एमपी में कांग्रेस पर जमकर गरजे सीएम धामी, बोले देश के हर सनातनी को ठगबन्धनों से सावधान रहने की जरूरत

देहरादून। मध्यप्रदेश विधानसभा चुनावों में प्रचार के लिए गए देवभूमि के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का वहां भव्य स्वागत हुआ। धामी और मध्यप्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान जब विधानसभा क्षेत्र खुरई में रोड-शो के लिए निकले तो हजारों लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।
इस दौरान, धामी और शिवराज का बुलडोजर से पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। जनसभा में सीएम शिवराज चौहान ने सीएम धामी की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि धामी ने देवभूमि की तकदीर और तस्वीर दोनों बदल कर रख दी है। इस दौरान मुख्यमंत्री धामी ने विपक्ष पर जमकर हमला बोला। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि आजादी के बाद जिन सरकारों ने इस देश पर राज किया, उन्होंने उत्तराखंड और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों की पहचान को खत्म करने का भरपूर प्रयास किया। कांग्रेस की सरकार ने जो हमें दिया, उसे हम और आप, कभी आपातकाल तो कभी विभिन्न घोटालों के नाम से जानते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज विपक्ष के ये नौसिखिया नेता सनातन को खत्म करने जैसी बेतुकी बातें कर रहे हैं। लेकिन, उन्हें यह नहीं मालूम कि जब बाबर और औरंगजेब जैसे क्रूर शासक सनातन को खत्म नहीं कर पाए तो फिर ये घमंडिया गठबंधन के घमंडिया नेता क्या चीज हैं। उन्होंने कहा कि मैं अपील करूंगा कि आज देश के हर कोने-कोने में हर सनातनी को और देश की मिट्टी से प्यार करने वालों को इन ’’ठगबंधनों’’ से सतर्क रहने की आवश्यकता है और हमें मिलकर ऐसी ताकतों को रोकना है, जो हमारे देश की एकता एवं अखंडता के लिए खतरा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मुझे एक बात समझ में नहीं आती कि इन्होंने भले ही अपना नाम ’’इंडिया’’ रख लिया हो परन्तु इन्हें ’’भारत’’ नाम से आखिर चिढ़ क्यूं है। इन्हें सनातन धर्म और संस्कृति से चिढ़ क्यूं है, इन्हें राष्ट्रवाद से चिढ़ क्यूं है। इन्हें वंदे मातरम ओर भारत माता की जय बोलने से चिढ़ क्यूं है। यह इसलिए है, क्योंकि इनके मूल में ही, न कभी देशभक्ति थी, न है और न रहेगी, क्योंकि इन्होंने हमेशा तुष्टिकरण, परिवारवाद और भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद भारत शक्तिशाली हुआ है, भारत आत्मनिर्भर हुआ है और ’’ठगबंधनों’’ की दुकानें बंद हुई है।

कमलनाथ और दिग्विजय पर बरसे
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने 2018 में झूठ बोलकर मध्यप्रदेश में सरकार बनाई कि दस दिन में हम किसानों का ऋण माफ कर देंगे, युवाओं को रोजगार भत्ता देंगे और महिलाओं से जो वादे किए उन्हें पूरे करेंगे, लेकिन उन्होंने एक भी वादा पूरा नहीं किया। मात्र 15 महीनें की छोटे से समय में ही कमलनाथ ने सबसे भ्रष्ट सरकार बनाई जिसमें, घूस और रिश्वतखोरी के अलावा किसी ओर मुददे पर ध्यान नहीं दिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिग्विजय सिंह ही काम ही हिन्दुत्व और हिन्दुओं को गाली देने का है।कहा कि ये महाशय हिन्दुओं को आतंकवादी घोषित करने में फस्ट रहे।

मध्यप्रदेश में जमकर हो रहा विकास
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व की बंटाधार सरकार ने राज्य के बजट को 23 हजार करोड़ पर छोड़ दिया था, जिसे मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह जी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने 3.14 लाख करोड़ तक पहुंचाया है। इस दौरान मध्य प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय में दस प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हुई है।


उत्तराखंड में किये कार्य गिनाए
मुख्यमंत्री ने कहा कि हम उत्तराखंड में जल्द समान नागरिक आचार संहिता को लागू करने जा रहे हैं। जिसका ड्राफ्ट तैयार कर लिया गया है और दावे से कह सकता हूं कि मध्य प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद यहां भी समान नागरिक आचार संहिता लागू करने का कार्य अवश्य किया जाएगा। इसके अलावा हमने उत्तराखंड में लैंड जिहाद के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई करते हुए 483 अवैध मजारों को ध्वस्त कर करीब 33 सौ एकड़ सरकारी जमीन मुक्त करवाई है। साथ ही देवभूमि में जहां एक ओर धर्मांतरण रोकने के लिए सख्त कानून बनाया है, वहीं परीक्षाओं में नकल रोकने के लिए भी भारत का सबसे कड़ा नकल विरोधी कानून बनाया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में लिए गए कई निर्णयों को अन्य प्रदेश भी अब अनुसरण कर रहे हैं, और मुझे पूर्ण विश्वास है कि मध्य प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के पश्चात यहां भी सामान नागरिक संहित सहित अन्य ठोस कदम जनता के हित में उठाएं जाएंगे।

शिवराज हैं असली मामा
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि 16 सितंबर को मेरा जन्मदिन था, उस दिन मैं, जब बच्चों के बीच कार्यक्रम मना रहा था, तो मुझे बच्चे धामी मामा कहकर संबोधित कर रहे थे, लेकिन मैंने उनसे कहा कि बच्चों मैं, असली मामा नहीं, असली मामा तो मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जी हैं। वे सच में मामा के समान है, क्योंकि उन्होंने अपने भांजे-भांजियों के भविष्य को सुधारने के लिए जितना काम किया है, उतना काम एक मामा ही अपने भांजे-भांजियों के लिए कर सकता है।

सीएम धामी ने प्रधानमंत्री द्वारा देश में विश्वकर्मा योजना शुरू करने पर जताया आभार

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को नेताजी सुभाष चन्द्र बोस आवासीय छात्रावास, आराघर, धर्मपुर में आवासित एकल अभिभावक निर्धन और बेसहारा छात्रों के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का 73वां जन्मदिन मनाया। मुख्यमंत्री की उपस्थिति में 73 दिये जलाने के साथ केक भी काटा गया। मुख्यमंत्री ने सभी छात्रों को उपहार स्वरूप ट्रैक सूट, जूते, मौजे तथा मिष्ठान प्रदान किये तथा छात्रों से बातचीत कर उनके विचार जाने। मुख्यमंत्री ने छात्रों का उत्साहवर्धन कर सभी का उत्साहवर्धन किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर छात्रों द्वारा तैयार किये गये विभिन्न् इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों का अवलोकन कर छात्रों की वैज्ञानिक सोच की भी सराहना की। मुख्यमंत्री को अपने मध्य पाकर सभी छात्र उत्साहित नजर आए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को उनके 73वें जन्मदिन पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनायें देते हुए उनके दीर्घायु की कामना की। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री द्वारा देश में शुरू की गई विश्वकर्मा योजना के लिए उनका आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे हमारे श्रमिकों एवं कर्मचारियों को समाज के मुख्य धारा से जुड़ने में मदद मिलेगी तथा उनके जीवन में परिवर्तन आएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का बच्चों से विशेष लगाव है। प्रधानमंत्री का परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम इसका प्रबल उदाहरण है। हमारे बच्चे देश के भावी कर्णधार है। उन्होंने कहा कि वे स्वयं भी अपने जन्मदिन से पूर्व गरीब एवं बेसहारा बच्चों के बीच आये तथा उनके साथ कुछ समय बिताया।

मुख्यमंत्री ने सभी विद्यार्थियों के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए कहा जीवन में जो भी कार्य करें, पूर्ण मनोयोग के साथ करें। उन्होंने कहा की जीवन में जिस भी क्षेत्र में कार्य करना चाहते हैं, उसके लिए अभी से लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़े।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद देश और देशवासियों में नई आशा, विश्वास के साथ नई ऊर्जा का संचार हुआ है। आज प्रत्येक भारतवासी आत्मविश्वास से ओतप्रोत है। देश हर क्षेत्र में तेजी से प्रगति कर रहा है। वैश्विक स्तर पर भारत का मान, सम्मान एवं स्वाभिमान बढ़ा है। देश में नई कार्य संस्कृति की शुरूआत हुई है। समरस, समर्थ एवं शक्तिशाली भारत की पहचान देश व दुनिया में हुई है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में इन वर्षों में एक समृद्ध, शक्तिशाली तथा समरस भारत के साथ ही दुनिया का नेतृत्व करने वाला भारत बना है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्र सरकार के सहयोग से उत्तराखण्ड में विकास के नये आयाम स्थापित हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की भगवान केदारनाथ के प्रति गहरी श्रद्धा एवं आस्था है। चारधाम के लिए ऑल वेदर रोड़, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन बनने के साथ ही केदारनाथ का भव्य पुनर्निर्माण अंतिम चरण में है। बद्रीनाथ पुनर्निर्माण योजनाओं पर भी कार्य गतिमान है। उन्होंने प्रदेशवासियों की ओर से भी भगवान श्री बद्री विशाल तथा श्री केदारनाथ से यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वस्थ्य और दीर्घायु जीवन की कामना की। मुख्यमंत्री ने एशिया कप में भारत की शानदार जीत के लिए भारतीय क्रिकेट टीम को भी बधाई दी।
इस अवसर पर महानिदेशक शिक्षा बंशीधर तिवारी ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए गरीब बेसहारा छात्रों के साथ प्रधानमंत्री मोदी का जन्मदिन मनाने के लिए उनका आभार भी व्यक्त किया। महानिदेशक तिवारी ने कहा कि नेताजी सुभाष चन्द्र बोस आवासीय छात्रावास का कान्सेप्ट भी प्रधानमंत्री का दिया हुआ है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत सबको गुणवत्ता युक्त बेहतर शिक्षा उपलब्ध हो इसके लिए समाज के गरीब बेसहारा एवं निर्धन छात्रों की शिक्षा व्यवस्था के लिए ये आवासीय छात्रावास बनाये गये है। अबतक प्रदेश में 13 आवासीय छात्रावास बनाये जा चुके है। इनमें छात्रों को शिक्षा से जुड़ी सभी गतिविधियों से प्रशिक्षित किये जाने की व्यवस्था है।
महानिदेशक शिक्षा बंशीधर तिवारी ने कहा कि इन छात्रावासों में आवासित छात्रों को घर जैसा वातावरण उपलब्ध हो इसके भी प्रयास किये जाते है। लगभग सभी प्रमुख पर्वों एवं त्यौहारों पर वे स्वयं भी इनके बीच आकर उपहारो के साथ मार्गदर्शन तथा छात्रों का उत्साहवर्धन करने का प्रयास करते है। छात्रों में वैज्ञानिक सोच भी पैदा हो इसके लिए भी उन्हें प्रेरित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री के समक्ष छात्रों द्वारा प्रदर्शित रोबोट स्मार्ट डस्टबिन रिमोट कार ड्रोन वॉटर कूलर आदि जैसे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का प्रदर्शन इसका प्रमाण है।
इस अवसर पर शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में छात्र-छात्रायें उपस्थित रहे।

सीएम ने पीएम के जन्मदिन पर लाभार्थियों को चेक वितरित किये

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्म दिवस के अवसर पर ‘प्रधानमंत्री की सौगात-आपके लिए’ कार्यक्रम में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अन्तर्गत स्वयं सहायता समूहों एवं प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अन्तर्गत 11 लाभार्थियों को आवास स्वीकृति पत्र, चाबी एवं घर के लिए बर्तन और सामान क्रय के लिए 5-5 हजार रुपये के चेक प्रदान किये। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के लाभार्थियों को अब घर के बर्तन और सामान के लिए 6-6 हजार रुपये दिये जायेंगे।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान एन.आर.एल.एम योजना के 25 लाभार्थियों को चेक प्रदान किये। 10 समूहों को 75-75 हजार के सामुदायिक निवेश फण्ड (सीआईएफ) के चेक प्रदान किये गये। 5 समूहों को 10-10 हजार रुपये के रिवाल्विंग फण्ड के चेक और 10 समूहों को 1.50 लाख से 6 लाख रुपये तक के चेक प्रदान किये गये। राज्य में एन.आर.एल. एम योजना के तहत 5.01 लाख महिलाओं को संगठित कर 64 हजार 686 समूहों, 6 हजार 551 ग्राम संगठनों एवं 392 क्लस्टर स्तरीय संगठनों का गठन किया गया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए भगवान केदारनाथ और भगवान बद्रीविशाल से उनके सुदीर्घ जीवन की कामना की। अपने जन्मदिन के सुअवसर पर देवभूमि की बहनों को पक्के मकान के रूप में विशेष उपहार देने पर उन्होंने प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे बीच अनेकों ऐसे परिवार हैं जिनके लिए अपना खुद का घर मिलना किसी सपने के पूर्ण होने से कम नहीं है। गरीबों को अपना पक्का घर देना योजना मात्र नहीं है, यह प्रदेश के एक-एक वंचित को इस बात का विश्वास देने की प्रतिबद्धता है कि सरकार उनके सशक्तिकरण के लिए दृढ़ संकल्पित है। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में सरकार हर गरीब तक पहुंचने का काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में पिछले 9 वर्षों में करीब 4 करोड़ से अधिक पक्के घर गरीब परिवारों को मिल चुके हैं। इनमें से करीब 70 प्रतिशत घर महिलाओं के नाम पर हैं। जब कोई सरकार अंत्योदय को अपना ध्येय मानकर कार्य करती है तो उसके परिणाम अलग होते हैं। राज्य में इस योजना के अंतर्गत प्रारम्भ से अब तक कुल 36229 आवासों का निर्माण पूर्ण करते हुए 609.24 करोड़ की धनराशि डीबीटी के माध्यम से लाभार्थियों के बैंक खाते में हस्तान्तरित की जा चुकी है। देश में जिस स्तर पर शोषितों और वंचितों का आज सशक्तिकरण हो रहा है वैसा आज से पहले कभी नहीं हुआ। प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में उत्तराखंड में भी विकास के एक नए युग का सूत्रपात हो चुका है। प्रदेश के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने और राज्य को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में अनेकों कार्य किये जा रहे हैं।
ग्राम्य विकास मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सभी योजनायें गरीबों, वंचितों एवं मातृ शक्ति को ध्यान में रखते हुए चलाई जा रही हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अन्तर्गत राज्य में अभी तक 62 हजार 932 लाभार्थियों को आवास स्वीकृत किये जा चुके हैं तथा 609 करोड़ की धनराशि लाभार्थियों के बैंक खाते में भेजी जा चुकी है। अब तक 36229 आवास पूर्ण किए जा चुके हैं। अवशेष 12079 लाभार्थियों की आवास स्वीकृति की प्रक्रिया गतिमान है। समूहों को सशक्त बनाने हेतु वित्तीय समावेशन कर 44255 समूहों को रिवाल्विंग फण्ड के रूप में 53.67 करोड़ रुपये, 27079 समूहों को 174.27 करोड़ रू0 का सामुदायिक निवेश निधि एवं 55257 समूहों हेतु 443.27 करोड़ बैंक लिंकेज कर विभिन्न आजीविका संवर्धन गतिविधियों का संचालन किया जा रहा है। 2025 तक राज्य में 1.25 लाख महिलाओं को लखपति दीदी के रूप में तैयार किये जाने का लक्ष्य रखा गया है। वर्तमान समय तक 40272 महिलाओं को लखपति दीदी के रूप में तैयार किया गया है।
इस अवसर पर सचिव ग्राम्य विकास राधिका झा, आयुक्त ग्राम्य विकास आनन्द स्वरूप, जिलाधिकारी देहरादून सोनिका, अपर सचिव ग्राम्य विकास नितिका खण्डेलवाल, सीडीओ देहरादून झरना कमठान सहित अन्य उपस्थित रहे।

स्वच्छता लीग मैराथन में दौड़े सीएम धामी, पीएम के दीर्घायु होने की कामना की

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्म दिवस के अवसर पर परेड ग्राउंड, देहरादून में नगर निगम देहरादून द्वारा आयोजित ‘स्वच्छता लीग मैराथन’ का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने बाबा केदार, भगवान बदरीविशाल और मां गंगा से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वस्थ एवं दीर्घायु होने की कामना की है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के अब तक के 9 साल के कार्यकाल में देश ने अनेक उपलब्धियां हासिल की हैं। आज दुनिया में भारत का मान, सम्मान और स्वाभिमान बढ़ा है। वैश्विक स्तर पर भारत की शाख बढ़ी है। 21 जून विश्व के अनेक देशों में योग दिवस मनाया जाता है। इसे वैश्विक स्तर पर ले जाने का काम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा किया गया। भारत की अध्यक्षता में आयोजित जी-20 की देशभर में 200 से भी अधिक बैठकें देश के अनेक स्थानों पर हुई। जी-20 की तीन बैठकें आयोजित करने का अवसर उत्तराखण्ड को भी मिला। इस समिट में पूरी दुनिया ने भारत की संस्कृति और सामर्थ्य को देखा। वर्ष 2023 को वैश्विक स्तर पर मिलेट वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री ने भारत के श्री अन्न को वैश्विक स्तर पर अलग पहचान दिलाने का कार्य किया है। आज भारत विश्व की पांचवी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश बन चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का देवभूमि उत्तराखण्ड से विशेष लगाव है। उन्होंने बाबा केदारनाथ की भूमि से कहा था कि इक्कीसवीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखण्ड का दशक होगा। इस दशक को उत्तराखण्ड का दशक बनाने के लिए राज्य सरकार हर क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में केन्द्र सरकार से राज्य को हर क्षेत्र में पूरा सहयोग मिल रहा है। सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी का राज्य में तेजी से विस्तार हो रहा है। नरेन्द्र मोदी के कालखण्ड में राज्य को डेढ़ लाख करोड़ से अधिक योजनाएं मिली हैं। पर्यटन, कृषि, बागवानी, शिक्षा, चिकित्सा, तकनीकि क्षेत्र सभी में राज्य तेजी से आगे बढ़ रहा है।
इस अवसर पर मेयर सुनील उनियाल गामा, विधायक खजानदास, नगर आयुक्त मनुज गोयल, अनिल गोयल उपस्थित रहे।

पीएम के जन्मदिन पर युवा मोर्चा ने लगाया रक्तदान शिविर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर युवा मोर्चा ऋषिकेश व वीरभद्र मंडल की ओर से रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस मौके पर रक्तदान करने वाले 100 युवाओं को क्षेत्रीय विधायक व कैबिनेट मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने सम्मानित किया।
रविवार को ऋषिकेश एम्स में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मंत्री डॉ अग्रवाल ने किया। मंत्री डॉ अग्रवाल जी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को दृढ़ इच्छाशक्ति एवं विशाल व्यक्तित्व का धनी, कुशल प्रशासक एवं प्रभावी कार्यसाधक बताते हुए कहा कि दुनिया में आज भारत की जो छवि एवं पहचान बनी है उसका पूरा श्रेय मोदी के करिश्माई व्यक्तित्व को जाता है। उनके नेतृत्व मे भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का सपना भी साकार हो रहा है। कहा कि अच्छा नेतृत्व कैसे सही मार्गदर्शन कर देश को व्यवस्थित ढ़ंग से संचालित करता है प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इसके उदाहरण है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश हर क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
डॉ अग्रवाल ने कहा कि उनके प्रधानमंत्री बनने के बाद देश और देशवासियों में आशा, विश्वास और नई ऊर्जा का संचार हुआ है। उनके नेतृत्व में देश हर क्षेत्र में तेजी से प्रगति कर रहा है। वैश्विक स्तर पर भारत का मान, सम्मान एवं स्वाभिमान बढ़ा है। देश में नई कार्य संस्कृति की शुरुआत हुई है। समरस, समर्थ एवं शक्तिशाली भारत की पहचान देश व दुनिया में हुई है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में एक समृद्ध, शक्तिशाली तथा समरस भारत के साथ ही दुनिया का नेतृत्व करने वाला भारत बना है।
इस मौके पर करीब 100 युवाओं ने रक्त का दान किया, जिन्हें डॉक्टर अग्रवाल ने सम्मानित भी किया। इस मौके पर जिलाध्यक्ष रविन्द्र राणा, मंडल अध्यक्ष ऋषिकेश सुमित पंवार, कार्यक्रम संयोजक जगवार सिंह, निखिल बर्थवाल, जिला महामंत्री दीपक धमीजा, मंडल अध्यक्ष वीरभद्र सुरेंद्र सिंह, राजेंद्र बिष्ट, जिला उपाध्यक्ष प्रतीक कालिया, युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष शिवम टुटेजा, संदीप शर्मा, जयम शर्मा, सागर गिरी, अभिनव, साकेत, मोहित निट्टू, शरद तोमर, रवि कुमार, रंजन अंथवाल आदि उपस्थित रहे।

कैबिनेट मंत्री ने कार्यकर्ताओं संग गंगा में दुग्धाभिषेक कर पीएम के लिए आशीर्वाद मांगा

देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर वीरभद्र मंडल की ओर से गंगा में दुग्धाभिषेक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर क्षेत्रीय विधायक कैबिनेट मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने मां गंगा से पीएम की दीर्घायु की कामना की।
रविवार को गौरीशंकर घाट वीरभद्र रोड गली नंबर 3 में गंगा मां से प्रधानमंत्री की दीर्घायु की कामना की गई। इस मौके पर मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ मां गंगा का दुग्ध अभिषेक किया। डॉ अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का सपना साकार हो रहा है।
डॉ अग्रवाल ने कहा कि अच्छा नेतृत्व कैसे सही मार्गदर्शन कर देश को व्यवस्थित ढंग से संचालित करता है प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसके उदाहरण हैं उन्होंने कहा कि पीएम के नेतृत्व में देश हर क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
इस मौके पर भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ मंत्री डॉ अग्रवाल ने मां गंगा की पूजा, अर्चना व आरती कर दुग्ध अभिषेक किया। साथ ही प्रधानमंत्री के दीर्घायु और भारत को विश्व गुरु बनाने के सपने को साकार करने की कामना की।
इस मौके पर मंडल अध्यक्ष वीरभद्र सुरेंद्र सिंह, कार्यक्रम संयोजक व महामंत्री तनु तेवतिया और गौरव केंथोला, वरिष्ठ नेता देवेंद्र दत्त सकलानी, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष निर्मला उनियाल, बालम सिंह रावत, पुनीता भंडारी, वायुराज, राजेश, विवेक चतुर्वेदी, राज कोठारी, रोमा सहगल, पूनम डोभाल, विकास तेवतिया, कुलदीप टंडन, विजय रावत, श्वेता राजपूत आदि उपस्थित रहे।

सीएम के जन्मदिन पर रक्तदान शिविर का आयोजन

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने युवा संकल्प दिवस के अवसर पर सहस्त्रधारा रोड स्थित अमृत फार्म में आयोजित अभिनंदन समारोह में प्रतिभाग कर उनके जन्म दिवस के उपलक्ष में लगाये गये रक्तदान शिविर का भी अवलोकन किया।
मुख्यमंत्री ने उनके जन्म दिवस के अवसर पर बुजुर्गों, मातृशक्ति एवं पार्टी पदाधिकारियों द्वारा दिये गये सम्मान और स्नेह के लिए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने रक्तदान करने वाले लोगों और प्रदेश की युवा शक्ति का भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्य सेवक और एक कार्यकर्ता के रूप में उन्हें जन सेवा करने का जो अवसर मिला है, उसमें मातृशक्ति का बड़ा योगदान है। मुख्यमंत्री ने पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं का भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की तमाम योजनाओं को जन-जन तक पहुचाने में कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। मुख्यमंत्री ने आशा व्यक्त की कि जिस तरह उनके जन्म दिवस पर लोगों ने रक्तदान किया, उसी प्रकार लोग कभी भी, कहीं भी किसी जरूरतमंद को रक्त की जरूरत पड़े तो हमेशा पहली पंक्ति में खड़े नजर आएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए राज्य सरकार तेजी से कार्य कर रही है। राज्य के समग्र विकास के लिए सभी प्रदेशवासियों का योगदान जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के मार्गदर्शन में केन्द्र सरकार से राज्य को हर क्षेत्र में पूरा सहयोग मिल रहा है। उन्होंने कहा कि वर्षाकाल के खत्म होते ही विकास और निर्माण कार्यों में तेजी लाई जायेगी।
विधायक उमेश शर्मा काऊ ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखण्ड हर क्षेत्र में तेजी से प्रगति के पथ पर अग्रसर है। समाज के हर वर्ग के लोगों को ध्यान में रखते हुए राज्य में योजनाएं आगे बढ़ाई जा रही हैं।
इस अवसर पर कार्यक्रम के संयोजक कुलदीप बुटोला, भाजपा के महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल एवं बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं मातृशक्ति मौजूद रहे।

सीएम ने किया दो मोबाइल लर्निंग स्कूल बसों का फ्लैग ऑफ

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राजकीय बालिका इण्टर कॉलेज राजपुर रोड, देहरादून से कर्मचारी राज्य बीमा योजना के तहत उत्तराखण्ड के सात जनपदों में औषधालयों का वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री के जन्म दिवस के अवसर पर राज्य के जिन सात जनपदों में कर्मचारी राज्य बीमा योजना के तहत औषधालयों का उद्घाटन किया गया उनमें पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, चम्पावत, बागेश्वर, चमोली, रूद्रप्रयाग एवं उत्तरकाशी शामिल हैं। उन्होंने श्रम विभाग द्वारा श्रमिकों के बच्चों व आश्रितों को शिक्षा प्रदान करने हेतु दो मोबाइल लर्निंग स्कूल बसों का फ्लैग ऑफ भी किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर श्रमिकों की पुत्रियों को विवाह उपरांत आर्थिक सहायता के चेक भी प्रदान किये। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर केक काटकर स्कूली बच्चों के साथ अपना जन्मदिन मनाया।
मुख्यमंत्री ने राज्य के सात जनपदों में कर्मचारी राज्य बीमा औषधालयों के शुभारंभ होने पर इन जनपदों के वासियों को शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि केन्द्र व राज्य सरकार श्रमिकों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। राज्य सरकार, श्रमिकों के बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए अच्छी शिक्षा प्रदान करने के साथ ही बेटियों के विवाह के लिए आर्थिक सहायता और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। श्रमिकों की स्थिति को मजबूत बनाने के लिए श्रम कानूनों में अनेक बदलाव किए हैं। उन्होंने कहा कि अब राज्य के सभी 13 जनपदों में कर्मचारी राज्य बीमा योजना के तहत औषधालय बनाये जा चुके हैं।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, मेयर सुनील उनियाल गामा, विधायक खजानदास, अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, शिक्षा महानिदेशक बंशीधर तिवारी, श्रमायुक्त दीप्ति सिंह उपस्थित रहे।

62 राजकीय इंटर कॉलेज में आधुनिक टेक्नोलॉजी युक्त 220 कंप्यूटर स्थापित

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से पिटकुल द्वारा सीएसआर मद के अन्तर्गत प्रदान की जा रही कम्प्यूटर ऑन व्हील वाहन का फ्लैग ऑफ किया। मुख्यमंत्री की प्रेरणा से पिटकुल द्वारा शिक्षा की गुणवत्ता के प्रसार के लिए चंपावत जनपद के 62 राजकीय इंटर कॉलेज में 110 लाख रुपये की लागत से आधुनिक टेक्नोलॉजी युक्त 220 कंप्यूटर स्थापित किए गये हैं। मुख्यमंत्री ने शिक्षा की बेहतरी एवं छात्रों के व्यापक हित में ऐसे प्रयासों की सराहना की।
प्रबंध निदेशक पी.सी. ध्यानी ने बताया कि पावर ट्रांसमिशन कारपोरेशन ने रचनात्मक शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए एक मोबाइल कंप्यूटर वाहन का निर्माण कराया है जिसमें उच्च गुणवत्ता के 10 आधुनिक कंप्यूटर लगे हैं। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित इस वाहन के 1 वर्ष के संचालन का व्यय भी पावर ट्रांसमिशन कारपोरेशन प्रदान कर रहा है। मोबाइल कंप्यूटर वाहन के निर्माण से लेकर संचालन का कुल खर्च 45 लाख पावर ट्रांसमिशन कारपोरेशन ने अपने सीएसआर मद से प्रदान किया है। इस प्रकार कुल एक करोड़ पचपन लाख रूपये सी एस आर मद के अन्तर्गत व्यय किये गये हैं।
इस अवसर पर पिटकुल की अध्यक्षा एवं अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, सचिव ऊर्जा आर. मीनाक्षी सुन्दरम, निदेशक परियोजना नीरज टम्टा, मुख्य अभियंता एच एस ह्यांकी, इला पंत, अधीक्षण अभियंता डी पी सिंह, पंकज चौहान आदि उपस्थित रहे।

जन्मदिन पर सरलता से सभी लोगों से मिले धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिवस के अवसर पर आज उन्हें मुख्यमंत्री आवास एवं मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय में प्रदेशभर से आये लोगों ने शुभकामनाएं दी। प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर मुख्यमंत्री के जन्मदिवस पर लोगों द्वारा अनेक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कई स्थानों पर रक्तदान शिविरों का आयोजन किया गया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिवस को आज प्रदेशभर में युवा संकल्प दिवस के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर विभिन्न कार्यक्रम भी आयोजित किये जा रहे हैं। सुबह से ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय के अलावा जहां-जहां पर मुख्यमंत्री इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में पहुँचे वहां लोग उन्हें शुभकामनाएं देते नजर आए। मुख्यमंत्री ने सभी का आभार प्रकट करते हुए कहा कि जन्मदिन के मौके पर लोगों का इतना प्यार पाकर वे अभिभूत हैं। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए राज्य सरकार पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने उनके जन्मदिवस पर शुभकामना प्रेषित करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश उनके जन्म दिवस पर प्रदेशवासियों ने जो आशीर्वाद दिया है, उसके लिए वे प्रदेश की जनता के आभारी है। मुख्यमंत्री के जन्मदिवस पर जन सेवा के लिए लोगों द्वारा किये गये कार्यों के लिए भी उन्होंने आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिन पर #Yuvasankalpdiwas, X पर नंबर 1 पर ट्रेंड करता रहा। सोशल मीडिया साइट पर भी मुख्यमंत्री धामी की लोकप्रियता जमकर देखने को मिली। इस दौरान #Yuvasankalpdiwas के साथ तमाम लोगों ने एक्स पर उन्हें शुभकामनाएं दी जिसके फलस्वरूप यह हैशटैग नंबर 1 पर ट्रेंड करता रहा।