आपदा कंट्रोल रुम पहुंचे सीएम, अधिकारियों से पल-पल की जुटाई जानकारी

पौड़ी जिले में बस दुर्घटना की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंगलवार को देर सांय सचिवालय स्थित आपदा कंट्रोल रूम पहुंचे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से दुर्घटना के बारे मे विस्तार से जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने डीएम पौड़ी से फोन पर बात कर उन्हें पूरी सतर्कता के साथ राहत और बचाव कार्य करने के निर्देश दिये। मुख्यमंत्री ने राज्य आपदा कंट्रोल रूम के अधिकारीयों को हालात पर लगातार नजर बनाए रखने और जिले के अधिकारीयों से लगातार सम्पर्क में रहने के निर्देश दिये। कहा कि शासन स्तर से हर सम्भव सहायता उपलब्ध कराई जाए।
बस दुर्घटना के सम्बन्ध में मुख्यमंत्री ने फोन पर विधायक लैंसडाउन से भी वार्ता की तथा स्थिति की पूरी जानकारी प्राप्त की। मुख्यमंत्री ने बस दुर्घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए घायलों का हर संभव उपचार की व्यवस्था तथा राहत एवं बचाव कार्यों में समन्वय के साथ तेजी लाये जाने के निर्देश दिये है।
मुख्यमंत्री ने सचिव आपदा डॉ. रणजीत सिन्हा को निर्देश दिये कि आपदा प्रबन्धन तंत्र को निरन्तर सक्रियता से संचालित किया जाए तथा आपदा की स्थिति पर बराबर नजर रखी जाय। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उत्तरकाशी में हुई घटना की भी अद्यतन स्थिति की जानकारी प्राप्त की। इन दुर्घटनाओं के दृष्टिगत मुख्यमंत्री ने अपने कल के पूर्व प्रस्तावित सभी कार्यक्रम स्थगित कर दिये हैं।

बिना मानचित्र स्वीकृति के अनाधिकृत निर्माण कर संचालित किये जा रहे रिजॉर्ट

प्रशासन ने तहसील ऋषिकेश क्षेत्र में चल रहे रिजॉर्ट की कुंडली खंगालनी शुरू कर दी है। शुक्रवार को एसडीएम के नेतृत्व में टीम ने रायवाला स्थित रिजॉर्ट का निरीक्षण किया। बिना मानचित्र स्वीकृति के बनाये गये रिजॉर्ट को पहले ही नोटिस दिये जा चुके हैं। उनसे दो सप्ताह के भीतर जबाव देने को कहा गया है।
शुक्रवार को एसडीएम एसएस नेगी ने तहसील ऋषिकेश के अंतर्गत संचालित किए जा रहे रिजॉर्ट्स का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिन रिजॉर्ट्स में बिना मानचित्र स्वीकृति के अनाधिकृत निर्माण कर रिजॉर्ट संचालित पाया गया। उन्हें पहले ही एमडीडीए ने नोटिस भेज रखे हैं।
एसडीएम ने बताया कि स्वीकृत मानचित्र के विपरीत कार्य पाया जाने पर उन्हें सहायक अभियंता मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण क्षेत्र ऋषिकेश सेक्टर की ओर से नोटिस जारी किए गए हैं। निर्धारित अवधि के अंतर्गत संतोषजनक जवाब न दिए जाने या मानचित्र स्वीकृति हेतु आवश्यक कार्यवाही न किए जाने की स्थिति में नियमानुसार सीलिंग या डिमोलिशन की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को रायवाला स्थित पॉम रिजॉर्ट, मिडवे रिजॉर्ट समेत अन्य रिजॉर्ट का निरीक्षण किया गया।

ग्रामीणों के विरोध को लेकर शहरी विकास मंत्री ने विभागीय अधिकारियों से की चर्चा

शहरी विकास मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने ऋषिकेश नगर निगम के अंतर्गत डंप हो रहे कूड़े के निस्तारण तथा लालपानी स्थित बनने जा रहे वैज्ञानिक कूड़ा निस्तारण केंद्र के संदर्भ में शहरी विकास विभाग के उच्चाधिकारियों के साथ बैठक की।
मंत्री डॉ. अग्रवाल ने ऋषिकेश में वर्षाे से डंप हो रहे कूड़े के निस्तारण के लिए शीघ्र कार्यवाही शुरू करने को कहा। वहीं लालपानी में चिन्हित जमीन में वैज्ञानिक कूड़ा निस्तारण केंद्र के हो रहे ग्रामीणों द्वारा विरोध के संदर्भ में भी अतिशीघ्र मौका मुआयना कर दोनों समस्याओं के निस्तारण के निर्देश दिए।
इस अवसर पर डॉ. अग्रवाल ने कहा कि ऋषिकेश में वर्षाे से डंप हो रहे कूड़े से जहाँ स्थानीय लोगों को दुर्गंध और बीमारियों से जूझना पड़ता है, वहीं आने वाले यात्री गलत संदेश ले कर जा रहे हैं। लालपानी (गुमानीवाला) में बनने जा रहे वैज्ञानिक कूड़ा निस्तारण केंद्र का ग्रामीणों द्वारा विरोध पर भी अधिकारियों को तुरंत क्षेत्र में जाकर समस्या निस्तारण के निर्देश दिए।
बैठक में सचिव शहरी विकास दीपेंद्र चौधरी, निदेशक नवनीत पांडेय मौजूद रहे।

पार्किंग समस्या को लेकर नए प्रोजेक्ट्स की समीक्षा की

मुख्य सचिव डॉ. एस. एस. संधु ने सोमवार को सचिवालय में प्रदेश में बनाई जाने वाली नई पार्किंग प्रोजेक्ट्स की प्रगति की समीक्षा की। मुख्य सचिव ने जिलाधिकारियों को सभी पार्किंग्स के लिए साइट स्पेसिफिक कम्पलीशन प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने खूबसूरत पर्यटन स्थलों में बड़ी-बड़ी पार्किंग्स बनाकर बर्बाद न करने की बात दोहराते हुए कहा कि कोशिश की जाए कि पर्वतीय पर्यटक स्थलों में छोटी-छोटी पार्किंग बनायी जाएं।
मुख्य सचिव ने कहा कि प्रदेश में, विशेषकर पर्वतीय शहरों में पार्किंग एक विकराल समस्या बनती जा रही है। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को लगातार नए पार्किंग स्थल ढूंढ़ते रहने के निर्देश दिए। कहा कि हर जिले में प्रयोग के तौर पर कम से कम एक प्रोजेक्ट टनल पार्किंग का अवश्य बनाएं। किसी भी पार्किंग प्रोजेक्ट में जहां पर कोई रूकावट आ रही है, सम्बन्धित अधिकारी या सचिव से सम्पर्क कर समस्या का निस्तारण किया जाए। उन्होंने अपर मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन को पार्किंग प्रोजेक्ट्स के लिए डेडीकेटेड अधिकारी लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि डेडीकेटेड अधिकारी को लगाने से कार्य में तेजी आएगी। जिन पार्किंग के निर्माण में कोई समस्या नहीं है, उनमें तुरंत कार्य शुरू कर दिया जाए। उन्होंने कहा कि पार्किंग प्रोजेक्ट्स की प्रगति की समीक्षा प्रत्येक सप्ताह की जाए।
इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन सहित सम्बन्धित विभागों के उच्चाधिकारी एवं वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जनपदों के जिलाधिकारी उपस्थित रहे।

सीएम ने दिलाया भरोसा तो मान गए परिजन

अंकिता भंडारी का आखिरकार अंतिम संस्कार कर दिया गया है। श्रीनगर के आईटीआई घाट पर अंकिता के भाई ने मुखाग्नि दी। इस दौरान भारी भीड़ घाट पर अंकिता को विदाई देने के लिए जुटी। वहीं इससे पहले अंकिता की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट को लेकर नाराज लोगों ने बदरीनाथ-ऋषिकेश हाईवे को जाम कर दिया था। अंकिता हत्याकांड को लेकर लोगों में उबाल बना हुआ है। बताया जा रहा है कि अंकिता का परिवार पोस्टमार्टम रिपोर्ट से संतुष्ट नहीं थे और परिजनों ने अंतिम संस्कार से इनकार कर दिया था।
हालांकि सीएम और जिला प्रशासन के समझाने पर परिवार अंतिम संस्कार के लिए तैयार हुआ। वहीं अंकिता के पिता की अपील करने के बाद आक्रोशित लोगों का गुस्सा शांत हुआ। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराएंगे और पीड़ित परिवार को सरकार की ओर से हर संभव सहायता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि इस जघन्य अपराध में जो भी लिप्त होगा, उसे सख्त से सख्त सजा दी जाएगी। मामले में एसआईटी जांच कर रही है। उन्होंने लोगों से जांच में सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि एक बेटी के साथ ऐसी घटना हुई है ऐसे में लोगों का आक्रोशित होना भी स्वाभाविक है।

चोरी के आरोप में घर का नौकर दोस्त सहित गिरफ्तार

पुलिस ने एक घरेलू नौकर और उसके दोस्त को चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया है। जिन्हें पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया है।
कोतवाली पुलिस के मुताबिक गली नंबर तीन वीरभद्र रोड निवासी देवेंद्र कुमार पुत्र रघुवीर सिंह तोमर ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि शनिवार शाम को वे अपनी पत्नी के साथ रोज की तरह आस्थापथ पर घूमने के निकले थे। जिसके बाद वापस लौटे तो कमरे का ताला टूटा था और सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था। कमरे की दराज में एक प्लास्टिक के डिब्बे में रखे चांदी के 77 सिक्के, सिंडीकेट बैंक की पासबुक, एक घड़ी और 10 हजार की नकदी गायब थी। उन्होंने अपने नौकर पर चोरी का शक जाहिर किया। पुलिस ने जांच के दौरान आरोपी नौकर लालू कुमार यादव पुत्र राम पुकार यादव, निवासी ग्राम वीरपुर मधेपुर और मनोज यादव पुत्र रामकिशन यादव, निवासी ग्राम सिजौल मैलाम जिला मधुबनी बिहार को भरत विहार के हरिद्वार रोड से गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से पुलिस ने चोरी का माल भी बरामद किया। कोतवाल रवि सैनी ने बताया कि लालू और मनोज आपस में दोस्त है। लालच के चक्कर में लालू ने अपने दोस्त के साथ चोरी का प्लान बनाया। घटना को अंजाम देने के बाद वह बिहार भागने की फिराक में थे।

खटीमा नागरिक अस्पताल पहुंचे सीएम, बिजली गिरने से घायल महिलाओं की जानी स्थिति

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी खटीमा नागरिक अस्पताल पहुंच खटीमा क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने से घायल महिलाओं से मुलाकात कर उनका हाल जाना।
मुख्यमंत्री ने डाक्टरों को बेहतर उपचार किए जाने के निर्देश दिए। साथ ही मुख्यमंत्री धामी ने बिजली गिरने से मृतक महिला के निधन पर अपनी संवेदनाएं व्यक्ति की।

पुराने रेलवे मार्ग से गुजरते वक्त मंत्री अग्रवाल ने मौके से लगाया फोन डीआरएम को फोन, दिए मार्ग दुरस्त करने के निर्देश

कैबिनेट मंत्री व क्षेत्रीय विधायक डा. प्रेमचंद अग्रवाल ने क्षतिग्रस्त पुराना रेलवे मार्ग को बनाने के लिए डीआरएम मुरादाबाद को फोन पर निर्देश दिए। मंत्री ने जल्द ऋषिकेश पहुंचकर क्षतिग्रस्त मार्ग का मुआयना करने को भी कहा।

मंत्री डा. अगव्राल ने पुराना रेलवे मार्ग से ऋषिकेश से देहरादून जाते वक्त मौके पर उतरकर मुरादाबाद डिवीजन के उच्चधिकारी डीआरएम अजय नंदन से दूरभाष पर वार्ता की। मंत्री अग्रवाल ने डीआरएम अजय नंदन को मौके से ही क्षतिग्रस्त मार्ग की वास्तविक स्थिति बताई।

डा. अग्रवाल ने डीआरएम को बताया कि ऋषिकेश के पुराना रेलवे स्टेशन के समीप मार्ग पर में वृहद स्तर के गड्ढे हो रखे हैं। जिस पर छोटे ही नहीं बड़े वाहन भी असुविधा के साथ आवागमन करते हैं। बताया कि रात्रिकाल में इस मार्ग से गुजरना मुश्किलभरा रहता है।

डा. अग्रवाल ने बताया कि कई बार इस मार्ग से जाते वक्त लोग चोटिल भी हो जाते हैं, साथ ही एक मृत्यु भी इस मार्ग पर हो चुकी है। डा. अग्रवाल जी ने डीआरएम को बताया कि बाहरी मार्ग से नगर के आंतरिक मार्ग को जोड़ने के चलते यह व्यस्तम मार्गों में से एक है।

डा. अग्रवाल ने बताया कि इस मार्ग से अधिकांश विद्यालयों की बसें, अस्पतालों की एंबुलेंस तक गुजरती है, ऐसे में इस मार्ग का बनना अतिआवश्यक है। मंत्री डा. अग्रवाल ने मार्ग की वास्तविक स्थिति बताकर डीआरएम अजय नंदन को दूरभाष पर निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि जल्द ऋषिकेश पहुंचकर क्षतिग्रस्त मार्ग का निर्माण किया जाए। जिससे इस मार्ग पर आवागमन सुविधाजनक हो सके।

हरिद्वार घटना पर सख्त कार्रवाई, 9 कार्मिकों पर गिरी गाज

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर हरिद्वार के पथरी क्षेत्र में शराब के सेवन से हुई मृत्यु पर आबकारी निरीक्षक सहित आबकारी विभाग के नौ कार्मिकों को निलम्बित किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि इस घटना में दोषी पाए जाने वालों पर सख्त कार्यवाही की जाएगी। मुख्यमंत्री ने आबकारी विभाग को निर्देश दिये कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। इसमें जो भी दोषी या लापरवाह पाया जाए उस पर कठोर कार्यवाही की जाए। मुख्यमंत्री के निर्देश पर आबकारी आयुक्त हरि चंद्र सेमवाल ने आबकारी विभाग के नौ कार्मिकों को निलम्बित करने का आदेश जारी कर दिया है।
आदेश मे कहा गया है कि दिनांक 09.09.2022 को जनपद हरिद्वार के क्षेत्र-3 लक्सर के अन्तर्गत ग्राम फूलगढ़ एवं शिवगढ़ थाना-पथरी में मंदिरा के सेवन से हुई जनहानि होना ज्ञात हुआ। इस सम्बन्ध में अपर आबकारी आयुक्त (ई०आई०बी०) मुख्यालय की प्राथमिक आख्या दिनांक 10.09.2022 में मृत व्यक्तियों द्वारा शराब सेवन की पुष्टि की गयी। उपरोक्त आख्या में क्षेत्र 3 लक्सर हरिद्वार एवं जनपदीय प्रवर्तन, हरिद्वार के स्टॉफ की लापरवाही एवं गम्भीर शिथिलता परिलक्षित हुई है। तदकम में क्षेत्र-3 लक्सर हरिद्वार एवं जनपदीय प्रवर्तन हरिद्वार में तैनात आबकारी निरीक्षक, उप आबकारी निरीक्षक, प्रधान आबकारी सिपाही एवं आबकारी सिपाहियों को उत्तराखण्ड कर्मचारी आचरण नियमावली-2002 के नियम-3 का व 2 में दिये गये प्राविधानों का स्पष्ट उल्लंघन का दोषी पाते हुए नौ कार्मिकों को तत्काल प्रभाव से निलम्बित करते हुए संयुक्त आबकारी गढ़वाल मण्डल, देहरादून के कार्यालय से सम्बद्ध किया गया है।

लापरवाही बरतने वाले कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग

नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला की बोर्ड बैठक में सभासदों ने घरों से कूड़ा उठान में सोर्स सेग्रीगेशन में लापरवाही बरते जाने पर नाराजगी जताई। इसके बाद पालिकाध्यक्ष रोशन रतूड़ी बिफर गए, उन्होंने मौके पर ही संबंधित कार्यदायी संस्था के कर्मियों को बुलाया और जमकर फटकार लगाई। कहा प्रत्येक घर से सेग्रिगेशन में लापरवाही बरतने वाले कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
गुरुवार को नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला की बोर्ड बैठक में प्रत्येक घर से कूड़ा न उठाए जाने की समस्या सभासदों ने अध्यक्ष के समक्ष रखी। पालिकाध्यक्ष रतूड़ी ने कार्यदायी संस्था के सुपरवाइजरों को बुलाया और सभी को फटकार लगाई। पालिकाध्यक्ष ने सुपरवाइजरों को प्रत्येक घर से कूड़ा उठवाने के निर्देश दिए। तंग गलियों में आवाज लगाकर कूड़ा उठाने के लिए कहा, साथ ही कूड़ा न देने वालों के नाम नोट कर निकाय कार्यालय में देने के निर्देश दिए।
इसके अलावा बोर्ड बैठक में क्षेत्र के आवारा और पालतु कुत्तों पर चर्चा की गई। पर्यावरण मित्रों को ड्रेस उपलब्ध करवाने हेतु सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया। बताया कि गंगा क्षेत्र में पशुओं द्वारा गंदगी किए जाने पर पांच हजार रुपये तक का चालान किया जाएगा। पशुपालकों के लाइसेंस बनाए जायेंगे।
मुनीकीरेती-ढालवाला क्षेत्र में औद्योगिक क्षेत्र में भवन और संपत्ति पर कर लगाया जाएगा। नगर क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर स्थानीय लोगों के लिए ओपन जिम सामग्री लगाई जाएगी। साथ ही पालिका के बकायेदारों के खिलाफ आरसी की कार्रवाई किए जाने का निर्णय भी लिया गया। पालिका क्षेत्र में गंगा घाट, आस्था पथ पर क्योस्क के माध्यम से दुकान बनाकर सौंदर्यीकरण किए जाने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया।
मौके पर ईओ तनवीर मारवाह, सभासद मीनू, सुभाष चौहान, धर्म सिंह, मनोज बिष्ट, गजेंद्र सिंह सजवाण, बिरेंद्र सिंह चौहान, सुषमा नेगी, विनोद सकलानी, वंदना थलवाल, सोविता भंडारी, सांसद प्रतिनिधि भगवती काला, विधायक प्रतिनिधि दीपक थलवाल, वरिष्ठ लेखालिपिक बेताल सिंह, कर निरीक्षक अनुराधा गोयल, लिपिक प्रकाश अवस्थी, पिंकी तड़ियाल, विकास सेमवाल, दीपक कुमार आदि उपस्थित थे।