नहाते समय गंगा में डूबा व्यक्ति लापता

शीशमझाड़ी स्थित स्वामी नारायण आश्रम घाट पर आश्रम का सेवादार स्नान करते समय गंगा के तेज बहाव में आकर बह गए। सूचना पर एसडीआरएफ की टीम ने गंगा में लापता व्यक्ति की तलाश में सर्च ऑपरेशन चलाया। लेकिन कहीं पता नहीं चल पाया।
एसडीआरएफ उपनिरीक्षक कविंद्र सजवाण ने बताया कि मंगलवार सुबह 7 बजे स्वामीनारायण आश्रम घाट पर स्नान करते समय एक व्यक्ति डूब गया। इसकी सूचना मिलने पर एसडीआरएफ की टीम ने गंगा में सर्च ऑपरेशन चलाया। लेकिन पता नहीं पाया। बताया कि गंगा में लापता व्यक्ति की पहचान प्रवीण भाई 59 पुत्र माधा भाई निवासी सूरत गुजरात के रूप में हुई है। यहां पर वे स्वामी नारायणा आश्रम में सेवादार के रूप में कार्य करते थे। मामले की जानकारी पुलिस ने परिजनों को दे दी है। बुधवार को फिर से उनकी तलाश में सर्च ऑपरेशन चलाया जायेगा।

जेसीबी देख खुद अतिक्रमण हटाने लगे लोग

चारधाम यात्रा के मद्देनजर मंगलवार को राजस्व विभाग, नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला और पुलिस की संयुक्त टीम ने लक्ष्मणझूला रोड और खारास्रोत आस्थापथ में रेहड़ियों और फड़ वालों के अतिक्रमण को हटाया। अचानक हुई इस कार्रवाई से रेहड़ी व फड़ विक्रेताओं में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
मंगलवार को एसडीएम नरेंद्रनगर देवेंद्र नेगी के नेतृत्व में राजस्व विभाग, नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला एवं स्थानीय पुलिस प्रशासन की टीम निकाय कार्यालय में एकत्र हुई। यहां से लक्ष्मणझूला मार्ग, रामझूला, खारास्रोत, आस्थापथ आदि पर पसरे रेहड़ियों और फड़ों के अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई शुरू की। कार्रवाई को देख रेहड़ी और फड़ विक्रेताओं में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में अतिक्रमणकारी अपना समेटते नजर आए। कई जगहों पर जेसीबी की सहायता से अतिक्रमण हटाया गया। इस दौरान सामान को भी टीम ने जब्त कर लिया।
एसडीएम नरेंद्रनगर देवेंद्र नेगी ने बताया चारधाम यात्रा तेज हो रही है। प्रतिदिन हजारों की तादाद में पर्यटक मुनिकीरेती क्षेत्र पहुंच रहे हैं। यहां से पर्यटक चारधाम के लिए पहाड़ी रूटों पर रवाना होते हैं। अतिक्रमण के कारण आए दिन हाईवे पर जाम आदि की समस्या से पर्यटकों और स्थानीय लोगों को जूझना पड़ता है। शासन के निर्देश पर समस्याओं से निजात दिलाने के लिए लक्ष्मणझूला रोड पर पसरे रेहड़ियों व फड़ों के अतिक्रमण को हटाया गया है। मौके पर ईओ तनवीर मारवाह, मुनिकीरेती थाना निरीक्षक रितेश शाह, कर निरीक्षक अनुराधा गोयल, सफाई निरीक्षक भूपेन्द्र सिंह पंवार, कर संग्रहकर्ता केतन शर्मा, पुलिस उपनिरीक्षक सचिन पुंडीर, उपनिरीक्षक रीना नेगी, उपनिरीक्षक यशवन्त सिंह खत्री, पटवारी निधि थपलियाल, वर्क एजेंट जितेंद्र सजवाण आदि उपस्थित रहे।

हरिपुरकलां के ग्रामीणों ने डीएम को सौंपा ज्ञापन, की समस्या के स्थाई निदान की मांग

ग्रामसभा हरिपुरकलां के ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान गीतांजलि ज़खमोला के नेतृत्व में डीएम देहरादून आर राजेश कुमार से मुलाकात की।

ग्रामीणों ने डीएम को हरिपुरकलां मोतीचूर में बने फ्लाईओवर से ग्रामीण जनों की कनेक्टिविटी न देने पर एवं अन्य फ्लाईओवर को जोड़े जाने के विरोध में ज्ञापन दिया। कहा कि जो फ्लाईओवर बनाया गया है इससे ग्रामीण जनों की कोई कनेक्टिविटी नहीं दी गई है और जो पुराना सर्विस रोड था वह भी रेलवे और वन विभाग द्वारा बंद कर दिया गया है ऐसी स्थिति में ग्रामीणजनों को अतिरिक्त दो-तीन किलोमीटर का सफर तय करना पड़ता है जिसमें ग्राम हरिपुर कला राजस्व गांव की तहसील से ही कट गया है।

ग्राम प्रधान गीतांजलि ज़खमोला ने बताया कि ग्रामीण जनों को बहुत परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। एक और फ्लाईओवर जो हरिद्वार से बनाया जा रहा है वह भी सप्त ऋषि के पास जोड़ा जा रहा है जिससे और अतिरिक्त 8 से 10 किलोमीटर का सफर अतिरिक्त तय करना पड़ेगा।
कहा कि इस समस्या का जल्द से जल्द समाधान किया जाए। चेताते हुए कहा कि समाधान न होने पर ग्रामीणजन एक उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
इस संबंध में जिलाधिकारी ने आश्वस्त किया और संबंधित एनएचआई के पीडी प्रोजेक्ट डायरेक्टर से फोन पर वार्ता की। समस्या का स्थाई समाधान के लिए भी आश्वस्त किया
इस मौके पर प्रतिनिधिमंडल मैं जिला पंचायत सदस्य दिव्या बेलवाल, पूर्व प्रधान संजय पोखरियाल, प्रेम लाल शर्मा, उपप्रधान मनोज शर्मा, ग्राम पंचायत सदस्य शिवानी गोस्वामी, दीपमाला, गणेश कुलियाल, अशोक रियाल, चंद्रकांता बेलवाल, राजेश लखेरा आदि ग्रामीण जन उपस्थित थे।

12 मई को थी शादी, आज परिवार सहित कार दुर्घटना में हुई मौत

शादी की खरीददारी कर घर लौट रहे लोगों के लिए रविवार काल बनकर टूट पड़ा। ऋषिकेश से थराली जा रही कार बद्रीनाथ हाईवे पर तोताघाटी के पास अनियंत्रित होकर 250 मीटर गहरी खाई में गिर गई, जिसमें 5 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में 4 लोग एक ही परिवार के हैं। पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर कड़ी मशक्कत के बाद शवों को खाई से बाहर निकाला।
जानकारी के मुताबिक ऋषिकेश-बद्रीनाथ हाईवे पर देवप्रयाग तहसील प्रशासन और थाना पुलिस को करीब सात बजे सूचना मिली कि तोताघाटी के पास एक कार गिर गई है। जिसके बाद टीमें वंहा पंहुची। कार संख्या यूपी15-डीएल1061 गहरी खाई में गिरी दिखी। मौके पर पहुंची पुलिस और एसडीआरएफ के टीमों में खाई में जाकर रेस्क्यू अभियान चलाया। तहसीलदार एमएस बर्थवाल ने बताया कि तोताघाटी से आगे सफेद पहाड़ के पास हुई दुर्घटना में मृतकों की शिनाख्त कर ली गई है। जिसमें पिंकी (25) पुत्री त्रिलोक सिंह, प्रताप सिंह (40) पुत्र देव सिंह, भागीरथी देवी (36) पत्नी प्रताप सिंह, विजय (15) पुत्र प्रताप सिंह, मंजू (12) पुत्री प्रताप सिंह सभी निवासी ग्राम बाण, तहसील थराली जिला चमोली शामिल हैं। तहसीलदार ने बताया कि यह सभी लोग ऋषिकेश से शादी की खरीदारी कर वापस थराली लौट रहे थे। रेस्क्यू में थाना देवप्रयाग के एसएसआई अनिरूद्ध मैठाणी समेत एसडीआरएफ के जवान शामिल रहे।
बताया जा रहा है कि मृतका पिंकी की 12 मई को शादी होनी थी। इसी सिलसिले में परिवार शादी की शॉपिंग के लिए ऋषिकेश आया था।

गंगा के तेज बहाव में बह रहे एक युवक को बचाया, दूसरा लापता

लक्ष्मणझूला थाना अंतर्गत गोवा बीच पर स्नान करते समय दो युवक डूबने लगे। एक युवक को पुलिस ने पानी के तेज बहाव से बाहर निकाल जान बचाई। जिसे एम्स अस्पताल में पुलिस ने भर्ती कराया। जबकि दूसरा युवक गंगा के तेज बहाव में आकर पानी की गहराई में ओझल हो गया। एसडीआरएफ टीम ने पानी में लापता युवक की तलाश को सर्च ऑपरेशन चलाया। लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल पाया।
लक्ष्मणझूला थाना पुलिस के मुताबिक रविवार दोपहर बाद पुलिस को सूचना मिली कि गोवा बीच पर दो युवक गंगा में स्नान करते समय डूबने लगे हैं। जिस पर तत्काल पुलिस ने आयुष (22) पुत्र हिमांशु निवासी समस्तीपुर, बिहार को पानी के तेज बहाव से सुरक्षित निकाल लिया। जबकि युवक का दोस्त रामांश पाठक (22) पुत्र अनुपम पाठक निवासी जालौन, यूपी गंगा के तेज बहाव में कहीं दूर ओझल हो गया।
सूचना पर एसडीआरएफ की टीम ने रामांश की तलाश को सर्च ऑपरेशन चलाया। लेकिन सफलता नहीं मिली। जबकि आयुष को पुलिस ने एम्स अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसकी हालत में सुधार बताया जा रहा है। लक्ष्मणझूला थाना निरीक्षक संतोष कुंवर ने बताया कि दोनों युवक गाजियाबाद के एक कॉलेज में पढ़ाई करते हैं।
रविवार को वे यहां पर घूमने के लिए आए थे। गंगा में डूबने वाले युवक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। वहीं एसडीआरएफ उपनिरीक्षक कविंद्र सजवाण ने बताया की सोमवार को फिर से युवक की तलाश को सर्च ऑपरेशन चलाया जायेगा।

त्रिवेणी घाट में पुलिस ने दो को डूबने से बचाया
त्रिवेणीघाट पर स्नान करते अलग-अलग हादसों में दो लोगों को जल पुलिस ने डूबने से बचाया है। त्रिवेणी घाट चौकी इंचार्ज जगत सिंह ने बताया कि रामविलास (54) पुत्र स्वर्गीय रामनारायण निवासी गली नंबर 10 भल्ला फार्म श्यामपुर रविवार को त्रिवेणी घाट में स्नान कर रहे थे। इस दौरान अचानक तेज बहाव में हुए बहने लगे। मौके पर जल पुलिस के जवानों ने रेस्क्यू कर उन्हें गंगा के पानी से सुरक्षित निकाला। वहीं दूसरी घटना में अनिश (30) पुत्र राम सेवक निवासी सीतापुर, यूपी को भी स्नान करते समय पुलिस ने बचाया है। टीम में रवि वालिया, पंकज, शिवकुमार शामिल रहे।

हादसों को न्यौता दे रहे आवारा पशु

शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में आवारा पशु लोगों के लिए जी का जंजाल बने हुए हैं। निगम द्वारा कांजी हाऊस की व्यवस्था किए जाने के बावजूद सड़कों पर आवारा पशुओ का अतिक्रमण जारी है। इस ओर अंतरराष्ट्रीय गढ़वाल महासभा ने सड़क हादसों को न्योता दे रहे आवारा पशुओं पर कारवाई की मांग की है।
अंतरराष्ट्रीय गढ़वाल महासभा के अध्यक्ष राजे सिंह नेगी का कहना है कि शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में आवारा पशुओं की वजह से सड़क हादसों का शिकार होकर लोगों को अस्पताल का रास्ता नापना पड़ रहा है। कई बार दोपहिया वाहन इसकी चपेट में आकर चोटिल भी हो चुके हैं। आवारा पशुओं को हटाने की जिम्मेदारी प्रशासन की है लेकिन निगम अधिकारी इस गंभीर समस्या पर आखें मूंदे हुए हैं। आवारा पशुओं को सड़क से हटाने की मुहिम चलती नहीं दिखाई दे रही है। ऐसे में बड़ी सड़क दुर्घटनाओं के होने से भी इंकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने निगम प्रशासन से इसपर तत्काल कार्यवाही की मांग की है।

एमडीडीए की बैठक में कैबिनेट मंत्री अग्रवाल ने अधिकारियों को दिये निर्देश

आज विधानसभा स्थित सभागार में मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण के शीर्ष अधिकारियों के साथ शहरी विकास मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने बैठक की। उन्होंने ऋषिकेश में नगर निगम की भूमि पर बहुमंजिला पार्किंग बनाने को माह दिसम्बर 2023 तक हर हालत में पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही रिक्त पदों को भरने, अगले 20 दिन के भीतर अवैध प्लाट, भवन को चिन्हित करने के भी निर्देश दिए। वहीं, उन्होंने प्राधिकरण द्वारा नक्शा पास के लिए चार हजार आवेदन को तय समय के भीतर किये जाने पर प्रंशसा व्यक्त की।

बैठक में कैबिनेट मंत्री अग्रवाल द्वारा ये निर्देश दिए गये।
1- नगर निगम ऋषिकेश में जी प्लस छह मंजिला पार्किंग बनाने के लिए चार माह के भीतर कागजी कार्यवाही कर माह दिसंबर 2023 तक पूर्ण करने के कड़ाई से निर्देश दिए। इस कार्य को प्राथमिकता के साथ करने को कहा।
2- मसूरी मॉल रोड के सौंदर्यकरण के कार्य में सड़क बनाने के कार्य को फिलहाल रोकने के निर्देश दिए। कहा कि इससे टूरिस्टों को परेशानी होगी।
3- किसी भी पार्क या सौंदर्यकरण के कार्य को आकर्षित बनाया जाए। इस बात का ध्यान रहे सरकारी धन दुरुपयोग न हो। कामचलाऊ काम न करें।
4- डोईवाला में बस अड्डा के लिए जल्द से जल्द जमीन तलाश की जाए। इस मामले में जिलाधिकारी देहरादून की मदद ली जाए।
5- प्राधिकरण द्वारा बनाये गए फ्लैट्स विक्रय कराने के लिए प्राधिकरण की बोर्ड बैठक में प्रस्ताव लाकर इसपर कार्य योजना तय की जाए।
6- यदि कोई आपत्ति न हो तो आवासीय नक्शा 15 दिन के भीतर पास किये जायें। इसी तरह व्यवसायिक नक्शा 30 दिन के भीतर पास करें। उसकी सूची प्राधिकरण की वेबसाईट पर भी डालें।
7- उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि प्राधिकरण अपनी कार्यशैली सुधारे। अवैध बिल्डिंग बनने से पूर्व कार्यवाही करें। उन्होंने 20 दिन का समय निर्धारित करते हुए कहा कि जिले की सभी अवैध बिल्डिंग की जानकारी दे। इस संदर्भ में 15 मई को पुनः बैठक करने को कहा।
8- मंत्री ने प्राधिकरण में रिक्त पदों को जल्द भरने के भी निर्देश दिये।
इस मौके पर प्राधिकरण के उपाध्यक्ष बृजेश कुमार संत, अधिशासी अभियंता श्याम मोहन शर्मा, अजय माथुर, अधीक्षण अभियंता हरि चंद सिंह राणा, अनुसचिव अनुजा सिंह, वित्त नियंत्रक स्मृति खंडूरी आदि मौजूद रहे।

राज्य में नए पार्किंग स्थलों की चिन्हिकरण प्रक्रिया में आई तेजी

मुख्य सचिव डॉ. एस. एस. संधु ने गुरुवार को सचिवालय में प्रदेश में बनाई जाने वाली नई पार्किंग प्रोजेक्ट्स की प्रगति की समीक्षा की। मुख्य सचिव ने इस सम्बन्ध में पूर्व में आयोजित बैठक में सभी जिलाधिकारियों को अपने-अपने जनपदों में पार्किंग हेतु जगह चिन्हित कर, फीजिबिलिटी जांच करवाने के निर्देश दिए थे। इस क्रम में जनपदों से 180 स्थान चिन्हित किए गए थे, जिसमें से 134 को फीजिबिलिटी रिपोर्ट में पार्किंग के लिए उपयुक्त पाया गया है। शेष 39 की रिपोर्ट आनी बाकी है।
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पार्किंग के जगह चिन्हीकरण से लेकर संचालन तक के प्रत्येक स्टेप की तिथियां अभी से निर्धारित कर ली जाएं। और प्रत्येक पार्किंग की साइट स्पेसिफिक प्लानिंग कर तिथियां निर्धारित की जाएं, कि कब तक पार्किंग का संचालन शुरू हो जाएगा।
मुख्य सचिव ने पार्किंग प्रोजेक्ट्स को उनकी आवश्यकता और महत्त्व के अनुसार ए और बी कैटेगरी में वर्गीकृत कर लिया जाए। जिन पार्किंग के निर्माण में कोई समस्या नहीं है, उनमें तुरंत कार्य शुरू कर दिया जाए। ऐसे ऑनगोइंग प्रोजेक्ट्स जो पैसे की कमी के कारण धीमी गति से चल रहे हैं, उनके सम्बन्ध में शासन को अवगत कराया जाए। किसी भी प्रोजेक्ट के लिए बजट की कमी नहीं होने दी जाएगी।
मुख्य सचिव ने सभी जिलाधिकारियों को अपने जनपद में लगातार नए स्थानों को खोजने के निर्देश दिए। उन्होंने यूजेवीएनएल, यूपीसीएल, जल निगम और जल संस्थान के साथ ही अन्य सभी नॉन गवर्नमेंटल संस्थानों द्वारा भी इसमें सहयोग की अपेक्षा की है। उन्होंने कहा कि मुख्य सचिव स्तर से पार्किंग प्रोजेक्ट्स की प्रगति की समीक्षा प्रत्येक सप्ताह की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने सुनी समस्यायें, सम्बन्धित अधिकारियों को दिये जन समस्याओं के निराकरण के निर्देश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में बड़ी संख्या में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आये लोगों से भेंट की, तथा अपनी समस्याओं से अवगत कराया।

मुख्यमंत्री ने सभी की समस्यायें सुनी तथा सम्बन्धित अधिकारियों को जन समस्याओं के निराकरण के निर्देश दिये। मुख्यमंत्री ने कहा कि जन समस्याओं का त्वरित निराकरण अधिकारियों की जिम्मेदारी है। आम जनता को अपनी समस्याओं के निराकरण के लिये बार बार मुख्यमंत्री तक न आना पड़े, यह सुनिश्चित करना अधिकारियों का दायित्व है। जन समस्याओं का त्वरित निराकरण अधिकारियों की नैतिक जिम्मेदारी भी है।

मुख्यमंत्री से अपनी समस्यायें लेकर आने वालों में सभी धर्मों एवं वर्गों के लोग शामिल थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सबका साथ सबका विकास एवं सबके विश्वास की भावना के साथ सभी की समस्याओं के समाधान के प्रति संकल्पबद्ध है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जन समस्याओं का त्वरित निराकरण राज्य सरकार की प्रतिबद्धता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने प्रदेश की जनता से जो भी वायदे किये हैं तथा राज्य के विकास के लिये जो भी संकल्प लिये है, उन्हें समयबद्धता के साथ पूरा किया जायेगा।

मुख्यमंत्री ने प्रत्येक आगंतुक से भेंट की और उनकी शिकायतो व समस्याओं को सुना। उन्होंने सभी को उनकी समस्याओं का यथासम्भव जल्द से जल्द निस्तारण के प्रति आश्वस्त किया तथा इस सम्बन्ध में अधिकारियों को भी निर्देश दिये। मुख्यमंत्री ने सभी समस्याओं और शिकायतों का रिकार्ड रखने और उन पर की जा रही कार्रवाई का फालोअप भी करने के निर्देश दिये।

कांग्रेस ने की, पुरानी पेंशन नीति बहाल रखने की मांग

सरकार की नई सामाजिक पेंशन नीति को लेकर कांग्रेसियों ने रविवार को प्रदर्शन किया। नई पेंशन नीति पर एतराज जताते हुए प्रदर्शनकारियों ने पुरानी पेंशन नीति बहाल रखने की मांग की।
रविवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने श्यामपुर रेलवे फाटक में प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। एआईसीसी सदस्य जयेंद्र रमोला ने कहा कि भाजपा सरकार जन विरोधी नीतियां बनाकर उत्तराखंड की जनता को गुमराह करने का काम कर रही है। चुनाव के समय भाजपा सरकार द्वारा घोषणा की गई थी कि एक ही घर से दो लोगों को वृद्धा पेंशन मिल सकेगी। लेकिन सरकार बनने के बाद एकदम उल्टी नीति बना दी। सरकार की नई नीति के अनुसार केवल उन्हीं परिवार में दोनों लोगों की पेंशन स्वीकृत होगी, जिनके बच्चों की आयु 20 साल से कम होगी। अधिकतर मामलों में ऐसा संभव नहीं है। साथ ही एक प्रावधान ये भी कर डाला कि यदि बच्चों के राशन कार्ड माता-पिता से अलग बनाये जाएं, उन्हें ही इस नई पेंशन नीति का फायदा मिलेगा। लेकिन राशन कार्ड भी नहीं बनाये जा रहे हैं। सरकार द्वारा ये गलत और भ्रामक करने वाली नीति है। कांग्रेस हमेशा जनहित के मुद्दों को उठाती रही है और आगे भी उठाएगी। सरकार को इस पेंशन नीति में सुधार करने की आवश्यकता है। पुरानी पेंशन नीति के मुताबिक ही एक परिवार में दोनों लोगों को पेंशन सुविधा प्रदान करनी चाहिए।
पूर्व मंडी सभापति जय सिंह रावत ने कहा कि सरकार द्वारा उत्तराखंड की जनता को भ्रमाने का प्रयास किया जा रहा है, जो कि उचित नहीं है।
प्रदर्शन करने वालों में कांता प्रसाद कंडवाल, सनमोहन सिंह रावत, उप प्रधान खैंरी खुर्द रोहित नेगी, उपप्रधान खैंरी कलाँ राजेन्द्र राणा, पवन रावत, हर्षपति सेमवाल, बलदेव सिंह नेगी, नवीन देशवाल, सतेंद्र रावत, युवा मंगल दल अध्यक्ष संदीप कलूड़ा, गब्बर सिंह केंतुरा, अनिल रतूड़ी, विजय पाल जेठुरी, बीएस पुंडीर, विकास , राजेन्द्र, विशाल सजवान, निर्मल रागंड, दीपक पंवार, जीत सिंह रांगड, दीपक राणा, नीरज चौहान, नंद लाल यादव, हीरा सिंह, चन्द्रमोहन नेगी, आनन्द रावत, आकाश रावत, संदीप रांगढ, राम स्वरूप, मनोज आदि शामिल रहे।