अतिवृष्टि में 13 लोग लापता, तलाश जारी, भारी नुकसान का आंकलन

उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश मुसीबत बनती जा रही है। बरसात के बाद उत्तराखंड में आपदा जैसे हालात हैं। बरसात के बाद मलबे में दबकर टिहरी जिले में तीन और पौड़ी जिले में भी एक व्यक्ति की मौत हुई। देहरादून में अतिवृष्टि के बाद पांच सहित प्रदेशभर में 13 लोग लापता हो गए हैं। मलबे में करीब एक दर्जन मकानों को भी नुकसान पहुंचा है। कई जिलों में नालों के उफान पर आने के बाद सड़कें भी बह गईं हैं।
भारी बरसात के बाद गंगा, काली, सरयू आदि नदियां उफान पर हैं। भूस्खलन से केदारनाथ हाईवे सहित प्रदेशभर में कई सड़कें बंद हो गईं हैं। नदियों के उफान पर आने से प्रशासन ने तटीय इलाकों में अलर्ट जारी किया है। बरसात के बाद भूस्खलन से कई मकान भी मलबे में दब गए हैं।
अतिवृष्टि से देहरादून, पौड़ी, टिहरी, चमोली, पिथौरागढ़ आदि जिलों में नुकसान हुआ है। प्रशासन द्वारा राहत व बचाव का कार्य किया जा रहा है। लेकिन, खराब मौसम प्रशासन के लिए चुनौती बना हुआ है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर हो रही भारी वर्षा के कारण उत्पन्न परिस्थितियों के बारे में आपदा प्रबंधन विभाग से जानकारी ली। प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। प्रभावित क्षेत्रों में आपदा प्रबंधन की टीमें लगातार कार्य कर रही हैं।

देहरादून में देहरादून में अतिवृष्टि से सरखेत में भारी नुकसान
शनिवार तड़के देहरादून और आसपास के इलाकों में भारी बारिश ने कहर बरपाया है। मालदेवता के सरखेत में बादल फटने जैसे हालात हैं। यहां तड़के कई घरों में मलबा और पानी भर गया। एक रिसोर्ट परिवार के महिलाओं बच्चों समेत कुछ लोग फंस गए। वहीं रायपुर-थानो रोड पर क्रिकेट स्टेडियम के पास सौंग नदी में बना पुल बह गया। इससे एक कार और तीन स्कूटी सवार नदी में जा गिरे। गनीमत रही कि उन्हें समय रहते रेस्क्यू कर लिया गया। घायल आठ लोगों को जौलीग्रांट अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रेमनगर नदी में एक मजदूर को भी एसडीआरएफ की टीम ने बचाया। वहीं टपकेश्वर मंदिर क्षेत्र में भी तमसा नदी उफान पर है। यहां मंदिर परिसर में भी पानी घुस गया है। एसडीआरएफ़ के मुताबिक आपदा कंट्रोल रूम देहरादून द्वारा बताया गया कि एक व्यक्ति ने पौने तीन बजे बताया गया कि ग्राम सरखेत रायपुर में बादल फट गया है। कई लोग फंसे हैं। पोस्ट सहस्त्रधारा से निरीक्षक अनिरुद्ध भंडारी अपनी टीम के साथ रवाना हुए। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण मार्ग मालदेवता पर बाधित मिला। वाहन के किसी सूरत में आगे न जाने की सूरत में टीम द्वारा बिना वक़्त गवाये तत्काल पैदल ही आगे बढ़ने का निर्णय लिया गया।
घटनास्थल पर पहुंचकर पता चला कि बादल फटने के कारण नदी एवं कुवा खाला में ज्यादा पानी आने से ग्राम सरखेत में कुछ मकानों में पानी घुस आया। टीम द्वारा ग्राम सरखेत में फंसे सभी लोगों को रेस्क्यू कर सुरक्षित कर दिया गया है। किसी भी प्रकार की जनहानि नही हुई है। चार-पांच किलोमीटर आगे कुछ लोग रिसॉर्ट में रुके हुए थे।
फोर्ट बेनियन रिसॉर्ट्स से करीब 20 लोगों को रेस्क्यू किया गया है। उन्हें पंचायत भवन तक एसडीआरएफकी टीम ले आई है। रेस्क्यू अभियान अभी जारी है। उधर, भारी बारिश के कारण सुबह शिक्षा विभाग ने स्कूल बंद रखने का आदेश सोशल मीडिया में जारी किया। हालांकि कई स्कूल जहां खुले हैं, वहीं कुछ ने बंद किया। कई जगह स्कूल से बच्चों को लौटाया गया।

टिहरी में भारी बारिश के बाद नुकसान
तहसील धनोल्टी के कुमाल्डा मालदेवता क्षेत्र में भारी वर्षा व अतिवृष्टि से नुकसान की सूचना है। राजस्व उपनिरीक्षक क्षेत्र भुत्शी और लॉर्खा में अतिवृष्टि के कारण लोगों का काफी नुकसान बताया जा रहा है। जनमानस की किसी भी प्रकार से हानि नहीं हुई है। लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की गई है। तौलिया काटल तहसील धनोल्टी क्षेत्रान्तर्गत कुमालड़ा, मालदेवता, भुत्सी, ल्वार्खा, सीतापुर में अतिवृष्टि से क्षति की सूचनाएं प्राप्त हो रही है।
क्षेत्र के लिए डीएम, एसडीएम व एडीएम रवाना हुये हैं, साथ ही जल संस्थान व विद्युत विभाग की टीम कुमालड़ा के लिए रवाना हुई है। सिंचाई विभाग की टीम भी रवाना। सोंग नदी के उफान से इंटर कॉलेज रगड़ गांव व मार्केट में नुकसान की सूचना। 12 गांवो को जोड़ने वाले पुल को भी नुकसान। 3 परिवारों को सिप्ट किया गया है। नरेंद्रनगर से रानीपोखरी जाने वाला स्टेट हाईवे 77 किमी 1, 5, 6 व 7 के पास बंद हो गया है।
थाना नरेंद्रनगर से प्राप्त जानकारी के अनुसार पीटीसी नरेंद्रनगर, हिंडोलाखाल और तचिला चाचा-भतीजा होटल के पास एनएच 94 बंद होने के कारण ट्रैफिक आगरखाल में रोका गया है। सकलाना पट्टी के ग्राम पंचायत कुमालडा, भरवा काटल और ग्राम पंचायत धौलागिरी के सीतापुर में भारी बारिश से नुकसान बताया जा रहा है। यहां पर भगवान सिंह पंवार की सरकारी गल्ला विक्रेता की दुकान, दुकान में भरा हुआ राशन और एक मोटरसाइकिल बहने की सूचना है।

कैबिनेट मंत्री अग्रवाल ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर अधिकारियों को दिये निर्देश

खैरी खुर्द के ठाकुर पुर गांव और गौरी माफी में आई बाढ़ से प्रभावित क्षेत्र का कैबिनेट मंत्री व क्षेत्रीय विधायक डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ दौरा किया। साथ ही विधानसभा क्षेत्र के अन्य इलाकों के बारे में जानकारी हासिल की। इस मौके पर एसडीएम ऋषिकेश को बाढ़ ग्रस्त क्षेत्र में निवासरत लोगों की जानकारी लेकर हुए नुकसान का मुआवजा देने के निर्देश दिए।
शनिवार को मंत्री डॉ अग्रवाल ने सर्वप्रथम खैरी खुर्द के ठाकुरपुर क्षेत्र का दौरा किया। यहां ठाकुरपुर में रेलवे अंडर पास के नीचे आए जल प्रवाह का मंत्री डॉ अग्रवाल ने स्थलीय निरीक्षण किया। डॉ अग्रवाल ने एसडीएम ऋषिकेश शैलेंद्र सिंह नेगी को विधानसभा क्षेत्र के बाढ़ ग्रस्त लोगों की जानकारी लेकर उचित मुआवजा देने के निर्देश दिए।
डॉ अग्रवाल ने अंडर पास के आस पास आए जल प्रभाव को रोकने के लिए शुरुआती तौर पर सिंचाई विभाग के अधिकारियों को पानी की धारा बदलने के लिए तारजाल लगाने के निर्देश दिए। साथ ही यहां आए मलबे को हटाने और गड्ढा भरने के लिए पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को निर्देशित किया।
इसके अतिरिक्त डॉ अग्रवाल ने गौहरीमाफी में आई बाढ़ का मौके पर निरीक्षण किया और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए नुकसान का जायजा लेने को कहा। डॉ अग्रवाल ने मौके से ही सिंचाई विभाग के मुख्य अभियंता मुकेश मोहन को दूरभाष पर गौहरीमाफी में 8 करोड़ तथा खदरी में लगभग तीन करोड़ की बनी योजनाओं को तुरंत स्वीकृत करने के लिए निर्देशित किया, जिससे भविष्य में समस्या का निदान हो सके।
डॉ अग्रवाल ने स्थानीय लोगों से अपील करते हुए कहा कि जागरूक रहें और ऐसे स्थल पर जाने से बचे जहां पानी की जलधारा अधिक हो। उन्होंने प्रशासन के अधिकारियों को भी मौके पर मुस्तैद रहने को कहा।
इस मौके पर एसडीएम शैलेंद्र सिंह नेगी सिंचाई विभाग के एसडीओ अनुभव नौटियाल, ग्राम प्रधान खैरी खुर्द विजयराम पेटवाल, प्रधान रोहित नौटियाल, प्रधान सागर गिरी सहित लोक निर्माण विभाग के अधिकारी व स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

मौके पर पहुंचकर सीएम ने जानी प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने थानो, कुमाल्डा एवं उसके आसपास के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने कमिश्नर गढ़वाल एवं जिलाधिकारी टिहरी को निर्देश दिए कि आपदा प्रभावित क्षेत्र के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाएं। उनके लिए भोजन एवं अन्य आवश्यक सामग्री की पर्याप्त व्यवस्था की जाय।
मुख्यमंत्री ने जेसीबी से आपदा प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जो मार्ग अवरुद्ध हुए हैं, लोगों को आवागमन के लिए वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था की जाए। जिन इन क्षेत्रों में पेयजल एवं विद्युत की आपूर्ति बाधित हुई है उन क्षेत्रों में विद्युत एवं पेयजल की जल्द सुचारू व्यवस्थाएं की जाय।
थानों मार्ग पर क्षतिग्रस्त पुल का निरीक्षण करते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आवागमन को सुचारू करने के लिए शीघ्र वैकल्पिक व्यवस्था की जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासन एवं एसडीआरएफ की टीमें निरंतर राहत एवं बचाव कार्यों के साथ ही अन्य व्यवस्थाएं कर रही हैं। विधायकगण अपने क्षेत्रों में हर स्थिति पर निगरानी कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री विधायकगणों से फोन पर वार्ता कर हर स्थिति का जायजा ले रहें हैं। सेना से भी संपर्क में हैं। अगर हेलीकॉप्टर की अवश्यकता पड़ी तो सेना से भी मदद ली जाएगी। स्टेट के हेलीकॉप्टर को भी आपदा प्रभावित क्षेत्रों के लिए अलर्ट मोड पर रखा गया है।
इस अवसर पर विधायक उमेश शर्मा काऊ, प्रीतम सिंह पंवार, गढ़वाल कमिश्नर सुशील कुमार, डीआईजी गढ़वाल के.एस. नगन्याल, जिलाधिकारी टिहरी डॉ. सौरभ गहरवार, एसएसपी टिहरी नवनीत सिंह भुल्लर एवं जिला प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे।

डाक नही बांट रहे पोस्टमैन को किया सस्पेंड

ऋषिकेश के मुख्य डाकघर में तैनात एक पोस्टमैन को लोगों की डाक नहीं बांटने के आरोप में सस्पेंड कर दिया गया। मामले में पोस्टमैन के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की संस्तुति कर दी गई है।
ऋषिकेश मुख्य डाकघर में तैनात पोस्टमैन पर लोगों की डाक नहीं बांटने का आरोप लगा है। बीते रोज कुछ लोगों की शिकायत मिलने पर डाक विभाग ने आरोप सही पाए जाने पर उसे तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। ऋषिकेश मुख्य डाकघर के पोस्टमास्टर आरडी रतूड़ी ने बताया अनुदीप पुत्र सीताराम, निवासी नेपाली फार्म यहां पर पोस्टमैन के पद पर कार्यरत है। बीते रोज कुछ लोगों ने अनुदीप पर डाक नहीं बांटने का आरोप लगाया। शिकायत की जांच पड़ताल करने पर मामला सही पाया गया। पोस्टमैन डाक पर ग्राहकों की जगह खुद ही साइन कर स्लीप पोस्ट ऑफिस में जमा कर देता था। बताया कि बीते गुरुवार से वह अनुपस्थित चल रहा था। उसके घर के कमरे से 92 डाक भी रिकवर किए गए हैं। मामले में पोस्टमैन को सस्पेंड करने को आदेश कर दिए गए है। इसके बाद उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

स्वास्थ्य मंत्री के निर्देश पर मंकीपॉक्स को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एसओपी

देश में मंकीपॉक्स के बढ़ते खतरों के बीच सूबे के स्वास्थ्य मंत्री डॉ धन सिंह रावत ने स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट मोड़ पर रहने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने विभागीय उच्चाधिकारियों को मंकीपॉक्स को लेकर पहले ही सर्तकता बरतने एवं गाइडलाइन जारी करने को कहा है। विभागीय मंत्री के एक्शन पर स्वास्थ्य विभाग ने मंकीपॉक्स से बचाव हेतु तत्काल हेल्थ एडवाजरी जारी कर सभी मुख्य चिकित्साधिकारियों को एक्टिव रहने को कहा है। जनपद स्तर पर मंकीपॉक्स के नियंत्रण एवं रोकथाम के लिये कड़ी निगरानी करने व सर्विलांस सिस्टम को मजबूत करने के निर्देश जिलाधिकारियों एवं मुख्य चिकित्साधिकारियों को दिये गये हैं।
डॉ धन सिंह रावत ने बताया कि देश में बढ़ते मंकीपॉक्स के खतरों को लेकर स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट मोड़ में रहने के निर्देश दिये गये हैं। उन्होंने बताया कि एहतियात के तौर पर भारत सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन के अंतर्गत मंकीपॉक्स से बचाव एवं सर्तकता बरतने के लिये स्वास्थ्य विभाग ने एसओपी जारी कर दी है। विभागीय मंत्री ने बताया कि जनपद स्तर पर मंकीपॉक्स के नियंत्रण एवं रोकथाम के लिये कड़ी निगरानी रखी जायेगी, जिसके लिये विभागीय अधिकारियों को सर्विलांस सिस्टम मजबूत करने को कहा गया है।
रावत ने बताया कि सूबे की प्रत्येक चिकित्सा इकाईयों एवं मेडिकल कॉलेजों में मंकीपॉक्स हेतु पृथक से आइसोलेशन की व्यवस्था एवं नोडल अधिकारी नामित करने को कहा गया है, इसके साथ ही चिकित्सालयों में रोगियों की जांच एवं उपचार हेतु पर्याप्त दवाएं उपलब्ध करने के निर्देश भी विभागीय अधिकारियों को दिये गये हैं। विभागीय मंत्री ने कहा कि राज्य में मंकीपॉक्स के एक मामले को भी प्रकोप माना जायेगा। स्वास्थ्य मंत्री रावत के निर्देश पर प्रभारी सचिव स्वास्थ्य डॉ आर राजेश कुमार ने विभाग को अलर्ट मोड़ में रहने को कहा है। इसके साथ ही सभी जनपदों में जिलाधिकारियों एवं मुख्य चिकित्साधिकारियों को मंकीपॉक्स को लेकर निगरानी बढ़ाने को कहा गया है। उन्होंने बताया गया कि एकीकृत रोग निगरानी कार्यक्रम के तहत सभी जिला निगरानी इकाइयों के माध्यम से संक्रमण के मामलों, समूहों की तेजी से पहचान करने एवं संक्रमण के प्रसार को तुरंत रोकने के निर्देश दिये गये हैं। उन्होंने बताया कि संदिग्ध मामले मिलने पर इसकी सूचना तत्काल उच्च स्तरीय अधिकारियों को दी जायेगी, जांच नमूनों को नामित प्रयोगशालाओं को भेजने एवं संदिग्धों को अलग वार्ड और आईसोलेशन में रखे जाने सहित अन्य जरूरी निर्देश जारी कर दिये गये हैं।

व्यापारी वर्ग सरकार के फैसले के साथ, वाद विवाद की स्थिति ना हो-प्रतीक कालिया

प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के महामंत्री प्रतीक कालिया के नेतृत्व में नगर के प्लास्टिक एवं पैकिंग मैटेरियल के थोक विक्रेताओं ने आज नगर निगम नगर निगम ऋषिकेश के नगर आयुक्त, सहायक नगर आयुक्त एवं एनफोर्समेंट टीम के साथ एक संयुक्त बैठक की। जिसमें नगर निगम द्वारा बाजार में आ रही टीम के साथ किसी भी प्रकार के विवाद की स्थिति ना पैदा हो। इसके साथ ही व्यापारियों के साथ प्रतिबंधित सिंगल यूज़ प्लास्टिक पर गहन चिंतन किया गया।
प्रतीक कालिया ने बताया कि हमारा व्यापारी वर्ग निगम प्रशासन एवं सरकार द्वारा सिंगल यूज प्लास्टिक के प्रतिबंध के साथ है और उनके द्वारा जो सुझाव नगर आयुक्त गौरव गोयल को दिए गए उनको नगर आयुक्त में उच्च अधिकारियों के आगे रखने की भी बात कही।
बैठक में मुख्य रूप से प्रदेश मंत्री व्यापार मंडल श्रवण जैन, व्यापार सभा ऋषिकेश के अध्यक्ष मनोज कालरा जी, पार्षद प्रदीप कोहली, यश कालरा एवं अन्य कई व्यापारी मौजूद रहे।

शहरी विकास मंत्री ने स्मार्ट सिटी के विभिन्न निर्माणाधीन कार्यो की प्रगति जानी

शहरी विकास मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने स्मार्ट सिटी के कार्यों की समीक्षा बैठक की। इस अवसर पर उन्होंने सीईओ स्मार्ट सिटी कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। कहा कि कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही या कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बुधवार को विधानसभा में आयोजित बैठक के बाद डॉ अग्रवाल ने बताया कि परेड ग्राउंड में निर्माणाधीन जी4 लाइब्रेरी का काम अधिकांश पूरा हो गया है। यह कार्य शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा। इसी तरह क्रैश बिल्डिंग का कार्य भी शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा। कहा कि 15 इलेक्ट्रिक बसें विभिन्न मार्गों पर संचालित हो रही है। शेष 15 जल्द सड़क पर होंगी।
बताया कि स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत तीन स्मार्ट स्कूल संचालित हो रहे हैं। जिनमें एक जीजीआईसी और दो जीआईसी शामिल हैं। बताया कि 24 वाटर एटीएम चालू हो चुके हैं। जिनमें 1 लीटर पानी 3 रुपए में मिल रहा है। डॉ अग्रवाल ने बताया कि कंट्रोल रूम काम गतिमान है।
डॉ अग्रवाल ने बताया कि स्काडा के तहत 274 जल संस्थान के पुराने पंप हैं, जिन्हें नई तकनीक के साथ बदलने का कार्य गतिमान है। बताया कि वाटर सप्लाई में वृद्धि के क्रम में पुरानी लाइन को बदलकर नई लाइन के साथ जोड़ा जा रहा है। डॉ अग्रवाल ने बताया कि स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत शीघ्र राष्ट्रीय ध्वज लगाया जाएगा। जिसे दूर से देखा जा सकेगा। यह धरोहर का कार्य करेगा।
डॉ अग्रवाल ने कहा कि जहां 7 स्मार्ट टॉयलेट तैयार हो रहे हैं वही 6 हज़ार स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य गतिमान है। कहा कि कार्यों में तेजी लाई जाए, इस मामले में सम्बंधित विभागों के साथ समन्वय बनाया जाए। किसी भी प्रकार की कोताही होने पर कार्यवाही की जाये।
इस मौके पर सीईओ सोनिका, वित्त नियंत्रक डॉ तरजीम अली, सीजेएम पदम कुमार आदि उपस्थित रहे।

ऑनलाइन टैक्सी सर्विस के संचालन को लेकर प्रदेश सरकार के खिलाफ आक्रोश जताया

गढ़वाल टैक्सी चालक एवं मालिक एसोसिएशन ने ऑनलाइन टैक्सी सर्विस के संचालन को अनुमति देने के लिए प्रदेश सरकार के खिलाफ आक्रोश जताया है। टैक्सी संचालकों ने एक स्वर में उत्तराखंड में ऑनलाइन टैक्सी सर्विस का लाइसेंस निरस्त करने की मांग उठाई है।
रविवार को आईएसबीटी परिसर ऋषिकेश में गढ़वाल टैक्सी चालक एवं मालिक एसोसिएशन की बैठक में अध्यक्ष विजय पाल सिंह रावत ने कहा कि ऑनलाइन टैक्सी सर्विस को उत्तराखंड से खदेड़ने के लिए आंदोलन के साथ-साथ न्यायालय की शरण भी ली जाएगी। सरकार ने इसे उत्तराखंड में लाइसेंस देकर स्थानीय टैक्सी-मैक्सी संचालकों के हितों के साथ कुठाराघात किया है। इसके चलते पूर्व से आर्थिक मंदी झेल रहे टैक्सी-मैक्सी संचालकों के समक्ष भुखमरी की नौबत आ गई है। कहा कि सोमवार को इस मामले को लेकर शहरी विकास मंत्री डा. प्रेमचंद अग्रवाल से मुलाकात की जाएगी।
मौके पर सचिव बिजेंद्र कंडारी, सह सचिव रमेश सिंह रावत, जौलीग्रांट एयरपोर्ट टैक्सी चालक एवं मालिक समिति के अध्यक्ष महेंद्र प्रसाद, टाटा सूमो जीप कमांडर एसोसिएशन ऋषिकेश के सचिव राधेश्याम व्यास, कोषाध्यक्ष दिनेश कोठियाल, ऋषिकेश डीलक्स टैक्सी मैक्सी ओनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष हेमंत डग, सचिव ललित सक्सेना, सह सचिव सोमेंद्र बासु, नीलकंठ टाटा सुमो जीप कमांडर कल्याण समिति अध्यक्ष सोनू डंगवाल, टूरिस्ट टैक्सी ओनर्स एसोसिएशन लक्ष्मण झूला के अध्यक्ष राजेश कंडारी, इनोवा टैक्सी मैक्सी एसोसिएशन के सचिव नवीन सेमवाल, दून थ्रीव्हीलर एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र लांबा आदि शामिल रहे।

सार्वजनिक की जाएगी खाद्य तेल के नमूनों की जांच रिपोर्ट

सूबे में खाद्य तेलों में मिलावट के खिलाफ खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा प्रदेशव्यापी अभियान चलाया जायेगा। यह अभियान भारतीय खाद्य संरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) के अंतर्गत पैन इण्डिया कार्यक्रम के तहत संचालित किया जायेगा। जिसकी शुरुआत प्रदेशभर में आगामी एक अगस्त से की जाएगी। एक पखवाड़े तक संचालित इस अभियान के तहत राज्यभर से खाद्य तेलों के नमूने एकत्रित किये जायेंगे, जिन्हें जांच के लिये भेजा जायेगा। विभागीय जांच के उपंरात इकट्ठा किये गये खाद्य तेल के सैंपल रिपोर्ट सार्वजनिक की जायेगी। खाद्य पदार्थों में बढ़ती मिलावटखोरी को देखते हुये विभागीय अधिकारियों को सूबे में खाद्य पदार्थों की सैपलिंग एवं टेस्टिंग बढ़ाने के निर्देश दे दिये गये हैं।
सूबे स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि खाद्य तेलों में मिलावटखोरी रोकने के उद्देश्य से भारतीय खाद्य संरक्षा एवं मानक प्राधिकरण द्वारा संचालित पैन इण्डिया कार्यक्रम के तहत प्रदेशभर में विशेष अभियान चलाया जायेगा। डॉ रावत ने बताया कि आगामी एक अगस्त से इस विशेष अभियान की शुरूआत की जायेगी, जिसे प्रदेशभर में पखवाड़े भर संचालित किया जायेगा, जिसके निर्देश विभागीय अधिकारियों को दे दिये गये हैं। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि प्रदेशव्यापी इस अभियान के अंतर्गत स्थानीय एवं ब्रांडेड खाद्य तेलों के नमूनों को एकत्रित किया जायेगा, जिसके बाद विभाग द्वारा इकट्ठा किये गये खाद्य तेल के नमूनों की जांच की जायेगी। डॉ. रावत ने बताया कि जांच में आर्जिमोन ऑयल, मिनरल ऑयल के अलावा खाद्य तेलों के लिये निर्धारित मानकों का गहन विश्लेषण किया जायेगा, इसके साथ ही खाद्य तेल में इस्तेमाल ट्रांस फैट की मात्रा की भी जांच की जायेगी। डॉ. रावत ने बताया जांच के लिये एकत्रित खाद्य तेल के नमूनों की रिपोर्ट सार्वजनिक की जायेगी ताकि लोगों को पता चल सके कि जिस तेल का इस्तेमाल वह अपने आहार में कर रहे हैं वह कितना शुद्ध और सुरक्षित है। उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थों में मिलावटखोरी रोकने के लिये विभागीय अधिकारियों को खाद्य पदार्थों की सैंपलिंग एवं टेस्टिंग बढ़ाने के निर्देश दिये गये हैं। इसके साथ ही शुद्ध, सुरक्षित एवं पौष्टिक आहार के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिये अधिकारियों को समय-समय पर जन जागरूकता अभियान संचालित करने को कहा गया है। खाद्य तेल के बार-बार प्रयोग में लाने से होने वाले खतरों के प्रति भी लोगों को सचेत करने को कहा गया है। डॉ. रावत ने कहा खाद्य पदार्थों में मिलावटखोरी के खिलाफ सघन अभियान चलाये जायेंगे।

मुख्य सचिव ने खाद्य पदार्थों में मिलावट को रोकने के दिए निर्देश

मुख्य सचिव डॉ. एस.एस. संधु की अध्यक्षता में शुक्रवार को सचिवालय में फूड सेफ्टी एण्ड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन की राज्य स्तरीय सलाहकार समिति की प्रथम बैठक संपन्न हुई। बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने कहा कि खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए सभी सम्बन्धित विभागों और हितधारकों को आपसी सहयोग के साथ कार्य करना होगा।
मुख्य सचिव ने सैंपलिंग और टेस्टिंग बढ़ाए जाने के निर्देश देते हुए कहा कि खाद्य पदार्थों में मिलावट को रोकने हेतु कड़े कदम उठाए जाएं। इसके लिए मोबाइल टेस्टिंग वैन की संख्या बढ़ाए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने सही, सुरक्षित और पोषक आहार हेतु अभियान में आमजन की भागीदारी सुनिश्चित किए जाने पर बल दिया। उन्होंने राज्य के छोटे-बड़े होटल एवं रेस्टोरेंट के हाइजीन सर्टिफिकेशन पर जोर देते हुए इसे अभियान के रूप में चलाए जाने की बात कही। उन्होंने कहा कि होटल्स को भी हाइजीन रेटिंग प्राप्त करने एवं होटल के बाहर अथवा साइनबोर्ड में प्रदर्शित करने हेतु जागरूक किया जाए, साथ ही लोगों को भी जागरूक किया जाए कि वे हाइजीन रेटिंग देखकर ही होटल रेस्टोरेंट में जाएं।
मुख्य सचिव ने कहा कि भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण द्वारा संचालित ’ईट राइट अभियान’ के उद्देश्य को पूर्ण करने के लिए लोगों को सही भोजन, बेहतर भोजन के विषय में अवगत कराए जाने हेतु प्रयास किए जाएं। विडियोज एवं जिंगल्स के माध्यम से आमजन के साथ ही होटल, रेस्तरां आदि से सम्बन्धित लोगों को भी मौसमी, जैविक तरीके से उगाई गई साग-सब्जियों, तेल, नमक एवं चीनी के कम उपयोग वाले उत्पादों की बिक्री के लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने कैपेसिटी बिल्डिंग पर फोकस करते हुए होटल रेस्टोरेंट से जुड़े लोगों को ऑनलाइन एवं ऑफलाइन माध्यम से लगातार प्रशिक्षण दिए जाने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने कहा कि इस्तेमाल किए गए खाद्य तेल के डिस्पोजल और अन्यत्र प्रयोग पर विशेष ध्यान देते हुए इसका लगातार प्रचार प्रसार किया जाए। इसके लिए प्रत्येक होटल रेस्टोरेंट संचालक को खाद्य तेल को बार-बार प्रयोग करने से होने वाले खतरों से अवगत कराते हुए प्रयोग किए जा चुके खाद्य तेल के डिस्पोजल की उचित जानकारी उपलब्ध कराई जाए।
बैठक के दौरान सचिव राधिका झा ने बताया गया कि मार्च 2022 तक 13777 लीटर यूज्ड कुकिंग ऑयल एकत्र किया गया जिससे आईआईपी देहरादून ने 7000 लीटर बायोडीजल और 6000 लीटर बायोजेट फ्यूल तैयार किया गया।
सचिव राधिका झा ने बताया कि पिछले 2-3 वर्षों में राज्य सरकार खाद्य सुरक्षा के क्षेत्र में लगातार बेहतर कार्य कर रही है। खाद्य सुरक्षा की दृष्टि से राज्य शीर्ष 10 राज्यों में शामिल है। वर्ष 2019-20 में राज्य की 17वीं रैंक थी जो वर्ष 2020-21 में 14वीं हो गई। वर्ष 2021-22 में राज्य की रैंक 7वीं है। उन्होंने कहा कि कैपेसिटी बिल्डिंग के लिए 28 ट्रेनिंग सेशन किए गए जिसमें लगभग 2600 लोगों को प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही प्रवर्तन, निरीक्षण, नमूना अभियोजन और न्यायनिर्णयन की लगातार निगरानी की जा रही है।
इस अवसर पर महिला एवं बाल कल्याण विभाग, शिक्षा विभाग, खाद्य आपूर्ति, कृषि एवं अन्य सम्बन्धित विभागों के उच्चाधिकारी भी उपस्थित रहे।