए पाए गए।

पुलिस के मुताबिक, प्रकाश यादव पिछले कई वर्षों से यहां राजमिस्त्री का काम करता था। मामला पारिवारिक क्लेश से जुड़ा बताया जा रहा है।

भरत विहार पार्क के जीर्णोद्धार की कवायद होने पर मेयर का अभिनंदन करने पहुंचे क्षेत्रवासी

ऋषिकेश के भरत विहार के पार्क का जीर्णाद्धार होने की कवायद शुरू होने लगी है, यहां बच्चों को लुभाने के लिए पुराने टायरों से आकर्षक डायनासोर बनाया जाएगा। इसके अलावा जगमग रोशनी में नहाते हुए यह पार्क बैडमिंटन और वाॅलीबाल के शौकीनों के लिए उपयुक्त साबित होगा। इसके अलावा भी बहुत कुछ इसमें शामिल होने जा रहा है।

आज क्षेत्रवासियों में खासा उत्साह देखने को मिला। भरत विहार क्षेत्र के लोगों ने मेयर अनिता ममगाईं का आभार जताया। क्षेत्रवासियों का एक प्रतिनिधिमंडल निगम कार्यालय में मेयर से मिला और उनके द्वारा हाईटेक तकनीक के साथ पार्को के जीर्णोद्धार पर उनका अभिनंदन किया।इस दौरान महापौर ने अभिनंदन करने पहुंचे क्षेत्रवासियों को बताया कि पिछले ढेड दशक से शहर के विभिन्न क्षेत्रों के पार्क रखरखाव के अभाव में बेरोनक होने के बाद अपनी बेबसी पर आंसू बहा रहे थे। उनके द्वारा निगम की कमान संभालते ही पार्को के जीर्णोद्धार की योजना तैयार कर ली गई थी। अब इनका कायाकल्प शुरू हो गया है। जल्द ही शहर के पार्क दूधिया रोशनी में नहाकर अपनी खूबसूरती के जरिए सबके आकर्षण का केंद्र बनेंगे। अभिनंदन करने वालों ने जितेंद्र बर्तवाल, पीके जैन, राजेंद्र पंत रजनीश जोशी, सत्येंद्र शर्मा, एमएस ठाकुर, वीके देवरानी, सीएम भट्ट, नील कण्ठ सकलानी, एडवोकेट अशोक यादव आदि शामिल थे।

यह सुविधाएं पार्क में होंगी शामिल
बैडमिंटन और वॉलीवाल कोर्ट
पुराने टायरों से बना डायनासोर
जगमग रोशनी
रबर मैटिंग वाकिंग पाथवे
आरामदायक बेंचेस
झूले

क्रिकेट टूर्नामेंट की विजेता टीम को राज्यमंत्री भगतराम कोठारी ने किया पुरस्कृत

गन्ना एंव चीनी उद्योग विकास बोर्ड के अध्यक्ष भगतराम कोठारी ने आज क्रिकेट टूर्नामेंट की विजेता व उप विजेता टीम को पुरस्कार दिया। मौके पर उन्होंने कहा कि युवाओं में खेल के प्रति भावना भी है और प्रतिभा भी। हमें युवाओं को प्रोत्साहित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि इसके लिए समय-समय पर क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया जाना आवश्यक है। उन्होंने विजेता टीम को बधाई दी और उप विजेता टीम को प्रोत्साहित किया।

नवदुर्गा कमेटी डोईवाला के तत्वावधान में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मैच आज अलोक इलेवन व बजरंग इलेवन के बीच खेला गया। इसमें अलोक इलेवन की टीम खिताबी जीत दर्ज करने में कामयाब रही। टूर्नामेंट के फाइनल में बतौर मुख्य अतिथि के रुप में पहुंचे गन्ना एवं चीनी विकास उद्योग बोर्ड के अध्यक्ष भगत राम कोठारी ने विजेता व उपविजेता टीम को टीम के खिलाड़ियों को ट्रॉफी प्रदान की। इससे पूर्व दोनों टीमों के खिलाड़ियों से मुख्य अतिथि द्वारा परिचय प्राप्त किया गया। टूर्नामेंट के समापन मौके पर क्रीड़ा भारती के प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद, पूर्व प्रधान एवं डोईवाला विधानसभा प्रभारी नरेंद्र नेगी, पूर्व अध्यक्ष निशांत मिश्रा, भाजपा मण्डल मंत्री सुन्दर लोधी आदि मौजूद रहे।

महिलाओं ने किया स्पीकर को सम्मानित, विकास कार्यों के लिए जताया आभार

विधानसभा अध्यक्ष के बैराज स्थित कैंप कार्यालय में आज ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र की महिला कार्यकर्ताओं द्वारा उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल का क्षेत्र में उनके द्वारा कराये जा रहे अभूतपूर्व विकास कार्यों को लेकर सम्मान किया गया।इस अवसर पर महिलाओं द्वारा विधानसभा अध्यक्ष को पुष्पगुच्छ भेंट कर नववर्ष की शुभकामनाएं दी गई।

ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत मीरा नगर, बापू ग्राम, मालवीय नगर, रायवाला आदि क्षेत्रों की महिलाओं द्वारा विधानसभा अध्यक्ष भेंट की गई साथ ही क्षेत्र में विधानसभा अध्यक्ष द्वारा किए जा रहे चैमुखी विकास के लिए का आभार व्यक्त किया गया।इस अवसर पर महिलाओं ने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष द्वारा क्षेत्र में सभी जगह सड़क, पेयजल, विद्युत आपूर्ति सहित कई विकास कार्य निरंतर गति से कराए जा रहे हैं, कोरोना के चलते लॉकडाउन के दौरान स्थानीय विधायक ने प्रत्येक व्यक्ति का हाल जाना एवं दिन-रात जरूरतमंद लोगों की सेवा में लगे रहे।

विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि क्षेत्रवासियों का आशीर्वाद एवं स्नेह ही है जो कि क्षेत्र के विकास कार्य एवं जनता की सेवा करने के लिए उन्हें ऊर्जा प्रदान करते हैं।उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों की सेवा करना उनकी जिम्मेवारी है एवं क्षेत्र का विकास करना जनता के प्रति उनका कर्तव्य है।इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने सभी महिला कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वह केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने में उनका सहयोग करें। उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र में कहीं भी कोई भी समस्या हो उन्हें आकर अवश्य अवगत करें।

इस अवसर पर पार्षद अनिता प्रधान, लक्ष्मी गुरुंग, प्रिया ढकाल, सरिता बिष्ट, किरण त्यागी, सीमा रस्तोगी, पुष्पा मिश्रा, सुनिता शर्मा, रविंद्र राणा, ऋषिपाल, भूपेन्द्र राणा आदि उपस्थित थे।

नजरियाः अब श्रद्धालु आसानी से जा सकेंगे बदरीनाथ धाम

डोबराचांटी पुल के बाद त्रिवेन्द्र सरकार ने एक और ऐसे प्रोजेक्ट का काम पूरा कर लिया है जो बीते ढाई दशकों (26 वर्ष) से अटका हुआ था। बदरीनाथ धाम की यात्रा में नासूर बने ‘लामबगड़ स्लाइड जोन’ का स्थायी ट्रीटमेंट कर लिया गया है। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत की इच्छाशक्ति और सख्ती की बदौलत यह प्रोजेक्ट महज दो वर्ष में ही पूरा हो गया। तकरीबन
500 मीटर लम्बे स्लाइड जोन का ट्रीटमेंट 107 करोड़ की लागत से किया गया। अब बदरीनाथधाम की यात्रा निर्बाध हो सकेगी, जिससे तीर्थयात्रियों को परेशानियों से निजात मिलेगी।

सीमांत जनपद चमोली में 26 साल पहले ऋषिकेश-बदरीनाथ नेशनल हाईवे पर पाण्डुकेश्वर के पास लामबगड़ में पहाड़ के दरकने से स्लाड जोन बन गया। हल्की सी बारिश में ही पहाड़ से भारी मलवा सड़क पर आ जाने से हर साल बदरीनाथधाम की यात्रा अक्सर बाधित होने लगी। लगभग 500 मीटर लम्बा यह जोन यात्रा के लिए नासूर बन गया। पिछले ढाई दशकों में इस स्थान पर खासकर बरसात के दिनों मे कई वाहनों के मलवे में दबने के साथ ही कई लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। करोड़ों खर्च होने पर भी इस समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा था। पूर्व मे जब लामबगड़ में बैराज का निर्माण किया जा रहा था, तब जेपी कंपनी ने इस स्थान सुरंग निर्माण का प्रस्ताव रखा, लेकिन उस वक्त यह सड़क बीआरओ के अधीन थी और बीआरओ ने भी सुरंग बनाने के लिए हामी भर दी थी। दोनों के एस्टीमेट कास्ट मे बड़ा अंतर होने के कारण मामला अधर मे लटक गया था। इसके बाद वर्ष 2013 की भीषण आपदा में लामबगड स्लाइड जोन में हाईवे का नामोनिशां मिट गया। तब सडक परिवहन मंत्रालय ने लामबगड स्लाइड जोन के स्थाई ट्रीटमेंट की जिम्मेदारी एनएच पीडब्लूडी को दी। एनएच से विदेशी कम्पनी मैकाफेरी नामक कंपनी ने यह कार्य लिया। फॉरेस्ट क्लीयरेंस समेत तमाम अड़चनों की वजह से ट्रीटमेंट का यह काम धीमा पड़ता गया।

वर्ष 2017 में त्रिवेन्द्र सरकार के सत्ता में आते ही ये तमाम अड़चनें मिशन मोड में दूर की गईं और दिसम्बर 2018 में प्रोजेक्ट का काम युद्धस्तर पर शुरू हुआ। महज दो वर्ष में अब यह ट्रीटमेंट पूरा हो चुका है। अगले 10 दिन के भीतर इसे जनता के लिए समर्पित कर दिया जाएगा। इसे त्रिवेन्द्र सरकार की बड़ी उपलब्धियों में से एक माना जा रहा है।

कई क्षेत्रों में सड़क निर्माण कार्यों के लिए सीएम ने जारी की धनराशि

मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कई विधानसभा क्षेत्रों में लोक निर्माण विभाग के तहत नई सड़कों के निर्माण और पुरानी सड़कों की मरम्मत कार्यों के साथ ही अन्य कार्यों के लिए वित्तीय स्वीकृति के साथ ही चालू वित्तीय वर्ष के लिए धनराशि जारी की है।

राज्य योजना के तहत पौड़ी गढ़वाल के विधानसभा क्षेत्र लैंसडौन के विकासखंड नैनीडांडा के अंतर्गत ग्राम मोरगढ़ से ग्राम कफलटंडा मोटर मार्ग नव निर्माण कार्य की स्वीकृति दी है। इस सड़क के लिए प्रथम चरण में 22.24 लाख की प्रशासकीय, वित्तीय और व्यय की स्वीकृति दी गई है। चालू वित्तीय वर्ष 2020-21 में प्रत्येक कार्य के लिए 0.10 लाख की राशि जारी की गई है। लैंसडौन विधानसभा क्षेत्र के तहत वर्तमान में मुख्यमंत्री की घोषणाओं सहित 3162.62 लाख के कार्यों की अब तक स्वीकृति दी जा चुकी है। ग्राम मोरगढ़-कफलटंडा मोटर मार्ग के लिए 22.24 लाख की स्वीकृति के बाद विधानसभा क्षेत्र के तहत 3184.86 लाख की स्वीकृतियां हो जाएंगी।

जिला उधमसिंह नगर के तहत विधानसभा क्षेत्र खटीमा में दूसरे चरण के एक और टीएसपी के तहत द्वितीय चरण के दो कार्यों के लिए 142.08 लाख की स्वीकृतियां दी गई हैं। कालापुल से झनकईया तक मार्ग के डामरीकरण कार्य की स्वीकृति दी है। इस निर्माण के दूसरे चरण के लिए 85.10 लाख की स्वीकृति के साथ ही चालू वित्तीय वर्ष में इस कार्य के लिए 0.10 लाख की स्वीकृति जारी की गई है। इससे विधानसभा क्षेत्र में अब तक कुल 3822.67 लाख की स्वीकृतियां हो जाएंगी। विधानसभा क्षेत्र नानकमत्ता के तहत ग्राम देवीपुरा से ज्ञानपुर गोढ़ी मोटरमार्ग व किलोमीटर दो पर 60 मीटर स्पान आरसीसी पीएससी गर्डर पुल के लिए दूसरे चरण के निर्माण कार्य के लिए 581.04 लाख की स्वीकृति के साथ चालू वित्तीय वर्ष में 0.10 लाख जारी किए गए हैं।

नानकमत्ता विधानसभा क्षेत्र में सीएम की घोषणाओं सहित इसे मिलाकर कुल 5097 लाख की स्वीकृतियां हो जाएंगी। पुरोला विधानसभा क्षेत्र के तहत गढ़ अम्बेडकर हल्का वाहन मार्ग का पक्की सड़क बनाने के लिए 420.20 लाख स्वीकृति के साथ ही चालू वित्त वर्ष में 0.10 लाख की राशि जारी की गई है। इसे मिलाकर इस विधानसभा क्षेत्र में सीएम की घोषणाओं सहित कुल 3071.68 लाख की सहमति जारी की जा चुकी है। देहरादून के कैंट विधानसभा क्षेत्र के तहत अनुराग चैक से सीमाद्वार व अनुराग चैक से शहीद विवेक गुप्ता चैक तक अन्य आंतरिक मार्गों के सुधारीकरण के लिए 177.17 लाख की स्वीकृतियों के साथ ही चालू वित्त वर्ष में 0.10 लाख की राशि जारी की गई है। मुख्यमंत्री की घोषणाओं सहित इस विधानसभा क्षेत्र में अब तक कुल 2611.99 लाख की स्वीकृतियां हो जाएंगी।

राज्य योजना के तहत राजभवन में विभिन्न निर्माण कार्यो के लिए कुल 61.69 लाख की प्रशासकीय, वित्तीय और व्यय की स्वीकृति के साथ ही चालू वित्तीय वर्ष में 0.10 लाख की स्वीकृति दी गई है। इसके तहत राजभवन में इलेक्ट्रो मैकेनिकल रोड बैरियर पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने हैं। केंद्रीय सड़क निधि योजना के तहत पिरान कलियर से रामपुर चुंगी मंडी से ग्राम नागल होते हुए बाईपास सड़क व 300 मीटर स्पान पुल का निर्माण कार्य के लिए 2602.24 लाख की स्वीकृति के साथ 521.00 लाख जारी करने का प्रस्ताव मंजूर किया गया है। देहरादून जिला के ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के लिए दो निर्माण कार्य के लिए 294.65 लाख की स्वीकृति दी गई है। चालू वित्तीय वर्ष में प्रत्येक कार्य के लिए 0.10 लाख यानि 0.20 लाख जारी किया गया है। ऋषिकेश विस क्षेत्र के लिए इन्हें मिलाकर कुल 3115.41 लाख की स्वीकृतियां हो जाएंगी।

नई दिल्ली से मुख्यमंत्री आवास देहरादून पहुंचे सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत


मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत नई दिल्ली से उपचार के बाद स्वस्थ होकर देहरादून लौट आये हैं। आज मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र के जीटीसी हेलीपैड आगमन पर कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, उच्च शिक्षा मंत्री डॉ धन सिंह रावत एवं दून मेयर सुनील उनियाल गामा ने उनका स्वागत किया।

मुख्यमंत्री आवास पहुंचने पर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र का तीर्थ पुरोहितों द्वारा मंत्रोच्चार के साथ स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री ने तीर्थ पुरोहितों का आशीर्वाद प्राप्त उन्हें सम्मानित भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि “भगवान बदरीविशाल व बाबा केदार की कृपा और सभी की शुभकामनाओं के कारण मैं अस्पताल से पूर्णतः स्वस्थ होकर लौट आया हूं और नई ऊर्जा के साथ पुनः जनसेवा के कार्य में सबके बीच उपस्थित हूं।“

मुख्यमंत्री ने सभी डॉक्टर्स व पैरामेडिकल स्टाफ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कोरोना से बचाव के सभी मानकों जैसे सही से मास्क पहनना, शारीरिक दूरी का ख्याल रखना तथा हाथों को नियमित रूप से धोना व उन्हें सैनिटाइज करने का अनिवार्यता से पालन करने की आवश्यकता है।