आपत्तिजनक हालत देख पुलिस की नजरें भी झुकीं


हरिद्वार।
हयूमन ट्रैफिकिंग सेल ने कलियर क्षेत्र के दो गेस्ट हाउस में छापा मारकर सेक्स रैकेट पकड़ा। पुलिस ने छह महिलाओं समेत नौ लोगों को हिरासत में लिया।
बुधवार शाम हयूमन ट्रैफिकिंग सेल की प्रभारी साधना त्यागी ने कलियर थाना प्रभारी देवराज शर्मा के नेतृत्व में अब्दाल साहब गेट के पास स्थित एक गेस्ट हाउस पर छापा मारा। यहां पर तीन महिलाएं और दो युवक आपत्तिजनक हालत में मिले। पुलिस ने सभी को हिरासत में ले लिया। इसके बाद पुलिस ने नई बस्ती स्थित एक अन्य गेस्ट हाउस में भी छापा मारा। यहां पर अलग-अलग कमरों में तीन महिलाएं और एक युवक मिला।
यह तीनों भी सेक्स रैकेट से जुड़े थे। पुलिस इन सभी को थाने ले आई। कलियर थाना प्रभारी देवराज शर्मा ने बताया कि युनुश निवासी रामपुर तिराहा, निसार निवासी महमूदपुर कलियर, अंकुर गुप्ता निवासी खुड़बुड़ा मोहल्ला, देहरादून तथा छह महिलाओं पर मुकदमा दर्ज किया गया है। आधी-आधी बांटते थे रकम: पुलिस की पूछताछ में सामने आया है कि गेस्ट हाउस संचालक भी मामले में पूरी तरह से संलिप्त है।
सेक्स रैकेट से जुड़ी महिलाओं के लिए गेस्ट हाउस संचालक ग्राहक लाने का काम करते थे। गेस्ट हाउस में ठहरने वाले व्यक्ति से इस बावत पूछा भी जाता था। ग्राहक मिलने पर गेस्ट हाउस संचालक फोन करके सेक्स रैकेट से जुड़ी महिलाओं को बुला लेते थे। इसके बाद ग्राहक से मिलने वाली रकम को आधी-आधी आपस में बांट लेते थे।

नकदी और जेवर लेकर दो बच्चों की मां प्रेमी के साथ रफू चक्कर


कोटद्वार। 
इश्क के चक्कर पड़कर इंसान विवेक खो बैठता है, घर—परिवार, समाज में मान—प्रतिष्ठा के साथ ही अपने बच्चों तक ख्याल भूल जाता है। प्रेम के वशीभूत होकर ऐसा कदम उठा देते हैं। जिसकी सब आलोचना ही करते हैं। ऐसा ही एक मामला कोटद्वार में सामने आया है। दो बच्चों की मांग को इश्क का ऐसा बुखार चढ़ा कि उसे बच्चों की भी परवाह नहीं रही। वह घर से नकदी और जेवर समेटकर प्रेमी संग फरार हो गई। उसकी तलाश में पति थाने के चक्कर लगा रहा है।
कोतवाली क्षेत्र स्थित एक मोहल्ला की महिला का पास के ही एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसका आभास जब पति को हुआ तो उसने पत्नी को समझाने का प्रयास भी किया। गत शाम पति जब घर लौटा तो पत्नी घर पर नहीं थी। इस पर उसने बच्चों से जानकारी ली तो उन्होंने बताया कि वह एक युवक के साथ गई थी। उसने युवक के घर पता किया तो वह भी गायब था। पीड़ित ने आसपास पत्नी की तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया।
पति के मुताबिक उसने घर की तलाशी ली तो पांच हजार की नकदी भी गायब थी। महिला के पति ने कोतवाली में पहुंचकर युवक के खिलाफ तहरीर देकर पत्नी की बरामदगी की गुहार लगाई है।

कार मे रात बिताई, सुबह मृत मिला चालक


नैनीताल। 
मल्लीताल कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत अल्टो कार में चालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव कार में ही मिला। मृतक की पहचान कैलाश भाकुनी पुत्र भीम सिंह भाकुनी मूल निवासी बलदियाखान हाल निवासी चार्टन लॉज मल्लीताल के रूप में हुई है। 
पुलिस ने वाहन समेत शव कब्जे में ले लिया है। मृतक के परिवार में बीवी समेत दो छोटे बच्चे हैं। आज सुबह नौ बजे मल्लीताल स्थित तिराहे के समीप किसी ने आल्टो संख्या यूके-04 टी ए, 8346 में चालक सीट पर शव पड़ा देखा। इस पर इसकी सूचना कोतवाली में दी। कोतवाल विपिन पंत ने एसआई देवेंद्र बिष्ट व अन्य कर्मियों को मौके पर भेजा। पुलिस की प्रारंभिक पड़ताल में पता चला है कि कल तीन बजे से कैलाश व उसके चालक साथियों ने एक साथ शराब पी थी। नशे की वजह से कैलाश घर नही जा सका और गाड़ी में ही सो गया। उसने उल्टी भी कर रखी है। 

कामाख्या एक्सप्रेस की चपेट में आने से युवक की मौत


रुड़की के इकबालपुर रेलवे फाटक के पास बाइक सवार एक युवक की कामाख्या एक्सप्रेस की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के दौरान इंजन के नीचे बाइक फंस गई। इससे इंजन फेल हो गया। इसके चलते करीब साढ़े चार घंटे तक कई रेल सेवाएं बाधित रहीं। 
बताया जा रहा है कि क्रासिंग पर फाटक बंद था। इसके बावजूद बाइक सवार युवक फाटक के नीचे से पटरी पार करने लगा। तभी ट्रेन की चपेट में आकर उसकी मौत हो गई। युवक की पहचान झबरेड़ा थाना क्षेत्र के बुदपुर गांव निवासी मोहित  के रूप में हुई है।
हादसे के बाद ट्रेन का इंजन फेल हो गया। इससे कई ट्रेन जहां की तहां खड़ी हो गई। इसके बाद ढंढेरा से एक और इंजन भेजा गया, लेकिन यह इंजन भी फैल हो गया। 
इस दौरान लखनऊ चंडीगढ़ एक्सप्रेस, हरिहर एक्सप्रेस, उज्जैन एक्सप्रेस, ऋषिकेश दिल्ली पैसेंजर, सहारनपुर लखनऊ पैसेंजर बीच के स्टेशनों पर खड़ी रहीं। बाद में सहारनपुर लखनऊ पैसेंजर के इंजन को भेजा गया। करीब साढ़े चार घंटे बाद ट्रेनों का संचालन शुरू हुआ। इस दौरान यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। 

एसओजी कर रही पूर्व सीएम की पुत्रवधू को आ रहे कॉल्स की जांच


तकनीक का जमाना सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की पुत्रवधू के लिए जी का जंजाल बन गया है।  आलम ये है कि गंदे- मैसेज के लगातार हो रहे प्रवाह से उन्हें शर्मिंदगी का सामना करना पड़ रहा है। पूर्व सीएम के पुत्र ने पहले उस नंबर पर बात कर उसे ऐसा न करने की हिदायत दी लेकिन सिरफिरे पर  आनंद की बात का कोई असर नहीं हुआ। उसकी हरकत लगातार बढ़ती रही।
मजबूरन रावत दम्पति को पुलिस में शिकायत दर्ज करवानी पड़ी। जैसे ही यह खबर आम हुई पूरे राज्य  में हंगामा मच गया। लिखित शिकायत के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए SOG दस्ते ने जांच को अपने हाथ मे ले लिया है। बताया जा रहा है कि प्रारंभिक जांच में मैसेज राजस्थान से भेजे गए हैं। हालांकि अभी पूरी जांच रिपोर्ट  और बदतमीज सिरफिरे का पकड़ा जाना बाकी है।
बहरहाल असल बात ये है कि ऐसी मानसिकता वाले सिरफिरों से आम आदमी कैसे बचेगा जो खास की भी परवाह न करते हों। जरूरत है ऐसी नापाक दंबगई को सबक सिखाने की, ताकि जमीर वालों के आत्मसम्मान को ठेस न पहुंचे।  फिर चाहे वो आम हो या फिर खास ।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मासूम के साथ बलात्कार की पुष्टि हुई


ऋषिकेश।
दो मासूम बहनों की हत्या के मामले में शनिवार को मिली पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चार साल की मासूम के साथ हत्या से पहले दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। पुलिस हत्या के आरोपी गुरुद्वारे के सेवादार को गिरफ्तार कर चुकी है।
श्यामपुर पुलिस चौकी से कुछ दूरी पर दो मासूमों की हत्या कर दी थी। पुलिस ने घटनास्थल से प्राप्त साक्ष्य के आधार पर गुरुद्वारे में सेवादार व पाठी का काम करने वाले स. भगवान सिंह पुत्र छोटे सिंह निवासी गुमानीवाला श्यामपुर को गिरफ्तार कर लिया था। घटनास्थल पर मृतक बालिका की मुट्ठी में आरोपी के सिर और दाढ़ी के बाल मिले थे। अपने बचाव में बालिका ने आरोपी के साथ संघर्ष भी किया था, जिससे आरोपी के चेहरे में नाखून के निशान थे। न्यायालय ने आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया था। शुक्रवार को पुलिस ने दोनों के शव का पोस्टमार्टम कराया। शनिवार सुबह पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चार वर्ष की मासूम की हत्या से पूर्व दुष्कर्म की पुष्टि हुई।
एएसपी व कोतवाली प्रभारी निहारिका भट्ट ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि होने के बाद आरोपी परवान च्सह के खिलाफ दर्ज मामले में दुष्कर्म और पोस्को से संबंधित धारा जोड़ दी गई है। उन्होंने बताया कि न्यायालय के आदेश पर जेल में जाकर ही आरोपी से विवेचनाधिकारी पूछताछ करेंगे।
दो मासूमों की हत्या के रोज पुलिस ने जब गुरुद्वारे के सेवादार भगवान सिंह को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया तो वह शुरू से ही पुलिस को भ्रमित करता रहा। एसएसपी निवेदिता कुकरेती, एसपी देहात सरिता डोभाल, एसपी क्राइम धीरेंद्र गुंजियाल व एएसपी निहारिका भट्ट ने आरोपी से पूछताछ की थी। आरोपी यह आरोप लगाता रहा कि बालिका ने उसकी पगड़ी से छेड़छाड़ की थी। जिससे गुस्सा होकर उसने उसकी हत्या कर दी। हालांकि पुलिस के गले यह कहानी नहीं उतर रही थी।
पुलिस का मानना है कि आरोपी पहले से ही बालिकाओं पर बुरी नजर रखता था। घटना के रोज वह उनके कमरे में घुसा और उसने छोटी बहन के साथ दुष्कर्म किया। इस बीच बड़ी बहन वहां पहुंच गई और उसने छोटी बहन को छुड़ाने की भी कोशिश की। इस बीच अपनी पहचान छिपाने के लिए आरोपी ने दोनों को गला दबाकर मौत के घाट उतार दिया।

चलती ट्रेन में रेप: बयान से पलटी महिला, बोली- नहीं हुआ रेप

बिजनौर में चलती ट्रेन में रेप के आरोपी सिपाही कमल शुक्ला को पुलिस ने जेल भेज दिया है। महिला का कोर्ट में बयान दर्ज कराने के बाद उसे परिजनों के हवाले कर उसके घर भेज दिया गया। इस बीच GRP पुलिस का दावा है कि बयान में महिला ने खुद के साथ रेप नहीं होने की बात कही है। मेडिकल जांच में भी रेप की पुष्टि नहीं हुई है। मेडिकल रिपोर्ट में महिला के गर्भवती होने की पुष्टि हुई है।
GRP नजीबाबाद के SHO और इस मामले के विवेचनाधिकारी विजय कुमार सिंह के मुताबिक महिला की मेडिकल जांच में रेप की पुष्टि नहीं हुई हैं बल्कि उसके गर्भवती होने की जानकारी मिली है। महिला ने कोर्ट में भी बयान दिए है जिसमें रेप नहीं होने की बात कही है। इसका सीधा मतलब है कि जो FIR महिला ने मंगलवार को लिखाई थी, उससे पलट गई है।
महिला ने बताया कि वह बीमार थी। वह जिस कोच में चढ़ी थी, उसमें जगह नहीं थी। महिला ने कहा, ‘सिपाही ने मेरी हालत देखकर दिव्यांग कोच में लिटा दिया। मैं सीट पर लेट गई। मेरी हालत बेहोशी जैसी थी।’ SHO का कहना है कि फिलहाल FIR दर्ज हो गई है इसलिए सिपाही को कोर्ट में पेशकर जेल भेज दिया गया है। अब बयानों के आधार पर आगे की जांच की जाएगी।

प्रोफेशनल छात्र कर रहे किडनी रैकेट का संचालन, पुलिस ने किया गिरफ्तार

क्राइम ब्रांच ने दिल्ली में एक किडनी रैकेट का भंडाफोड़ कर गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में संगम विहार के पास स्थित बत्रा अस्पताल का एक कर्मचारी भी शामिल है। हैदराबाद के एक शख्स को किडनी दिलाने के लिए आरोपियों ने उसके परिजनों से 40 लाख रुपये लिए और जयपुर के एमबीए छात्र को चार लाख रुपये में किडनी डोनेट करने के लिए डील तय की थी।
किडनी देने व लेने की सभी कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बृहस्पतिवार को बत्रा अस्पताल ने डोनर को अस्पताल बुलाया और ट्रांस प्लांट के लिए बनाई गई डॉक्टरों की कमेटी ने भी इसे हरी झंडी दे दी। इस बीच, पूरे मामले पर नजर रख रही क्राइम ब्रांच की टीम ने एक के बाद एक चारों आरोपियों को दिल्ली के अलग-अलग स्थानों से दबोच लिया।
संयुक्त आयुक्त क्राइम ब्रांच प्रवीर रंजन के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों के नाम जयंत साहू उर्फ राहुल, सुलेखा पांडा, अनोज पात्रा व बिरजू पासवान हैं। इनमें बिरजू पासवान बत्रा अस्पताल का कर्मचारी है। वह पहले दिल्ली के एक बड़े अस्पताल में काम करता था, लेकिन कुछ वर्षों से अब बत्रा अस्पताल में काम कर रहा था।
जयपुर से एमबीए की पढ़ाई कर रहे जयदीप शर्मा व उसके एमबीए छात्र दोस्त राजेश को पिछले साल सितंबर में इंटरनेट पर कुछ सर्च करने के दौरान एक साइट पर किडनी डोनेट करने पर मोटी रकम मिलने की जानकारी मिली थी। दोनो गरीब परिवार से हैं, उन्हें पैसों की जरूरत थी। लिहाजा राजेश इस गिरोह से संपर्क कर दिल्ली आया था। उसके बाद से राजेश का कोई अता-पता नहीं है।
जयदीप ने अपने दोस्त को ढूंढने के लिए गिरोह से बातचीत शुरू कर इसकी सूचना न्यूज चैनल को दे दी। इसके बाद क्राइम ब्रांच की 20 सदस्यीय टीम इस पूरे रैकेट का भंडाफोड़ करने के लिए 40 दिनों तक डोनर जयदीप शर्मा व एक न्यूज चैनल के संवाददाता के साथ स्टिंग ऑपरेशन में जुटी रही।
इस किडनी रैकेट से जुड़ी तमाम प्रक्रिया को लेकर क्राइम ब्रांच ने करीब 200 घंटे की वीडियो रिकॉर्डिंग की। उसके बाद रैकेट का भंडाफोड़ कर आरोपियों को दबोच लिया गया। प्रवीर रंजन का कहना है कि इस मामले में बत्रा अस्पताल के कुछ डॉक्टरों से शुक्रवार को क्राइम ब्रांच की इंटर स्टेट सेल मे पूछताछ की गई।

ये हैं आरोपी
1. जयंत साहू : ओडिशा-सभी तरह के जरूरी दस्तावेज फर्जी तरीके से तैयार करता था।
2. सुलेखा पांडा : ओडिशा- हौजरानी में एक फ्लैट में ठहराए गए विभिन्न राज्यो सें आए डोनरों व उनके परिजनों के रहने, खाने व काउंसिलिंग करने का काम करती थी।
3. अनोज पात्रा : ओडिशा-यह भी सुलेखा की तरह देखभाल करता था।
4. बिरजू पासवान : अस्पताल प्रशासन, किडनी के डॉक्टरो व ट्रांसप्लांट के लिए हरी झंडी देने वाले कमेटी के डॉक्टरो से तालमेल करने का काम करता था।

अस्पताल की नहीं है संलिप्तता: बत्रा प्रबंधन
बत्रा अस्पताल में सभी किडनी प्रत्यारोपण नियमों का पालन करते हुए कड़ी निगरानी में किए जाते हैं। ऐसे सभी प्रत्यारोपण के मामलों का एक कमेटी निरीक्षण करती है और प्रत्यारोपण से संबंधित सभी दिशानिर्देशों का पालन किया जाता है। सभी दस्तावेजों की जांच की जाती है और कमेटी द्वारा की जाने वाली पूरी प्रक्रिया को रिकॉर्ड भी किया जाता है। अस्पताल की किसी गलत कार्य मे कोई संलिप्तता नहीं है। मामले की जांच में अस्पताल पुलिस का पूरा सहयोग कर रहा है और आगे भी करेगा, ताकि सच्चाई सामने लाई जा सके।

चोरी की बाईक के साथ आरोपी गिरफ्तार

ऋषिकेश।
जागीर बड़कोट रानीपोखरी निवासी सोहनलाल कोठियाल के घर से शनिवार को उनकी डिस्कवर बाइक चोरी हो गई थी। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला। साथ ही मुखबिरों को भी अलर्ट कर दिया। रविवार को पुलिस टीम वीरपुर मोड के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इस दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति आ रहा था। पुलिस को देखकर वह भागने लगा। पुलिस ने पीछा कर उसे दबोच लिया। आरोपी की पहचान धर्मपाल पुत्र जतन निवासी मोहल्ला खत्रीवाला बुलंदशहर यूपी के रूप में हुई। उसके पास से चोरी की बाइक भी बरामद हो गई। पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि आरोपी पहले भी वाहन चोरी में शामिल तो नहीं रहा। उसके वाहन चोरों के किसी गैंग से संबंध की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस टीम में एसओ रानीपोखरी धर्मेंद्र रौतेला, एसआई प्रताप सिंह, कांस्टेबल भारत सिंह और संजीव कुमार शामिल थे।

लच्छीवाला में अश्लील हरकत करते चार दबोचे

डोईवाला।
डोईवाला कोतवाली पुलिस ने लच्छीवाला पिकनिक स्पाट पर शराब के नशे में धुत 4 युवक उत्पात मचाते पकडे। कोतवाल राजेश साह ने बताया कि लचछीवाला पिकनिक स्पाट पर आये कुछ लोगों ने कोतवाली मे फोन करके बताया कि बाहरी प्रदेश से आये कुछ युवक शराब के नशे में धुत हैं और उत्पात मचा रहे हैं। वह अश्लील हरकत कर रहे हैं। इस पर कोतवाल राजेश साह ने कांस्टेबल सुरेश रमोला व अन्य पुलिस सिपाहियों को मौके पर भेजा जिसके बाद चारों युवकों को पुलिस कोतवाली ले आयी और हिरासत में ले लिया। कोतवाल साह ने बताया कि चारों युवक बुढाना मुज्जफर नगर के रहने वाले हैं और इनकी आयु 25 वर्ष के आसपास हैं इनका नाम आकाश कुमार, पंकज कुमार, अमित कुमार और बबलू तोमर है। पुलिस नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई कर रही है ।