प्राध्यापकों को चेकिंग करते देख कई छात्र बैरंग ही वापस लौटे

आईकार्ड मांगे तो छात्रों में मची अफरा-तफरी
बाहरी छात्रों के चलते कॉलेज प्रशासन ने उठाया कदम

ऋषिकेश।
गुरुवार को ऑटोनॉमस कॉलेज में प्राचार्य ने प्राध्यापकों के साथ मिलकर छात्रों के आईकार्ड की जांच की। अचानक कॉलेज प्रशासन के द्वारा आईकार्ड जांचने से कॉलेज के छात्रों में हड़कंप मच गया। कुछ छात्र तो डर के चलते मुख्य गेट से ही बैरंग लौट गये। वहीं, कुछ छात्रों ने आइकार्ड नही होने की बात कही। टीम के सदस्यों ने छात्रों से कॉलेज आते समय आइकार्ड अपने साथ लाने के निर्देश दिये। गौरतलब है कि कॉलेज की दिवार बीते छह माह से क्षतिग्रस्त है। ऐसे में बाहरी लोग भी कॉलेज में आसानी से आ जा रहे है।
ऑटोनॉमस कॉलेज में छात्राओं की संख्या अधिक है। बाहरी लोगो से कॉलेज का माहौल खराब होने का खतरा बना रहता है। प्राचार्य डॉ. डीसी नैनवाल व अन्य प्राध्यापकों ने खेल मैदान में बैठे छात्रों से क्लास की जानकारी भी ली। कई छात्र क्लास छोड़ खेल मैदान में खाली बैठे मिले। टीम ने क्लास पढ़ने को चेताया। कहाकि 75 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य है। ऐसे में छात्रों को क्लास नही छोडनी चाहिये।
105टीम ने अलग-अलग गेट व कॉलेज परिसर में लगातार दो घंटे तक अभियान जारी रखा। टीम में प्राचार्य डॉ. डीसी नैनवाल, डॉ. वीपी अग्रवाल, डॉ. एमपी नगवाल, डॉ. अंजू भटट, डॉ. पूनम रावत आदि मौजूद थे।

संस्कृत विद्यालय खोलने को मदद देगी सरकार : नैथानी

हर ब्लॉक में पांच संस्कृत विद्यालय खोलने की योजना

ऋषिकेश।
अब प्रदेश में प्राइवेट स्कूलों की तर्ज पर संस्कृत विद्यालय खुलेंगे। सरकार संस्कृत विद्यालय चलाने के लिए आर्थिक मदद देगी। शत्रुघ्न घाट मुनिकीरेती में प्रबंधकीय शिक्षक संघ की ओर से आयोजित कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री मंत्री प्रसाद नैथानी ने यह बात कही।
संविदा संस्कृत शिक्षकों ने शिक्षा मंत्री मंत्री प्रसाद नैथानी का सम्मान समारोह आयोजित किया। संविदा संस्कृत शिक्षकों की मांग पर सरकार ने प्रतिमाह पंद्रह हजार रुपये मानदेय के प्रस्ताव को हरी झंडी दे दी है। पहले चरण में 96 संविदा शिक्षकों को इसका लाभ मिलेगा। समारोह में शिक्षा मंत्री ने कहा कि कैबिनेट की अगली बैठक में छूटे 120 शिक्षकों के लिए भी प्रस्ताव लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि संस्कृत शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए सरकार नए विद्यालयों के लिए ग्रांट देने की तैयारी कर रही है।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार में धरातल पर कार्य हो रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि हमारी सरकार में जो कार्य हुए हैं, वह किसी ओर सरकार में नहीं हुए। सरकार प्रदेश के हर ब्लॉक में पांच संस्कृत विद्यालय खोलने की योजना बना रही है। इस मौके पर महंत मनोज द्विवेदी, रमा बल्लभ भट्ट, जनार्दन कैरवान, विनायक भट्ट, सुभाष डोभाल, जितेन्द्र भट्ट, राकेश सेमवाल, नवीन पंत, डॉ. अनिल शुक्ला, पुरुषोत्तम कोठारी, सूरज बिज्जलवाण, शुरवीर गुसाईं, डॉ. राजे नेगी, सुनील थपलियाल आदि उपस्थित थे।
103
पांचवीं और आठवीं में बोर्ड परीक्षा का प्रस्ताव
ऋषिकेश। शिक्षा मंत्री मंत्री प्रसाद नैथानी ने बताया कि मानव संसाधन विकास मंत्रालय के अंतर्गत संस्कृत शिक्षा को बढ़ावा दिया जा रहा है। प्रदेश की कैबिनेट बैठक में संस्कृत को बढ़ावा देने का प्रस्ताव पारित किया जा चुका है। उन्होंने पांचवीं व आठवीं कक्षा में बोर्ड परीक्षा को लेकर केन्द्र सरकार को प्रस्ताव भेजने की बात कही। बताया कि नई शिक्षा नीति को लेकर केन्द्र सरकार को प्रस्ताव भेजा जा चुका है।

ऑटोनॉमस कॉलेज को हंस कल्चरल सेंटर की सौगात

बीए, बीकॉम संकाय को पुस्तकें और फर्नीचर बांटा

ऋषिकेश।
हंस कल्चरल सेंटर ने ऑटोनॉमस कॉलेज को पाठ्य पुस्तकें और फर्नीचर की सौगात दी है। गौरतलब है कि छात्र संघ पदाधिकारियों की मांग पर पिछले वर्ष की गई घोषणा सोमवार को पूरी हो गई।
सोमवार को महाविद्यालय के रुषा हॉल में आयोजित कार्यक्रम में हंस कल्चरल सेंटर के प्रभारी प्रदीप राणा ने बीए व बीकॉम की छात्रों को पाठ्य पुस्तकें बांटी। अपनी पूर्व घोषणा के आधार पर उन्होंने ढ़ाई लाख रुपये की पुस्तकें और फर्नीचर महाविद्यालय को सौंपा। गौरतलब है कि हंस कल्चरल सेंटर द्वारा ऑटोनॉमस कॉलेज में पाठ्य पुस्तकों और फर्नीचर की कमी को देखते हुए सहयोग का वादा किया गया था।
107
हंस कल्चरल सेंटर के प्रभारी प्रदीप राणा ने कहाकि गर्मी के सीजन में बीए और बीकॉम संकाय में दो वाटर कूलर भी लगाये जायेंगे। उन्होंने महाविद्यालय के विकास में आगे भी मदद का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. दयाधर दीक्षित ने किया। छात्र संघ महासचिव दीपक रावत व पूर्व अध्यक्ष विवेक शर्मा ने हंस कल्चरल सेंटर का धन्यवाद दिया।
मौके पर विशाल सजवाण, अक्षय मल्होत्रा, विवेक तिवारी, नितिन सक्सैना, शिवम भारद्वाज, अंकित कड़ियाल, सौरभ वर्मा, रोहित राणा, सागर सिंह, विवेक बलूनी, रिषभ करनवाल, आशीष गैरोला आदि मौजूद थे।

हॉट ड्राई रॉक जियोथर्मल एनर्जी मॉडल अव्वल

ऑटोनॉमस कॉलेज में भौतिक विज्ञान विभाग में विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन

ऋषिकेश।
शुक्रवार को भौतिक विज्ञान विभाग में आयोजित विज्ञान प्रदर्शनी का शुभारंभ पूर्व उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. एमसी त्रिवेदी ने किया। विज्ञान प्रदर्शनी में भौतिक विज्ञान के छात्रों ने सोलर वाटर हीटर, सोलरसेल, सोलर ग्रीन हाउस, सोलर पॉण्ड, सोलर कूकर, सोलर हाइड्रोजन इकॉनमी, जियोथर्मल हॉट ड्राई रॉक एनर्जी, जियोथर्मल हाइड्रोप्रेशर रिसर्वायर, ओसेन बेब एनर्जी सिस्टम, ओसेन थर्मल एनर्जी कनवर्सन, टाइटल बेब एनर्जी, विंड एनर्जी, हाइड्रोइलेक्ट्रिसिटि, पिजोइलेक्ट्रिक प्रभाव से व ह्यूमन पावर से जिम में इलेक्टिसिटि प्रोडक्सन पर मॉडल प्रस्तुत किये।
114विज्ञान प्रदर्शनी की संयोजिका डॉ. सुमित्रा श्रीवास्तव ने बताया कि प्रदर्शनी में 150 छात्रों ने भाग लिया। एक सप्ताह पहले सभी छात्रों ने अपने मॉडल की थीम चुन ली थी। प्रदर्शनी में हॉट ड्राई रॉक जियोथर्मल एनर्जी मॉडल को पहला, विंड एनर्जी मॉडल को दूसरा व ओसेन थर्मल एनर्जी कनवर्सन मॉडल को तीसरा स्थान दिया गया। निर्णायक मंडल में डॉ. बीपी बहुगुणा, डॉ. हेमन्त परमार, डॉ. विजेन्द्र लिंगवाल शामिल रहे। इस मौके पर प्रभारी प्राचार्य डॉ. अशोक नेगी, भौतिक विज्ञान के विभागाध्यक्ष डॉ. डीपी भटट, डॉ. दयाधर दीक्षित आदि मौजूद थे।

नन्हें बच्चों को पाठ्य सामग्री वितरित की

ऋषिकेश।
चंद्रेश्वरनगर स्थित उड़ान स्कूल में शुक्रवार को नन्हें बच्चों को पाठ्य सामाग्री वितरित की गई। इस अवसर पर बच्चों को स्वच्छता के बारे में बताया गया।
शुक्रवार को समाज सेवक राजेश अरोड़ा ने उड़ान स्कूल के नन्हें बच्चों को पाठ्य सामग्री वितरित की। कहा कि बच्चे भविष्य की रीढ हैं। उन्हें वर्तमान समय में मन लगाकर पढाई करनी चाहिए। ताकि वह अपने घर व देश का नाम रोशन कर सके। बच्चों को सफाई के बारे में भी बताया गया। बताया कि अपने आसपास सफाई रखने से वातावरण शांत व रोग मुक्त रहता है। उन्होंने उड़ान संस्था के बारे में कहा कि संस्था गरीब पृष्ठ भूमि के बच्चों को निशुल्क शिक्षा के साथ लोकभाषा का ज्ञान भी दे रहा है। जोकि सराहनीय कार्य है।
113समाज के जरूरतमंदों की सहायता करना ही मानवता कहलाता है। इस अवसर पर संस्था निदेशक डा. राजे नेगी, कमल सिंह राणा, उत्तम सिंह असवाल, राजा ढिंगरा, प्रतीक यादव, हर्षित गुप्ता, रवि कुकरेती, दिव्या सक्सेना, निधि शर्मा, रिचा रावत, रमेश लिंगवाल आदि उपस्थित रहे।

बच्चों से संवाद स्थापित कर राज्यपाल ने जागरुक करने का प्रयास किया

देहरादून।
उत्तराखण्ड के राज्यपाल डा0 कृष्ण कांत पाल ने उत्तराखण्ड के सुदूरवर्ती जनपद उत्तरकाशी के बड़कोट के ‘बाल शिक्षा सदन‘ के बच्चों से राजभवन में मुलाकात की।
अध्ययन भ्रमण पर आये, कक्षा 03 से कक्षा 10 तक के 65 बच्चों से राज्यपाल ने 35 मिनट तक संवाद स्थापित किया और उनके सभी प्रश्नों का उत्तर देकर उनकी हौसला अफजाई की और आत्म विश्वास बढ़ाया।
बच्चों से प्रश्नोत्तर के दौरान राज्यपाल ने जीवन में सफलता पाने के लिए उन्हें अच्छे संस्कारों, कठिन परिश्रम, अच्छी पुस्तकों का अध्ययन करने की महत्ता के विषय में बताया।
राज्यपाल ने मन लगाकर पढाई करने को विद्यार्थियों का पहला धर्म बताने के साथ ही माता पिता व गुरूजनों का आदर करने, अपने आस-पास सहित देश-विदेश के विषय में जानकारी बढ़ाने के लिए उन्हें प्रेरित किया तथा अच्छे नम्बर और अच्छे संस्कारों से अपने परिवार, स्कूल, प्रदेश तथा देश का नाम रोशन करने के लिए प्रोत्साहित किया।
105
देव भूमि उत्तराखण्ड की छवि देव भूमि के अनुरूप बनाने के लिए अपने घर, स्कूल तथा आस-पास के वातावरण को साफ-सुथरा और प्रदूषण मुक्त बनाने के प्रति भी बच्चों को जागरूक करने का प्रयास किया। राज्यपाल द्वारा स्कूल में कम्प्यूटर शिक्षा के लिए विवेकाधीन कोष से रूपये पचास हजार मात्र (50,000) की धनराशि कम्प्यूटर क्रय हेतु प्रदान की गई। बच्चों के साथ स्कूल के प्रबंधक, प्रधानाचार्य तथा शिक्षक भी मौजूद थे।

नरेन्द्र बने स्टूडेंट ऑफ द ईयर

ऋषिकेश।
मॉडर्न इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी ढालवाला के बॉयोलॉजी एंड माइक्रोबॉयोलॉजी विभाग में नए छात्रों के लिए फ्रेशर पार्टी का आयोजन किया गया। इसमें नरेन्द्र सिंह कंडारी को स्टूडेंट ऑफ द ईयर चुना गया। एमआईटी परिसर में गुरुवार को फ्रेशर पार्टी का शुभारंभ संस्थान अध्यक्ष एचजी जुयाल ने दीप जलाकर किया। छात्र-छात्राओं ने गणेश वंदना, सरस्वती वंदना, स्वागत गीत से सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत की। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
108
रविन्द्र, शिवम, साक्षी, शिवानी, सागर, मधु भंडारी, पूनम, प्रिया की प्रस्तुति को दर्शकों ने सराहा। रविवेद कोटियाल, सूरज, विशान अंसारी, कैलाश, आकाश ने छोलिया नृत्य की शानदार प्रस्तुति दी। डॉ. कौशल्या डंगवाल, डॉ. एसके सिंह, डॉ. माधुरी को लंबे समय से संस्थान को सेवाएं देने पर सम्मानित किया गया। फ्रेशर पार्टी में छात्र जमकर थिरके। कार्यक्रम में डॉ. निखिल कृत्रिपाल, डॉ. अनिता पाण्डे, डॉ. निधि श्रीवास्तव, डॉ. रजनी लस्याल, डॉ. शिवशंकर, कमलेश कुमार भट्ट आदि मौजूद रहे।

प्राइवेट स्कूलों ने नहीं माना छुट्टी का आदेश

ऋषिकेश।
राज्य सरकार की ओर से करवाचौथ पर अवकाश के आदेश दिए थे, लेकिन शहर के कई निजी स्कूलों ने यह आदेश नहीं मना। इन स्कूलों में शिक्षिकाएं और महिला स्टाफ करवाचौथ के दिन भी कार्यरत रहा। जबकि शासन से अवकाश की श्रेणी में निजी स्कूलों को भी शामिल किया था।
करवाचौथ के दिन महिला अपने पति की दीर्घायु के लिए निर्जला व्रत रखती हैं। महिलाएं घर में रहे और विधिवत पूजन कर सके, इसे देखते हुए मुख्यमंत्री हरीश रावत ने करवाचौथ पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया था। बावजूद बुधवार को निजी स्कूलों ने न तो अवकाश घोषित किया और न ही महिला शिक्षक और कर्मचारियों को छुट्टी दी।
107
उत्तराखंड अभिभावक संघर्ष महासंघ के संयोजक रवि कुमार जैन ने बताया कि निजी स्कूलों में मनमानी चल रही है। जब मुख्यमंत्री के आदेशों का पालन नहीं हो रहा है, तो प्रशासनिक अधिकारियों का आदेश क्या मायने रखता है।

“मौखिक शिकायत आयी है। शासन के आदेशों का पालन क्यों नहीं हुआ। जांच कर उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेजी जाएगी।”
वृजेश कुमार तिवारी, एसडीएम ऋषिकेश

इंस्पायर फैलोशिप से मिल रही छात्रों को बड़ी राहत

विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय भारत सरकार मेधावी छात्रों को दे रही 80 हजार सालाना की छात्रवृत्ति

ऋषिकेश।
अगर आप उत्तराखंड के किसी भी मान्यता प्राप्त बोर्ड व संस्थान से इंटरमीडिएट है और आपके अंक 80 प्रतिशत है। ऑटोनॉमस कॉलेज में अध्ययनरत है, तो आप शीघ्र ही इंस्पायर फैलोशिप के लिए आवेदन करे। इंस्पायर फैलोशिप भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय की ओर से मेधावी छात्रों को दी जाने वाली छात्रवृति है। इसमें न्यूनतम 80 हजार रुपये प्रतिवर्ष छात्र को मिलेंगे। बशर्ते उच्च शिक्षा में भी छात्र को न्यूनतम 80 प्रतिशत अंक लाने होंगे। इसके पीछे एक मकसद छात्र के अंक प्रतिशत को बरकरार रखना भी है।
इंस्पायर फैलोशिप को बीए, एमए व पीएचडी अध्यनरत छात्र भी आवेदन कर सकते है। 113ऑटोनॉमस कॉलेज के 22 मेधावी छात्रों ने फैलोशिप के लिए आवेदन भी कर दिया है, जिसमें एक पीएचडी का छात्र भी शामिल है। प्राचार्य डॉ. डीसी नैनवाल ने बताया जिन छात्रों के 80 प्रतिशत अंक है, वह किसी भी कार्य दिवस में मुझसे संपर्क कर सकते है। बताया कि विश्वविद्यालयों में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय भारत सरकार की ओर से आयोजित सेमिनार व कार्यक्रमों में भी इन छात्रों को बुलाया जाता है। नए आइडिया डेवलप करने पर छात्रों को प्रोत्साहन भी मिलता है।

दिनेश गिरी के प्रोजेक्ट को पहला पुरस्कार

ब्लॉकस्तरीय विज्ञान महोत्सव के समापन पर विजेता सम्मानित
पूर्णानंद इंटर कॉलेज में हुई नरेन्द्रनगर ब्लॉक की प्रतियोगिता

ऋषिकेश।
कैलाश गेट स्थित पूर्णानंद इंटर कॉलेज में शनिवार को ब्लॉकस्तरीय विज्ञान महोत्सव के परिणाम घोषित किए गए। जूनियर वर्ग के उप विषय स्वास्थ्य में शिवेन्द्र पाल, उद्योग में बृजेश और पवन, परिवहन-संचार में ज्योतिका, संसाधन नवाचार में अमन आर्यन, खाद्य उत्पादन में मंजीत सिंह, गणितीय समाधान में शिक्षा रावत ने बाजी मारी। सीनियर वर्ग के उप विषय स्वास्थ्य में मानव, उद्योग में पंकज, परिवहन-संचार में मनीष, संसाधन नवाचार में हरबीन, खाद्य उत्पादन में आयुष, गणितीय समाधान में अनुज मिश्रा ने पहला स्थान हासिल किया। व्यक्तिगत छात्र प्रोजेक्ट में दिनेश गिरी और टीम प्रोजेक्ट में सागर व सूरज को विजेता चुना गया।
102
खंड शिक्षा अधिकारी नरेन्द्रनगर ओपी वर्मा ने पहला, दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त करने वाले छात्रों को प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। मौके पर प्रधानाचार्य राजेन्द्र प्रसाद कुकेरती, पीएल रतूड़ी, श्रवण कुमार पाण्डे, मृगेन्द्र आर्य, डीआरपी डॉ. रामगोपाल गंगवार, आलोक नौटियाल, आलोक गौतम, पीसी चौरसिया, प्रकाश बहुगुणा, अमित शर्मा, सूर्यकांत तिवाड़ी, रामाश्रय सिंह, एसबी सिंह, पीके त्रिवेदी, विनोद कुमार, राजेश बहुगुणा, शाशि जोशी, सीमा मल्होत्रा, मंजू बहुगुणा आदि मौजूद रहे।