राज्य की आर्थिकी संवारने के साथ ही मूल भावना के तहत कार्य कर रही सरकार-धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को आईएसबीटी, देहरादून स्थित एक निजी होटल में आयोजित एक संवाद कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड राज्य के अंतर्गत सरकार नए संकल्पों को लेकर विकास की नई ऊंचाइयों को छू रही है। सरकार गंभीरता से राज्य के आमजन तक शासन-प्रशासन की प्रत्येक सुविधाएं पहुंचा रही है। धरातल में सरकार द्वारा किए गए कार्य दिखने लगे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखंड राज्य से विशेष लगाव है। उन्होंने उत्तराखंड राज्य को विकास के नवरत्न समर्पित किए हैं। उत्तराखंड का विकास यहां के शहीद राज्य आंदोलनकारियों के सपनों के अनुरूप हो, इस पर सरकार निरंतर कार्य कर रही है। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों से परिपूर्ण हमारे राज्य में विभिन्न तरह की कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इन चुनौतियों का सामना कर राज्य सरकार लगातार विकास के कदमों को आगे बढ़ा रही है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार मिलकर उत्तराखंड राज्य में सड़क, हवाई, रेलवे कनेक्टिविटी पर कार्य कर रही है। चौतरफा सड़कों का जाल बिछ रहा है, दिल्ली से देहरादून एलिवेटेड सड़क का कार्य गतिमान है। आगामी समय में बड़े शहरों की आपसी कनेक्टिविटी, सुगम और सरल होगी। गढ़वाल एवं कुमाऊं की आपसी कनेक्टिविटी को भी सुधारा गया है। उन्होंने कहा सड़क कनेक्टिविटी के सुगम होने से बड़ी संख्या में पर्यटक उत्तराखंड आ रहे हैं। आज उत्तराखंड राज्य पूरे देश में आकर्षण का केंद्र बन रहा है। राज्य सरकार दीर्घकालीन नीतियां बनाकर सड़कों, बाईपास, बुनियादी ढांचे का निर्माण कर रही है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि इस अमृत काल में उत्तराखंड देश के सर्वश्रेष्ठ राज्य के रूप में आगे बढ़े इसके लिए रोडमैप तैयार किया जा रहा है। राज्य सरकार आस्था और व्यवस्था पर संतुलन बनाकर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा पिछले वर्ष कावड़ यात्रा में 4 करोड़ से अधिक कावड़िए उत्तराखंड आए। सरकार ने कावड़ यात्रा के लिए अलग से बजट का प्रावधान किया। सबकी सहभागिता से इस वर्ष भी हम चार धाम यात्रा एवं कावड़ यात्रा को सकुशल संपन्न करवाएंगे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार ने उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता कानून लाने का वादा किया था। जिस पर कार्य चल रहा है। समिति अपना फाइनल ड्राफ्ट तैयार कर रही है। हम प्रत्येक वर्ग के उत्थान के लिए कार्य कर रहे हैं। उत्तराखंड राज्य के अंतर्गत सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने पर लगातार कार्य जारी है और आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा राज्य में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। यह अधिकार किसी को नहीं है कि कोई कानून अपने हाथों में ले।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार के प्रयासों से आज युवाओं में विश्वास पैदा हुआ है। लंबे समय से परीक्षाओं में चली आ रही नकल पर सख्ती से नकेल कसने का कार्य हुआ है। अभी तक 80 से ज्यादा नकल माफियाओं को जेल में डाला गया है। राज्य सरकार नकल विरोधी कानून लाई, जिसमें नकल करने एवं करवाने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है। राज्य सरकार युवाओं को रोजगार के साथ ही स्वरोजगार के लिए भी रास्ता खोल रही है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हमारा राज्य प्राकृतिक सौंदर्य, स्वच्छ पर्यावरण से आच्छादित है। हमारे राज्य की यह सुंदरता बनी रहे इसके लिए राज्य सरकार प्रत्येक वर्ष हरेला पर्व के उपलक्ष पर बड़े स्तर पर पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का कार्य करती है। उन्होंने कहा उत्तराखंड राज्य के निर्माण में महिलाओं का बड़ा योगदान रहा है। महिलाओं को नौकरियों में 30 प्रतिशत आरक्षण देने का विधेयक पारित किया गया। राज्य सरकार विभिन्न सरकारी योजनाओं के अंतर्गत महिलाओं को लखपति बनाने पर भी कार्य कर रही है।

विभिन्न क्षेत्रों में कार्य कर प्रेरणास्रोत बनी महिलाओं को सीएम ने किया सम्मानित

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को देहरादून में आयोजित एक कार्यक्रम में लोकप्रिय कलाकार हिमानी शिवपुरी, आरुषि निशंक, बसंती बिष्ट, संगीता ढोडियाल, डॉ गीता खन्ना, चित्रांशी रावत, दिलराज कौर, डॉ अलकनंदा अशोक, डॉ रंजना अशोक तथा विभा कपूर सहित उत्तराखंड मूल की अन्य महिलाओं को विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु शक्ति अवार्ड 2023 से सम्मानित किया।
कार्यक्रम के दौरान गत 1 वर्ष की उपलब्धियो पर बात करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हमने बहुत से महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। हमारे सभी विभाग अगले 10 वर्षों के रोडमैप पर गंभीरता से कार्य कर रहे हैं। हम पर्यटन, कृषि, बागवानी, होम स्टे के क्षेत्र में नई नीतियां एवं योजनाएं लाए हैं। अगले 5 वर्षों में उत्तराखंड की जीएसडीपी दुगनी हो, इसके लिए प्रत्येक वर्ष का एक लक्ष्य निर्धारित कर, उस पर तेजी से कार्य किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की मातृशक्ति का उत्तराखंड निर्माण तथा राज्य के विकास और प्रगति में बहुत बड़ा योगदान है। राज्य की मातृशक्ति को आगे बढ़ने के लिए बहुत संघर्ष करना पड़ता है। हमने राज्य की सरकारी नौकरियों में महिलाओं के लिए 30 प्रतिशत का क्षेतिज आरक्षण सुनिश्चित किया। हमने वर्ष 2025 तक 125000 महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का संकल्प लिया है। मातृशक्ति हेतु हमने 1 वर्ष में 3 सिलेंडर निशुल्क रिफिल की योजना लागू कर दी है। हम होमस्टे को भी प्रोत्साहित कर रहे हैं, जिससे राज्य की महिलाओं को लाभ पहुंचेगा। हमारा प्रयास है कि मातृशक्ति को आगे आने के समान अवसर मिले।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यूसीसी को सभी के हित के लिए लाया जा रहा है। हमें इसमें सभी वर्गों का समर्थन मिल रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में अवैध अतिक्रमण को विधि के अनुसार ही हटाया जा रहा है।
उत्तराखंड वर्ष 2025 तक हर क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनने जा रहा है। हमारा राज्य विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कर रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में नकल माफिया को जड़ से समाप्त करने के लिए देश का सबसे कठोर कानून लागू किया गया है। युवाओं का कल्याण हमारी सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में से एक है। युवाओं ने हमारे इस निर्णय का स्वागत किया है। राज्य में इतने कठोर नकल विरोधी कानून के लागू होने से राज्य के युवाओं में एक नई आशा और ऊर्जा का संचार हुआ है। इस संबंध में हमें युवाओं तथा प्रदेशवासियों का अपार समर्थन मिल रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार समावेशी विकास एवं संतुलित विकास के मूलमंत्र पर विश्वास करते हुए सभी क्षेत्रों के संतुलित एवं समान विकास के लिए कार्य कर रही है। केदारनाथ व बद्रीनाथ की तर्ज पर कुमायूं के पौराणिक मंदिरों को भव्य बनाने के लिये मानसखण्ड मंदिर माला मिशन की कार्ययोजना पर कार्य हो रहा है। कुमाँऊ मण्डल में भी तीर्थस्थलों के विकास एवं कनेक्टिविटी के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह प्रसन्नता का विषय है कि केदारनाथ सहित हमारी संपूर्ण चार धाम यात्रा सफलतापूर्वक चल रही है। केदारनाथ धाम में प्रतिदिन तीर्थ यात्रियों की संख्या नए रिकॉर्ड बना रही है। हमने केदारनाथ धाम सहित सभी धामों में तीर्थ यात्रियों के लिए सभी सुविधाओं व्यवस्था की है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज तथा राज्यसभा सदस्य कार्तिक शर्मा भी उपस्थित रहे।

पीएम की मन की बात कार्यक्रम से मिलती है प्रेरणा-धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को विधानसभा कैंट, देहरादून के अंतर्गत बूथ न० 59, पटेल नगर में स्थानीय जनता एवं पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मन की बात का 102 वां संस्करण सुना।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आज मन की बात कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जन भागीदारी, सेवा भाव से होने वाले सामाजिक कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने जल संरक्षण से जुड़े स्टार्टअप, तालाबों/नदियों को पुनर्जीवित करने, भारत में आपदा प्रबंधन सशक्त किए जाने, टी.बी. मुक्त भारत, मियावाकी तकनीक से पौधरोपण, दुग्ध उत्पादन जैसे विभिन्न विषयों पर आम जन को जागरूक किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत को 2025 तक ’टी.बी. मुक्त भारत’ बनाने का संकल्प को दोहराया है। प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड में नैनीताल जिले के एक गांव के निक्षय मित्र दीकर सिंह मेवाड़ी का उल्लेख किया। निक्षय मित्र दीकर सिंह मेवाड़ी ने टी.बी मुक्त भारत के संकल्पों को पूर्ण करने के मकसद से टी.बी के 6 मरीजों को गोद लिया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात के सभी कार्यक्रम आम जन से जुड़े रहते हैं। मन की बात कार्यक्रम के माध्यम से लोगों में सामाजिक कार्यों के प्रति प्रेरणा मिलती है।
कार्यक्रम के उपरांत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नैनीताल जिले के दीकर सिंह मेवाड़ी से फोन पर वार्ता कर, उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों के प्रति उनका आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने उन्हें राज्य सरकार के स्तर पर हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
इस दौरान कैबिनेट मंत्री प्रेम चंद अग्रवाल, विधायक सविता कपूर, सिद्धार्थ अग्रवाल एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने झाड़ू लगाकर लोगों को स्वच्छता का महत्व समझाया

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को देहरादून में स्वच्छता सप्ताह के अंतर्गत आयोजित स्वच्छता कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने गांधी पार्क से पं० दीनदयाल उपाध्याय पार्क तक स्वयं झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 10 पर्यावरण मित्रों को सम्मानित किया। साथ ही लोगों को स्वच्छता के प्रति शपथ भी दिलाई।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि कुल 102 निकायों में स्वच्छता का महा अभियान चल रहा है। आमजन में स्वच्छता को लेकर जागरूकता निरंतर बढ़ रही है। देश-विदेश से लाखों की संख्या में श्रद्धालु एवं पर्यटक उत्तराखंड आते हैं। राज्य का प्रत्येक जिला एवं पर्यटन स्थल स्वच्छ एवं सुंदर रखने की जिम्मेदारी यहां के प्रत्येक व्यक्ति की है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि देहरादून को “स्वच्छ दून, सुंदर दून“ बनाने के लिए जनभागीदारी से विभिन्न स्वच्छता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से स्वच्छता को अपनी रोजमर्रा की आदत में लाने का आग्रह किया। जन जागरूकता से स्वच्छता के कार्यक्रम को आगे बढ़ाने का कार्य किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व मार्गदर्शन में स्वच्छ भारत अभियान ने एक बड़े जनांदोलन का रूप लिया, जिसका परिणाम अब दिखने लगा है।
इस दौरान कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री प्रेम चंद अग्रवाल, मेयर सुनील उनियाल गामा, विधायक विनोद चमोली, विधायक सविता कपूर, प्रमुख सचिव आर.के सुधांशु एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

सीएम धामी ने खंड-खंड से अखंड उत्तराखंड पुस्तक का किया विमोचन

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय में सिक्स सिग्मा के सीईओ डॉ. प्रदीप भारद्वाज द्वारा लिखित पुस्तक ‘‘खंड-खंड से अखंड उत्तराखंड’’ पुस्तक का विमोचन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज केदारनाथ की भीषण त्रासदी का एक दशक पूरा हो चुका है। डॉ. प्रदीप भारद्वाज ने इस पुस्तक के माध्यम से 2013 केदारनाथ त्रासदी की जानकारी तथा 10 सालों तक हुए बदलावों, प्राकृतिक संसाधनों की रूपरेखा की गहराइयों को इस पुस्तक में समेटने का प्रयास किया है। यह पुस्तक सिक्स सिग्मा के समर्पण भाव, मेहनत, सेवा, सत्य और सच्चे साहस को दर्शाती है। उन्होंने श्री केदारनाथ में सिक्स सिग्मा द्वारा चिकित्सा के क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने के लिए सिक्स सिग्मा की टीम को बधाई भी दी।
पुस्तक के लेखक डॉ. प्रदीप भारद्वाज ने कहा कि उन्होंने सत्य घटनाओं पर आधारित यह पुस्तक लिखी है। उन्होंने कहा कि पुस्तक में 2013 में श्री केदारनाथ में आई आपदा के समय वहां की स्थिति और उसके बाद हुए पुनर्निर्माण के कार्यों के बारे में जानकारी दी गई है। सिक्स सिग्मा द्वारा श्री केदारनाथ में जन सेवा के लिए किये जा रहे कार्यों को दर्शाने का प्रयास किया गया है। श्री केदारनाथ की यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को क्या उपयोगी वस्तुएं अपने साथ ले जानी चाहिए इसकी भी जानकारी दी गई है।
इस अवसर पर सिक्स सिग्मा हेल्थकेयर के चेयरमैन आर .के. भारद्वाज, डॉ. अनीता भारद्वाज, डॉ. आशीष शर्मा, डॉ. भारत शर्मा, डॉ. सपना बुढ़लाकोटी, डॉ. परवेज़ अहमद, संजीव कुमार, डॉ. समीर भट्टी, डॉ. सिद्धांत शर्मा, विनोद शर्मा, रमेश कालरा, गोविन्द गोयल उपस्थित रहे।

सीएम ने स्वागत कक्ष पहुंचकर लोगों से की मुलाकात

जन समस्याओं का शीघ्रता से समाधान हो, इसके लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय स्थित स्वागत कक्ष में प्रत्येक दिन प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आये लोगों से मिल कर उनकी समस्याओं का समाधान कर रहे हैं। विभिन्न विभागों से संबंधित जो समस्याएं एवं शिकायतें मुख्यमंत्री के समक्ष आ रही हैं, मुख्यमंत्री के निर्देश पर मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा विभागों से संबंधित समस्याओं एवं शिकायतों के त्वरित निवारण के लिए भेजकर उस पर की गई कार्यवाही की जानकारी भी ली जा रही है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय स्थित स्वागत कक्ष में लोगों की समस्याओं को सुना। इस दौरान भारतीय किसान यूनियन वेलफेयर फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सोमदत्त शर्मा के नेतृत्व में भारतीय किसान यूनियन वेलफेयर फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री से भेंट कर उत्तराखण्ड में कृषि और उद्यान को तेजी से बढ़ावा देने एवं किसानों के हित में सरकार द्वारा लिये जा रहे निर्णयों की सराहना की और मुख्यमंत्री का आभार भी व्यक्त किया। राज्य में किसानों को और बेहतर सुविधाएं मिल सके, इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री को मांग पत्र भी सौंपा। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की आय में वृद्धि के लिए सरकार द्वारा अनेक प्रयास किये जा रहे हैं।

नैनी सैनी एयरपोर्ट में अब सुचारु हो सकेगी हवाई सेवा

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए ) द्वारा उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) को नैनी सैनी एयरपोर्ट, पिथौरागढ़ को एरोड्रम लाइसेंस जारी करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा केंद्रीय नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का आभार व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसे राज्य की एयर कनेक्टिविटी की मजबूती की दिशा में एक बड़ा कदम बताया। विदित है कि मुख्यमंत्री धामी ने नैनी सैनी एयरपोर्ट पिथौरागढ़ को एरोड्रम लाइसेंस देने का अनुरोध किया था।
नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) द्वारा उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) को नैनी सैनी एयरपोर्ट पिथौरागढ़ के लिए एरोड्रम लाइसेंस जारी करने से सभी को नैनी सैनी एयरपोर्ट पिथौरागढ़ में लैंडिंग तथा टेक ऑफ सुविधा प्राप्त होगी।

कैबिनेट मंत्री अग्रवाल ने वरिष्ठ अधिकारियों के संग तैयारियों का लिया जायजा

क्षेत्रीय विधायक व कैबिनेट मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने जी-20 कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए। बैठक के बाद तमाम अधिकारियों के साथ डॉ अग्रवाल ने त्रिवेणी घाट पर निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण भी किया।
रेलवे रोड स्थित एक होटल से आयोजित बैठक में मंत्री डॉ अग्रवाल ने जी-20 के दृष्टिगत त्रिवेणी घाट एवं ऋषिकेश विधानसभा में कराए जा रहे कार्यों की विभाग वार समीक्षा करते हुए समस्त विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए 20 जून तक कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
डॉ अग्रवाल ने निर्देशित किया कि गुणवत्ता में किसी प्रकार का समझौता ना हो और निर्माण कार्यों को परमानेंट किया जाए, इसकी सुनिश्चिता की जाए। साथ ही निर्देश दिए कि मैनपावर बढ़ाते हुए रात्रि में भी निर्माण कार्य किए जाएं।
डॉ अग्रवाल ने निर्देशित किया कि विभाग स्थाई प्रकृति के कार्य करें तथा जो कार्य किए जा रहे हैं उनके रखरखाव की भी पूर्ण व्यवस्था बना ली जाए। उन्होंने नगर निगम ऋषिकेश के अधिकारियों को निर्देशित किया कि साफ सफाई का विशेष ध्यान रखें तथा नियमित सफाई कार्य सुनिश्चित किए जाएं।
डॉ अग्रवाल ने विभागों को निर्देश दिए कि मानसून के दृष्टिगत तैयारियां सुनिश्चित की जाए। ताकि बरसात होने पर अव्यवस्था न हो। उन्होंने नगर निगम को लाइटिंग कार्य, नाली सफाई, शौचालय मरम्मत तथा निराश्रित पशुओं को गौशालाओं में पहुंचाने के निर्देश दिए।
डॉ अग्रवाल ने डीआईजी/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून को निर्देश दिए की कानून व्यवस्था में सुधार करते हुए सप्ताह अंत में पुलिस फोर्स बढ़ाई जाए, ताकि सड़को पर जाम की स्थिति और अराजकता से बचा जा सके। उन्होंने कार्य में लापरवाही किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर सचिव शहरी विकास डॉ विनय शंकर पांडे, सचिव प्रशासन विनोद कुमार सुमन, डीआईजी/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दलीप सिंह कुंवर, मुख्य विकास अधिकारी झरना कमठान, सचिव एमडीडीए मोहन सिंह बर्निया, अपर जिला अधिकारी वित्त एवं राजस्व रामजीशरण शर्मा, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण कमलेश उपाध्याय, उप जिलाधिकारी ऋषिकेश सौरभ असवाल, प्रभारी नगर आयुक्त नगर निगम ऋषिकेश तनवीर सिंह, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग धीरेंद्र कुमार, निवेशक ग्रामीण विकास अभिकरण प्रदीप पांडे सहित विद्युत, सिंचाई, आदि संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

टीन शेड से लैस होगा आरती स्थल
क्षेत्रीय विधायक व मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने बैठक के तुरंत बाद त्रिवेणी घाट में निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को कहा कि त्रिवेणी घाट में गंगा स्थल पूरी तरह टिन शेड किया जाय। इससे जी-20 कार्यक्रम के बाद स्थानीय लोगों को भी लाभ मिलेगा।

चेंजिंग रूम की संख्या बढ़ाने के दिए निर्देश
डॉ अग्रवाल ने निरीक्षण के दौरान पाया कि घाट पर आने वाले पर्यटकों के लिए चेंजिंग रूम की आवश्यकता है, जिसको देखते हुए उन्होंने एमडीडीए के सचिव मोहन सिंह बर्निया को चेंजिंग रूम की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए।

आरती स्थल के सामने टापू पर लगेगी ग्रीन ग्रास
डॉ अग्रवाल ने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को गंगा आरती स्थल के ठीक सामने टापू पर ग्रीन ग्रास लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे घाट की सुंदरता में वृद्धि होगी।

28 जून को गंगा आरती की पूरी संभावना
डॉ अग्रवाल ने मीडिया कर्मियों को बताया कि उनके प्रयासों से पूर्व में सीपीए के सदस्यों ने गंगा आरती में भाग लिया था। इसी के निमित्त जी-20 कार्यक्रम में गंगा आरती ऋषिकेश त्रिवेणी घाट में कराए जाने को लेकर उनकी ओर से अथक प्रयास किए गए। जिसका परिणाम यह है कि 28 जून को त्रिवेणी घाट पर गंगा आरती होने की पूरी संभावना है।

कड़ी मशक्त के बाद दमकल कर्मियों ने बुझाई आग, दो बसें जलकर हुई राख

संयुक्त यात्रा बस ट्रांजिट कंपाउंड में एक निजी बस में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। आग की लपटें उठते ही कंपाउंड में अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें उठने से बगल में खड़ी दूसरी निजी बस भी चपेट में आ गई। अग्निशमन कर्मचारियों ने आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक दो बसें जलकर राख हो गई। जबकि पास खड़ी तीसरी बस को आग लगने से बचा लिया गया।
सोमवार दोपहर करीब ढाई बजे संयुक्त यात्रा बस ट्रांजिट कंपाउंड में रिपेयरिंग के दौरान एक बस ने आग पकड़ ली। मरम्मत में जुटे कर्मचारी आग लगते ही भाग खड़े हुए। तेजी से फैलती आग में बस धूं-धूं कर जली, तो उसकी लपटें बगल में खड़ी बस तक पहुंच गई, जिससे वह बस भी जलकर खाक हो गई। बसों में आग लगने से कैंपस में अफरा-तफरी फैल गई। आसपास खड़े लोगों ने तत्काल इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी। अग्निशमन कर्मचारियों ने आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि पार्किंग में आग सिर्फ तीन बसों तक ही सीमित रही, जबकि बगल में ही दर्जनों की संख्या में और भी बसें खड़ी थी। हादसे में किसी के हताहत होने की अभी तक कोई जानकारी नहीं मिली है। अग्निशमन अधिकारी बीरबल सिंह ने बताया कि यह हादसा प्रथम दृष्टया बस में रिपेयरिंग के दौरान शॉर्ट सर्किट से हुआ। बताया कि बस मालिक हनीफ ने करीब पांच लाख रुपये का नुकसान होना बताया है। फिलहाल विभागीय टीम आग लगने से सही कारणों की जांच में जुटी है।

व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिये अपर मुख्य सचिव की अध्यक्षता में कमेटी का होगा गठन

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को ऋषिकुल ऑडिटोरियम में आयोजित ’’व्यापारी सम्मेलन’’ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया तथा मंत्रोच्चारण के बीच दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर उन्होंने घोषणा की कि व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिये अपर मुख्य सचिव की अध्यक्षता में एक कमेटी गठित की जायेगी।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुये मुख्यमंत्री ने ’’9 वर्ष उत्कर्ष के’’ उपलक्ष्य में आयोजित व्यापारी सम्मेलन की सभी व्यापारी भाइयों को हार्दिक बधाई व शुभकामना दी। उन्होंने कहा कि व्यापारी देश व प्रदेश की अर्थव्यवस्था और वित्तीय शक्तियों की रीढ़ हैं तथा वे ब्रांड इंडिया के सच्चे राजदूत हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के वोकल फॉर लोकल का जिक्र करते हुए अपील की कि वे प्रधानमंत्री के वोकल फार लोकल के आह्वान पर जोर दें और ब्रांड इंडिया के सच्चे राजदूत बनने के लिए हरसंभव प्रयास करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि व्यापार केवल माल या सेवाओं का आदान-प्रदान नहीं है, बल्कि इसके जरिए समाज में परस्पर विश्वास का भी आदान-प्रदान होता है। समान की गुणवत्ता के महत्व का उल्लेख करते हुये मुख्यमंत्री ने कहा कि व्यापार की एक ही कुंजी है, गुणवत्ता, और गुणवत्ता रूपी कुंजी ही उत्पादकता और लाभ रूपी ताले को खोल सकती है। उन्होंने जोर देकर कहा कि हर कारोबार का देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान है तथा आज अमृतकाल में सबके प्रयास की यही भावना देश की ताकत बन रही है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में एक नई कार्य संस्कृति विकसित हुई, जिसको आगे बढ़ाने में व्यापारियों का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा व्यापारी हितों में नए-नए कदम उठाए जा रहे हैं। आज पूरे देश में हर स्तर पर व्यापारियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है तथा आज देश-विदेश के उद्यमी देवभूमि उत्तराखंड में निवेश करने के लिए बहुत उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नौ वर्षों के कार्यकाल में देश ने प्रत्येक क्षेत्र में तेजी से विकास किया है तथा विदेशों में देश का गौरव बढ़ा है। आज उन्हीं के दिशा निर्देशन में उत्तराखंड में हर क्षेत्र में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं, चाहे केदारनाथ धाम का सौंदर्यीकरण हो या बाबा बद्रीविशाल में चल रहे निर्माण कार्य हों, ऋषिकेश से कर्णप्रयाग तक बन रही रेल लाइन हो या फिर दिल्ली से देहरादून के बीच बन रहा एलिवेटेड हाइवे हो, हरिद्वार में बन रहा मेडिकल कॉलेज हो या फिर उधमसिंहनगर में एम्स का सेटेलाइट सेंटर हो, हर क्षेत्र में विकास हो रहा है, जो डबल इंजन की सरकार में ही सम्भव है तथा प्रधानमंत्री के नेतृत्व में उत्तराखण्ड का चहुंमुखी विकास हो रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भ्रष्टाचार तथा भयमुक्त समाज का जिक्र करते हुये कहा कि आज व्यापारी वर्ग स्वयं को सुरक्षित महसूस कर रहा है तथा व्यवसायी बिना किसी डर के व्यापार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार किसी भी कीमत पर व्यापारी समाज का अहित नहीं होने देगी।
लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल का जिक्र करते हुये मुख्यमंत्री ने कहा कि लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल ने कहा था कि भारत में संपदा की कोई कमी नहीं है, बस हमें अपने दिमाग और संसाधनों का सही उपयोग करना है तथा श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में वर्ष 2047 के विजन के अनुरूप आने वाले 25 सालों के लिए जब हम एक संकल्प के साथ निकले हैं तो हमें लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल जी की इस बात को भूलना नहीं है तथा प्रधानमंत्री के कथन कि 21वीं सदी का तीसरा दशक, उत्तराखंड का दशक होगा, को चरितार्थ करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे।
इस मौके पर कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल, हरिद्वार सांसद डॉ0 रमेश पोखरियाल निशंक, हरिद्वार विधायक मदन कौशिक, भाजपा जिला अध्यक्ष संदीप गोयल आदि ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुये व्यापारियों के योगदान पर विस्तृत प्रकाश डाला।
इस अवसर पर रूड़की विधायक प्रदीप बत्रा, रानीपुर विधायक आदेश चौहान, डोईवाला विधायक ब्रजभूषण गैरोला, जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह सहित सम्बन्घित पदाधिकारी एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे।