140 प्रतिबंधित इंजेक्शन के साथ एक गिरफ्तार

कोतवाली पुलिस ने 140 प्रतिबंधित इंजेक्शन के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मामले में आरोपी पर एनडीपीएस ऐक्ट में केस दर्ज किया है।
कोतवाली पुलिस के मुताबिक बुधवार देर शाम को पुलिस टीम आईडीपीएल क्षेत्र स्थित मीरा नगर तिराहे पर अवैध नशे के खिलाफ चेकिंग कर रही थी। इसीबीच एक व्यक्ति को चेकिंग के लिए रोका। उसके पास से 140 प्रतिबंधित इजेक्शन बरामद हुए। कोतवाली के एसएसआई डीपी काला ने आरोपी की पहचान राजेश कुमार पुत्र किशनलाल निवासी मीरानगर, गली नंबर 17, आईडीपीएल के रूप में कराई है। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। टीम में आईडीपीएल चौकी प्रभारी चिंतामणि मैठाणी, कांस्टेबल सचिन राणा, विकास शामिल रहे।

पिता पर लगा अपनी ही बेटी से शारीरिक शोषण का आरोप, गिरफ्तार


रायवाला पुलिस के मुताबिक एक युवती ने बताया कि वह रायवाला में अपने पिता, एक नाबालिग बहन और भाई के साथ रहती है। उसके पिता पहले भी उसकी मां को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में जेल जा चुके हैं। बताया कि उसके पिता उसकी बहन और भाई को पिता परेशान करते रहते हैं।
आरोप है कि उसकी नाबालिग बहन के साथ गलत हरकत करते हैं। विरोध करने पर वे जान से मारने की धमकी भी देते हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धारा में केस दर्ज कर आरोपी तीरथ सिंह पुत्र स्व. गोकुल सिंह निवासी प्रतीतनगर, रायवाला को गिरफ्तार किया है।

रायवाला पुलिस ने 17 भैंस के साथ दो गिरफ्तार

उत्तराखंड गौवंश संरक्षण स्कवायड गढ़वाल परिक्षेत्र की टीम ने ट्रक में 17 भैंस वंशीय पशुओं के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने पशु क्रूरता निवारण अधिनियम में केस दर्ज किया है।

रायवाला थाना पुलिस के मुताबिक उत्तराखंड गौवंश संरक्षण स्कवायड गढ़वाल परिक्षेत्र की टीम ने गुरुवार को नेपाली फार्म तिराहे पर एक ट्रक को रोका। इसमें पहाड़ से 17 भैंस वंशीय पशुओं को ठूंस-ठूंसकर भरकर ला रहे थे। टीम ने मामले में फरमान पुत्र इस्लाम निवासी गांव महमूदपुर, पिरान कलियर और अलीशान पुत्र रईस अहमद निवासी पिरान कलियर, जिला हरिद्वार को गिरफ्तार किया। रायवाला थानाध्यक्ष भुवन चंद्र पुजारी ने बताया आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जायेगा।

धर्मस्थल में तोड़-फोड़ करने के मामले में युवक को गिरफ्तार

कोतवाली पुलिस ने आस्थापथ स्थित धर्मस्थल में तोड़-फोड़ करने के मामले में आरोपी युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। ठेकेदार के भुगतान न करने पर युवक डिप्रेशन में चल रहा था।
कोतवाली पुलिस के मुताबिक मंदिर के पुजारी बुद्धि प्रकाश निवासी गुमानीवाला ने पुलिस को तहरीर दी थी कि वीरभद्र रोड गली नंबर तीन में आस्थापथ के किनारे एक धर्मस्थल में असामाजिक तत्वों ने तोड़-फोड़ की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू की। मामले में मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सोमवार को भरत विहार तिराहे के पास से एक आरोपी को गिरफ्तातर किया। उसके पास से तोड़-फोड़ में प्रयोग किए गए औजार भी बरामद हुए। एसएसआई डीपी काला ने आरोपी की पहचान श्यामल यादव पुत्र इंद्रदेव यादव निवासी ग्राम नूरिया, हुसैनपुर, जिला पीलीभीत यूपी के रूप में कराई है। बताया कि आरोपी ऋषिकेश में शादियों में वेटर का काम करता है। ठेकेदार ने उसके काम के पैसे नहीं दिए थे। इस वजह से वह डिप्रेशन में चला गया। आवेश में आकर उसने धर्मस्थल में तोड़फोड़ की घटना को अंजाम दिया।

पुलिस ने चोरी की योजना बनाते तीन को किया गिरफ्तार

मायाकुंड क्षेत्र में रात के समय चोरी की योजना बनाते समय पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से एक छुरा समेत अन्य उपरकरण बरामद हुए।
कोतवाली पुलिस के मुताबिक गुरुवार रात को पुलिस टीम मायाकुंड क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी बीच तीन युवकों को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा। उनकी पहचान ऋषि पुत्र भुलाई प्रसाद उर्फ छोटे निवासी चंद्रेश्वरनगर, विनय पुत्र झगडू हवलदार निवासी वाल्मीकि बस्ती रेलवे रोड, सुजल जाटव पुत्र देवेंद्र जाटव निवासी जाटव बस्ती, रेलवे रोड, ऋषिकेश के रूप में हुई। तीनों के खिलाफ पूर्व में कई मामलों में केस भी पंजीकृत हैं। कोतवाली वरिष्ठ उपनिरीक्षक डीपी काला ने बताया कि आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेजा गया है।

बच्चों में नशें की प्रवृति रोकने के प्रयास किये जाये-मुख्य सचिव

मुख्य सचिव डॉ. एस. एस. संधु ने कहा कि गरीब बच्चों के लिए नशा मुक्ति हेतु विशेष प्रयास किए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाए जा रहे नशा मुक्ति केंद्रों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाए, ताकि आमजन विशेषकर गरीब लोग नशामुक्ति केंद्रों की जानकारी के अभाव में इधर उधर न भटकें, सरकारी योजनाओं का लाभ ले सकें। उन्होंने कहा कि स्कूलों में पेरेंट्स टीचर्स मीटिंग्स आयोजित कर जन जागरूकता फैलाई जाए। उन्होंने नशामुक्ति हेतु लगातार जागरूकता अभियान चलाए जाने के भी निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने सीज्ड ड्रग्स के निष्पादन हेतु लीगल मैकेनिज्म विकसित करने की बात भी कही। कहा कि एंटी ड्रग समितियों की लगातार बैठकें आयोजित की जाएं। जिला स्तरीय बैठकें अगले 15 दिनों में आयोजित कर ली जाएं। उन्होंने सभी स्टेकहोल्डर विभागों द्वारा अपने नोडल अधिकारी नियुक्त किए जाने हेतु भी निर्देशित किया।
मुख्य सचिव ने जेलों में कैद 25 वर्ष से कम उम्र के युवाओं को अलग बैरकों में रखे जाने हेतु व्यवस्था किए जाने के निर्देश दिए। कहा कि इससे युवाओं को अपराध की दिशा में भटकने से बचाया जा सकेगा साथ ही उनके लिए कौशल विकास प्रशिक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए ताकि ऐसे युवा कौशल प्रशिक्षण लेकर अपने भविष्य को सुधार सकें।
इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, डीजीपी अशोक कुमार, प्रमुख सचिव एल फैनई एवं अपर सचिव गृह रिद्धिम अग्रवाल सहित अन्य सम्बन्धित विभागों के उच्चाधिकारी उपस्थित रहे।

पुलिस ने महिला से छेड़छाड़ करने के आरोपी को किया गिरफ्तार

कोतवाली अंतर्गत एक महिला से छेड़छाड़ और जबरदस्ती करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
कोतवाली पुलिस ने महिला से छेड़छाड़ करने के आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक बीते रोज एक महिला ने तहरीर देकर बताया था कि मकसूद अली पुत्र सलीम अली निवासी शांतिगर, झुग्गी झोपड़ी ने रात को सोते समय महिला के साथ छेड़छाड़ की। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी मकसूद को परशुराम चौक के पास से गिरफ्तार किया है। कोतवाल रवि सैनी ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश किया जायेगा।

दुकान की छत काटकर चोरी करने के आरोप में पुलिस ने किया गिरफ्तार

दुकान की छत से टीन काटकर नकदी और ग्लाइडर मशीन चोरी करने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
कोतवाली पुलिस के मुताबिक 27 जून को दुकानदार शकील अहमद पुत्र बोदे मियां निवासी कृष्णा नगर कॉलोनी आईडीपीएल ऋषिकेश ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि उसकी बैराज कॉलोनी में आटा चक्की की दुकान है। 22 जून की रात किसी ने दुकान की छत काटकर नगदी और दुकान में रखी ग्लाइडर मशीन चोरी कर ली। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी। सोमवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बैराज तिराहे के पास से एक युवक गिरफ्तार किया। कोतवाल रवि सैनी ने बताया की आरोपी ने स्वयं को मयंक कुमार पुत्र स्व. सुंदरलाल निवासी बैराज कॉलोनी, ऋषिकेश बताया। आरोपी से पांच हजार रुपये की नगदी और ग्लाइडर मशीन बरामद हुई है। जिसे वह बेचने के लिए ले जा रहा था।

दुष्कर्म और गर्भपात का आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजा

शादी का झांसा देकर युवती के साथ दुष्कर्म करने और दो बार जबरन गर्भपात कराने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
कोतवाली पुलिस के मुताबिक एक युवती ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि विनोद राणा पुत्र जयपाल सिंह राणा निवासी ग्राम बाबई, जिला रूद्रप्रयाग ने शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। युवती का आरोप है कि आरोपी ने दो बार जबरन गर्भपात भी करवाया। यही नहीं आरोपी ने उसकी अश्लील फोटो सोशल मीडिया में डालने व जान से मारने की भी धमकी भी दी है। पुलिस ने संबंधित धारा में आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की। कोतवाल रवि सैनी ने बताया कि सोमवार को गुमानीवाला श्यामपुर से आरोपी विनोद सिंह राणा को गिरफ्तार कर लिया है। जिसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

गृह और पुलिस विभाग की समीक्षा में सरलतम तरीके अपनाने पर सीएम ने दिया जोर

प्रदेशवासियों को जल्द ही ई-एफआईआर की सुविधा मिलेगी। इसमें घर बैठे ही एफआईआर दर्ज कराई जा सकेगी। प्रारम्भ में वाहन चोरी और गुमशुदा वस्तुओं के संबंध में ई-एफआईआर कराई जा सकेगी। इस संबंध में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में गृह और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। मुख्यमंत्री के समक्ष सीसीटीएनएस के अंतर्गत बनाए जा रहे ई-एफआईआर पोर्टल का प्रस्तुतिकरण दिया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टि सरकार का मूल मंत्र है। सिस्टम इस प्रकार का होना चाहिए जिससे जनता सरलतम तरीके से अपनी शिकायतों का समाधान करा सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि ई-एफआईआर से आम जन को बहुत सुविधा होगी। व्यक्ति को एफआईआर दर्ज कराने के लिये परेशान नहीं होना पड़ेगा। ई-एफआईआर में उच्चाधिकारियों द्वारा नियमित रूप से समीक्षा की जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिसिंग में आधुनिक तकनीक का उपयोग बढ़ाये जाने की जरूरत है। ड्रोन टेक्नोलोजी का भी उपयोग किया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री ने पुलिस प्रशिक्षण, आधुनिकीकरण और पुलिस सुधार से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर बैठक आयोजित करने के निर्देश दिये। मुख्यमंत्री ने कहा कि झूठी एफआईआर को रोकने के लिये जरूरी प्राविधान किये जाने की आवश्यकता है। इस संबंध में सुझाव देने के लिये एक समिति बनाई जाए।
बताया गया कि ई-एफआईआर के लिये अभी अधिसूचना जारी की जानी है। शुरुआत में इसमें वाहन चोरी व गुमशुदा मोबाईल व वस्तुओं के संबंध में एफआईआर को शामिल किया जाएगा। ई-एफआईआर में वर्चुअल थाना स्थापित किया जाएगा। जो भी ई-एफआईआर की जाएगी, वह इस वर्चुअल थाने में जाएगी। शिकायत करने वाले को इसकी पावती मिल जाएगी। यहां इसका परीक्षण कर संबंधित थाने में आवश्यक कार्यवाही के लिए अग्रसारित की जाएगी। ई-एफआईआर पोर्टल को देवभूमि मोबाईल एप से भी जोड़ा जाएगा।
बैठक में अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, डीजीपी अशोक कुमार, विशेष प्रमुख सचिव अभिनव कुमार, एडीजी वी मुरूगेशन, आईजी बिमला गुन्ज्याल, अपर सचिव रिद्धिम अग्रवाल, सहित गृह व पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।