कृषि कानून किसानों के हित में लाई है केन्द्र सरकार-मुख्यमंत्री

कृषि कानून के विरोध में भारत बंद में विपक्षी दलों के शामिल होने पर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने चुनाव घोषणा पत्र में कृषि कानून बनाने का वादा किया था, लेकिन आज वह विरोध में उतर आई है। उन्होंने कांग्रेस पर दोगला होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस खुद तो बर्बाद है ही, वह किसानों को भी बर्बाद करना चाहती है। उन्होंने किसानों को आश्वस्त किया कि सरकार उनके हितों के प्रति सौ फीसदी प्रतिबद्ध है। वे किसी भ्रम में न पड़े। कोई ऐसा काम न हो, जिससे राज्य के अमन को नुकसान पहुंचे।
मुख्यमंत्री बीजापुर अतिथि गृह में किसान आंदोलन पर प्रतिक्रिया दे रहे थे। उन्होंने कहा कि कृषि कानूनों को लेकर किसानों को भ्रमित किया जा रहा है। पंजाब की कांग्रेस सरकार ने आंदोलन को गलत दिशा में मोड़ने का प्रयास किया। कृषि कानून किसानों के हित में है। इसकी बहुत लंबे समय से डिमांड चल रही थी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रसिद्ध कृषि विज्ञानी रहे स्वामीनाथन की रिपोर्ट के आधार पर कृषि कानून है। कानून के तहत किसानों के लिए अनेक विकल्प खोल दिए गए हैं। पहले किसान मंडी मे खरीदारी करता था। आज ओपन मार्केट कर दिया। उन्होंने कहा कि किसानों के बीच यह भ्रम फैलाने की कोशिश की जा रही है कि एमएसपी समाप्त हो रहा है। एमएसपी समाप्त नहीं हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश के किसानों से अपील की कि वे बिल्कुल भ्रमित न हों। उन्होंने विश्वास दिलाया कि भजापा आपके हितों की संरक्षक है। लेकिन कांग्रेस जो कृषि कानून के विरोध में खुलकर आ रही है, दोगली है। उसने  2019 के घोषणा पत्र में है साफ लिखा कि वह एपीएमसी एक्ट को निरस्त कर देगी। कृषि उत्पादों के व्यापार की व्यवस्था करेगी।
आज वही कांग्रेस और उस राज्य के मुख्यमंत्री स्वयं इस आंदोलन में कूद गए। उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया। उन्होंने  कहा कि जिस तरह के नारे लगाए जा रहे हैं, ऐसा लगता है कि कुछ लोग देश की अखंडता और एकता को नुकसान पहुंचाना चाहते हैं।  हम इसकी तीव्र भर्त्सना करते हैं। मुख्यमंत्री ने पीएम मोदी के गुजरात के किसानों को दी गई सस्ती बिजली का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि किसानों को दोगली कांग्रेस से बचने की जरूरत है। 

पेराई सत्र से पहले किसानों को भुगतान
मुख्यमंत्री ने किसानों के हितों को लेकर राज्य सरकार के फैसलों की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शायद पहली बार हुआ कि नए पेराई सत्र से पहले किसानों को उनकी फसल का पूरा भुगतान कर दिया गया। किसानों से धान की खरीदारी हो रही है। 24 घंटे में बिलों का भुगतान आरटीजीएस के माध्यम से हो रहा है। इकबालपुर निजी मिल को सरकार ने 36 करोड़ की गारंटी देकर 22 हजार से अधिक किसानों को राहत दी।

ई-ऑफिस व्यवस्था लागू होने से कार्यों में आएगी पारदर्शिता-मुख्य सचिव

मुख्य सचिव ओमप्रकाश ने सचिवालय में ई-ऑफिस की समीक्षा की। मुख्य सचिव ने कहा कि 25 दिसम्बर, 2020 से सचिवालय के सभी अनुभागों को ई-ऑफिस सिस्टम से जोड़ा जाना है। इसके लिए सभी विभाग अपनी ओर से सभी आवश्यक तैयारियाँ पूर्ण कर लें।
मुख्य सचिव ने कहा कि ई-ऑफिस व्यवस्था लागू होने से कार्य में पारदर्शिता आएगी इसके साथ ही कार्यों की गति भी बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि इसके लिए लगातार प्रशिक्षण कराया जा रहा है। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अनुभागों के निरीक्षण की भी व्यवस्था की जाए। विभागों एवं अनुभागों से फीडबैक लेते हुए उनकी समस्याओं के निराकरण की व्यवस्था भी की जाए।
बैठक में सचिव आर.के. सुधांशु ने बताया कि ई-ऑफिस सिस्टम की दिशा में आईटीडीए, जिलाधिकारी देहरादून कार्यालय, शहरी विकास एवं वन विभाग का पीसीसीएफ ऑफिस ने 100 प्रतिशत ई-ऑफिस सिस्टम लागू कर लिया है। बाकी विभाग भी तेजी से ई-ऑफिस पर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सचिवालय में इस सम्बन्ध में लगातार प्रशिक्षण कराया जा रहा है। जिस भी अनुभाग में कोई समस्या आ रही है। 20 मिनट के अन्दर हमारी टीम वहां पहुंच कर उन्हें आवश्यक जानकारी देते हुए उनकी समस्या का निराकरण कर रही है।
इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, मनीषा पंवार, सौजन्या, निदेशक आईटीडीए, अमित सिन्हा सहित सभी विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

कार्यकर्ताओं में ऊर्जा का संचार कर गये नड्डा

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा उत्तराखंड में अपना चार दिवसीय प्रवास पूरा कर सोमवार को लौट गए। जाने से पहले वह संगठन और सरकार को खास पांच मंत्र दे गए। तीन दिन चली मैराथन बैठकों में शीर्ष नेताओं से लेकर आम कार्यकर्ताओं से हुए संवाद में उन्होंने साफ किया कि 2022 और 2024 में मिशन इलेक्शन का लक्ष्य हिंदुत्व कार्ड, मोदी मैजिक, मजबूत और सक्रिय सांगठनिक नेटवर्क, निरंतर प्रवास और सहज आचरण से ही सधेगा।
ये सारी बातें नड्डा के विचारों और आचरण से बार-बार सामने आई। अपने 120 दिन के देशव्यापी प्रवास की शुरुआत उन्होंने देवभूमि उत्तराखंड से यूं नहीं की। कुंभनगरी हरिद्वार के गंगा तट हर की पौड़ी से प्रवास की शुरुआत के विशेष निहितार्थ हैं। बेशक नड्डा कहें कि यह उनकी दिली इच्छा थी, लेकिन सियासी जानकार इसे आरएसएस और भाजपा का हिंदुत्व एजेंडा मानते हैं। नड्डा ने गायत्री परिवार के संचालक उन प्रणव पंड्या से मुलाकात की, जिनकी संस्था के देश दुनिया में करीब 20 करोड़ अनुयायी हैं। 
उत्तराखंड में राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर प्रवास अमित शाह ने भी किया था। शाह के दौरे के अनुभव के आधार पर पार्टी नेताओं ने नड्डा के दौरे को लेकर उसी तरह की धारणाएं बनाई थी, लेकिन शाह के आक्रामक रुख से जुदा नड्डा ज्यादा सहज और संतुलन साधते नजर आए।

अनुभवी और हिमाचली होने के फायदा
उनकी बातों ने सरकार और संगठन दोनों को सहज किया। कोविडकाल की बंदिशों के बीच पार्टी नेताओं से लेकर कार्यकर्ताओं से उन्होंने जितना भी संवाद बनाया, उसमें उन्होंने निरंतर प्रवास पर फोकस किया। उन्होंने मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष से लेकर शक्ति केंद्र के मुखिया और उसकी टीम को निरंतर प्रवास करने की सलाह दी। बदलती राजनीतिक चुनौती से मुकाबला करने के लिए उन्होंने सांगठनिक नेटवर्क के विस्तार पर जोर दिया। उनका मानना था कि भाजपा को रोकने के लिए सभी राजनीतिक दल एकजुट होकर लड़ेंगे, लिहाजा पार्टी को उसी हिसाब से तैयारी करनी है। इसके लिए उन्होंने अपना एजेंडा तय करने का मंत्र दिया।
नड्डा का यह मंत्र पीएम मोदी के नेतृत्व कौशल, केंद्र और राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की चाशनी में लिपटा है, जिसे जन जन के कान में फूंकने की उनकी योजना है। इससे साफ हो गया कि प्रदेश में पार्टी के शीर्ष नेताओं से लेकर आम कार्यकर्ता की जुबान पर मोदी ही नजर आएंगे। सांगठनिक नेटवर्क की रीढ माने जाने वाले जमीनी कार्यकर्ता के बीच भी उन्होंने यह संदेश देने की कोशिश की कि संगठन नेतृत्व के जेहन में उनका सबसे ज्यादा ख्याल है। जिला, मंडल और बूथ अध्यक्ष के साथ मंच साझा करना इसी रणनीति का हिस्सा माना गया। साथ ही इसे प्रदर्शित करके राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सहजता का संदेश भी दिया। 
राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने प्रवास के दौरान पहाड़ के मर्म पकड़ पाए। उन्होंने कहा भी, मैं पहाड़ी हूं, इसलिए पहाड़ का दर्द खूब समझता हूं। उन्होंने पहाड़ पर महिलाओं के संघर्ष को बयान किया। उन्होंने कहा कि पहाड़ हिमाचल का हो या उत्तराखंड का, संघर्ष दोनों ही जगह समान है। साथ ही उन्होंने मोदी सरकार की उज्ज्वला और सौभाग्य योजनाओं का जिक्र किया, कहा कि दोनों योजनाओं ने पहाड़ के लोगों और महिलाओं का संघर्ष कम किया है।

जो हमारे विचारों का जन्मजात विरोधी है, उनकी चिंता न करेः नड्डा

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि कांग्रेस ने 70 साल राज किया। लेकिन जितने काम पीएम मोदी ने छह साल में किए, कांग्रेस सपने में भी नहीं सोच सकती है।

उत्तराखंड के दौरे के तीसरे दिन नड्डा ने सोशल मीडिया वॉलंटियरों की बैठक ली। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया वॉलंटियर परिवर्तन के वाहक हैं। भाजपा ही पहली पार्टी है, जिसने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल किया। इसका लाभ पार्टी को मिला है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि जो हमारे विचारों का जन्मजात विरोधी है, उनकी चिंता न करें।

इनकी अपने घर में भी नहीं बनती है। कार्यकर्ता को बुरी बातों से दूर रहना चाहिए। भाजपा देश के उज्ज्वल भविष्य की यात्रा में लगी हुई है। हमारी सोच में भारत के हर वर्ग के नागरिकों के उत्तम जीवन की होनी चाहिए। लाल सलाम बोलने वाले समाप्ति के कगार पर है और वंदे मातरम बोलने वाले दिन प्रतिदिन बढ़ते जा रहे हैं। विदेशों में भी वंदे मातरम वालों का गुणगान हो रहा है।

सोशल मीडिया कार्यकर्ताओं से कहा कि जिन लाभार्थियों को हमारी योजनाओं का लाभ होता है। उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफार्म पर साझा करें। हर कार्यकर्ताओं को अपना लक्ष्य तय करना है।

बैठक में प्रदेश सोशल मीडिया प्रभारी शेखर वर्मा ने कार्यकर्ताओं को आने वाली विभिन्न प्रकार की सोशल मीडिया की कठिनाइयों के बारे में जानकारी दी। बैठक में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, राष्ट्रीय सह महामंत्री संगठन शिव प्रकाश, प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत, प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम, सह प्रभारी रेखा वर्मा समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।

नड्डा की मौजूदगी में प्रसिद्ध डॉ. यशपाल रावत बने भाजपाई

अल्मोड़ा के सल्ट निवासी डॉ. यशपाल रावत आज भाजपा में शामिल हो गए। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने उन्हें भाजपा में शामिल किया। डॉ. रावत सल्ट सीट के उप चुनाव में भाजपा के प्रत्याशी हो सकते हैं।

चामुण्डा चिकित्सालय काशीपुर के स्वामी व प्रख्यात सर्जन डॉ यशपाल ने आज भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। जिसके बाद से चर्चाएं गर्म हो गई हैं कि वह सल्ट विधानसभा सीट पर होने वाले उप चुनाव में भाजपा प्रत्याशी हो सकते हैं। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने डॉ यशपाल का भाजपा में स्वागत किया। प्रदेश अध्यक्ष बंसीधर भगत व प्रदेश उपाध्यक्ष खिलेन्द्र चैधरी भी इस अवसर पर उपस्थित थे। डॉ यशपाल मूलतः सल्ट निवासी हैं और काशीपुर में उनका चिकित्सालय है।

गौरा देवी चौक का महापौर ने किया निरीक्षण, नाराजगी जताई

नगर निगम महापौर शहर के विकास कार्यों को अवरुद्ध करने का षड़यंत्र रचने वालों के खिलाफ जमकर गरजी। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि शहर के विकास कार्यों को बाधित करने वालों के खिलाफ नगर निगम प्रशासन हर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करायेगा। मामले में यदि कोई अधिकारी भी सलिंप्त पाया गया तो उसके खिलाफ एक्शन लेने से भी गुरेज नहीं किया जाएगा।

गौरा देवी चौक के निरीक्षण के लिए पहुंची महापौर द्वारा चौक के निर्माण कार्य में बार-बार अवरोध उत्पन्न किए जाने पर तीखा आक्रोश जताया गया। मौके पर ही उन्होंने शहर कोतवाल को भी तलब कर लिया। चंद मिनटों में ही मौके पर पहुंचे कोतवाल को जानकारी देते हुए महापौर ने बताया कि शहर में कुछ लोग निगम द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों को पचा नहीं पा रहे है। उनके द्वारा बार-बार निर्माण कार्य में अवरोध उत्पन्न किया जा रहा है। गौरा देवी चौक पर कई मर्तबा निर्माण कार्य में लगे मजदूरों से मारपीट की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि नगर निगम के निर्माण कार्यों को अवरुद्ध कराने में यदि किसी अधिकारी की भी संलिप्तता पाई गई तो उसके खिलाफ भी आवश्यक कदम उठाने में नगर निगम प्रशासन कोई गुरेज नहीं करेगा। महापौर ने जानकारी दी कि तहसील चौक पर सड़क हादसों में कई लोगों की जान जा चुकी है। अभी भी आये दिन वाहन चालक इस चौक पर दुघर्टनाओं मे चोटिल हो रहे हैं। ऐसे में साफ है कि चौक पर निर्माण कार्यों का विरोध करने वालों को लोगों की सुरक्षा की कोई चिन्ता नही है। उन्होंने बताया कि निगम बोर्ड की प्रथम बैठक में तमाम निर्वाचित सदस्यों की मौजूदगी में तहसील चौक के निर्माण का प्रस्ताव पारित किया गया था। निर्वाचित बोर्ड के प्रस्ताव पर विरोध करना सही नहीं हैै। यदि किसी व्यक्ति को उक्त चौक के निर्माण कार्य पर आपत्ति है तो वह नगर निगम में आकर अपनी बात रखने के लिए स्वतंत्र हैं। उनकी समस्या का समाधान कराया जायेगा। इस दौरान पार्षद विजेंद्र मोगा, पार्षद वीरेंद्र रमोला, पार्षद अनिता रैना, पार्षद राकेश सिंह मियां, पार्षद मनीष शर्मा, पार्षद देवेंद्र प्रजापति सहित नगर निगम के सहायक अभियंता आनंद मिश्रावान मौजूद रहे।

बाबा साहब समाज के हर वर्ग के आदर्श

अंबेडकरवादी महिला संगठन के नेतृत्व में रविदास भवन, अंबेडकर नगर ऋषिकेश में बाबा साहब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर के पुण्यतिथि ‘परिनिर्वाण दिवस’ पर मुख्य अतिथि के रूप में विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल, विशिष्ट अतिथि प्रदेश अध्यक्ष अनुसूचित मोर्चा अंबा दत्त आर्य एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रदेश सह संयोजक युवा मोर्चा प्रकांत कुमार ने पुष्पांजलि अर्पित कर बाबा साहब को श्रद्धासुमन अर्पित किये। इस दौरान वक्ताओं ने बाबा साहब की कीर्ति एवं समाज के लिए उनके द्वारा किए गए कार्यों पर चर्चा की।
मुख्य वक्ता प्रकांत कुमार ने कहा कि बाबा साहब एक सीमित समाज के ही आराध्य एवं पूजनीय नहीं है अपितु समस्त समाज के आदर्श है।ं बाबा साहब ने वंचितों पिछड़ों एवं महिलाओं के अधिकारों की लड़ाई लड़ी और उस लड़ाई में इस विशेष वर्ग को एक स्थान समाज में दिलाने का काम किया। इस अवसर पर दुर्गेश कुमार, निशा देवी, रेखा, नितिन, कमला, सुनीता, गंगा शरण, उमेश, विमला आदि उपस्थित रहे।

भाजपा के लिए देश सर्वोपरि, अन्य दल मोदी का विरोध करते हुए देश के खिलाफ उतर आएः नड्डा

अन्य दलों को देश की कोई चिंता नहीं है, यह लोग अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अन्य शक्तियों के साथ मिलकर मोदी के खिलाफ काम कर रहे है। भाजपा के लिए देश ही सर्वोपरि है। दूसरे दल मोदी के विरोध में इतने अंधे हो गए हैं, कि वह अब देश का भी विरोध करने लगे हैं। हमें मोदी और भाजपा को सशक्त बनाना है। यह बात भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कही।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का बीजापुर अतिथि गृह में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने स्वागत किया। नड्डा ने आज सुबह हरिद्वार से देहरादून के लिए प्रस्थान किया। इस दौरान नेपाली फार्म से लेकर देहरादून तक कोविड के नियमों का पालन करते हुए जगह-जगह मानव श्रृंखला बनाकर उनका स्वागत किया गया जाएगा। करीब बारह बजे वे देहरादून पहुंचे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने कहा, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के उत्तराखंड आगमन से पार्टी कार्यकर्ताओं में जबदस्त उत्साह है। उनका यह दौरा हर दृष्टि से ऐतिहासिक है। उनके कुशल मार्गदर्शन में पार्टी कार्यकर्ता मिशन 2022 को फतह करने के लिए नई ऊर्जा के साथ जुटेंगे। राज्यसभा सदस्य और भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी का कहना है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष ने देशव्यापी प्रवास कार्यक्रम की उत्तराखंड से शुरुआत कर देवभूमि के प्रति अपने स्नेह को प्रदर्शित किया है। उनके इस दौरे से प्रदेश में भाजपा कार्यककर्ताओं में नई ऊर्जा व उत्साह का संचार होगा।
वहीं, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कहा, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा के पास विशाल संगठनात्मक और प्रशासनिक अनुभव है। आने वाले समय में पार्टी उनके नेतृत्व में और अधिक मजबूत होकर उभरेगी।

नेपाली फार्म में राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत को पहुंचे भाजपाई

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा हरिद्वार में महामंडलेश्वरों की बैठक में विभिन्न मुद्दों पर वार्ता के प्रश्चात आज सुबह कुंभ नगरी हरिद्वार से द्रोण नगरी देहरादून के लिए रवाना हुए। उनके स्वागत कार्यक्रम की ऋषिकेश विधानसभा संयोजक महापौर अनिता ममगई के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने मानव श्रृंखला बनाकर राष्ट्रीय अध्यक्ष का बेहद गर्मजोशी से स्वागत और अभिनंदन किया। इस दौरान उनपर जबरदस्त पुष्प वर्षा भी की गई।

पार्टी के तमाम पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ स्वागत कार्यक्रम की संयोजिका मेयर अनिता ममगाई भी मौके पर डटी रही। इससे पूर्व उन्होंने आवश्यक दिशा निर्देश भी पार्टी कार्यकर्ताओं को दिए। राष्ट्रीय अध्यक्ष के वाहनों का काफिला नेपाली फार्म तिराहे पर पहुंचते ही समूचा क्षेत्र भाजपा जिदांबाद और जयश्री राम के गूंजायमान उद्वोषों से गूंज उठा। मेयर अनिता ममगाई ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को वाहन पर ही पुष्प गुच्छ भेंटकर उनका अभिनंदन किया।

वहीं, हरिपुरकलां स्थित एक होटल में विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने भी उनका स्वागत किया। इस दौरान पुष्पगुच्छ भेंट वार्ता भी की। वहीं, वीरभद्र मंडल की ओर से भी उनका स्वागत किया गया।

कांग्रेस नेता जयेंद्र रमोला ने पुरातन कांग्रेसियों से मुलाकात कर लिया संगठन की मजबूती को लेकर सुझाव

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य जयेन्द्र रमोला ने ‘हमारे वरिष्ठ हैं हमारे गौरव’ थीम के तहत वरिष्ठ कांग्रेसियों से मुलाकात कर उनका हाल जाना। साथ ही उनके अनुभव व संगठन की मजबूती को लेकर सुझाव मांगे। उन्होंने कांग्रेस के पितामाह व उनके परिवारजनों से मुलाकात की।

कहा कि आज पूरे देश में कांग्रेस कठिन दौर से गुजर रही है जहॉं एक ओर सत्ता की लालच में बहुत से मौकघ परस्त लोग काँग्रेस छोड़कर दूसरे अन्य दलों में शामिल हो रहे हैं वहीं हमारे वे वरिष्ठ जो वर्षों से कांग्रेस से जुड़े हैं और आज इस कठिन दौर में भी कांग्रेस के साथ खड़े हैं, हमें मिलकर उनको सम्मान देने का कार्य करना चाहिए। वर्ष 2018 में भी कांग्रेस स्थापना दिवस पर मेरे द्वारा ऋषिकेश के जयराम आश्रम में द्विवंगत हुऐ कांग्रेस के नेताओं के परिवार के सदस्यों का सम्मान कार्यक्रम भी करवाया गया था, इसमें प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने शॉल ओढ़ाकर व सम्मान पत्र देकर परिवार के सदस्य को सम्मानित किया था। उसी के तहत आज पिछले कुछ दिनों से मैं व मेरे साथी वरिष्ठ कांग्रेस जनों से मिलकर उनका आर्शीवाद प्राप्त कर उनका हाल चाल जाना और भविष्य में संगठन की मजबूती के लिये उनके सुझाव लिये, साथ ही पुराने कांग्रेस परिवारों के लोग जो अब मुख्य धारा से दूर हो गये हैं उनसे भी मुलाकघत कर पुनरू संगठन के प्रति सक्रिय होने के लिये आग्रह किया ।

इस कार्यक्रम में गोकुल रमोला, निर्मल रांगड, उप प्रधान रोहित नेगी, आशा सिंह चैहान, रमा चैहान, गब्बर कैन्तुरा, चन्द्रमोहन नेगी आदि उपस्थित रहे।