रायवाला पुलिस ने 1 लाख 30 हजार रुपये का जुर्माना वसूला

आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए रायवाला पुलिस ने सत्यापन अभियान चलाया। हरिपुरकलां क्षेत्र में बिना सत्यापन के किरायेदार रखने पर 13 मकान मालिकों का चालान किया गया। इन पर 1 लाख 30 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
रायवाला थानाध्यक्ष भुवनचंद्र पुजारी के नेतृत्व में पुलिस की टीम रविवार तड़के हरिपुरकलां क्षेत्र में पहुंची। यहां पर लोगों से किरायेदारों की जानकारी जुटानी शुरू की। किरायेदार का काम, मूल पता और कब से ठहरा है, जैसे सवाल मकान मालिकों से पूछे गए। इस दौरान पुलिस टीम ने 150 लोगों के सत्यापन चेक किए। जबकि 13 ऐसे मकान मालिक मिले, जिन्होंने किरायेदारों का सत्यापन नहीं करवाया था। इस पर पुलिस ने उनका चालान किया और एक लाख तीस हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। थानाध्यक्ष भुवनचंद्र पुजारी ने बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। टीम में उपनिरीक्षक नीरज त्यागी, कुशाल सिंह रावत, महिला उपनिरीक्षक रचना देवरानी, लक्ष्मी जोशी, कांस्टेबल, महेंद्र सिंह, राजीव कुमार, ईश्वर सिंह, स्वास्तिक, संदीप, प्रकाश, गजपाल, सुबोध नेगी, मुकेश, गब्बर सिंह आदि शामिल रहे।

अब हर शनिवार को यात्रा सीजन में बंद रहेंगे ऋषिकेश के स्कूल

कैबिनेट मंत्री व स्थानीय विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने वीकेंड पर लगने वाले जाम से स्कूली बच्चों को निजात दिलाने के लिए जिलाधिकारी देहरादून को निर्देश दिए हैं। उन्होंने जिलाधिकारी को चार धाम यात्रा संचालित होने तक शनिवार को विद्यालयों को बंद किये जाने के निर्देश दिए।
शनिवार को बैराज रोड स्थित कैंप कार्यालय में उत्तराखंड अभिभावक संघर्ष महासंघ के संयोजक रवि कुमार जैन ने माननीय कैबिनेट मंत्री जी को मांग पत्र सौंपा। जैन ने बताया कि सप्ताह के अंत में शनिवार और रविवार को ऋषिकेश तथा आसपास के क्षेत्रों में लंबा जाम लग रहा है इसके चलते हुए शनिवार को स्कूली बच्चों को विद्यालय जाने में काफी दिक्कतें आती हैं। साथ ही छोटे बच्चों को विद्यालय आने जाने में अभिभावकों को काफी समय लग जाता है। उन्होंने कैबिनेट मंत्री अग्रवाल को शनिवार को विद्यालय बंद रखने के निर्देश देने का अनुरोध किया।
समस्या को गंभीर पाते हुए अग्रवाल जी ने मौके से ही जिलाधिकारी देहरादून आर राजेश से दूरभाष पर वार्ता की। उन्होंने स्कूली बच्चों को समस्या से निजात दिलाने के लिए चारधाम यात्रा संचालित होने तक शनिवार को स्कूल बंद किये जाने के निर्देश दिए।
ज्ञापन देने वालो में नरेंद्र रावत, जयंत शर्मा, प्रमोद नोटियाल, मनोज रौतेला, गणेश रावत आदि अभिभावक मौजूद रहे।

मुख्य सचिव ने बिजली चोरी रोकने के दिए निर्देश

मुख्य सचिव डॉ. एस. एस. संधु ने सोमवार को सचिवालय में उत्तराखण्ड पावर कारपोरेशन लिमिटेड, उत्तराखण्ड जल विद्युत निगम लिमिटेड, पावर ट्रांसमिशन कारपोरेशन ऑफ उत्तराखण्ड लिमिटेड एवं उरेडा की समीक्षा की। मुख्य सचिव ने उद्योग एवं आमजन की समस्याओं को देखते हुए यूपीसीएल को कम से कम विद्युत कटौती करते हुए विद्युत आपूर्ति करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्युत चोरी रोकने के साथ ही लाइन लॉस आदि को लगातार कम करने हेतु विशेष प्रयास किए जाएं। उन्होंने पेड़ों की लॉपिंग के लिए यूपीसीएल और वन विभाग को संयुक्त रूप से कार्य करने के निर्देश दिए ताकि आंधी-तूफान जैसी परिस्थितियों में विद्युत लाइनें न टूटें और विद्युत आपूर्ति बाधित न हो।
मुख्य सचिव ने कहा कि प्रदेश में सोर्स ऑफ एनर्जी बढ़ाए जाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने यूजेवीएनएल को सोलर एनर्जी के क्षेत्र में भी काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन और भारत सरकार के स्तर पर लंबित सभी मामलों को शीघ्रता से निस्तारित किया जाए।
मुख्य सचिव ने पिटकुल को उनके सभी महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स में फॉरेस्ट क्लियरेंस आदि के सम्बन्ध में वन विभाग के साथ संयुक्त बैठक कर प्रकरणों को निस्तारित करते हुए प्रोजेक्ट्स को समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने उरेडा को भी सोलर एनर्जी का उत्पादन बढ़ाए जाने हेतु अध्ययन कराए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने उन राज्यों, जिन्होंने सोलर एनर्जी के क्षेत्र में अच्छा कार्य किया है, द्वारा किए गए कार्यों और नवोन्मेषी सुझावों का भी अध्ययन कर राज्य में अपनाए जाने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, तीनों निगमों के प्रबन्ध निदेशक सहित अन्य उच्चाधिकारी उपस्थित रहे।

कृषि मंत्री गणेश जोशी से मिले व्यापारी, प्रदेश में मंडी शुल्क समाप्ति की मांग


नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने कृषि मंत्री गणेश जोशी को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कृषि मंत्री से प्रदेश में मंडी शुल्क समाप्त करने की मांग की।

नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के सदस्य कृषि मंत्री गणेश जोशी से मिले। व्यापार मंडल के महामंत्री प्रतीक कालिया ने कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले सीएम पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की गई थी। जिसमें उनसे मंडी शुल्क हटाने की मांग की गई थी। सीएम द्वारा आदेश जारी कर मंडी शुल्क एक प्रतिशत तत्काल प्रभाव से कम करने के आदेश दे दिए गए थे। लेकिन आचार संहिता लागू होने की वजह से जीओ जारी नहीं हो सका। अब नई सरकार का गठन हो चुका है, ऐसे में उत्तर प्रदेश और बिहार की तर्ज पर प्रदेश सरकार को मंडी शुल्क हटाकर व्यापारियों को राहत दिए जाने की जरूरत है। इससे प्रदेश के व्यापारी वर्ग को कोरोनाकाल के दौरान हुए नुकसान से उबरने में मदद मिलेगी।

साथ ही एक अतिरिक्त लाइसेंसी प्रक्रिया के झंझट से भी मुक्ति मिल जाएगी। कृषि मंत्री गणेश जोशी ने सकारात्मक कार्यवाही का आश्वासन दिया। प्रदेश के कृषि मंत्री से मिलने वालों में श्रवण जैन,नवल कपूर, गिरीश छाबड़ा, अनिल खुराना आदि उपस्थित रहे।

वन विभाग हरिपुरकलां के पुराने रास्ते को खोले

हरिपुरकलां के ग्रामीण मोतीचूर रेंज कार्यालय में पहुंचे। उन्होंने रेंजर महेंद्रगिरि गोस्वामी को ज्ञापन सौंपा। ग्राम प्रधान गीतांजलि जखमोला ने कहा कि क्षेत्रवासियों को मुख्य मार्ग तक जाने के लिए चार किमी घूमकर जाना पड़ता है। ऐसे में क्षेत्र के बुजुर्गों व अन्य लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि नदी से होकर पुराने रास्ते को दोपहिया वाहनों के लिए खोल दिया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को इसका लाभ मिल सके। साथ ही उन्होंने राजाजी पार्क से सटे भगतसिंह कालोनी और पाल बस्ती में गुलदार की आवाजाही रोकने के लिए गश्त बढ़ाने की मांग की।

रेंजर महेंद्रगिरि गोस्वामी ने कहा कि क्षेत्र में गश्त कर्मियों की संख्या बढ़ाई जाएगी। साथ रास्ते की मांग से उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाएगा। मौके पर बीडीसी पंकज पाल, मनोज शर्मा, धर्मेंद्र गवाड़ी, मृदुला गौनियल, शिवानी गोस्वामी, पूजा तिवाड़ी, पूनम पाल, सुंदर लाल गौड़, अजय पटेल, अशोक रयाल आदि उपस्थित रहे।

टैक्सी वाहनों में पैनिक बटन व जीपीएस सिस्टम समाप्त करने की मांग

टैक्सी वाहनों में पैनिक बटन व जीपीएस सिस्टम की अनिवार्यता समाप्त करने की मांग को लेकर गढ़वाल मंडल टैक्सी चालक व मालिक एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने एसोसिएशन के अध्यक्ष विजयपाल सिंह रावत के नेतृत्व में सहायक संभागीय परिवहन कार्यालय के समक्ष धरना प्रदर्शन किया। इस बावत उन्होंने परिवहन सचिव को संबोधित ज्ञापन सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन मोहित कुमार को सौंपा।

इस दौरान संस्था के अध्यक्ष विजयपाल सिंह रावत ने कहा कि विगत 2 वर्षों से करो ना काल में मंदी से प्रभावित टैक्सी चालक व मालिकों की आर्थिक स्थिति दयनीय बनी हुई है। ऐसे में पैनिक बटन व जीपीएस सिस्टम लगवाने से टैक्सी मालिकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पढ़ रहा है जिसे वर्तमान समय में टैक्सी मालिक बहन करने की स्थिति में नहीं है। अतः राज्य सरकार अविलंब जनहित में पैनिक बटन व जीपीएस सिस्टम की अनिवार्यता समाप्त करें।

इस दौरान अध्यक्ष विजय पाल सिंह रावत, सचिव विजेंद्र कंडारी, उप प्रधान नरेंद्र वर्मा, दिगंबर सिंह बिष्ट, छोटेलाल दीक्षित, विकास डोभाल, ज्ञानी राम शर्मा, आसाराम सकलानी, किशोर चंद रमोला, अनिल कुकरेजा, दीपक शर्मा, विजय भंडारी, बीडी जोशी, वीरेंद्र गैरोला, जगबीर खरोला, भीम सिंह आदि शामिल थे।

गंगा की तेज लहरों में बह रहे युवक को जल पुलिस ने बचाया

स्वर्गाश्रम स्थित गंगा घाट पर हरियाणा का युवक गंगा में नहाने को उतरा। इस दौरान उसे तैराकी का शौक महंगा पड़ गया। देखते ही देखते युवक गंगा की तेज लहरों में बहने लगा। इस बीच मुनिकीरेती थाने से तैनात जल पुलिस ने मोटर बोट की मदद से उसे गंगा से सकुशल बाहर निकाला। युवक की पहचान 25 वर्षीय प्रदीप कुमार पुत्र रणवीर सिंह निवासी ग्राम बोडियाकमालपुर, जिला रेवाड़ी हरियाणा के रूप में हुई।

बचाव दल में जल पुलिस के जवान सुभाष ध्यानी, रविन्द्र तोमर, विदेश चौहान, पुष्कर रावत, महेंद्र चौधरी और बोट चालक अंकित कुकरेजा, चंद्रपाल नागर व राजेंद्र सिंह रावत शामिल रहे।

एम्स ऋषिकेश के आई बैंक ने 200 लोगों को दी नेत्र ज्योति

अखिल भारतीय आर्युविज्ञान संस्थान, एम्स ऋषिकेश का आई बैंक नेत्रहींन लोगों के लिए वरदान साबित हो रहा है। संस्थान में नेत्र कोष की स्थापना के बाद से अब तक 200 पीड़ित लोगों को सफलतापूर्वक कॉर्निया प्रत्यारोपित किए जा चुके हैं। संस्थान ने भारत से नेत्रहीनता का अभिशाप मिटाने के लिए लोगों से नेत्र दान का संकल्प लेने का आह्वान ​किया है। कहा गया है कि आई डोनेशन के प्रण से ही लोग अंधता से मुक्ति पा सकते हैं।
गौरतलब है कि एम्स ऋषिकेश में 26 अगस्त 2019 को आई बैंक की स्थापना की गई थी। नेत्र कोष की स्थापना के बाद से संस्थान में लगभग 2 साल 7 माह के अंतराल में अब तक 200 लोगों को सफलतापूर्वक कॉर्निया प्रत्यारोपण से नेत्र ज्योति प्राप्त हो चुकी है। संस्थान के नेत्र विभागाध्यक्ष प्रोफेसर संजीव मितल ने बताया कि एम्स ऋषिकेश में कॉर्निया प्रत्यारोपण की सभी विश्वस्तरीय आधुनिकतम सुविधाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने बताया कि नेत्र दान महादान के संकल्प के साथ मृत्यु उपरांत अपनी आंखें दान करने के इच्छुक व्यक्ति अपने इस संकल्प को साकार करने के लिए एम्स आई बैंक में संपर्क कर सकते हैं। ऋषिकेश आई बैंक से ऑनलाइन जुड़कर कोई भी व्यक्ति इस महान कार्य में अपना योगदान सुनिश्चित कर सकते हैं। नेत्र रोग विभागाध्यक्ष प्रो. संजीव मित्तल ने बताया कि अब तक ऋषिकेश आई बैंक में 506 लोग नेत्रदान करने का संकल्प पत्र भर चुके हैं। नेत्र बैंक की टीम व एम्स अस्पताल के कर्मचारी नेत्रदान को लेकर जनजागरुकता मुहिम में जुटे हैं और इसके लिए लोगों को प्रेरित कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि हमारे विभाग की कॉर्निया- प्रत्यारोपण सर्जन डॉक्टर नीति गुप्ता द्वारा 200 रोगियों की आंखों की नष्ट हो चुकी पुतली ( कॉर्निया) के ऑपरेशन सफलता-पूर्वक किए जा चुके हैं। संस्थान में देश के विभिन्न प्रांतों से मरीज यहां अपना नेत्र प्रत्यारोपण के लिए पहुंच रहे हैं। जिनमें उत्तराखंड, उत्तरप्रदेश आदि राज्यों के कई मरीजों का एम्स नेत्र कोष में सफलतापूर्वक प्रत्यारोपण कर उनके जीवन को रोशन किया जा चुका है। खास बात यह है कि एम्स आई बैंक में कॉर्निया प्रत्यारोपण के तहत अब तक जिन नेत्रहीन बच्चों को कॉर्निया प्रत्यारोपित किया गया है वह अब अपनी शिक्षा ग्रहण कर पा रहे हैं। संस्थान की आई बैंक की निदेशक डा. नीति गुप्ता ने बताया कि हम सबको नेत्रदान महादान के अभियान से जुड़ना चाहिए और नेत्रहीन लोगों के अंधेरे जीवन में उजियारा लाने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी के जीवन को रोशनी से भरने से बढ़कर कोई दूसरा परोपकार नहीं है। नेत्रदान का संकल्प लेने वाले व्यक्ति ऋषिकेश आई बैंक, एम्स ऋषिकेश के दूरभाष नंबर 90685 63883 पर संपर्क कर सकते हैं।

ढालवाला के नागरिकों ने पेयजल निगम के विरूद्ध किया प्रदर्शन


ढालवाला के आनंद विहार स्थित पेयजल निगम कार्यालय में मुनिकीरेती नगर पालिका के सभासदों के साथ क्षेत्रवासियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। सभासद विरेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि ढालवाला में बीते तीन सालों से विश्व बैंक परियोजना के तहत पेजयल विभाग के कार्य चल रहे हैं। लेकिन इन कार्यों में देरी की जा रही है। विभाग ने क्षेत्र में जगह-जगह सड़कों पर गड्ढे खोदकर छोड़ दिए हैं।

कहा कि आए दिन लोग सड़कों पर चोटिल हो रहे हैं। लेकिन विभाग ने यहां अपने कार्य अधर में लटका रखे हैं। इससे यह सड़कें नहीं बन पा रही हैं। ढालवालावासी बीते तीन साल से पेयजल विभाग के कार्यों से परेशान हैं। कहा कि अगर जल्द ही कार्यों को पूरा नहीं किया गया तो कार्यालय में तालाबंदी की जाएगी।

प्रदर्शन में सभासद विरेंद्र सिंह चौहान, मनोज बिष्ट, विनोद सकलानी, दिनेश सकलानी, अजय रमोला, राजेंद्र सिंह थलवाल, सत्येश्वर उनियाल, राजेश बिष्ट, रोहित गोदियाल, मदन कुड़ियाल, देवेंद्र उनियाल, शैलेंद्र चमोली आदि शामिल रहे।