विस अध्यक्ष ने एसबीएम इंटर कॉलेज में बैडमिंटन कोर्ट का उद्घाटन किया

ऋषिकेश स्थित भरत मंदिर इंटर कॉलेज में डेढ़ लाख रुपए की लागत से निर्मित बैडमिंटन कोर्ट का उद्घाटन आज विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने किया। इस दौरान विस अध्यक्ष अग्रवाल ने भरत मंदिर इंटर कॉलेज की चारदीवारी के निर्माण के लिए विधायक निधि से 6 लाख रूपए देने की घोषणा भी की।
विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ने विधिवत दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए।
इस अवसर पर उपस्थिति को संबोधित करते हुए अग्रवाल ने कहा कि भरत मंदिर स्कूल सोसाइटी पिछले काफी समय से शिक्षा के क्षेत्र में कार्यरत है जिससे निकले हजारों बच्चे आज देश के सर्वाेच्च स्थानों पर कार्यरत हैं जिन्होंने स्कूल का ही नहीं अपितु ऋषिकेश शहर का भी गौरव बढ़ाया है।
अग्रवाल ने कहा कि खुद को फिट रखने के लिए खेलों का आयोजन बहुत जरूरी है। उन्होंने बताया कि बैडमिंटन कोर्ट को आधुनिक ढंग से बनाया गया हैद्यइस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि खेल प्रतियोगिता सभी को अपने जीवन में विपरीत स्थितियों का सामना करने के लिए तैयार करती है और चुनौती और परिवर्तन की सूरत में डटकर मुकाबला करना सिखाती है। खेलकूद में जीत हार नहीं बल्कि प्रतिभाग करना महत्वपूर्ण है। जीतना और हारना जीवन का हिस्सा है खेल की इन गतिविधियों के माध्यम से खिलाड़ी भावना एवं प्रतियोगीता की भावना उत्पन्न होती है। उन्होंने कहा कि खेलकूद में हमारे ऋषिकेश क्षेत्र के कई खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनायी है। इन खिलाड़ियों ने विश्व स्तर पर उतराखंड का नाम रोशन किया है।
कार्यक्रम में भरत मंदिर इंटर कॉलेज के प्रबंधक हर्षवर्धन शर्मा, महंत वत्सल प्रपंन शर्मा, वरुण शर्मा, अभिभावक संघ के अध्यक्ष रामकृपाल गौतम, स्कूल के प्रधानाचार्य मेजर गोविंद सिंह रावत, यमुना प्रसाद त्रिपाठी, शिव प्रसाद बहुगुणा, जितेंद्र बिष्ट, सुनील दत्त थपलियाल, सुशीला बड़थ्वाल, नीलम जोशी, ज्योतिर्मय शर्मा, नीलम मनुडी, सुनीता देवी, रंजना सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

योग को शिक्षा से जोड़कर रोजगार सृजन करायेगी आप-राजे नेगी

योग की अंर्तराष्ट्रीय राजधानी के रूप में विख्यात तीर्थनगरी ऋषिकेश में ही योग की उपेक्षा किए जाने की जानकारी संज्ञान मे आई है। ऋषिकेश महाविद्यालय यानि श्रीदेव सुमन यूनिवर्सिटी में योग को लेकर चिराग तले अंधेरा की कहावत चरितार्थ होते हुए नजर आ रही है। उत्तराखंड में सर्वप्रथम ऋषिकेश के पंडित ललित मोहन शर्मा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में सर्वप्रथम योग पाठ्यक्रम की शुरुआत हुई थी। लेकिन आज हालात यह है कि महज 2 योग कोर्स तक ही गढ़वाल का यह प्रतिष्ठित महाविद्यालय सिमटकर रह गया है। इस संदर्भ में आम आदमी पार्टी ने आवाज उठाई है।
आप के ऋषिकेश विधानसभा प्रभारी राजे सिंह नेगी ने नेपालिफार्म पार्टी कार्यालय से जारी बयान में बताया कि ऋषिकेश महाविद्यालय प्रदेश सरकार की योग के प्रति उदासीनता का शिकार हो रखा है। जबकि ऋषिकेश महाविद्यालय में ही योग पाठ्यक्रम की शुरुआत की गई थी। उन्होंने बताया कि ऋषिकेश महाविद्यालय में पीजी डिप्लोमा इन योग तथा एम ए योग का कोर्स ही संचालित हो रहा है वो भी स्ववित्तपोषित रूप में। आपके नेता नेगी के अनुसार एक ओर जहां दिल्ली में केजरीवाल सरकार फ्री योग की क्लासेज जगह जगह शुरू कराकर योग को बढ़ावा देने के साथ-साथ योग प्रशिक्षुओं को रोजगार के साधन मुहैया करा रही है वहीं दूसरी ओर योग नगरी ऋषिकेश ही देश की प्राचीनतम विधा योग उपेक्षा का दंश झेल रहा है। उन्होंने बताया कि आगामी विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी की सरकार बनी तो योग के उत्थान के लिए दिल्ली सरकार के मॉडल को उत्तराखंड में लागू कराया जाएगा। इस मौके पर दिनेश असवाल, चंद्रमोहन भट्ट, दिनेश कुलियाल, सुनील सेमवाल, विक्रांत भारद्वाज, राहुल थापा, अभिषेक थापा, नीरज कश्यप, कमलेश जखमोला, समीर, प्रभात झा, नरेन सिंह उपस्थित रहे।

ऑनलाइन माध्यम से बेहतरीन शिक्षकों के लेक्चर छात्रों को उपलब्ध कराने के निर्देश

मुख्य सचिव डॉ. एस.एस. संधु ने गुरुवार को सचिवालय में उच्च शिक्षा विभाग की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं के जीवन में उच्च शिक्षा का अत्यधिक महत्व है। उच्च शिक्षा में गुणवत्ता लाने हेतु प्रयास किए जाएं। उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में कॉलेज तो हैं पर फैकल्टी की कमी है। इसके लिए ऑनलाइन एजुकेशन एक अच्छा विकल्प है।
मुख्य सचिव ने कहा कि देश-विदेश और प्रदेश के बेस्ट टीचर्स के लेक्चर के वीडियोज सभी कॉलेजों और विश्वविद्यालयों को उपलब्ध कराए जाएं। जिससे छात्र-छात्राओं को सबसे अच्छे अध्यापकों से ज्ञान अर्जन का अवसर मिलेगा। इसके लिए सभी कक्षाओं में टीवी या बड़ी स्क्रीन उपलब्ध करायी जाए। ऐसे क्षेत्रों में जहां नेटवर्क नहीं है, यह पाठ्य सामग्री और वीडियो पेनड्राईव के माध्यम से उपलब्ध कराई जाए। यह हमारे पर्वतीय संस्थानों के लिए अत्यधिक उपयोगी होगा। इससे हमारे शिक्षकों को भी विषय के बेस्ट लेक्चर सुनने का लाभ मिलेगा।
मुख्य सचिव ने प्रत्येक राजकीय कॉलेज व यूनीवर्सिटी में इन्नोवेटिव क्लब बनाए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नवाचार योजना को बढ़ावा दिया जाए, इससे नवाचार को बढ़ावा मिलेगा। इस मद में धन की कमी नहीं होने दी जाएगी। साथ ही, देश के बेस्ट कॉलेज के मॉडल को अपनाकर अपने राज्य में लागू किया जाए। शुरुआत में प्रत्येक जनपद के एक कॉलेज में इसे शुरू की जा सकती है। जिसका अनुपालन अन्य सरकारी और प्राइवेट कॉलेज कर सकेंगे। उन्होंने टीचर्स को भी अपडेट रखने हेतु शॉर्ट टर्म कोर्सेज कराने जाने हेतु व्यवस्था किए जाने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को सभी सरकारी शिक्षण संस्थानों को नेशनल इंस्टीट्यूट रैंकिंग फ्रेमवर्क (एन.आई.आर.एफ) में अनिवार्य रूप में प्रतिभाग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रैंकिंग में प्रतिभाग करने के संस्थानों की गुणवत्ता में सुधार आएगा। उन्होंने कैरियर काउंसिलिंग पर भी फोकस किए जाने के निर्देश दिए। कहा कि एक ऐसा पैनल तैयार किया जाए जिसमें अनुभवी लोगों को रखा जाए, जो छात्र-छात्राओं को कैरियर के सम्बन्ध में सुझाव दे सकें।
मुख्य सचिव ने प्रत्येक जनपद में महिला छात्रावासों को विकसित और सुदृढ़ किए जाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पहले से उपलब्ध छात्रावासों को सुदृढ़ करके ऐसी व्यवस्था की जाए, जिसमें किसी भी कॉलेज और विश्वविद्यालय की छात्राएं रह सकें। उन्होंने कहा कि दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों में छात्र-छात्राएं कॉलेज दूर होने या किराया अधिक होने के कारण कॉलेज नहीं जा पाते हैं। हमारे प्रदेश का युवा उच्च शिक्षा से वंचित न रहे, इसके लिए प्रयास किए जाने चाहिए। स्थानीय प्रशासन अथवा विभाग द्वारा छात्र-छात्राओं को स्थानीय परिवहन सुविधा में छूट उपलब्ध कराए जाने हेतु विभाग द्वारा शीघ्र प्रस्ताव तैयार किया जाए।
इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी सहित कॉलेजों एवं विश्वविद्यालयों के कुलसचिव एवं रजिस्ट्रार उपस्थित रहे।

जिला पंचायत सदस्य संजीव चौहान ने विद्यालय को दिये 5 लाख

राजकीय प्राथमिक विद्यालय भट्टोंवाला की प्रधानाचार्य द्वारा जिला पंचायत सदस्य संजीव चौहान को भट्टोंवाला विद्यालय की विभिन्न समस्या से अवगत कराया गया। जिसे देखते हुए जिला पंचायत सदस्य संजीव चौहान ने विद्यालय के सौंदर्यकरण व मरम्मत के लिए पांच लाख रुपये देने की घोषणा की।
स्कूल का निरीक्षण करने के दौरान उन्होंने बच्चों से बातचीत की। जिन बच्चों के पास गरम स्वेटर व जूते नहीं थे, उनके लिए उन्होंने व्यवस्था करने के निर्देश दिये।
इस दौरान उनके साथ उप प्रधान आशु पोखरियाल, ग्राम पंचायत सदस्य संजय राणा, रविंद्र रमोला, विनीत रागढ़ पूर्व सैनिक, प्रीतम युवा मंगल दल अध्यक्ष व संगीता राणा महिला मंगल दल अध्यक्ष उपस्थित रहे।

देहरादून की त्रिशला ने यूपीएससी में देश में पाया दूसरा स्थान

यूपीएससी के नतीजे घोषित हो गए हैं। यूपीएससी की परीक्षा में देहरादून की त्रिशला सिंह ने देश में दूसरी रैंक हासिल की है। कोरोना काल में घर में पढ़ाई कर त्रिशला ने यूपीएससी में दूसरा स्थान हासिल किया है। यूपीएससी परीक्षा देने के लिए त्रिशला ने एमएनसी की नौकरी को छोड़ दी थी। त्रिशला ने देहरादून से ही स्कूली शिक्षा हासिल की और मास्टर करने के बाद एमएनसी में नौकरी करने लगीं।
त्रिशला के पिता डॉ. कौशल कुमार और माता ने कहा कि बेटी ने परिवार के साथ उत्तराखंड का नाम रोशन किया है। त्रिशला का छोटा भाई पार्थ पेशे से सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं। त्रिशला ने बताया कि उन्होंने लॉकडाउन के दौरान लिखित परीक्षा और दो महीने साक्षात्कार के लिए पढ़ाई की और उन्हें सफलता हाथ लगी।

कल आईएमए परेड में शामिल होंगे राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्‍द

राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के दून पहुंचने पर प्रदेश के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेनि.) गुरमीत सिंह एवं पर्यटन, लोक निर्माण, सिंचाई धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के देहरादून पहुंचने पर शुक्रवार को प्रदेश के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेनि.) गुरमीत सिंह एवं पर्यटन, लोक निर्माण, सिंचाई धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया। राष्ट्रपति शनिवार को आईएमए की पासिंग आउट परेड में होंगे शामिल होंगे। इस बार पासिंग आउट परेड का आयोजन भी सादगी से किया जा रहा है। इस मौके पर मेयर सुनील उनियाल गामा और गढ़वाल कमीशनर सुशील कुमार भी मौजूद रहे।

राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द आज शाम देहरादून पहुंचे। वह यहां शनिवार को होने वाली भारतीय सैन्य अकादमी (आइएमए) की पासिंग आउट परेड में सलामी लेंगे। राष्ट्रपति शाम चार बजे जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे। यहां से वह सीधे राजभवन आए। शुक्रवार को राष्ट्रपति राजभवन में ही प्रवास करेंगे। शनिवार सुबह वह पीओपी के लिए आइएमए पहुंचेंगे। राष्ट्रपति के आगमन के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था चौकस कर दी है। साथ ही विभिन्न अधिकारियों को जिम्मेदारी भी सौंप दी है। पासिंग आउट परेड के बाद राष्ट्रपति वापस राजभवन पहुंचेंगे और फिर यहीं से वापस लौट जाएंगे।

राजभवन पहुंचे राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द
राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द राजभवन पहुंच गए हैं। वह शनिवार को आइएमए में आयोजित पासिंग आउट परेड (पीओपी) में शिरकत करेंगे। राष्ट्रपति वायु सेना के विशेष विमान से जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे थे। इसके बाद वह हैलिकाप्टर से जीटीसी हेलीपैड पहुंचे। वहां से सड़क मार्ग से राजभवन पहुंचे। पुलिस की ओर से डोईवाला से कैंट और यहां से राजभवन तक यातायात डायवर्ट किया हुआ था, जबकि कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की हुई थी। राष्ट्रपति का रात्रि विश्राम राजभवन में ही होगा।

एनसीसी कैडेट्स ने विधानसभा में कार्यवाही का संचालन देखा

शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन 32 एनसीसी कैडेट्स ने दर्शक दीर्घा में बैठकर सदन की कार्यवाही देखी। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने सदन में पीठ से सदस्यों को एनसीसी कैडेट्स का परिचय करा कर कैडेट्स का उत्साह वर्धन भी किया।
ऋषिकेश के श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज के 32 एनसीसी कैडेट्स को आज उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही देखने का मौका दिया। एनसीसी कैडेट्स एवं उनके साथ 4 अध्यापकों को दर्शक दीर्घा में बैठकर सदन की कार्रवाई से रूबरू होने का मौका मिला। सदन की कार्रवाई देखने के बाद सभी एनसीसी कैडेट्स में गजब का उत्साह देखने को मिला। सभी में लोकतंत्र के मंदिर को इतने पास से देखने एवं सदन के भीतर माननीय सदस्यों द्वारा विभिन्न विषयों पर की जा रही चर्चा को लेकर उत्सुकता भी पैदा हुई।
इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष ने अपने सभाकक्ष में सभी एनसीसी कैडेट से बातचीत की। वहीं अग्रवाल ने एनसीसी कैडेट्स के सदन संचालन को लेकर पूछे गए प्रश्नों का जवाब भी दिया। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि उन्हें भी प्रसन्नता है कि देश के आने वाले भविष्य को अपने लोकतंत्र एवं सविधान को जानने की जिज्ञासा है। इस दौरान अग्रवाल ने एनसीसी कैडेट्स को प्रश्नकाल, शून्य काल एवं विभिन्न नियमों के बारे में जानकारी दी। इस दौरान एनसीसी कैडेट्स ने भी उत्साह पूर्वक विधानसभा अध्यक्ष का आभार व्यक्त किया।

सीडीएस को मान्यता प्राप्त प्रबंधकीय विद्यालय एसोसिएशन ने दी श्रद्धाजंली

मान्यता प्राप्त प्रबंधकीय विद्यालय एसोसिएशन उत्तराखंड के द्वारा शहीद हुए जनरल विपिन रावत को एसोसिएशन द्वारा श्रद्धांजलि दी गई। जिसमें मान्यता प्राप्त विद्यालय एसोसिएशन के सभी पदाधिकारी शामिल रहे।
एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रमोद कुमार शर्मा ने कहा कि बिपिन रावत ने अपने कार्यकाल में बहुत से ऐसे कार्य किये है, जिन्हें भुलाया नहीं जा सकता। हमारा प्रदेश ने आज अपने एक होनहार लाल को खो दिया है। प्रदेश ही नहीं पूरा देश उनके इस दुर्घटना पर शोक व्यक्त कर रहा है।
एसोसिएशन के महासचिव राजीव थपलियाल ने कहां कि देश में किसान सीमा पर जवान हमारे जीवन में बहुत महत्व रखते हैं। अगर हम बात करें बिपिन रावत की जिस तरीके से वे कर्तव्यनिष्ठ व्यक्तित्व थे, उनको भुलाया नहीं जा सकता।
शोक सभा में एसोसिएशन के संरक्षक कमला प्रसाद भट्ट ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम में सह सचिव मधुर जखमोला, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राहुल रावत, कोषाध्यक्ष रावप्रित छाबड़ा, संजय पांडे उपाध्यक्ष गीता त्रिपाठी, संरक्षक सदस्य कमल शर्मा, संगठन मंत्री दीपक बिष्ट आदि मुख्य रूप से उपस्थित थे।

ज्योति विशेष विद्यालय के बच्चों का उत्साह देखने को मिला

आज 3 दिसम्बर को ज्योति विशेष विद्यालय में विश्व निःशक्तता दिवस हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ पी पी ध्यानी ने बतौर मुख्य अतिथि कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भारत सरकार द्वारा दिव्यांगों को आगे बढ़ाया जाने के लिए अनेकों योजनाओं का शुभारंभ किया गया है जिससे वह समाज में अपना स्थान बना सकें।
उन्ळोंने बताया कि विश्वविद्यालय द्वारा इस प्रकार के बच्चों का मनोबल बढ़ाये जाने के लिए शिक्षा दी जा रही है व उन्हें अपने पैरों पर खड़ा कर समाज में उनकी उपयोगिता को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।
इस अवसर पर विशेष बच्चों के द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया, जिसे देखकर सभी दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए। साथ ही विशेष बच्चों के द्वारा रस्साकशी का खेल भी खेला गया तथा अन्य खेलों का भी आयोजन किया गया।
इस अवसर पर श्री भरत मंदिर के महंत वत्सल प्रपन्नाचार्य महाराज, हेमकुंड गुरुद्वारे के महाप्रबंधक सरदार दर्शन सिंह, भरत मंदिर इंटर कॉलेज सोसायटी के सचिव हर्षवर्धन शर्मा, सुधीर कुकरेती, वरूण शर्मा, पूर्व प्रधानाचार्य कैप्टन डीडी तिवारी व आईडी जोशी, डीबीपी एस रावत, दिनेश अग्रवाल, मदन मोहन शर्मा, सीएस शर्मा, गीता कुकरेती, प्रधानाचार्य ज्योति स्पेशल कमलेश भाटिया, शशि राणा, सावित्री क्षेत्री, डॉ सुनील दत्त थपलियाल, उपदेश उपाध्याय आदि उपस्थित रहे।

बिरसा मुंडा और जगदीश चन्द्र बसु की जयन्ती मनाई

सरस्वती विद्या मंदिर आवास विकास में आज अभिभावक सम्मेलन का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेन्द्र प्रसाद पाण्डेय, कंचन बंसल, खुशवंत सिंह नेगी और बर्थवाल ने मां सरस्वती और जगदीश चन्द्र बसु के चित्र के समक्ष द्वीप प्रज्वलित व पुष्पार्चन कर किया।
कार्यक्रम में बीएड छात्र शुभम ने कहा कि हिंदुस्तान की भूमि पर ऐसे कई क्रांतिकारियों और आंदोलनकारियों ने जन्म लिया है, जिन्होंने अपने बल पर अंग्रेजी हुकूमत को नाकों चने चबाने पर मजबूर कर दिया। ऐसे ही एक वीर थे बिरसा मुंडा। धर्मान्तरण, शोषण और अन्याय के विरुद्ध सशस्त्र क्रांति का संचालन करने वाले महान सेनानायक थे बिरसा मुंडा। उन्होंने वैज्ञानिक जगदीश चन्द्र बसु की जयंती पर उनके बारे में विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेंद्र प्रसाद पांडे व विद्यालय परिवार ने छात्र छात्राओं के शिक्षण को लेकर मन्थन किया। छात्र-छात्राओं के शिक्षण में आने वाली समस्याओं को अभिभावकों के माध्यम से गंभीरता पूर्वक समझा गया। साथ ही शिक्षण में आने वाली समस्याओं के निवारण के लिए अभिभावकों से सुझाव भी मांगे गये।
कार्यक्रम में बीएड छात्रा प्रगति गुलाटी व छात्रा साक्षी बर्थवाल ने भक्ति गीत की प्रस्तुति दी। कर्णपाल बिष्ट ने कार्यक्रम का संचालन किया।