रायवाला।
बुधवार सुबह केंद्रीय विद्यालय रायवाला के पास गुलदार दिखार्ई देने से बच्चों में हडकम्प मच गया। स्कूल जाने के समय टीचर कालोनी के पास गुलदार दिखाई दिया। इसके बाद स्कूल जाने वाले बच्चों को सम्भावित खतरे के प्रति आगाह किया गया। इसी क्षेत्र में दो सप्ताह पूर्व भी गुलदार दिखाई दिया। गुलदार के खतरे को देखते हुए केंद्रीय विद्यालय प्रबंधन ने अभिभावकों को नोटिस थमा दिया। जिसमें स्कूल आते व जाते समय बच्चों की सुरक्षा की जिम्मेदारी स्वयं उठाने को कहा है। गुलदार की सूचना पर स्कूल प्रशासन ने मोतीचूर रेंज को भी इसकी सूचना दी। इससे पहले भी होशियारी माता मंदिर के समीप व पार्क से सटे खाण्ड गांव में स्थानीय लोगों को गुलदार दिखाई दिया। इस सम्बन्ध में मोतीचूर रेंज अधिकारी महेंद्रगिरी गोस्वामी ने बताया कि केंद्रीय विद्यालय के समीप गुलदार होने की सूचना मिली है। क्षेत्र में गश्त बढाई जाएगी।
Category: घटना
कार की चपेट में आने से बाल-बाल बचे पांच मजदूर
फाटक के समीप दुकान के बाहर सो रहे थे मजदूर
रेलवे पुलिस ने रेलवे अधिनियम के तहत मामला किया दर्ज
ऋषिकेश।
कार चालक का मोड पर नियंत्रण बिगड गया। कार श्यामपुर रेलवे क्रांसिग को क्षतिग्रस्त करते हुए रेलवे ट्रैक के नजदीक आ गई। क्रासिंग से सटी हुई दुकानों के बाहर घटना के समय करीब पांच मजदूर सो रहे थे। गनीमत रही कि कार की चपेट में सोते हुए मजदूर नही आए। मौके पर पहुंची रेलवे पुलिस ने कार चालक के खिलाफ रेलवे अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
रविवार देर रात करीब 12 बजे हरिद्वार मार्ग से ऋषिकेश की ओर आ रही एक प्राइवेट कार चालक का श्यामपुर रेलवे क्रासिंग के मोड पर नियंत्रण बिगड गया। कार रेलवे क्रासिंग के बैरियर की तार को क्षतिग्रस्त करते हुए पेड़ के ठूठ से टकरा गई। घटना के समय क्रासिंग से सटी दुकानों के बाहर पांच मजदूर सो रहे थे। गनीमत रही कि कार की चपेट में आने से मजदूर बाल-बाल बच गये। कार का सतुंलन बिगडने से कार पेड के ठूंठ से टकराकर रेलवे ट्रैक के नजदीक आ गयी।

सोमवार की सुबह रेलवे पुलिस को मौके पर पहुंची। आरपीएफ दरोगा वीएस बिष्ट ने बताया कि रेलवे क्रांसिग की तारों को नुकसान हुआ है। कार चालक गिरीश सिंह राणा पुत्र यशपाल सिंह राणा उम्र 22 वर्ष निवासी ग्राम बीरो धनपुर थाना रुद्रप्रयाग के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। रेलवे अधिनियम 174 की धारा के तहत आरपीएफ ने कार चालक को आरोपित किया है।
रायवाला में ट्रैक्टर ट्रॉली में आग लगने से हड़कंप
रायवाला।
रविवार शाम रायवाला से प्रदीप डिमरी अपनी ट्रैक्टर ट्रॉली पर पुआल लेकर प्रतीतनगर आ रहे थे। जैसे ही वह बाजार पहुंचे तो पुआल में अचानक आग लग गई। यह देख आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई। लोगों की मदद से चालक ट्रैक्टर ट्रॉली को हनुमान चौक से रेलवे के खाली मैदान ले गया। इसके बाद फायर ब्रिगेड गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कुछ समय बाद ही आग पर काबू पा लिया गया। पुलिस के अनुसार, आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
कारोबारी को अगवा कर लूट ली कार
कारोबारी को चार बदमाशों ने बनाया बंधक
नारसन छोड़ कार लेकर भाग निकले बदमाश
रायवाला।
पुलिस के अनुसार, डोईवाला निवासी कारोबारी अनूप कुमार रामपाल शनिवार देर रात अपनी कार से रुड़की से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह रायवाला पहुंचे तो उन्होंने शौचालय के पास अपनी कार रोक ली। लेकिन, इसी दौरान करीब चार बदमाशों ने उन्हें बंधक बना लिया और हरिद्वार चलने को कहा। बुरी तरह डरे-सहमे अनूप बदमाशों को लेकर कार से हरिद्वार की ओर निकल पड़े। लेकिन, जैसे ही वह नारसन पहुंचे तो बदमाशों ने अनूप को कार से बाहर निकाल दिया और कार लेकर फरार हो गए। पीड़ित अनूप ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन की। साथ ही बदमाशों की धर-पकड़ के लिए सभी थाना-चौकियों को भी अलर्ट कर दिया गया। इस बीच पुलिस को रायवाला खेल मैदान के पास लावारिश हाल में स्विफ्ट कार मिल गई। पुलिस की जांच में कार पर लगी दिल्ली की नंबर प्लेट फर्जी निकली। पुलिस के अनुसार, बदमाशों ने यह कार मंसूरपुर से लूटी थी। कार क्षतिग्रस्त होने पर बदमाश इसे रायवाला में छोड़ गए। इधर, थानाध्यक्ष नत्थीलाल उनियाल ने बताया कि बदमाशों की गिरफ्तारी को दबिश दी जा रही है। जल्द ही बदमाश पुलिस की गिरफ्त में होंगे।

वारदात से डरे-सहमे हैं कारोबारी
कारोबारी अनूप कुमार शनिवार की वह रात अभी तक नहीं भूले। उनके अनुसार, बदमाश अच्छे-खासे परिवार के लग रहे थे। जब उन्होंने रायवाला में कार रोकी तो बदमाशों ने उन्हें पकड़ लिया। एक बदमाश ने उनसे कहा कि वह उन्हें मारने नहीं आए हैं। वह हरिद्वार जाना चाहते थे, लेकिन उनकी कार बीच में ही खराब हो गई। अनूप के मुताबिक, बदमाश कार तो लूट ले गए, साथ ही कार में रखा मोबाइल और कुछ हजार रुपये भी ले गए।
सड़क दुर्घटना में सुरक्षा गार्ड की मौत
रायवाला।
टिहरी हाइड्रो कारपोरेशन लिमिटेड ऋषिकेश से ड्यूटी कर घर लौट रहे सुरक्षा गार्ड कार की चपेट में आने से घायल हो गये। घायल को एम्बुलेंस की मदद से हिमालयन हॉस्पीटल ले जाया गया। जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
गुरूवार सुबह छिद्दरवाला निवासी प्रेम बहादुर क्षेत्री 57 पुत्र शेर बहादुर क्षेत्री टीएचडीसी से रात्रि ड्यूटी करके घर लौट रहे थे। छिद्दरवाला में ग्रीन वैली होटल के समीप होंडा सिटी कार ने उनकी साइकिल को टक्कर मार दी। जिससे वे गम्भीर रूप से घायल हो गए।
घायल अवस्था में उनको जौलीग्रांट हॉस्पीटल ले जाया गया। जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। थानाध्यक्ष नत्थी लाल उनियाल ने बताया कि कार चालक कार छोडकर फरार हो गया। अज्ञात कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। जबकि कार को थाने में खड़ा करवा दिया गया है।
आग लगने से हड़कंप
ऋषिकेश।
शांतिनगर स्थित एक घर में आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की लपटें देखकर भवन स्वामी के होश उड़ गए। उन्होंने खुद आग बुझाने में जुटने के साथ इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी। टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया और बड़ा नुकसान होने से बचा लिया।
फायर ब्रिगेड के अनुसार शांतिनगर गली नंबर-एक में सतीश कुमार गुप्ता का घर है। मंगलवार सुबह घर के प्रथम तल से आग की लपटें देख राहगीर और पड़ोसी सकते में आ गए। लोगों ने आवाज लगाकर इसकी जानकारी सतीश गुप्ता को दी। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सतीश गुप्ता पड़ोसियों की मदद से बुझाने में जुट गए। साथ ही सूचना फायर ब्रिगेड को भी दी। करीब 15 मिनट में मौके पर पहुंची टीम ने कुछ देर में आग पर काबू पाया। गनीमत रही कोई बड़ी हानि होने से पहले आग पर काबू पा लिया गया।

फायर ऑफिसर चन्द्रमोहन शर्मा ने बताया कि जिस जगह पर आग लगने की घटना हुई, उसके आसपास घनी आबादी है। मार्ग भी संकरा है। ऐसे में बड़ा हादसा हो सकता था, लेकिन समय रहते आग पर काबू पा लिया गया। उन्होंने बताया कि जलते बल्ब के पास पॉलीथिन और कागज रखे थे। बल्ब गर्म होने के चलते पॉलीथिन और कागज ने आग पकड़ ली।
शराब पीने से रोका तो फंदा लगाकर दी जान
ऋषिकेश।
शराब पीने से रोकने पर युवक ने फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस के अनुसार युवक नशे का आदी था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना शुक्रवार सुबह 11 बजे की है। पुलिस के अनुसार चंद्रमोहन पाल (27) निवासी नंदा कॉलोनी भट्टोंवाला, श्यामपुर नशे का आदी था। शुक्रवार की सुबह चंद्रमोहन ने अपनी बहन से कहा कि वह शराब पीना चाहता है। बहन ने भाई को शराब पीने से मना कर दिया और घर से बाहर आ गई। कुछ देर बाद बहन को पड़ोसियों ने सूचना दी कि चंद्रमोहन ने कमरे में पंखे के खूंटे से चुन्नी के सहारे फांसी लगा ली है। आनन-फानन में परिजनों और पड़ोसियों ने चंद्रमोहन को खूंटे से उतारकर 108 एंबुलेंस से सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सीओ चक्रधर अंथवाल के अनुसार पूछताछ में युवक के दोस्त भूपेंद्र सिंह ने पुलिस को बताया कि चंद्रमोहन पाल नशे का आदी था। शराब पीने से मना करने पर उसने आत्महत्या कर ली। प्रथम दृष्टया मौत का कारण यही माना जा रहा है। बहरहाल, मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
बेटी की शादी नजदीक, लोगों ने बैंक में काटा हंगामा
ऋषिकेश।
किसान के खाते से साढ़े चार लाख रुपये गायब होने पर गुस्साए ग्रामीणों ने बैंक में हंगामा किया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि न तो खाते में पैसे लौटे हैं और न ही आरोपी पकड़े गए हैं। पैसे वापस लौटने के आश्वासन पर ग्रामीणों का गुस्सा शांत हुआ।
लक्कड़घाट श्यामपुर निवासी किसान ऋषिपाल का श्यामपुर बाईपास स्थित पंजाब सिंध बैंक में खाता है। किसान की बेटी की शादी 18 नवंबर को होनी है। उन्होंने बेटी की शादी के लिए खाते में साढ़े चार लाख रुपये जमा किए थे। 19 सितंबर से पांच अक्तूबर के बीच उनके खाते से यह रकम निकाल ली गई। ग्रामीणों का आरोप है कि बैंक की लापरवाही के चलते खाते से लाखों की रकम निकाल ली गई। एक माह से पीड़ित बैंक के चक्कर काट रहा है, लेकिन रकम वापस नहीं मिल रही है।
मामले में बैंक पर लापरवाह रवैये का आरोप लगाया। किसान की बेटी की शादी नजदीक है, लेकिन बैंक अधिकारी झूठा आश्वासन देकर किसान के साथ टालमटोल कर रहे हैं। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ देख पुलिस बल भी मौजूद रहा। उधर, बैंक प्रबंधक ने किसान के खाते में रकम डालने का आश्वासन दिया है। प्रदर्शन करने वालों में ज्योति सजवाण, संजीव चौहान, जसविंदर सिंह राणा, महावीर उपाध्याय, टेक सिंह राणा, गंभीर राणा, विनोद चौहान, प्रेम सिंह बिष्ट, दिनेश पयाल, मंजीत राठौर, देवेंद्र बेलवाल, ममता आदि शामिल रहे।

लौटने की शर्त पर बैंक देगा शादी के लिए रुपये
प्रदर्शन के बाद स्थानीय लोगों की मौजूदगी में बैंक प्रबंधक और किसान के बीच करार किया गया। इसमें किसान की बेटी की शादी के लिए बैंक खाते में साढ़े चार लाख रुपये जमा करेगा। इसकी एवज में किसान को अपनी संपत्ति से जुड़े कागजात बैंक में रखने होंगे। बैंक की आंतरिक जांच पूरी होने के बाद अगर आरोपी पकड़े जाते हैं तो किसान को रकम जमा नहीं करनी होगी। लेकिन आरोपी नहीं पकड़े जाते हैं तो किसान को रकम बैंक को लौटानी होगी। सभी ग्रामीणों की सहमति पर बैंक और किसान के बीच यह करार हुआ।
किसान के खाते में बैंक साढ़े चार लाख रुपये की रकम जमा करेगा, लेकिन इसकी एवज में किसान को बैंक के पास अपनी संपत्ति के कागज रखने होंगे।
विरेंद्र सजवाण, बैंक प्रबंधक, पंजाब सिंध बैंक श्यामपुर
किसान के खाते से साढ़े चार लाख गायब होने के मामलें में पुलिस जांच चल रही है। पैसे दूसरे राज्यों के एटीएम से निकाले गए हैं। किसान की लिमिट से ज्यादा खाते से पैसे निकाले गए। सभी पहलुओं पर जांच चल रही है।
चक्रधर अंथवाल, सीओ ऋषिकेश
युवक को डंपर ने कुचला, मौत
खाड़ी बाजार से लौटते हुए रास्ते में हुआ हादसा
ऋषिकेश।
हादसा गुरुवार दोपहर बाद करीब तीन बजे हुआ। पुलिस के अनुसार सुमन (19) पुत्र अब्बल दास निवासी ग्राम गुनोगी विकासखड चंबा (टिहरी) अपने ननिहाल खाड़ी के चिड़ियाली गांव आया हुआ था। परिजनों ने पुलिस को बताया कि वह अपने बड़े मामा की बेटी की शादी में शामिल होने करीब पांच दिन पहले पहुंचा था। गुरुवार को वह गांव के ही दोस्त के साथ बाइक पर खाड़ी बाजार घूमने गया था। यहां से दोनों चिड़याली गांव लौट रहे थे, लेकिन बीच रास्ते में सामने से आ रहे एक डंपर ने उन्हें टक्कर मार दी। पीछे बैठा साथी सूरज बाइक से छिटककर दूर गिरा, उसे मामूली चोट आई।
जबकि गंभीर हालत में सुमन को नरेंद्रनगर अस्पताल पहुंचाया गया, यहां से उसे ऋषिकेश अस्पताल रेफर कर दिया। थाना प्रभारी नरेंद्रनगर मोहम्मद अकरम ने बताया कि युवक ने इलाज के दौरान ऋषिकेश अस्पताल दम तोड़ दिया। युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आरोपी चालक डंपर छोड़कर मौके से फरार हो गया। आरोपी की तलाश की जा रही है। परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गाय तस्करों के खिलाफ पुलिस को सौंपा ज्ञापन
बीती देर रात लक्कड़ घाट से गाय चोरी कर कार में ले जा रहे थे अज्ञात
ऋषिकेश।
रविवार को भाजपा कार्यकर्ता श्यामपुर पुलिस चौकी पहुंचे। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार हो रही पशुओं की तस्करी का मामला उठाया। भाजपा युवा मोर्चा के जिला महामंत्री संजीव चौहान ने कहाकि बीती रात लक्कड़ घाट से कुछ अज्ञात लोग वैगन कार मे गाय लेकर जा रहे थे। उनके पीछे दो युवक बाईक पर आ रहे थे। रोकने पर वह कार छोड़कर बाईक सवार युवकों के साथ आरोपी भाग निकले। बताया कि गाड़ी की रफ्तार अधिक रही, जिस कारण पकड़ में नही आये।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने विगत एक माह में दर्जनभर पशुओं के तस्करी करने का आरोप लगाया। बताया कि पूर्व में गायब हुए पशुओं का पता लगाने में भी पुलिस नाकाम रही है। ज्ञापन के माध्यम से चेताया कि अगर पशु तस्करों के खिलाफ कार्रवाई नही की गई तो क्षेत्रवासियों के साथ मिलकर आंदोलन किया जायेगा। ज्ञापन में छात्र संघ महासचिव दीपक रावत, नवीन रावत, भूपेन्द्र राणा, रुप सिंह, परमजीत कौर, विरेन्द्र गुंसाई, सत्ये सिंह, योगेन्द्र सिंह, अमित आदि शामिल थे।
