सीएम ने किया उतराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन का लोकार्पण

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को हरिद्वार के बहादराबाद स्थित उतराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन का लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय द्वारा संस्कृत शिक्षा को बढ़ाने का सराहनीय कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों से उनका विशेष लगाव रहा है, उनका काफी समय लखनऊ विश्वविद्यालय में बीता है, जब भी किसी विश्वविद्यालय का कोई कार्यक्रम होता है, तो वे अपने आप को जाने से रोक नहीं पाते हैं। उन्होंने कहा कि संस्कृत विश्व में सभी भाषाओं की जननी है। पूरी दुनिया में जब शिक्षा अथवा ज्ञान का उजाला नहीं हुआ था तब हमारे भारत में तक्षशिला और नालंदा जैसे विश्वविद्यालय विद्यमान थे। उस वक्त पूरी दुनिया को ज्ञान देने का कार्य अगर किसी ने किया तो वह भारत भूमि ने किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश को प्रधानमंत्री का मजबूत नेतृत्व मिला है। पूरी दुनिया में भारत का मान-सम्मान स्वाभिमान बढ़ाने का कार्य प्रधानमंत्री कर रहे हैं। योग दिवस को आज पूरी दुनिया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मना रही है। प्रधानमंत्री ने 5 नवंबर को केदारनाथ में 400 करोड़ रुपए के कार्य का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। जल्द ही हम केदारनाथ मंदिर केबल कार द्वारा जा सकेंगे। सिखों के पवित्र धाम हेमकुंड साहेब को भी रोपवे से जोड़ा जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस तरह आदि गुरु शंकराचार्य ने पूरे भारत को उत्तर से दक्षिण, पूरब से पश्चिम एक सूत्र में जोड़ने का कार्य किया उसी तरह आज प्रधानमंत्री विकास रूपी सूत्र में पूरे देश को एक साथ जोड़ रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने 2025 के लिए राज्य का विजन रखा है, इस विजन को पूरा करने के लिए हम सभी को मिलकर कार्य करना होगा। वर्ष 2025 में 25 साल का राज्य युवा राज्य होने के साथ ही देश का श्रेष्ठ, उत्कृष्ट एंव आदर्श राज्य होगा, इस दिशा में वचनबद्ध एंव दृढ़ संकल्पित हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि संस्कृत विश्वविद्यालय के स्टॉफ को सातवे वेतन आयोग के वेतनमान व एरियर भुगतान संबंधी दिक्कत को जल्द समाधान किया जायेगा। उन्होंने कहा कि संस्कृत शिक्षा में रिक्त पदों को जल्द भरा जाएगा।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, विधायक संजय गुप्ता, आदेश चौहान, कुलपति प्रो देवी प्रसाद त्रिपाठी, कुलपति गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय डॉ रूप किशोर शास्त्री, कुलसचिव संस्कृत विश्वविद्यालय गिरीश कुमार अवस्थी आदि मौजूद रहे।

राज्य स्थापना दिवस पर आंदोलन के संघर्ष को पोस्टरों में उकेरा

राज्य स्थापना दिवस पर श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज ऋषिकेश के राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा विद्यालय में एक निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसका शीर्षक मेरे सपनों का उत्तराखंड रखा गया। इस प्रतियोगिता में स्वयंसेवकों द्वारा बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया गया एवं आकर्षक पोस्टर भी बनाए गए। निबंधों के माध्यम से स्वयंसेवकों ने अपने विचार रखे।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य मेजर गोविंद सिंह रावत ने कहा कि राज्य को पाने के लिए कई आंदोलनकारियों ने अपनी शहादत दी। उत्तराखंड राज्य एक संघर्ष का प्रतीक है। राज्य गठन का मूल उद्देश्य पहाड़ों से पलायन को रोकना एवं बुनियादी सुविधाएं देना है। राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी वरिष्ठ प्रवक्ता जयकृत सिंह रावत ने कहा स्वयंसेवियों को राज्य गठन के बाद शिक्षा, रोजगार, चिकित्सा एवं सड़क जैसी मूलभूत क्षेत्रों में हुए विकास कार्यों के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम में लेफ्टिनेंट लखविंदर सिंह, जितेंद्र बिष्ट, डॉक्टर सुनील दत्त थपलियाल, रेडक्रॉस प्रभारी रंजन अंथवाल, नीलम जोशी, रेखा बिष्ट, पूजा आदि उपस्थित रहे।

राज्य स्थापना दिवस पर रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन

सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज आवास विकास ऋषिकेश में राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेंद्र प्रसाद पांडेय तथा रजनी गर्ग ने दीप प्रज्वलन एवं पुष्पार्चन कर किया।
कार्यक्रम में छात्रा साक्षी बड़थ्वाल एवं सानिया पयाल ने उत्तराखंड के लोकगीत गाकर सबका मन मोहा। राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के द्वारा निबंध प्रतियोगिता एवं पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की गयी। विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेंद्र प्रसाद पांडेय ने छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उत्तराखंड राज्य बहुत संघर्ष के फलस्वरूप प्राप्त हुआ है। इसलिए इसके विकास में तथा क्रांतिकारियों के सपने को साकार करने के लिए हम सबको बढ़-चढ़कर भाग लेना होगा।
कार्यक्रम अधिकारी रामगोपाल रतूड़ी ने कहा कि उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष में राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवियों द्वारा निबंध एवं पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारियों के बलिदान के फलस्वरुप हमें प्राप्त हुआ है, यहां की वन संपदा और प्रकृति अनमोल है। इस राज्य की स्थापना 9 नवंबर 2000 को उत्तरांचल के रूप में हुई तत्पश्चात 1 जनवरी 2007 में इसका नाम उत्तराखंड के रूप में परिवर्तित हुआ। राज्य के विकास में हम सब मिलकर यदि प्रयास करेंगे तो यह राज्य भारतवर्ष के सभी राज्यों में सबसे आगे होगा।
कार्यक्रम में रजनी गर्ग, सतीश चौहान, नरेन्द्र खुराना, कर्णपाल बिष्ट, रामगोपाल रतूड़ी, अनिल भण्डारी, राजेश बडोला आदि उपस्थित रहे।

सीवी रमन के जन्म दिवस पर एमआइटी में ऑनलाइन राष्ट्रीय क्विज का आयोजन

मॉडर्न इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में विज्ञान विभाग द्वारा आईक्यूएसी के तत्वावधान में भौतिक विज्ञान शास्त्री, प्रकाश प्रकीर्णन के खोजी, नोबेल पुरस्कार विजेता व भारत रत्न डॉ. चंद्रशेखर वैंकट रमन के जन्म दिवस के अवसर पर एक ऑनलाइन राष्ट्रीय क्विज का ऑनलाइन आयोजन किया गया। संस्थान के निदेशक रवि जुयाल, आईक्यूएसी कोऑर्डिनेटर प्रो डॉ ज्योति जुयाल, विज्ञान विभाग की अध्यक्षा प्रो डॉ कौशल्या डंगवाल व क्विज कन्वेनर डॉ सुनील कुमार सिंह द्वारा कार्यक्रम का संयुक्त रूप से शुभारम्भ किया गया।
मॉडर्न इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में विज्ञान विभाग द्वारा राष्ट्रीय ऑनलाइन क्विज आयोजित कर डॉ सीवी रमन को याद किया गया। संस्थान में ऑनलाइन क्विज के माध्यम से बताया गया की डॉ चंद्रशेखर वैंकट रमन का जन्म आज ही के दिन सन 1888 में त्रिचुरापल्ली (तमिलनाडु) में हुआ था। बचपन से ही मेधावी छात्र रहे डॉ रमन को वर्ष 1930 में भौतिकी के लिए नोबेल पुरस्कार दिया गया। वर्ष 1954 में भारत सरकार ने उन्हें भारत रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया जबकि वर्ष 1957 में सर चंद्रशेखर वेंकटरमन को लेनिन शांति पुरस्कार भी दिया गया। उन्होंने विज्ञान को आगे बढ़ाने के लिए भारतीय विज्ञान संस्थान की स्थापना की। वर्ष 1970 में 82 साल की उम्र में डॉ0 सी0वी0 रमन ने नश्वर शरीर छोड़ा।
समाचार लिखे जाने तक इस ऑनलाइन क्विज में देश के अलग-अलग राज्यों से एक सौ साठ से अधिक प्रतियोगियों ने भाग लिया।
इस राष्ट्रीय क्विज प्रतियोगिता के संचालक मंडल में प्रो कौशल्या डंगवाल, डॉ सुनील कुमार सिंह, डॉ माधुरी कौशिश लिली, डॉ कमलेश कुमार भट्ट, डॉ निधि श्रीवास्तव, डॉ अनीता पांडेय, डॉ कनिका गुप्ता, आशीष गुप्ता, शुभम मिंगवाल व अश्वनी कुमार आदि शामिल थे। संस्थान निदेशक रवि जुयाल तथा आइक्यूएसी कोऑर्डिनेटर प्रो डॉ ज्योति जुयाल ने विज्ञान विभाग द्वारा चलाई जा रही विभिन्न ऑनलाइन प्रतियोगिताओं की उपलब्धि पर आयोजक मंडल को बधाई दी व प्रसन्नता व्यक्त की।

भारत स्काउट एवं गाइड के योगदान को सीएम ने सराहा

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से रविवार को मुख्यमंत्री आवास में भारत स्काउट एवं गाइड के स्थापना दिवस के अवसर पर भारत स्काउट गाइड की स्टेट चीफ कमीश्नर सीमा जौनसारी के नेतृत्व में भारत स्काउट एवं गाइड के प्रतिनिधिमण्डल ने शिष्टाचार भेंट की। उन्होंने मुख्यमंत्री को स्टीकर (ध्वज) लगाया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अपना अंशदान देते हुए कहा कि अनुशासन, सेवा भाव और परोपकार को बढ़ावा देने में भारत स्काउट एवं गाइड की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। उन्होंने अधिक से अधिक छात्रों को स्काउट एवं गाइड से जोडे जाने की अपेक्षा करते हुए कहा कि इससे छात्रों में सेवाभाव एवं अनुशासन की भावना जागृत होगी।
इस अवसर पर रविन्द्र मोहन काला, डॉ. दलजीत कौर, बी.एस.रावत, रेश्मा परवीन, राहुल रतूड़ी आदि उपस्थित रहे।

सिंगल यूज प्लास्टिक से मनुष्य के शरीर में कैंसर तेजी से बढ़ रहा

राष्ट्रीय सेवा योजना प्रकोष्ठ, राजकीय इंटर कॉलेज आईडीपीएल वीरभद्र ऋषिकेश और अविरल प्रोजेक्ट टीम हरिद्वार ऋषिकेश परिक्षेत्र के द्वारा आज सिंगल यूज प्लास्टिक के उन्मूलन पर एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसमें प्लास्टिक के प्रयोग से होने वाली हानियों व नुकसान के बारे में जानकारी दी गई।
इस अवसर पर अविरल प्रोजेक्ट के समन्वयक राहुल ने कहा कि आज पॉलिथीन के पार्टिकल्स ने मानव शरीर में प्रवेश करना प्रारंभ कर दिया। इससे कैंसर जैसी महामारी तेजी से बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि यदि सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग हमने बंद नहीं किया तो एक दिन विश्व का प्रत्येक प्राणी महामारी से ग्रस्त होगा।
कार्यशाला में बोलते हुए राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी विजय पाल सिंह ने कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक व्यक्ति ही नहीं अपितु प्रकृति के लिए भी हानिकारक है। पर्यावरण असंतुलन का मुख्य कारण सिंगल यूज प्लास्टिक ही है।
इस अवसर पर विद्यालय के सूरज मणि, रमाशंकर विश्वकर्मा, संजय ध्यानी, सुशील रावत, ललित मोहन जोशी, सुशील कुमार सैनी, नताशा, मृदुल, अंगद तथा राष्ट्रीय सेवा योजना के छात्र इकाई प्रमुख अनमोल कश्यप संजना मेघना संतोष मिश्रा आदि ने शिरकत की।

हरिचंद गुप्ता आदर्श कन्या इंटर कालेज के बचाने आगे आएं खरोला

उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश महासचिव राजपाल खरोला ने भाजपा सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपा के राज में सरकारी शिक्षा का स्तर और अधिक गिरता जा रहा है। सरकारी स्कूल और कॉलेजों की स्थिति दयनीय हो चुकी है।
शनिवार को हरिचंद गुप्ता आदर्श कन्या इंटर कालेज में आयोजित एक बैठक में कांग्रेस प्रदेश महासचिव राजपाल खरोला ने शिरकत की। उन्होंने कहा कि हरीश चंद बालिका इंटर कालेज ऋषिकेश का जाना माना कन्या इंटर कालेज है। यहां किसी भी प्रकार का बाहरी अतिक्रमण बर्दास्त नहीं किया जाएगा। स्कूल की प्रतिष्ठा और मान्यता को बरकरार रखना सभी क्षेत्रवासियों का कर्तव्य है। कहा कि दो साल से कोरोना महामारी के कारण वैसे ही बच्चों के स्कूल न जाने के कारण उनकी शिक्षा में काफी असर पड़ा है, और जब अब स्कूल खुले है तो उसके बाद अतिक्रमण, भूमाफिया द्वारा स्कूल पर दबाव आदि की खबर आ रही है। कहा कि भाजपा शासन में सरकारी संस्थानों में शिक्षा का स्तर जानबूझ कर गिराया जा रहा है। ताकि प्राइवेट संस्थानों को फायदा पहुंचाया जा सके।

एसबीएम इंटर कॉलेज के मेधावी छात्रों को छात्रवृत्ति दी

उत्तराखंड महापंचायत द्वारा श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज के मेधावी छात्रों को छात्रवृत्ति प्रदान की गई।
श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में सत्र 2020-2021 में कक्षा 6, 7 तथा 8 के सर्वाेच्च अंक प्राप्तकर्ता विद्यार्थियों को 501 प्रति छात्र की दर से प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। जिनमें कक्षा 6 में सर्वाेच्च अंक प्राप्त करने वाली कुमारी अदिति शर्मा, कक्षा 7 में
कुमारी इशिका सैनी तथा कक्षा 8 में सत्यम शाह को प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई।
इससे पूर्व विद्यालय के प्रधानाचार्य व उप प्रधानाचार्य ने आमन्त्रित अतिथियों को पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया।
महापंचायत के सचिव तथा भारतीय साहित्य संगम के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ धीरेंद्र रांगड़ ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थी समाज की नीव होते हैं, और देश के भविष्य के कर्णधार भी है, उन्होंने छात्रों से कहा कि हमें आपसे बहुत सी अपेक्षाएं हैं जिनपर आपको खरा उतरना है तथा देश दुनिया में एक मिसाल कायम करनी है।
समाजसेवी गजेंद्र सिंह कंडियाल कहा कि शिक्षा प्राप्त करना सभी का मौलिक अधिकार है और धन के अभाव में कोई भी अशिक्षित नहीं रहना चाहिये।
विद्यालय के प्रधानाचार्य मेजर गोविंद सिंह रावत ने सभी अतिथियों का आभार प्रकट करते हुए कहा कि महामारी कोरोना ने जहां एक और देश और समाज की रीढ़ पर प्रहार किया, वही आप जैसे समाजसेवियों ने आगे बढ़कर मुक्त हाथों से समाज सेवा व दान पूण्य कर समाज को मजबूती प्रदान की है।
इस अवसर पर मनसादेवी जलकल्याण समिति की अध्यक्ष ऊषा भंडारी, समाजसेवी यतींद्र कंडियाल, उप प्रधानाचार्य वाई.पी. त्रिपाठी, नवीन मैंदोला, रेखा बिष्ट, विकास नेगी, रंजना आदि उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन शिवप्रसाद बहुगुणा ने किया।

बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ नही होने दूंगा-खरोला

कांग्रेस के प्रदेश महासचिव राजपाल खरोला ने बताया कि आज ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत देहरादून रोड पर मालवीय मार्ग में स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय नंबर 7 जो भारत की आजादी से पूर्व से यहां पर चल रहा है, स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों के अभिभावकों के द्वारा शिकायत किए जाने पर आज स्कूल के निरीक्षण के दौरान पता चला की स्कूल में 2 कमरों में 85 बच्चे पढ़ रहे है जो अत्यधिक निंदनीय है। अभिभावकों द्वारा बताया गया कि कुछ समय से कुछ लोगों के द्वारा स्कूल के बच्चों को छत पर जाने नहीं दिया जा रहा है और विद्यालय के छत पर बने शौचालय को भी बंद कर दिया गया है।
खरोला ने कहा कि जहा एक तरफ सरकार बच्चो की पढ़ाई को प्रोत्साहन देने के लिए कई योजनाओं से सरकारी स्कूलों को अपग्रेड करने के लिए तमाम घोषणाए करती रहती है उनके विपरीत जमीनी हकीकत में सरकारी स्कूलो की हालत बद से बदतर होती जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार स्लोगन तो बहुत अच्छे दे रही है लेकिन हकीकत कुछ ओर ही है।
खरोला ने कहा कि क्षेत्र के सांसद केंदीय शिक्षा मंत्री रह चुके है और स्थानीय विधायक विधानसभा के अध्यक्ष है परन्तु तब भी ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के सरकारी विद्यालयो की दशा निंदनीय है, यह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। खरोला ने कहा कि स्कूल के शिक्षक और स्टाफ के द्वारा पूर्व में एसडीएम ऋषिकेश थाना प्रभारी तहसीलदार को इस घटना के विषय में जानकारी दी जा चुकी थी परंतु सभी सक्षम अधिकारी एक दूसरे के ऊपर बात को डालने का कार्य कर रहे रहे। जब यह खबर उन्हें अभिभावकों द्वारा मिली तब मैंने वहां जाकर सारी स्थिति को देखा और सभी अभिभावकों के साथ ऋषिकेश कोतवाली जाकर इस विषय में बात की और वहीं से ऋषिकेश तहसीलदार से भी फोन पर वार्ता की गई। जिसके बाद खरोला ने कहा कि मालवीय मार्ग में स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय पर भूमाफियाआंे द्वारा हो रहे अत्याचार के लिए एसडीएम सभी सक्षम अधिकारियों से यह कहा गया कि यदि जल्द ही इस स्कूल के शौचालय का रास्ता और छत पर जाने का मार्ग नहीं खोला गया तो कांग्रेस उन सभी दलित परिवार के बच्चों के लिए लड़ाई लड़ने के लिए विवश होगी।
खरोला ने कहा कि अगर जल्द प्रशासन कोई कदम नहीं उठाता तो कांग्रेस उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगी। इस दौरान उनके साथ ऋषि पोसवाल, सोनू पांडे, दीपक धमांदा आदि मौजूद रहे।

एसबीएम इंटर कॉलेज के स्वयंसेवियो ने लोगों को जागरुक किया

श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज ऋषिकेश की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा अमृत महोत्सव के तहत सिंगल यूज प्लास्टिक के निस्तारण हेतु शांति नगर एवं विद्यालय परिसर में सघन स्वच्छता अभियान चलाया गया। जिसमें लगभग 150 किलो सिंगल यूज प्लास्टिक एकत्र किया गया। मौके पर लोगों को इसे पूरी तरह से प्रतिबंधित करने के लिए भी जागरूक और अपील की गई। स्वच्छता अभियान के तहत नगर निगम के क्षेत्रीय पार्षद राजेश कुमार एवं अन्य लोगों का भी सहयोग प्राप्त हुआ।
विद्यालय परिसर में विद्यालय के प्रधानाचार्य मेजर गोविंद सिंह रावत ने स्वयंसेवियों को इससे होने वाले नुकसान के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम अधिकारी जयकृत सिंह रावत ने बच्चों को सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त देश बनाने के लिए हर संभव प्रयास करने को जरुरी बताया। उन्होंने कहा कि इसके लिए हमें बाजार से सामान लेते समय कपड़े या जूठ का थैला ले जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि सिंगल यूज़ प्लास्टिक को जलाने पर वातावरण में कई प्रकार की विषैली गैसें बनती है जिसके कारण पर्यावरण प्रदूषित होता है। इस अवसर पर उप प्रधानाचार्य श्री यमुना प्रसाद त्रिपाठी ,शिव प्रसाद बहुगुणा, डॉव सुनील दत्त थपलियाल ,रेड क्रॉस प्रभारी रंजन अंथवाल, नीलम मनोरी, सुनीता, सुशीला बड़थ्वाल आदि उपस्थित थे।