पत्नी को डराने को पति ने दिखाया तमंचा, अरेस्ट


आज दोपहर को पुलिस को गंत्रोत्री कॉलोनी निवासी गली नंबर 4, गुमानीवाला, श्यामपुर निवासी लक्ष्मी शहा ने पुलिस को सूचना दी कि उसका अपने पति अजय शाह से पारिवारिक विवाद कोर्ट में चल रहा है। आज उसका पति एक तमंचा लेकर घर पहुंचा और गोली हवा में झोंक दी। जिसके के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पति को हिरासत लिया।

पूछताछ में पता चला कि पति और पत्नी के बीच अनबन चल रही है। मामला फैमिली कोर्ट ऋषिकेश में चल रहा है। बुधवार को महिला का पति अपने चार वर्षीय बेटे को मिलने गुमानीवाला पहुंचा था। इस दौरान उसने डराने के इरादे से गोली हवा में फायर कर दी।

कोतवाल ने बताया कि आरोपी अजय शाह पुत्र जोगिंदर सिंह निवासी सुभाष नगर , बनखंडी ऋषिकेश को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जिस पर बिना लाइसेंस अवैध देसी तंमचा रखने पर आर्म्स ऐक्ट में केस दर्ज किया है। कोर्ट में पेश करने की प्रकिया चल रही है।

कोतवाली ऋषिकेश ने तीन महिलाओं को ठगी के आरोप में किया अरेस्ट

कोतवाली पुलिस के मुताबिक बीते रोज पुलिस को सूचना मिली कि झंडा चौक स्थित एक दुकान पर लोगों ने दो महिलाएं पकड़ी हैं। पुलिस मौके पर पहुंची तो शॉप मालिक रविंद्र कुमार अग्रवाल ने बताया उनकी मुखर्जी मार्ग पर अग्रवाल ज्वेलर्स के नाम से दुकान है। सोमवार को उनकी दुकान पर दो महिला आई। उन्होंने पुराना नकली चांदी के जेवर के बदले असली चांदी के एक मंगलसूत्र 2 चेन, 2 जोड़ी पायल ठग लिए। उन्होंने महिलाओं पर आभूषण मिलने का शक जताया। जिस पर पुलिस ने महिलाओं की तलाशी ली, उसके पास से ठगी का माल बरामद हुआ।

पुलिस पूछताछ में एक ओर महिला का सामने आया। जिस पर पुलिस ने महिला की गिरफ्तारी को क्षेत्र में चेकिंग अभियान शुरू कर दिया। जिसे संयुक्त यात्रा बस अड्डे से पुलिस ने पकड़ लिया। कोतवाल रवि सैनी ने बताया की आरोपियों की पहचान रेखा पत्नी स्व. मनोज, संगीता उर्फ पूनम पत्नी राजकुमार, मधु उर्फ संध्या पत्नी लाखन सिंह सभी निवासी झुना पुरिया पुलिस चौकी, केशवनगर, जिला हापुड़, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।

रायवाला पुलिस ने 1 लाख 30 हजार रुपये का जुर्माना वसूला

आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए रायवाला पुलिस ने सत्यापन अभियान चलाया। हरिपुरकलां क्षेत्र में बिना सत्यापन के किरायेदार रखने पर 13 मकान मालिकों का चालान किया गया। इन पर 1 लाख 30 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
रायवाला थानाध्यक्ष भुवनचंद्र पुजारी के नेतृत्व में पुलिस की टीम रविवार तड़के हरिपुरकलां क्षेत्र में पहुंची। यहां पर लोगों से किरायेदारों की जानकारी जुटानी शुरू की। किरायेदार का काम, मूल पता और कब से ठहरा है, जैसे सवाल मकान मालिकों से पूछे गए। इस दौरान पुलिस टीम ने 150 लोगों के सत्यापन चेक किए। जबकि 13 ऐसे मकान मालिक मिले, जिन्होंने किरायेदारों का सत्यापन नहीं करवाया था। इस पर पुलिस ने उनका चालान किया और एक लाख तीस हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। थानाध्यक्ष भुवनचंद्र पुजारी ने बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। टीम में उपनिरीक्षक नीरज त्यागी, कुशाल सिंह रावत, महिला उपनिरीक्षक रचना देवरानी, लक्ष्मी जोशी, कांस्टेबल, महेंद्र सिंह, राजीव कुमार, ईश्वर सिंह, स्वास्तिक, संदीप, प्रकाश, गजपाल, सुबोध नेगी, मुकेश, गब्बर सिंह आदि शामिल रहे।

रायवाला पुलिस ने लूट के मामले में फरार आरोपी को दबोचा

रायवाला थाना पुलिस के मुताबिक हरिपुरकलां निवासी पूजा कश्यप पुत्री रमेश कश्यप ने 15 फरवरी को पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि चार-पांच अज्ञात लोगों ने घुसकर उनकी मां रामरती से मारपीट कर सोने के कुंडल, आलमारी से पायल, नाक की पिन, घर का सामान सहित 10 हजार की नगदी लूट ली है। पुलिस ने मामला दर्ज कर पूर्व में तीन लोगों को गिरफ्तार किया था। मामले में दो और आरोपी फरार चल रहे थे। इनमें से एक आरोपी को पुलिस ने मंगलवार को एसओजी की मदद से रोहणी, दिल्ली से गिरफ्तार किया है।

थानाध्यक्ष भुवन चंद्र पुजारी ने आरोपी की पहचान कोहिनूर उर्फ मोटा निवासी भरत विहार गली नंबर 28, बेगमपुर रोहणी, दिल्ली के रूप में कराई है।

बताया कि मामले में आरोपी झाबर निवासी सपेरा बस्ती, घोसीपुरा, पथरी, हरिद्वार फरार चल रहा है। आरोपी की धरपकड़ को पुलिस टीम लगी है।

रेलवे स्टेशन में रही युवती ने लगाया खुद के साथ दुष्कर्म का आरोप

वीरभद्र रेलवे स्टेशन पर उत्तर प्रदेश की 23 वर्षीय एक युवती ने खुद के साथ दुष्कर्म होने की बात कही है। हालांकि इस बात में कितनी सच्चाई है, इसकी पुष्टि होना अभी बाकी है। पुलिस के मुताबिक युवती के परिजनों ने बताया कि वह मानसिक रूप से बीमार है। इस मामले में पुलिस का कहना है कि युवती के परिजनों के आने के बाद ही मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा। तब तक युवती को राजकीय चिकित्सालय के महिला वार्ड में रखा गया है।

रामपुर, उत्तर प्रदेश निवासी 23 वर्षीय युवती एक महीने पहले मुनिकीरेती थाना क्षेत्र के ब्रह्मपुरी में पहुंची थी। आज सुबह वीरभद्र रेलवे स्टेशन के स्टेशन मास्टर ने सूचना दी कि प्लेटफार्म नंबर में एक युवती बेसुध हालत में पड़ी है। सूचना पाकर जीआरपी और रेलवे पुलिस फोर्स के जवान वीरभद्र रेलवे स्टेशन पहुंचे और अचेतावस्था में मिली युवती को मेडिकल परीक्षण के लिए सरकारी अस्पताल ऋषिकेश ले आए। पूछताछ में युवती ने पुलिस को बताया कि रात में वीरभद्र रेलवे स्टेशन के पास एक ढाबे में खाना खाया था।

पुलिस को युवती ने बताया कि उसके पास पैसे नहीं थे। एक बाबा ने उसकी मदद की और रेलवे स्टेशन लेकर आ गया। आरोप लगाया कि नशीला पदार्थ खिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया है।
जीआरपी चौकी इंचार्ज बलवंत पंवार ने बताया कि मामले की सूचना युवती के परिजनों को दे दी है। उनके रामपुर से ऋषिकेश पहुंचने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। बहरहाल युवती को सरकारी अस्पताल के महिला वार्ड में भर्ती कराया गया है। सुरक्षा के मद्देनजर महिला पुलिस को वार्ड में तैनात किया गया है।

एसडीओ को भारी पड़ा रिश्वत मांगना, विजिलेंस ने पकड़ा

देहरादून से आई विजिलेंस विभाग की विशेष टीम ने आज दोपहर कनखल क्षेत्र के एक बिजली घर पर छापेमारी कर एक अधिकारी को 20 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि रिश्वत मांगने की शिकायत बीजेपी पार्षद ने की थी। टीम ने फिलहाल रिश्वतखोर अधिकारी को हिरासत में ले लिया है।

कनखल क्षेत्र में भाजपा पार्षद के भाई से बिजली कनेक्शन के नाम पर 20 हजार की रिश्वत मांगना ऊर्जा निगम के एसडीओ को भारी पड़ गया। आज दोपहर देहरादून से आई विजिलेंस टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी एसडीओ कनेक्शन के लिए चार महीने से पीड़ित को चक्कर कटा रहा था। गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस ने बंद कमरे में घंटों तक एसडीओ से पूछताछ की गई। वहीं, इस कार्रवाई से ऊर्जा निगम कर्मियों में हड़कंप मचा रहा।
पुलिस के मुताबिक, जगजीतपुर के राजा गार्डन से भाजपा पार्षद लोकेश पाल के भाई महेश पाल ने खोखरा तिराहा के पास नया मकान बनाया है। मकान में बिजली का कनेक्शन लेने के लिए उन्होंने चार महीने पहले ऑनलाइन आवेदन किया था, लेकिन एसडीओ संदीप शर्मा कभी निरीक्षण तो कभी निचले कर्मचारियों की रिपोर्ट का बहाना बनाते हुए टाल मटोल कर रहा था।

आरोप है कि एसडीओ ने कनेक्शन की एवज में 20 हजार की रिश्वत मांगी थी। पीड़ित की ओर से इसकी सूचना विजिलेंस के टोल फ्री नंबर 1064 पर दी गई। जिसके बाद विजिलेंस ने एसडीओ को रंगे हाथ पकड़ने के लिए पूरा जाल बिछाया। तय योजना के अनुसार शनिवार दोपहर महेश पाल पैसे लेकर पहुंचा जैसे ही एसडीओ ने रकम हाथ में पकड़ी, विजिलेंस ने रंगे हाथ दबोच लिया। इससे ऊर्जा निगम कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। विजिलेंस टीम ने घंटों तक पूछताछ करने के साथ ही दफ्तर में फाइलें भी खंगाली।

वहीं, भाजपा पार्षद द्वारा इस मामले में स्वयं एसडीओ को फोन किया था। जिस पर उसने साफ कहा कि आप पार्षद हो इसलिए आपको पांच हजार की छूट देता हूं। आप पंद्रह हजार जमा करा देना।

पड़ोसी पर लगा युवती को भगाने का आरोप, पुलिस ने किया अरेस्ट

कोतवाली पुलिस के मुताबिक के एक महिला ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 12 अप्रैल को उनकी पुत्री बिना बताए घर से कहीं चली गई है। आसपास व रिश्तेदारों से भी संपर्क किया। लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल पाया।

महिला ने पड़ोस में रहने वाले खलील पुत्र नरूद्दीन पर उनकी पुत्री को बहला फुसलाकर भगा ले जाने का आरोप लगाया। जिस पर पुलिस ने तहरीर के आधार पर युवती की तलाश शुरू कर दी। जांच में पता चला कि खलील ही उनकी पुत्री की अपने साथ भगाकर ले गया है। मुखबिर की मदद से गुरूवार को पुलिस एआरटीओ ऑफिस के पास से आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही युवती को भी सकुशल बरामद किया गया।

रेलवे में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का मामला आया सामने

सर्वहारा नगर काले की ढाल निवासी एक युवक से रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम लाखों की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

कोतवाली पुलिस के अनुसार, काले की ढाल निवासी सुलेख चंद ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि कुछ समय पहले वह सुरेंद्र सिंह, संजय सिंह और उषा नाम की महिला से मिला। जिन्होंने उसे रेलवे नौकरी दिलाने का झांसा दिया। नौकरी दिलाने की एवज में उन्होंने उससे 10 लाख रूपए मांगे। बताया की मामले में आठ लाख रूपए में सौदा तय हुआ। लेकिन अभी तक ना नौकरी लगी और ना उन्होंने उनकी रकम वापस दी। कोतवाल रवि सैनी ने बताया की मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

महिला की सोने की चेन छीनकर भाग युवक, पुलिस ने एक घंटे में दबोचा

आवास विकास कालोनी निवासी स्वाति यादव आज सब्जी लेकर घर जा रही थी। इसी दौरान एक युवक अचानक झपट्टा मारकर उनके गले से चेन छीनकर फरार हो गया। इससे महिला घबरा गई। तत्काल पूर्व सभासद अशोक पासवान को घटना से अवगत कराया।

सूचना मिलने पर पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से चेन स्नेचर को आस्थापथ से धर लिया। इसके बाद पुलिस उसे हिरासत के लेकर कोतवाली ले आई। कोतवाल रवि सैनी ने बताया कि आरोपी की पहचान अरविंद गुप्ता निवासी काले की ढाल के रूप में हुई है। बताया आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

साइकिल स्टोर के मालिक ने किया तिरंगे का अपमान, पुलिस हिरासत में

हल्द्वानी में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे का अपमान करने पर पुलिस ने एक साइकिल स्टोर के मालिक को हिरासत में लिया है। दरअसल सोशल मीडिया में एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक व्यक्ति अपनी साइकिल (Cycle store owener arrested for insulting nmational flag Tri colour) की दुकान खोलने के बाद साइकिल को साफ करने के लिए तिरंगे का इस्तेमाल कर रहा है। एक व्यक्ति ने यह पूरा घटनाक्रम अपने फोन पर कैद कर लिया। जिसके बाद इसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

आरोपी वीडियो वायरल होने के बाद से ही फरार चल रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ राष्ट्रीय गौरव निवारण अधिनियम की धारा 2 के तहत रिपोर्ट दर्ज की है। बता दें कि इस मामले में विष्णुपुरी गली नंबर 10 रामपुर रोड निवासी कनिष्क ढींगरा पुत्र मुकेश ढींगरा साथियों के साथ कोतवाली पहुंचे और कोतवाल हरेंद्र चौधरी को तहरीर दी। तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की और पड़ताल शुरू हुई। जांच में सामने आया कि तिरंगे का अपमान करने वाला लाइन नंबर 16 बनभूलपुरा निवासी है। जिसकी रफीक साइकिल वर्क्स के नाम से दुकान है। बीते रोज गुरुवार को दुकान खोलने के बाद आरोपी ने साइकिल को साफ करने के लिए तिरंगे का इस्तेमाल किया। इस पूरे घटनाक्रम का किसी वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

वीडियो वायरल होते ही कनिष्क ने कोतवाली पहुंच कर तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। रिपोर्ट दर्ज होने की जानकारी मिलते ही आरोपी फरार हो गया। इधर, तलाश में जुटी पुलिस ने आरोपी को मुख्य बाजार से धर दबोचा।