ट्रेन की चपेट में आया हाथी, इलाज के दौरान मौत

कूल्हे टूटने से नहीं उठ पाया टस्कर
घायल टस्कर बार-बार करता रहा उठने का प्रयास
दोनों कूल्हों पर चोट लगने से लाचार हो गया हाथी

ऋषिकेश।
ट्रेन की टक्कर से हाथी के पिछले पैर के दोनों कूल्हे टूट गए। इससे हाथी उठ नहीं पाया। इस दौरान हाथी ने कई बार उठने का प्रयास किया, लेकिन कूल्हों पर चोट से वह लाचार हो गया।
शनिवार को अपने निर्धारित समय से आधा घंटे लेट चल रही काठगोदाम एक्सप्रेस ने लगभग तीन बजकर 55 मिनट पर रायवाला रेलवे स्टेशन को क्रास किया। रायवाला में ट्रेन का स्टॉपिज नहीं है, ऐसे में स्पीड में ही ट्रेन स्टेशन से गुजरती चली गई। रायवाला रेलवे स्टेशन से डेढ़ से दो किलोमीटर दूरी पर करीब पांच मिनट बाद वैदिकनगर के पास रेलवे ट्रैक पार कर रहा हाथी ट्रेन की चपेट में आ गया।
111
पार्क निदेशक सतनाम सोनकर ने बताया कि सूचना मिलने पर मोतीचूर रेंजर महेन्द्र गिरी गोस्वामी पौने छह बजे घटनास्थल पर पहुंचे और विशेषज्ञों की टीम को मौके पर बुलाया। करीब पौने दस बजे हाथी को क्रेन की मदद से रेलवे ट्रैक से कुछ दूर रखा गया, जहां उपचार शुरू किया गया। इसके बाद डेढ़ बजे हाथी को ट्रैक्टर ट्राली में डालकर चीला पहुंचाया गया, जहां विशेषज्ञों की टीम ने घायल हाथी का उपचार कर रहे थे। दोपहर तीन बजे हाथी ने दम तोड़ दिया। निदेशक ने बताया कि पिछले पैर के कूल्हे टूटने से हाथी लाचार हो गया था। टक्कर से हाथी की छाती में भी चोटें आई थीं। इस कारण हाथी की मौत हो गई। हाथी का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।

स्कूल में छात्र से मारपीट पर हंगामा

स्कूल के ही कुछ छात्रों पर मारपीट का आरोप
गुस्साए परिजनों ने किया प्रधानाचार्य का घेराव

ऋषिकेश।
स्कूल में छात्र से मारपीट पर परिजनों ने हंगामा किया। गुस्साए परिजनों ने शनिवार को प्राचार्य का घेराव किया। परिजनों ने स्कूल के ही दो छात्रों पर मारपीट का आरोप लगाया है।
श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज में पढ़ने वाले 12वीं कक्षा के एक छात्र के परिजन शनिवार को स्कूल पहुंचे। उन्होंने प्राचार्य डीबीएस रावत का घेराव किया। बताया कि एक छात्र लंबे समय से उनके बेटे को परेशान करता है। बीते रोज उसने अपने साथियों के साथ उनके बेटे के साथ मारपीट की। इसमें छात्र को गंभीर चोटें आई हैं। प्राइवेट अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। सिर पर गंभीर चोट के कारण छात्र को हॉयर सेंटर रेफर किया गया है।
105
परिजनों ने आरोप लगाया कि छात्र ने क्लास टीचर को कई बार शिकायत की थी, लेकिन इस पर संज्ञान नहीं लिया गया। परिजन प्राचार्य से आरोपी छात्रों पर कार्रवाई की मांग करने लगे। प्राचार्य डीबीएस रावत ने बताया कि आरोपी छात्रों को अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। वहीं देर शाम तक कॉलेज प्रशासन और अन्य लोगों की मध्यस्थता में दोनों पक्षों में समझौता हो गया। दूसरे पक्ष ने पीड़ित पक्ष को इलाज खर्च का भरोसा दिलाया है।

खोखों के ऊपर पलटा ओवरलोड ट्रक

हाईवे पर पांच घंटे तक प्रभावित रही वाहनों की आवाजाही

रायवाला।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार सुबह सीमेंट से लदा एक ट्रक ऋषिकेश की ओर जा रहा था। करीब सवा सात बजे देसी शराब ठेके के पास अचानक ट्रक का टायर फट गया। अनियंत्रित होकर ट्रक खोखों के ऊपर पलट गया। गनीमत रही कि उस समय दुकानें बंद थीं। सुबह के समय ठेका बंद होने के चलते यहां कोई नहीं था। वरना बड़ी अनहोनी हो सकती थी। हादसे से जगवीर सिंह और बलवीर सिंह के खोखे बुरी तरह ध्वस्त हो गए। सीमेंट के बैग सड़क बिखर गए। ट्रक पलटने से हाईवे पर जाम लग गया। करीब आधे घंटे तक वाहनों की आवाजाही ठप रही।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर एक तरफ से वाहनों की आवाजाही शुरू कराई। इससे एक तरफ जहां रायवाला बाजार तक वाहनों की लाइन लगती रही। वहीं दूसरी तरफ नेपाली फार्म तक वाहन फंसे रहे। पुलिस ने क्रेन और जेसीबी की मदद से ट्रक को हटाया। ट्रक को हटाने में करीब पांच घंटे का समय लगा। इस दौरान ट्रैफिक फंसता रहा।
114
थानाध्यक्ष नत्थीलाल उनियाल ने बताया कि ट्रक में क्षमता से अधिक सीमेंट लदा हुआ था। ट्रक और सीमेंट को सड़क से हटाया गया। इस दौरान ट्रैफिक व्यवस्था बनाने के लिए पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे। मामले में कानूनी कार्रवाई भी की जा रही है।

चार लोगों पर लूटपाट का मुकदमा

घर के बाहर युवक से मारपीट कर नगदी लूटने का लगाया आरोप
पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर शुरू की जांच

ऋषिकेश।
गुमानीवाला के गुलरानी में एक युवक के साथ चार लोगों ने लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया। घटना उस वक्त हुई जब युवक घर के बाहर था। पुलिस ने मामले में मारपीट, जान से मारने की धमकी व लूटपाट का केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी तहरीर में देवेन्द्र राणा पुत्र जगदीश सिंह राणा निवासी गुलरानी गुमानीवाला ने आरोप लगाया है कि गुरुवार रात नौ बजे जब वे घर के बाहर थे। तभी मलकीत, गुरमुख,बलवंत निवासी रूषाफार्म ने उन पर जानलेवा हमलाकर घायल कर दिया। साथ ही उसके पास से हजारों की नगदी, मोबाइल लूटकर फरार हो गए।
111
पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। श्यामपुर रिपोर्टिंग पुलिस चौकी इंचार्ज आशीष गुसाईं ने बताया कि मामले में केस दर्ज करने के साथ ही जांच शुरू कर दी है। बताया कि मामला किसी पुराने विवाद से जुड़ा हुआ लग रहा है।

लिफ्ट देना और लेना पड़ गया भारी

दून मार्ग पर कार सवार और अकेले राहगीर को ठगने वाला गिरोह सक्रिय
गिरोह में महिला सदस्य भी शामिल, अब तक दो मामले आ चुके हैं सामने

ऋषिकेश।
किसी अनजान को कार से लिफ्ट देना या अकेले में लिफ्ट लेना भारी पड़ सकता है। दून मार्ग पर कार सवार और अकेले राहगीरों को ठगने वाला गिरोह सक्रिय हो रखा है। अलग-अलग तरीके से घटनाओं को अंजाम देने के लिए गिरोह में महिला सदस्य भी शामिल हैं। हाल फिलहाल दून मार्ग पर ऐसे दो मामले सामने आए हैं। हालांकि शर्मिंदगी के कारण पीड़ित पुलिस को तहरीर देने से बच रहे हैं। ऐसे में बिना शिकायत पुलिस कार्रवाई करने की जहमत नहीं उठा रही। उधर, सीओ चक्रधर अंथवाल का कहना है कि दो मामले पुलिस के संज्ञान में आए हैं, लेकिन किसी ने पुलिस को तहरीर नहीं दी है। कई बार इस तरह के मामलों में लोग पुलिस में शिकायत नहीं करते हैं। पुलिस अपने स्तर से संदिग्धों पर नजर रख रही है।

श्रीरामलीला कमेटी में हारमोनियम बजाने वाले हरीशचन्द्र राही कुछ दिन पहले बालावाला स्थित अपने घर जाने के टिहरी बस अड्डे के बाहर से गुजर रहे थे। उन्होंने कमेटी से सात हजार रुपये एडवांस ले रखे थे। एक कार सवार ने देहरादून जाने के लिए पूछा। कहा कि बस का भाड़ा दे देना। बुजुर्ग कार बैठ गए। कार में दो लोग सवार थे। उन्होंने कार एक गली में मोड़ दी। कहा कि यहां हमारा सरकारी कार्यालय है। हमें सरकारी पैसा जमा कराना है। इस दौरान इधर-उधर की बात कहते हुए उन्होंने हरीश चंद्र को भी अपने झांसे में फंसा लिया। उने सात हजार रुपये ले लिए और फिर वहां से गायब हो गए।

102
दो हफ्ते पहले एक शिक्षक अपनी कार से शाम के समय देहरादून जा रहे थे। नटराज चौक पर कुछ लोगों ने उनसे लिफ्ट मांगी। शिक्षक ने मना कर दिया। इतने में एक महिला ने बस न मिलने की बात कही। अकेले होने का हवाला देकर आगे छोड़ने का आग्रह किया। सात मोड़ से पहले महिला ने कार रोकने के लिए कहा। शिक्षक को डरा धमका कर उनके पास मौजूद रुपये ले लिए। इसके बाद वह पीछे से आ रहे कार सवार लोगों के साथ बैठकर फरार हो गई। शिक्षक का कहना है कि वह लोग वही थे, जो नटराज चौक पर महिला को बैठाने का आग्रह कर रहे थे। शर्मिंदगी की वजह से उन्होंने घटना की जानकारी पुलिस को नहीं दी।

स्कूल की शिक्षिका आईफोन सिक्स चुराया

ऋषिकेश।
ढालवाला-चौदह बीघा के एक स्कूल में पढ़ाने वाली शिक्षिका का एक युवक आईफोन सिक्स चुरा लिया है। ट्रेस कर युवक से शिक्षिका ने मोबाइल हासिल कर लिया।
मिली जानकारी के अनुसार एक स्कूल में एक युवक अपने दो विदेशी मित्रों के साथ डॉक्यूमेंट्री बनाने गया। डॉक्यूमेंट्री बनाने के बाद युवक मौके से चला गया। इस बीच शिक्षिका ने अपना मोबाइल चेक किया तो उसका मोबाइल गायब मिला। शिक्षिका का मोबाइल चूंकी एप्पल कंपनी का था जो कि ट्रेस हो जाता है।
105
महिला ने मोबाइल ट्रेस किया तो युवक के पास मोबाइल मिला। युवक के भुल से मोबाइल ले जाने की बात कहकर माफी मांगने पर मामला शांत हो गया।

लूट की वारदात के बाद भी नहीं जागी पुलिस

ऋषिकेश। शहर के व्यस्ततम दून मार्ग पर ज्वेलर्स से सरेआम लूट की वारदात के बावजूद ऋषिकेश पुलिस नींद से नहीं जागी। लूट की वारदात के बाद शहर के नाकों पर कहीं भी पुलिस कर्मचारी नजर नहीं आए।

106

नटराज चौक
समय-दोपहर 01:11 बजे
नटराज चौक शहर का मुख्य चौराहा है। यहां शहर से बाहर जाने वाले तीन रास्ते मिलते हैं। लेकिन, बुधवार को यहां पिकेट पर पुलिस कहीं नजर नहीं आई। ऐसे में सुरक्षा में चूक पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़ा कर रही है।

106a

दून मार्ग का जंगलात बैरियर
समय : दोपहर 01:15 बजे
शहर में वारदात के बाद बदमाशों के जंगलात बैरियर से देहरादून की ओर भागने के कई मामले सामने आए, लेकिन यहां पुलिस कभी भी मुस्तैद नहीं दिखी। बुधवार को यहां न तो वाहनों की चेकिंग की गई और न ही सुरक्षा के कोई ठोस इंतजाम नजर आए।

106b

बैराज तिराहा
समय-दोपहर 01:43 बजे
बैराज तिराहे से बदमाश आसानी से बैराज पुल पार कर सकते हैं और पौड़ी जिले में प्रवेश कर गौहरी रेंज के घने जगलों में छिप भी सकते हैं। या फिर वाया चीला होकर यूपी की तरफ भाग सकते हैं। लेकिन, बुधवार को यहां सुरक्षा व्यवस्था नहीं दिखी। एम्स गेट पर तैनात एक सुरक्षा कर्मी ने पूछने पर बताया कि 11 बजे कुछ पुलिस कर्मचारी चेकिंग के लिए आए थे, लेकिन कुछ देर बाद ही निकल पड़े।

106c

श्यामपुर पुलिस चौकी
समय-दोपहर 01:55 बजे
बुधवार को श्यामपुर पुलिस ही कुछ हद तक मुस्तैद दिखी। श्यामपुर चौकी शहर का आखिरी नाका है। श्यामपुर रिपोर्टिंग पुलिस चौकी इंचार्ज आशीष गुसाईं के निर्देश पर दारोगा राजेंद्र सिंह रावत ने गाड़ियों की चेकिंग की। हालांकि, बाईपास वाले रास्ते पर चेकिंग नहीं की गई।

106d

ढालवाला-चंद्रभागा पुल
समय-दोपहर 02:15 बजे
शहर में किसी भी वारदात को अंजाम देकर बदमाश बड़ी चालाकी से नटराज चौक होकर चंद्रभागा पुल से टिहरी की ओर फरार हो सकते हैं। लेकिन, शहर में लूट की वारदात के बावजूद यहां पर भी पुलिस ने चेकिंग अभियान नहीं चलाया।

106e

सुरक्षा व्यवस्था में चूक बर्दाश्त नहीं
शहर में लूट की वारदात के बाद भी पुलिस अलर्ट नहीं होती है तो यह बड़ी खामी है। सुरक्षा व्यवस्था में चूक बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस मामले में कोतवाल से जल्द ही जवाब तलब किया जाएगा।
-डॉ. सदानंद दाते, एसएसपी

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

ऋषिकेश।
शहर में दिनदहाड़े लूट की वारदात को अंजाम देने वाले तीनों बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस के अनुसार, घटनास्थल के पास एक निजी क्लीनिक के बाहर लगे कैमरे में नकाबपोश बदमाश दिखे हैं। एसएसपी डॉ. सदानंद दाते ने बताया कि घायल जोगेंद्र अभी कुछ भी बता पाने की स्थिति में नहीं हैं। उन्होंने बताया कि बदमाशों की धर-पकड़ के लिए पांच पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं।

104a

104

सहारनपुर से ज्वेलर्स का किया पीछा
पुलिस के अनुसार, ऋषिकेश में ज्वेलर्स जोगेंद्र सिंह से लूट की वारदात को अंजाम देने वाले बदमाश सहारनपुर से ही उनका पीछा कर रहे थे। सूत्रों की मानें तो रोडवेज की जिस बस में जोगेंद्र सवार थे, उसी बस में एक बदमाश भी सवार हो गया था। उस बदमाश ने ऋषिकेश पहुंचने पर पहले से ही बाइक पर खड़े दो बदमाशों को इशारा किया और पलभर में लूट की वारदात को अंजाम दे डाला।

105

105a

बैंक में आग लगने से लाखों रुपये का नुकसान

रूद्रपुर।
सिविल लाइन स्थित पंजाब नेशनल बैंक शाखा में शार्ट सर्किट से आग भड़क उठी जिससे बैंक परिसर में रखे बैटरे, टोकन मशीन, नोट काउंटिंग मशीन, दर्जनों कम्प्यूटर, चेक ड्रॉप बॉक्स, एअरकंडीशन सहित लाखों की कीमत का सामान जलकर राख हो गया। जानकारी मिलने पर कई दमकल वाहनों ने मौके पर पहुंचकर कापफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
सोमवार देर रात करीब 3बजे सिविल लाइन स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में भवन स्वामी मनोज ने धुआं निकलते देखा। वह जब भवन से नीचे आया तो शटर से आग की लपटें निकल रही थीं। उनहोंने घटना की सूचना तुरन्त दमकल एवं पुलिस विभाग को दी। सूचना मिलते ही कई दमकल कर्मी वाहनों के साथ तुरन्त मौके पर पहुंचे। वहीं पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर आ गये। शटर उठाने पर अंदर आग की तेज लपटें दिखायी दीं। दमकलकर्मियों ने भारी मशक्कत के पश्चात किसी तरह आग पर काबू पाया।

101

सूचना मिलने पर बैंक के वरिष्ठ प्रबंध्क महेश खुराना भी साथी बैंककर्मियों के साथ शाखा में पहुंचे। उन्होंने बताया कि जिस कमरे में बैटरे रखे गये हैं वहां शार्ट सर्किट से आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धरण कर लिया। उन्होंने बताया कि अग्निकांड की इस घटना में 8 एअरकंडीशन, एलईडी, 22 कम्प्यूटर, चेक ड्राप बॉक्स, टोकन मशीन, नोट गिनने वाली मशीन, 6 किलोवाट व 3किलोवाट का एक-एक यूपीएस, पफर्नीचर आदि सामान जलकर राख हो गया। उन्होंने बताया कि अग्निकांड की इस घटना में करीब 50लाख रूपए का नुकसान होने का अनुमान है। गौरतलब है कि बैंक में पिछले तीन दिनों से अवकाश चल रहा है। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना बैंक के उच्चाधिकारियों को दे दी गयी है।

गुमानीवाला में गुलदार की दहशत

ऋषिकेश।
ग्रामीण इलाके में गुलदार सक्रिय हो गया है। गुरुवार तड़के गुलदार गुमानीवाला गुर्जर बस्ती में पालतू मवेशियों पर झपटा। ग्रामीणों के शोर मचाने पर गुलदार जंगल में भाग गया। ग्राम प्रधान ने सूचना के बावजूद वनकर्मियों के मौके पर नहीं पहुंचने पर नाराजगी जताई है। क्षेत्र में पिंजरे नहीं लगाने पर अधिकारियों के घेराव की चेतावनी दी।
गुलदार ने गुर्जर बस्ती में जहूर हुसैन के पालतू मवेशियों पर हमला किया। एक मवेशी को मार डाला। मवेशियों के रम्भाने पर घरों में सो रहे लोग बाहर निकले तो सामने गुलदार देख उनके होश उड़ गए। उन्होंने शोर मचाकर गुलदार को भगाया। क्षेत्रवासियों ने इसकी सूचना ग्राम प्रधान ऋषिकेश अनिता असवाल को दी। प्रधान ने रेंज ऑफिस फोन किया, लेकिन कोई भी कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। ग्राम प्रधान अनिता असवाल का कहना है कि गुलदार बीते कई दिनों से गुर्जर बस्ती में धमक रहा है। गुलदार ने ग्रामीणों के कई पालतू मवेशी मार दिए हैं। वन विभाग से पिंजरा लगाने की मांग की गई थी, लेकिन विभाग ने पिंजरा नहीं लगाया। विभागीय कर्मचारी गश्त भी नहीं करते हैं।

110

रेंजर ऋषिकेश गंगासागर नौटियाल का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से गुलदार के ग्रामीण क्षेत्र में सक्रिय होने की जानकारी मिली है। क्षेत्र में गश्त बढ़ाने के साथ पिंजरे लगाए जा रहे हैं। ग्रामीणों को दिन ढलने के बाद सतर्क रहने की मुनादी करवाई जा रही है।