करंट लगने से युवक की मौत

ऋषिकेश के चन्द्रभागा पुल के पास हुआ हादसा

ऋषिकेश।
साहिल (35) पुत्र यामीन निवासी मदारीपुर थाना दौराला जिला मेरठ उत्तर-प्रदेश सोमवार देर रात चन्द्रभागा पुल के पास यूनीपोल लगाने का काम कर रहे थे। अंधेरा होने के कारण लोहे का बोर्ड हाईटेंशन लाइन से छू गया। इससे बोर्ड में करंट दौड गया। हादसे में झुलसे युवक को लोगों ने मायाकुण्ड स्थित प्राइवेट हॉस्पिटल पहुंचाया। जहां उपचार के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। एसएसआई गजेन्द्र बहुगुणा ने बताया कि मृतक के चाचा नईम ने पुलिस को तहरीर देकर मामले में कोई कानूनी कार्रवाई नहीं करने की बात कहीं है। इसलिए पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

प्रशासन और बेघर समिति के खिलाफ कोतवाली में तहरीर

ऋषिकेश।
ऋषिकेश में डंडे को लेकर सुर्खियां बटोरने वाले बेघर समिति के अध्यक्ष धीरेन्द्र भारद्वाज एक बार फिर से चर्चाओं में हैं। सुबह उन्होंने कोतवाली पुलिस को प्रशासन के खिलाफ तहरीर दी। वहीं शाम को ग्राम सभा खदरी खडकमाफ के प्रधान सरोप सिंह पुण्डीर ने उनके खिलाफ श्यामपुर पुलिस चौकी में तहरीर दी। उनका आरोप है कि बेघरों ने पंचायत की भूमि कब्जाने का प्रयास किया है। बेघर समिति के अध्यक्ष धीरेन्द्र भारद्वाज ने बताया कि 2015 में एसडीएम ऋषिकेश ने बेघर समिति से जुड़े परिवारों का सत्यापन किया था। दो सितम्बर 2015 को ऋषिकेश तहसील ने एक रिपोर्ट जिला प्रशासन को सौंपी थी जिसमें उक्त लोगों को भूमि आंविटत करने की झूठी जानकारी दी गई। उन्होंने प्रशासन के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के लिए तहरीर दी। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन ने उन्हें गुमराह किया है।102
इसके बाद बेघर समिति के सदस्य दोपहर बाद हरिद्वार मार्ग पर ऑटोनॉमस कॉलेज के सामने खाली पड़ी भूमि पर तंबू लगाकर बैठ गए जबकि कुछ सदस्य ग्रामसभा खदरी खडकमाफ जा पहुंचे। इसकी सूचना मिलते ही गांव के प्रधान सरोप सिंह पुंडीर, उपप्रधान टेक सिंह राणा व पंचायत सदस्य तुलसा देवी भी ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे। दोनों पक्षों के आमने-सामने होने से इलाके में तनाव फैल गया। प्रधान सरोप सिंह पुण्डीर ने बेघर समिति के अध्यक्ष धीरज भारद्वाज व अन्य समिति के सदस्यों के खिलाफ ग्राम समाज की भूमि पर अवैध कब्जा करने का आरोप लगाया। प्रधान ने मामले में श्यामपुर पुलिस को तहरीर भी दी। उधर, बेघर समिति के लोगों का कहना था कि प्रशासन ने उन्हें घर बनाने के लिए भूमि आवंटित की है। क्षेत्र में तनाव को देखते हुए मौके पर पुलिस तैनात कर दी गई है।

तहसीलदार की मां की मौत, गलत उपचार देने का लगाया आरोप

ऋषिकेश।
रविवार दोपहर तहसीलदार ऋषिकेश की मां सोबती देवी (55) पत्नी दर्शनलाल निवासी शान्तिनगर की अचानक तबीयत खराब हुई। उन्हें परिवारीजन हरिद्वार रोड स्थित एक प्राइवेट हॉस्पिटल में ले गए। जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। उपचार के दौरान मौत हो जाने पर परिवारीजनों ने हॉस्पिटल में हंगामा काटा। उन्होंने हॉस्पिटल प्रशासन पर गलत उपचार का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। तहसीलदार रेखा आर्य का कहना है कि उनकी मां की अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें प्राइवेट अस्पताल भर्ती कराया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि इलाज के दौरान गलत इंजेक्शन दिए जाने से उनकी मां की मौत हुई है।
एसएसआई गजेन्द्र बहुगुणा का कहना है कि परिवारीजनों के आरोप के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मामले में कोई कार्रवाई की जा सकेगी।

बीमारी से तंग बुजुर्ग महिला ने गंगा में लगाई छलांग

ऋषिकेश।
त्रिवेणी घाट रिपोर्टिंग पुलिस चौकी इंचार्ज राजबर सिंह राणा को सुबह सवा नौ बजे सूचना मिली कि एक वृद्धा गंगा में बह गई है। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर महिला की तलाश में सर्च ऑपरेशन चलाया। देर शाम तक सर्च ऑपरेशन में कोई सफलता नहीं मिली। चौकी इंचार्ज ने बताया कि महिला की पहचान सत्यवती (70) निवासी अद्वेतानंद मार्ग ऋषिकेश के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि जब महिला गंगा की धारा में बहने लगी तो वहां मौजूद लोगों ने उसे बचाने को हाथ आगे बढ़ाया। लेकिन महिला ने हाथ जोड़ कर सहयोग लेने से इनकार कर दिया। इसके बाद गंगा की लहरों में में गायब हो गई। पुलिस की सूचना पर वृद्धा का बेटा दीपक भी मौके पर पहुंचा। दीपक ने बताया कि मां एक हफ्ते पहले रीढ़ की हड्डी के इलाज के बाद बेडरेस्ट कर रही थी। अभी हाल में ही कुछ दिन से चलने फिरने लगी थी। वह मॉर्निंग वॉक पर जाने की बात कहकर निकली थी और यह हादसा हो गया।

कार अनियंत्रित होकर खड्ड में गिरी

ऋषिकेश।
नरेन्द्रनगर होटल आंनदा से परमार्थ निकतेन की सायंकालीन गंगा आरती में आ रही विदेशी पर्यटकों की कार अनियंत्रित होकर खड्ड में जा गिरी। हादसा भद्रकाली से करीब दो किमी पहले हुआ। ड्राइवर के सुतंलन खोने के चलते कार सड़क से उतर गयी। कार में तीन आष्ट्रेलिया के पर्यटक सवार थे। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने बताया कि कार में सवार सभी लोग सुरक्षित है। उन्होंने दूसरी कार से आष्ट्रेलिया के पर्यटकों को परमार्थ पहुंचाया। एसआई संजीत कुमार सैनी ने बताया कि विदेशी पर्यटकों की कार भद्रकाली से करीब दो किमी पहले अनियंत्रित होकर खड्ड में जा गिरी। विदेशी पर्यटक परमार्थ की गंगा आरती में जा रहे थे। कोई हताहत नही हुआ है। दूसरी कार मंगवाकर पर्यटकों को भेजा गया।

गुलदार की घेराबंदी को पार्क अधिकारी कर रहे कैंप

11 सीसीटीवी कैमरों से रखी जाएगी गुलदार पर नजर
आउटसोर्स पर गश्त के लिए रखें जायेंगे कर्मचारी
20 सोलर लाइटें भी प्रभावित क्षेत्र में लगाई जाएंगी

ऋषिकेश।
क्षेत्र में गुलदार की सक्रियता बढ़ने से ग्रामीण दशहत में हैं। श्यामपुर, छिद्दरवाला, हरिपुरकलां, रायवाला, गौहरीमाफी, खदरी, पशुलोक क्षेत्र में गुलदार हर रोज धमक रहा है। क्षेत्र के लोग गश्त बढ़ाने के साथ पिंजरा लगाने की मांग उठा रहे हैं। शुक्रवार को नेपालीफार्म में ट्रक ड्राइवर को गुलदार ने हमलाकर मार डाला था। घटना से क्षेत्र के लोग गुस्से में हैं। शनिवार को राजाजी टाइगर रिजर्व के निदेशक सतनाम, उपनिदेशक प्रदीप कुमार, रेंज अधिकारी महेंद्र गिरी गोस्वामी ने प्रभावित इलाकों का निरीक्षण किया। इस दौरान ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। उन्होंने सुरक्षा मुहैया कराने की मांग उठाई। 108
पार्क निदेशक ने बताया कि गुलदार प्रभावित इलाकों में शनिवार को तीन पिंजरे लगाए गए। गुलदार पर नजर रखने के लिए 11 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। सीसीटीवी कैमरे लगाने का काम रविवार से शुरू हो जाएगा। नेपालीफार्म में बेस कैंप बनाया गया है। इसमें कर्मचारियों को तैनात किया गया है। तीन स्थानीय लोगों को आउटसोर्स पर रखकर वन कर्मचारियों के साथ गश्त पर लगाया जाएगा। जंगल से सटे रिहायशी इलाकों में 20 सोलर लाइटें लगाई जाएंगी। इसका काम एक हफ्ते भीतर पूरा कर लिया जाएगा। आबादी वाले इलाकों में झाड़ियों का कटान किया जा रहा है। लोगों को जागरूक करने के लिए मुनादी भी करवाई जाएगी। 109
उधर, कांग्रेस प्रदेश महासचिव राजपाल खरोला ने पार्क अधिकारियों और ग्रामीणों के साथ बैठक की। इसमें गुलदार प्रभावित इलाकों में उचित सुरक्षा प्रबंधन करने को कहा गया। बैठक में साहबनगर के प्रधान ध्यान सिंह असवाल, वीरेन्द्र थापा, पंचायत सदस्य ममता शर्मा, नीरज थापा, रमेश कश्यप, वक्त बहादुर आदि मौजूद रहे।

कैश लेकर जा रहे बैंक कैशियर की मौत

हार्ट अटैक बताया जा रहा मौत का कारण, कर्मचारियों में शोक

ऋषिकेश।
घटना मंगलवार की है। बैंक अधिकारियों के मुताबिक ऋषिकेश रेलवे रोड स्थित मुख्य शाखा से कैश डिलीवरी वैन (कैक) दोपहर के समय जौलीग्रांट के बैंकों में कैश देने के लिए रवाना हुई। कैश के साथ मुख्य शाखा के कैशियर 52 वर्षीय मंगललाल भेजे गए थे। दोपहर करीब 12 बजे रास्ते में अचानक कैशियर मंगललाल को हार्ट अटैक पड़ गया। 102सहयोगी कर्मचारियों ने उन्हें जौलीग्रांट अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एसबीआई ऋषिकेश के मुख्य प्रबंधक विश्वमोहन मिश्रा ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि बैंक कैशियर के निधन से कर्मचारियों में शोक की लहर है।

पूर्णानंद घाट में गमगीन माहौल में एक साथ जली छह चिताए

गैंडखाल-आमसैंण मोटरमार्ग पर जीप खाई में गिरने से आठ लोगों की हो गई थी मौत
दो मृतकों का गांव, आठ का पूर्णानंद घाट पर अंतिम संस्कार

ऋषिकेश।
यमकेश्वर ब्लॉक के गैंडखाल से आमसैंण की ओर जा रही जीप (मैक्स) मंगलवार आपराह्न करीब साढ़े तीन बजे राशन गोदाम के पास गहरी खाई में गिर गई थी। हादसे में आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। जबकि चार लोग घायल हो गए थे। सभी लोग गैंडखाल स्थित बैंक से काम निपटाकर लौट रहे थे। सीएमओ पौड़ी डॉ. मनीष अग्रवाल ने बताया कि पौड़ी से भेजी स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बुधवार सुबह गैंडखाल में मृतकों का पोस्टमार्टम किया। इसके बाद राजस्व पुलिस ने शव परिजनों के सुपुर्द कर दिए। दूसरी ओर दोपहर के समय ग्रामीण छह मृतकों के शव लेकर मुनिकीरेती कैलाशगेट स्थित पूर्णानंद श्मशान घाट पहुंचे। यहां सामूहिक रूप से अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में यमकेश्वर क्षेत्र के ग्रामीण पहुंचे। दुख की घड़ी में शहरवासी भी सांत्वना देने घाट पर पहुंचे। क्षेत्र के पटवारी सत्यपाल चौहान ने बताया कि सतेश्वरी देवी और ज्योति का अंतिम संस्कार गांव के श्मशान घाट पर ही किया गया। बाकी छह मृतकों का अंतिम संस्कार पूर्णानंद घाट पर हुआ। तहसीलदार सुनील कुमार राज ने बताया कि बुधवार को दो घायलों पवन सिंह और रोशनी देवी को ऋषिकेश से दून अस्पताल रेफर किया गया। जबकि एक घायल शकुंतला देवी को मंगलवार शाम को ही जौलीग्रांट रेफर कर दिया गया था। ऋषिकेश अस्पताल में एकमात्र कबूतरी देवी का इलाज चल रहा है। सभी घायलों की हालत स्थिर है। उन्होंने बताया कि अंतिम संस्कार का पूरा सामान प्रशासन की ओर से उपलब्ध कराया गया। लकड़ियां भी प्रशासन ने मुहैया कराई। मृतकों के परिजनों को 50-50 हजार और घायलों के इलाज को 25-25 हजार रुपये की आर्थिक मदद दी गई है।
101
सड़क दुरुस्त करने के निर्देश
डीएम पौड़ी चन्द्रशेखर भट्ट ने अधिशासी अभियंता लैंसडौन को 15 दिन के भीतर गैंडखाल-आमसैंण सड़क दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। जिन स्थानों पर सड़क संकरी है, ऐसे स्थानों को चौड़ा करने को कहा है। उन्होंने पूरी सड़क का डामरीकरण करने के आदेश दिए हैं। कहा कि वह स्वयं मार्ग का निरीक्षण करेंगे।

मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश
डीएम पौड़ी चन्द्रशेखर भट्ट ने यमकेश्वर सड़क हादसे की मजिस्ट्रेटी जांच बैठा दी है। एसडीएम कोटद्वार को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। एसडीएम से एक सप्ताह के भीतर जांच रिपोर्ट मांगी है। डीएम ने बताया कि घटना के सभी पहलुओं पर जांच होगी। हादसे के क्या कारण रहे इसका जांच में खुलासा होगा।

बैंक से लौट रहे आठ ग्रामीणों की हादसे में मौत

पौड़ी जिले के यमकेश्वर ब्लॉक में गैंडखाल के पास खाई में गिरी जीप
पुराने नोट बदलने और पैसे निकाले गैंडखाल में बैंक आए थे ग्रामीण

ऋषिकेश।
यमकेश्वर के तहसीलदार सुनील कुमार राज ने बताया कि गैंडखाल से आमसैंण की ओर जा रही यह जीप (मैक्स) मंगलवार अपराह्न साढ़े तीन बजे राशन गोदाम के पास गहरी खाई में जा गिरी। घायलों के अनुसार मोड़ काटते समय ड्राइवर के नियंत्रण खो देने के कारण हादसा हुआ। ऋषिकेश अस्पताल में भर्ती घायलों ने बताया कि वह सभी लोग गैंडखाल बैंक में हजार और पांच सौ के नोट जमा करने और बदलवाने के बाद घर लौट रहे थे।
108
दो घंटे बाद घायल अस्पताल पहुंचे
हादसे के बाद पुलिस और एंबुलेंस के पहुंचने से पहले ग्रामीणों ने घायलों को खाई से निकाल लिया। घटना के दो घंटे बाद घायल ऋषिकेश के सरकारी अस्पताल पहुंचाए गए। डीएम पौड़ी चंद्रशेखर भट्ट ने बताया कि मृतकों के परिजनों को तुरंत 50 हजार, घायलों को 25 और सामान्य को 25 हजार रुपये तुरंत आर्थिक मदद जा रही है। शवों का पोस्टमार्टम बुधवार को गैंडखाल में ही किया जाएगा। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम भेजी जा रही है।
106
इनकी हुई मौत
सतेश्वरी देवी (56) सत्यपाल सिंह, भरपूर, सतनाव आमसैंण, कांता देवी (45) पत्नी गौतम सिह निवासी आमसैंण, कांति देवी (60) पत्नी प्रेम सिंह निवासी आमसैंण, जमोत्री देवी (65) पत्नी नारायण सिंह निवासी जसकोट, कुमारी ज्योति (19) पुत्री उमेश सिंह निवासी सतनाव भरपूर,आमसैंण, अंजू देवी (36) पत्नी किशनपाल निवासी श्रीकोट आमसैंण, सतेन्द्रपाल सिंह (50) पुत्र इंद्रसेन निवासी श्रीकोट, चालक गोविंद सिंह (43) पुत्र दयाल सिंह निवासी श्रीकोट।

ये हुए घायल
पवन सिंह (16) पुत्र राजेन्द्र सिंह, निवासी श्रीकोट, गैंडखाल, रोशनी देवी (45) पत्नी छोटू सिंह, निवासी आमसैण, शकुंतला देवी (42) पत्नी धमेन्द्र सिंह, श्रीकोट, कबूतरी देवी (50) पत्नी सतनाम भरपूर, आमसैंण (यमकेश्वर)।

रास्ते में ही दगा दे गई 108 एंबुलेंस

दो टायर एक साथ पंचर हुए, दूसरी एंबुलेंस पहुंचने में लगा समय

ऋषिकेश।
बड़े हादसे के वक्त 108 एंबुलेंस सेवा एक बार फिर दगा दे गई। गैंडखाल और आमसैंण के बीच खाई में जीप गिरने की सूचना पर पहले तो नजदीक की दोनों एंबुलेंस नहीं मिल सकी। वहीं ऋषिकेश से भेजी गई 108 एंबुलेंस के गड्डूघाट में दोनों टायर एक साथ पंचर हो गए। एंबुलेंस के इंतजार में वक्त गंवाए बगैर स्थानीय लोगों ने निजी वाहनों से घायलों को ऋषिकेश अस्पताल में भर्ती कराया।
गैंडखाल और आमसैंण के बीच जीप के खाई में गिरने पर प्रत्यक्षदर्शियों ने तुरंत इसकी सूचना 108 एंबुलेंस को दी। घटनास्थल के समीप बिनक और लक्ष्मणझूला में एंबुलेंस रहती हैं, लेकिन हादसे के वक्त को दोनों एंबुलेंस दूसरे केस में लगी हुई थीं। ऐसे में ऋषिकेश से 108 एंबुलेंस को मौके के लिए रवाना किया गया, लेकिन गड्डूघाट में एबुलेंस के टायर पंचर हो गए। दोनों टायर पंचर होने से एकमात्र अतिरिक्त टायर भी काम नहीं आया। इससे एंबुलेंस समय पर मौके पर नहीं पहुंच सकी। घायलों की हालत देखते हुए स्थानीय लोगों ने प्राइवेट वाहनों से घायलों को ऋषिकेश अस्पताल पहुंचाया। 103ऋषिकेश की टायर पंचर होने की सूचना पर कंट्रोल रूम ने व्यासी गूलर की एंबुलेंस को घटनास्थल के लिए रवाना किया। गूलर की एंबुलेंस किसी केस को लेकर ऋषिकेश आयी हुई थी। जब तक गूलर की एंबुलेंस घटनास्थल पर पहुंची। तब तक ज्यादातर घायलों को अस्पताल पहुंचाया पहुंचाया जा चुका था। एक घायल को लेकर 108 एंबुलेंस ऋषिकेश पहुंची। उधर, सीएमओ पौड़ी डॉ. मनीष अग्रवाल का कहना है कि 108 एंबुलेंस के टायर पंचर होने की सूचना पर लक्ष्मणझूला अस्पताल की गाड़ी भी मौके पर भेजा गया। व्यासी से दूसरी 108 एंबुलेंस भी मौके पर भेजी गई।